samacharsecretary.com

शुभमन गिल थे ‘कप्तान-इन-वेटिंग’? पूर्व चयनकर्ता का दावा—2023 में ही हो गया था फैसला

नई दिल्ली  शुभमन गिल को जब एशिया कप 2025 से पहले भारत की टी20 टीम का उपकप्तान घोषित किया गया था तो साफ हो गया था कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई उनको तीनों फॉर्मेट के कप्तान और भारतीय क्रिकेट के नए पोस्टर ब्वॉय के रूप में देख रहा है। शुभमन गिल को पहले ही टेस्ट और वनडे टीम की कप्तानी सौंपी जा चुकी थी और अब संभावित रूप से टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद वे टी20 टीम के कप्तान भी होंगे। हालांकि, इस बीच एक बड़ा ही सनसनीखेज दावा पूर्व सिलेक्टर सलील अंकोला ने किया है। उनका कहना है कि बीसीसीआई ने 2023 में ही मन बना लिया था कि रोहित शर्मा से कप्तानी शुभमन गिल को सौंपी जाएगी।   जब विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा कप्तान बने तो वह 30 की उम्र को पार कर चुके थे। सभी को पता था कि रोहित ज्यादा समय तक कप्तान नहीं रहेंगे। इस बीच गिल के रूप में एक बड़ा विकल्प बीसीसीआई को मिला, जिन्होंने टेस्ट कप्तान के तौर पर अपनी पहली सीरीज में ही दमदार प्रदर्शन किया और एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में 2-2 से बराबरी कराई। शुभमन गिल को कप्तान बनाने का फैसला एकाएक नहीं लिया गया था, बल्कि बोर्ड और सिलेक्टर्स ने पहले ही रोहित के उत्तराधिकारी के रूप में गिल को पहचान लिया था। 2023 में खूब रन गिल ने बनाए थे। पूर्व BCCI सिलेक्टर सलिल अंकोला ने खुलासा किया है कि बोर्ड ने 2023 में समय आने पर रोहित की जगह लेने के लिए गिल को एक उम्मीदवार के तौर पर सोचा था। विकी लालवानी के यूट्यूब चैनल पर सलिल अंकोला ने कहा, "हमने हमेशा सोचा था कि गिल कप्तान बनेंगे। हमने 2023 में ही उन्हें इस रोल के लिए सोचा था, हमें विश्वास था कि वह कमान संभाल लेंगे। सेलेक्टर्स सिर्फ कोच और कप्तान से ही नहीं, बल्कि दूसरे सीनियर खिलाड़ियों से भी सुझाव लेते हैं। उन्हें भी लगा कि वह सही आदमी हैं, यहां तक कि उन खिलाड़ियों को भी जो पहले रिटायर हो चुके थे।" जैसे ही रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा तो शुभमन गिल को बिना देरी किए सिलेक्टर्स और बीसीसीआई ने कप्तान घोषित कर दिया। अगली वनडे सीरीज आई तो उसमें भी कप्तान शुभमन गिल थे। इसके पीछे का कारण ये था कि बोर्ड को 2027 वर्ल्ड कप के लिए कप्तान चुनना था, क्योंकि रोहित शर्मा सिर्फ वनडे फॉर्मेट में एक्टिव थे, लेकिन उनकी उम्र 38 के पार हो चुकी थी। इसके साथ-साथ अपनी कप्तानी में इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज में 756 रन बनाकर उन्होंने दिखा दिया कि वे कप्तानी के बोझ में दबेंगे नहीं। गिल ने इसे साबित कर दिखाया एक टेस्ट और 20 वनडे इंटरनेशनल मैच खेलने वाले अंकोला ने आगे बताया, "यह एक सामूहिक फैसला है। सबने यह महसूस किया और उसने इंग्लैंड में इसे साबित भी किया। क्या शानदार सीरीज थी उसकी! इतने दबाव में, अगर वह इंग्लैंड में 750 रन बनाता है, तो यह उसकी मानसिक क्षमता दिखाता है। लोग कहेंगे कि किसी और को कप्तान होना चाहिए था या किसी और को वापस लाना चाहिए। इंसान बहुत असंतुष्ट आत्माएं होते हैं। आप कितना भी अच्छा करें, वे उसमें कुछ न कुछ बुराई ढूंढ ही लेंगे। लोगों को लगता है कि उन्हें सब कुछ पता है।"  

