samacharsecretary.com

80 लाख की प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ 6 गिरफ्तार

पटना. मालसलामी थाना पुलिस ने प्रतिबंधित कोडीन सिरप के चल रहे अवैध धंधे से जुड़े एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए लगभग अस्सी लाख रुपये के सिरप जब्त करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया। छोटी नगला और दीदारगंज चेकपोस्ट के समीप की गई छापेमारी में जब्त छह वाहनों में से तीन पर डाक पार्सल लिखा था। एक टाटा 407 वाहन पर लदे तेज पत्ता के बीच से भी कफ सिरप बरामद किया गया। इन सभी वाहनों से 289 कार्टन में रखे 4485 लीटर सिरप पुलिस ने जब्त किया।  कटिहार, पटना और पटना सिटी में होनी थी सप्लाई  डीएसपी द्वितीय डॉ. गौरव कुमार ने शुक्रवार को बताया कि हिमाचल प्रदेश से मंगाई गई प्रतिबंधित कफ सिरप की बडी खेप कटिहार, पटना और पटना सिटी क्षेत्र में सप्लाई देने की तैयारी थी। पकड़े गए छह बदमाशों में मुख्य सरगना पटना के कदमकुआं थाना अन्तर्गत काजीपुर नया टोला निवासी 34 वर्षीय सूर्यप्रकाश उर्फ गन्नी भी शामिल है।  इसने पटना में सप्लाई देने के लिए एक सौ कार्टन कफ सिरप मंगाया था। गिरफ्तार तस्करों में वैशाली का दो, कटिहार का दो, सहरसा का एक बदमाश है। इस संबंध में डीएसपी द्वितीय डा. गौरव कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एवं नगर पुलिस अधीक्षक पटना पूर्वी की निगरानी में गठित की गयी मालसलामी थाना की पुलिस ने पूरे नेटवर्क का बेनकाब किया है।  गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाश वैशाली के मुकेश कुमार का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड है। उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात करीब साढ़े आठ बजे छोटी नगला में छापेमारी कर वाहनों के साथ मुकेश और गुड्डू को गिरफ्तार किया गया।  पूछताछ में उन्होंने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी दी। दूसरी छापेमारी दीदारगंज चेकपोस्ट के समीप की गयी। वहां से अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी वाहन व कफ सीरप के साथ हुई। इनकी हुई गिरफ्तारी पटना के कदमकुआं थाना अन्तर्गत काजीपुर नया टोला निवासी स्व. प्रकाश प्रसाद सिंह का पुत्र 34 वर्षीय सूर्यप्रकाश उर्फ गन्नी, वैशाली के राघोपुर स्थित मोहनपुर थाना निवास सीताराम राय का 35 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार, इसी जगह निवासी जगदेव राय का 27 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार शामिल है। इसके अलावा कटिहार के रोहतारा स्थित चूरबी घाट थाना निवासी अब्दुल बारी का 26 वर्षीय पुत्र मोहम्मद रहीम, इसी थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद जलालुद्दीन का 24 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सगीर, सहरसा के कहरा स्थित भटहारा थाना क्षेत्र निवासी फूलेश्वर प्रसाद यादव का 29 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार शामिल है। बंगाल से जुड़ा हो सकता है नेटवर्क डीएसपी गौरव कुमार ने बताया कि पूछताछ में कफ सीरप के तस्करों ने कई अहम जानकारी दी है। बंगाल में होने वाले चुनाव को लेकर नशे के इन सौदागरों का नेटवर्क वहां से जुड़ा सकता है। सभी बिंदुओं पर बारीकी से छानबीन करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नारायणपुर अंचल में अमन शांति

