samacharsecretary.com

झापरा सुशासन शिविर में मौके पर ही बांटे गए 35 प्रमाण पत्र

रायपुर.  कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में सुकमा जिले में सुशासन तिहार के तहत ग्राम पंचायत झापरा में सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और शासन की विभिन्न योजनाओं तथा प्रशासनिक सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। साथ ही लोगों को शासकीय योजनाओं, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। सुकमा तहसीलदार गिरीश निम्बालकर, सरपंच श्रीमती मुन्नी मड़कामी और उपसरपंच प्रवीण बारसे की मौजूदगी में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर में 8 जाति प्रमाण पत्र, 12 निवास प्रमाण पत्र, 8 किसान किताब तथा 2 नामांतरण आदेश प्रदान किए गए। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और किसानों को बड़ी राहत मिली। शिविर की एक खास उपलब्धि किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ना भी रही। यहां 5 किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन किया गया। इससे किसानों को भविष्य में डिजिटल कृषि सेवाओं और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। ग्रामीणों ने शिविर में त्वरित समाधान और एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से गांव में ही जरूरी काम पूरे हो रहे हैं, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है। सुशासन तिहार के तहत आयोजित ये शिविर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी पहल साबित हो रहे हैं।

पेट्रोल-डीजल खपत घटाने की मुहिम, पुलिस मुख्यालय ने जारी किए नए निर्देश

 नई दिल्ली  पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत और सरकारी खर्चों में कटौती को लेकर दिल्ली पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर कार्यालय की ओर से पेट्रोल-डीजल की कम खपत के लिए आदेश जारी किया गया है। जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में ईरान युद्ध के चलते मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और प्रधानमंत्री की ओर से ईंधन बचत की अपील का हवाला दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस की सभी यूनिट्स और कार्यालय की ओर से तुरंत ऐसे कदम उठाए जाएं, जिससे सरकारी वाहनों के अनावश्यक इस्तेमाल पर रोक लगाई जा सके। आदेश में कहा गया है कि केवल जरूरी कार्यों में ही वाहन का इस्तेमाल करें। बाइक और सरकारी वाहनों की पूलिंग पर जोर दिल्ली पुलिस ने बाइक पूलिंग का निर्देश दिया है। इनका उपयोग भी केवल आवश्यक कार्यों तक सीमित रहे। इसके अलावा, एक ही कोर्ट, कार्यालय या गंतव्य तक जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों से कारपूलिंग अपनाने के लिए कहा गया है। वर्चुअल मीटिंग और मेट्रो के इस्तेमाल को बढ़ावा आदेश में कहा गया है कि नियमित बैठकों, समन्वय बैठकों और समीक्षा कार्यक्रमों को अधिक से अधिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित किया जाए। जिन कार्यालयों के पास मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध है, वहां तैनात कर्मचारियों सार्वजनिक परिवहन का ही इस्तेमाल करें और ईंधन की बचत करें। VIP मूवमेंट और ईंधन खपत की निगरानी दिल्ली पुलिस ने VIP/VVIP काफिलों में वाहनों की संख्या कम से कम रखने को कहा है, ताकि सुरक्षा से समझौता किए बिना ईंधन की बचत हो सके। साथ ही सभी जिला DCP और यूनिट हेड्स को ईंधन खपत, वाहन लॉगबुक और उपयोग की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। असामान्य ईंधन खपत पाए जाने पर तुरंत जांच के लिए कहा गया है। वाहन मेंटेनेंस और खर्चों में कटौती पर फोकस आदेश में वाहनों की समय पर सर्विसिंग, टायर प्रेशर की जांच और ईंधन दक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके अलावा घरेलू यात्रा खर्चों में कटौती, अनधिकृत या फालतू यात्राओं पर रोक और अलग-अलग कार्यों को एक ही दौरे में पूरा करने की सलाह दी गई है। मेड इन इंडिया और बिजली बचत पर भी निर्देश दिल्ली पुलिस ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी खरीद और निजी उपयोग में मेड इन इंडिया उत्पादों को प्राथमिकता देने को कहा है। वहीं बिजली बचत के तहत अतिरिक्त लाइट, पंखे और अन्य उपकरण बंद रखने तथा एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने के निर्देश दिए गए हैं यह आदेश डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (जनरल एडमिनिस्ट्रेशन) आलाप पटेल ने जारी किया गया है। सभी स्पेशल CP, जिला DCP और यूनिट प्रमुखों को निर्देशों का तात्काल पालन करने का आदेश दिया गया है।

