samacharsecretary.com

13 जनवरी 2026 राशिफल: ग्रहों की चाल से जानें कैसा रहेगा आपका दिन

मेष आज का दिन ऊर्जा से भरपूर रहेगा। ऑफिस में आपकी मेहनत नजर आएगी और सीनियर्स आपके काम से खुश रहेंगे। हो सकता है कि आज नई जिम्मेदारी मिले। आज परिवार में प्रॉपर्टी को लेकर बात हो सकती है। सेहत ठीक रहेगी, लेकिन जल्दबाजी से बचना जरूरी है। खानपान को लेकर थोड़ा बदलाव करें। वृषभ आज आपको आर्थिक मामलों में सतर्क रहने की जरूरत है। कोई पुराना खर्च सामने आ सकता है। प्रोफेशनल लाइफ में स्थिरता बनी रहेगी और कलीग्स का सपोर्ट मिलेगा। परिवार के साथ अच्छा समय बीतेगा। पार्टनर को भी पूरा सहयोग मिलेगा। मिथुन आज बातचीत और कम्युनिकेशन ही आपकी सबसे बड़ी ताकत रहेगी। अपनी बातों से आप लोगों का दिल जीत लेंगे। इंटरव्यू, मीटिंग या डील के लिए दिन अच्छा है। दोस्त या भाई-बहनों से आपको पूरा सपोर्ट मिलेगा। मन इधर-उधर भाग सकता है। ऐसे में आप दिन में ध्यान जरूर करें। कर्क आज आप इमोशनल तौर पर थोड़ा सेसेंटिव रह सकते हैं। प्रोफेशनल लाइफ में बदलाव के संकेत मिल सकते हैं। आपका खर्चा बढ़ सकता है, इसलिए फिजूलखर्ची से बचें। परिवार में बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। सेहत का ध्यान रखें। ज्यादा ऑयली और फैटी चीजें ना खाएं। सिंह आज आपके मान-सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। अब आपकी लीडरशिप क्वालिटी निखरेगी। नौकरीपेशा लोगों को तरक्की के संकेत मिल सकते हैं। ऐसे में नए मौके लेने से ना कतराएं। परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। ईगो से बचें नहीं तो रिश्तों में दूरी आ सकती है। खाना देर रात ना खाएं। साथ ही देर रात स्नैक्स वगैरह भी अवॉइड करें। कन्या आज आपके ऊपर काम का दबाव ज्यादा रह सकता है, लेकिन आप अपनी सूझबूझ से चीजों को संभाल लेंगे। सेहत को नजरअंदाज ना करें। हेक्टिक शेड्यूल के बीच आराम भी जरूरी है। पैसों के लेन-देन में सावधानी रखें। किसी पुराने दोस्त से मुलाकात हो सकती है और ऐसे में पुरानी यादें ताजा होंगी। तुला आज आपके रिश्तों के लिए दिन अच्छा है। लव लाइफ अच्छी जाएगी। पार्टनर के साथ प्यार भरे लम्हें बिताने का मौका मिलेगा। साझेदारी के काम में लाभ हो सकता है। कला, फैशन या क्रिएटिव फील्ड से जुड़े लोगों को सफलता मिलेगी। आज आपका मन खुश रहेगा। बस शाम में थोड़ी देर तनाव रह सकता है। ऐसे में भरोसेमंद दोस्त से बात करें। वृश्चिक आज आपको धैर्य और समझदारी से काम लेने की जरूरत है। किसी से फालतू में बहस करने से बचें। नौकरी में बदलाव के योग बन रहे हैं। जल्द ही नया मौका मिल सकता है। कुछ लोग आपका बुरा सोच सकते हैं। ऐसे में सतर्क रहें। ध्यान और मेडिटेशन करें। खाने में प्रोटीन जरूर एड करें। धनु आज भाग्य आपका पूरा साथ देगा। नई योजना शुरू करने के लिए दिन फेवर में है। कहीं पर ट्रैवल के योग बन सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए समय अच्छा है। धार्मिक या आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। दिन में अपने लिए समय जरूर निकालें। कुछ देर मेडिटेशन जरूर करें। जंक फूड से दूर रहें। मकर आज आपको अपनी मेहनत का पूरा फल मिलने वाला है। करियर में ग्रोथ के संकेत हैं। सीनियर्स का अब पूरा-पूरा सपोर्ट मिलने वाला है और आगे चलकर नए मौके भी मिलेंगे। पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं, लेकिन आप उन्हें अच्छी तरह निभाएंगे। अपनी सेहत का ध्यान रखें। पानी पर्याप्त मात्रा में पीते रहिए। कुंभ आज आपके दिमाग में नए विचार और योजनाएं आएंगी। दोस्तों के साथ समय अच्छा बीतेगा। आज आप सामाजिक कार्यों में भाग ले सकते हैं। साथ ही आज धन लाभ के भी योग हैं। आज बस ध्यान रखें कि आपको इन्वेस्टमेंट बहुत ही सोच-समझकर करना है। परिवार के साथ अच्छा समय बीतेगा। मीन आज आपका मन शांत रहने वाला है। आप पॉजिटिव सोचेंगे। क्रिएटिव काम में सफलता मिलने के योग है। लव लाइफ में इमोशनल तौर पर चीजें और मजबूत होंगी। आज आपकी सेहत ठीक रहेगी। किसी जरूरतमंद की मदद करने से अच्छा महसूस होगा। खानपान ठीक रखें।

