samacharsecretary.com

द ट्रेटर्स 2 की शूटिंग के बीच स्वर्णनगरी में दिखा करण जौहर का जलवा और सोशल मीडिया पर वायरल हुआ फिल्म धुरंधर 2 का खास रिव्यू

करण जौहर जैसलमेर में ‘द ट्रेटर्स 2’ की शूटिंग के दौरान ‘धुरंधर 2’ की प्राइवेट स्क्रीनिंग देखने पहुंचे। इसके लिए उन्होंने पूरा सिनेमा हॉल बुक कर लिया। जौहर का फिल्म रिव्यू भी सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रहा है। स्वर्णनगरी जैसलमेर में इन दिनों फिल्मी रंग कुछ ज्यादा ही चढ़ा हुआ है। इसकी बड़ी वजह बने बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर करण जौहर, जो अपने रियलिटी शो की शूटिंग के सिलसिले में शहर पहुंचे हुए हैं। इसी दौरान उनका अचानक शहर के चर्चित सिनेमाघर रमेश टॉकीज पहुंचना सिनेप्रेमियों के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं रहा।  शनिवार शाम को करण जौहर अपनी पूरी टीम के साथ यहां फिल्म ‘धुरंधर 2’ देखने पहुंचे। खास बात यह रही कि उन्होंने इस फिल्म के लिए पूरे सिनेमा हॉल को निजी तौर पर बुक करवा लिया था, जिससे वे बिना किसी व्यवधान के अपनी टीम के साथ फिल्म का आनंद ले सकें। इस दौरान सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया और आम दर्शकों के लिए सिनेमाघर में एंट्री पूरी तरह बंद रखी गई।  हालांकि जैसे ही शहर में उनके आने की खबर फैली, सैकड़ों प्रशंसक टॉकीज के बाहर जमा हो गए। हर कोई अपने पसंदीदा फिल्ममेकर की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आया। कई फैंस घंटों इंतजार करते रहे और कुछ को उनके साथ फोटो खिंचवाने का मौका भी मिला।   प्राइवेट स्क्रीनिंग में टीम के साथ बिताए खास पल जानकारी के अनुसार, शाम के शो के दौरान करण जौहर और उनकी यूनिट ने साथ बैठकर फिल्म देखी। इंटरवल के दौरान उन्होंने स्नैक्स का आनंद लिया और हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते नजर आए। पूरे आयोजन को बेहद निजी रखा गया था, जिसमें केवल चुनिंदा लोग ही शामिल थे। सिनेमा हॉल प्रबंधन ने भी इस खास मौके के लिए बेहतर व्यवस्था की थी, जिसकी खुद करण जौहर ने सराहना की। फिल्म खत्म होने के बाद उन्होंने टॉकीज स्टाफ और संचालक परिवार के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।   सोशल मीडिया पर रिव्यू ने बटोरी सुर्खियां फिल्म देखने के बाद करण जौहर ने सोशल मीडिया पर ‘धुरंधर 2’ को लेकर विस्तृत रिव्यू साझा किया, जो अब खूब चर्चा में है। उन्होंने फिल्म को सिर्फ देशभक्ति या एक्शन तक सीमित नहीं बताया, बल्कि इसकी कहानी, किरदारों की गहराई और भावनात्मक पक्ष की जमकर तारीफ की। उन्होंने फिल्म के निर्देशक आदित्य धर के काम को बेहतरीन बताते हुए कहा कि उनका निर्देशन, तकनीकी पकड़ और सिनेमाई दृष्टि फिल्म को एक अलग स्तर पर ले जाती है।  वहीं, अभिनेता रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस को उन्होंने उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ बताया। करण जौहर के मुताबिक, रणवीर ने अपने हर एक्सप्रेशन, हर सीन और अपनी स्क्रीन प्रेजेंस से यह साबित कर दिया कि वे इंडस्ट्री के सबसे दमदार कलाकारों में से एक हैं।   करण जौहर ने यह भी कहा कि फिल्म देखते हुए उन्हें 70 के दशक के सिंगल स्क्रीन सिनेमा का दौर याद आ गया, जब दर्शक पूरी तरह संतुष्ट होकर थिएटर से बाहर निकलते थे। इस फिल्म ने उन्हें उसी दौर की याद दिला दी और इंडस्ट्री का हिस्सा होने पर गर्व महसूस कराया।   ‘द ट्रेटर्स 2’ की शूटिंग भी बनी चर्चा का केंद्र करण जौहर का जैसलमेर दौरा सिर्फ फिल्म देखने तक सीमित नहीं है। वे यहां अपने चर्चित रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ सीजन 2 की शूटिंग के लिए पहुंचे हुए हैं। इस शो की शूटिंग शहर के प्रसिद्ध लग्जरी होटल सूर्यागढ़ पैलेस में चल रही है, जहां पहले सीजन की शूटिंग भी भव्य स्तर पर हुई थी। जैसलमेर की ऐतिहासिक विरासत, सुनहरी रेत और शानदार लोकेशन्स इस शो के लिए परफेक्ट बैकड्रॉप साबित हो रहे हैं। यही कारण है कि एक बार फिर इस शहर को बड़े प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है।  