राम चरण की ‘पेद्दी’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, 4 जून 2026 को होगी वर्ल्डवाइड रिलीज

बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी 'पेद्दी' को 'वृद्दि सिनेमाज', 'माइथ्री मूवी मेकर्स' और 'आईवीवाई एंटरटेनमेंट' ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में राम चरण और जान्हवी कपूर लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म का ट्रेलर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। 'पेद्दी' का ग्रैंड प्रीमियर 3 जून को रखा गया है, जिसके बाद फिल्म 4 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 'पेद्दी' इस वक्त इंडियन सिनेमा की सबसे बड़ी और मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक बनी हुई है। फिल्म में राम चरण लीड रोल में नजर आएंगे, जबकि जान्हवी कपूर और जगपति बाबू भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। जैसे ही फिल्म के गाने, पोस्टर्स और ग्लिम्प्स सामने आए, वैसे ही 'पेद्दी' को लेकर जबरदस्त बज बन गया। अब मेकर्स ने मुंबई में एक ग्रैंड इवेंट के दौरान फिल्म का पावर-पैक्ड ट्रेलर लॉन्च कर दिया है, जिसने एक्साइटमेंट को और भी बढ़ा दिया है। 'पेद्दी' का ट्रेलर एक बड़े सिनेमैटिक स्पेक्टेकल की झलक देता है। इसमें इमोशन्स, एक्शन और देसी मिट्टी से जुड़ी कहानी देखने को मिलती है, जहां खेल लोगों की जिंदगी और कल्चर का अहम हिस्सा हैं। इससे पहले मेकर्स राम चरण के पेड्डी पहलवान और क्रिकेटर वाले लुक को रिवील कर चुके थे, लेकिन ट्रेलर में दर्शकों को उनका बिल्कुल नया अंदाज़ देखने मिला। ट्रेलर में राम चरण तीन अलग-अलग स्पोर्ट्स और तीन पूरी तरह अलग अवतारों में नजर आ रहे हैं, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट को अगले लेवल पर पहुंचा दिया है एक्शन, इमोशन्स और दमदार मोमेंट्स से भरपूर पेड्डी का ट्रेलर एक जबरदस्त सिनेमैटिक रोलरकोस्टर का वादा करता है। जान्हवी कपूर, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और सपोर्टिंग कास्ट ने भी अपने शानदार परफॉर्मेंस से गहरी छाप छोड़ी है। थिएट्रिकल रिलीज से पहले ही पेड्डी ने जबरदस्त असर दिखाना शुरू कर दिया है और हर मार्केट में फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट तेजी से बढ़ती नजर आ रही है। ओवरसीज में फिल्म का क्रेज साफ देखने मिल रहा है, जहां रिपोर्ट्स के मुताबिक, नॉर्थ अमेरिका में एडवांस बुकिंग खुलने के कुछ ही घंटों के अंदर 100K डॉलर का आंकड़ा पार हो गया, जो ऑडियंस के बीच बढ़ती डिमांड और एक्साइटमेंट को दिखाता है। फिल्म से सामने आए राम चरण के दमदार ट्रांसफॉर्मेशन्स भी फैंस के बीच बड़ा चर्चा का विषय बने हुए हैं। गांव के सिंपल क्रिकेटर से लेकर खतरनाक और दबंग 'पेद्दी' पहलवान तक, उनके अलग-अलग अवतार उनकी जबरदस्त वर्सेटिलिटी दिखाते हैं। वहीं ए.