samacharsecretary.com

पंजाब में निर्यातकों के तीन लाख टन बासमती के निर्यात पर संकट

पानीपत. ईरान व बाकी देशों से 10 लाख टन बासमती के आर्डर हैं जिसमें से अकेले पंजाब से ही तीन लाख टन बासमती का निर्यात लटक गया है। बासमती निर्यातकों का कहना है कि अगर स्थिति सामान्य जल्द न हुई तो घरेलू बाजार में बासमती के दाम गिर जाएंगे जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। अमेरिका-इस्राइल के हमले के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है जहां से बासमती का निर्यात होता है। यह सिर्फ ईरान ही नहीं बल्कि सऊदी अरब, इराक और संयुक्त अरब अमीरात जैसे खाड़ी देशों को भी निर्यात के लिए जोड़ता है लेकिन अब इसके बंद होने से गुजरात और ईरान बंदरगाह पर ही माल अटका हुआ है। इससे बासमती के खराब होने का भी डर है। देश से हर साल 20 लाख टन का निर्यात होता है जिसमें से 25 प्रतिशत कुल बासमती का निर्यात ईरान को होता है जबकि 20 प्रतिशत निर्यात इराक को होता है। अकेले पंजाब की निर्यात में 25 से 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है और इसमें से भी सबसे ज्यादा निर्यात ईरान को होता है। बाकी मध्य पूर्वी देशों को भी निर्यात किया जाता है। दोनों बंदरगाह और मिलों में पड़ा बासमती पंजाब बासमती मिलर्स एंड एक्सपोर्ट एसोसिएशन के वित्त सचिव नरेश गोयल ने बताया कि मौजूदा हालात के कारण दोनों बंदरगाह पर पंजाब का बासमती अटक गया है। इसके अलावा मिलों में भी भारी मात्रा में बासमती पड़ा है। अगर जल्द निर्यात शुरू न हुआ तो इसके खराब होने का भी डर है। अदायगी भी रुकने से निर्यातकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिस तरह के हालात बने हैं उससे यह जल्द सामान्य होते दिखाई नहीं दे रहे हैं जिससे आगे संकट और गहरा सकता है। आगे ऑर्डर देने से डर रहे व्यापारी एसोसिएशन के प्रधान बाल कृष्ण बाली ने बताया कि रोज औसत 10 हजार टन बासमती का निर्यात अकेले पंजाब से ही होता है लेकिन मौजूदा हालात में अब ईरान में व्यापारी आगे ऑर्डर देने से डर रहे हैं। वह लगातार उनके संपर्क में हैं लेकिन पोर्ट बंद होने से फिलहाल वह पहले से फंसे माल की अनलोडिंग नहीं कर पा रहे हैं। पिछले साल भी उनके 2 हजार करोड़ रुपये फंस गए थे और अब दोबारा हालात पहले से भी अधिक खराब हो गए हैं। आगे गेहूं की खरीद भी शुरू होनी है लेकिन पहले ही मिलों में चावल का भंडारण किया हुआ है। इससे आगे स्टोरेज संकट का भी सामना करना पड़ सकता है क्योंकि गेहूं के लिए सरकार जगह बनाने की तैयारी कर रही थी।

