samacharsecretary.com

थाना राजेन्द्रग्राम में शांति समिति की बैठक होली पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

छबिलाल/राजेन्द्रग्राम आगामी होली पर्व के मद्देनज़र थाना राजेन्द्रग्राम परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाएं रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना रहा। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रकाशचंद कोल ने की। इस अवसर पर एसआई अनुराग अवस्थी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। थाना प्रभारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है, कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, विवाद अथवा हुड़दंग की स्थिति उत्पन्न न होने दें तथा आपसी समन्वय एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सरपंच भंवर सिंह (गिरारी), उपसरपंच किरगी, ओमप्रकाश (भमरहा), सचिव कुमार चंद्रवंशी (करौंदी), अभिनंदन प्रसाद, रामनरेश, व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधि तथा पत्रकारगण उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्रशासन द्वारा अवगत कराया गया कि दिनांक 02 मार्च 2026 की रात्रि 11:30 बजे से 03 मार्च 2026 (धुरेड़ी) की सायं 05:00 बजे तक जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। उक्त अवधि में जिले की समस्त कम्पोजिट मदिरा दुकानें, एफ.एल.-3 (होटल बार) एवं देशी मद्य भंडार पूर्णतः बंद रहेंगे। मदिरा के क्रय-विक्रय एवं परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आबकारी एवं पुलिस विभाग को अवैध मदिरा के संग्रहण, निर्माण एवं परिवहन पर सतत निगरानी रखने के निर्देश प्रदान किए गए हैं। आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी। अंततः नागरिकों से अपील की गई कि वे शांति, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए होली पर्व को गरिमापूर्ण ढंग से मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।

मरीन ड्राइव पर एनकाउंटर: पुलिस ने मोस्ट वांटेड अपराधी को दबोचा, पैर में लगी गोली

पटना बिहार के पटना में कई आपराधिक मामलों में वांछित एक अपराधी को संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।   मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ पटना के पीरबहोर इलाके में हुई है। आरोपी की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है। पटना की पुलिस अधीक्षक (मध्य) ममता कल्याणी ने बताया, ''यह घटना रविवार तड़के हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमित कुमार मरीन ड्राइव पर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने जाल बिछाया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने उन पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया जिसके बाद पुलिस ने भी नियंत्रित जवाबी कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया।'' उन्होंने बताया, ''मुठभेड़ के दौरान कुमार के पैर में गोली लगी है और सरकारी अस्पताल में उसका उपचार जारी है।'' पुलिस ने बताया कि इस साल जनवरी में पटना की एक दीवानी अदालत परिसर में दो सशस्त्र अपराधियों द्वारा घुसने के प्रयास से जुड़े एक मामले में अमित कुमार भी वांछित था। उसने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

बाराबंकी में स्पीड बनी काल, एक्सप्रेसवे पर बोलेरो के उड़ते ही मचा कोहराम

बाराबंकी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर रविवार को दिन में बड़ा हादसा हो गया। यहां पर तेज रफ्तार बेलोरो टायर फटने के कारण पलट गई। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ घायलों में पांच की हालत गंभीर है। बाराबंकी के त्रिवेदीगंज पर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार बोलेरो वाहन का पिछला टायर अचानक फट गया। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बोलेरो में सभी अयोध्या के एक ही गांव के निवासी लखनऊ के मोहनलाल गंज में आयोजित सत्संग से लौट रहे थे। लखनऊ की सीएचसी गोसाईगंज पहुंचाये गए घायलों में तीन को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि आठ लोगों का उपचार चल रहा है। अयोध्या के इनायत नगर सुक्खा पुरवा निवासी अजीत कुमार, इनायत नगर के ही देवीपुर निवासी वंश बहादुर यादव, इनकी पत्नी निर्मला, राज कुमार, श्याम कली पत्नी करमचंद, बाबू राम, रेखा पत्नी रंग बहादुर, शांति पत्नी बलिराम, इंद्र पति, पांडेय पुरवा निवासी सियालाल, पराना पत्नी सियालाल सवार थे। लोनी कटरा पुलिस ने बताया कि यह सभी लखनऊ के मोहन लालगंज में आयोजित सत्संग में गए थे। सभी रविवार दोपहर बोलेरो वाहन से वापस अयोध्या लौट रहे थे। बोलेरो अजीत कुमार चला रहे थे। लोनीकटरा के नेरा कबूलपुर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर करीब करीब दो बजे बोलेरो का पिछला बांया टायर अचानक फट गया, जिससे अजीत का वाहन से संतुलन खो गया और वाहन कई पलथे खाते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस ने आनन-फानन सभी घायलों को लखनऊ के सीएचसी गोसाईगंज भेजा। लोनीकटरा थाना प्रभारी अभय मौर्य ने बताया कि लोनीकटरा में तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है, जबकि अन्य का इलाज रहा है, जिनकी हालत ठीक बताई जा रही है।  

