samacharsecretary.com

आज का राशिफल 27 सितंबर: महादेव की कृपा से चमकेगा भाग्य, इन राशियों को मिलेगा लाभ

मेष राशि- कामकाज में कुछ नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। शुरुआत में काम थोड़ा ज्यादा लगेगा, लेकिन सही तरीके से योजना बनाकर चलेंगे तो स्थिति संभल जाएगी। नौकरी में किसी अधिकारी से जरूरी बातचीत हो सकती है। कारोबार में पुराने संपर्क से फायदा मिलने की उम्मीद है। पैसों को लेकर बड़ा फैसला लेने से पहले अच्छी तरह सोच लें। घर-परिवार की किसी जरूरत पर खर्च हो सकता है। प्रेम संबंध में साथी की भावनाओं को समझना जरूरी रहेगा। छोटी बात को लेकर बहस करने से बचें। परिवार के किसी सदस्य से मदद मिल सकती है। सेहत सामान्य रहेगी, लेकिन थकान को नजरअंदाज न करें। वृषभ राशि- रुका हुआ काम आगे बढ़ सकता है। नौकरी में मेहनत का असर दिखाई देगा और किसी महत्वपूर्ण काम की जिम्मेदारी मिल सकती है। कारोबार में पुराने ग्राहक दोबारा संपर्क कर सकते हैं। इससे काम बढ़ने की संभावना है। आर्थिक स्थिति ठीक रहेगी, लेकिन पैसा बचाने पर ध्यान देना जरूरी होगा। किसी को उधार देने से पहले अपनी स्थिति जरूर देखें। प्रेम जीवन में रिश्ते सहज रहेंगे। साथी के साथ किसी जरूरी मुद्दे पर खुलकर बात हो सकती है। घर में माहौल अच्छा रहेगा। किसी बड़े की सलाह काम आ सकती है। खानपान में लापरवाही करने से पेट संबंधी परेशानी हो सकती है। मिथुन राशि- बातचीत के जरिए कई काम आसान हो सकते हैं। नौकरी में सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा और किसी अटके हुए काम को पूरा करने का रास्ता निकलेगा। कारोबार में नए लोगों से संपर्क बन सकता है। कोई नया सौदा शुरू होने की संभावना है। पैसों के मामले में स्थिति सामान्य रहेगी। अचानक कोई जरूरी खर्च सामने आ सकता है, इसलिए बजट बिगाड़ने से बचें। प्रेम जीवन में पुरानी नाराजगी दूर करने का मौका मिलेगा। साथी से मन की बात कह सकते हैं। परिवार में किसी सदस्य की जिम्मेदारी आपको संभालनी पड़ सकती है। ज्यादा देर तक मोबाइल या कंप्यूटर पर काम करने से आंखों में थकान हो सकती है। कर्क राशि- कामकाज में व्यस्तता बढ़ सकती है। नौकरी में एक साथ कई जिम्मेदारियां मिलने से दबाव महसूस होगा। जरूरी काम पहले निपटाना बेहतर रहेगा। कारोबार में कोई फैसला लेने से पहले पूरी जानकारी जुटा लें। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन पुराने खर्च परेशान कर सकते हैं। घर की किसी जरूरत पर पैसा खर्च होगा। प्रेम संबंध में भावनाएं हावी रह सकती हैं। साथी की किसी बात को तुरंत गलत समझने से बचें। परिवार के किसी बड़े सदस्य का सहयोग मिलेगा। नींद पूरी न होने से थकान महसूस हो सकती है। आराम के लिए थोड़ा समय निकालना जरूरी रहेगा। सिंह राशि– काम के मामले में आत्मविश्वास बढ़ेगा। नौकरी में अपनी बात रखने का मौका मिलेगा और किसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी की कमान संभाल सकते हैं। कारोबार में नई डील को लेकर बातचीत आगे बढ़ सकती है। आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होने के संकेत हैं। अटका हुआ पैसा मिलने की उम्मीद भी बन सकती है। हालांकि अचानक खर्च होने की संभावना बनी रहेगी। प्रेम संबंध में नजदीकी बढ़ेगी। साथी के साथ भविष्य से जुड़ी कोई योजना बन सकती है। परिवार में आपकी जिम्मेदारियां बढ़ेंगी। काम के बीच लगातार व्यस्त रहने से थकान हो सकती है। आराम और नींद का ध्यान रखें। कन्या राशि– काम में छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना जरूरी होगा। नौकरी में किसी रिपोर्ट, दस्तावेज या जरूरी जानकारी की दोबारा जांच कर लें। जल्दबाजी में की गई गलती से काम बढ़ सकता है। कारोबार में लेनदेन को लेकर सावधानी रखें। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी। गैरजरूरी खरीदारी रोकना फायदेमंद होगा। प्रेम जीवन में विचारों का मतभेद हो सकता है, लेकिन बातचीत से मामला संभल जाएगा। साथी पर अपनी बात थोपने से बचें। परिवार में किसी बड़े की सलाह मिल सकती है। मानसिक थकान महसूस होने पर काम से थोड़ा ब्रेक लें। नींद पूरी करना जरूरी रहेगा। तुला राशि- सहयोग मिलने से काम आसान होगा। नौकरी में टीम के साथ मिलकर किया गया काम अच्छा परिणाम दे सकता है। अधिकारियों के साथ संबंध बेहतर बनाने का मौका मिलेगा। कारोबार में साझेदारी से जुड़ा कोई प्रस्ताव सामने आ सकता है। शर्तों को समझे बिना फैसला न लें। आर्थिक स्थिति संतुलित रहेगी। जरूरी खर्च होंगे, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रहेगी। प्रेम संबंध में मधुरता आएगी। साथी के साथ किसी पुराने मुद्दे पर बातचीत करके गलतफहमी दूर कर सकते हैं। परिवार में किसी शुभ काम की चर्चा हो सकती है। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। तनाव कम रखने की कोशिश करें। वृश्चिक राशि- काम को लेकर थोड़ा दबाव बना रह सकता है। नौकरी में पुराने काम की जिम्मेदारी फिर से सामने आ सकती है। मेहनत ज्यादा करनी पड़ेगी, लेकिन इसका फायदा आगे मिलेगा। कारोबार में बड़ा सौदा करने से पहले सभी पहलुओं को अच्छी तरह जांच लें। आर्थिक मामलों में उधारी से बचना बेहतर रहेगा। खर्चों पर नजर रखें। प्रेम संबंध में मन की बात दबाकर रखने से परेशानी बढ़ सकती है। साथी से खुलकर बात करें। परिवार के साथ समय बिताने से मन हल्का होगा। तनाव के कारण सिरदर्द या थकान हो सकती है। आराम को नजरअंदाज न करें। धनु राशि- नई योजना पर काम शुरू करने का मौका मिल सकता है। नौकरी में नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। काम बदलने या नई नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को कोई उपयोगी जानकारी मिल सकती है। कारोबार में नए संपर्क आगे चलकर फायदा दे सकते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए कोई नया रास्ता दिखाई देगा। खर्च करते समय भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखें। प्रेम जीवन में अच्छा तालमेल रहेगा। साथी के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन बाहर का ज्यादा तला-भुना खाना परेशानी बढ़ा सकता है। मकर राशि- कामकाज में अनुशासन बनाए रखना जरूरी होगा। नौकरी में समय पर काम पूरा करने का दबाव रहेगा। अधिकारियों से बातचीत करते समय अपनी बात शांत तरीके से रखें। कारोबार में पुराने ग्राहक से फायदा मिल सकता है। आर्थिक स्थिति ठीक रहेगी, लेकिन कोई बड़ा खर्च बजट बिगाड़ सकता है। पैसे को लेकर जल्दबाजी में फैसला न लें। प्रेम जीवन में साथी के साथ किसी जरूरी विषय पर बातचीत होगी। परिवार में किसी सदस्य की चिंता आपको परेशान कर सकती है। उनकी मदद के … Read more

फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का ऐलान, जोधपुर-जयपुर समेत इन शहरों के यात्रियों को मिलेगी सुविधा

 जोधपुर  त्योहारों में घर लौटने और यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। सूबेदारगंज से भगत की कोठी के बीच 1 अक्टूबर से फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा। द्विसाप्ताहिक ट्रेन दोनों दिशाओं में 18-18 फेरे लगाएगी। इससे जोधपुर, जयपुर, आगरा, मथुरा और इटावा सहित मार्ग के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 04193 सूबेदारगंज-भगत की कोठी फेस्टिवल स्पेशल 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी। यह ट्रेन सूबेदारगंज से शाम 7.25 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 5.40 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04194 भगत की कोठी-सूबेदारगंज फेस्टिवल स्पेशल 2 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। भगत की कोठी से यह ट्रेन रात 8.40 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 7.30 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी। ट्रेन का संचालन इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव से किया जाएगा। 20 डिब्बों की होगी ट्रेन सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार ट्रेन का दोनों दिशाओं में जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, अलवर, मथुरा, आगरा कैंट, फतेहाबाद, इटावा, गोविंदपुरी और फतेहपुर स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। ट्रेन में कुल 20 डिब्बे होंगे। इनमें सात एसी थ्री-टियर, सात स्लीपर, चार सामान्य श्रेणी, एक पावर कार और एक गार्ड डिब्बा शामिल है। रामदेवरा मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन बंद जोधपुर. बाबा रामदेव मेले के समापन के साथ रेलवे की ओर से संचालित मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन बंद किया जा रहा है। मेला अवधि में यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर मंडल ने विभिन्न मार्गों पर पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया। भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच दो जोड़ी तथा जोधपुर-रामदेवरा के बीच एक जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें संचालित की गईं। इसके अलावा लालगढ़-रामदेवरा के बीच फलोदी होकर दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन हुआ। श्रीगंगानगर-पोकरण के बीच संचालित मेला स्पेशल ट्रेन 26 सितंबर को अपनी अंतिम ट्रिप करेगी। साबरमती-योग नगरी ऋषिकेश ट्रेन परिवर्तित मार्ग से चलेगी जयपुर. गाजियाबाद यार्ड में तकनीकी कार्य के कारण साबरमती-योग नगरी ऋषिकेश ट्रेन परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन 19031 साबरमती-योग नगरी ऋषिकेश 4 दिसंबर को साबरमती से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन परिवर्तित मार्ग दिल्ली-दिल्ली शाहदरा-नोली-शामली-टपरी होकर संचालित होगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, नया गाजियाबाद, मोदीनगर, मेरठ कैंट, मेरठ सिटी, सकौती टांडा, मुजफ्फरनगर और देवबंद स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी।