अमेरिकी हमले के चलते दुबई में फंसी बठिंडा की कॉलेज प्रिंसिपल

बठिंडा. दुबई में जारी तनावपूर्ण हालात ने पंजाब के बठिंडा की एक शिक्षिका परिवार की छुट्टियों को भय और अनिश्चितता में बदल दिया है। इजराइल और इरान के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच दुबई में हुए हमलों के बाद सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। इस अचानक फैसले ने सैकड़ों यात्रियों की तरह ग्रीन एवेन्य कॉलोनी निवासी एसडी गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल नीरू गर्ग और उनके परिवार को भी वहीं फंसा दिया। नीरू गर्ग अपने पति प्रवीण गर्ग के साथ पांच दिन पहले दुबई घूमने गई थीं। उनकी वापसी शनिवार को अमृतसर के लिए तय थी, लेकिन एयरपोर्ट पहुंचते ही उन्हें बताया गया कि उड़ानें रद कर दी गई हैं और संबंधित एयरलाइन उनसे संपर्क करेगी। घंटों इंतजार के बाद भी कोई सूचना नहीं मिली। परेशान और असमंजस में घिरी नीरू गर्ग ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई। वीडियो में उनका दर्द साफ झलकता है। उन्होंने बताया कि एयरलाइन कार्यालय के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। स्टाफ ने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पूरे दिन की भागदौड़ के बाद वे और उनका परिवार थककर चूर हो गए। मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। अचानक बढ़े सुरक्षा खतरे और फ्लाइट्स बंद होने से दुबई में होटल के किराए आसमान छूने लगे। एयरपोर्ट से करीब 20 किलोमीटर दूर एक होटल में उन्हें ठहरना पड़ा, जहां भारी रकम चुकानी पड़ी। अब स्थिति यह है कि उनके पास नकद पैसे लगभग खत्म हो चुके हैं और होटल प्रबंधन कमरे खाली करने का दबाव बना रहा है। नीरू गर्ग बीपी की मरीज हैं। तनाव और अनिश्चितता के बीच उनकी दवाइयां भी समाप्त हो चुकी हैं, जिससे चिंता और बढ़ गई है। परिवार और रिश्तेदार बठिंडा से लगातार संपर्क में हैं, दिलासा दे रहे हैं, लेकिन जमीनी मदद अब तक नहीं पहुंची। उनके दो बेटे विदेश में रहते हैं एक कनाडा और दूसरा अमेरिका में वे भी लगातार हालात जानने की कोशिश कर रहे हैं, पर दूरी बेबसी बढ़ा रही है। कॉलेज प्रबंधन भी उनके संपर्क में है। प्रधान एडवोकेट संजय गोयल ने बताया कि फिलहाल वे दुबई में एक परिचित डाक्टर के घर अस्थायी रूप से ठहरी हैं, लेकिन आर्थिक और चिकित्सीय जरूरतें चिंता का विषय बनी हुई हैं। नीरू गर्ग ने बताया कि उनकी कैबिनेट मंत्री डा. रवजोत सिंह से भी बात हुई है, जिन्होंने हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। उनकी अपील साफ है कि सरकार तत्काल हस्तक्षेप कर फंसे भारतीयों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करे। इस कठिन घड़ी में नीरू गर्ग और उनके जैसे अनेक परिवारों की उम्मीदें अब भारत सरकार की त्वरित कार्रवाई पर टिकी हैं। नीरू गर्ग ने वीडियो में बताया कि जब वे एयरपोर्ट पहुंचीं तो वहां मौजूद एयरलाइन स्टाफ ने यह कहकर उन्हें लौटा दिया कि संबंधित एयरलाइन उनसे संपर्क करेगी। लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी किसी ने उनसे संपर्क नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दुबई एयरपोर्ट अथारिटी का व्यवहार भी यात्रियों के प्रति संतोषजनक नहीं रहा। नीरू गर्ग ने बताया कि वे इंडिगो एयरलाइंस के कार्यालय भी गईं, लेकिन वहां से भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली और स्टाफ कार्यालय छोड़कर चला गया। इस कारण वे और उनका परिवार पूरे दिन परेशान होते रहे। एक पूरा दिन बीत जाने के बावजूद न तो एयरलाइन की ओर से और न ही किसी सरकारी एजेंसी की ओर से उनसे कोई संपर्क किया गया। चंडीगढ़ से अबू धाबी और दुबई जाने वाली फ्लाइट्स कैंसिल शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अबू धाबी और दुबई जाने वाली कई फ्लाइट्स को मौजूदा तनावपूर्ण हालातों के कारण रद्द कर दिया गया है। खास तौर पर इंडिगो द्वारा रविवार और सोमवार को फ्लाइट्स कैंसिल करने की पुष्टि की है। एयरलाइंस द्वारा पैसेंजर्स को सलाह दी जा रही हैं कि एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट्स का स्टेटस चेक कर लें। मौजूदा इंटरनेशनल हालात को देखते हुए चंडीगढ़ से अबू धाबी और दुबई जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ा है। जानकारी के मुताबिक रविवार को दुबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट आखिरी समय में कैंसिल कर दी गई। इसके अलावा सोमवार को अबू धाबी जाने वाली फ्लाइट भी कैंसिल करने की बात सामने आ रही है।