क्या यही थी हार की जड़? कटक मैच पर साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज का बड़ा खुलासा

कटक  साउथ अफ्रीका को भारत के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शर्मनाक हार मिली। साउथ अफ्रीका की टीम अपने सबसे कम स्कोर 74 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद साउथ अफ्रीका की टीम के बल्लेबाजी कोच एशवेल प्रिंस ने अपनी टीम के बल्लेबाजों पर हार का ढीकरा फोड़ा है और कहा है कि भारत के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण की चुनौती का जवाब देने में हमारे बल्लेबाज नाकाम रहे।   दक्षिण अफ्रीका की टीम 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 12.3 ओवर में 74 रनों पर ढेर हो गई। इस तरह भारत को 101 रनों से बड़ी जीत मिली। भारत और श्रीलंका में अगले साल सात फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के लिए यह चिंता का विषय है। एशवेल प्रिंस ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस तरह के बल्लेबाजी प्रदर्शन के बाद जाहिर है कि यह एक ऐसा विभाग है, जिसमें हमें जल्द से जल्द सुधार करना होगा।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘भारतीय गेंदबाजी आक्रमण बहुत मजबूत है और उन्होंने हमारे बल्लेबाजों के सामने कड़ी चुनौती पेश की। हमारे बल्लेबाज इस चुनौती का जवाब देने में नाकाम रहे।’’ प्रिंस ने इस मैच में करारी हार के लिए बल्लेबाजों को दोषी ठहराते हुए कहा कि पिच मिल रही उछाल को बहाना नहीं बनाना चाहिए, क्योंकि वे अपने घरेलू मैदानों पर उछाल भरी विकेटों पर खेलने के आदी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि टी20 क्रिकेट में 180 से कम का कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। विकेट से थोड़ी उछाल मिल रही थी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका में हम इस तरह के विकेट पर खेलने के आदी हैं। भारतीय गेंदबाजों ने हमारे सामने चुनौती पेश की और हम उसका जवाब नहीं दे पाए।’’ इस मैच में अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की जमकर तारीफ करते हुए प्रिंस ने कहा कि यह ऑलराउंडर शांत स्वभाव का है और छक्के लगाने में माहिर है। उन्होंने कहा, ‘‘हार्दिक ने शानदार पारी खेली। मुझे लगता है कि हमें उन्हें बहुत श्रेय देना चाहिए। वह चोट से उबरकर वापस आए हैं और उन्होंने अच्छी वापसी की। उन्होंने हमारे गेंदबाजों को दबाव में रखा।’’  

BCCI ने IPL 2026 Auction लिस्ट में किया बदलाव, बड़ी गलती को सुधारा

नई दिल्ली IPL 2026 Auction से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई से एक बड़ी गलती हो गई थी। ऑक्शन में शामिल कुछ खिलाड़ियों को अनजाने में फाइनल लिस्ट से बीसीसीआई ने बाहर कर दिया था। हालांकि, कुछ ही घंटे बाद बीसीसीआई ने अपनी गलती में सुधार किया और 9 नए खिलाड़ियों को फाइनल लिस्ट में जगह दे दी। 350 खिलाड़ियों को ऑक्शन के लिए बीसीसीआई ने फाइनल किया था, जिसमें 9 नए नाम जुड़ने के बाद लिस्ट 359 खिलाड़ियों की हो गई है। अबू धाबी में 16 दिसंबर होने वाले मिनी ऑक्शन के लिए 1300 से ज्यादा खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन किया था, जिसमें से 1000 के करीब खिलाड़ी बाहर कर दिए गए हैं। नए खिलाड़ियों में IPL विनर स्वास्तिक चिकारा, जिन्हें हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रिलीज किया है और वीरनदीप सिंह शामिल हैं, जो इस साल के ऑक्शन पूल में एसोसिएट देश (मलेशिया) के एकमात्र खिलाड़ी हैं। जोड़े गए अन्य सात खिलाड़ी त्रिपुरा के ऑलराउंडर मनीषंकर मुरासिंह, चामा मिलिंद (हैदराबाद), के.एल. श्रीजीत (कर्नाटक), एथन बॉश (दक्षिण अफ्रीका), क्रिस ग्रीन (ऑस्ट्रेलिया), राहुल राज नमला (उत्तराखंड) और विराट सिंह (झारखंड) हैं। 359 खिलाड़ियों की इस फाइनल लिस्ट में 247 खिलाड़ी भारतीय हैं, जबकि 112 ओवरशीज प्लेयर हैं। हालांकि, सिर्फ 77 स्लॉट ही भरे जाने हैं। इस तरह 200 से ज्यादा खिलाड़ी फिर भी अनसोल्ड रहने वाले हैं। इनमें भी 31 विदेशी खिलाड़ी आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने में सफल हो सकते हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स यानी केकेआर के पास सबसे ज्यादा 64.30 करोड़ रुपये का पर्स है और उन्हें 13 खिलाड़ियों की जगह भरनी है, उसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के पास 43.4 करोड़ रुपये हैं। उनके पास 9 स्लॉट खाली हैं। बीसीसीआई की ओर से एक और गलती ये हुई थी कि दिल्ली में जन्मे निखिल चौधरी को बोर्ड ने इंडियन अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर फाइनल लिस्ट में जगह दी थी, लेकिन वे अब ऑस्ट्रेलिया में सेटल हो चुके हैं और वहां के लिए डोमेस्टिक क्रिकेट खेलते हैं। ऐसे में उनकी कैटेगरी ऑस्ट्रेलियन अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर बदली गई है, जो पहले इंडियन अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर थी। निखिल चौधरी बिग बैश लीग में खेल चुके हैं।