आर. रहमान का म्यूजिक भी फिल्म के क्रेज को अगले लेवल पर ले गया है। 'चिकिरी चिकिरी' ने 200 मिलियन व्यूज का शानदार आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि 'राई राई रा रा' को भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और यह गाना यूट्यूब पर 68 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर चुका है। हर नए अपडेट के साथ पेड्डी को लेकर एक्साइटमेंट लगातार बढ़ती जा रही है और फिल्म धीरे-धीरे साल के सबसे मोस्ट अवेटेड सिनेमैटिक इवेंट्स में शामिल होती नजर आ रही है। 'पेद्दी' को बुची बाबू सना ने लिखा और डायरेक्ट किया है। फिल्म में राम चरण लीड रोल में नजर आएंगे, जबकि शिवा राजकुमार, जान्हवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी अहम किरदार निभा रहे हैं। दमदार स्टारकास्ट फिल्म के स्केल और इम्पैक्ट को और बड़ा बनाती है। फिल्म को वेंकट सतीश किलारू ने वृद्दि सिनेमाज के बैनर तले प्रोड्यूस किया है, वहीं माइथ्री मूवी मेकर्स, सुकुमार राइटिंग्स और आईवीवाई एंटरटेनमेंट इसके साथ जुड़े हैं। ईशान सक्सेना फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं। आईवीवाई एंटरटेनमेंट ने साल 2020 में शुरुआत की थी और कम समय में भारत की पॉपुलर प्रोडक्शन हाउस और फिल्म राइट्स एक्वायर्स में अपनी मजबूत पहचान बना ली है। कंपनी लगातार प्रीमियम आईपी और फिल्म राइट्स का बड़ा पोर्टफोलियो तैयार कर रही है और क्रिएटिव प्रोडक्शन हाउसेस के साथ मिलकर ऐसी फिल्में बना रही है जो दुनियाभर के दर्शकों से कनेक्ट करें। फिल्म की टेक्निकल टीम भी बेहद दमदार है। ए. आर. रहमान ने म्यूजिक दिया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी आर. रत्नवेलु ने संभाली है। प्रोडक्शन डिजाइन अविनाश कोल्ला का है, एडिटिंग नवीन नूली ने की है और वी. वाई. प्रवीण कुमार एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। पेड्डी को नॉर्थ इंडिया में जियो स्टूडियोज रिलीज करेगा। धुरंधर, धुरंधर द रिवेंज और राजा शिवाजी की शानदार सफलता के बाद अब इस फिल्म को लेकर भी जबरदस्त उम्मीदें हैं। फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर 3 जून 2026 को होगा, जबकि 4 जून 2026 को यह दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