उज्जैन में सिटी बस सेवा होगी शुरू, 12 रूट पर चलेंगी AC ई-बसें

उज्जैन   महाकाल की नगरी उज्जैन में सरकारी परिवहन सेवा का इंतजार खत्म हो गया है। दो-तीन दिनों में सिटी 2 बस सेवा फिर शुरू होने वाली है। इसके लिए शुक्रवार-शनिवार को 10 ई-बसें (Ujjain e-buses service) शहर पहुंच जाएंगी। इन बसों को सबसे पहले उज्जैन दर्शन रूट पर उतारकर सिटी बस सेवा की शुरुआत की जाएगी। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना में शुक्रवार को सीएम डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में भोपाल से कुछ जिलों में संचालन के लिए 351 बसों को झंडी दिखाई। उज्जैन की 10 सिटी बसें भी शामिल थीं। ये बसें शुक्रवार देर रात या शनिवार सुबह तक शहर पहुंच जाएंगी। इन बसों को 27 किलोमीटर से अधिक लंबे उज्जैन दर्शनी रूट पर संचालित किया जाएगा। संभावना है कि दो-तीन दिन में बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसके बाद यात्रियों को आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस इन ई-बसों मैं सुलभ सफर की सुविधा मिल सकेगी। हालांकि, अभी इसका किराया घोषित नहीं किया गया है। जल्द ही किराया और फेरों की संख्या निर्धारित की जाएगी। यूसीटीएसएल को सौंपी संचालन की कमान मप्र में बसों के संचालन के लिए मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना लिमिटेड (एमपीवायपीआइएल) नाम से राज्य स्तरीय कंपनी बनाई जा रही है। इसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री है। परिवहन सचिव मनीष सिंह है। जेएनएनयूआरएम के अंतर्गत उज्जैन में सिटी बस संचालन के लिए उज्जैन नई व्यवस्था में यूसीटीएसएल अब सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (यूसीटीएसएल) थी। एमपीवायपीआइएल के अधीन सहायक कंपनी के रूप में कार्य करेगी। इसका कार्य क्षेत्र भी बढ़ाया है। अब यूसीटीएसएल के अधीन संभाग के सभी सातों जिलों की बस सेवा रहेगी। उज्जैन से ही संभाग के जिलों की बस सेवा पर नियंत्रण रखा जाएगा। उज्जैन में संचालित ई-सिटी बसों का संचालन यूसीटीएसएल के पूर्व माध्यम से होगा। संचालन के लिए में ही निजी ऑपरेटर का चयन किया जा चुका है। शासन ने उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी को जिम्मेदारी भी सौंपी है। इस रूट पर चलेगी उज्जैन दर्शन सेवा है। उज्जैन दर्शन रूट की लंबाई 27.01 किलोमीटर है। यह सिटी बस के आंतरिक शहर के लिए निर्धारित 12 रूट में तीसरे नंबर का सबसे बड़ा रूट इसमें मेघदूत वन से बस मिलेगी। उज्जैन दर्शन रूट मेघदूत वन पार्किंग से शुरू होगा, जो महाकाल लोक, हरसिद्धि मंदिर, शिप्रा नदी, ऋणमुक्तेश्वर, भर्तृहरि गुफाएं, गढ़कालिका, काल भैरव, सिद्धवट मंदिर, मंगलनाथ मंदिर, सांदीपनि आश्रम, चिंतामन गणेश मंदिर से होते हुए पुनः मेघदूत वन पर समाप्त होगा। शुरुआत में इस रूट पर 10 बसें उतारी जाएंगी। कुछ दिनों में इस रूट पर बसों की संख्या 15 भी हो सकती है। तीन महीने में 12 रूट पर दौड़ेंगी 100 बसें शहर को सिटी बस के लिए केंद्र से कुल 100 ई-बसें आवंटित हुई है। मक्सी रोड पुराने डिपो पर ई-बस डिपो तैयार किया जा रहा है। यहां चार्जिग स्टेशन का निर्माण जारी है। एक-दो दिन में 100 में से 20 बसें उज्जैन पहुंच जाएंगी। इससे यूसीटीएसएल उज्जैन दर्शन के बाद एक-दो और रूट पर ई-बस सेवा शुरू कर देगा। संभावना है कि तीन महीने में सभी 100 बसें उज्जैन को उपलब्ध हो जाएंगी। ऐसा होने पर इस वर्ष के अंत या नए साल की शुरुआत में सभी 100 बसें निर्धारित सभी 12 रूट पर दौड़ती नजर आएंगी। ये रूट शहर के एक से दूसरे छोर को जोड़ने के साथ ही आसपास के कुछ ग्रामीण क्षेत्रों को भी उज्जैन से जोड़ रहे है। जल्द ऑन रोड होंगी बसें बस सुविधा के लिए उज्जैन की बसों को भोपाल में हरी झंडी दिखाई गई है। 10 ई-बसें उज्जैन के लिए रवाना हो गई हैं। दो तीन दिन में इन्हें ऑनरोड कर दिया जाएगा। शुरुआत उज्जैन दर्शन रूट से की जा रही है। चरणबद्ध रूप से सभी 100 ई-बसें ऑनरोड हो जाएंगी।-संदीप सोनी, सीईओ, यूसीटीएसएल 11 रूट पर मिलेंगी बसें  उज्जैन दर्शन के बाद चरणबद्ध रूप से शेष 11 रूट पर सिटी बस सेवा शुरू की जाएगी। बसें इलेक्ट्रिक होंगी. 7 सीसीटीवी कैमरों संग अन्य सुरक्षा से लैस होंगी। रूट-यू1: तपोभूमि से पान बिहार, लंबाई 33.35 किमी। रूट-यू2: रेलवे स्टेशन से कालियादेह महल, लंबाई 9.48 किमी। रूट-यूः कानीपुरा से अभिलाषा कॉलोनी, लंबाई 12.94 किमी। रूट-यू 4: देवासगेट से तपोभूमि, लंबाई 16.78 किमी। रूट-यूडः देवासगेट से ताजपुर, लंबाई 16 किमी। रूट-यू 6: देवासगेट से सांवराखेड़ी नए आरटीओ, लंबाई 8.97 किमी। रूट-यू महाकाल चौराहे से अभिलाषा कॉलोनी, 11.52 किमी। रूट-यू४: देवासगेट से नानाखेड़ा, लंबाई 4.25 किमी। रूट-यू9: अवंतिका विवि जवासिया से नानाखेड़ा, लंबाई 17.84 किमी। रूट-यू 10: देवासगेट से मरलीपुरा, लंबाई 5.03 किमी। रूट-यू11: तपोभूमि से नजरपुर, लंबाई 28.44 किमी। रूट-यू 12: उज्जैन दर्शन, लंबाई 27.01 किमी। (अभी किराया दर व रूट पर बसों की संख्या घोषित नहीं की गई