सूर्या ब्रिगेड का बेहतरीन प्रदर्शन, हार्दिक की बैटिंग और बॉलिंग ने साउथ अफ्रीका को 101 रनों से दी मात

कटक  कटक के बाराबती स्टेडियम में मंगलवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच खेला गया. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 101 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल की. ये टी20 सीरीज दो महीने बाद शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम है. इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. भारत ने साउथ अफ्रीका के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा था. हार्दिक पंड्या ने नाबाद 59 रनों की पारी खेली थी. लेकिन इसके जवाब में उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 13वें ओवर में ही 74 के स्कोर पर ढेर हो गई. ऐसी रही साउथ अफ्रीका की पारी 176 के जवाब में उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही. पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर अर्शदीप ने क्विटन डिकॉक को चलता किया. डिकॉक खाता भी नहीं खोल सके. इसके बाद तीसरे ओवर में अर्शदीप ने स्टब्स को भी चलता किया. स्टब्स के खाते में 14 रन आए. छठे ओवर की पहली ही गेंद पर अक्षर पटेल ने कप्तान एडेन मार्करम को आउट कर दिया. मार्करम 14 रन बना सके. सातवां ओवर लेकर हार्दिक पंड्या आए. उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर मिलर को आउट कर दिया. यानी 50 रनों के भीतर ही अफ्रीका को चौथा झटका लगा. इसके बाद 8वें ओवर में वरुण ने साउथ अफ्रीका को 5वां झटका दिया. इसके बाद 10वें ओवर में वरुण ने जानसेन को भी बोल्ड कर दिया और साउथ अफ्रीका को छठा झटका दिया. जानसेन ने 12 रन बनाए. 11वें ओवर में बुमराह ने ब्रेविस को आउट किया. इस विकेट के साथ ही बुमराह के टी20 करियर में 100 विकेट भी पूरे हो गए. इसी ओवर में बुमराह ने केशव महाराज का भी विकेट झटका. 12वें ओवर में अक्षर ने साउथ अफ्रीका को 9वां झटका दिया. इसके बाद अगले ही ओवर में शिवम दुबे ने साउथ अफ्रीका को 74 पर ढेर कर दिया. ऐसा रहा गेंदबाजों का प्रदर्शन   भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो अर्शदीप ने 2 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट लिए. वहीं बुमराह ने 3 ओवर में 17 रन दिए और 2 विकेट लिए. वरुण ने 3 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए. अक्षर को भी दो सफलता मिली. जबकि हार्दिक और शिवम दुबे को 1-1 विकेट मिले. पहले बात हार्दिक पंड्या की हार्दिक पंड्या ने 74 दिनों के बाद टीम इंडिया के लिए वापसी की थी. एशिया कप में लगी चोट के चलते वह बाहर हुए थे. लेकिन इस मैच में उन्होंने क्या वापसी की. 