वर्ल्ड हेरिटेज रूट पर नई तकनीक: 1927 की रेल कार में लगा एयर ब्रेक सिस्टम

कालका (पंचकूला)  वर्ल्ड हेरिटेज में शामिल कालका शिमला रेल मार्ग पर चलने वाली रेल मोटर कार का सफर और सुहाना और सुरक्षित होने जा रहा हैं। इंग्लैंड से 1927 में आई रेल कार में लगने वाले वैक्यूम ब्रेक सिस्टम को रेलवे ने कहा बाय-बाय कह दिया है। अब एयर ब्रेक सिस्टम का प्रयोग किया है। इसके ट्रायल भी सफल हो गए हैं। बस अब इस रेल कार को चलाने के लिए रेल मंत्रालय की ओर से हरी झंडी का इंतजार हैं। पुराना ब्रेक सिस्टम आपात स्थिति में ज्यादा प्रभावी नहीं माना जाता था। रेलवे को नए प्रयोग की आवश्यता महसूस हुई। लंबे परीक्षण के बाद रेल कार में एयर ब्रेक सिस्टम को लगाया गया है, जोकि आपात स्थिति में ज्यादा प्रभारी होगी। इससे सैलानियों का सफर ज्यादा सुहाना होगा और सुरक्षित होगा। कालका-शिमला रेल मार्ग पर टाॅय ट्रेन की शुरुआत वर्ष 1903 में हुई थी और उस वक्त स्टीम इंजन इस ट्रेक पर चलते थे। टाॅय ट्रेन से शिमला तक पहुंचने में करीब साढ़े पांच घंटों का समय लगता है। अंग्रेजों ने इस मार्ग पर रेल सेवा को ज्यादा आरामदायक बनाने और समय की बचत के लिए वर्ष 1927 में रेल कार सेवा का प्रारंभ की थी। समय के साथ नैरो गेज पटरी पर रेल कार सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने लगी,जिससे रेल कार ने कम ही समय में देश और विदेशों में अपनी खास पहचान बनाई,जिसके चलते सैलानियों में रेल मोटर कार का जादू सिर चढ़कर बोलने लगा। रेल कार-टाॅय ट्रेन में अंतर टाॅय ट्रेन में छह डब्बे होते हैं। वर्तमान में रोजाना छह टाॅय ट्रेन कालका से शिमला जा रही है और उतनी ही वापस आ रही है। टाॅय ट्रेन शिमला तक जाने में 5.30 घंटे का समय लेती है। रेल कार में एक ही डिब्बा होता हैं। यानी ट्रेन ड्राइवर और यात्री एक साथ बैठते हैं। इसमें 12 व्यक्ति बैठ सकते हैं। ऑन डिमांड चलने वाली रेल कार चार घंटे में शिमला का सफर तय करती हैं। डेढ़ घंटे का समय बचता है। चार रेल मोटर कार वर्ष 1927 में शुरू हुई रेल कार सेवा अपनी तरह की एक खास सेवा है, लेकिन पिछले कुछ वर्षो से यह रेलवे विभाग के लिए मानो मुसीबत भी बनी हुई है। रेल कार की रिपेयर के लिए पार्ट उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। तकनीकी खामियों के चलते रेल कार कार को ट्रैक पर चलाए रखना विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती है। रेलवे विभाग के पास फिलहाल चार रेल मोटर कार है, जिसमें दो की हालत ज्यादा ठीक नहीं मानी जा सकती है, जिससे रेल कार को रेगुलर चलाने की बजाय आन डिमांड ही चलाया जा रहा है।

बस्तर के विकास कार्यों में तेजी लाने की तैयारी, सड़क-पुल परियोजनाओं पर हुई अहम बैठक