सिरसा में जमीनी विवाद में पूर्व सरपंच और भतीजे की हत्या

सिरसा. हरियाणा के सिरसा जिले के कालांवाली क्षेत्र के गांव खोखर में जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में झगड़ा हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के पूर्व सरपंच झरमल सिंह और उसके भतीजे दलजीत की हत्या कर दी। वहीं, हमला करने वाले पक्ष के तीन सदस्य घायल बताए जा रहे है। जिनका नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी अनुसार गांव के पूर्व सरपंच झरमल और दूसरे परिवार के जसवंत सिंह का जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह झरमल सिंह, उसका भतीजा दलजीत परिवार के सदस्यों के साथ जसवंत सिंह के घर पहुंचा। यहां जमीनी विवाद के कारण कहासुनी शुरू हो गई और झगड़ा बढ़ गया। हाथापाई होने के बाद जसवंत सिंह के परिवार सदस्यों ने पूर्व सरपंच व उसके भतीजे पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान झरमल और उसका भतीजा दलजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनके स्वजन उसका इलाज करवाने के लिए कालांवाली अस्पताल में लेकर पहुंचे लेकिन दोनों की मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के जसवंत सिंह, बिक्कर सिंह, मौती सिंह घायल है। जिनका नागरिक अस्पताल सिरसा में उपचार चल रहा है। मामले की सूचना मिलने के बाद कालांवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। वहीं पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ करने में जुटी है और शवों को कब्जे में लिया है।

ईरान का बड़ा एक्शन! ऑयल टैंकर निशाने पर, भारतीयों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

नई दिल्ली अमेरिका और इजरायल के हमलों में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत से बौखलाया ईरान बदला लेने के लिए पूरी ताकत के साथ जवाबी कार्रवाई कर रहा है। ताजा घटनाक्रम में ईरान ने ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे एक तेल टैंकर पर हमला किया है। पलाऊ के झंडे वाले तेल टैंकर पर ओमान के मुसंदम पेनिनसुला के पास हमला हुआ। यह हमला देश के दुकम पोर्ट पर ड्रोन हमलों के बाद हुआ। ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर (MSC) ने बताया कि हमले में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। 15 भारतीय क्रू मेंबर थे सवार होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया भर में तेल शिपिंग के लिए एक रणनीतिक रास्ता है, जिसे दुनिया का सबसे संवेदनशील समुद्री चोकपॉइंट बताया गया है। ओमान एमएससी के अनुसार, तेल टैंकर, स्काईलाइट और 20 लोगों के क्रू के साथ चल रहा था, जिसमें 15 भारतीय और पांच ईरानी नागरिक शामिल थे। मुसंदम में खासाब पोर्ट से पांच नॉटिकल मील दूर हुए हमले के बाद क्रू को निकाल लिया गया। एमएससी ने क्या कहा? एमएससी ने एक पोस्ट में कहा, "मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने बताया है कि रिपब्लिक ऑफ (पलाऊ) के झंडे वाले तेल टैंकर (SKYLIGHT) को मुसंदम गवर्नरेट में खासाब पोर्ट से 5 नॉटिकल मील उत्तर में टारगेट किया गया था और टैंकर के सभी क्रू मेंबर्स, जिनमें 15 भारतीय और 5 ईरानी नागरिक मिलाकर 20 लोग शामिल थे, उनको निकाल लिया गया है।" यह पहली बार है जब ओमान में या उसके आस-पास किसी टारगेट पर हमला हुआ है। यूएस-इजराइल के मिले-जुले हमलों के जवाब में ईरान की कार्रवाई के बाद खाड़ी देश एक नए युद्ध में उलझ गए हैं।