रायपुर. दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास पर पहुँचे मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने अबूझमाड़ क्षेत्र में आयोजित पीस हाफ मैराथन के शुभारंभ के साथ-साथ अनेक सामाजिक, खेल और पर्यटन गतिविधियों में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में शांति स्थापना, आजीविका संवर्धन और स्थानीय सहभागिता को बढ़ाने के लिए राज्य शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया, उन्हें प्रोत्साहित किया तथा लोगों से संवाद कर सहभागिता और विश्वास को और मजबूत किया। बाइकर्स को दिखाई हरी झंडी  मुख्यमंत्री साय ने शांत सरोवर के समीप रायपुर के छत्तीसगढ़ राइडिंग क्लब के 40 बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बाइकर्स समूह नारायणपुर के सुदूर पर्यटन स्थल कच्चापाल तक की यात्रा करेगा। इस पहल के माध्यम से अबूझमाड़ को जानने, समझने और शांति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। शांत सरोवर में नौका विहार  बिजली गाँव के समीप स्थित शांत सरोवर में मुख्यमंत्री   विष्णु देव साय ने वन मंत्री   केदार कश्यप, राजस्व मंत्री   टंकराम वर्मा, सांसद बस्तर  महेश कश्यप एवं लघु वनोपज के अध्यक्ष   रूपसाय सलाम के साथ नौका विहार का आनंद लिया। स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह विशेष पहल स्थानीय प्रशासन के द्वारा की गई है।  तीर-धनुष से साधा लक्ष्य  मुख्यमंत्री साय ने बिंजली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तीरंदाजी के स्थानीय युवा खिलाड़ियों से आत्मीय मुलाकात की और स्वयं तीर-धनुष उठाकर लक्ष्य साधते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आदिवासी समाज की पारंपरिक दक्षताओं को आधुनिक प्रशिक्षण से जोड़कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। शांति, आजीविका और खेलों के विकास में प्रशासन द्वारा समन्वित प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों के साथ मिलकर क्षेत्र में शांति स्थापना, आजीविका संवर्धन, खेल प्रतिभाओं को मंच देने और विश्वास का वातावरण बनाने के लिए सतत कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव   राहुल भगत, कमिश्नर   डोमन सिंह, आईजी   सुंदरराज पी, कलेक्टर सु  नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक   रॉबिन्सन गुरिया, सीईओ सु  आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इतिहास रचा सुनेत्रा पवार ने: महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी CM का भव्य राजतिलक

मुंबई  एनसीपी (अजित गुट) की विधायक दल बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए सुनेत्रा पवार को पार्टी का नया विधायक दल नेता चुन लिया गया है. इस फैसले के साथ ही उनके आज ही महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने का रास्ता साफ हो गया है. बैठक से पहले ही संकेत मिल गए थे. पार्टी नेता दिलीप वलसे ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे पार्टी के अन्य नेताओं ने समर्थन दिया. सुनेत्रा पवार राज्यसभा सांसद के रूप में विधान भवन पहुंची थीं, जहां सर्वसम्मति से उन्हें पार्टी का नेता बनाए जाने का फैसला लिया गया. इससे पहले एनसीपी नेताओं ने दिवंगत अजित पवार को श्रद्धांजलि दी. पार्टी नेताओं के मुताबिक यह फैसला संगठन और राज्य की राजनीति के लिए निर्णायक माना जा रहा है. NCP मर्जर की खबरों के बीच इसलिए लिया फैसला राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार को उनके पति एवं दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के तीन दिन बाद शनिवार (31 जनवरी) को महाराष्ट्र में सर्वसम्मति से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक दल की नेता चुना गया। इसके बाद सुनेत्रा पवार को आज (31 जनवरी) राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। इससे पहले NCP विधायक दल की नेता के रूप में सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव वरिष्ठ नेता दिलीप वालसे पाटिल ने किया। जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने इसका समर्थन किया। बारामती में 28 जनवरी को हुई एक विमान दुर्घटना में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली 'महायुति' सरकार में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रहे अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई। बैठक के दौरान सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उनके छोटे बेटे जय भी इस अवसर पर मौजूद थे। विधान भवन परिसर में प्रवेश करते समय कई मंत्री और विधायक भावुक दिखाई दिए। लोक भवन ने पुष्टि की है कि सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण समारोह मुंबई में शाम पांच बजे आयोजित किया गया। सुनेत्रा पवार ने साल 2024 में बारामती से लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्हें अपनी ननद और NCP (SP) की मौजूदा सांसद सुप्रिया सुले से पराजय का सामना करना पड़ा था। इसके बाद सुनेत्रा पवार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुईं। डिप्टी सीएम बनने का फैसला क्यों लिया? कुछ लोग जल्दबाजी में डिप्टी सीएम बनने के पीछे की वजह को लेकर हैरान हैं। पार्टी सूत्रों ने News18 को बताया कि सुनेत्रा पवार शुरुआत में इसके लिए तैयार नहीं थीं। लेकिन पार्टी की भलाई और अजित पवार के विजन को आगे बढ़ाने के लिए NCP वफादारों की राय पर विचार करने के बाद भारी मन से वह सहमत हुईं। देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली 'महायुति' सरकार में उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रहे अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में चार अन्य लोगों के साथ मौत हो गई थी। NCP सूत्रों के अनुसार, डिप्टी CM अजित पवार की मौत के बाद सुनेत्रा को लगा कि पार्टी प्रमुख के तौर पर अपने पति के विजन को आगे बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी है। सूत्रों ने कहा, "जब अजित पवार ने बगावत की, तो वह अकेले थे… सुनेत्रा पवार ने एक पत्नी के तौर पर उस पार्टी की रक्षा करना अपना कर्तव्य समझा, जिसे अजित पवार ने सालों की कड़ी मेहनत से बनाया था। दुख की घड़ी में भी, उन्हें लगा कि अपने पति के काम को आगे बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी है।" अजित पवार ने NCP को दो गुटों में बांट दिया था। एक गुट यानी असली NCP अजित पवार का है। जबकि दूसरा NCP (SP) उनके चाचा शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले के नेतृत्व में है। इसके बाद वह BJP-शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल हो गए। जबकि SP गुट शिवसेना UBT और कांग्रेस के साथ विपक्ष में रहा।  

