samacharsecretary.com

देशभर के नामी अस्पताल आयुष्मान आरोग्य योजना से जुड़े, राजस्थान के मरीजों को मिलेगा फ्री ट्रीटमेंट

जयपुर राजस्थान के लाखों परिवारों के लिए राहत की बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत अब प्रदेश के नागरिकों को राजस्थान से बाहर देश के नामी अस्पतालों में भी निःशुल्क और कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने लगी है। योजना के अंतर्गत अब तक प्रदेश में 7,100 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया जा चुका है, जबकि दूसरे राज्यों में भी 15 दिनों के भीतर करीब 350 मरीजों ने इस सुविधा का लाभ लिया है।  पिछले दो वर्षों में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत 37 लाख से अधिक मरीजों को 7,100 करोड़ रुपये से ज्यादा का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया गया है। इनमें करीब ढाई लाख ऐसे गंभीर रोगी शामिल हैं, जो जीवन और मृत्यु से संघर्ष कर रहे थे। वर्तमान में इस योजना के अंतर्गत राजस्थान के 1.36 करोड़ पात्र परिवारों को 25 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार दिया जा रहा है। योजना में लगभग 2,200 प्रकार के उपचार पैकेज शामिल हैं, जिनमें सामान्य बीमारियों से लेकर कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग और अंग प्रत्यारोपण जैसी महंगी और गंभीर बीमारियों का इलाज भी शामिल है।   मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की घोषणा के बाद योजना का दायरा और बढ़ा है। अब देशभर के 30 हजार से अधिक सरकारी और निजी अस्पताल इस योजना के नेटवर्क में शामिल हो चुके हैं। इससे राजस्थान के नागरिकों को प्रदेश के बाहर भी उच्च गुणवत्ता वाला इलाज मिल सकेगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 19 दिसंबर से इंटर स्टेट आउटबाउंड पोर्टेबिलिटी की सुविधा लागू कर दी है। इससे पहले इनबाउंड पोर्टेबिलिटी के तहत दूसरे राज्यों के मरीजों को राजस्थान में इलाज की सुविधा दी जा रही थी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि अब तक गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को मजबूरी में गुजरात, दिल्ली जैसे राज्यों में जाना पड़ता था, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ता था। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने आउटबाउंड पोर्टेबिलिटी लागू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। अब राजस्थान के पात्र परिवार प्रदेश के बाहर एम्पैनल्ड अस्पतालों में भी कैशलेस इलाज करवा सकेंगे।  इस योजना के तहत तमिलनाडु और कर्नाटक को छोड़कर देश के लगभग 16 हजार सरकारी और 14 हजार निजी अस्पतालों में इलाज की सुविधा उपलब्ध है। दिल्ली में 184, गुजरात में 2,067, हरियाणा में 1,366, मध्य प्रदेश में 1,622, महाराष्ट्र में 1,709, पंजाब में 823 और उत्तर प्रदेश में 6,182 अस्पताल सूचीबद्ध हैं। इनमें दिल्ली और भोपाल के एम्स, मेदांता, चंडीगढ़ का पीजीआई, लखनऊ का केजीएमयू, गुजरात का यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी और गुजरात कैंसर एंड रिसर्च सेंटर जैसे प्रतिष्ठित अस्पताल शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार यह योजना अब केवल राजस्थान तक सीमित नहीं रही, बल्कि देशभर में प्रदेशवासियों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत गारंटी बन चुकी है।  