हरियाणा में चपरासी के फोन में मिली दसवीं की परीक्षा की Answer Key

जींद. हरियाणा के जींद जिले के झमौला गांव के निजी स्कूल पीएसपीएम में बने परीक्षा केंद्र में शनिवार को 10वीं कक्षा की हिंदी की परीक्षा के दौरान चपरासी सुरेंद्र के फोन में आंसर की मिली है। कोड ‘डी’ के प्रश्नपत्र के उत्तर मिले हैं। केंद्र अधीक्षक राममेहर ने चपरासी सुरेंद्र के खिलाफ शिकायत दी व मामला दर्ज हुआ। इस सेंटर की हिंदी परीक्षा रद कर परीक्षा केंद्र जुलाना के राजकीय कन्या स्कूल में शिफ्ट किया। स्कूल संचालक पर एक लाख रुपये जुर्माना लगा स्कूल ब्लैकलिस्ट कर दिया है। शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन ने बताया, मुख्य केंद्र अधीक्षक निरीक्षण के समय नहीं था, हम कार्रवाई करेंगे। जुलाना थाना प्रभारी विक्रम ने कहा जांच जारी है।

सीमा पर तनाव: पुंछ में दिखा पाक ड्रोन, भारतीय सेना की ताबड़तोड़ फायरिंग

जम्मू रविवार तड़के जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार कर भारतीय सीमा में घुसे एक पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय सेना के जवानों ने मार गिराने के लिए फायरिंग की। हालांकि, ड्रोन कुछ देर तक दिगवार इलाके में मंडराने के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) की ओर लौट गया। जानकारी के मुताबिक, यह पिछले तीन दिनों में दूसरी बार है जब सीमा पार से ड्रोन की गतिविधि का पता चलने पर सैनिकों ने फायरिंग की। सेना के जवानों ने सुबह करीब 6.10 बजे दुश्मन ड्रोन को देखा और उसे नीचे गिराने के लिए एक दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चलाईं। इसके बावजूद, ड्रोन गोलियों से बच निकला और तुरंत पाकिस्तान की ओर लौट गया। इस घटना के बाद, सेना ने यह सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है कि ड्रोन द्वारा किसी भी प्रकार के हथियार या नशीले पदार्थों की एयरड्रॉपिंग न की गई हो। 27 फरवरी को भी सैनिकों ने इसी इलाके में एक पाकिस्तानी ड्रोन पर गोलीबारी की थी।

विदिशा-दमोह के परिवार आमने-सामने, अस्पताल बना रणक्षेत्र

 दमोह शहर के जिला अस्पताल परिसर में शनिवार देर रात उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब नवविवाहिता की आत्महत्या के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गेट के बाहर ही मारपीट शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार, शहर के जबलपुर नाका स्थित कुचबंदिया मोहल्ले में शनिवार शाम नवविवाहिता राजनंदनी (पति राज उर्फ बच्चू कुचबंदिया) ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके पक्ष के लोग विदिशा से दमोह पहुंचे। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। दहेज और मारपीट के गंभीर आरोप मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर शराब पीकर विवाद करने, मारपीट और दहेज मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल गरमा गया और देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने ही दोनों पक्षों के लोगों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो आज रविवार सुबह से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस की कार्रवाई और जांच सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। नवविवाहिता की मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पटना में 32 करोड़ की लागत से होगा जगजीवन स्टेडियम का जीर्णोद्धार

