samacharsecretary.com

ईरान की चेतावनी से बढ़ी चिंता, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद हुआ तो भारत पर बड़ा असर

नई दिल्ली ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष जारी है। इसी बीच खबरें हैं कि ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद करने का फैसला किया है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे लेकर कुछ नहीं कहा गया है। यूरोपियन यूनियन के नेवल मिशन एस्पाइड्स के एक अधिकारी ने कहा कि होर्मुज मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स से वीएचएफ संदेश मिल रहा है। इन संदेशों कहा गया है कि किसी भी जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति नहीं है। सवाल ये हैं कि इसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर कितना होगा। साथ ही क्या ईरान का यह कदम भारत की चिंता बढ़ा सकता है। तेहरान लंबे समय से इस्लामी गणराज्य पर किसी भी हमले के जवाब में इस संकरे जलमार्ग को रोकने की धमकी देता रहा है। क्या है होर्मुज जलडमरू मध्य होर्मुज जलडमरू मध्य फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ने वाला संकरा समुद्री रास्ता है। दुनिया के ऊर्जा व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है, इसलिए यह वैश्विक अर्थव्यवस्था की धड़कन माना जाता है। इस मार्ग से वैश्विक तेल और गैस का लगभग 20 प्रतिशत प्रवाह होता है। इसे बंद करने से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गंभीर परिणाम होंगे, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार बाधित होगा और तेल की कीमतें तेजी से बढ़ेंगी। होर्मुज के लिए क्या है अंतर्राष्ट्रीय नियम संयुक्त राष्ट्र के नियमों के अनुसार, देश अपनी तटरेखा से 12 समुद्री मील (13।8 मील) तक के क्षेत्र पर नियंत्रण रख सकते हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य और इसके जहाजरानी मार्ग पूरी तरह से सिर्फ ईरान और ओमान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र के भीतर स्थित हैं। यदि यहां तनाव बढ़ने और जहाजों पर पाबंदी लगती है, तो वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों में तुरंत उछाल आ जाएगा। इसका असर महंगाई, परिवहन लागत और वैश्विक शेयर बाजारों पर पड़ेगा। दुनिया के लिए बन सकता है सिरदर्द स्ट्रेट ऑफ होर्मुज एक बेहद अहम समुद्री रास्ता है। यह ओमान और ईरान के बीच है, जो कि फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन इसे "दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण तेल ट्रांजिट चोकपॉइंट” यानी तेल का सबसे अहम संकरा रास्ता बताता है। इस रास्ते का सबसे संकरा हिस्सा सिर्फ 33 किलोमीटर चौड़ा है और जहाजों के लिए आने-जाने का रास्ता में सिर्फ दो मील तक चौड़ा है, जिस कारण अगर यहां समुद्री ट्रैफिक या जरा सी भी गड़बड़ी होती है, तो पूरी दुनिया के लिए सिरदर्द बन सकता है। वोर्टेक्स नाम की ऊर्जा और शिपिंग मार्केट रिसर्च कंपनी के मुताबिक, हर दिन करीब दो करोड़ बैरल कच्चा तेल और ईंधन इस समुद्री रास्ते से होकर गुजरता है। भारत के लिए मायने ऊर्जा सुरक्षा भारत अपनी जरूरत का 80% से अधिक कच्चा तेल आयात करता है, जिसमें बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से आता है। यह तेल ज्यादातर होर्मुज से होकर गुजरता है। मार्ग बाधित होने पर भारत की ऊर्जा आपूर्ति और कीमतों पर तुरंत असर पड़ेगा। महंगाई और चालू खाते पर दबाव तेल महंगा होने से पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ेंगी, जिससे महंगाई और राजकोषीय दबाव बढ़ सकता है। साथ ही आयात बिल बढ़ने से चालू खाते का घाटा भी बढ़ता है। प्रवासी भारतीय और व्यापार खाड़ी देशों में बड़ी संख्या में भारतीय कामगार रहते हैं। क्षेत्रीय अस्थिरता का असर उनकी सुरक्षा और भारत में आने वाली रेमिटेंस पर पड़ेगा। रणनीतिक कूटनीति भारत के ईरान, सऊदी अरब और यूएई के साथ महत्वपूर्ण संबंध हैं। ऐसे में संतुलित कूटनीति और समुद्री सुरक्षा सहयोग भारत के लिए अहम है।  

कवर्धा बायपास और NH-30 के धवईपानी से सिमगा सेक्शन को 4-लेन करने का किया आग्रह, मंत्री ने दिया शीघ्र स्वीकृति का आश्वासन