ऑस्ट्रेलिया में आतंक के खिलाफ बड़ा कदम, PM अल्बनीज़ ला सकते हैं नया सख्त कानून

कैनबरा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने दिसंबर में हुए बोंडी आतंकी हमले के बाद बड़ा फैसला लेते हुए संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की है। सरकार हेट स्पीच, चरमपंथ और हथियारों पर सख्त कानून लाने जा रही है। संसद के दोनों सदन 19 और 20 जनवरी को बैठेंगे, जबकि पहले संसद का सत्र 2 फरवरी को शुरू होना था। प्रधानमंत्री अल्बनीज़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “बोंडी बीच के आतंकियों के दिमाग में नफरत थी और उनके हाथों में बंदूकें थीं। यह कानून दोनों से निपटेगा, और हमें दोनों से निपटना ही होगा।” सरकार द्वारा पेश किया जाने वाला “कॉम्बैटिंग एंटीसेमिटिज़्म, हेट एंड एक्सट्रीमिज़्म बिल” व्यापक सुधारों का पैकेज है। इसमें नफरत से जुड़े अपराधों पर सख्त सज़ा, युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने वाले हेट प्रीचर्स के खिलाफ नए गंभीर अपराध, और डराने-धमकाने व उकसावे पर कठोर कार्रवाई का प्रावधान शामिल है। साथ ही प्रतिबंधित प्रतीकों पर रोक को और मजबूत किया जाएगा। अगर यह बिल पास हो जाता है, तो गृह मंत्री को नफरत फैलाने वालों का वीज़ा रद्द करने या अस्वीकार करने का अधिक अधिकार मिलेगा। इसके अलावा सरकार संगठनों को “प्रतिबंधित हेट ग्रुप” घोषित कर सकेगी। सरकार इस विधेयक पर बहस से पहले बोंडी आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए संसद में शोक प्रस्ताव भी लाएगी। नए कानून के तहत नेशनल गन्स बायबैक स्कीम भी शुरू की जाएगी, जिसका मकसद ऑस्ट्रेलियाई सड़कों से अवैध हथियारों को हटाना है। प्रधानमंत्री ने कहा, “हम चाहते हैं कि ऑस्ट्रेलिया ऐसा देश बना रहे जहां हर व्यक्ति को अपनी पहचान पर गर्व करने का अधिकार हो। लेकिन नफरत, हिंसा और समाज को बांटने वाला व्यवहार गैरकानूनी होगा।”गौरतलब है कि 8 जनवरी को ही प्रधानमंत्री अल्बनीज़ ने बोंडी हमले के बाद देश में यहूदी विरोध और सामाजिक सौहार्द से जुड़े मुद्दों की जांच के लिए रॉयल कमीशन गठित करने की घोषणा की थी। यह ऑस्ट्रेलिया में जांच का सर्वोच्च स्तर है, जिसकी अध्यक्षता पूर्व हाईकोर्ट जज वर्जीनिया बेल करेंगी। आयोग की रिपोर्ट दिसंबर के मध्य तक आने की उम्मीद है।

