samacharsecretary.com

20 दिसंबर का राशिफल: मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का पूरा भविष्यफल

मेष राशि- आज आप खुद को पहले से ज्यादा ऊर्जावान और आत्मविश्वास से भरा महसूस करेंगे। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत नजर आएगी और वरिष्ठ अधिकारी आपके काम से संतुष्ट हो सकते हैं। आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं, लेकिन जल्दबाजी में कोई बड़ा खर्च न करें। पारिवारिक जीवन सामान्य रहेगा। सेहत ठीक रहेगी, बस गुस्से और तनाव से बचें। वृषभ राशि- आज का दिन धैर्य और समझदारी से आगे बढ़ने का है। नौकरी और व्यापार में धीरे-धीरे प्रगति होगी। खर्च बढ़ सकते हैं, इसलिए बजट संभालकर चलें। परिवार के साथ समय बिताने से मानसिक शांति मिलेगी। प्रेम संबंधों में स्थिरता रहेगी। स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें। मिथुन राशि- आज आपकी संवाद क्षमता आपको फायदा दिला सकती है। नए संपर्क बनेंगे, जो भविष्य में काम आ सकते हैं। करियर से जुड़े रुके हुए काम आगे बढ़ सकते हैं। आर्थिक लाभ के योग हैं। दोस्तों का सहयोग मिलेगा। सेहत सामान्य रहेगी, लेकिन ज्यादा काम से थकान हो सकती है। कर्क राशि- आज भावनात्मक रूप से थोड़ा संवेदनशील रह सकते हैं। कार्यक्षेत्र में संयम से काम लेना जरूरी होगा। परिवार में किसी बात को लेकर चिंता हो सकती है, लेकिन बातचीत से समाधान निकलेगा। धन की स्थिति संतुलित रहेगी। स्वास्थ्य के लिहाज से आराम जरूरी है। सिंह राशि- आज का दिन आपके लिए सकारात्मक संकेत लेकर आया है। करियर में कोई अच्छी खबर मिल सकती है। मान-सम्मान में वृद्धि होगी और लोग आपकी बातों को गंभीरता से लेंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होने के संकेत हैं। प्रेम जीवन में उत्साह बना रहेगा। सेहत अच्छी रहेगी। कन्या राशि- आज जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ सकता है, लेकिन आप उन्हें बेहतर तरीके से संभाल लेंगे। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत रंग लाएगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। परिवार का सहयोग मिलेगा। सेहत को लेकर सतर्क रहें। तुला राशि- आज आपको अपनी योजनाओं पर फोकस बनाए रखना होगा। कार्यक्षेत्र में मेहनत का पूरा लाभ मिलने की संभावना है। धन से जुड़े मामलों में सावधानी बरतें। पारिवारिक माहौल सुखद रहेगा। स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार महसूस होगा। वृश्चिक राशि- आज नए विचार और योजनाएं आपके लिए फायदेमंद साबित होंगी। नौकरी और व्यापार में सकारात्मक बदलाव दिख सकते हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। प्रेम जीवन में समझ और सामंजस्य रहेगा। मानसिक रूप से सुकून महसूस करेंगे। धनु राशि- आज रिश्तों और काम के बीच संतुलन बनाकर चलना जरूरी होगा। साझेदारी से जुड़े कामों में लाभ हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को नई जिम्मेदारी मिल सकती है। आर्थिक स्थिति सामान्य से बेहतर रहेगी। मानसिक शांति के लिए खुद को समय दें। मकर राशि- आज मेहनत अधिक करनी पड़ सकती है, लेकिन परिणाम सकारात्मक रहेंगे। करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं। धन को लेकर सोच-समझकर फैसले लें। प्रेम संबंधों में भरोसा बनाए रखें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। कुंभ राशि- आज भाग्य आपके पक्ष में नजर आ रहा है। करियर और शिक्षा के क्षेत्र में सफलता मिलने के योग हैं। यात्रा या किसी नए काम की शुरुआत संभव है। आर्थिक लाभ के संकेत हैं। मन प्रसन्न रहेगा और ऊर्जा बनी रहेगी। मीन राशि- आज रचनात्मक कार्यों में मन लगेगा। करियर में नई संभावनाएं बन सकती हैं। आर्थिक स्थिति संतुलित रहेगी। परिवार और रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा।