रेशम उत्पादन बढ़ाकर उपलब्ध कराए जा रहे हैं रोजगार के अवसर : राज्यमंत्री जायसवाल

प्रदेश के 3600 मलबरी एवं 850 टसर कोकून उत्पादक कृषकों को स्व-रोजगार से जोड़ा भोपाल कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहा है कि प्रदेश में रेशम का उत्पादन बढ़ाकर लोगों को रोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। विगत दो वर्षों में रेशम संचालनालय द्वारा निजी क्षेत्र में 231 एकड़ क्षेत्र में एवं शासकीय रेशम केन्द्रों पर 200 एकड़ क्षेत्र में नवीन मलबरी पौधरोपण किया गया है। साथ ही प्रदेश के 3,600 मलबरी एवं 850 टसर कोकून उत्पादक कृषकों को स्व-रोजगार से जोड़ा गया है। राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि पिछले दो वर्षों में 2.64 लाख किलोग्राम मलबरी कोकून एवं 31.51 लाख टसर कोकून का उत्पादन किया गया। प्रदेश में 5 हजार कृषकों को नवीन कोकून उत्पादन तकनीकी से प्रशिक्षित कर उल्लेखनीय कार्य किया गया है। प्रदेश में अभी तक 42 महिलाओं को रेशम उत्पादन से लखपति दीदी के रूप में चिन्हांकित किया गया है। राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि आगामी तीन वर्षों में मलबरी कोकून उत्पादन में वर्तमान 1.50 लाख किलोग्राम से 4 लाख किलोग्राम स्तर तक वृद्धि की जायेगी। टसर कोकून उत्पादन में वर्तमान 40 लाख से 70 लाख तक की वृद्धि का लक्ष्य है। मलबरी पौधरोपण के क्षेत्र में अतिरिक्त नवीन 3500 एकड़ की वृद्धि की जाएगी। पचमढ़ी जिला नर्मदापुरम में रेशम इंटरप्रिटेशन सेंटर प्रारंभ होगा। रेशम उत्पादों का विक्रय ई-कामर्स प्लेटफार्म के माध्यम से प्रारंभ होगा। इसके अलावा नवीन प्राकृत शोरूम ग्वालियर, जबलपुर एवंइन्दौर में प्रारंभ होंगे। रेशम समृद्धि कार्य-योजना राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि आगामी तीन वर्षों में 6 हजार 200 हितग्राहियों को कौशल उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करने की कार्य-योजना तैयार की गई है। प्रदेश में 150 एकड़ क्षेत्र में मलबरी पौधरोपण के लिए नर्सरी तैयार होगी। साथ ही 3 हजार 500 एकड़ क्षेत्र में नवीन मलबरी पौधरोपण एवं 16 नई बीज इकाइयों को प्रारंभ किया जाएगा। प्रदेश में 10 नई धागाकरण इकाइयों की स्थापना की जाएगी। धागाकरण, बुनाई, कार्यों हेतु नवीन उन्नत मशीनों की स्थापना होगी।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा- शिक्षा और उत्कृष्टता को अपना पथ-प्रदर्शक मानता है मीना समाज

मृत्यु भोज का विरोध, दहेज मुक्त और सादे विवाहों का समर्थन तथा सामूहिक विवाहों को प्रोत्साहन समाज की प्रशंसनीय पहल मैधावी विद्यार्थियों, युवाओं और सामाजिक गतिविधियों में योगदान देने वाले वरिष्ठ जन को किया सम्मानित मुख्यमंत्री रवीन्द्र भवन में आयोजित मीना समाज के सम्मेलन में हुए शामिल भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मीना समाज ने अपनी मेहनत और ईमानदारी से प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज बंधु अपने सामाजिक दायित्वों का भी बख़ूबी निर्वहन कर रहे हैं। शिक्षा, सामाजिक उन्नति का सबसे मजबूत आधार है। पिछले वर्षों में लगभग 550 प्रतिभाओं का सम्मान इस बात का प्रमाण है कि मीना समाज, शिक्षा और उत्कृष्टता को अपना पथ-प्रदर्शक मानता है। मृत्यु भोज जैसी कुप्रथाओं का विरोध, दहेज मुक्त और सादे विवाहों का समर्थन एवं सामूहिक विवाह सम्मेलनों को प्रोत्साहन देकर समाज ने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध मजबूत संदेश दिया है। ऐसे प्रयास समाज को शिक्षित और कुरीतियों से मुक्त करते हुए समाज बंधुओं को प्रगति की राह पर अग्रसर करते हैं। यह प्रयास प्रदेश और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास को भी नई दिशा देते हैं। राज्य सरकार मीना समाज के इन प्रयासों में पूरी तरह साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को रवीन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में आयोजित मीना समाज सम्मेलन और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मध्यप्रदेश मीना समाज सेवा संगठन की ओर से तीन बड़ी मालाऐं पहनाकर स्वागत अभिनंदन और साफा बांधकर अंग वस्त्रम भेंट कर सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के लिए पूर्व मंत्री श्री राम निवास रावत ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित, खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और पदक विजेयता एवं अन्य विधाओं में उपलब्धियां अर्जित करने वाले मीना समाज के 16 विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक गतिविधियों के लिए दान देने तथा अन्य पहल करने वाले मीना समाज के वरिष्ठजन को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर विशेष रूप से उपस्थित थीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मीना समाज पर श्री हरि की अत्यंत कृपा रही है, भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार से जुड़ी मीना समाज की उत्पत्ति जन सामान्य को जल और जीवन का महत्व बताती है।मीना समाज में बहुत प्रतिभाएं हैं, समाज नवरत्नों से परिपूर्ण है और युवा पीढ़ी तो पढ़ाई तथा खेल में अपना लोहा मनवा रही है। समाज के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतें, यही कामना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समाज ने हर परिस्थिति में संघर्ष किया और परिवारों के लिए प्रगति की राह प्रशस्त की। मीना समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक उत्थान के उद्देश्य से वर्ष 1980 में मीना समाज सेवा संगठन स्थापित किया गया था। संगठन के कार्यों के सकारात्मक परिणाम वर्तमान में दिखाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों के जीवन को सरल बनाने के लिए व्यवस्थाओं में कई नवाचार किए हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में ही प्रदेश में देश की पहली तीन नदी जोड़ो परियोजनाओं का कार्य आरंभ हुआ है। इन परियोजनाओं से श्योपुर, गुना सहित चंबल और मालवा का क्षेत्र सिंचित होगा, जिसका मीना समाज को विशेष रूप से लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी की पहल पर जातिगत जनगणना का बड़ा निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत इस वर्ष मकानों की गिनती होगी और आगामी कार्यवाही वर्ष 2027 में की जाएगी। जातिगत जनगणना से अतीत के कई उल्झे प्रश्नों का समाधान निकलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित कर रही है। समाज बंधु उद्योग धंधे लगाने और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ें, राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रयासों से ही भगवान श्रीराम अयोध्या में मुस्कुरा रहे हैं। भगवान श्रीराम की तरह भगवान श्रीकृष्ण भी भगवान विष्णु के अवतार हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार मीनेष बोर्ड के गठन पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज की धर्मशाला के निर्माण में राज्य शासन की ओर से सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा व्यक्त की कि मीना समाज शिक्षा, संस्कार और संगठन के बल पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा और प्रदेश एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।  