बस्तर में सड़कों और पुलों के काम में आएगी तेजी, लोक निर्माण विभाग के सचिव ने अधिकारियों व ठेकेदारों की ली बैठक  प्रगतिरत कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश कहा ठेकेदारों को हर महीने करें भुगतान, गुणवत्ता सुनिश्चित करने कार्यों का बारीकी से निरीक्षण भी करें  रायपुर  लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज कोंडागांव में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक लेकर बीजापुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव में सड़कों और पुलों के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इन कार्यों में तेजी लाते हुए दी गई समय-सीमा में काम पूरा करने को कहा। उन्होंने बरसात में सड़क संपर्क से कट जाने वाले गांवों के लिए बारहमासी सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए प्राथमिकता से प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए। कोंडागांव की कलेक्टर सुनुपुर राशि पन्ना, वन मंडलाधिकारी श्रीमती दिव्या गौतम, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता भी एम.एल. उरांव और ज्ञानेश्वर कश्यप तथा अधीक्षण अभियंता संजय सूर्यवंशी सहित तीनों जिलों के कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता भी बैठक में मौजूद थे। लोक निर्माण विभाग के सचिव ने तीनों जिलों के विभागीय अधिकारियों को किसी भी ठेकेदार का भुगतान लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर हर महीने भुगतान करने को कहा। बंसल ने ठेकेदारों से कार्यस्थलों पर आ रही समस्याओं की जानकारी अधिकारियों से साझा करने को कहा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इन समस्याओं का त्वरित समाधान कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश ठेकेदारों को दिए। विभागीय सचिव ने बैठक में लोगों की जरूरतों और उपयोगिता के आधार पर नई सड़कों और पुलों के निर्माण के प्रस्ताव प्राथमिकता से भेजने के निर्देश दिए। बस्तर के नक्सलमुक्त होने के बाद दूरस्थ और पहुंच विहीन गांवों में सड़कों व पुल-पुलियों के निर्माण तेजी से होने चाहिए। उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष के बजट में शामिल द्रुतगामी सड़कों के निर्माण के लिए 15 अगस्त तक इस्टीमेट भेजने को कहा। लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सभी अधिकारियों को भवन, सड़क एवं पुल के कार्यों और उनकी प्रगति की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण सामग्रियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए भवनों में अच्छी गुणवत्ता के खिड़की, दरवाजे, टाइल्स, सेनेटरी, नल और पेंट्स का उपयोग करने को कहा। उन्होंने केशकाल घाटी बायपास सड़क के कार्यों में तेजी लाने वन मंडलाधिकारी को जल्द से जल्द पेड़ों की कटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।  बंसल ने काम में ढिलाई बरतने वाले तथा गुणवत्ताहीन काम करने वाले ठेकेदारों के प्रति सख्ती करने को कहा। उन्होंने ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने, डिग्रेड करने तथा टर्मिनेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने मुख्यालयों में रहने, फील्ड का नियमित दौरा कर कार्यों का बारीकी से निरीक्षण करने तथा न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर शासन का जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्किट हाउसों और विश्राम गृहों का अच्छा रखरखाव सुनिश्चित करने भी कहा। निर्माणाधीन खड़कघाट पुल के कार्यों का किया निरीक्षण लोक निर्माण विभाग के सचिव बंसल ने कोंडागांव में बैठक के बाद जगदलपुर में इंद्रावती नदी पर बन रहे खड़कघाट पुल के कार्यों का निरीक्षण किया। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 44 करोड़ से अधिक की लागत से इस उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जा रहा है। बंसल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और ठेकेदार को पुल का काम पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने कार्यस्थल पर मशीनरी और मेन-पॉवर बढ़ाते हुए कार्यों में तेजी लाने को कहा।

किशोरी को भगाने के केस में तनाव बढ़ा, हरियाणा में तीन युवकों ने खाया जहर

कैथल. किशोरी के भागने के मामले में पुलिस पूछताछ के बाद तीन युवकों ने रविवार को शाम करीब चार बजे गांव चूहड़ माजरा के खेतों में कीटनाशक (चीचड़ मारने वाली दवा) दवा पी ली। तीनों युवकों का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। युवकों की पहचान गांव मूंदड़ी निवासी 22 वर्षीय मोहित, 29 वर्षीय रोहित और गांव पिलनी निवासी 25 वर्षीय गौरव के रूप में हुई है। पहले तीनों ने 40 सेकेंड की वीडियो क्लिप भी बनाई है। वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पूंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। वीडियो में तीनों युवक चार से पांच लोगों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इनमें दो लोग गांव मूंदड़ी के हैं और अन्य एक किशोरी का स्वजन है। कुछ दिन पहले सदर थाना में एक 17 वर्षीय नाबालिग को भगा ले जाने का केस दर्ज हुआ था। जिस पर नाबालिग को भगा ले जाने के आरोप हैं उसकी तीनों से जान पहचान है। बोले- इज्जत पर बात आ गई वीडियो में युवक कह रहे हैं कि अब उनकी इज्जत पर बात आ गई है। इसलिए वे तीनों बदनामी के डर से एक साथ जहर पी रहे हैं। हम पूरी सच्चाई पुलिस और किशोरी के स्वजन को बता चुके हैं। इसके बाद भी उन्हें परेशान किया जा रहा है। अगर हम मर जाते हैं तो हमारी मौत का जिम्मेदार किशोरी के स्वजन और गांव मूंदड़ी के दो लोग होंगे।

