samacharsecretary.com

कच्चे तेल की कीमतों ने बढ़ाया भारत पर बोझ, सात महीनों में आयात बिल 97.7 अरब डॉलर

नई दिल्ली भारत का तेल एवं गैस इंपोर्ट बिल अक्टूबर में 60 प्रतिशत बढ़कर 16 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। पेट्रोलियम मंत्रालय के तहत आने वाले पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (पीपीएसी) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली। ब्रेंट कच्चे तेल की औसत कीमत सालाना आधार पर लगभग दोगुनी होकर 124.77 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचने के चलते इम्पोर्ट बिल बढ़ा। अक्टूबर 2025 में नेट इम्पोर्ट बिल 10 अरब डॉलर था। कहां कितना हुआ खर्च हालांकि, मात्रा के हिसाब से कच्चे तेल का आयात केवल 11 प्रतिशत बढ़कर 2.33 करोड़ टन रहा। तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के आयात पर 1.3 अरब डॉलर खर्च हुए, जबकि पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात से 6.3 अरब डॉलर की कमाई हुई। क्रू़ड ऑयल ने बढ़ाया बोझ ब्रेंट कच्चे तेल की औसत कीमत सितंबर में 116.77 डॉलर और अक्टूबर 2025 में 64.75 डॉलर प्रति बैरल थी। अक्टूबर में भारतीय बास्केट के कच्चे तेल की औसत कीमत 119.91 डॉलर प्रति बैरल रही, जो एक साल पहले 65.08 डॉलर थी। अप्रैल से अक्टूबर तक एनर्जी प्रोडक्ट के आयात में कितना हुआ खर्च अप्रैल-अक्टूबर के दौरान नेट इम्पोर्ट बिल बढ़कर 97.7 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 70.3 अरब डॉलर था। इस दौरान मात्रा के हिसाब से कच्चे तेल का आयात 2.7 प्रतिशत बढ़ा, लेकिन इस पर 111 अरब डॉलर खर्च हुए, जबकि एक साल पहले यह खर्च 72.3 अरब डॉलर था। LPG की बिक्री में गिरावट पीपीएसी के आंकड़ों के अनुसार तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की खपत अक्टूबर में 12.3 प्रतिशत और अप्रैल-अक्टूबर के दौरान 15.1 प्रतिशत घट गई। एक नवंबर को सक्रिय घरेलू एलपीजी ग्राहकों की संख्या 32.6 करोड़ रही, जो एक अप्रैल के 33.4 करोड़ से कम है। सरकारी कंपनियों की घरेलू एलपीजी बिक्री अक्टूबर में 11.8 प्रतिशत और थोक एलपीजी बिक्री 49.1 प्रतिशत कम हुई। हालांकि, ऑटो एलपीजी की बिक्री में 23.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। डीजल की खपत में भी गिरावट रिपोर्ट के अनुसार डीजल की खपत में 12 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। अक्टूबर के महीने में देश में कुल 8.5 मिलियन टन डीजल की खपत हुई है। हालांकि, इस पेट्रोल की खपत में 3.5 प्रतिशत का इजाफा देखने को मिला है। कुल पेट्रोल प्रोडक्ट्स की खपत में 2.7 प्रतिशत का इजाफा अक्टूबर के महीने में दर्ज किया है। इस बढ़ोतरी के बाद अक्टूबर में 20.50 मिलियन टन के पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की खपत हुई है। नेचुरल गैस की खपत में कुल 7.27 प्रतिशत की गिरावट अक्टूबर के महीने में देखने को मिली है। इस महीने 5707 मिलियन स्टैंडर्स क्यूबिक मीटर की खपत हुई है।