रणथंभौर सफारी के दौरान साइना नेहवाल से हुआ बाघ का आमना-सामना, वीडियो वायरल

सवाई माधोपुर भारतीय बैडमिंटन की स्टार खिलाड़ी साइना नेहवाल हाल ही में अपने परिवार के साथ राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के निजी दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने रणथंभौर रोड स्थित होटल ताज में ठहरकर रणथंभौर नेशनल पार्क का भ्रमण किया और टाइगर सफारी का रोमांचक अनुभव लिया। सफारी के दौरान उनके साथ ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया। टाइगर सफारी के दौरान रणथंभौर के जोन नंबर-3 में साइना नेहवाल को प्रसिद्ध बाघिन रिद्धि (टी-124) और उसके शावकों के दीदार हुए। इसी दौरान एक बाघ उनकी सफारी गाड़ी के बिल्कुल पास आ गया। आमतौर पर इस तरह की स्थिति में लोग घबरा जाते हैं, लेकिन साइना नेहवाल ने बेहद साहस और संयम का परिचय दिया। उन्होंने बिना डरे उस पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया और इस यादगार क्षण को संजो लिया।   बाघिन और उसके शावकों की अठखेलियां देखकर साइना नेहवाल काफी रोमांचित नजर आईं। उन्होंने न सिर्फ सफारी के दौरान बाघों की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया, बल्कि होटल ताज में परिवार के साथ बिताए गए खास पलों को भी कैमरे में कैद किया। बाद में इन सभी तस्वीरों और वीडियो को उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गए। उनके प्रशंसकों ने इन पोस्ट्स पर जमकर प्रतिक्रियाएं दीं और उनके साहस की तारीफ की। यह पहली बार नहीं है जब साइना नेहवाल रणथंभौर पहुंची हों। इससे पहले भी वह वर्ष 2023 में रणथंभौर का दौरा कर चुकी हैं। साइना नेहवाल का रणथंभौर से खास लगाव माना जाता है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, खुले जंगल, बाघ-बाघिन और उनके शावकों की स्वछंद अठखेलियां उन्हें बेहद पसंद हैं। यही कारण है कि वह बार-बार यहां आकर प्रकृति और वन्यजीवों के बीच समय बिताना पसंद करती हैं। रणथंभौर टाइगर रिजर्व देश और दुनिया में बाघों की स्वच्छंद गतिविधियों के लिए खास पहचान रखता है। यहां हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इसके अलावा फिल्मी जगत, राजनीति और खेल जगत से जुड़ी कई नामी हस्तियां भी यहां भ्रमण के लिए आती रहती हैं। प्रियंका गांधी, राहुल गांधी परिवार सहित रणथंभौर आ चुके हैं, वहीं क्रिकेटर शिखर धवन और अभिनेता वरुण धवन जैसे कई बड़े नाम भी यहां की खूबसूरती का लुत्फ उठा चुके हैं। रणथंभौर में वीआईपी और वीवीआईपी पर्यटकों की आवाजाही हमेशा बनी रहती है।  