डिजिटल मोड में शिफ्ट हो रहा व्यापार, लुधियाना के व्यापारी अपनाएंगे ऑनलाइन बैठकें

लुधियाना. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के बाद अब कारोबारी जगत भी तेजी से डिजिटल कार्यप्रणाली अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उद्योगपति और व्यापारिक संगठन अपने दैनिक कार्यों में वर्चुअल मीटिंग, आनलाइन डीलर्स मीट, डिजिटल प्रेजेंटेशन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को शामिल करने की तैयारी कर रहे हैं। कारोबारियों का मानना है कि डिजिटल माध्यम से जहां पेट्रोल और डीजल की खपत कम होगी, वहीं समय की बचत के साथ कामकाज की रफ्तार और उत्पादकता में भी बढ़ोतरी होगी। औद्योगिक क्षेत्र में अब पारंपरिक बैठकों की जगह आनलाइन बैठकों को प्राथमिकता देने की योजना बनाई जा रही है। कई कंपनियां अपने अधिकारियों, डीलर्स और कर्मचारियों के साथ नियमित मीटिंग अब डिजिटल प्लेटफार्म पर आयोजित करने की तैयारी में हैं। इसके अलावा प्रोडक्ट डिस्कशन, आर्डर फाइनलाइजेशन, ट्रेनिंग सेशन और प्रेजेंटेशन जैसे कार्य भी आनलाइन किए जाएंगे। कारोबारियों का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था अपनाने से यात्रा पर होने वाला खर्च काफी कम होगा। बड़े शहरों में ट्रैफिक और समय की बर्बादी से राहत मिलेगी। वर्चुअल बैठकों से समय की बचत होगी हीरो साइकिल लिमिटेड के वाइस चेयरमैन एसके राय ने कहा कि आने वाला समय पूरी तरह डिजिटल तकनीक का है और कंपनियां इसकी भागीदारी लगातार बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश के बाद अब कई कार्य डिजिटल माध्यम से किए जाएंगे, ताकि पेट्रोल और डीजल की बचत हो सके। उन्होंने कहा कि वर्चुअल बैठकों के जरिये समय की बचत होगी और कर्मचारियों की प्रोडक्टिविटी भी बढ़ेगी। इससे व्यापारिक फैसले तेजी से लिए जा सकेंगे। डिजिटल माध्यम से आसानी से होंगे काम एवन साइकिल लिमिटेड के सीएमडी ओंकार सिंह पाहवा ने कहा कि उनकी कंपनी अब डीलर्स मीट और विभिन्न विभागों की बैठकों को आनलाइन करने पर विशेष जोर दे रही है। कई ऐसे कार्यों की पहचान की जा रही है, जिन्हें डिजिटल माध्यम से आसानी से किया जा सकता है। इससे वाहनों के इस्तेमाल को कम किया जा सकेगा और ईंधन की बचत होगी। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने प्लांट के अंदर भी पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए साइकिल और इलेक्ट्रिक व्हीकल का उपयोग बढ़ा रही है।

