samacharsecretary.com

परसदा में भाजपा का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, गांव-गांव बस्ती चलो अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क

बिलासपुर. ग्राम परसदा में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर “गांव-गांव बस्ती चलो अभियान” के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने गांव की बस्तियों में जाकर जनसंपर्क किया और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा का ध्वज फहराकर एवं पार्टी के महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने टोली बनाकर गांव की विभिन्न बस्तियों में भ्रमण किया और आम नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने बताया कि भाजपा का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है। इसी सोच के साथ “गांव-गांव बस्ती चलो अभियान” चलाया जा रहा है, ताकि हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे और लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके। इस अवसर पर वरिष्ठ नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी समय में पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में युवाओं, एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप जिला मीडिया प्रभारी कैलाश वस्त्रकार गनियारी मंडल उपाध्यक्ष जागेश्वर यादव महामंत्री मोहन पाटले सभापति अरुण सिंह चौहान सरपंच जगत राम साहू अमित कौशिक परमेश्वर त्रिभुवन यादव कमलेश यादव कौशिक संतोष कौशिक हनुमान केवट सुखराम कौशिक चमरा कौशिक आदि सभी भाजपा के कार्यकर्ता उपिस्थति रहे।

अरुणाचल पर चीन की हरकत पर भारत ने जताई कड़ी आपत्ति, भारतीय विदेश मंत्रालय ने दिया दो टूक संदेश

नई दिल्ली. चीन द्वारा स्थानों को मनगढ़ंत नाम दिए जाने के संबंध में मीडिया के प्रश्नों के उत्तर में विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जवाब देते हुए कहा कि भारत, चीन द्वारा भारत की भूमि का हिस्सा बनने वाले स्थानों को मनगढ़ंत नाम देने के किसी भी शरारती प्रयास को स्पष्ट रूप से खारिज करता है। चीन द्वारा झूठे दावे करने और निराधार कथाएं गढ़ने के ऐसे प्रयास इस निर्विवाद वास्तविकता को नहीं बदल सकते कि अरुणाचल प्रदेश सहित ये स्थान और क्षेत्र भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा थे, हैं और हमेशा रहेंगे। चीन की ये कार्रवाइयां भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर और सामान्य बनाने के चल रहे प्रयासों को बाधित करती हैं। चीन को ऐसे कार्यों से बचना चाहिए जो संबंधों में नकारात्मकता पैदा करते हैं और बेहतर समझ बनाने के प्रयासों को कमजोर करते हैं। चीन ने 2021 में भी अरुणाचल के 21 स्थानों के नाम बदलने का प्रयास किया चीन ने शातिराना चाल चलते हुए दिसंबर 2021 में भारत के 21 स्थानों के नाम बदलने का प्रयास किया। चीन इतना शातिर निकला कि अरुणाचल के 11 जिलों जिसमें तवांग से लेकर अंजॉ के स्टैंडर्ड नाम चीनी, तिब्बती और रोमन में जारी कर दिया था। भारत ने तब चीन के इस कदम को अस्वीकार्य बताया और कहा था कि नए नाम रख देने से जमीनी सच्चाई नहीं बदल जाती। भारत ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा। राज्यपाल ने किया था एलएसी का दौरा इससे पहले 9 अप्रैल 2026 को अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल केटी परनाइक (सेवानिवृत्त) ने गुरुवार को तवांग जिले में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास 'खेन्जेमाने' का दौरा किया था। वहां उन्होंने सैनिकों का मनोबल ऊंचा बनाए रखने और हर समय मानसिक रूप से सतर्क रहने के लिए प्रोत्साहित किया। लोक भवन के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्गम इलाकों और कठोर मौसम के बीच स्थित यह सीमा चौकी भारत की सतर्कता और जुझारूपन का प्रतीक है। राज्यपाल की इस यात्रा को देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले बलों के प्रति एकजुटता के एक सशक्त संकेत के रूप में देखा गया।  