चुनाव जीतने के बाद 111 जनप्रतिनिधियों ने बदला दल, नागालैंड में सबसे ज्यादा मामले

 नई दिल्ली चुनाव जीतने के बाद नेताओं के पार्टी बदलने का सिलसिला जारी है. एक ताजा रिपोर्ट में चौंकाने वाला डेटा सामने आया है. इसमें बताया गया है क 2022 से 2026 के बीच 111 सांसदों और विधायकों ने चुनाव जीतने के बाद अपनी पार्टी बदल ली. इनमें 26 लोकसभा सांसद, 7 राज्यसभा सदस्य और 78 विधायक शामिल हैं. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और नेशनल इलेक्शन वॉच के विश्लेषण के मुताबिक, सबसे ज्यादा दल-बदल के मामले नागालैंड और पश्चिम बंगाल में सामने आए।  रिपोर्ट के मुताबिक, इस विश्लेषण में अलग-अलग तरह के दल-बदल के मामले शामिल हैं. इनमें सीधे पार्टी बदलना, पार्टियों का विलय, इस्तीफा देने के बाद उपचुनाव जीतना और अयोग्य ठहराए जाने के बाद उपचुनाव जीतना शामिल है. हालांकि, ADR ने साफ किया है कि यह सूची पूरी तरह व्यापक नहीं हो सकती, क्योंकि जनप्रतिनिधियों के पार्टी बदलने का कोई व्यवस्थित और आसानी से उपलब्ध आधिकारिक डेटाबेस नहीं है।  नागालैंड में सबसे ज्यादा दल-बदल राज्यवार आंकड़ों में नागालैंड सबसे ऊपर है. यहां 32 विधायकों ने पार्टी बदली. इसके बाद पश्चिम बंगाल में 20, तेलंगाना में 9, गोवा और पंजाब में 8-8, महाराष्ट्र और मेघालय में 6-6 और मणिपुर में 5 मामले सामने आए. नागालैंड और पश्चिम बंगाल को मिलाकर कुल 111 मामलों में करीब 47 फीसदी मामले सामने आए।  नागालैंड के 32 मामलों का बड़ा हिस्सा NDPP और NPF के बीच राजनीतिक पुनर्संयोजन से जुड़ा है. रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, NDPP से चुने गए 25 जनप्रतिनिधियों ने पार्टी बदली, जबकि NPF में 32 जनप्रतिनिधि शामिल हुए।  पश्चिम बंगाल में सभी 20 मामले लोकसभा सांसदों से जुड़े हैं. ये सभी सांसद पहले AITC यानी तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुने गए थे और बाद में NCPI में चले गए. इन सांसदों ने NCPI के साथ विलय का दावा किया है और यह मामला लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के समक्ष है।  किन पार्टियों से सबसे ज्यादा नेता गए? पार्टीवार आंकड़ों में NDPP से सबसे ज्यादा 25 जनप्रतिनिधियों ने पार्टी बदली. इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के 20 और कांग्रेस के 19 जनप्रतिनिधियों ने दल बदला. बीआरएस के 9, आम आदमी पार्टी और एनसीपी के 7-7, उद्धव गुट की शिवसेना के 6, जेडीयू के 5 और एनपीपी के 4 जनप्रतिनिधि भी पार्टी बदलने वालों में शामिल हैं. NDPP, तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस से पार्टी बदलने वाले जनप्रतिनिधियों की संख्या 64 यानी कुल 111 मामलों का करीब 58 फीसदी है।  किस पार्टी में पहुंचे सबसे ज्यादा नेता? दूसरी तरफ, पार्टी बदलने वाले नेताओं में सबसे ज्यादा 32 एनएमएफ में शामिल हुए. इसके बाद बीजेपी में 29 और एनसीपीआई में 20 जनप्रतिनिधि गए. कांग्रेस को 9, शिवसेना को 8, एनपीपी को 6 और पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल को 4 जनप्रतिनिधि मिले. एनपीएफ, बीजेपी और एनसीपीआई ने मिलकर 111 में से 81 जनप्रतिनिधियों को अपने साथ जोड़ा, जो कुल मामलों का करीब 73 फीसदी है।  तेलंगाना, गोवा और महाराष्ट्र में भी बड़ा बदलाव तेलंगाना में पार्टी बदलने के सभी 9 मामले BRS के विधायकों से जुड़े हैं. गोवा में कांग्रेस के 8 विधायक BJP में गए. महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) से चुने गए 6 लोकसभा सांसद बाद में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में चले गए।  पंजाब में 8 मामले सामने आए, जिनमें 6 राज्यसभा सदस्य और 2 विधायक शामिल हैं. मेघालय में 6, मणिपुर में 5, जबकि अरुणाचल प्रदेश और गुजरात में 4-4 मामले दर्ज हुए. हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में 2-2 तथा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, सिक्किम और उत्तर प्रदेश में 1-1 मामला सामने आया. दिल्ली में एक राज्यसभा सदस्य के पार्टी बदलने का मामला दर्ज किया गया है। 