अमृतसर में आम आदमी पार्टी के सरपंच को गोलियों से भूना, मौत

अमृतसर अमृतसर में बड़ी वारदात की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार यहां आम आदमी पार्टी के सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सहम का माहौल देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि सरपंच जरमल सिंह एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इस दौरान बदमाश मैरिज पैलेस में आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने सरपंच के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से सरपंच जरमल सिंह बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें तुरंत गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक सरपंच जरमल सिंह तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के रहने वाले थे और मौजूदा सरपंच थे। पुलिस जांच के अनुसार उन पर पहले भी 3 बार हमला हो चुका था। फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस पैलेस पहुंची और पूरे पैलेस को घेर कर जांच की जा रही है। पुलिस शादी समारोह में आए लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि सरपंच की रेकी की जा रही थी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। हमले के कारणों का अभी पता नहीं चला है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री ने किया 31वें आईईएस- डिजिआना इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ

पत्रकार साथियों की कलम की बाउंसर, शब्दों की गुगली और रिपोर्टर्स का रन रेट लोकतंत्र में लगाता है चार चांद: मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि पत्रकार साथियों की कलम की बाउंसर, शब्दों की गुगली और रिपोर्टर्स का रन रेट लोकतंत्र में चार चांद लगाता है। हमारा मध्यप्रदेश हमेशा से दमदार खिलाड़ियों और मजबूत पत्रकारों की धरती रहा है। देश हित में पत्रकारिता को दिशा देने वाले प्रदेश के पत्रकारों ने दिल्ली तक को गौरवान्वित किया है। पंडित माखनलाल चतुर्वेदी और भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जैसे कई पत्रकारों का साहित्य और पत्रकारिता में योगदान अनुकरणीय और वंदनीय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को भोपाल खेल पत्रकार संघ द्वारा ओल्ड कैंपियन ग्राउंड पर आयोजित 31वें आईईएस- डिजिआना इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ कर संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल खेल पत्रकार संघ लगातार तीन दशक से इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट का निरंतर आयोजन कर रहा है। इस आयोजन में क्रिकेट मैच के साथ- साथ आत्मीयता की भी वर्षा होती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे स्वयं भी इस क्रिकेट टूर्नामेंट में आने की हैट्रिक लगा रहे हैं। क्रिकेट टूर्नामेंट को निरंतरता देने संस्था का प्रयास सराहनीय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग, पूर्व विधायक श्री ध्रुव नारायण सिंह, वरिष्ठ पत्रकार श्री मृगेंद्र सिंह, श्री विजय दास, श्री तेजेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष श्री रवीन्द्र यति, समाजिक कार्यकर्ता श्री राहुल कोठारी सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी, अधिकारी, पत्रकार और खेल प्रेमी उपस्थित थे।  

झारखंड के महिला थाना में नर्स ने की खुदकुशी की कोशिश

हजारीबाग. हजारीबाग के महिला थाना परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब न्याय की आस टूटने पर एक नर्स ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास कर लिया। घटना के बाद थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और फरियादियों में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में युवती को तुरंत शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है। वह खतरे से बाहर बताई जा रही है। युवती बड़कागांव थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह पेशे से नर्स है। शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप पीड़िता का आरोप है कि बड़कागांव थाना क्षेत्र के हरली गांव निवासी विकास कुमार मेहता ने उसके साथ शारीरिक शोषण किया। आरोपी शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एमबीबीएस फोर्थ ईयर का छात्र है। युवती का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। यौन शोषण की पहली घटना हजारीबाग के स्वर्ण जयंती पार्क में हुई। आरोपी ने दूसरी घटना गांव में हुई। जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इसके बाद उसने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन लंबे समय तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। थाना प्रभारी पर असंवेदनशीलता का आरोप पीड़िता ने महिला थाना प्रभारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि 8 जुलाई को जब वह शिकायत लेकर महिला थाना पहुंची तो उसे यह कहकर लौटा दिया गया कि पार्क में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। न्याय न मिलने और कथित असंवेदनशील रवैये से वह अंदर से टूट गई। परिजनों का भी आरोप है कि आरोपी की मां पहले शादी का रिश्ता लेकर युवती के घर आई थी, लेकिन बाद में भारी दहेज की मांग शुरू कर दी गई। जिससे युवती की मानसिक स्थिति और बिगड़ती चली गई। जांच में जुटी पुलिस, बयान का इंतजार घटना की सूचना मिलते ही सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी विंध्यवासिनी सिन्हा, सदर थाना प्रभारी सुभाष सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती का इलाज चल रहा है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