भोपाल में 20 दिसम्बर को शहरी विकास मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक, सीएम डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल रहेंगे मौजूद

शहरी विकास मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक (उत्तरी एवं मध्य राज्य) भोपाल में 20 दिसम्बर को बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल भी रहेंगे मौजूद भोपाल  केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के तत्वावधान में शहरी विकास मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक (उत्तरी एवं मध्य राज्यों) 20 दिसंबर शनिवार प्रात: 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र, भोपाल में आयोजित हो रही है। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रमुख शहरी विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये केंद्र एवं राज्य सरकारों के बीच सहयोग और समन्वय को सुदृढ़ करना है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि यह बैठक राज्यों को योजना-वार प्रगति प्रस्तुत करने, क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं को साझा करने, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान तथा मंत्रालय से नीतिगत एवं रणनीतिक मार्गदर्शन प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। क्षेत्रीय बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की उपस्थिति रहेगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़, दिल्ली, राजस्थान एवं उत्तरप्रदेश के शहरी विकास मंत्री एवं राज्यमंत्री, भारत सरकार एवं राज्यो के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण स्वच्छ सर्वेक्षण वर्ष 2025-26 के लिए कार्य-दिशा पुस्तिका का विमोचन होगा। इस संबंध में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि यह कार्य-दिशा पुस्तिका स्वच्छता, स्थायित्व तथा नागरिक-केंद्रित शहरी प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैठक में पाँच सत्रों में महत्वपूर्ण विषयों पर होगी चर्चा बैठक के दौरान पाँच सत्रों में शहरी विकास से जुड़े प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इन सत्रों के माध्यम से केंद्र एवं राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यवहारिक चुनौतियों का समाधान निकाला जा सकेगा। अमृत योजना के अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा समयबद्ध पूर्णता से संबंधित विषयों पर विचार किया जाएगा। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर भी मंथन होगा। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत डंप स्थलों के वैज्ञानिक प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट निपटान तथा स्वच्छता से जुड़ी चुनौतियों पर मंथन होगा। स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा लाभार्थियों को समय पर आवास उपलब्ध कराने में आ रही समस्याओं के समाधान पर विचार किया जाएगा। अंगीकार अभियान की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों एवं चुनौतियों की समीक्षा करते हुए अभियान को अधिक प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। सत्र में शहरी परिवहन व्यवस्था के अंतर्गत नगर बस सेवाओं, भूमिगत रेल प्रणाली तथा पैदल मार्गों से संबंधित आवागमन व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। यातायात को सुगम, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिये आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। क्षेत्रीय बैठक से राज्य-वार एवं योजना-वार क्रियान्वयन चुनौतियों की पहचान, कार्यक्रमों को सशक्त बनाने के लिये व्यावहारिक अनुशंसाएँ, केंद्र एवं राज्यों के बीच बेहतर समन्वय तथा शहरी प्रशासन एवं सेवा प्रदायगी में सुधार के लिए ठोस रणनीतिक सुझाव प्राप्त होगे।  