मीटर पूरा, टंकी आधी! राजस्थान में पेट्रोल पंपों पर ‘साइलेंट स्कैम’ का खुलासा

जयपुर  अगर आप भी अपनी गाड़ी में ईंधन भरवाते समय केवल पेट्रोल पंप के मीटर पर '0' देखकर संतुष्ट हो जाते हैं, तो यह खबर आपकी आंखें खोलने के लिए काफी है। राजस्थान में एक ऐसे शातिर 'साइलेंट स्कैम' का भंडाफोड़ हुआ है, जहां स्क्रीन पर मीटर तो पूरा चल रहा था, लेकिन आपकी गाड़ी की टंकी में तेल कम भर रहा था। उपभोक्ता मामले विभाग की औचक छापेमारी में प्रदेश के 7 शहरों में चल रहे इस बड़े खेल का खुलासा हुआ है। विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश भर के 25 पेट्रोल पंपों के कुल 43 नोजल को तुरंत प्रभाव से जब्त कर सील कर दिया है। जानिए कैसे कट रही थी आपकी जेब? जांच में सामने आया कि ये पेट्रोल पंप संचालक आधुनिक तकनीक और नोजल में हेरफेर कर हर 5 लीटर की खरीद पर 30 से 60 मिलीलीटर तक कम ईंधन दे रहे थे। दिखने में 50 ML की यह मात्रा बहुत छोटी लगती है और आम जनता को इसका अहसास भी नहीं होता, लेकिन जब दिनभर में हजारों वाहन इन पंपों पर तेल भरवाते हैं, तो यह बूंद-बूंद की चोरी हर महीने लाखों रुपये के 'महा-डाके' में बदल जाती है। विभागीय आकलन के अनुसार, सिर्फ इन चिन्हित 25 पंपों के जरिए ही जनता की जेब से हर महीने करीब 4 लाख रुपये अतिरिक्त ऐंठे जा रहे थे। इन 7 शहरों के पेट्रोल पंप पर गिरी गाज सिरोही: यहां के 7 पेट्रोल पंपों (रामपीर, पवन, करणी, देवनगरी, पार्वती दरिया, सुरेन्द्र जितेन्द्र और भगवती फिलिंग) पर 40 से 50 ML की शॉर्ट डिलीवरी मिली। यहां जनता को हर महीने 1.14 लाख रुपये का चूना लग रहा था। नागौर (11 नोजल जब्त): 4 पेट्रोल पंपों (नंदलाल राजेश कुमार, गुलाबदास आत्माराम, मारवाड़ और आर एल सिहाग) पर हर महीने करीब 378 लीटर तक तेल कम देकर 97 हजार की चपत लगाई जा रही थी। अलवर (5 नोजल बंद): सिंघल और चौधरी सर्विस स्टेशन पर हर महीने 648 लीटर तक कम ईंधन तौला जा रहा था, जिससे 91 हजार रुपये से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई है  पाली (5 नोजल बंद): मा आई जी, पूजा एचपी, पार्श्व एनर्जी और कछवा बस सर्विसेज पर जनता को 55 हजार रुपये से अधिक की चपत लग रही थी।  सीकर (4 नोजल बंद): सीएसआरबी फिलिंग स्टेशन (नायरा) पर हर महीने 216 लीटर तक शॉर्ट डिलीवरी पकड़ी गई। भीलवाड़ा (4 नोजल सील): दीपक पेट्रोलियम, शिव इंडियन ऑयल एवं श्री श्याम फिलिंग स्टेशन पर भी तेल कम देने का खेल पकड़ा गया। धोखाधड़ी करने वालों को मंत्री की सीधी चेतावनी इस बंपर कार्रवाई के बाद उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं के अधिकारों और उनकी गाढ़ी कमाई के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि पेट्रोल पंपों पर यह औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जनता को इस धोखाधड़ी से पूरी तरह बचाया जा सके।