पटना. पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने शनिवार को दानापुर स्थित मधुविहार रेलवे कॉलोनी एवं जगजीवन स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलोनी में साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं एवं रेलकर्मियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कॉलोनी की स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने रेल आवासों में रहने वाले कर्मचारियों के लिए कम्यूनिटी हाल निर्माण तथा बच्चों के लिए खेल पार्क विकसित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। इसके बाद महाप्रबंधक ने 32 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित जगजीवन स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं विस्तारीकरण की योजना की ड्राइंग का अवलोकन किया और अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। योजना के तहत स्टेडियम में आधुनिक हास्टल, पैवेलियन एवं अन्य खेल सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। महाप्रबंधक ने कहा कि स्टेडियम के उन्नयन से रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। इससे खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा कर्मचारियों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल यातायात सेवा के साथ-साथ सामाजिक एवं मानवीय विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में हाजीपुर के कोनहारा घाट रेलवे कॉलोनी में 7.14 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत रेलवे स्टेडियम के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है, जहां क्रिकेट और फुटबाल के लिए आधुनिक मैदान विकसित किए जाएंगे। इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारी उपस्थित थे।

पिता के अंतिम संस्कार के बाद कर्तव्यपथ पर लौटे रिंकू, बोले— हर रन पापा के नाम

अलीगढ़ पिता को मुखाग्नि देने के बाद रिंकू सिंह अपने कर्तव्य पथ पर लौट गए। शनिवार को वह कोलकाता में टीम से जुड़ गए। पिता के निधन से दुखी रिंकू सिंह ने कहा कि पापा के लिए रन बनाऊंगा। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद का शुक्रवार को नोएडा के एक अस्पताल में निधन हो गया था। उन्होंने मां बीना देवी और छोटी बहन नेहा सिंह को संभालते हुए कहा कि हिम्मत बनाए रखें। बड़े भाई सोनू सिंह को जिम्मेदारी सौंपते हुए रिंकू ने कहा कि अब घर की बागडोर उन्हें संभालनी है और मां का विशेष ध्यान रखना है। पारिवारिक कर्तव्यों का निर्वहन करने के बाद रिंकू सिंह शनिवार सुबह 11:30 बजे ओजोन सिटी अलीगढ़ से रवाना हुए और कोलकाता पहुंचकर भारतीय टीम के साथ दोबारा जुड़ गए। विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्रीय दायित्व को रखने की उनकी भावना की क्रिकेट जगत में सराहना हो रही है। इधर, ओजोन सिटी में दूसरे दिन रिंकू के परिवार को सांत्वना देने पहुंचने वाले लोगों का तांता लगा रहा। सपा सांसद प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज, हाथरस सांसद अनूप प्रधान, विधायक अनिल पारासर, विधायक रविंद्र पाल सिंह, एमएलसी ऋषिपाल सिंह, आगरा के सपा नेता रामजी लाल सुमन, सुमित सराफ, संजय माहेश्वरी, विनीत मोटर्स आदि ने परिवार को ढांढस बंधाया। लीवर कैंसर के स्टेज-4 से थे पीड़ित, दी जा रही थी रिप्लेसमेंट थेरेपी रिंकू सिंह के पिता खानचंद को मंगलवार को नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया और रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी। खानचंद लीवर कैंसर के स्टेज-4 से पीड़ित थे। रिंकू के भाई सोनू अस्पताल में मौजूद रहे और पिता की देखरेख करते रहे। पिता की तबीयत बिगड़ने पर मंगलवार को रिंकू भी उनसे मिलने आए थे। जानकारी के अनुसार, शुरुआत में पिता बेटे के क्रिकेट के खेलने के खिलाफ थे लेकिन एक बार रिंकू को मैच में इनाम के तौर पर बाइक मिली थी। उसके बाद आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने रिंकू को क्रिकेटर बनने के लिए हर संभव सहयोग किया है। बीते वर्ष रिंकू ने अपने पिता को 3.19 लाख रुपये की कावासाकी निंजा बाइक उपहार में दी थी।