BMC चुनाव: उद्धव–राज ठाकरे की एकजुटता पर मंथन, ‘MaMu’ फैक्टर से बदलेगा समीकरण

 मुंबई करीब एक दशक की राजनीतिक दूरी को पाटते हुए शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव के लिए हाथ मिलाने की तैयारी में हैं. दोनों दलों के नेताओं के बीच चल रही सीट शेयरिंग बातचीत के बीच यह लगभग तय माना जा रहा है कि आगामी बीएमसी चुनाव में ठाकरे बंधु संयुक्त मोर्चा बनाएंगे. सूत्रों के मुताबिक, इस गठबंधन की रणनीति का केंद्र ‘MaMu’ यानी मराठी-मुस्लिम समीकरण होगा. इसके तहत मुंबई की कुल 227 सीटों में से 72 मराठी बहुल और 41 मुस्लिम प्रभाव वाले वार्डों पर विशेष फोकस किया जाएगा. माना जा रहा है कि यही सामाजिक समीकरण 2024 के लोकसभा चुनाव में उद्धव ठाकरे की शिवसेना को गोवंडी, मानखुर्द, बायकुला और माहिम जैसे इलाकों में फायदा पहुंचा था. सीट बंटवारे पर सहमति, लेकिन चार इलाकों पर अड़चन सीट शेयरिंग के प्रारंभिक फॉर्मूले के तहत शिवसेना (यूबीटी) 140 से 150 सीटों पर, जबकि एमएनएस 60 से 70 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. हालांकि, बातचीत चार प्रमुख मराठी गढ़ों- वर्ली, दादर-माहिम, सिवरी और विक्रोली/भांडुप पर आकर अटक गई है. मनसा इन इलाकों में चुनाव लड़ने पर अड़ी है, जबकि ये क्षेत्र फिलहाल उद्धव ठाकरे की पार्टी के विधायकों के प्रभाव वाले माने जाते हैं और पारंपरिक तौर पर ‘मराठी मानूस’ की राजनीति का केंद्र रहे हैं. अल्पसंख्यक समर्थन + मराठी आक्रामकता की रणनीति जहां उद्धव ठाकरे अल्पसंख्यक वोट बैंक को साधे रखने की रणनीति पर काम कर रहे हैं, वहीं राज ठाकरे के जिम्मे मराठी मतदाताओं को जोश दिलाने की भूमिका होगी. पार्टी सूत्रों के अनुसार, राज ठाकरे मुंबई में जोरदार और आक्रामक भाषणों के जरिए मराठी अस्मिता को फिर से केंद्र में लाने की कोशिश करेंगे. तीन संयुक्त रैलियों की तैयारी ठाकरे बंधु अपनी एकता का सार्वजनिक प्रदर्शन करने के लिए मुंबई में तीन संयुक्त रैलियां भी कर सकते हैं. इन रैलियों के जरिए यह संदेश देने की कोशिश होगी कि बीएमसी चुनाव में मुकाबला सीधा ‘ठाकरे बनाम महायुति’ का है. सूत्रों का कहना है कि उद्धव और राज ठाकरे अगले 48 घंटों के भीतर आमने-सामने बैठक कर सीटों को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने की कोशिश करेंगे. इस बैठक के बाद गठबंधन की औपचारिक घोषणा और बीएमसी चुनाव के लिए साझा रणनीति सामने आने की संभावना है.

MT-15 की बढ़ी मुश्किलें! लॉन्च हुई नई KTM 160 Duke, कीमत ने चौंकाया

नई दिल्ली ऑस्ट्रियाई कंपनी KTM ने भारतीय बाजार में अपनी 160 Duke का टॉप मॉडल लॉन्च कर दिया है। इस नए वेरिएंट की सबसे बड़ी खासियत इसका 5-इंच का टीएफटी (TFT) डिस्प्ले है, जो आमतौर पर महंगी 390 ड्यूक में देखने को मिलता है। इस बाइक का सीधा मुकाबला Yamaha MT-15 V2 से है। नई KTM 160 Duke में नया 5-इंच टीएफटी डिस्प्ले बॉन्डेड ग्लास प्रोटेक्शन के साथ मिलेगा है, जो दिन की तेज रोशनी में भी स्पष्ट दिखाई देता है। इसमें स्पीड, फ्यूल गेज, ओडोमीटर और 'डिस्टेंस टू एम्प्टी' (DTE) जैसे स्मार्ट फीचर्स मिलते हैं। इसे कंट्रोल करने के लिए हैंडल पर 4-वे स्विच गियर दिया गया है। इंजन इस बाइक में 164.2cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया है, जो 19 PS की पावर और 15.5 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। यामाहा MT-15 (18.4 PS) की तुलना में ये इंजन ज्यादा दमदार है। इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है जो स्मूथ राइडिंग का अनुभव कराता है। मिलेंगे ये एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स केटीएम ने इस एंट्री-लेवल स्पोर्ट्स बाइक में हाई-एंड सस्पेंशन और ब्रेकिंग का इस्तेमाल किया है। इसमें WP USD फ्रंट फोर्क्स, WP एपेक्स मोनोशॉक और सुपरमोटो एबीएस जैसे फीचर्स शामिल हैं, जो राइडर को ऑफ-रोड और ऑन-रोड दोनों जगह बेहतर कंट्रोल प्रदान करते हैं।