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी बोले- ‘विकसित भारत @2047 की कुंजी है PRAGATI प्लेटफॉर्म’

चंडीगढ़. हरियाणा के मुख्यमंत्रीनायब सैनी ने भारत सरकार के प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म PRAGATI (प्रो-एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इम्प्लीमेंटेशन) की प्रशंसा करते हुए इसे विकास परियोजनाओं को तेज करने और जन शिकायतों का समाधान करने के लिए एक शक्तिशाली उपकरण बताया। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफॉर्म प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र, राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए प्रमुख योजनाओं की प्रत्यक्ष, वास्तविक समय की निगरानी को सक्षम बनाता है। नायब सिंह सैनी के मुताबिक PRAGATI प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पारदर्शी, जवाबदेह शासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है और विकसित भारत @2047 के दीर्घकालिक राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिससे सार्वजनिक कल्याण पहलों का तेजी से निष्पादन और प्रभावी वितरण सुनिश्चित होता है। हरियाणा में वर्तमान में देखरेख अधीन 112 प्रमुख परियोजनाओं में से 57 पहले ही चालू हैं, जिनमें 94,153 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है, जबकि शेष 55 परियोजनाएं जिनकी कीमत 5.44 लाख करोड़ रुपये है, अभी कार्यान्वयनाधीन हैं। चालू परियोजनाओं में से प्रधानमंत्री के PRAGATI (Pro-Active Governance and Timely Implementation) प्लेटफॉर्म के तहत 13 परियोजनाओं की समीक्षा की गई, जिनकी कीमत 30,463 करोड़ रुपये है। क्षेत्रवार, सड़कें और राजमार्ग 30 पूर्ण परियोजनाओं के साथ शीर्ष पर हैं, इसके बाद तेल और गैस (10), बिजली संचरण और वितरण (9), रेलवे (4), बिजली उत्पादन (3), और एक रियल एस्टेट परियोजना हैं। इन पूर्ण संपत्तियों ने हरियाणा की कनेक्टिविटी, ऊर्जा अवसंरचना और औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को काफी मजबूत किया है। इस बीच, 55 कार्यान्वयनाधीन परियोजनाओं में से 13 उच्च मूल्य वाली परियोजनाएं, जिनमें 2.24 लाख करोड़ रुपये का निवेश शामिल है, PRAGATI के तहत निकट देख रेख में हैं। क्षेत्रीय वितरण कनेक्टिविटी और सार्वजनिक सेवाओं पर निरंतर ध्यान दिलाता है, जिसमें सड़कें और राजमार्ग 22 परियोजनाओं के साथ सबसे आगे हैं, इसके बाद स्वास्थ्य सेवा (9), रेलवे (5), तेल और गैस (5), बिजली संचरण और वितरण (4), आईटी/आईटीईएस (3), और बिजली उत्पादन (3)। इसके अलावा, मेट्रो रेल, उद्योग और वाणिज्य, लॉजिस्टिक्स पार्क विकास, और सीमेंट विनिर्माण में प्रत्येक एक-एक परियोजना चल रही है। चल रही पहलों में से कई एनसीआर क्षेत्र की सबसे बड़ी अवसंरचना परियोजनाओं में शामिल हैं, जिनमें एक्सप्रेसवे, समर्पित माल गलियारे, टेलीकॉम संतृप्ति अभियान, और प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं जो हरियाणा के दीर्घकालिक, विकास-उन्मुख अवसंरचना विकास की दिशा में प्रयासों को दर्शाते हैं।