बदले की आग में क्रूरता: किसान ने बाघ को जहर देकर मारा, रेडियो कॉलर ने सुलझाई गुत्थी

नर्मदापुरम  सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) के बाघ की नजदीकी छिंदवाड़ा जिले में जहर देकर हत्या कर दी गई। छिंदवाड़ा के छाती आम गांव में यह घटना करीब 10 दिन पहले हुई। हत्या का आरोप किसान उदय सिंह पर लगा है। रेडियो कॉलर आईडी से खुला मौत का राज किसान ने बाघ के शव को एक गड्ढे में डालकर उसे पत्तों से ढंक दिया था। बाघ को रेडियो कॉलर आईडी लगी हुई थी। उसकी लोकेशन एक ही स्थान पर आ रही थी। उसे खोजते हुए एसटीआर और छिंदवाड़ा वन विभाग की टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो घटना का राज खुला। छिंदवाड़ा डीएफओ साहिल गर्ग ने बताया शुक्रवार को छाती आम गांव के एक खेत में बाघ की लोकेशन मिली थी। यहां पहुंचने पर कर्मचारियों को बाघ का सड़ चुका शव मिला। खेत के मालिक उदय सिंह से पूछताछ की तो उसने यूरिया का घोल मांस पर डालकर बाघ की हत्या की बात स्वीकार की। चार आरोपित गिरफ्तार, टाइगर रिजर्व प्रबंधन पर उठे सवाल छिंदवाड़ा वन विभाग ने उदय सिंह के अलावा सहयोगी बिसनलाल शीलू, झिरना माखननगर निवासी मनोहर सिंह, कूचीखोह निवासी कैलाश के विरुद्ध संरक्षित वन्य जीव की हत्या का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। एसटीआर की क्षेत्र संचालक राखी नंदा ने बताया कि विशेषज्ञों ने शव का पोस्टमार्टम किया और प्रोटोकॉल के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बता दें, मारे गए बाघ को करीब डेढ़ साल पहले ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से एसटीआर लाया गया था। कॉलर आईडी वाले बाघ को 10 दिनों तक नहीं ढूंढ पाने पर रिजर्व प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।  

Terror Module Exposed: ISIS और अल कायदा कनेक्शन सामने, पाकिस्तान में मिल रही ट्रेनिंग