पारदर्शी धान खरीदी मॉडल: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मजबूत हो रही किसानों की अर्थव्यवस्था

रायपुर, छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी नीतियों का जीवंत प्रमाण जीपीएम जिले के उपार्जन केंद्र गौरेला में दिखाई दे रहा है, जहां समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू और पारदर्शी ढंग से चल रही है। ग्राम नेवसा मदरवानी के किसान जगन्नाथ यादव ने इस व्यवस्था की खुलकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में लागू की गई यह पारदर्शी नीति न केवल किसानों को उनकी मेहनत का सही फल दे रही है, बल्कि उन्हें वास्तविक खुशहाली की राह पर ले जा रही है। किसान जगन्नाथ यादव ने विस्तार से बताया कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी हो रही है, जो किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का बड़ा माध्यम बन गई है। प्रति एकड़ औसतन 21 क्विंटल धान उत्पादन से किसानों को पर्याप्त आय सुनिश्चित हो रही है। इस वर्ष उन्होंने अपनी 4 एकड़ 46 डिसमिल भूमि में धान की खेती की और प्रथम टोकन के तहत 50 क्विंटल धान उपार्जन केंद्र गौरेला लेकर आए हैं। यादव ने कहा कि ‘‘टोकन तुहर हाथ‘‘ ऐप की बदौलत घर बैठे टोकन प्राप्त हो जाने से उन्हे बहुत सहुलियत हो रही है, जिससे उपार्जन केंद्रों के चक्कर लगाने की जरूरत ही नहीं पड़ती। इससे समय, श्रम और ईंधन की बचत हो रही है। पूरी खरीदी प्रक्रिया अत्यंत सहज और त्रुटिरहित है। न तो कोई गड़बड़ी, न देरी और न ही तनाव का नामोनिशान। त्वरित भुगतान और पूर्ण पारदर्शिता ने किसानों का सरकार पर विश्वास और दृढ़ कर दिया है। जगन्नाथ यादव सहित क्षेत्र के अन्य किसान इस व्यवस्था से उत्साहित हैं। छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल किसान कल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है, जो न केवल धान खरीदी को पारदर्शी बना रही है, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित कर रही है। जिले के अन्य उपार्जन केंद्रों पर भी यही उत्साह देखने को मिल रहा है, जहां हजारों किसान लाभ उठा रहे हैं।