परिवहन सुविधा की सौगात: नारायणपुर के परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय को मिलेगी बस

रायपुर. नारायणपुर के परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय को बस देने की घोषणा मुख्यमंत्री   विष्णु देव साय आज नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय में अचानक छात्रों के बीच पहुंचे। विद्यालय पहुंचने पर संस्था में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र रंजीत बड्डे सहित विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा स्वागत गीत, हनुमान चालीसा एवं बस्तर अंचल के पारंपरिक गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री   साय ने विद्यालय को एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की। दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री साय  मुख्यमंत्री   साय ने बच्चों से चर्चा करते हुए कहा कि उन्हें मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। विद्यालय में उपलब्ध सुविधाएं अच्छी हैं, उनका पूरा लाभ लेकर सभी अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। उन्होंने बच्चों को आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया और कहा कि किसी भी प्रकार की शारीरिक कमी से निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों पर ईश्वर का विशेष आशीर्वाद होता है। बच्चों ने जब उनसे पूछा गया कि उन्हें विद्यालय आकर कैसा लगा, तो मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। एक बच्ची के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने बताया कि बचपन में उन्हें पिट्ठू, फुटबॉल जैसे खेल खेलना बहुत पसंद था।   मुख्यमंत्री ने संस्था के सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर आशीर्वाद दिया। दिव्यांग बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मुख्यमंत्री   साय सहित राजस्व मंत्री   टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद   महेश कश्यप, अन्य जनप्रतिनिधियों, मुख्यमंत्री सचिव   राहुल भगत, कमिश्नर   डोमन सिंह एवं आईजी   सुंदरराज पी. ने सराहना की। उल्लेखनीय है कि परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय का शुभारंभ 11 सितंबर 2023 को किया गया था। इसका संचालन जिला खनिज न्यास निधि से किया जा रहा है। विद्यालय का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समावेशी शिक्षा प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, जिससे उनका आत्मविश्वास सुदृढ़ हो और वे समाज में अपनी भूमिका प्रभावी रूप से निभा सकें। यह विद्यालय सामान्य और दिव्यांग बच्चों के बीच एक सेतु के रूप में कार्य कर रहा है। वर्तमान में विद्यालय में कुल 60 बच्चे अध्ययनरत हैं। विद्यालय में आडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा संगीत शिक्षा, खेलकूद, योग एवं व्यायाम, तथा कंप्यूटर शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध हैं। 

प्राइमरी और मास्टर कैडर के अध्यापक लेंगे 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम

चंडीगढ़. जहां एक तरफ विभाग के हजारों कर्मचारी अपनी प्रमोशन का इंतजार करते हुए रिटायर हो रहे हैं और विभाग कभी टेट तो कभी कोर्ट केस का बहाना लगाकर उन्हें तरक्की से दूर रख रहा है, वहीं अब शिक्षा विभाग ने एक तुगलकी फरमान जारी किया है। विभाग ने 2 फरवरी से शुरू होने वाली 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए प्राइमरी और मास्टर कैडर के कर्मचारियों को 12वीं कक्षा के प्रैक्टिकल एग्जामिनर के तौर पर ड्यूटी लगाकर 'तरक्की' दी है। हैरानी की बात यह है कि इनमें से बहुत से अध्यापकों के पास प्रैक्टिकल विषय में मास्टर डिग्री भी नहीं है। इसके ऊपर से उनकी ड्यूटी भी 50-60 किलोमीटर दूर लगाकर उन्हें परेशानी में डाल दिया गया है। ऐसा लग रहा है कि यह परीक्षा विद्यार्थियों को परखने की जगह प्राइमरी और मास्टर कैडर को परखने के लिए है। परीक्षा का डर विद्यार्थियों से ज्यादा अध्यापकों को लग रहा है। गवर्नमैंट स्कूल लेक्चरर यूनियन, पंजाब ने इस मुद्दे का गंभीर नोटिस लेते हुए सरकार के इस फैसले का विरोध किया है। यूनियन ने विभाग से मांग की है कि इन ड्यूटियों में सुधार किया जाए और दूर-दराज लगाई गई ड्यूटियों को ब्लॉक के अंदर ही एडजस्ट किया जाए। 

महिला एकल फाइनल में सरप्राइज! रिबाकिना ने सबालेंका को दी मात, ऑस्ट्रेलियन ओपन ट्रॉफी अपने नाम

मेलबर्न  कजाकिस्तान की टेनिस खिलाड़ी एलिना रयबाकिना ने ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीत लिया है।महिला एकल वर्ग के फाइनल में उन्होंने बेलारूस की एरिना सबालेंका को 3 सेट तक चले मुकाबले में हरा दिया। रयबाकिना ने खिताबी मुकाबला 6-4, 4-6 और 6-4 से अपने नाम किया। इस खिलाड़ी ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीता है। फाइनल में शिकस्त झेलने वाली सबालेंका दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी हैं और वह दो बार (2023, 2024) यह खिताब जीत चुकी हैं। कजाकिस्तान की एलेना रिबाकिना ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में महिला सिंगल्स का खिताब जीत लिया. शनिवार (31 जनवरी) को मेलबर्न के रॉड लेवर एरिना में खेले गए फाइनल में पांचवीं वरीयता हासिल रिबाकिना ने वर्ल्ड नंबर-1 आर्यना सबालेंका को 6-4, 4-6, 6-4 से हराया. रिबाकिना को खिताबी मुकाबला जीतने में 2 घंटा और 18 मिनट लगे. खिताबी मुकाबले में एलेना रिबाकिना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला सेट जीत लिया था. फिर सबालेंका ने वापसी की और दूसरा सेट जीत स्कोर 1-1 किया. आखिरी सेट में एक समय सबालेंका 3-0 से आगे थीं, लेकिन फिर उनका मोमेंटम टूटता चला गया और रिबाकिना ने सेट के साथ-साथ मैच पर कब्जा जमाया. एलेना रिबाकिना पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन चैम्पियन बनी हैं. इससे पहले  रिबाकिना ने 2023 में यहां पर फाइनल में जगह बनाई थी. तब उन्हें सबालेंका ने ही हरा दिया था. बता दें कि रिबाकिना ने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब 2022 में जीता था. तब वो विम्बलडन चैम्पियनशिप में महिला सिंगल्स चैम्पियन बनी थीं. अब रिबाकिना दूसरी बार ग्रैंड स्लैम जीतने में कामयाब रहीं. उधर आर्यना सबालेंका के पास तीसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने का मौका था, लेकिन वो इस बार कामयाब नहीं हो पाईं. बता दें कि उन्होंने 2023 और 2024 में यहां पर खिताब जीता था. सबालेंका कुल मिलाकर चार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी हैं.  इसमें दो यूएस ओपन (2024, 2025) टाइटल भी शामिल हैं. 27 साल की आर्यना सबालेंका ने सेमीफाइनल में यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को 6-2, 6-3 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी. वहीं 26 वर्षीय एलेना रिबाकिना ने सेमीफाइनल में यूएसए (संयुक्त राज्य अमेरिका) की जेसिका पेगुला को 6-3, 7-6 (7) से हराया था. जोकोविच-अल्कारेज के बीच  मेन्स सिंगल्स फाइनल उधर ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के मेन्स सिंगल्स फाइनल में 1 फरवरी (रविवार) को वर्ल्ड नंबर-1 कार्लोस अल्कारेज का सामना सर्बियाई दिग्गज नोवाक जोकोविच से होगा. स्पेनिश खिलाड़ी अल्कारेज ने पहले सेमीफाइनल में तीसरी सीड जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-4, 7-6, 6-7 (3), 6-7 (4), 7-5 से हराया था. वहीं चौथी वरीयता प्राप्त जोकोविच ने दूसरे सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-2 इटली के जैनिक सिनर को 3-6, 6-3, 4-6, 6-4, 6-4 से परास्त किया. रयबाकिना के सफर पर एक नजर  रयबाकिना ने अपना सेमीफाइनल मुकाबला जेसिका पेगुला के खिलाफ 6-3, 7-6 से जीता था।     क्वार्टर फाइनल में उनको इगा स्वियातेक के खिलाफ 7-5, 6-1 से शानदार जीत मिली थी।     चौथे राउंड में उन्होंने जर्मनी की एलिस मर्टेंस को आसानी से 6-1, 6-3 से हरा दिया था।     तीसरे राउंड का मुकाबला भी रयबाकिना ने आराम से 6-2, 6-3 से अपने नाम किया था।     दूसरे राउंड में उन्हें 7-5, 6-2 और पहले राउंड में 6-4, 6-3 से जीत मिली थी।      ऐसा रहा सबालेंका का सफर  सबालेंका ने सेमीफाइनल मुकाबले में एलिना स्वितोलिना को सीधे मुकाबले में 6-2, 6-3 से हराया था।     क्वार्टर फाइनल में उन्हें 6-3, 6-0 से जीत मिली थी। उन्होंने USA की इवा योविच को मात दी थी।     चौथे राउंड में उनको कनाडा की विक्टोरिया एमबोको के खिलाफ 6-1, 7-6 से जीत मिली थी।     तीसरे राउंड में उन्होंने अनास्तासिया पोटापोवा 7-6, 7-6 हराया था।     दूसरा राउंड उन्होंने 6-3, 6-1 और टूर्नामेंट का पहला राउंड 6-4, 6-1 से अपने नाम किया था।       