जोधपुर. आंध्र प्रदेश पुलिस ने देश के अलग-अलग राज्यों से 12 ऐसे लोगों को पकड़ा है, जिन पर अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (एक्यूआइएस) और इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक और सीरिया (आइएसआइएस) जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के नेटवर्क में शामिल होने का आरोप है। दिल्ली और आंध्र प्रदेश पुलिस ने संयुक्त रूप से इस नेटवर्क का खुलासा किया है। इसमें जोधपुर का जीशान भी शामिल है। खुफिया एजेंसियां अलर्ट आतंकी कनेक्शन सामने आने के बाद जोधपुर की खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। जीशान के संपर्क में रहे नागौरी गेट निवासी हसन नामक युवक की भी तलाश की जा रही है। जीशान के पकड़े जाने के बाद से ही हसन फरार है और उसका मोबाइल भी बंद बताया जा रहा है। सदर बाजार थानाप्रभारी माणकराम विश्नोई ने जानकारी दी कि आरोपी के संपर्क में आए लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। आंध्र प्रदेश पुलिस के एसीपी रामचन्द्रर राव के अनुसार, आंध्र प्रदेश और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आंध्र प्रदेश के मोहम्मद रहमतुल्लाह शरीफ, मिर्जा सोहेल बेग और मोहम्मद दानिश, बिहार के शादमान दिलखुश और अजमानुल्लाह खान, दिल्ली के रोहिणी निवासी लकी अहमद, पश्चिम बंगाल के मीर आसिफ अली, राजस्थान के जीशान, कर्नाटक के अब्दुल सलाम, महाराष्ट्र के शाहरुख खान और शियाज उर रहमान तथा तेलंगाना की सैदा बेगम को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है। गेमिंग एप के जरिए ग्रुप में हुए शामिल प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने एक गेमिंग ऐप के जरिए एक्यूआइएस और आइएसआइएस के विदेशी संचालकों से संपर्क स्थापित किया और धीरे-धीरे उनके नेटवर्क से जुड़ गए। यह भी आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय ध्वज को आइएसआइएस के झंडे से बदलकर पोस्ट किया। इसके साथ ही उन्होंने आइएसआइएस की सराहना की और भारत को इस्लामिक स्टेट में बदलने जैसी बातें भी साझा कीं। जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि वे एक महीने के भीतर ट्रेनिंग में भाग लेने के लिए पाकिस्तान जाने की तैयारी कर रहे थे। जिहादी विचार किया सोशल मीडिया पर वायरल इस मामले में विजयवाड़ा के तीन युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि इन युवकों ने युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने और जिहाद के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ‘अल मलिक इस्लामिक यूथ’ नामक एक सोशल मीडिया ग्रुप बनाया था। आंध्र प्रदेश पुलिस के अनुसार, वे कथित तौर पर गजवा-ए-हिंद की अवधारणा पर काम कर रहे थे और अलग-अलग राज्यों में अपना नेटवर्क फैलाने में लगे हुए थे। जांच एजेंसियों का कहना है कि इस नेटवर्क के माध्यम से कम पढ़े-लिखे लोगों को भी निशाना बनाया गया और उनका ब्रेनवॉश किया गया। आरोपियों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग कर जिहाद से जुड़ी गतिविधियों और विचारों को फैलाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।

मालेरकोटला में आतंक का पर्दाफाश: पंजाब पुलिस ने दो संदिग्ध आतंकी पकड़े, लंबे समय से थे सक्रिय

मालेरकोटला पंजाब पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन में मालेरकोटला से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तानी नागरिक बताए जा रहे हैं। मालेरकोटला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशों के विरुद्ध युद्ध अभियान के तहत हिरासत में लिए गए एक स्थानीय नशा तस्कर से पूछताछ के दौरान इन दोनों के बारे में जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि उनकी पहचान जम्मू-कश्मीर में सूचीबद्ध दो वांछित आतंकियों से मेल खाती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन कई पुलिस सूत्रों व थाना संदौड़ के अधीन गांव शेरवानी कोट के निवासियों ने पुलिस कार्रवाई की पुष्टि की है। 15 साल से भारत में रह रहे थे दोनों संदिग्धों की पहचान अब्बू गाबा हुैररा व उस्मान के रूप में हुई है। वह लंबे समय से गांव में किराएदार के तौर पर रह रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि वह 15 वर्षों से अधिक समय से भारत के विभिन्न स्थानों पर रह रहे थे व किसी को भी उनकी देश-विरोधी गतिविधियों या उनके भारतीय होने के दावे पर कोई संदेह नहीं था। माहोराणा स्थित मालेरकोटला की सीआईए विंग की एक टीम ने शेरवानी कोट गांव में छापेमारी कर दोनों को हिरासत में लिया। बाद में उन्हें जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया गया। गांव के सरपंच सिमरनजीत सिंह ने पुष्टि की कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने गांव में छापा मारकर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया।  ग्रामीणों को नहीं हुआ शक गांव में किसी को भी इन दोनों पर शक नहीं था। ग्रामीणों के अनुसार, ये दोनों लंबे समय से गांव में रह रहे थे। मलेरकोटला में महोराणा की CIA विंग की एक टीम ने शेरवानी कोट गांव में छापा मारा और इन्हें गिरफ्तार किया। मलेरकोटला पुलिस ने हाल ही में देश-विरोधी तत्वों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। एक अलग मामले में CIA और साइबर क्राइम यूनिट ने तीन स्थानीय युवकों फरहान अंजुम, अदनान खान और वारिस अली को धर्म के नाम पर युवकों को कट्टरपंथी बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया। इस ऑपरेशन के दौरान, पुलिस ने एक .32 बोर की पिस्तौल, तीन कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए। इससे पहले, अधिकारियों ने सीमा पार जासूसी के एक मामले में गुजाला नाम की एक महिला और यामीन मोहम्मद को भी गिरफ्तार किया था। महिला पर एक स्थानीय हैंडलर के तौर पर काम करने का आरोप है, जबकि यामीन मोहम्मद, जिसका कथित तौर पर पाकिस्तान दूतावास से संबंध था, पर पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों को जानकारी देने का आरोप है। पुलिस ने इस ताजा ऑपरेशन का पूरा ब्योरा अभी जारी नहीं किया है, और आगे की जांच जारी है।  