“मैं निवेश टिप्स नहीं देती” – सुधा मूर्ति की निवेशकों को अपील

नई दिल्ली राज्यसभा की मनोनीत सांसद सुधा मूर्ति ने हाल ही में AI जनरेटेड और डीपफेक विडियोज को लेकर चिंता जताई है। इस दौरान उन्होंने इस तरह के वीडियो को बड़ा खतरा बताते हुए लोगों को इससे सावधान रहने की बात भी कही है। सुधा मूर्ति ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक डीपफेक विडियोज के प्रति लोगों को आगाह करते हुए कहा कि वे निवेश से जुड़ी सलाह नहीं देती हैं और सोशल मीडिया पर अगर लोगों को इस तरह के वीडियो नजर आए, तो उन पर भरोसा ना करें। दरअसल बीते दिनों सुधा मूर्ति के नाम पर इन्वेस्टमेंट स्कैम की खबरें सामने आईं थीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक डीपफेक वीडियो में, सुधा मूर्ति को एक इन्वेस्टमेंट स्कीम के बारे में बात करते हुए और 20-30 गुना बड़े रिटर्न का वादा करते हुए देखा गया था। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बने वीडियो पर संज्ञान लेते हुए, मूर्ति ने लोगों को सलाह दी है कि लोग अपनी मेहनत की कमाई किसी भी स्कीम पर खर्च करने से पहले खुद उसका विश्लेषण करें। सोच-समझ कर करें निवेश- मूर्ति उन्होंने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “मेरे चेहरे और आवाज का इस्तेमाल करके 20 या 30 गुना रिटर्न का वादा करने वाले इन्वेस्टमेंट को बढ़ावा देने वाले नकली संदेशों को लेकर मैं चिंतित हूं। यह सब नकली है और इसके पीछे AI और कुछ धूर्त लोग हैं।” सुधा मूर्ति ने कहा है कि कि वह कहीं भी, कभी भी इन्वेस्टमेंट के बारे में बात नहीं करेंगी। उन्होंने कहा, “अगर आप मुझे या मेरी आवाज इन्वेस्टमेंट को बढ़ावा देते हुए सुनते हैं, तो इस पर विश्वास ना करें। यह आपकी मेहनत की कमाई है। कृपया ध्यान से सोचें, बैंक या विश्वसनीय स्रोत से वेरिफाई करें, और उसके बाद ही फैसला करें।” स्कैम का शिकार होने से बची थीं सांसद इससे पहले बीते सितंबर महीने में सुधा मूर्ति खुद फर्जी कॉल स्कैम का शिकार होने से बची थीं। कथित तौर पर स्कैमर्स ने एक फर्जी कॉल के दौरान सुधा मूर्ति से 'संवेदनशील जानकारी' निकालने की कोशिश की थी। पुलिस शिकायत में, सुधा मूर्ति ने बताया था कि कॉल करने वाला ने खुद को दूरसंचार मंत्रालय का कर्मचारी बताते हुए दावा किया कि दुरुपयोग की वजह से उनकी मोबाइल सेवाएं डिस्कनेक्ट कर दी जाएंगी।

Pixel यूजर्स की मौज! भारत में शुरू हुआ Google Pixel Upgrade Program, जानें कैसे मिलेगा नया फोन