बिहार जेल नियमों में बड़ा बदलाव, प्रधान जिला जज होंगे परिदर्शक मंडल के अध्यक्ष

 पटना  राज्य की जेलों की निगरानी व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सरकार ने बिहार कारा हस्तक के नियमों में संशोधन किया है। यह बदलाव सर्वोच्च न्यायालय के 30 जुलाई और 10 सितंबर 2026 के आदेश के आलोक में किया गया है। संशोधन के तहत नियम में जहां जिला मजिस्ट्रेट लिखा है, उसे हटाकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश किया जाएगा। यानी अब जिले में जेलों के परिदर्शक मंडल के पदेन अध्यक्ष जिला मजिस्ट्रेट की जगह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश होंगे। सभी जेलों के लिए बनेगा एक परिदर्शक मंडल संशोधित व्यवस्था के अनुसार जिले की सभी जेलों के सरकारी और गैर-सरकारी परिदर्शकों को मिलाकर एक परिदर्शक मंडल बनेगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश इसके पदेन अध्यक्ष होंगे। सरकारी और गैर-सरकारी परिदर्शक मिलकर जिले की जेलों का निरीक्षण करेंगे। परिदर्शकों को कम से कम तीन महीने में एक बार जिले की जेलों का भ्रमण करना होगा। इस दौरान जेलों की व्यवस्था और बंदियों से जुड़ी स्थिति का जायजा लिया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में संशोधन नियम में यह बदलाव सर्वोच्च न्यायालय में चल रहे भारत की जेलों में भेदभाव से संबंधित मामले में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में किया गया है। संशोधित व्यवस्था के तहत जेलों की निगरानी और निरीक्षण की जिम्मेदारी में न्यायिक स्तर पर बदलाव किया गया है।  