वैष्णो देवी यात्रियों के लिए शुभ समाचार, जानिए कब दर्शन के लिए खुलेगी पुरानी गुफा

कटड़ा वैष्णो देवी भवन पर पुरानी गुफा के कपाट मकर संक्रांति के उपलक्ष पर बुधवार को विधीबद पूजा अर्चना के साथ खोले जाएंगे। हालांकि श्रद्धालुओं को उस समय ही पुरानी गुफा से दर्शन को मौका मिलेगा ,जब भवन में श्रद्धलुओं की कतारों में गिरावट होगी। 14 जनवरी बुधवार  विद्वानों द्वारा मंत्र उच्चारण के बाद पुरानी गुफा के कपाट खोल दिए जाएंगे। जिस दौरान श्राइन बोर्ड के आला अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

ट्रेड डील को लेकर भारत-अमेरिका वार्ता तेज, अमेरिकी राजदूत ने दी बैठक की जानकारी

नई दिल्ली भारत और अमेरिका लगातार ट्रेड डील पर बातचीत कर रहे हैं और अगली बैठक मंगलवार को प्रस्तावित है। यह बयान नई दिल्ली में हाल ही में नियुक्त हुए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की ओर से सोमवार को दिया गया। अमेरिकी दूतावास में कार्यभार संभालने के दौरान स्टाफ और पत्रकारों से बातचीत करते हुए गोर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए शुभकामनाएं भेजी हैं। गोर ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच दोस्ती असली है और भारत एवं अमेरिका का रिश्ता केवल आपसी हितों पर केंद्रित नहीं है, बल्कि बल्कि उच्चतम स्तर पर बने रिश्तों से भी बंधे हुए हैं।" उन्होंने आगे कहा,"सच्चे मित्र कई मुद्दों पर असहमत हो सकते हैं, लेकिन आखिर में आपसी मतभेद को सुलझा ही लेते हैं।" गोर के मुताबिक, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार काफी महत्वपूर्ण है और इसके अलावा दोनों देश सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ, एनर्जी, टेक्नोलॉजी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे। उन्होंने आगे बताया कि टैरिफ और बाजार पहुंच को लेकर मतभेद होने के बावजूद दोनों देश आपस में संपर्क बनाए रखे हुए हैं। गोर ने यह भी घोषणा की कि अगले महीने भारत को 'पैक्ससिलिका' में पूरे सदस्य के तौर पर शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है। उन्होंने बताया कि 'पैक्ससिलिका' एक नई पहल है जिसे अमेरिका ने पिछले महीने ही शुरू किया है। इसका मकसद जरूरी मिनरल्स और एनर्जी इनपुट से लेकर एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, एआई डेवलपमेंट और लॉजिस्टिक्स तक एक सुरक्षित, खुशहाल और इनोवेशन पर आधारित आपूर्ति श्रृंखला विकसित करना है। उन्होंने आगे कहा, "पिछले महीने इस ग्रुप में शामिल होने वाले देशों में जापान, दक्षिण कोरिया, यूनाइटेड किंगडम और इजराइल शामिल हैं। भारत के शामिल होने से यह ग्रुप और मजबूत होगा।" गोर के बयान से अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक की टिप्पणियों से पैदा हुआ ज्यादातर कन्फ्यूजन दूर हो गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत-अमेरिका व्यापार बातचीत इसलिए रुक गई है क्योंकि पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को फोन नहीं किया। विदेश मंत्रालय ने लटनिक के बयान को खारिज करते हुए कहा, "रिपोर्ट में बताई गई बातों में इन चर्चाओं का जो जिक्र किया गया है, वह सही नहीं है।" विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "भारत दो कॉम्प्लिमेंट्री इकोनॉमी के बीच आपसी फायदे वाले ट्रेड डील में दिलचस्पी रखता है और इसे पूरा करने की उम्मीद करता है।"