2 दिन में किसानों को 6 करोड़ 37 लाख का भुगतान

भोपाल.  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी जारी है। जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय खरीदी केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को खरीदी केन्द्रों पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाये। उन्हें गेहूँ बेचने के लिये इंतजार नहीं करना पड़े। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अभी तक 7 हज़ार से अधिक किसानों से 3 लाख 6 हजार 190 क्विंटल गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है। दो दिन में किसानों को 6 करोड़ 37 लाख रुपए का भुगतान भी उनके बैंक खाते में किया जा चुका है। गेहूँ का उपार्जन इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में 9 अप्रैल से शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि शेष संभागों में 15 अप्रैल से गेहूँ का उपार्जन शुरू किया जायेगा। अभी तक एक लाख 90 हजार 261 किसानों द्वारा 85 लाख 12 हजार 830 क्विंटल गेहूँ के विक्रय के लिये स्लॉट बुक किये जा चुके हैं। गेहूँ खरीदी के लिये 3171 उपार्जन केन्द्र बनाये गये हैं। गेहूं की खरीदी कार्यालयीन दिवसों में होती है। उपार्जन केंद्र में किसानों के लिये गेहूं बिक्री की सभी सुविधाएं : मंत्री राजपूत खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि जिन जिलों में गेहूँ उपार्जन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, वहाँ गेहूं विक्रय की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उपार्जन केन्द्रों में छायादार स्थान में बैठने और पेय जल की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई गई है। केंद्र में बारदाने ,तौल कांटे सिलाई मशीन, कंप्यूटर, इंटरनेट, गुणवत्ता परीक्षण उपकरण और उपज की साफ सफाई के लिए पंखा, छनना आदि की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। खाद्य मंत्री राजपूत ने बताया है कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 2585 रूपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य एवं राज्य सरकार द्वारा घोषित 40 रूपये प्रति क्विंटल बोनस राशि सहित 2625 रूपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूँ का उपार्जन किया जा रहा है। गेहूँ के उपार्जन के लिये आवश्यक बारदानों की व्यवस्था की जा चुकी है। उपार्जित गेहूँ को रखने के लिये जूट बारदानों के साथ ही पीपी/एचडीपी बैग एवं जूट के भर्ती बारदाने का उपयोग किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेहूँ के सुरक्षित भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उपार्जित गेहूं में से 1लाख 5 हजार 260 क्विंटल गेहूं का परिवहन किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में गेहूँ उपार्जन के लिये इस वर्ष रिकार्ड 19 लाख 4 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3 लाख 60 हजार अधिक है। विगत वर्ष समर्थन मूल्य पर लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूँ का उपार्जन किया गया था। इस वर्ष युद्व की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद किसानों के हित में सरकार द्वारा 78 लाख मीट्रिक टन गेहूँ के उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है, जो कि पिछले वर्ष से एक लाख मीट्रिक टन अधिक है। 

IMD ने जारी किया अलर्ट, हिमाचल से केरल तक बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