यूजीसी बिल के विरुद्ध सर्व सवर्ण समाज का प्रदर्शन कल

बिलासपुर. यूजीसी बिल के विरोध में सर्व सवर्ण समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इसके विरोध में 1 फरवरी को भारत बंद और विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। यूजीसी कानून के विरोध में समग्र सवर्ण समाज की बैठक गुरुवार को कान्यकुब्ज भवन में हुई। इसमें सभी ब्राम्हण समाज के अतिरिक्त अग्रवाल समाज, पूज्य सिंधी समाज, गुजराती समाज, महाराष्ट्रियन समाज, तेलगू समाज, क्षत्रीय समाज के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में बताया गया कि यूजीसी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक जरूर लगा दी है परन्तु इस एक्ट का विरोध करते रहना है जब तक कि इसे वापस नहीं लेती है। इसके लिए 1 फरवरी को भारत बंद एवं 2 फरवरी सोमवार को 12 बजे दोपहर देवकीनंदन चौक पर एकत्र होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंच कर राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम पर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। बैठक में विभिन्न प्रतिनिधियों ने एक मत होकर सर्व समाज के संज्ञान में लाया जा रहा है कि पीड़ित शोषित वर्ग को सरकार संविधान के द्वारा पर्याप्त संरक्षण दे रही है संविधान में पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए पर्याप्त नियम है। शिक्षा संस्थानो में इस कानून से जाति भेद को बढ़ावा मिलेगा। जिससे समाज में वैमन्यस्ता बढ़ेगी एवं बच्चों के शिक्षा पर असर पड़ेगा। सरकार की यह बात की सबका साथ सबका विकास इसके विरुद्ध है एवं केन्द्रीय सरकार इस पर पुनः विचार करे समता मूलक भारत के लिए यह बिल पूर्णतः वापस लें। बैठक में डा प्रदीप शुक्ला, अरविन्द दीक्षित, ज्ञान अवस्थी, मनोज तिवारी, अनिल तिवारी, राजेश शुक्ला, विक्रात तिवारी, सुनील सोन्यालिया, विनोद मेघानी, किशोर, पमनानी, प्रियंक परिहार, मोहन देव पुजारी, बी महेश, महेश दुबे टाटा सुरेन्द्र शर्मा, गुडडा तिवारी, गजेन्द्र श्रीवास्तव, बी के पान्डेय, गोपाल वेलाणी, राघवेन्द्र गुप्ता आदि ने अपने विचार रखे । बैठक का संचालन पूर्व विधायक चन्द्र प्रकाश बाजपेयी ने किया। बैठक में अजय जाजोदिया, मनीष अग्रवाल, जयश्री शुक्ला, अर्चना तिवारी, किरण बाजपेयी, ममता दुबे, किरण मिश्रा, राजीव अवस्थी, कृष्ण मोहन पाण्डेय, मनोज शुक्ला, दिव्य प्रकाश दुबे, ज्योतिन्द्र उपाध्याय, रश्मि द्विवेदी, देवेन्द्र सिंह ठाकुर, अर्चना शुक्ला, लता मिश्रा, कमल बजाज, संतोष अग्रवाल, दयानन्द तीर्थानी, अतुल अवस्थी, अभिषेक शर्मा, गौरव तिवारी, अनुग्रह मिश्रा, श्याम मोहन दुबे, शक्ति सिंह ढाकुर, सुरेन्द्र गौरहा, विजय पाठक, जयेश तिवारी, प्रसुन्न सोनी, जगत सिंह राजपूत, प्रणव शर्मा, रोशन सिंह, लखन नागदेव, पवन श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।