2026 की लोक अदालत का टाइमटेबिल – जानिए तारीखें, स्थान और शेड्यूल

नई दिल्ली दिल्ली में रहने वाले लाखों लोग हर साल लोक अदालत का इंतजार करते हैं ताकि अपने पुराने ट्रैफिक चालान कम रकम में निपटा सकें या माफ करवा सकें। 10 जनवरी 2026 को दिल्ली के लिए लोक अदालत का आयोजन किया गया था, लेकिन अगर आप किसी वजह से इस मौके का फायदा नहीं उठा पाए, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। अब 2026 में दिल्ली में लगने वाली अगली लोक अदालत की तारीखें सामने आ चुकी हैं। दरअसल, दिसंबर 2025 में होने वाली लोक अदालत को आगे बढ़ाकर 10 जनवरी 2026 कर दिया गया था और यह आयोजन केवल दिल्ली के लोगों के लिए था। इसके बाद से लोग अगली लोक अदालत की तारीख जानने का इंतजार कर रहे थे। 2026 में दिल्ली में कब-कब लगेगी लोक अदालत पहली लोक अदालत: 14 मार्च 2026 दूसरी लोक अदालत: 9 मई 2026 तीसरी लोक अदालत: 12 सितंबर 2026 चौथी लोक अदालत: 12 दिसंबर 2026 लोक अदालत क्या होती है और इसमें क्या फायदे मिलते हैं लोक अदालत एक वैकल्पिक न्याय व्यवस्था है, जहां पुराने और छोटे मामलों का निपटारा आपसी सहमति से किया जाता है। ट्रैफिक चालानों के मामले में लोक अदालत लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आती है। यहां पुराने पेंडिंग चालान कम राशि में निपटाए जा सकते हैं और कई मामलों में चालान पूरी तरह माफ भी हो जाते हैं। हालांकि, हर तरह के चालान लोक अदालत में नहीं निपटाए जाते। दुर्घटना से जुड़े मामले, गंभीर अपराध या क्रिमिनल केस की सुनवाई लोक अदालत में नहीं होती। आमतौर पर छोटे ट्रैफिक उल्लंघन जैसे रेड लाइट जंप करना, हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट न लगाना या जेब्रा लाइन पर गाड़ी खड़ी करने जैसे मामलों का निपटारा यहां किया जाता है। लोक अदालत में जाने के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी होते हैं बहुत से लोगों को यह जानकारी नहीं होती कि लोक अदालत वाले दिन कौन-कौन से कागजात साथ ले जाने जरूरी होते हैं। अगर आपने लोक अदालत के लिए पहले से टोकन या अप्वाइंटमेंट ले रखी है, तो आपको केवल उसी टोकन या अप्वाइंटमेंट स्लिप का प्रिंट आउट साथ रखना होता है। इस स्लिप में चालान से जुड़ी पूरी जानकारी होती है, जैसे चालान कब और कहां कटा, मोटर व्हीकल एक्ट की कौन सी धारा लगी है और आपको किस कोर्ट रूम में कितने बजे पहुंचना है। इसी स्लिप के नीचे बारकोड के साथ तीन छोटी स्लिप भी होती हैं। चालान भरने के बाद इनमें से एक स्लिप आपको लोक अदालत की तरफ से दी जाती है, जो भुगतान का प्रमाण होती है। लोक अदालत क्यों है आम लोगों के लिए फायदेमंद लोक अदालत न सिर्फ समय बचाती है, बल्कि कोर्ट की लंबी प्रक्रिया और ज्यादा जुर्माने से भी राहत दिलाती है। जिन लोगों के चालान लंबे समय से पेंडिंग हैं, उनके लिए यह एक आसान और किफायती रास्ता साबित होता है। 2026 में तय तारीखों पर आयोजित होने वाली लोक अदालतें दिल्ली वालों के लिए एक बार फिर बड़ा मौका लेकर आ रही हैं।