पंजाब बनेगा संकटमोचक, देशभर में भेजेगा अनाज, सीएम का दावा- पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं

चंडीगढ़  वैश्विक हालात और सप्लाई चेन पर पड़ रहे असर के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पबड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब एक बार फिर संकटमोचक बनकर सामने आएगा और राज्य के गोदामों में पड़ा गेहूं-चावल देश के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए तैयार है। इसके लिए केंद्र सरकार जरूरत पड़े तो स्पेशल ट्रेनें चलाए। सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई वर्चुअल बैठक में, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे, पंजाब ने साफ तौर पर कहा कि राज्य के पास पर्याप्त अनाज भंडार है और इसे तुरंत उठाया जाए ताकि नई फसल की खरीद में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि पंजाब के पास करीब 171 लाख मीट्रिक टन गेहूं और 139 लाख मीट्रिक टन चावल का स्टॉक मौजूद है, जिसे पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देशभर में भेजा जा सकता है। सीएम ने जोर देकर कहा कि स्पेशल ट्रेनों के जरिए तेजी से उठान जरूरी है, क्योंकि आने वाले दिनों में नई फसल मंडियों में पहुंचेगी। पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों को खारिज किया सीएम मान ने पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में किसी भी तरह की कमी नहीं है। फिलहाल पंजाब में 12 दिन का पेट्रोल, 14 दिन का डीजल और 6 दिन का एलपीजी स्टाक उपलब्ध है, जो सामान्य जरूरतों के लिए पर्याप्त है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराकर घरों में ईंधन स्टोर न करें, यह खतरनाक हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि गांवों में एलपीजी सिलेंडर की वेटिंग अवधि घटाने की मांग केंद्र से की गई है। साथ ही उद्योगों पर किसी तरह की पाबंदी न लगाने और सप्लाई चेन को सुचारू रखने की बात भी रखी गई। सीएम ने कहा कि पंजाब एक बार्डर स्टेट है, इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर संसाधन मिलना चाहिए। कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी तरह की पैनिक स्थिति नहीं है। उन्होंने मीडिया से भी जिम्मेदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि अपुष्ट खबरों से बचा जाए। साथ ही चेतावनी दी कि कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डिमांड (पंजाब की प्रमुख मांगें)     स्पेशल ट्रेनों से तुरंत अनाज उठान     पेट्रोलियम सप्लाई बाधित न हो, केंद्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहल करे     गांवों में एलपीजी सिलेंडर की वेटिंग अवधि कम हो     बार्डर स्टेट होने के कारण पंजाब को प्राथमिकता     उद्योगों पर किसी तरह की पाबंदी न लगे सप्लाई व स्टाक     पेट्रोल: 12 दिन का स्टॉक     डीजल: 14 दिन का स्टॉक     एलपीजी: 6 दिन का स्टॉक     गेहूं: 171 लाख मीट्रिक टन     चावल: 139 लाख मीट्रिक टन     कवरड स्टोरेज क्षमता: 155 लाख मीट्रिक टन     27 मार्च तक 1497 चेकिंग, 301 LPG सिलेंडर जब्त  