12वें ओवर में जब हार्दिक बल्लेबाजी के लिए उतरे तो भारत की हालत ठीक नहीं थी. उस वक्त भारत का स्कोर 78-4 था. लेकिन हार्दिक ने 6 चौके और 4 छक्के लगाकर 59 रनों की नाबाद पारी खेली और 25 गेंदों में फिफ्टी जड़ दी. उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 175 रन बनाए.वहीं, हार्दिक का जलवा गेंदबाजी में भी दिखा. हार्दिक ने दो ओवर में केवल 16 रन दिए और एक विकेट झटका. टी20 में विकेटों के शतक से अब वो केवल एक विकेट ही दूर हैं. भारतीय गेंदबाजों का शिकंजा इस मैच की सबसे खास बात ये रही की भारत का हर गेंदबाज प्रभावी रहा. कप्तान सूर्या ने इस मैच में 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और सभी ने विकेट झटके. अर्शदीप को दो, बुमराह-वरुण और अक्षर को 2-2 विकेट मिले. वहीं, हार्दिक और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली. बुमराह ने इसी के साथ टी20 करियर में 100 विकेट पूरे किए. तीनों फॉर्मेट में 100 से अधिक विकेट लेने वाले वो दुनिया के कुछ चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं. भारत की ये जीत क्यों है खास भारत की ये 101 रनों की जीत कई मायनो में खास है. दो महीने बाद भारत को टी20 वर्ल्ड कप खेलना है. इसके लिए भारत के पास अब सिर्फ 9 मैच बचे हैं. यानी तैयारियों के लिए हर मुकाबला अहम है. भारत को 4 मैच साउथ अफ्रीका के साथ खेलना है, जबकि न्यूजीलैंड के साथ जनवरी में 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. इसके बाद 7 फरवरी से वर्ल्ड कप शुरू हो जाएगा. उससे पहले भारत की ये जीत उसके मनोबल को बढ़ाने वाली है. ऐसी रही भारत की पारी  कटक टी20 में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और शुभमन ग‍िल महज 4 रन बनाकर पहले ही ओवर में लुंगी एनग‍िडी की गेंद पर आउट हो गए. कुछ देर बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव भी भी 11 रन बनाकर लुंगी की गेंद पर पवेल‍ियन लौट गए. 6 ओवर के बाद भारत का स्कोर 40-2 था. 7वें ओवर में भारत को तीसरा झटका लगा, जब अभिषेक शर्मा 17 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद तिलक वर्मा और अक्षर पटेल में अच्छी साझेदारी पनप रही थी. लेकिन 12वें ओवर में तिलक वर्मा 26 रन बनाकर आउट हो गए. 14वें ओवर में भारत को 5वां झटका लगा जब अक्षर पटेल 23 रन बनाकर आउट हो गए.   इसके बाद हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे के बीच अच्छी साझेदारी हुई. दोनों के बीच 19 गेंदों में 33 रनों की साझेदारी हुई. लेकिन 18वें ओवर में शिवम दुबे आउट हो गए. शिवम ने 11 रन बनाए. हार्दिक पंड्या ने 25 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की. हार्दिक ने 28 गेंद में नाबाद 59 रनों की पारी खेली. जिसके दम पर भारत ने साउथ अफ्रीका के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा.    

मेगा मैराथन का महाकुंभ: कोलकाता में उतरेंगे 23,000 धावक, सितारों की चमक दिखेगी ट्रैक पर