जालंधर के एपीजे स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी

जालंधर. पंजाब के जालंधर जिले के रामा मंडी स्थित स्कूल एपीजे को बम से उड़ाने की धमकी मिली। आरोपितों ने आतंकी संगठनों का नाम लेकर स्कूल को उड़ाने की धमकी दी है। हालांकि, यह किसी आतंकी संगठन की तरफ से आया है, यह अभी साफ नहीं हुआ। सूचना मिलते ही स्कूल में दहशत फैल गई। सारे बच्चों को और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। पुलिस जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि एपीजे स्कूल सहित कई अन्य स्कूलों को भी इस संबंध में थ्रेट ईमेल आई है, लेकिन अभी तक बाकी स्कूलों में जानकारी कंफर्म नहीं हो पाई है। इस समय फाइनल परीक्षाएं चल रही है, ऐसे में स्कूलों के साथ-साथ विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में भी एक बार फिर से डर का माहौल सा बन गया है।

पंजाब के बकरी पालक कोमलदीप सिंह ने JRF परीक्षा में पाई 6वीं रैंक

बुढलाडा. जून 2024 के दौरान यूजीसी नेट परीक्षा पास करने के बाद कस्बा बोहा के युवक कोमलदीप सिंह ने एक बार फिर जेआरएफ (ज्वाइंट रिसर्च फैलोसिप) परीक्षा में देश में 6वां रैंक हासिल करके पंजाब और मानसा जिले का नाम रोशन किया है। इस परीक्षा में 8 हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। कोमलदीप सिंह अब पीएचडी की पढ़ाई करेगा। बोहा के एक साधारण परिवार में जन्मे और पले बढ़े कोमलप्रीत सिंह की माता घर पर सिलाई का काम करती हैं और उसके पिता उसकी पढ़ाई व घर चलाने के लिए ईट भट्टे पर काम करते हैं और कोमलप्रीत भी कभी अपने पिता के साथ भट्टे पर काम करता है तो कभी बकरियां चराने के अलावा किताबों को हर समय अपने साथ रखते खाली समय में अपनी पढ़ाई भी पूरी कर लेता है और इस मेहनत के दम पर उसने यूजीसी नेट परीक्षा पास कर ली गई, लेकिन आगे बढ़ने के लिए पैसों की तंगी के कारण उसे काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन यूनिवर्सिटी अधिकारियों द्वारा समय-समय पर दी गई सलाह ने उसे तरक्की का रास्ता दिखाया और अपनी मेहनत के बल पर जेआरएफ की परीक्षा को पास करने के बाद कोमलदीप को अब पीछे लौटकर देखने की जरूरत नहीं है। बकरी पालन के साथ साथ शिक्षा में प्रतिभावान बेटे की इस कामयाबी पर परिवार में हर किसी के चेहरे पर मुस्कान है और कहा जा रहा है कि उनका बकरी पालक किसी से कम नहीं है, यह सिर्फ मां लखवीर कौर और पिता हरजिंदर सिंह की मेहनत की जीत नहीं है, बल्कि यह हर उस नौजवान के लिए एक रास्ता है जो सोचता है कि हालात मात दे जाते हैं। नहीं उन्हें जीता जा सकता है। साथ ही वह मिसाल है जो बताती है कि हुनर और मेहनत से हालात को भी चुनौती दी जा सकती है। पूर्व विधायक मंगत राय बंसल, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलवंत राय सिंगला, ठेकेदार गुरपाल सिंह, नगर काउंसिल अध्यक्ष व भाजपा नेता सुखपाल सिंह ने परिवार को बधाई दी और कहा कि कोमलदीप ने मुश्किलों को पीछे छोड़कर ऊंचाइयों को छूने के लिए अपनी जिंदगी समर्पित कर दी है और यूजीसी परीक्षा के बाद अब जेआरएफ परीक्षा पास करके इतिहास रच दिया है।