भारत और न्यूजीलैंड का पांचवां टी20 आज, तिरुवनंतपुरम में लाइव अपडेट, प्लेइंग इलेवन और पिच रिपोर्ट

तिरुवनंतपुरम  आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का अंतिम मुकाबला खेला जाएगा. दोनों टीमें तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भिड़ेंगी. टीम इंडिया शुरुआती तीन मैच जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी है. हालांकि, चौथे टी20 में कीवी टीम ने बाजी मारी थी. दोनों ही टीमों के लिए 2026 टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी का यह अंतिम मौका है. भारत के लिए इस मैच में भी तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर उपलब्ध नहीं हैं. तिरुवनंतपुरम में खेले जाने वाले पांचवें टी20 मैच में टीम इंडिया उसी टीम के साथ उतर सकती है, जो 2026 टी20 वर्ल्ड कप में होगी. हालांकि, इसमें तिलक के फिट होने पर बदलाव जरूर किया जाएगा. न्यूजीलैंड भी अपनी विश्व कप टीम के साथ तिरुवनंतपुरम में उतर सकता है. संजू सैमसन का होम ग्राउंड, फिल एलन की भी वापसी वर्ल्ड कप से पहले खुद को साबित करने का यह संजू सैमसन के पास अंतिम मौका है. वह अपने होम ग्राउंड पर पांचवां टी20 मैच खेलेंगे. इस सीरीज में अब तक सैमसन कमाल नहीं कर सके हैं. वहीं न्यूजीलैंड की टीम में एक बड़ा बदलाव होगा. विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन टीम से जुड़ गए हैं. वह पांचवें टी20 मैच में पारी का आगाज करेंगे. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच रिपोर्ट पांचवें टी20 में टॉस की भूमिका काफी रहेगी, क्योंकि दूसरी पारी में गेंदबाजी करना आसान नहीं होने वाला है. यहां ओस का प्रभाव काफी रहेगा. पिच की बात करें तो बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान रहेगा. ऐसे में एक बार फिर हमें हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है. मैच प्रिडिक्शन  हमारा मैच प्रिडिक्शन मीटर कह रहा है कि इस मैच में टीम इंडिया की जीत होगी. भले ही कीवी टीम ने चौथा टी20 मैच जीत लिया था, लेकिन फिर भी पांचवें टी20 में टीम इंडिया फेवरेट है. मुकाबला 60-40 का है. अगर न्यूजीलैंड पहले खेलने के बाद 210 से ज्यादा का स्कोर बना देता है तो फिर उसकी जीत के चांस बढ़ जाएंगे.  पांचवें टी20 के लिए न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन– टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जकारी फाउल्क्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी और जैकब डफी पांचवें टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन- संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह

बिहार में परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले बंद हो जाएगा गेट