दोषी ठहराए जाने के बाद भी नहीं सुधरा एपस्टीन, रूसी महिलाओं को बनाता रहा निशाना

वाशिंगटन अमेरिका ही नहीं दुनिया के कई देशों की राजनीति को हिलाने वाले यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के बारे में एक से बढ़ कर एक खुलासे हो रहे हैं। ताजा खुलासे में इस यौन अपराध के दोषी के बारे में एक और जानकारी सामने आई है कि इसने अपनी छवि सुधारने की कोशिश में रूस की कई महिलाओं को अपने जाल में फंसाया था। कई महिलाओं को जाल में फंसाया एक जांच से पता चला है कि यौन अपराध के दोषी जेफ्री एपस्टीन ने 2008 में दोषी ठहराए जाने के बाद, दुनिया के एलीट लोगों (elite) के बीच अपनी साख फिर से बनाने की कोशिश में, रूस और पूर्व सोवियत देशों से महिलाओं को अपने जाल में फंसाना जारी रखा। इस दौरान उसने देश के अमीर व्यापारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी अपने संबंध बनाए। 17 महिलाओं को बनाया निशाना रूस और पूर्व सोवियत देशों की कम से कम 17 महिलाओं को इस सेक्स-ट्रैफिकिंग नेटवर्क में शामिल किया गया था। एपस्टीन के रूसी संपर्कों की जानकारी रखने वाले दो दर्जन से अधिक लोगों के साक्षात्कार और सैकड़ों पन्नों के दस्तावेजों की समीक्षा के आधार पर, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने ये जानकारी सामने रखी। प्रभावशाली लोगों के बीच बनाई पहुंच   समाचार एजेंसी ने पाया कि रूस न केवल उसके सेक्स-ट्रैफिकिंग नेटवर्क के लिए महिलाओं का स्रोत था, बल्कि प्रभावशाली लोगों के बीच वापस लौटने का एक संभावित जरिया भी था। जांच में सामने आई इन 17 महिलाओं में से तीन ने बाद में उसके द्वारा किए गए दुर्व्यवहार और शोषण के खिलाफ न्याय की मांग की। मॉडलिंग उद्योग से शुरू हुई दिलचस्पी रूस में एपस्टीन की दिलचस्पी वहां के मॉडलिंग उद्योग से शुरू हुई। 1991 में सोवियत संघ के विघटन के बाद के वर्षों में, मॉडलिंग स्काउट्स नए टैलेंट की तलाश में पूरे इलाके में घूमे। रॉयटर्स द्वारा साक्षात्कार किए गए लोगों के अनुसार, एपस्टीन के साथ काम करने वाले फ्रांसीसी स्काउट जीन-ल्यूक ब्रुनेल ने पूर्वी यूरोप से महिलाओं को चुना और उन्हें पेरिस तथा संयुक्त राज्य अमेरिका ले आए। पूर्व मॉडल थिसिया हुइसमैन ने बताया कि सितंबर 1991 में पेरिस में ब्रुनेल द्वारा आयोजित एक पार्टी में उनकी मुलाकात एपस्टीन से हुई थी। बता दें कि 2019 में मैनहट्टन की एक जेल में एपस्टीन की मौत हो गई। उस समय उस पर नाबालिगों से जुड़े सेक्स-ट्रैफ़िकिंग के संघीय आरोप थे। हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है कि रूस में प्रभाव बढ़ाने की कोशिशों से कोई बड़ा बिज़नेस डील नहीं हुई और न ही पुतिन तक कोई स्पष्ट पहुंच बन पाई।  

चीन की दोहरी रणनीति से भारत की बढ़ी चिंता, पाकिस्तान के साथ मिलकर बना रहा सैन्य दबाव

नई दिल्ली  ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन की ओर से पाकिस्तान को मिले समर्थन ने भारत की सैन्य रणनीति और ऑपरेशनल प्लानिंग को जटिल बना दिया था। इससे भारतीय सैन्य संसाधन भी व्यस्त रहे। चीन का यह कदम हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत को अपने समकक्ष प्रतिस्पर्धी के रूप में उभरने से रोकने की रणनीति का हिस्सा था। यह दावा अमेरिकी कांग्रेस की ओर से गठित एक आयोग की ताजा वार्षिक रिपोर्ट में किया गया है। अमेरिका-चीन आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग (USCC) की रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन भारत की बढ़ती ताकत को समझता है और उसे सीमित करने के लिए कई मोर्चों पर काम कर रहा है। आयोग के अनुसार, भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है, जो अमेरिकी गठबंधन व्यवस्था से बाहर रहते हुए भी चीन के साथ दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धा को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। रिपोर्ट ने कहा कि पाकिस्तान के साथ चीन की बदलती सैन्य साझेदारी के कारण भारत के लिए दो मोर्चों पर एक साथ संभावित सैन्य चुनौती की चिंता लगातार गंभीर होती जा रही है। मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुआ संघर्ष इसका उदाहरण है। इस दौरान चीन ने सीधे युद्ध में शामिल हुए बिना पाकिस्तान की मदद की। इससे भारत की यह चिंता बढ़ी है कि भविष्य में पाकिस्तान के साथ किसी संघर्ष के हालात किस तरह विकसित हो सकते हैं भारत की चीन पर निर्भरता भी बनी चिंता का कारण रिपोर्ट में भारत की चीन पर विनिर्माण क्षेत्र में निर्भरता को भी बड़ी चिंता बताया गया है। आयोग के मुताबिक, चीन की निर्भरता का इस्तेमाल भारत पर दबाव बनाने के लिए कर रहा है। चीन ने भारत को औद्योगिक कच्चे माल, उपकरण, तकनीक और विशेषज्ञता की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगाए हैं। इसके अलावा कुछ भारतीय कंपनियों से यह प्रमाणित करने को भी कहा गया कि चीन से मिले सामान को दोबारा अमेरिका को निर्यात नहीं किया जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन की ओर से कम कीमतों पर उत्पाद उपलब्ध कराने की रणनीति ने भारत में दवा उत्पादन से जुड़ी नई इकाइयों को भी प्रभावित किया है। इससे स्पष्ट होता है कि चीन उन भारतीय आपूर्तिकर्ताओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है, जो स्थापित चीनी उत्पादकों को चुनौती दे सकते हैं। आयोग के अनुसार, भारत की ये निर्भरताएं चीन से दूर आपूर्ति शृंखला विकसित करने और उत्पादन को भारत में स्थानांतरित करने के अमेरिका के प्रयासों को भी जटिल बनाती हैं। हिंद महासागर में भी बढ़ा रहा चीन की मौजूदगी रिपोर्ट में कहा गया है कि हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की बढ़ती नौसैनिक और निगरानी गतिविधियां भारत के पारंपरिक रणनीतिक लाभ को कमजोर कर रही हैं। इससे भारतीय सेना पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। आयोग ने कहा कि चीन अब दक्षिण चीन सागर में अपनाई गई अपनी रणनीति को हिंद महासागर में भी लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके तहत समुद्र के नीचे मौजूद भौगोलिक संरचनाओं के नाम बदले जा रहे हैं। इससे भविष्य में उन क्षेत्रों पर अधिकार क्षेत्र से जुड़े दावे करने का आधार तैयार हो सकता है। क्या है अमेरिकी आयोग USCC? अमेरिका-चीन आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग (USCC) अमेरिकी कांग्रेस की ओर से वर्ष 2000 में गठित एक स्वतंत्र सरकारी एजेंसी है। इसका काम अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, आर्थिक संबंधों तथा रक्षा सहयोग के राष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ने वाले प्रभावों की निगरानी और समीक्षा करना है। आयोग हर साल अमेरिकी कांग्रेस को अपनी रिपोर्ट सौंपता है। इस रिपोर्ट में चीन की सैन्य, आर्थिक और सामरिक गतिविधियों का आकलन किया जाता है।