रायपुर उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने शनिवार के अपने नागपुर प्रवास के दौरान भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री  नितिन गडकरी से महत्वपूर्ण मुलाकात कर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) के धवईपानी (चिल्फी) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक लगभग 122 किलोमीटर लंबे सेक्शन को 4-लेन में उन्नत करने तथा कवर्धा बायपास (4L+PS) के निर्माण की स्वीकृति का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री  गडकरी ने इस प्रस्ताव को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।          उन्होंने केंद्रीय मंत्री  गडकरी को बताया कि हाल ही में एनएच – 30 के जबलपुर से मंडला एवं चिल्फी तक लगभग 160 कि.मी. के सेक्शन को 4-लेन में विकसित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्तमान में चिल्फी (धवईपानी) से कवर्धा तथा कवर्धा गुरूनाला से सिमगा तक का मार्ग 10 मीटर चौड़ाई की 2-लेन सड़क के रूप में निर्मित है। चिल्फी से रायपुर मार्ग पर वर्तमान में व्यावसायिक एवं भारी वाहनों का अत्यधिक आवागमन होता है। जबलपुर-मंडला-चिल्फी सेक्शन के 4-लेन बनने के बाद यातायात का दबाव आगे के 2-लेन सेक्शन पर और अधिक बढ़ने की संभावना है। ऐसी स्थिति में लोक सुरक्षा एवं यातायात सुगमता के दृष्टिकोण से धवईपानी (चिल्फी) से सिमगा (रायपुर) तक के पूरे सेक्शन को 4-लेन में उन्नत करना अत्यंत आवश्यक हो गया है।         जबलपुर से रायपुर के मध्य एनएच-30 पर जिला कबीरधाम मुख्यालय कवर्धा स्थित है। यह अंतर्राज्यीय मार्ग व्यावसायिक, सामाजिक एवं राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां प्रतिदिन भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है।          उपमुख्यमंत्री  शर्मा ने कवर्धा शहर में भारी यातायात के दबाव को कम करने तथा जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कवर्धा बायपास (4 लेन मय पेव्ड शोल्डर) के निर्माण की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि बायपास निर्माण से शहर के भीतर दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी तथा यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।        नागपुर से लौटते ही रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने बताया कि सिमगा से रायपुर तथा धवईपानी से जबलपुर तक 4-लेन निर्माण के आदेश पूर्व में जारी हो चुके हैं, किंतु धवईपानी से सिमगा तक का सेक्शन शेष रह गया था। इस महत्वपूर्ण खंड को भी 4-लेन में विकसित करने हेतु उन्होंने केंद्रीय मंत्री  गडकरी से आग्रह किया, जिसे उन्होंने तत्काल स्वीकार करते हुए शीघ्र निर्माण का आश्वासन दिया।         उपमुख्यमंत्री  शर्मा ने कहा मैं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री  नितिन गडकरी जी का हृदय से अभिनंदन करता हूं कि उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकता को समझते हुए इस महत्वपूर्ण मार्ग को 4-लेन बनाने के लिए सकारात्मक सहमति प्रदान की है। इससे जबलपुर से रायपुर तक आमजन को निर्बाध 4-लेन मार्ग की सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हितानंद शर्मा की माताजी के निधन पर दी श्रद्धांजलि

शोक संतृप्त परिवार के प्रति व्यक्त की संवेदनाएं भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अशोकनगर जिले की तहसील नईसराय के ग्राम मढ़ी महिदपुर पहुंचकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख श्री हितानंद शर्मा की परम पूज्यनीय माताजी श्रीमती जनकदुलारी शर्मा के निधन पर श्रद्धांजलि दीफ उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवंगत पुण्य आत्मा की शांति के लिए बाबा महाकाल से प्रार्थना कर श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की। उन्होंने शोक संतृप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। उललेखनीय है कि श्रीमती जनकदुलारी शर्मा का निधन मंगलवार को भोपाल में हुआ था। उनका अंतिम संस्कार पैतृक ग्राम जिला अशोकनगर की तहसील नईसराय के ग्राम मढ़ी महिदपुर में किया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वर्गीय श्रीमती जनकदुलारी शर्मा धार्मिक प्रवृत्ति, सादगीपूर्ण जीवन एवं संस्कारवान व्यक्तित्व के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने समाज एवं परिजनों को सामाजिक मूल्यों ,राष्ट्र भावना और सेवा संस्कारों से प्रेरित किया था। स्वर्गीय श्रीमती जनकदुलारी को बच्चा-बच्चा अम्मा राधे राधे कहकर पुकारते थे। अम्मा का जाना एक अपूर्णीय क्षति है, जिसकी भरपाई होना संभव नहीं है। अम्मा का धार्मिक स्थल मथुरा, वृंदावन से काफी लगाव रहा, उनका हमेशा आना-जाना लगा रहता था। उन्होंने अपने परिवार का निर्वहन पूर्ण रूप से किया था। उन्होंने कहा कि मैं श्रीमती जनक दुलारी शर्मा के अस्वस्थ होने पर ग्राम मढ़ी महिदपुर में उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल जानने पहुँचा था। विधायक चंदेरी श्री जगन्नाथ सिंह रघुवंशी और विधायक मुंगावली श्री बृजेन्द्र सिंह यादव ने भी श्रद्धांजलि दी।  