नई दिल्ली देश में बारिश और आंधी का प्रहार अभी रुकने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने एक बार फिर से हिमाचल, पंजाब समेत 11 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा भी चलेगी जिससे मुश्किलें बढ़ सकती हैं । किसानों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी भारत में आकाशीय बिजली और बादल गरजने की भी चेतावनी है। वहीं, ओडिशा, छत्तीसगढ़, राजस्थान में 13 और 14 अप्रैल को लू वाली हवा टेंशन बढ़ाने वाली है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में अगर घूमने जा रहे हैं तो मौसम अपडेट जरूर पढ़ लें नहीं तो मुश्किलों में फंस सकते हैं तो चलिए जानते हैं कल देश के बाकी राज्यों में मौसम का हाल कैसा रहेगा। हम आपलोगों को जिलावार भी मौसम का हाल बताएंगे… देश के 11 राज्यों में बारिश -आंधी की चेतावनी मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, त्रिपुरा, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और केरल में मध्यम से लेकर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। किसानों से बेहद सतर्कता बरतने को कहा गया है। दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा     दिल्ली (13 अप्रैल- बारिश की कोई चेतावनी नहीं): मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 13 अप्रैल को दिल्ली में सुबह के समय तेज हवा चलेगी। हालांकि, दोपहर में तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। यूपी में कल मौसम कैसा रहेगा     उत्तर प्रदेश (13 अप्रैल- हल्की बारिश के साथ तेज हवा चलेगी): आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वी यूपी में 13 अप्रैल को तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, पश्चिमी यूपी के कई जिलों में लू वाली हवा मुश्किलें बढ़ाने वाली हैं। कल यूपी के जिन जिलों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है उनमें गौतम बुद्ध नगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी, गाजीपुर और देवरिया शामिल हैं। लखनऊ में कल अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बिहार में कल मौसम कैसा रहेगा     बिहार (13 अप्रैल- बारिश का कोई अलर्ट नहीं): बिहार वालों को कल यानी 13 अप्रैल को बारिश से राहत जरूर मिलेगी लेकिन गर्मी का रौद्र रूप देखने को मिलेगा। जिन जिलों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है उनमें पूर्वी चंपारण, पटना, पश्चिमी चंपारण, गया, जहानाबाद, बक्सर, सिवान, सारण, भोजपुर, गोपालगंज, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया और लखीसराय शामिल हैं। उत्तराखंड में कल मौसम कैसा रहेगा     उत्तराखंड (13 अप्रैल- बारिश की चेतावनी): मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड में 13 अप्रैल को ऊंचाई वाले इलाके में मध्यम बारिश और तेज हवा की चेतावनी है। उत्तराखंड के जिन जिलों में बारिश की संभावना है उनमें उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चमोली, चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ है। बारिश की वजह से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। हिमाचल में कल मौसम कैसा रहेगा     हिमाचल (13 अप्रैल- बारिश का अलर्ट): शिमला, किन्नौर, सोलन, सरमौर, लाहौल और स्पीति, चंबा, ऊना, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। वहीं, मनाली में कल अधिकतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हरियाणा में कल मौसम कैसा रहेगा     हरियाणा (13 अप्रैल- हल्की बारिश की चेतावनी): हरियाणा में 13 अप्रैल को हल्की बारिश की चेतावनी है। हरियाणा के जिन जिलों में बारिश की संभावना है उनमें अंबाला, सोनीपत, पानीपत, यमुनानगर, पंचकुला, रोहतक और कैथल शामिल हैं। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी। पंजाब में कल मौसम कैसा रहेगा     पंजाब (13 अप्रैल- बारिश का अलर्ट): पंजाब में कल यानी 13 अप्रैल को तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी है। पंजाब के जिन जिलों में बारिश की संभावना है उनमें अमृतसर, चंडीगढ़, गुरदासपुर, जालंधर, बठिंडा, पठानकोट, लुधियाना, फाजिल्का और तरनतारन शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर में कल मौसम कैसा रहेगा     जम्मू-कश्मीर (13 अप्रैल- बारिश की चेतावनी): मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 13 अप्रैल को आंधी के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर के जिन जिलों में बारिश की संभावना है उनमें श्रीनगर, पुलवामा, कुलगाम, शोपियां, बारामूला, अनंतनाग, कठुआ, उधमपुर, रियासी, रामबन, गांदरबल शामिल हैं। बारिश के चलते तापमान में 1 से 2 डिग्री की कमी देखने को मिलेगी। शहर     अधिकतम तापमान (13 अप्रैल)     न्यूनतम तापमान (13 अप्रैल) दिल्ली     34°C     22°C मुंबई     31°C     26°C चेन्नई     33°C     26°C कोलकाता     36°C     26°C लखनऊ     36°C     22°C पटना     37°C     22°C रांची     34°C     21°C भोपाल     37°C     24°C जयपुर     35°C     23°C शिमला     23°C     11°C नैनीताल     26°C     16°C राजस्थान में कल मौसम कैसा रहेगा     राजस्थान (13 अप्रैल- बारिश की कोई चेतावनी नहीं): राजस्थान में कल यानी 13 अप्रैल को बारिश की किसी तरह की संभावना नहीं है। हालांकि, राजस्थान में कल से पचंड गर्मी का कहर देखने को मिलेगा। जिन जिलों में दोपहर में लू वाली हवा चलेगी उनमें चुरू, बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, जयपुर, जोधपुर, प्रतापगढ़, अजमेर, फलौदी, हनुमानगढ़, सीकर, भरतपुर, बूंदी, उदयपुर और जैसलमेर शामिल हैं। मध्य प्रदेश में कल मौसम कैसा रहेगा     मध्य प्रदेश (13 अप्रैल- बारिश का कोई अलर्ट नहीं): मध्य प्रदेश में 13 अप्रैल को बारिश की किसी तरह की चेतावनी नहीं है। लेकिन प्रदेश में गर्मी का कहर देखने को मिलेगा। मध्य प्रदेश के जिन जिलों में गर्मी बढ़ने वाली है उनमें भोपाल, रतलाम, ग्वालियर, भोपाल, नर्मदापुरम, खरगोन, इंदौर, जबलपुर, गुना, नीमच उज्जैन, कटनी, उमरिया, रीवा, सतना और सीधी शामिल हैं। असम में कल मौसम कैसा रहेगा     असम (13 अप्रैल- भारी बारिश का अलर्ट ): असमें में 13 अप्रैल को तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। असम के जिन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है उनमें गुवाहाटी, लखीमपुर, कछार, तिनसुकिया, जोरहाट, कोकराझार, डिब्रूगढ़, करीमगंज, कामपुर और गोलाघाट … Read more

राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने शासकीय स्विमिंग पूल का किया लोकार्पण

राजगढ़.  राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रोजगार कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, मध्य प्रदेश शासन डॉ. गौतम टेटवाल ने रविवार को राजगढ़ प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय स्थित शासकीय स्विमिंग पूल का विधिवत फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री डॉ. टेटवाल ने कहा कि जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्विमिंग पूल के संचालन से युवाओं को तैराकी जैसी महत्वपूर्ण खेल गतिविधि का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा निखरेगी और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकेंगे। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्विमिंग पूल की सुविधा शुरू होने से आमजन, विशेषकर युवाओं को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध होगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

लखनऊ में गुजरात का जलवा, 7 विकेट की शानदार जीत से मुकाबला किया अपने नाम

लखनऊ.  गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को इस मुकाबले में 7 विकेट से हरा दिया है। 165 रन का टारगेट गुजरात ने 18.4 ओवर में चेज कर लिया। यह गुजरात की लगातार दूसरी जीत थी जबकि लखनऊ को इस सीजन की यह दूसरी हार थी। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 164 रन बनाए।लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से एडेन मार्करम ने सबसे ज्यादा 30 रनों की पारी खेली।उनके अलावा निकोलस पूरन ने 19 रन और अब्दुल समद ने 18 रन बनाए।अंत में मोहम्मद शमी (12*) और आवेश खान (4*) ने छोटी-छोटी पारियां खेलकर टीम का स्कोर 164 तक पहुंचाया. दूसरी तरफ, गुजरात टाइटंस की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके।उनके अलावा अशोक शर्मा ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को 1-1 सफलता मिली. बता दें कि 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम की शुरुआत अच्छी रही।शुभमन गिल और जोस बटलर ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। गुजरात टाइटंस की टीम ने 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।गुजरात टाइटंस की तरफ से जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए।उनके अलावा कप्तान शुभमन गिल ने 56 रनों की शानदार पारी खेली।वाशिंगटन सुंदर ने 21 रन और राहुल तेवतिया ने 10 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई. वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश सिंह राठी को 1-1 विकेट मिला।

अमेरिका-ईरान शांति वार्ता बिना समझौते के समाप्त, ट्रंप के बयान से बढ़ा तनाव

नई दिल्ली  अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हुई अहम शांति वार्ता बिना किसी समझौते के खत्म हो गई है। बातचीत के टूटते ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कड़ा बयान देते हुए कहा कि अमेरिका 'ईरान का जो थोड़ा बहुत बचा है, उसे भी खत्म कर देगा'। यह वार्ता 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद दोनों देशों के बीच सबसे उच्च स्तर की बातचीत मानी जा रही थी। लेकिन रविवार को यह बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई, जिससे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका फिर से गहरा गई है। हालांकि फिलहाल दोनों देशों के बीच तुरंत किसी नए हमले की खबर नहीं है, लेकिन हालात नाजुक बने हुए हैं दुनिया ने दी संयम बरतने की सलाह वार्ता के टूटने के बाद दुनिया भर के नेताओं ने अमेरिका और ईरान से अपील की है कि वे मौजूदा अस्थायी युद्धविराम का पालन करें और कूटनीतिक रास्ता अपनाएं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर दोनों देश बातचीत का रास्ता छोड़ते हैं, तो इससे पूरे पश्चिम एशिया में हालात और बिगड़ सकते हैं। इसलिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार दोनों पक्षों पर शांति बनाए रखने का दबाव बना रहा है। अमेरिका ने दिया 'अंतिम प्रस्ताव' अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी इस वार्ता में शामिल थे और बातचीत खत्म होने के बाद पाकिस्तान से लौट गए। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान के सामने अपना 'अंतिम और सबसे अच्छा प्रस्ताव' रखा था। वेंस के मुताबिक, अमेरिका चाहता था कि बातचीत के जरिए समाधान निकले, लेकिन फिलहाल यह प्रयास सफल नहीं हो सका।  