Toll Hike Alert: जयपुर हाईवे पर 1 अप्रैल से बढ़ेगा शुल्क, पास धारकों पर भी असर

जयपुर. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने जयपुर से अलग-अलग शहरों के लिए जाने वाले नेशनल हाईवे की टोल दरों में बढ़ोतरी की है। ये बढ़ोतरी 1 अप्रेल से लागू होगी जिसके बाद जयपुर में रिंग रोड, जयपुर-किशनगढ़, जयपुर-सीकर और जयपुर दौसा हाईवे के टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को 5 से 20 रुपए तक अधिक शुल्क चुकाना होगा। हालांकि टोल बढ़ोतरी में LMV श्रेणी के वाहनों को छूट दी गई है। एलएमवी वाहनों को राहत NHAI की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, इन सभी टोल बूथ पर कार, SUV के लिए टोल दरों में कोई बढ़ोतरी फिलहाल नहीं की गई है। हल्के वाहनों पर टोल टैक्स पुरानी दरों से लगेगा। टोल शुल्क में अधिकांश बढ़ोतरी कॉमर्शियल या उससे बड़े भारी वाहनों के लिए हुई है। 5 से लेकर 20 रुपए तक ज्यादा टोल शुल्क एनएचएआइ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, टोल शुल्क में बढ़ोतरी 5 से लेकर 20 रुपए तक की गई है। रिंग रोड पर प्राइवेट के अलावा हल्के कॉमर्शियल गाड़ियों के लिए बढ़ोतरी नहीं की गई है। यहां केवल भारी कॉमर्शियल गाड़ियों के लिए टोल रेटों में 5 से लेकर 20 रुपए तक बढ़ोतरी की गई है। जयपुर के इन टोल बूथ पर बढ़ाया शुल्क ​NHAI से जारी नोटिफिकेशन में जयपुर से दिल्ली जाने वाले पुराने हाईवे पर दौलतपुरा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर, जबकि जयपुर-किशनगढ़ हाईवे पर ठीकरिया, बड़गांव, रिंग रोड पर सीतारामपुरा, हिंगोनिया और जयपुर-सीकर हाईवे पर टाटियावास टोल बूथ पर बढ़ोतरी की है। सालाना पास भी 75 रुपए महंगा हाईवे पर एलएमवी वाहनों के टोल शुल्क में NHAI ने भले ही बढ़ोतरी नहीं की है लेकिन, कार,एसयूवी के लिए बनने वाले सालाना पास की कीमतों में 75 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। टोल की यह नई दरें भी आगामी एक अप्रेल से ही लागू होंगी। अभी सालाना पास 3 हजार रुपए में बनता है, जिसमें एक साल या 200 टोल बूथ पार करने की लिमिट होती है। ऐसे तय होती है टोल रेट हाईवे पर टोल टैक्स की दरें होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर तय की जाती हैं। हर साल के अंत में इंडेक्स का मूल्यांकन कर सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय नए रेट जारी करता है। टोल की राशि सड़क की लंबाई और उस पर बने इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे फ्लाईओवर, अंडरपास, टनल आदि के आधार पर भी तय होती हैं। जिस हाईवे पर ज्यादा सुविधाएं होती हैं, वहां टोल भी ज्यादा लगता है।

IPL को झटका: MS Dhoni समेत कई बड़े नाम शुरुआती मुकाबलों से बाहर, Pat Cummins की फिटनेस पर सवाल

नई दिल्ली आईपीएल का 19वां सीजन खिलाड़ियों की चोटों से प्रभावित हुआ है। सीजन का पहला मुकाबला शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले करीब 6 बड़े खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जबकि कुछ खिलाड़ी चोट या फिटनेस कारणों की वजह से टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे। शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी का नाम भी इस लिस्ट में जुड़ गया है। दिग्गज बल्लेबाज एमएस धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण आईपीएल 2026 के पहले दो सप्ताह नहीं खेल पाएंगे। एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार को बताया कि महेंद्र सिंह धोनी फिलहाल पिंडली की चोट से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं और इस कारण उनका आईपीएल 2026 के पहले दो सप्ताह में खेलने की संभावना नहीं है। धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से आईपीएल खेलना जारी रखा है। इस 44 वर्षीय खिलाड़ी के आईपीएल में भविष्य को लेकर प्रत्येक सत्र में कयास लगाए जाते हैं। धोनी अब सिर्फ आईपीएल में खेलते हैं इसलिए उनके लिए मैच फिटनेस बनाए रखना और भी मुश्किल हो जाता है। कुछ प्रमुख विदेशी खिलाड़ी चोटिल होने के कारण पहले ही पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं जबकि कुछ खिलाड़ी विभिन्न कारणों से टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे। श्रीलंका के स्टार खिलाड़ी आरसीबी और श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा फिटनेस टेस्ट में फेल होने होने के कारण उन्हें अभी आईपीएल 2026 में खेलने के लिए एनओसी नहीं मिला है। जिससे वह कम से कम शुरुआती दो मैचों के लिए बाहर हो गए हैं। श्रीलंका के दो और स्टार क्रिकेटर मतिशा पतिराना और वनिंदू हसरंगा भी इस समय इंजरी से जूझ रहे हैं। इनका अभी तक आईपीएल में खेलने के लिए फ़िटनेस टेस्ट नहीं हुआ है। हसरंगा आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं जबकि पतिराना को कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल नीलामी के दौरान 18 करोड़ की भारी-भरकम रकम में ख़रीदा था। पतिराना को लेकर केकेआर के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने बताया था कि पतिराना शुरुआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे और शायद मध्य अप्रैल तक ही टीम को ज्वॉइन कर पाएं। पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस पीठ में खिंचाव की समस्या से उबर रहे हैं। कमिंस की अनुपस्थिति में ईशान किशन सनराइजर्स की अगुवाई करेंगे। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड भी चोटिल होने के कारण रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से शुरू के कुछ मैच में नहीं खेल पाएंगे। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच हेमांग बदानी ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क मैच फिटनेस हासिल करने के बेहद करीब हैं और उन्होंने गेंदबाजी शुरू कर दी है।  