धान बेचने मंडी जाने से पहले जान लें नियम, ई-खरीद एप से घर बैठे बनेगा ई-गेट पास

हांसी  जिले के खेतों में लहलहा रही धान की फसल अब मंडियों की ओर बढ़ने वाली है। इस बार एक लाख 79 हजार 300 एकड़ में धान की बिजाई हुई है। रकबा बढ़ने के कारण हांसी की मुख्य अनाज मंडी और सिसाय सब यार्ड में पिछले वर्षों के मुकाबले अधिक आवक होने की संभावना है। खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के तहत सरकारी खरीद एक अक्टूबर से शुरू होकर 15 नवंबर तक चलेगी। खरीद की जिम्मेदारी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कारपोरेशन को सौंपी गई है। तीनों एजेंसियां निर्धारित दिनों में धान खरीदेंगी। हांसी मंडी में मुख्य रूप से 1509, पीआर और 1121 किस्म का धान पहुंचता है। इनमें पीआर धान को सरकारी एजेंसियां खरीदेंगी, जबकि बासमती श्रेणी की 1509 और 1121 किस्म की खरीद व्यापारी करेंगे। बढ़े हुए रकबे को देखते हुए मंडी प्रशासन के सामने खरीद, तुलाई और समय पर उठान की बड़ी चुनौती रहेगी। किसानों को गेट पास के लिए मंडी के बाहर कतार में खड़ा न होना पड़े, इसके लिए ई-खरीद एप की सुविधा दी गई है। सरकारी खरीद का लाभ लेने के लिए किसान का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य रहेगा। पंजीकरण नंबर डालकर घर बैठे बनेगा ई-गेट पास किसान को मोबाइल में ई-खरीद एप डाउनलोड कर मेरी फसल-मेरा ब्यौरा का पंजीकरण नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद एप पर किसान और उसकी पंजीकृत फसल का पूरा रिकार्ड दिखाई देगा। किसान विभागीय शेड्यूल के अनुसार मंडी में फसल लाने का दिन चुनकर ई-गेट पास तैयार कर सकेगा। मंडी पहुंचने पर क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद प्रवेश मिलेगा। एप का इस्तेमाल नहीं करने वाले पंजीकृत किसान मंडी में मोबाइल नंबर बताकर भी गेट पास बनवा सकेंगे। इस व्यवस्था से मंडी के प्रवेश द्वार पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलने की उम्मीद है। हांसी और सिसाय में तीन एजेंसियां संभालेंगी खरीद सरकारी खरीद के लिए हांसी में मुख्य यार्ड और सिसाय में सब यार्ड बनाया गया है। सिसाय केंद्र पर केवल धान खरीदा जाएगा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कारपोरेशन को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खरीद की जिम्मेदारी दी गई है। मंडी प्रशासन खरीद एजेंसी और दिन की जानकारी किसानों तक पहुंचाएगा। ढेरी की खरीद से पहले पंजीकरण, गेट पास और गुणवत्ता की जांच होगी। संबंधित विभागों को मंडियों में सफाई, बिजली, पेयजल, तुलाई और उठान की व्यवस्था समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। धान में 17, बाजरे में 13 प्रतिशत नमी स्वीकार किसानों से धान और बाजरे की फसल अच्छी तरह सुखाकर मंडी लाने की अपील की गई है। धान में अधिकतम 17 प्रतिशत और बाजरे में 13 प्रतिशत तक नमी स्वीकार की जाएगी। निर्धारित सीमा से अधिक नमी मिलने पर सरकारी खरीद नहीं होगी और किसान को फसल सुखाकर दोबारा लानी पड़ेगी। मंडी में गुणवत्ता की जांच के बाद ही ढेरी खरीद के लिए स्वीकृत होगी। किसानों के लिए अटल कैंटीन में 15 रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध रहेगी। मंडी प्रशासन ने स्वच्छ पेयजल और सुलभ शौचालय की व्यवस्था करने का भी दावा किया है।

प्रदेश में 2,262 स्थानों पर हुए 12,698 आयोजन; मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुंगेली के मदकू में कार्यक्रम में हुए शामिल

आंगन मिलन सेवा से उत्सव स्थल बने आंगनबाड़ी केंद्र, पहले दिन 97 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता प्रदेश में 2,262 स्थानों पर हुए 12,698 आयोजन; मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुंगेली के मदकू में कार्यक्रम में हुए शामिल सुपोषित थाली के प्रदर्शन के साथ माताओं और बच्चों के पोषण पर हुआ संवाद रायपुर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश में शुक्रवार से शुरू हुई ‘आंगन मिलन सेवा’ के पहले दिन आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल रहा। राज्यभर में 2,262 स्थानों पर 12,698 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 97,471 लोगों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मुंगेली जिले के मदकू में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए और माताओं एवं बच्चों के पोषण का संदेश दिया। आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती माताओं का स्वागत किया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, दालों और हरी सब्जियों का प्रदर्शन कर परिवारों को संतुलित भोजन के बारे में बताया गया। सुपोषित थाली के माध्यम से महिलाओं ने जाना कि रोजमर्रा के भोजन में विविध खाद्य पदार्थ शामिल कर माताओं और बच्चों का पोषण कैसे बेहतर बनाया जा सकता है। कार्यक्रमों में बच्चों के अभिभावकों ने भी भाग लिया और पोषण तथा मातृ स्वास्थ्य से जुड़े अनुभव साझा किए। महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थियों ने बताया कि योजनाओं से मिली सहायता से वे अपनी और अपने परिवार की जरूरतें पूरी कर पा रही हैं। आंगन मिलन सेवा के माध्यम से परिवारों और समुदाय को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ते हुए बच्चों के पोषण को साझा जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया गया।