फ्लाइट सेफ्टी पर फोकस: अमृतसर एयरपोर्ट मैनेजमेंट सख्त, बर्ड-हिट और अवैध निर्माणों पर रोक

अमृतसर. अमृतसर के अंतर्राष्ट्रीय श्री गुरु रामदास जी एयरपोर्ट पर विमानों के सुरक्षित संचालन और पर्यावरण प्रबंधन को लेकर शनिवार को 'एयरपोर्ट एनवायरनमेंट मैनेजमेंट केन्द्र (ए.ई.एम.सी.) की एक महत्वपूर्ण मीटिंग का आयोजन किया गया। एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में ए.ए.आई. बिजनेस सेंटर में हुई इस बैठक में विमानों की सुरक्षा में बाधक बनने वाले कारणों पर विस्तार से मंथन किया गया। मीटिंग के दौरान नागरिक उड्डयन विभाग, स्थानीय प्रशासन व पुलिस विभाग के अतिरिक्त एक दर्जन से अधिक विभागों के अधिकारियों ने भी संयुक्त रूप से भाग लिया, ताकि इन चुनौतियों का समाधान निकाला जा सके। इस दौरान मुख्य तौर पर एयरपोर्ट निर्देशक भूपेंद्र सिंह, भारतीय वायु सेना से रिपुदमन कौर मान, कैप्टन अजय पाल सिंह, खुशबीर सिंह एस.डी.एम., एस.पी. देहाती आदित्य वारियर, सी.आई.एस.एफ से तुषार डी., जंगलात विभाग से डा. दिलप्रीत कौर, डा. जसपाल सिंह (डी.एच.ओ.), फूड सप्लाई विभाग से संदीप सिंह, इंडिगो एयरलाइंस से मैनेजर सुनंदा आले, विमानपत्तन प्राधिकरण से वरुण प्रताप, पवन, रतन सिंह, लोकल पुलिस से मैडम कलजीत कौर आदि उपस्थित रहे। पक्षियों और वन्यजीवों के खतरे पर रहा फोक्स बैठक के दौरान समिति ने इस बात पर चिंता जताई कि हवाई अड्डे के आस-पास पक्षियों और वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधि विमानों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा है। एयरपोर्ट के निदेशक भूपेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि ‘बर्ड-हिट’ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए निरंतर और प्रभावी कदम उठाना अनिवार्य है। पिछली बार जब मीटिंग 22 मई 2025 को हुई थी, जिसके बाद से अब तक के सुरक्षा उपायों की भी समीक्षा की गई। इन मुख्य मुद्दों पर हुई चर्चा एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि इस मीटिंग में पक्षियों के खतरे के साथ-साथ कई आधुनिक चुनौतियों पर भी गहनता से अध्ययन किया गया, जो लैंडिंग और टेक ऑफ से संबंधित थे। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर लैंडिंग और टेक ऑफ पर हमारी पैनी नजर रहती है। लेजर बीम का खतरा  लैंडिंग और टेक-ऑफ के समय विमानों पर लेजर लाइट डालने की घटनाओं पर रोक लगाने की बात कही गई। तर्क दिया गया कि इनसे पायलटों की दृश्यता प्रभावित होती है। अवैध ड्रोन विमान मूवमेंट के लिए खतरा  मीटिंग के दौरान हवाई अड्डे के प्रतिबंधित क्षेत्रों में अनधिकृत ड्रोन उड़ानों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। हालांकि एयरपोर्ट का प्रतिबंधित क्षेत्र बहुत सीमित है, जबकि इसके निकटवर्ती क्षेत्रों के लिए स्थानीय प्रशासन और बलों की भी जिम्मेदारी बनती है। हवाई अड्डे के आस-पास अवैध निर्माणों पर फोक्स  एयरपोर्ट परिसर के पास नियमों के विरुद्ध हो रहे निर्माण कार्यों को लेकर खुलकर चर्चा हुई। एयरपोर्ट पर उपस्थित बुद्धिजीवियों द्वारा इसे सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना गया। डायरैक्टर ने कहा कि एयरपोर्ट एक संवेदनशील स्थल है और इसका आस-पास भी अति सुरक्षित होना चाहिए। पशुओं के अवशेष व बूचड़खानों से पक्षी आकर्षित  हवाई अड्डे के आस-पास स्थित अनधिकृत झुग्गी-बस्तियों, खाने-पीने की दुकानों और अवैध बूचड़खानों को लेकर समिति ने सख्त रुख अपनाया है। मीटिंग में कहा गया कि खुले में फेंका गया कचरा, पशुओं के अवशेष, खुला सीवरेज व नालियां ही मुख्य कारण हैं, जिनसे भारी संख्या में पक्षी हवाई अड्डे की ओर आकर्षित होते हैं।