पीपुल्स यूनिवर्सिटी को दूसरी बार मिली बम से उड़ाने की धमकी, पहले भी आया था धमकी भरा मेल

भोपाल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन को ये धमकी ई-मेल के जरिए मिली है, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और यूनिवर्सिटी परिसर की जांच शुरू कर दी गई। सुरक्षा को देखते हुए कैंपस में अलर्ट जारी कर छात्रों को परिसर से बाहर किया गया है। फिलहाल जांच जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, धमकी 10 दिन के भीतर दूसरी बार शहर में स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी को मिली है। प्रबंधन को एक ई-मेल मिला, जिसमें लिखा है- 'आपके कॉलेज में सायनाइड पॉइजन वाले बम रखे गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे ब्लास्ट करेंगे। सुबह 11:00 बजे तक डॉक्टर और स्टूडेंट्स को निकाल लें! अल्लाह हू अकबर।' पुलिस और बम स्क्वॉड ने की सर्चिंग धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को यूनिवर्सिटी बुलाया गया। टीम ने कैंपस के अलग-अलग हिस्सों, क्लासरूम, हॉस्टल और पार्किंग एरिया में सघन तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई। पहले भी मिली थी धमकी इससे पहले 19 फरवरी को भी पीपुल्स मेडिकल कॉलेज को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी पुलिस और बम स्क्वॉड ने जांच अभियान चलाया था। हालांकि परिसर में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। ई-मेल भेजने वाले की तलाश जारी पुलिस अब उस ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिससे धमकी भेजी गई। साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, जल्द ही धमकी देने वाले की पहचान कर ली जाएगी।    प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा लगातार दूसरी बार धमकी मिलने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कैंपस की सुरक्षा बढ़ा दी है। गेट पर चेकिंग सख्त कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने छात्रों और स्टाफ से भी अपील की है कि, अगर उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन या पुलिस को दें। दूसरी बार मिली धमकी जानकारी के मुताबिक, पीपुल्स यूनिवर्सिटी को 19 फरवरी को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। उस समय भी ई-मेल के जरिए विश्वविद्यालय को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। पुलिस ने उस मामले में भी जांच की थी, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी। अब दोबारा धमकी मिलने के बाद पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है।

भिलट देव के दर्शन के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने की कैबिनेट बैठक की तैयारी, कृषि कैबिनेट होगी अब