कोलकाता दो बार के ओलंपिक और तीन बार के विश्व चैंपियन जोशुआ चेप्टेगी सहित दुनिया भर के 23000 से अधिक धावक 21 दिसंबर को यहां होने वाली 10वीं टाटा स्टील वर्ल्ड 25के (25 किलोमीटर) कोलकाता दौड़ में भाग लेंगे। युगांडा के चेप्टेगी और महिला वर्ग में गत चैंपियन सुतूम असेफा केबेडे इस दौड़ का मुख्य आकर्षण होंगे जिसे विश्व एथलेटिक्स की तरफ से गोल्ड लेबल रोड रेस का दर्जा हासिल है। प्रमोटर प्रोकैम इंटरनेशनल ने भी इस बार 1:11:08 (एक घंटा, 11 मिनट, 08 सेकंड) का विश्व रिकॉर्ड तोड़ने वाले किसी भी एथलीट को 25,000 अमेरिकी डॉलर का बोनस देने की घोषणा की है। इस दौड़ की कुल पुरस्कार राशि 142,214 डॉलर है, जिसमें पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं के लिए बराबर की पुरस्कार राशि रखी गई है। शीर्ष तीन स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 15,000 डॉलर, 10,000 डॉलर और 7,000 डॉलर का इनाम मिलेगा। प्रतियोगिता का नया रिकार्ड बनाने वाले खिलाड़ियों को 5,000 डॉलर का अतिरिक्त बोनस भी मिलेगा। चेप्टेगी (29 वर्ष) ने 10,000 मीटर में लगातार तीन विश्व खिताब जीते हैंं और उनके नाम चार विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। पिछले वर्ष दिल्ली हाफ मैराथन और इस वर्ष बेंगलुरु में आयोजित टीसीएस वर्ल्ड 10के (10किमी) के विजेता चेप्टेगी के नाम पर अब भी 5000 किमी और 10000 किमी के विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। पुरुषों की सूची में एक और महत्वपूर्ण खिलाड़ी तंजानिया के अल्फोंस फेलिक्स सिम्बू भी शामिल हैं। सितंबर में तोक्यो में विश्व चैंपियनशिप में मैराथन में जीत हासिल करने वाले सिम्बू कोलकाता में चेप्टेगी को कड़ी चुनौती देंगे। महिला वर्ग में इथियोपिया की स्टार सुतूम असेफा केबेडे ने पहली बार 2015 में बर्लिन में 25 किलोमीटर का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। वह यहां खिताबी हैट्रिक पूरी करने की कोशिश करेगी। उन्हें हमवतन डेगिटू अजीमेरॉव तथा युगांडा की ओलंपिक फाइनलिस्ट सारा चेलंगट और कीनिया की एग्नेस कीनो से कड़ी चुनौती मिलने की संभावना है।  

अश्विन का अचानक सरप्राइज! सनी लियोनी की तस्वीर पोस्ट कर मचाई सनसनी

नई दिल्ली  भारतीय दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट किया, जिसे देखकर फैंस हैरान रह गए। अश्विन ने अपने एक्स (X) अकाउंट पर बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी की एक तस्वीर शेयर की, जिसके साथ उन्होंने चेन्नई की ‘साधू स्ट्रीट’ की फोटो भी लगाई। पोस्ट देखते ही लोगों ने सवालों की बाढ़ लगा दी—आखिर अश्विन क्या बताना चाहते हैं? दरअसल अश्विन की यह पोस्ट तमिलनाडु के ऑलराउंडर सनी संधू के लिए एक मज़ाकिया टिप्पणी थी, जिन्होंने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपना टी-20 डेब्यू किया है। फैंस उलझे, लेकिन असली मैसेज था बेहद मजेदार कुछ ही देर में फैंस समझ गए कि अश्विन का पोस्ट दरअसल तमिलनाडु के युवा ऑलराउंडर सनी संधू को एक ‘चीकी’ शाउटआउट था। सनी संधू ने हाल ही में सायेद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार पारी खेलकर सबका ध्यान खींचा था। सनी संधू का धमाका — 9 गेंद में 30 रन अहमदाबाद में खेले गए मैच में संधू ने सिर्फ 9 गेंद में 30 रन उड़ा दिए और साई सुदर्शन (101* रन) के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। युवा खिलाड़ी की यह पारी फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स दोनों को खूब पसंद आई। सोशल मीडिया पर आए मजेदार रिएक्शन अश्विन का पोस्ट वायरल होते ही यूज़र्स ने मजेदार कमेंट्स की बौछार कर दी: "अंग्रेजी में सनी, तमिल में संधू – सनी संधू क्रिकेटर!", "Ashwin bhai, गलत अकाउंट से पोस्ट कर दिया क्या?","जो समझ नहीं पा रहे, पोस्ट सनी संधू के लिए है…" IPL 2026 ऑक्शन में बढ़ सकती है डिमांड सनी संधू ने IPL 2026 मिनी ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया है। उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपये है, और जिस फॉर्म में वह हैं, उनके ऊपर कई टीमों की नज़र पड़ सकती है। सायेद मुश्ताक अली ट्रॉफी: सुपर लीग लाइन-अप फाइनल टूर्नामेंट के लीग मैच खत्म हो चुके हैं और अब सुपर लीग की टीमें तय हैं: ग्रुप A: मुंबई, आंध्र ग्रुप B: हैदराबाद, मध्य प्रदेश ग्रुप C: पंजाब, हरियाणा ग्रुप D: राजस्थान, झारखंड फाइनल 18 दिसंबर, पुणे में खेला जाएगा।  