कौन चुनता है ईरान का सुप्रीम लीडर? पावर, प्रक्रिया और क्यों जरूरी है तुरंत फैसला

ईरान ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत ने देश के भविष्य को लेकर बेहद महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मौलवियों की एक समिति को उनके स्थान पर नए नेता के चयन का काम सौंपा गया है। हालांकि, अब तक साफ नहीं हो सका है कि ईरान के सुप्रीम लीडर का चुनाव कब तक किया जाएगा। फिलहाल, इस पद के लिए खामेनेई के बेटे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान नहीं किया गया है। कैसे होता है चुनाव ईरान के संविधान के तहत 88 सदस्यीय समिति 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' (विशेषज्ञों की सभा) नए सर्वोच्च नेता का चयन करेगी। इस निकाय में केवल शिया धर्मगुरु शामिल होते हैं, जिन्हें हर आठ वर्ष में जनमत के आधार पर चुना जाता है। कानून के अनुसार, 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' को जल्द से जल्द नए सर्वोच्च नेता का चयन करना होगा। यदि चयन में देरी होता है तो एक नेतृत्व परिषद कार्यभार संभाल सकती है, जिसमें राष्ट्रपति, न्यायपालिका प्रमुख और 'गार्जियन काउंसिल' का एक वरिष्ठ सदस्य शामिल होता है। उत्तराधिकार से जुड़ी चर्चाएं आमतौर पर सार्वजनिक नजरों से दूर होती हैं। इससे पहले राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी खामेनेई को उनका संभावित उम्मीदवार माना जा रहा था लेकिन मई 2024 में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद खामेनेई के पुत्र मोजतबा खामेनेई का नाम संभावित दावेदारों में लिया जा रहा है, हालांकि उन्होंने कोई सार्वजनिक पद नहीं संभाला है। वर्ष 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद यह दूसरी बार होगा जब सर्वोच्च नेता का उत्तराधिकारी नियुक्त किया जाएगा। वर्ष 1989 में अयातुल्ला रुहोल्लाह खोमैनी की मौत बाद खामेनेई सर्वोच्च नेता बने थे। मिलती हैं ये पावर ईरान में सर्वोच्च नेता देश की जटिल शिया धर्मतांत्रिक व्यवस्था का सर्वोच्च पद है और उसे सभी राज्य संबंधी मामलों पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार प्राप्त है। सर्वोच्च नेता सशस्त्र बलों और 'रिवोल्यूशनरी गार्ड' के 'कमांडर-इन-चीफ' भी होता है। 'रिवोल्यूशनरी गार्ड' एक अर्द्धसैनिक बल है जिसे अमेरिका ने 2019 में एक आतंकवादी संगठन घोषित किया था और खामेनेई ने अपने शासन के दौरान इसे और सशक्त बनाया। अमेरिका और इजरायल का अटैक अमेरिका और इज़रायल ने शनिवार को तेहरान समेत ईरान के कई प्रांतों में हमले किए, जिससे काफी नुकसान हुआ और आम लोग मारे गए। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की पुष्टि की। ईरान ने इजरायली इलाके के साथ-साथ पश्चिमी एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर भी जवाबी मिसाइल हमले किए।

अजेय अफ्रीका! लगातार तीसरी जीत के साथ सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम

दिल्ली  आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 के एक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 5 विकेट से करारी शिकस्त से देकर सेमीफाइनल के लिए तैयारी कर ली है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले मेंटॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने अफ्रीका को 154 रनों का छोटा लक्ष्य दिया, जिसे दक्षिण अफ्रीका ने 17.5 ओवर में पांच विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। जिम्बाब्वे की ओर से कप्तान सिकंदर रजा ने 43 गेंदों में ताबड़तोड़ 73 रन बनाए जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 30 के आंकड़े को नहीं छू सका और पूरी टीम 7 विकेट के नुकसान पर निर्धारित 20 ओवरों में सिर्फ 153 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मफाका और कॉर्बिन बॉश ने 2-2 विकेट लिए वहीं, लुंगी एनगिड़ी, लिंडे और नॉर्खियां को एक-एक विकेट मिले। 154 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान सिकंदर रजा ने मार्करम और डिकॉक को सस्ते में पवेलियन भेज दिया। जिम्बाब्वे की टीम ने कड़ी टक्कर दी और एक वक्त में 100 रनों के स्कोर पर 5 विकेट भी गिरा दिए थे, लेकिन बाद में दक्षिण अफ्रीका ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को 17.5 ओवर में हासिल कर लिया। दक्षिण अफीका की ओर से डेवाल्ड ब्रेबिस ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, जबकि रिकल्टन ने 31 और लिंडे ने 30 रनों की पारी खेली। बाकी बल्लेबाजों ने निराश किया। जिम्बाब्वे की और से सिकंदर रजा ने 3, मुजरबानी और इवांस ने 1-1 विकेट हासिल किए। सिकंदर रजा को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हार के बाद भी प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने बल्ले से 73 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में 3 विकेट झटके। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। जिम्बाब्वे ने दक्षिण अफ्रीका को दिया 154 रनों का लक्ष्य दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हरा दिया। सिकंदर रजा हार के बावजूद प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। (73 रन बनाए, 3 विकेट लिए) ZIM- 153/7 (20 ओवर) SA- 154/5 (17.5 ओवर) जिम्बाब्वे की प्लेइंग XI- तादिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, डायोन मायर्स, सिकंदर रज़ा (कप्तान), रयान बर्ल, टोनी मुन्योंगा, क्लाइव मदांडे, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्ज़ा, ग्रीम क्रीमर और ब्लेसिंग मुज़ारबानी। दक्षिण अफ्रीका XI – एडेन मार्कराम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्खिया, क्वेना मफाका और लुंगी एनगिडी।

त्योहार से पहले बढ़े खर्चे: LPG के दाम बढ़े, एयर ट्रैवल महंगा, आम आदमी का बजट बिगड़ा

नई दिल्ली हर महीने की तरह मार्च 2026 भी आम लोगों की जेब पर असर डालने वाले कई अहम बदलाव लेकर आया है। गैस सिलेंडर की कीमतों से लेकर बैंकिंग नियमों, रेलवे टिकटिंग सिस्टम और डिजिटल सुरक्षा मानकों तक कई नियम आज 1 मार्च से लागू हो गए हैं। इन बदलावों का सीधा असर घरेलू बजट, यात्रा खर्च और ऑनलाइन लेनदेन पर पड़ने वाला है। आइए जानते हैं विस्तार से क्या-क्या बदला है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 31 रुपये की बढ़ोतरी की है। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर इसका असर देखने को मिलेगा।   रेलवे टिकटिंग सिस्टम में बदलाव 1 मार्च से अनरिजर्व्ड टिकटिंग सिस्टम (UTS) एप बंद कर दिया गया है। अब यात्रियों को जनरल, प्लेटफॉर्म और लोकल ट्रेन की टिकट बुक करने के लिए ‘RailOne’ एप का इस्तेमाल करना होगा। रेलवे का दावा है कि नया एप अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित होगा। सिम बाइंडिंग का नया नियम डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए सरकार ने सिम बाइंडिंग का नियम लागू किया है। अब WhatsApp, Telegram और Signal जैसे एप मोबाइल सिम से लिंक रहेंगे। फोन से सिम हटाते ही ये एप काम करना बंद कर देंगे। बैंकिंग नियमों में संशोधन सरकारी बैंकों ने मिनिमम बैलेंस नियम में बदलाव किया है। अब औसत मासिक बैलेंस के आधार पर पेनल्टी लगेगी, जिससे ग्राहकों को एक दिन की कमी पर जुर्माना नहीं देना पड़ेगा। CNG, PNG और ATF की कीमतें तेल कंपनियों ने एटीएफ (हवाई ईंधन) की कीमतों में 5,500 रुपये की बढ़ोतरी की है। इससे हवाई यात्रा महंगी हो सकती है। साथ ही सीएनजी और पीएनजी की दरों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