बड़वानी  कृषि कल्याण वर्ष के अंतर्गत बड़वानी जिले में आयोजित कैबिनेट बैठक के पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने मंत्रीगणों के साथ बड़वानी जिले के ग्राम नागलवाड़ी में स्थित मंदिर में भिलट देव के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रीगणों के साथ प्रदेशवासियों की सुख एवं समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। भिलट देव निमाड़ क्षेत्र के आराध्य देव है, अतः आज वे आराध्य के दर्शन के साथ ही कैबिनेट बैठक की शुरूआत करेंगे। कैबिनेट में जो भी निर्णय लिये जायेंगे वे प्रदेशवासियों एवं किसानों के हितार्थ होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि निमाड़वासी बड़े सौभाग्यशाली हैं जो उन्हें मां नर्मदा का आंचल मिला है। पैगोडा, हट और डोम में किए इंतजाम मां नर्मदा के जल से ही सिंचाई करके निमाड़ क्षेत्र के किसान समृद्ध एवं प्रगतिशील हो रहे हैं। आज निमाड़ क्षेत्र के किसान कृषि एवं उद्यानिकी की एक से अधिक फसलें लेकर आर्थिक रूप से भी उन्नति कर रहे हैं। मां नर्मदा जी का जल सूक्ष्म उन्नयन सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से बड़वानी जिले सहित निमाड़ क्षेत्र में किसानों को सिंचाई हेतु पहुंचाया जा रहा है। किसानों की आर्थिक उन्नति से ही प्रदेश की उन्नति होगी प्रदेश की सरकार ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है, ताकि किसानों को और अधिक समृद्ध एवं संपन्न बनाया जाए। उन्होंने किसानों से यह अपील भी कि की मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए किसान भाई रासायनिक खेती की बजाय प्राकृतिक खेती को अपनाये शुरुआती वर्षों में प्राकृतिक खेती में उत्पादन कम होगा लेकिन उससे जहां मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी वहीं धीरे-धीरे उत्पादन की क्षमता भी बढ़ती जाएगी। संपूर्ण मंदिर परिसर को देखते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सतपुड़ा की सुरम्य वादियों में बसा हुआ नांगलवाड़ी भिलट देव मंदिर अत्यंत रमणीय एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण स्थल है। भिलट देव जी की इस तपस्या स्थल पर बने इस विशाल मंदिर के जीर्णोद्धार में निमाड़ के संत श्री सियाराम बाबा का भी अमूल्य योगदान है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने मंत्रीगणो के साथ नागलवाड़ी मंदिर की स्मृति स्वरूप सामूहिक फोटो भी खिंचवाया। निमाड़ी शैली में सजाया निमाड़ के बड़वानी जिले में पहली बार नागलवाड़ी में सरकार की कृषि कैबिनेट की बैठक होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्रियों के स्वागत के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए निमाड़ी लोकरंग के रूप में कैबिनेट स्थल को तैयार किया गया है। नागलवाड़ी मंदिर शिखर के नीचे पार्क में डोम को निमाड़ में घरों की शैली के अनुरूप सजाया गया है। साथ ही खेती किसानी के तौर तरीके के अनुरूप प्रदर्शनी लगाई गई है। निमाड़ के वाद्य यंत्र ढोल मांदल व लोकजीवन के रंगों में इसे सजाया है। मध्य प्रदेश के कैबिनेट व अधिकारियों सहित आने वाले आगंतुकों के लिए निमाड़ के व्यंजनों में निमाड़ के जायका यानी निमाड़ी मिर्च का खास मिश्रण होगा। निमाड़ के व्यंजनों में मुख्य रूप से अमाड़ी की भाजी के साथ मक्के की रोटी होगी।

बीवी को धमकी देने के बाद कोख में बच्चा, 3 बेटियां और पत्नी की बेरहमी से हत्या

नई दिल्ली दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में गर्भवती पत्नी और तीन बेटियों का गला काट देने वाले मुनचुन केवट ने गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि किस तरह वह क्रिकेट और अन्य खेलों पर सट्टेबाजी की वजह से भारी कर्ज में आ गया था। इसे चुकाने के लिए उधार लिया और उसमें से भी एक लाख सट्टेबाजी में गंवा बैठा। फिर जब वसूली के लिए एक कॉल आया तो कथित तौर पर उसे कुछ ऐसी बातें कहीं गईं जिसके बाद उसने सबको खत्म कर देने का फैसला कर लिया। इस फोन कॉल के कुछ देर बाद ही वह 90 रुपये में कटलहल काटने वाला चाकू भी खरीदकर ले आया, जिससे पूरे परिवार की गर्दन, सांस नली तक काट डाली। वह सिरसपुर के चंदन पार्क में किराये के एक कमरे में 3 बेटियों और पत्नी सं ग रहने वाला मुनचुन मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। वह आजादपुर मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था। वह जुए और सट्टेबाजी की लत में आ चुका था। वह क्रिकेट मैचों और अन्य खेलों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी करता था। सट्टेबाजी में उसे काफी घाटा हो चुका था जिसकी वजह से भारी भरकम कर्ज में था। कर्ज चुकाने के लिए उधार, उसमें भी आधा जुए में हार गया जांचकर्ताओं के अनुसार, मुनचुन ने पूछताछ के दौरान बताया कि पिछले महीने उसने ससुरालवालों से 2 लाख रुपये उधार लिए। उसने 60 हजार रुपये मिथिलेश नाम के एक कर्जदाता को कुछ हिस्सा चुकाया और 40 हजार एक लहसन आपूर्तिकर्ता को दिए। लेकिन बाकी बचे एक लाख रुपये उसने फिर जुए में लगा दिए और हार बैठा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार बहुत ज्यादा कर्ज और आर्थिक संकट में था जिसकी वजह से घरेलू तनाव था।