नई दिल्ली गूगल भारतीयों के लिए तोहफा लेकर आया है। कंपनी ने भारत में पिक्सल अपग्रेड प्रोग्राम लॉन्च कर दिया है। इस प्रोग्राम के तहत आप हर साल नए पिक्सल स्मार्टफोन को सिर्फ हर महीने 3,333 रुपये की EMI पर खरीद सकते हैं। यह प्रोग्राम आज से शुरू हो गया है और उन लोगों के लिए काफी फायदेमंद है, जो हर साल अपना फोन अपग्रेड करना चाहते हैं। गूगल यह प्रोग्राम कैशिफाई, बजाज फाइनेंस लिमिटेड और एचडीएफसी बैंक के साथ मिलकर लाया है। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों तक आसानी से प्रीमियम स्मार्टफोन पहुंचाना है। सीमित समय के लिए यह प्राग्रोम लॉन्च हुआ है। सीमित समय के लिए है प्रोग्राम Google Pixel Upgrade प्रोग्राम नाम से ही पता चल रहा है कि यह स्मार्टफोन के अपग्रेड से जुड़ा है। गूगल का खास प्रोग्राम 30 जून, 2026 तक भारत के चुनिंदा रिटेल स्टोर्स पर चलेगा। यह उन लोगों के लिए एक शानदार मौका है, जो लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करना चाहते हैं और हर साल नया फोन लेना पसंद करते हैं। क्या है गूगल का पिक्सल अपग्रेड प्रोग्राम? प्रोग्राम के तहत कुछ खास पिक्सल स्मार्टफोन 24 महीने की नो-कॉस्ट ईएमआई पर खरीदा जा सकता है। खास बात यह है कि सिर्फ नौ महीने की किश्तें भरने के बाद ही आप अपने फोन को नए पिक्सल मॉडल में बदल सकते हैं। इस प्रोग्राम में आपको अपने पुराने फोन के बदले अच्छी कीमत मिलने की गारंटी भी दी जा रही है। चाहे उसकी हालत कैसी भी हो, बस फोन चालू होना चाहिए और बेसिक चेक पास कर लेना चाहिए। कैसे उठा पाएंगे इस अपग्रेड प्रोग्राम का लाभ? इस प्रोग्राम में यूजर्स नौ महीने बाद अपने फोन को अपग्रेड कर सकते हैं। अगर आप कम से कम नौ ईएमआई भर चुके हों, तो आप अपने मौजूदा पिक्सल फोन को नए मॉडल के लिए एक्सचेंज कर सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि अगर 15 मीहने ईएमआई भर दी तो आपके लिए यह ऑफर नहीं है। कंपनी भरेगी आपके पुराने लोन का पैसा आपके पुराने फोन के लोन की बची हुई रकम कैशिफाई आपके बैंक अकाउंट में डाल देगा। इससे आप बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के अपना पुराना लोन खत्म कर पाएंगे और नए में अपग्रेड कर पाएंगे। इसके बाद, आप अपने नए फोन के लिए 24 महीने की एक नई नो-कॉस्ट ईएमआई प्लान में शामिल हो जाएंगे। गूगल की इन सर्विस का फ्री में मिलेगा ट्रायल नए पिक्सल फोन खरीदने पर आपको गूगल की कुछ सेवाओं के फ्री ट्रायल भी मिलेंगे। पिक्सल 10 प्रो मॉडल के साथ आपको एक साल के लिए गूगल एआई प्रो, छह महीने के लिए फिटबिट प्रीमियम और तीन महीने के लिए यूट्यूब प्रीमियम का सब्सक्रिप्शन मिलेगा। वहीं, पिक्सल 10 के साथ आपको छह महीने के लिए गूगल वन प्रीमियम (2TB) के साथ फिटबिट और यूट्यूब प्रीमियम के ट्रायल भी मिलेंगे। इन पिक्सल फोन्स के लिए आया प्रोग्राम इस अपग्रेड प्रोग्राम में पिक्सल 10, पिक्सल 10 प्रो, पिक्सल 10 प्रो एक्सएल और पिक्सल 10 प्रो फोल्ड जैसे मॉडल शामिल हैं। जब आप अपना पुराना फोन एक्सचेंज करते हैं, तो आपको कैशिफाई से 7,000 रुपये तक का एक्सचेंज बोनस भी मिलेगा।

ED का बड़ा एक्शन: 1xBet ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े सेलिब्रिटी के संपत्ति पर कार्रवाई

नई दिल्ली ऑनलाइन सट्टेबाजी 1x बेट ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा समेत कई बॉलीवुड सेलिब्रिटिज की करोड़ों की संपत्ति जब्त कर ली है. 1xBet मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने नए प्रोविजनल अटैचमेंट किए हैं, जिन लोगों की संपत्तियां अटैच की गई हैं, उनमें युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, उर्वशी रौतेला, सोनू सूद, मिमी चक्रवर्ती, अंकुश हाजरा और नेहा शर्मा के नाम शामिल हैं. – युवराज सिंह- 2.5 करोड़ रुपये – रॉबिन उथप्पा- 8.26 लाख रुपये – उर्वशी रोतैला- 2.02 करोड़ (यह संपत्ति  उर्वशी की मां के नाम पर रजिस्टर्ड है) – सोनू सूद- 1 करोड़ रुपये – मिमी चक्रबर्ती- 59 लाख रुपये – अंकुश हाजरा- 47.20 लाख रुपये – नेहा शर्मा- 1.26 करोड़ रुपये यह जांच कथित अवैध बेटिंग ऐप्स से जुड़ी है, जिन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने लोगों और निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी की है या बड़े पैमाने पर टैक्स की चोरी की है. कंपनी का दावा है कि 1xBet एक वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त बुकी है, जो पिछले 18 सालों से बेटिंग इंडस्ट्री में है. इसके ग्राहक हजारों खेल आयोजनों पर दांव लगा सकते हैं. कंपनी की वेबसाइट और ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध है. आज की कार्रवाई में ED ने कुल 7.93 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की है. इससे पहले इस मामले में ईडी ने शिखर धवन की 4.55 करोड़ रुपये की संपत्तियां और सुरेश रैना की 6.64 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की थीं. अब तक 1xBet मामले में ईडी ने कुल 19.07 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर चुका है.