आपसी सौहार्द पर जोर: बिलासपुर चौकी में शांति समिति की अहम बैठक संपन्न

पुलिस चौकी बिलासपुर में प्रभारी सत्यदेव यादव के अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई।  बैठक के माध्यम से होलिका दहन के लिए हरे-भरे पेड़ नहीं काटने,जबरन चंदा वसूली नहीं करने,बिजली के खंबो के नीचे,पेट्रोल पंपों के आसपास, रिहायशी मकानों के आसपास तथा सड़क के आसपास होली नहीं जलाने की अपील की गई। साउंड बॉक्स का उपयोग मंद ध्वनि से अनुविभागीय दंडाधिकारी की अनुमति के उपरांत किया जाएगा। डीजे लाउडस्पीकर पर पूर्णता प्रतिबंधित रहेगा। होलिका दहन के बाद बचे मलबे की सफाई ग्राम पंचायत के द्वारा कराई जाएगी। शांति समिति के सदस्यों ने नगर वासियों से यह भी अपील की है कि सभी लोग मिलजुल कर होली का त्योहार मनाए रासायनिक रंगों का उपयोग नहीं करें बल्कि प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करें बच्चों द्वारा रंग डालने पर विवाद की स्थिति पैदा नहीं करें। बैठक में पुलिस चौकी बिलासपुर के प्रभारी सत्यदेव यादव ग्राम पंचायत बिलासपुर के सरपंच ज्ञानचंद सोनी ग्राम पंचायत बसाढ़ी सरपंच पति रामपाल सिंह,विजय सोनी,ललन सेन,अनिल मिश्रा,अशोक सिंह रविकांत गौतम, राजा द्विवेदी मीडिया से नारायण त्रिपाठी उपस्थित रहे।  

PU छात्र संघ चुनाव: NSUI का दबदबा, शीर्ष दो पदों पर किया कब्जा

पटना पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें NSUI ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। अध्यक्ष और महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज की है। देर रात परिणाम घोषित होते ही विश्वविद्यालय परिसर में समर्थकों के बीच जश्न का माहौल बन गया। अध्यक्ष पद के मुकाबले में NSUI के शांतनु शेखर ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को भारी मतों के अंतर से पछाड़ दिया। शांतनु को कुल 2896 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी छात्र जदयू के प्रिंस कुमार को महज 1400 और ABVP की अनुष्का कुमारी को 924 वोटों से संतोष करना पड़ा। महासचिव पद पर खुशी कुमारी का कब्जा महासचिव पद के लिए भी NSUI की खुशी कुमारी ने निर्णायक बढ़त बनाए रखी। उन्होंने 2164 वोट हासिल कर अपनी जीत सुनिश्चित की। हालांकि, अन्य पदों पर मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। उपाध्यक्ष पद के मुकाबले में निर्दलीय प्रत्याशी शिफत फैज ने 1571 वोटों के साथ बाजी मारी। वहीं ABVP के अभिषेक कुमार 2143 वोट पाकर संयुक्त सचिव का पद हासिल करने में विजयी रहे। जबकि ABVP के ही हर्ष वर्धन को 1519 मत मिले और उन्होंने जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष के पद पर कब्जा करने में सफल हो गए। मतदान में छात्राओं ने लिया बढ़ चढ़ कर हिस्सा इस बार के चुनाव में खास बात यह रही कि छात्राओं ने लोकतंत्र के इस उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार कुल 65% मतदान दर्ज किया गया।

टॉस बॉस बना टीम इंडिया, पहले बैटिंग के लिए उतरेगी वेस्टइंडीज

कलकत्ता  भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। सेमीफाइनल में इंग्लैंड. दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें पहुंच चुकी हैं और अब अंतिम स्थान के लिए भारत और वेस्टइंडीज की टीमें आमने-सामने हैं। ईडन गार्डन्स में होने वाले इस मुकाबले में जो भी टीम जीतेगी, उसके सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा। वेस्टइंडीज और भारत ने सुपर-8 में एक-एक मुकाबले जीते हैं, जबकि दोनों टीमों को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। IND vs WI Live Score: वेस्टइंडीज (प्लेइंग इलेवन): शाई होप (विकेट कीपर), रोस्टन चेस, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोटी, शमर जोसेफ IND vs WI Live Score: भारत (प्लेइंग XI): संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जलालपुर पहुँचकर विधायक लोधी की माताजी के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को ग्वालियर जिले के ग्राम जलालपुर पहुँचकर विधायक श्री प्रीतम लोधी की माताजी स्व. श्रीमती भागवती बाई के निधन पर शोक संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत स्व. भागवती जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि प्रदान की। इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, श्री जयप्रकाश राजौरिया, श्री प्रेमसिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। विधायक श्री प्रीतम लोधी की माताजी श्रीमती भागवती बाई का गत 26 फरवरी को लगभग 100 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया था।