होली पर 900 पुलिस जवानों की रहेगी तगड़ी घेराबंदी

भिलाई नगर. शांतिपूर्ण ढंग से होली का पर्व मनाने के लिए लगभग 900 पुलिस और शहर एवं नगर के अंदरूनी इलाकों, गलियों एवं बस्तियों में भी निगरानी रखने एवं सुरक्षा प्रबंध के लिए 30 बाज मोटरसाइकिल पार्टी का निर्माण किया गया है. वहीं जिले में 139 महत्वपूर्ण स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध व फिक्स प्वाइंट बनाया गया है. साथ ही 25 स्थानों में नाकाबंदी पाइंट लगाकर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. डीआईजी व दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि 2 को होलिका दहन एवं 4 मार्च को रंग गुलाल होली का पर्व मनाया जाएगा. इस दौरान जिला दुर्ग पुलिस ने शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा प्रबंध आदेशित किया गया है. इसके तहत संपूर्ण जिले को 10 अनुविभाग में विभाजित किया गया है. इसमें जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंध किया जा रहा है. साथ ही पूरे जिले में होली पर्व के दौरान शराब पीकर वाहन चलाये जाने एवं हुड़दंग मचाने वाले व्यक्तियों पर कार्रवाई, दो पहिया वाहन पर तीन सवारी चलाने/ बैठने वाले वाहनों की जब्ती, नाबालिग दो पहिया एवं चार पहिया वाहन जब्ती, अवैध मादक पदार्थों का परिवहन करने वाले व्यक्तियों/ वाहनों की चेकिंग एवं एवं अवैध हथियारों का परिवहन करने वाले व्यक्तियों / वाहनों की चेकिंग अति. पुलिस अधीक्षक यातायात के मार्गदर्शन पर उप पुलिस अधीक्षक यातायात के निर्देशन में 25 महत्वपूर्ण स्थान में नाकाबंदी चेकिंग पाइंट लगाया गया है. इसके अतिरिक्त संपूर्ण जिले में पुलिस की 73 पेट्रोलिंग पाटियों का निर्माण किया गया है, लगातार पेट्रोलिंग कर सुरक्षा प्रबंध किया जा रहा है. वहीं होली पर्व में शहर एवं नगर के अंदरूनी इलाकों, गलियों एवं बस्तियों में भी सतत् निगरानी रखने एवं सुरक्षा प्रबंध हेतु 30 बाज मोटरसाइकिल पार्टी का निर्माण किया गया है. बाज पार्टी द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्र की अंदरूनी गलियों, चौक-चौराहों में भी लगातार बाइक पेट्रोलिंग का समुचित सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित की जाएगी.