बागेश्वर बाबा को देखने लुधियाना में जुटे हजारों लोग

लुधियाना. ग्लाडा ग्राउंड में शनिवार को आरंभ होने वाली श्री हनुमंत कथा के दौरान बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री महाराज की झलक को हर शख्स उत्सुक नजर आया। कार्यक्रम शाम को लगभग चार बजे से शुरू होगा, लेकिन श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम दोपहर 12 बजे के बाद से ही शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से आयोजन स्थल के पास से रूट डायवर्ट कर दिया गया है, ताकि लोगों को किसी तरह की समस्या न आए। हालांकि कार्यक्रम शुरू होने में अभी काफी समय है, लेकिन श्रद्धालु पहले से ही डटकर बैठ गए हैं। कुछ श्रद्धालुओं का कहना था कि वह हमेशा धीरेंद्र शास्त्री महाराज को टीवी या यू ट्यूब पर ही सुनते रहे हैं, लेकिन आज उन्हें साक्षात सुनने का अवसर मिला है, इसलिए उन्हें काफी उत्सुकता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई कार्यक्रम की जानकारी कार्यक्रम को लेकर जालंधर बाईपास स्थित माल्होत्रा रिसॉर्ट्स में आयोजन समिति की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने पांच दिवसीय हनुमंत कथा से संबंधित तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी मीडिया के साथ साझा की। आयोजकों ने बताया कि लुधियाना की धरती पर पहली बार पंडित धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसे लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। हनुमान भक्ति और श्रीराम कथा का मिलेगा संदेश मंगलम वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसायटी के अध्यक्ष वरिंदर सहगल ने कहा कि लुधियाना में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा करवाना संस्था के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को हनुमान जी की भक्ति, भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों और सनातन संस्कृति के आध्यात्मिक संदेशों से जोड़ना है। पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को पंडित धीरेंद्र शास्त्री के श्रीमुख से हनुमंत कथा सुनने का अवसर मिलेगा। कथा के माध्यम से भक्ति, संस्कार, सेवा, सद्भाव और सनातन संस्कृति से जुड़े संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार लुधियाना के अलावा पंजाब के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान: – श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था पेयजल की सुविधा चिकित्सा सहायता पार्किंग व्यवस्था सुरक्षा प्रबंध प्रवेश व्यवस्था यातायात प्रबंधन समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अलग-अलग समितियां संभालेंगी जिम्मेदारियां वरिंदर सहगल ने बताया कि आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जा रहा है। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। आयोजन समिति का प्रयास है कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और पांचों दिन धार्मिक कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हों। श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होने की अपील आयोजन समिति ने लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। समिति ने कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री के श्रीमुख से हनुमंत कथा सुनने का यह अवसर श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष रहेगा।

BSP कर्मचारियों के बोनस पर NJCS बैठक में होगा मंथन

भिलाई. सेल मैनेजमेंट ने बोनस के मुद्दे पर 1 अक्टूबर को एनजेसीएस कोर कमेटी की बैठक बुलाई है। हालांकि, 23 मार्च 2023 को सेल मैनेजमेंट ने बोनस के लिए जो फार्मूला तय किया था, उसके हिसाब से गणना करने पर 30,200 रुपए बोनस बनेगा। इसमें मैनेजमेंट चाहे तो कर्मियों के प्रोत्साहन के लिए दो से तीन हजार रुपए की बढ़ोतरी कर सकता है। एनुअल सेल परफार्मेस लीक्ड इंसेंटिव स्कीम (एएसपीएलआईएस) यानी बोनस के लिए सेल मैनेजमेंट ने 1 अक्टूबर को दोपहर 01 बजे से नईदिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में बैठक रखी है। इसमें केवल एनजेसीएस कोर कमेटी के ही सदस्यों को बुलाया गया है। सेल मैनेजमेंट ने 23 मार्च 2023 से बोनस का नया फार्मूला लागू किया। इसके तहत यदि बोनस की गणना की जाए तो यह राउंड फिगर में 30200 रुपए ही बनेगा। दरअसल, जिस फार्मूले के आधार पर बोनस की गणना अब तक की जाती रही है वह फार्मूला पाँच वर्षों के लिए बनाया गया था। यह पाँचवाँ व अंतिम वर्ष है। ऐसे में उस फार्मूले में बदलाव के लिए सेल मैनेजमेंट तैयार नहीं होने वाला है। बल्कि सेल मैनेजमेंट ने फार्मूले के हिसाब से बोनस की गणना कर ली है, वह यूनियन नेताओं को इस राशि की केवल जानकारी देने के लिए ही बुलाया है। यानी यूनियन नेताओं को बोनस के कागजात पर जाकर केवल हस्ताक्षर ही करना है। बोनस पर डिस्कशन करने की स्थिति में यूनियन नेता नहीं रहेंगे। हाँ, यूनियन नेता बेहतर प्रोडक्शन परफार्मेस और लाभ का हवाला देते हुए बोनस को बढ़ाने के लिए केवल अनुरोध कर सकते हैं। वे दबाव बनाने की स्थित में नहीं होंगे। यूनियन नेताओं के अनुरोध पर कर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए मैनेजमेंट 30200 रु. में दो-तीन हजार रु. की और बढ़ोतरी कर सकता है। यानी 32200 रु. से लेकर 33200 रु. तक बोनस मिलने की उम्मीद सेल कार्मिक कर सकते हैं।

घर बैठे मिलेगी सरकारी सेवा, छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ ‘आपके द्वार’ अभियान