झारखंड में सुबह कोहरा और रात में कंपकंपा रही ठंड

रांची. राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय ठंड और कोहरे का प्रभाव बना हुआ है, जबकि रात में तापमान गिरने से कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। साथ ही कहीं कहीं बादल तो कहीं धूप निकलने से मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। पतली और ठंडी हवाओं के चलने से सर्दी का असर और तेज हो गया है। राजधानी रांची समेत राज्य के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। कहां-कितना दर्ज हुआ तापमान? मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में न्यूनतम तापमान 6 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। रांची में अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री और न्यूनतम 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 25.4 और न्यूनतम 10.5 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 25.6 और न्यूनतम 8.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 25.1 और न्यूनतम 11.2 डिग्री तथा देवघर में अधिकतम 24.4 और न्यूनतम 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। गुमला रहा राज्य का सबसे ठंडा इलाका मौसम केंद्र, रांची की रिपोर्ट के अनुसार गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि दिन में 23.6 डिग्री अधिकतम तापमान और धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। वहीं लातेहार ऐसा जिला रहा, जहां दिन के समय भी ठंड का असर बना रहा। यहां अधिकतम तापमान मात्र 18.7 डिग्री और न्यूनतम 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चाईबासा में राज्य का सर्वाधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 21 से 26 डिग्री के बीच रहा। इन 11 जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट मौसम विभाग ने 5 जनवरी तक राज्य के 11 जिलों-गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़-में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषकर 4 जनवरी को उत्तरी झारखंड में घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे दृश्यता कम रहने और सड़क व रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। लोगों से सावधानी बरतने की दी सलाह मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट के उपयोग की सलाह दी है। साथ ही किसानों को बढ़ती ठंड और नमी को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के उपाय अपनाने को कहा गया है। आम लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और सुबह-शाम अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

MP का रिश्तेदार बना करोड़पति, कुछ ही घंटों में बदली जिंदगी

गुरदासपुर पंजाब स्टेट डियर मंथली लॉटरी का पहला इनाम गुरदासपुर जिले को लगा है। 1.5 करोड़ रुपये के इस बड़े इनाम से हरदो बथवाला गांव के रहने वाले संदीप सिंह रंधावा की किस्मत पल भर में बदल गई। संदीप सिंह रंधावा पेशे से आटा चक्की चलाने वाले हैं और जमींदार भी हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने यह लॉटरी सिर्फ इत्तेफाक से लॉटरी स्टॉल के मालिक के कहने पर ही खरीदी थी। किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और उसी टिकट का 1.5 करोड़ रुपये का पहला इनाम निकाला। गौरतलब है कि संदीप सिंह रंधावा सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के दूर के रिश्तेदार भी हैं।

झारखंड की राजधानी से हटाए जाएंगे अवैध कब्जे

रांची. झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के मद्देनजर रांची शहर और जिले के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ तगड़े बुलडोजर ऐक्शन के संकेत हैं। खासकर जब जलाशयों को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई तेजी से चल रही है। बाकी जगहों पर भी अतिक्रमण हटाने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजुनाथ भजन्त्री ने शनिवार को हटिया जलाशय (धुर्वा डैम) के आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अवैध कब्जों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। नक्शे के अनुसार चिह्नित हो जलाशयों की सीमा उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जलाशयों की मूल सीमा को राजस्व नक्शे के अनुसार चिह्नित किया जाए तथा किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को शीघ्र हटाया जाए। उन्होंने कहा कि जलाशयों पर अतिक्रमण न केवल जल भंडारण क्षमता को प्रभावित करता है, बल्कि पर्यावरण, भूजल स्तर एवं शहर की पारिस्थितिकी पर भी गहरा असर डालता है। इन जगहों पर होगा बुलडोजर ऐक्शन रांची जिला प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि रांची के सभी प्रमुख जलाशयों – जिसमें कांके डैम, हटिया डैम, धुर्वा डैम, गेतलसूद डैम, हरमू नदी, हिनू नदी एवं अन्य तालाब शामिल हैं – को पूर्णतः अतिक्रमण मुक्त कर उनका संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित किया जाए। संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अंचल अधिकारी अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। अपर समाहर्ता को सभी अंचल अधिकारियों के लिए रोस्टर तैयार कर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही अतिक्रमण हटाए जाने के बाद वहां दोबारा कब्जा ना हो, इस बात को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त उपायुक्त भजन्त्री ने आम नागरिकों से अपील की कि वे जलाशयों के आस-पास किसी भी प्रकार का अतिक्रमण ना करें। उन्होंने साफ कहा कि माननीय झारखंड हाईकोर्ट के आदेशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा। इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई रांची को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की सतत प्रतिबद्धता का हिस्सा है।