भारत के खिलाफ नई चाल! बंगाल की खाड़ी में बांग्लादेश की साजिश का खुलासा

नई दिल्ली बांग्लादेश में जहां एक ओर जमीनी स्तर पर भारत विरोधी प्रदर्शन तेज हो रहे हैं. ठीक इसी तरह समुद्र में भी तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है. पिछले दो महीने से भारत ने एक तरह के असामान्य पैटर्न को नोटिस किया है. बंगाल की खाड़ी में लगातार बड़ी संख्या में बांग्लादेश की मछली पकड़ने वाली नौकाएं भारतीय जलसीमा में प्रवेश कर रही हैं.  यह मामला 15 दिसंबर को उस समय सुर्खियां बटोरी, जब बांग्लादेश नौसेना के एक गश्ती पोत ने 16 मछुआरों को ले जा रहे एक भारतीय ट्रॉलर को टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गया. यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया जब फरवरी में होने वाले चुनावों से पहले बांग्लादेश में भारत-विरोधी भावनाएं तेज हो गई हैं. शेख हसीना सरकार के तख्तापलटन के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में बांग्लादेश ने विशेष रूप से बंगाल की खाड़ी से भारत मे अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश की है. यूनुस पहले यह दावा भी कर चुके हैं कि बांग्लादेश पूरे क्षेत्र में महासागर का संरक्षक है, जिसे लेकर भारत में असहजता है. इस पूरे घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास मछली पकड़ने वाले भारतीय मछुआरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं. सोमवार को तनाव उस समय और बढ़ गया जब आरोप लगा कि बांग्लादेश नौसेना के एक जहाज ने सीमा के पास पश्चिम बंगाल के 16 मछुआरों को ले जा रहे भारतीय ट्रॉलर को टक्कर मार दी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेशी जहाज की लाइटें बंद थीं, जिससे रात में भारतीय ट्रॉलर उसे देख नहीं सका. FB Parmita नाम का यह ट्रॉलर पलट गया, जिससे सभी मछुआरे समुद्र में जा गिरे. सुबह करीब 6 बजे भारतीय तटरक्षक बल ने 11 मछुआरों को बचाया. पांच अब भी लापता हैं. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एक मछुआरे की भाले जैसे हथियार से हत्या कर दी गई. बचे हुए मछुआरों ने आरोप लगाया है कि ट्रॉलर पर सवार सभी लोगों को मारने की कोशिश की गई.  बांग्लादेशी जहाज ने उस समय टक्कर मारी जब मछुआरे जाल डालने की तैयारी कर रहे थे. एक मछुआरे ने बताया कि राजदुल अली शेख नामक व्यक्ति को भाले से मारा गया. सुंदरबन मरीन फिशरमैन वर्कर्स यूनियन की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. हालांकि, भारतीय तटरक्षक बल ने अब तक यह पुष्टि नहीं की है कि भारतीय ट्रॉलर ने समुद्री सीमा पार की थी या बांग्लादेश नौसेना का जहाज भारतीय जलसीमा में दाखिल हुआ था. उधर, बांग्लादेश ने इन रिपोर्टों को भ्रामक बताते हुए दावा किया है कि उसका गश्ती पोत घटनास्थल से 12 मील दूर था. इस घटना ने सोशल मीडिया पर भी बहस छेड़ दी है. विदेश मामलों के विशेषज्ञ रमन मूर्ति ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा कि यह उकसावा है. वे भारत के साथ टकराव चाहते हैं. यही उनके दयनीय अस्तित्व का एकमात्र रास्ता है.  एक अन्य विशेषज्ञ ने कहा कि यह पूरी तरह पूर्व-नियोजित उकसावा है, जिसका मकसद हमें फंसाना है. भारतीय जलसीमा में बांग्लादेशी नौकाएं यह सब ऐसे समय में हो रहा है, जब बंगाल की खाड़ी में बांग्लादेशी मछली पकड़ने वाली नौकाओं की भारतीय विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (EEZ) में घुसपैठ के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. 16 दिसंबर को ही भारतीय तटरक्षक बल ने दो बांग्लादेशी मछली पकड़ने वाली नौकाओं को भारतीय जलसीमा में घुसने के आरोप में पकड़ा.  यह कोई अकेली घटना नहीं है. बीते कुछ महीनों में भारत कम से कम आठ बांग्लादेशी नौकाओं और करीब 170 मछुआरों को पकड़ चुका है. भारत-विरोधी भावनाओं के साथ इन घटनाओं का बार-बार होना भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है. भारत-विरोधी बयानबाजी में तेजी बांग्लादेश में चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद से इस तरह की गतिविधियों में इजाफा हुआ है. बांग्लादेश सरकार के अंतरिम प्रमुख मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में बांग्लादेश ने न सिर्फ पाकिस्तान से नजदीकियां बढ़ाई हैं, बल्कि कट्टरपंथी इस्लामी समूहों और पहले प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी जैसे संगठनों को भी जगह दी है. इसी बीच, नवंबर में पाकिस्तान नौसेना प्रमुख ने बांग्लादेश का तीन दिवसीय दौरा किया. 1971 के बाद पहली बार किसी पाकिस्तानी नौसेना का कोई अधिकारी बांग्लादेश के उच्चस्तरीय दौरे पर रहा. एक संसदीय समिति ने यहां तक कहा है कि ढाका में पाकिस्तान और चीन के बढ़ते प्रभाव के चलते भारत को 1971 के युद्ध के बाद से सबसे बड़ी रणनीतिक चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. शुक्रवार को बांग्लादेश में एक बार फिर भारत-विरोधी प्रदर्शन और हिंसा देखने को मिली. यह हिंसा कट्टरपंथी नेता और भारत विरोधी बयानबाजी  के लिए कुख्यात शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भड़की, जिसे नकाबपोश हमलावरों ने गोली मार दी थी.