‘राजनीतिक दल से बढ़कर विचारधारा’—भाजपा पर किशन सूर्यवंशी का बड़ा बयान

भोपाल. नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी जी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत आज मध्य विधानसभा के महाराणा प्रताप मंडल में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में मुख्य वक्ता के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर सूर्यवंशी जी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं जनसेवा के मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके माध्यम से ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही, उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने एवं सेवा के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाने पर जोर दिया। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद भी हुआ, जिसमें विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श कर संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। सूर्यवंशी ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक राष्ट्रवादी विचारधारा है जिसके हम सभी संवाहक हैं इसके लिए हमारे कई नेताओं ने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया है ।

ग्रामीणों तक पहुंचा विकास: कोंडागांव में शिविर के जरिए योजनाओं का लाभ, कलेक्टर ने दिए निर्देश

कोंडागांव/रायपुर. राज्य शासन के निर्देशानुसार विकासखण्डवार जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों का लगातार आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दूरस्थ अंचलों के गांवों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते दिनों कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत जिले के सीमा पर स्थित ग्राम चुरेगांव में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों को शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता के साथ सुना। इस दौरान कलेक्टर, जिला पंचायत सदस्य श्री कपिल नाग, जनपद सदस्य श्री घसियाराम सेठिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर प्राप्त आवेदनों को जानकारी ली और निराकरण हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना है, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु ब्लॉक या जिला मुख्यालय तक न आना पड़े। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। उन्होंने श्रम पंजीयन के लाभों की जानकारी देते हुए ग्रामीण महिलाओं को आजीविका संवर्धन हेतु ई-रिक्शा योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पशुपालन विभाग की योजनाओं से जुड़ने एवं विकसित भारत जीरामजी योजना के अंतर्गत शेड निर्माण का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में ग्रामवासियों से विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर कुल 84 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर स्थल में समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को 04 ट्रायसायकल एवं 01 बैसाखी वितरित की गई। मुख्यमंत्री पेंशन सहायता योजना के अंतर्गत 03 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृत की गई। इसी प्रकार 13 आधार कार्ड, 7 जाति प्रमाण पत्र, श्रम विभाग द्वारा 11 श्रम कार्ड, खाद्य विभाग द्वारा 14 राशन कार्ड, उद्यान विभाग द्वारा 03 वर्मी बेड प्रदान किए गए। राजस्व विभाग द्वारा 15 किसान किताब, कृषि विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को रागी बीज वितरण और वन विभाग द्वारा राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक बीमा योजना के अंतर्गत ग्राम हिचका की श्रीमती सुनीता मंडावी को 02 लाख रुपए एवं ग्राम कावागांव की श्रीमती सुपोतिन कोर्राम को 30 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। साथ ही वन विभाग द्वारा 200 पौधे का भी वितरण किया गया। कलेक्टर ने लिया मड़िया पेज का आनंद कभी लाल आतंक से प्रभावित रहे चुरेगांव जैसे अंदरूनी गांव में आयोजित इस शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक पेय ‘मड़िया पेज’ की व्यवस्था की गई थी। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने ग्रामीण महिलाओं के बीच पहुंचकर मड़िया पेज का स्वाद लिया और उनकी सराहना की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम आकांक्षा नायक, तहसीलदार विजय मिश्रा, संतोष सिन्हा, जनपद पंचायत सीईओ अनुराग सिन्हा, सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।