अग्निपथ योजना में बड़ा बदलाव, ट्रेनिंग पूरी होते ही अग्निवीर कर सकेंगे शादी

नई दिल्ली अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले अग्निवीरों के शादी के नियमों को लेकर सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। पहले अग्निवीर के तौर पर सेवा के दौरान शादी की अनुमति नहीं थी। हालांकि अब दो साल का सेवा विस्तार लेने वाले अग्निवीरों को शादी करने की भी इजाजत होगी। हालांकि ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ही वे शादी कर सकेंगे। इसे 'Second Tour of duty' कहा जाता है। जाहिर तौर पर यह अग्निवीरों के परिवार के लिए राहत की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स में विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से इसकी पुष्टि की गई है। अभी इसपर आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। पहले क्या था नियम पहले नियम यही था कि भर्ती के वक्त अग्निवीर अविवाहित होने चाहिए। इसके अलावा सेवा के दौरान भी वे शादी नहीं कर सकते। पहले भर्ती भी केवल चार साल के लिए की जा रही थीं। हालांकि अब सेवा विस्तार पाने वाले अग्निवीरों को लगभग एक महीने की ट्रेनिंग पूरी करनी होगी। इसके बाद वे शादी भी कर सकते हैं। पहले बैच को क्या-क्या मिला अग्निवीरों के पहले बैच ने चार साल की सेवा पूरी कर ली है। सबसे पहले नेवी में अग्निवीरों की भर्ती की गई थी। मेरिट के आधार पर 25 फीसदी अग्निवीरों को पर्मानेंट कर दिया गया है। वहीं बाकी को दो साल सेवा विस्तार का विकल्प दिया गया है। जल्द ही आर्मी और एयरफोर्स का पहला बैच भी 4 साल की सेवा पूरी करने वाला है। उन्हें भी इसी तरह का मौका दिया जाएगा। अभी चार नववंबर को ही केंद्रीय कैबिनेट ने दो साल के सेवा विस्तार वाले प्रस्ताल को मंजूरी दी थी। इसमें यह भी कहा गया है कि 6 साल की सेवा के बाद 75 फीसदी अग्निवीरों को परमानेंट किया जा सकता है। छुट्टी के नियमों में भी होगा बदलाव? अग्निवीरों की छुट्टी के नियमों में भी बदलाव हो सकता है। दो साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों को पहले से ज्यादा छुट्टियां दी जा सकती हैं। पहले एक साल में 30 ही छुट्टियां मिलती थीं जबकि सेवा विस्तार के बाद सालभर में 90 छुट्टियां दी जा सकती हैं। सेना अनुशासन का भी ध्यान रखेगी और जवानों की पारिवारिक जिम्मेदारियों का भी ध्यान रखेगी। सरकार जल्द ही इन बदलावों की आधिकारिक घोषणा कर सकती है। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय से भी पढ़ाई करेंगे अग्निवीर भारतीय वायु सेना और दिल्ली स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय ने वायु सेना में शामिल अग्निवीरों के लिए योग में संरचित शिक्षा और प्रमाणन के अवसरों तक पहुंच को सुगम बनाने के मकसद से हाथ मिलाया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यहां वायु सेना मुख्यालय में इस बाबत एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।