पटना. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) की इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा दो से 13 फरवरी तक राज्य के एक हजार 762 परीक्षा केंद्र पर होगी। अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि सभी परीक्षार्थियों की दो स्तर पर तलाशी ली जाएगी। पहला प्रवेश के समय तथा दूसरा परीक्षा कक्ष में वीक्षक करेंगे। 25 परीक्षार्थियों की जांच के लिए एक वीक्षक होगा। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण यथा मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक वॉच, स्मार्ट वॉच, मैग्नेटिक वॉच आदि पूरी तरह से प्रतिबंधित है।  10 सेट में होगा प्रश्न पत्र  केंद्र में पकड़े जाने पर संबंधित विद्यार्थी परीक्षा से वंचित कर दिए जाएंगे। प्रश्न पत्र 10 सेट में होगा। सभी सेट में प्रश्नों का क्रम अलग-अलग होगा। एक सेट का पहला प्रश्न अन्य सेटो में अन्य क्रम में होंगे। आसपास बैठे परीक्षार्थियों को अलग-अलग सेट का प्रश्न मिलेगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र जारी किया गया है। इसमें छह 75 हजार 844 छात्राएं तथा छह लाख 42 हजार दो छात्र हैं। परीक्षा दो से 13 फरवरी तक दो पालियों में होगी। केंद्र में प्रवेश निर्धारित अवधि से एक घंटा पहले मिलेगा। सभी परीक्षार्थी गेट बंद होने के पहले केंद्र में हर हाल में प्रवेश सुनिश्चित करेंगे। पहली पाली में सुबह नौ बजे और दूसरी में डेढ़ बजे तक प्रवेश बिहार बोर्ड के अनुसार परीक्षा प्रारंभ होने के लिए प्रथम पाली में निर्धारित समय 09:30 बजे पूर्वाह्न से एक घंटा पहले 8:30 बजे से केंद्र में प्रवेश प्रारंभ हो जायेगा तथा आधा घंटा पहले 09:00 बजे केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जायेगा।  इसी प्रकार द्वितीय पाली में निर्धारित समय 02:00 बजे अपराह्न से एक घंटा पूर्व 01:00 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश प्रारंभ हो जायेगा तथा 02:00 बजे अपराह्न से आधा घंटा पहले 01:30 बजे केंद्र का मुख्य द्वार बंद हो जाएगा। केंद्र के 200 मीटर तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 प्रभावी रहेगी। इनका भी रखें ध्यान – परीक्षार्थी भीड़-भाड़ से बचने के लिए समय से पहले पहुंचे केंद्र केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, इसका ध्यान रखें केंद्र पर ले जाने वाले दस्तावेज की सूची बनाकर घर से निकलते समय जांच कर लें अन्य महत्वपूर्ण बातें – 10 सेट में होगा प्रश्न पत्र, परीक्षार्थियों की दो बार ली जाएगी तलाशी 13.18 लाख परीक्षार्थियों के लिए राज्य में बनाए गए हैं एक हजार 762 परीक्षा केंद्र दो फरवरी को प्रारंभ होगी इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, आधा घंटा पहले तक मिलेगा प्रवेश एक घंटा पहले से परीक्षार्थियों को केंद्र में दिया जाएगा प्रवेश, केंद्र में जबरदस्ती व अवैध प्रवेश पर होगी कार्रवाई दो वर्ष के लिए बोर्ड परीक्षा से हो जाएंगे निष्कासित, यदि परीक्षा संचालन नियम के विरुद्ध करेंगे आचरण दो स्तर पर परीक्षार्थियों की होगी जांच, सीसीटीवी व वीडियोग्राफी हर केंद्र पर की गई है सुनिश्चित राज्य के सभी जिलों में शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिनियुक्त किए गए हैं नोडल पदाधिकारी दुविधा पर हेल्पलाइन से लें समाधान परीक्षा के दौरान सूचना के त्वरित आदान-प्रदान तथा समस्याओं के समय पर निवारण के लिए कंट्रोल रूम एक फरवरी से चौबीस घंटे काम करेगा। परीक्षार्थी व अभिभावक परीक्षा से संबंधित जानकारी और दुविधा का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 0612-2232257 तथा 0612-2232227