बारां का लहसुन बनेगा वैश्विक ब्रांड, जीआई टैग से बढ़ेगी पहचान और दाम

बारां राजस्थान के कृषि मानचित्र पर अपनी खास पहचान रखने वाला बारां जिले का लहसुन अब जल्द ही वैश्विक स्तर पर पहचान हासिल करने की ओर बढ़ रहा है। जिले के लहसुन को जियोग्राफिकल इंडिकेशन (GI) टैग दिलाने के लिए कृषि उपज मंडी समिति बारां ने औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत लहसुन की भौगोलिक संकेत रजिस्ट्री के लिए प्रस्ताव तैयार कर बौद्धिक संपदा कार्यालय, चेन्नई भेजा गया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि यह प्रस्ताव शीघ्र स्वीकृत होगा और बारां के लहसुन को जीआई टैग मिल जाएगा। कृषि उपज मंडी समिति ने करीब एक माह पूर्व इस दिशा में पहल की थी। प्रस्ताव कृषि महाविद्यालय बारां, कृषि विश्वविद्यालय कोटा और राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड जयपुर के सहयोग से तैयार किया गया है। इसे ‘आवेदक समूह उत्पादकों’ के नाम से प्रस्तुत किया गया है, जो कृषि उत्पाद बाजार समिति बारां के नाम से पंजीकृत होगा। जीआई टैग मिलने से जिले के लहसुन को कानूनी संरक्षण मिलेगा और उसकी विशिष्ट पहचान सुरक्षित रहेगी। लहसुन उत्पादन में प्रदेश में अग्रणी बारां दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र में स्थित बारां जिला लहसुन उत्पादन के मामले में प्रदेश में अग्रणी है। औषधीय श्रेणी की इस फसल में बारां क्षेत्रफल, उत्पादन और उत्पादकता—तीनों ही दृष्टियों से राजस्थान में प्रथम स्थान रखता है। आंकड़ों के अनुसार, राज्य में औसतन 89,805 हेक्टेयर क्षेत्र में लहसुन की बुवाई होती है, जिसकी औसत उत्पादकता 5,916 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर है। वहीं बारां जिले में औसतन 30,714 हेक्टेयर क्षेत्र में लहसुन की खेती होती है और उत्पादकता 6,133 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर तक पहुंचती है। पिछले तीन-चार वर्षों से जिले में औसतन 16 लाख क्विंटल लहसुन मंडियों में पहुंच रहा है। क्यों खास है बारां का लहसुन बारां के लहसुन की अलग पहचान का सबसे बड़ा कारण यहां की काली मिट्टी है, जिसमें पोटाश तत्व की मात्रा अधिक पाई जाती है। पोटाश लहसुन की गुणवत्ता, स्वाद और सुगंध को बेहतर बनाता है। लहसुन की कली में पाए जाने वाले ‘डाई एमिल डाई सल्फाइड’ नामक ऑर्गेनो सल्फर यौगिक के कारण इसकी तेज गंध और औषधीय गुण लंबे समय तक बने रहते हैं। कम तापमान और अनुकूल जलवायु भी इसकी गुणवत्ता को और बढ़ाती है। जीआई टैग से क्या होगा फायदा जीआई टैग किसी उत्पाद को उसकी भौगोलिक पहचान से जोड़ता है और यह प्रमाणित करता है कि उसकी गुणवत्ता और विशेषताएं उसी क्षेत्र से जुड़ी हैं। इससे नकली या मिलावटी उत्पादों पर रोक लगेगी, किसानों को बेहतर दाम मिलेंगे और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बारां के लहसुन को नई पहचान मिलेगी। अधिकारियों का मानना है कि जीआई टैग मिलने के बाद न केवल किसानों की आय बढ़ेगी, बल्कि जिले के कृषि और विपणन क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी।  

चीन का दो टूक संदेश: ईरान के दमन पर साथ, अमेरिका को ग्रीनलैंड मुद्दे पर खुली चुनौती