बाड़मेर के लाल और प्रयागराज की बेटी की शाही शादी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गज होंगे शामिल

केके बिश्नोई यूपी कैडर के 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नजदीकी माने जाते हैं. वहीं अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं. केके बिश्ननोई की शादी की रस्में शुरू उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात दो चर्चित आईपीएस अधिकारियों की प्रेम कहानी अब शादी में बदलने जा रही है. काफी दिन से चर्चा के बाद अब दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली साउथ की पुलिस अधीक्षक अंशिका वर्मा कल 29 मार्च को जोधपुर में पारंपरिक रीति-रिवाज से सात फेरे लेंगे. केके बिश्नोई यूपी कैडर के 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नजदीकी माने जाते हैं. वहीं अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं. दोनों की मुलाकात गोरखपुर पोस्टिंग के दौरान हुई थी. शादी की तैयारियां बिश्नोई के पैतृक गांव बाड़मेर के धोरीमना में जोरों पर हैं. यहां 27 मार्च से विवाह रस्में शुरू हो चुकी हैं. घी पिलाने, हल्दी और संगीत कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ आयोजित हो रहे हैं. 30 मार्च को जोधपुर में रिसेप्शन शनिवार धोरीमना में बारात सभा होगी और 29 मार्च को बारात धोरीमन्ना से जोधपुर के लिए रवाना होगी जहां विवाह संस्कार संपन्न होगा. 30 मार्च को जोधपुर के लहरिया रिसोर्ट में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा. इस शाही शादी में राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कई दिग्गज नेता तथा वरिष्ठ अधिकारी शामिल होने वाले हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वीवीआईपी मेहमानों को आमंत्रित गया है. प्रयागराज की रहने वाली हैं अंशिका केके बिश्नोई बाड़मेर जिले के धोरीमना गांव के मूल निवासी हैं जबकि अंशिका वर्मा प्रयागराज की रहने वाली हैं. दोनों अधिकारियों की 25 मार्च को संभल में सगाई की रस्म हुई थी. स्थानीय स्तर पर इस जोड़ी की शादी को लेकर काफी उत्साह है और शुभचिंतक उन्हें नई जिंदगी की शुभकामनाएं दे रहे हैं.