PM मोदी का नेतन्याहू को फोन, भारत में बड़ी बैठक में हुई चर्चा

नई दिल्ली ईरान युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू से बात की है। इस दौरान उन्होंने युद्ध रोकने की अपील की है। इससे पहले उन्होंने UAE यानी संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयन से भी बात की थी। अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को साझा रूप से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की शुरुआत की थी। पीएम मोदी ने फेसबुक पर लिखा, 'पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से टेलीफोन पर बात की और मौजूदा क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की। इस दौरान हाल के घटनाक्रमों को लेकर भारत की चिंताओं से उन्हें अवगत कराया और नागरिकों की सुरक्षा ही प्राथमिकता पर जोर दिया। भारत ने जल्द से जल्द युद्ध रुकवाने की जरूरत की बात दोहराई है।' UAE से भी की बात पीएम मोदी ने रविवार रात यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की और खाड़ी देश पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की। मोदी ने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में यूएई के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है। मोदी ने खाड़ी देश में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यूएई के राष्ट्रपति को धन्यवाद भी दिया और कहा कि भारत तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करता है। प्रधानमंत्री ने कहा, 'मैंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति, मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। मैंने संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ एकजुटता से खड़ा है।' मोदी ने लिखा, 'हमने संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।' अधिकारियों ने रविवार को पुष्टि की कि पिछले दो दिन में संयुक्त अरब अमीरात में हुए ईरानी हमलों के कारण तीन लोगों की मौत हो गई है और एक भारतीय नागरिक समेत 58 लोग घायल हो गए हैं। सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई पीएम मोदी ने  सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCS) की बैठक की अध्यक्षता की। ऐसा माना जा रहा है कि इसमें पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की गई। यह बैठक अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद मौजूदा वैश्विक स्थिति और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के बाद बनी स्थिति का जायजा लेने के लिए बुलाई गई थी। CCS देश के सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर निर्णय लेने वाला सर्वोच्च निकाय है। पीटीआई भाषा के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत समिति के सदस्य उपस्थित थे। बैठक में शीर्ष अधिकारियों ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और भारत पर इसके प्रभावों के बारे में जानकारी दी। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी के मिश्रा और शक्तिकांत दास, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, कैबिनेट सचिव टी वी सोमनाथन और विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी बैठक में उपस्थित थे। सूत्रों के अनुसार, ऐसा माना जा रहा है कि बैठक में पश्चिम एशिया में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, साथ ही फंसे हुए लोगों की सुरक्षा और स्थिति बिगड़ने पर उससे निपटने के तरीकों पर चर्चा हुई।

हरियाणा के CM सैनी आज खोलेंगे बजट की नायाब पोटली

चंडीगढ़. हरियाणा के सीएम नायब सैनी बतौर वित्त मंत्री आज दूसरी बार बजट पेश करेंगे। यह बजट 2.15 लाख करोड़ रुपए तक का हो सकता है। इस बार बजट में उद्योग, खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास, महिलाओं, युवाओं, एआई, प्राकृतिक खेती पर फोकस और लाडो लक्ष्मी योजना का आकार बढ़ाने वाला बजट हो सकता है।   इसके अलावा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) उद्योग सेक्टर को बड़ी राहत मिलने की भी संभावना है। वहीं किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन को लेकर भी छूट मिल सकती है। इसके अलावा राज्य में खाली पड़े ग्रुप-D के पदों को भरने को लेकर भी ऐलान हो सकता है। 10.51 लाख महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 27 फरवरी को सदन में बताया था कि पंडित दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना एप पर 10 लाख 51 हजार 29 महिलाओं ने आवेदन किए। 10 फरवरी को इसकी चौथी किश्त जारी की। 9 लाख से अधिक बहनों के खातों में 193 करोड़ रुपए भेज दिए गए हैं। अब तक 637 करोड़ रुपए भेजे गए हैं। अब 1 लाख 80 हजार वाली माताएं जिनके तीन बच्चे नहीं हैं, उन्हें भी दिया जा रहा है। फरवरी 2026 से 1100 रुपए की राशि बैंक खातों में और एक हजार रुपए की राशि एफडी की जाएगी। योजना का विशेष पहलू यह है कि परिवार की सभी पात्र महिलाएं लाभ ले सकती हैं।