​विशेष लेख ​"सेवा_संकल्प_अभियान" ​कागजी उलझनों से मुक्ति—छत्तीसगढ़ में सेवा का संकल्प पहुँचा आपके द्वार रायपुर ​छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में वर्षों से किसानों तथा भू-स्वामियों के जीवन का एक बहुत बड़ा हिस्सा कागजी दफ्तरों के चक्कर काटने और प्रशासनिक उलझनों से जूझने में बीत जाता था। नामांतरण की एक छोटी-सी अर्जी हो, जमीन का सटीक सीमांकन, प्राकृतिक आपदा के समय फसल बीमा का क्लेम हासिल करना हो या फिर कृषि विकास के लिए बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) पर लोन लेना हो—हर छोटे-बड़े काम के लिए तहसील, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी और पटवारी कार्यालयों के अनगिनत चक्कर लगाने पड़ते थे। इस पूरी जटिल प्रक्रिया के दौरान बिचौलियों का अनुचित हस्तक्षेप, अतिरिक्त आर्थिक बोझ और पड़ोसियों के साथ सीमा विवाद की निरंतर बनी रहने वाली चिंता ग्रामीण जीवन की दिनचर्या का हिस्सा बन चुकी थी। ​प्रशासनिक पहल: आधुनिक तकनीक से आई सुशासन की नई क्रांति          ​लेकिन जब प्रदेश प्रशासन ने "सेवा का संकल्प, सेवा पहुँची आपके द्वार" के मूलमंत्र को अपनी कार्यशैली में आत्मसात किया, तो छत्तीसगढ़ के राजस्व प्रशासन के इतिहास में एक युगपरिवर्तकारी क्रांति की शुरुआत हुई। इस अभियान के तहत प्रशासनिक सोच में आमूलचूल बदलाव लाया गया। अब किसान या भूमि स्वामी को अपनी वाजिब मांगों और भूमि संबंधी सुधारों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं रही, बल्कि शासन का अमला खुद आधुनिक तकनीक, अत्याधुनिक जीपीएस उपकरणों और दक्ष सर्वेयरों की समर्पित टीम लेकर ग्रामीणों के सीधे दरवाजे तक पहुँचा। इस पहल ने न केवल शासन और जनता के बीच की दूरी को मिटाया, बल्कि सुशासन और पारदर्शिता की एक नई मिसाल भी कायम की। ​डिजिटल सर्वेक्षण का विशाल दायरा और अभूतपूर्व उपलब्धियाँ           ​प्रशासन के इस दृढ संकल्प और सुनियोजित क्रियान्वयन का ही सुखद नतीजा है कि प्रदेश के सभी 33 जिलों के कुल 20,551 राजस्व ग्रामों में से 19,805 ग्रामों (लगभग 96.37%) में विस्तृत डिजिटल सर्वेक्षण का काम सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। मैदानी क्षेत्रों के प्रमुख जिलों जैसे रायपुर, महासमुंद, राजनांदगांव, कबीरधाम, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती और सूरजपुर में डिजिटल सर्वे का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।        ​दूसरी ओर, बस्तर संभाग के अत्यंत दुर्गम, वनांचल और संवेदनशील क्षेत्रों—जैसे नारायणपुर, सुकमा तथा बीजापुर—में भी अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों और हाई-प्रिसिजन जीपीएस तकनीक के जरिए शेष बचे गाँवों को मानचित्र पर सटीक रूप से दर्ज करने का काम युद्ध स्तर पर निरंतर जारी है। ​भू-स्वामियों को मिले प्रमुख ऐतिहासिक लाभ         ​प्रशासनिक दक्षता और जन-कल्याण की इस अनुपम पहल से प्रदेश के लाखों भू-स्वामियों को दशकों पुरानी असुविधाओं से स्थायी मुक्ति मिल चुकी है। डिजिटल नक्शों और सटीक सीमांकन के कारण ग्रामीण अंचलों में वर्षों से चले आ रहे भूमि संबंधी आपसी विवादों तथा कोर्ट-कचहरी के मुकदमों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अद्यतित और पारदर्शी डिजिटल रिकॉर्ड्स से पूरी राजस्व प्रणाली विश्वसनीय बनी है, जिससे दलालों और बिचौलियों का एकाधिकार पूरी तरह समाप्त हो गया है।        ​पूर्णतः त्रुटिरहित और सुधारे गए राजस्व रिकॉर्ड्स के आधार पर अब बैंक किसानों को बिना किसी अनावश्यक देरी के कृषि ऋण स्वीकृत कर रहे हैं। इसके साथ ही, किसान न्याय योजना, आपदा राहत और फसल बीमा जैसी महत्वपूर्ण शासकीय कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ बिना किसी कटौती के सीधा और समय पर वास्तविक हितग्राहियों तक पहुँच रहा है। ​आत्मनिर्भरता और आदर्श राज्य की ओर सुदृढ़ कदम         ​शत-प्रतिशत डिजिटल, पारदर्शी और त्रुटिहीन राजस्व रिकॉर्ड वाला देश का आदर्श राज्य बनने की दिशा में छत्तीसगढ़ द्वारा बढ़ाया गया यह ऐतिहासिक कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व संबल प्रदान कर रहा है। "सेवा संकल्प अभियान" ने यह साबित कर दिया है कि जब दृढ इच्छाशक्ति और आधुनिक तकनीक का मिलन होता है, तो "सेवा पहुँची आपके द्वार" का संकल्प केवल एक नारा नहीं, बल्कि धरातल पर बदलती व्यवस्था की एक जीवंत और सुखद सच्चाई बन जाता है। विष्णु प्रसाद वर्मा सहायक संचालक