23 दिसंबर को पटना आएंगे नितिन नबीन, एयरपोर्ट से मिलर हाई स्कूल तक BJP का रोड शो

पटना  भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के पद संभालने के बाद पहली बार पटना आने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. बिहार बीजेपी उनके स्वागत की जोरदार तैयारी कर रही है. राज्य बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को बताया कि नितिन नबीन 23 दिसंबर को पटना पहुंचेंगे. पटना में रोड शो की तैयारी न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक संजय सरावगी ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह नितिन नबीन का पहला पटना दौरा होगा. उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत को लेकर उत्साहित हैं और राजधानी में उनका भव्य अभिनंदन किया जाएगा. पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, पटना एयरपोर्ट से मिलर हाई स्कूल मैदान तक एक भव्य रोड शो निकाला जाएगा. यह रोड शो शेखपुरा मोड़, राजवंशी नगर स्थित हनुमान मंदिर और इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए गुजरेगा. मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक नितिन नबीन का स्वागत करेंगे. मिलर हाई स्कूल में सम्मान समारोह राज्य बीजेपी अध्यक्ष ने बताया कि एयरपोर्ट से लेकर मिलर हाई स्कूल मैदान तक पूरे रास्ते को सजाया जाएगा. जगह-जगह स्वागत मंच बनाए जाएंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा. पार्टी का मानना है कि यह आयोजन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम करेगा. पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे. इस दौरान संगठनात्मक मुद्दों और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा होने की संभावना है. नितिन नबीन को 14 दिसंबर को BJP का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. वह बांकेपुर विधानसभा क्षेत्र से पांचवीं बार विधायक हैं. इससे पहले वो भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी भी रह चुके हैं. 2006 में बने थे विधायक नितिन नबीन वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं, जिन्होंने कभी पटना पश्चिम विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था. साल 2006 में पिता के निधन के बाद हुए उपचुनाव से नितिन नवीन ने सक्रिय राजनीति में कदम रखा था.