कार्लोस अल्काराज ने मियामी में प्रदर्शनी मैच में बिखेरा जलवा

मियामी विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने यहां मियामी आमंत्रण प्रदर्शनी टेनिस टूर्नामेंट में अपना जलवा दिखाकर दर्शकों को रोमांचित किया। अल्काराज ने जब कोर्ट पर कदम रखा तो तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई दी और मेजर लीग बेसबॉल के मियामी मार्लिंस के घरेलू मैदान लोनडेपो पार्क में प्रदर्शनी मैच में दर्शकों ने स्पेन के इस खिलाड़ी को सिर आंखों पर बिठाए रखा। यह पहला अवसर था जबकि लोनडिपो पार्क में कोई टेनिस मैच खेला गया। इस प्रदर्शनी मुकाबले में ब्राजील के जोआओ फोन्सेका तथा अमेरिका की महिला स्टार अमांडा अनिसिमोवा और जेसिका पेगुला ने भी हिस्सा लिया। ⁠ अल्काराज ने विश्व में 24वीं रैंकिंग वाले फोन्सेका को एक रोमांचक एकल मुकाबले में 7-5, 2-6, 10-8 से हराया। पहली बार यह दोनों खिलाड़ी एक दूसरे का आमना सामना कर रहे थे। इससे पहले अनिसिमोवा ने पेगुला को 6-2, 7-5 से हराया था। अल्काराज और पेगुला ने मिश्रित युगल में 10 अंकों के टाईब्रेकर में अनिसिमोवा और फोन्सेका को हराया। अल्काराज ने मैच से पहले कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि लोग लोग हमारे मुकाबले का भरपूर आनंद लेंगे। मुझे लगता है कि हमें इस तरह के स्टेडियम और कोर्ट में खेलते देखना रोमांचक है।’’  

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास आयोजित मैराथन में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया

मेंढर/जम्मू जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास मंगलवार को सेना द्वारा आयोजित की गई मैराथन में सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। भीमबेर गली ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर राहुल कुमार ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई और युवाओं को फिटनेस को जीवन शैली के रूप में अपनाने और सशस्त्र बलों में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि यह मैराथन दूसरी बार आयोजित किया जा रहे मेंढर महोत्सव का हिस्सा थी। यह महोत्सव 23 नवंबर को शुरू हुआ और 11 दिसंबर को समाप्त होगा। ⁠ अधिकारी ने बताया कि चुनौतीपूर्ण भूभाग और संवेदनशील स्थान होने के बावजूद इस मैराथन में 1,500 से अधिक धावकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि फिटनेस के अलावा मैराथन नागरिकों और सेना के बीच आपसी संबंध मजबूत करने सशक्त माध्यम बन गया है।  

कप्तान सूर्या का जलवा! दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टूट सकते हैं तीन बड़े रिकॉर्ड

नई दिल्ली  भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर मैदान पर धमाल मचाने उतरेंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान भारतीय कप्तान के नाम कई उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। बुधवार से शुरू होने वाली टी20 सीरीज में सूर्यकुमार एक के बाद एक तीन बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर सकते हैं। सूर्यकुमार यादव के पास टी20 इंटरनेशनल में तीन हजार रन पूरा करने का मौका है। वह रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को कटक में खेला जाएगा।   भारत के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को टी20 इंटरनेशनल में 3000 रन पूरे करने के लिए 246 रनों की जरूरत है। अगर सूर्यकुमार यादव यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो वह रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद टी20 इंटरनेशनल में 3000 या उससे अधिक रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। टी20 क्रिकेट में भी सूर्यकुमार यादव के पास एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका है। वह 9000 रन पूरा करने से सिर्फ 59 रन दूर हैं।   सूर्यकुमार यादव अगर पहले मुकाबले में 59 रन बना लेते हैं तो वह विराट कोहली, रोहित शर्मा और शिखर धवन जैसे दिग्गजों के साथ 9000 टी20 रन पूरे करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। सूर्यकुमार यादव खेल के सबसे छोटे प्रारूप में बड़े शॉट खेलने के लिए भी मशहूर हैं। सूर्यकुमार यादव ने टी20 क्रिकेट में 394 छक्के लगाए हैं उन्हें 400 तक पहुंचने के लिए केवल 6 छक्कों की जरूरत है। अफ्रीका के खिलाफ कटक के बाराबती स्टेडियम में होने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से पूर्व, मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव सहित टीम इंडिया के चार सदस्य मंगलवार को श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। सूर्यकुमार ने अपनी पत्नी देविषा शेट्टी के साथ कड़ी सुरक्षा के बीच 12वीं शताब्दी के इस मंदिर में प्रवेश किया।  