सिवनी हवाला केस में बड़ा मोड़, SDOP पूजा पांडे को सुप्रीम कोर्ट से राहत

सिवनी  सिवनी के बहुचर्चित हवाला डकैती कांड में मुख्य आरोपी और निलंबित एसडीओपी पूजा पांडे को सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से नियमित जमानत मिल गई। शीर्ष अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार करते हुए राहत प्रदान की। इस फैसले के बाद प्रदेशभर में चर्चित यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। दरअसल, पूजा पांडे ने पहले मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन वहां से राहत नहीं मिलने पर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि याचिकाकर्ता 22 वर्षीय महिला हैं और एकल माता भी हैं। उनका दो से तीन वर्ष का बच्चा भी जेल में उनके साथ रह रहा है। इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने उन्हें नियमित जमानत दे दी। पुलिस वर्दी और सरकारी गाड़ी के इस्तेमाल से मचा था हड़कंप पूरा मामला सिवनी जिले के खैरीटेक क्षेत्र में हुई कथित हवाला रकम की लूट से जुड़ा है। जांच एजेंसियों के अनुसार करीब तीन करोड़ रुपये की हवाला राशि को बेहद सुनियोजित तरीके से लूटा गया था। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के लिए पुलिस की वर्दी, सरकारी वाहन और हथियारों का इस्तेमाल किया गया था। इसी वजह से मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गया था और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया था कि इस कथित डकैती की साजिश में पुलिस विभाग के कुछ अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल थे। मामला उजागर होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। इसके बाद सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर जांच शुरू कराई थी। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से जुड़े कई अहम खुलासे एसआईटी जांच के दौरान एजेंसियों ने मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और बैंकिंग ट्रांजैक्शन समेत कई महत्वपूर्ण प्रमाण जुटाए थे। पूछताछ में कई पुलिसकर्मियों के नाम सामने आने के बाद विभागीय कार्रवाई भी शुरू हुई। इसके बाद कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जांच में यह भी सामने आया कि पूरी वारदात को पेशेवर तरीके से अंजाम देने की तैयारी की गई थी। आरोपियों ने कथित तौर पर हवाला रकम की मूवमेंट की जानकारी जुटाई और फिर पुलिसिया रौब का इस्तेमाल करते हुए रकम पर कब्जा कर लिया। अधिकांश आरोपियों को पहले ही मिल चुकी है जमानत इस मामले में गिरफ्तार अधिकांश आरोपियों को पहले ही मध्यप्रदेश हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। वहीं, दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर बाद में निरस्त कर दी गई थी। अब मुख्य आरोपी पूजा पांडे को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद इस मामले को लेकर कानूनी और राजनीतिक चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। हालांकि, मामले की जांच और ट्रायल अभी जारी है। आने वाले समय में जांच एजेंसियों की ओर से अदालत में पेश किए जाने वाले साक्ष्य इस बहुचर्चित मामले की दिशा तय करेंगे।  

मर्डर केस का आरोपी चुनावी मैदान में, जेल से दाखिल किया नामांकन

कटघोरा/कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से राजनीति का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी है। जिस व्यक्ति पर भाजपा नेता की हत्या का आरोप है, वही अब जेल से निकलकर उसी सीट पर चुनाव लड़ने मैदान में उतर गया है, जो हत्या के बाद खाली हुई थी। मामला पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र के बिझरा सीट का है। हत्या के आरोपी मुस्ताक अहमद को बिलासपुर जेल से सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन दाखिल कराने लाया गया। हथकड़ियों में पुलिस सुरक्षा के बीच पहुंचे मुस्ताक ने जनपद सदस्य पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। 23 दिसंबर को हुई थी भाजपा नेता की हत्या बताया जा रहा है कि 23 दिसंबर को ग्राम केशलपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उन पर कुल्हाड़ी और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया था, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश प्रमुख वजह थी। मामले में मुस्ताक अहमद को मुख्य आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया गया था, जो फिलहाल जेल में बंद है। हत्या के बाद खाली सीट पर आरोपी की दावेदारी भाजपा नेता अक्षय गर्ग की हत्या के बाद बिझरा जनपद पंचायत सीट खाली हो गई थी। निर्वाचन आयोग ने यहां उपचुनाव की घोषणा की है। नामांकन के आखिरी दिन अचानक जेल वैन पहुंचने से इलाके में हलचल मच गई। लोग तब हैरान रह गए, जब हत्या के आरोपी मुस्ताक अहमद ने उसी सीट से चुनाव लड़ने के लिए अपना पर्चा भर दिया, जो अक्षय गर्ग की मौत के बाद खाली हुई थी। इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा इस घटनाक्रम के बाद बिझरा और आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।