होटल और रेस्तरां को अब 60 प्रतिशत गैस आपूर्ति पंजीकरण कराना हुआ अनिवार्य

राजस्थान राजस्थान में एलपीजी के कमर्शियल सिलेंडरों के वितरण को लेकर सरकार ने नई नीति तय कर दी है। इसमें शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को 100 प्रतिशत, होटल-रेस्तरां व डेयरियों को 60 प्रतिशत एलपीजी उपलब्ध कराई जाएगी।  खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने राज्य में व्यवसायिक एलपीजी गैस के आवंटन के लिए नई वितरण नीति जारी की है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण रुकी आपूर्ति को अब चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जा रहा है और यह पहले की स्थिति के लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।जानिए किसे कितनी प्राथमिकता मिलेगी प्रवासी श्रमिकों और फूड कार्ट्स को छोटे सिलेंडर वहीं प्रवासी श्रमिकों और फूड कार्ट्स को जरूरत के अनुसार छोटे सिलेंडर दिए जाएंगे।नीति के अनुसार व्यवसायिक उपभोक्ताओं को एलपीजी प्राप्त करने के लिए संबंधित ऑयल गैस कंपनी के वितरक के साथ पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। बिना पंजीकरण गैस नहीं मिलेगी। जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करना होगा। पंजीकरण बिना नहीं मिलेगा सिलेंडर नीति के अनुसार व्यवसायिक उपभोक्ताओं को एलपीजी प्राप्त करने के लिए संबंधित ऑयल गैस कंपनी के वितरक के साथ पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। बिना पंजीकरण गैस नहीं मिलेगी। जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करना होगा। आवंटन पिछले एक साल की औसत खपत के आधार पर एलपीजी आवंटन अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक की औसत खपत के आधार पर तय किया जाएगा। साथ ही, जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में समितियां स्थानीय जरूरत के अनुसार अतिरिक्त आवंटन का निर्णय ले सकेंगी।खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव अम्बरीष कुमार ने बताया कि नई नीति से वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होगी तथा प्रभावित उद्योग-धंधों को राहत मिलेगी।  

मुझे भी कहा गया मत जाइए – PM मोदी का अखिलेश पर कटाक्ष

नई दिल्ली नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा। मोदी ने कहा कि नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। कुर्सी जाने के डर से सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। पीएम ने कहा कि मुझे याद है जब यहां सपा की सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया। मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो उस कार्यक्रम में नहीं आए। पीएम मोदी ने कहा कि मुझे भी लोगों ने डराने की कोशिश की कि नोएडा मत जाओ मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हो। मैंने कहा इस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं जो मुझे लंबे समय तक सेवा करने का अवसर देगा। अब वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। ये पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है। किसानों का धन्यवाद प्रधानमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में किसानों की अहम भूमिका है। आज मैं विशेष रूप से अपने उन किसानों का धन्यवाद करना चाहूंगा जिन्होंने इस परियोजना के निर्माण के लिए अपनी जमीन दी है। आपके योगदान से इस पूरे क्षेत्र में विकास का एक नया दौर शुरू होने वाला है। आधुनिक कनेक्टिविटी के विस्तार से पश्चिमी यूपी में खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाएं मजबूत होंगी। अब कृषि उत्पाद वैश्विक बाजारों में और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेंगे। इथेनॉल से विदेशी मुद्रा की बचत उन्होंने कहा कि मैं अपने किसानों का एक और बात के लिए धन्यवाद करना चाहूंगा। आपके गन्ने से उत्पादित इथेनॉल ने कच्चे तेल पर देश की निर्भरता को कम किया है। यदि इथेनॉल का उत्पादन और पेट्रोल में इसकी ब्लेंडिंग (मिश्रण) न बढ़ी होती तो देश को हर साल विदेशों से 4.5 करोड़ बैरल कच्चा तेल आयात करना पड़ता। हमारे किसानों की कड़ी मेहनत ने इस संकट के दौरान देश को बड़ी राहत दी है। देश को इथेनॉल से लाभ हुआ है और किसानों को भी बहुत फायदा पहुंचा है। लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है। इथेनॉल के बिना यह पैसा विदेशों में चला जाता। 100 हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड बनाने की योजना प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार ने लगातार यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि हवाई अड्डे बनें और आम परिवारों के लिए हवाई किराया भी किफायती हो। इसीलिए हमने उड़ान योजना शुरू की। इस योजना की बदौलत पिछले कुछ सालों में 1.6 करोड़ से ज्यादा लोगों ने किफायती हवाई किराए पर यात्रा की है। हाल ही में, केंद्र सरकार ने उड़ान योजना का और विस्तार करते हुए लगभग 29000 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। आने वाले सालों में हम छोटे शहरों में 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपैड बनाने की योजना बना रहे हैं। इससे उत्तर प्रदेश को भी बहुत फायदा होगा। आम लोगों के लिए हवाई यात्रा को आसान बनाया प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी देश में हवाई अड्डा सिर्फ एक आम सुविधा नहीं होता। हवाई अड्डे प्रगति को भी उड़ान देते हैं। 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 हवाई अड्डे थे। आज देश में 160 से ज्यादा हवाई अड्डे हैं। अब बड़े शहरों के अलावा हवाई कनेक्टिविटी देश के सबसे छोटे शहरों तक भी पहुंच रही है। पिछली सरकारों का मानना ​​था कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन बीजेपी सरकार ने आम लोगों के लिए हवाई यात्रा को आसान बना दिया है।