ईरान ईरान में जारी जनविरोध और अशांति के बीच चीन ने स्पष्ट रूप से तेहरान सरकार का समर्थन करते हुए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को कड़ा संदेश दिया है। चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह “आशा करता है कि ईरान अपनी मौजूदा कठिनाइयों से उबर जाएगा” और देश में “स्थिरता” बनी रहेगी। बीजिंग ने इस बयान के साथ ही यह भी दोहराया कि वह किसी भी देश के आंतरिक मामलों में बाहरी हस्तक्षेप का विरोध करता है। चीन का यह रुख ऐसे समय आया है जब ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर सख्ती, गिरफ्तारियां और कथित मानवाधिकार उल्लंघन को लेकर पश्चिमी देश चिंता जता रहे हैं।यही नहीं, चीन ने ग्रीनलैंड और आर्कटिक क्षेत्र को लेकर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव पर भी अमेरिका को कड़ा संदेश दिया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, चीन का यह बयान केवल ईरान के समर्थन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वैश्विक राजनीति में एक व्यापक संदेश है कि सत्तावादी सरकारों द्वारा की जाने वाली कार्रवाई को ‘घरेलू मामला’ मानते हुए उस पर सवाल नहीं उठाए जाने चाहिए। चीन का यह रुख अमेरिका और यूरोपीय देशों के लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवाधिकार आधारित हस्तक्षेप की सोच से टकराता हुआ नजर आता है। इससे साफ है कि ईरान संकट केवल एक देश का आंतरिक मुद्दा नहीं, बल्कि वैश्विक शक्ति संतुलन और वैचारिक टकराव का नया मोर्चा बनता जा रहा है। ईरान में दमन को चीन ने खुला समर्थन देकर पूरी दुनिया को सख्त संदेश दिया है “अपने काम से काम रखो।”  हालांकि, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठोनों और पश्चिमी देशों का कहना है कि ईरान में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर हिंसा, गिरफ्तारियां और सख्त कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। ऐसे में चीन का यह रुख साफ तौर पर दमनकारी नीतियों के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। ग्रीनलैंड और आर्कटिक क्षेत्र को लेकर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव पर चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिका को अपने “स्वार्थी हितों” के लिए दूसरे देशों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। चीन ने स्पष्ट किया कि आर्कटिक में उसकी गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय कानून के पूरी तरह अनुरूप हैं और किसी भी देश की संप्रभुता के खिलाफ नहीं हैं। बीजिंग के अनुसार, आर्कटिक क्षेत्र में सभी देशों के स्वतंत्र और शांतिपूर्ण गतिविधियों के अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए।चीनी विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि अमेरिका बार-बार दूसरे देशों और क्षेत्रों को बहाना बनाकर अपने रणनीतिक और सैन्य हित साधना चाहता है। ग्रीनलैंड को लेकर हाल के अमेरिकी बयानों और गतिविधियों ने आर्कटिक को एक बार फिर वैश्विक शक्ति संघर्ष का केंद्र बना दिया है।विशेषज्ञों का मानना है कि आर्कटिक में प्राकृतिक संसाधनों, नए समुद्री मार्गों और रणनीतिक बढ़त को लेकर अमेरिका और चीन आमने-सामने आ रहे हैं। चीन का यह बयान साफ संकेत है कि बीजिंग अब आर्कटिक में अमेरिकी दबदबे को खुली चुनौती देने के मूड में है।  

CM योगी का सख्त संदेश: अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं, भूमाफियाओं पर चलेगा कानून का डंडा

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जनपदों से आए प्रत्येक प्रार्थी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। आमजनों के प्रार्थना पत्र लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया और कहा कि अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं है। भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी है और नियमित रूप से होती रहेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित व संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार आपकी समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के समक्ष कुछ वादी जमीन कब्जा व मारपीट आदि की शिकायत लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हर एक व्यक्ति के पास पहुंचकर उसकी शिकायत सुनी, प्रार्थना पत्र लिया और फिर अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद स्तर पर कानून व राजस्व के प्रकरण में तेजी से सुनवाई करते हुए इसका निस्तारण किया जाए। कानून व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता में है। इसमें हीला-हवाली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रशासन और जनपद, मंडल, रेंज व जोन के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि दबंगों व भूमाफिया के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई नियमित रूप से जारी रखें। गंभीर बीमारी से जूझ रहे कुछ पीड़ितों ने ‘जनता दर्शन’ में पहुंचकर इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। सीएम ने कहा कि सरकार इलाज के लिए आर्थिक सहायता दे रही है। आप भी हॉस्पिटल से जल्द एस्टिमेट बनवाकर दें, एस्टिमेट मिलते ही आपके इलाज में सरकार तुरंत आर्थिक मदद करेगी। धन के अभाव में इलाज नहीं रुकेगा। ‘जनता दर्शन’ में कई बच्चे भी अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे। नन्हे-मुन्ने बच्चों के सामने सीएम योगी का बालप्रेम फिर उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री ने बच्चों का हाल जाना, उन्हें दुलारा-पुचकारा और चॉकलेट दी। सीएम ने अभिभावकों से कहा कि ठंड में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यह अपनत्वपूर्ण भाव सुनकर अभिभावकों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