तेंदुलकर ने गुरशरण को किया याद, हाथ में फ्रैक्चर के बावजूद मैदान में आए ताकि शतक पूरा कर सकूं

मुंबई  सचिन तेंदुलकर ने मंगलवार को पूर्व भारतीय खिलाड़ी गुरशरण सिंह के उस जज्बे को याद किया जिसमें वह 1989-90 में दिल्ली के खिलाफ ईरानी कप मैच में शेष भारत के लिए हाथ में फ्रैक्चर के बावजूद 11वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ताकि मास्टर ब्लास्टर अपना शतक पूरा कर सके।  वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने शेष भारत को 309 रनों से हरा दिया था। इस मैच में टीम के लिए सिर्फ तेंदुलकर ही डट कर बल्लेबाजी कर सके। उन्होंने नाबाद 103 रन की पारी खेली जबकि भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज डब्ल्यूवी रमन 41 रनों के साथ दूसरे सर्वोच्च स्कोरर थे। शेष भारत की टीम ने 554 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 209 रनों पर 9 विकेट गंवा दिए थे।  भारत, दिल्ली और पंजाब के पूर्व खिलाड़ी गुरशरण इसके बाद हाथ में फ्रैक्चर के बावजूद 11वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और तेंदुलकर का साथ दिया। दोनों ने अंतिम विकेट के लिए 36 रन जोड़े। तेंदुलकर का शतक पूरा होने के बाद गुरशरण रिटायर आउट हो गए। इस तरह शेष भारत की दूसरी पारी 245 रन पर सिमटी।  तेंदुलकर ने एक कार्यक्रम में कहा, ‘जैसा कि कहा जाता है, वादे निभाने के लिए होते हैं। मुझे लगता है कि मैं एक कदम आगे जाकर कहूंगा कि वादे निभाने के लिए होते हैं, लेकिन उन्हें पूरा भी करना होता है… और यही हमारा ‘डीएनए' है। मुझे एक घटना याद है। बहुत पहले 1989 में जब मैं ईरानी ट्रॉफी खेल रहा था। यह भारत के लिए चुने जाने से पहले एक ट्रायल मैच जैसा था। मैं 90 रन के आस पास बल्लेबाजी कर रहा था, और मेरे साथी गुरशरण सिंह को चोट लग गई थी। उनके हाथ में फ्रैक्चर था और उन्हें बल्लेबाजी नहीं करनी थी।'  तेंदुलकर ने कहा, ‘चयन समिति के अध्यक्ष राज सिंह डूंगरपुर ने हालांकि उन्हें मैदान पर जाकर बल्लेबाजी करने और अपने साथी (तेंदुलकर) का साथ देने के लिए कहा। गुरशरण आए और उन्होंने मुझे शतक तक पहुंचने में मदद की और उसके बाद मैं भारत के लिए खेलने के लिए चुन लिया गया।' उन्होंने कहा, ‘इसके बाद गुरशरण भी भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बने।' तेंदुलकर ने कहा कि भारत के लिए टेस्ट और वनडे में एक-एक मैच खेलने वाले गुरशरण का यह कदम उनके दिल को छू गया। तेंदुलकर ने कहा, ‘मैंने मैदान पर और ड्रेसिंग रूम में उनका बहुत-बहुत शुक्रिया अदा किया क्योंकि फ्रैक्चर हाथ के साथ मैदान पर उतरना उनके लिए बहुत बड़ी बात थी।'