लुधियाना में एनकाउंटर: पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रोहित गोदारा गैंग के 2 बदमाश ढेर होने से बचे

लुधियाना लुधियाना में पुलिस व गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, औद्योगिक नगरी में पुलिस कमिश्नरेट की टीम  और लॉरेंस बिश्नोई के खासमखास रोहित गोदारा गैंग के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। इस क्रॉस-फायरिंग में पुलिस की गोलियों का शिकार होकर गैंग के 2 खतरनाक गुर्गे घायल हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को इन गैंगस्टरों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। जैसे ही पुलिस ने इन्हें घेरने की कोशिश की, गैंगस्टरों ने पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों बदमाशों को दबोच लिया है। मौके से 2 अवैध पिस्तौल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और घायल गैंगस्टरों को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस इस मामले में अब आगे की जांच कर रही है कि इनके तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

यमुना में क्रूज सेवा का रास्ता साफ, फरवरी से संचालन की तैयारी: कपिल मिश्रा

नवी मुंबई राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले महीने से यमुना क्रूज शुरू होने वाला है। यमुना क्रूज को लेकर सभी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी हैं और फरवरी महीने से दिल्लीवासी इसका आनंद उठा सकेंगे। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने यह जानकारी दी। मंत्री कपिल मिश्रा ने सोमवार को यमुना क्रूज के लिए निर्माणाधीन नाव का निरीक्षण किया। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि गोवा की तर्ज पर मनोरंजनात्मक नौका यात्रा और फेरी सेवाएं अगले महीने से शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि अस्थायी रूप से "यमुना रिवर संतोष क्रूज" नाम की यमुना नौका पर्यटन और फेरी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का उद्घाटन अगले महीने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा किए जाने की संभावना है। उत्तर पूर्वी दिल्ली में सोनिया विहार और जगतपुर के बीच वजीराबाद बैराज के ऊपरी हिस्से में स्थित यह परियोजना दिल्लीवासियों को एक नया ग्रीन टूरिज्म अनुभव प्रदान करने और पर्यावरण के अनुकूल नदी यात्रा के माध्यम से कनेक्टिविटी बढ़ाने की उम्मीद है। कपिल मिश्रा ने आईएएनएस को बताया कि क्रूज बोट 20 जनवरी को मुंबई से रवाना होगी और 3 से 4 दिनों में दिल्ली पहुंचेगी। इसका इंजन दिल्ली में लगाया जाएगा और फरवरी में मुख्यमंत्री इसका शुभारंभ करेंगी। इसके साथ ही अन्य वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज भी शुरू होने वाली हैं। मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार किफायती दामों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का शानदार अनुभव और मनोरंजन गतिविधियां उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। अंतर्देशीय जल परिवहन और कम दूरी के शहरी पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय सोनिया विहार और जगतपुर के बीच 6-7 किलोमीटर के राउंड-ट्रिप कॉरिडोर पर 20 करोड़ रुपए की लागत से सुविधाएं विकसित करने में दिल्ली सरकार की मदद कर रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कपिल मिश्रा ने 21 जून को सोनिया विहार में यमुना के किनारे स्थित वाटर स्पोर्ट्स क्लब में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग किया और क्रूज सर्विस शुरू करने की योजना की घोषणा की। मुख्यमंत्री गुप्ता ने 'यमुना के साथ योग' विषय पर योग किया और नदी को साफ रखने के अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है कि नालियों का अनुपचारित पानी नदी में न जाए और यमुना में बहने वाली हर बूंद स्वच्छ हो। उन्होंने कहा कि ‘योगा विद यमुना’ पहल के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि यमुना को साफ किया जा रहा है और जल्द ही नाव पर योग सत्रों के साथ-साथ क्रूज सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर इसी तरह की क्रूज सुविधा है, जिसमें दोपहर का भोजन या रात का खाना शामिल है। इसकी कीमत 1,000 रुपए से 2,000 रुपए के बीच हो सकती है।