samacharsecretary.com

‘लव एंड वॉर’ पर संजय लीला भंसाली का बड़ा संकेत, फिल्म में दिखेगा उनका खास विज़न

मुंबई, बॉलीवुड फिल्मकार संजय लीला भंसाली का कहना है कि वह अपनी आने वाली फिल्म ‘लव एंड वॉर’ के जरिये कुछ खास करने की कोशिश कर रहे हैं संजय लीला भंसाली को भारतीय सिनेमा के सबसे बेहतरीन और विजनरी डायरेक्टर्स में से एक माना जाता है। वह अपनी फिल्मों की भव्यता और कहानी कहने के अंदाज़ से इंडियन फिल्मों को ग्लोबल लेवल पर ले जाने के लिए जाने जाते हैं। कई सुपरहिट क्लासिक फिल्में देने के बाद, अब वह अपने करियर के सबसे बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में से एक, 'लव एंड वॉर' की तैयारी कर रहे हैं। इस ग्रैंड हिस्टोरिकल ड्रामा में पहली बार बॉलीवुड के बड़े सितारे आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और विक्की कौशल एक साथ लीड रोल में नजर आएंगे। दर्शक इस फिल्म की थिएटर रिलीज का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि अपने जन्मदिन पर भी भंसाली ने सेट पर ही रहना पसंद किया और पूरी तरह 'लव एंड वॉर' के काम में डूबे रहे। अपने जन्मदिन पर काम करने को लेकर उन्होंने कहा, "काम ही वो चीज है जिससे मेरी पहचान बनती है। जब मेरे पास काम नहीं होता, तो मुझे खुद की कोई वैल्यू महसूस नहीं होती। एक आर्टिस्ट के तौर पर अब मैं पहले से ज्यादा निडर हो गया हूँ और रिस्क लेने के लिए तैयार हूँ। आज मैं 5 या 10 साल पहले के मुकाबले ज्यादा मेहनत कर रहा हूँ। मैं हर दिन करीब 20 घंटे काम करता हूँ और मुझे इसमें मजा आ रहा है।" प्रोजेक्ट के बारे में ज्यादा जानकारी न देते हुए उन्होंने कहा, "मैं यहाँ कुछ खास करने की कोशिश कर रहा हूँ।" हाल ही में, संजय लीला भंसाली ने 'लव एंड वॉर' के लिए दो बहुत बड़े म्यूजिकल सीक्वेंस शूट किए हैं, जिससे इस प्रोजेक्ट को लेकर लोगों की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। अपनी ग्रैंड विजुअल स्टोरीटेलिंग के लिए मशहूर भंसाली ने यह पक्का किया है कि इन गानों की कोरियोग्राफी शानदार हो, मूवमेंट्स दमदार हों और स्टेजिंग बिल्कुल नई हो, जो फिल्म की वॉर-एरा लव ट्रायंगल वाली इमोशनल कहानी से गहराई से जुड़ी हो। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल जैसी पावरहाउस तिकड़ी के साथ भंसाली के हाथ मिलाने की खबर ने जबरदस्त हलचल पैदा कर दी है। ऐसे में इस बड़े कोलैबोरेशन को अभी से सिनेमा की एक ऐतिहासिक घटना के रूप में देखा जा रहा है।  

आदिवी शेष ने दो अलग-अलग किरदारों को साथ निभाने पर की बात

मुंबई, अभिनेता आदिवी शेष इस समय दो बिल्कुल अलग दुनिया वाली फिल्मों ‘डकैत और जी 2’ में काम कर रहे हैं। इन दोनों प्रोजेक्ट्स के ज़रिए आदिवी शेष अपने अभिनय की अलग-अलग झलक दिखा रहे हैं।डकैत में वह एक देसी, ग्रामीण और भावनाओं से भरे किरदार में नज़र आएंगे। यह फिल्म कच्ची, धूल-भरी और कठोर दुनिया को दिखाती है, जहां उनका किरदार हालात और जज़्बात के बीच जीने की लड़ाई लड़ता है। यह कहानी भावनाओं और इंसानी संघर्ष पर आधारित है।वहीं जी 2 में उनका अंदाज़ बिल्कुल अलग है। इसमें वह एक स्मार्ट, स्टाइलिश और ग्लोबल इंटेलिजेंस स्पाई के रूप में नज़र आएंगे। यह किरदार दिमाग, रणनीति और बड़े स्तर की कहानी पर आधारित है। आदिवी शेष ने इन दोनों अलग किरदारों को एक साथ निभाने पर कहा, “मुझे सबसे ज़्यादा जो चीज़ उत्साहित करती है, वह है इन दोनों दुनियाओं का अलग होना। डकैत में सब कुछ भावनात्मक, सहज और पूरी तरह देसी है।यह जीने की जंग, दर्द और इंसानी फैसलों की कहानी है। वहीं जी2 में तरीका बिल्कुल अलग है। यह ज़्यादा रणनीतिक, नियंत्रित और इंटेलिजेंस पर आधारित है, जो एक स्टाइलिश और ग्लोबल दुनिया में सेट है। इन दोनों मानसिकताओं के बीच बदलाव करना रचनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण है, लेकिन यही मेरे लिए इस दौर को खास और संतोषजनक बनाता है।” एक तरफ मिट्टी और संघर्ष से जुड़ी कहानी, तो दूसरी तरफ इंटेलिजेंस और रणनीति की तेज दुनिया। आदिवी शेष एक बार फिर साबित कर रहे हैं कि वह अपनी पीढ़ी के सबसे बहुमुखी और दमदार कलाकारों में से एक हैं।  

The Bluff Review: प्रियंका के हॉलीवुड एक्शन ने देसी ‘एनिमल्स’ को किया पसीने-पसीने, देखें रिव्यू

मुंबई  देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा अमेजन प्राइम की फिल्म 'द ब्लफ़' में जिस अवतार में हैं, वो न जाने कितने मेल एक्टर्स का ड्रीम रोल है. फिल्म में प्रियंका कुछ को खंजर-तलवार से काट दे रही हैं. कुछ को जिंदा फूंक दे रही हैं. और कितनों को तो उन्होंने सीधा बम से उड़ा दिया है. हालांकि, एक-आध बार आप सोच सकते हैं कि उनका शिकार करने आए एक मीडियम साइज पाइरेट शिप में इतने ज्यादा आदमी फिट कैसे हुए! मगर ये सब बातें अभी साइड रखते हैं. जब प्रियंका इतनी भौकाली एक्शनबाजी के साथ अल्टिमेट पाइरेट अवतार में जलवाफरोश हों, तो कितने बंदे कट-पिट रहे हैं इससे क्या फर्क पड़ता है. आने दो. एक आइलैंड, एक पाइरेट और एक परिवार पाइरेट कैप्टन कॉनर (कार्ल अर्बन) ने आदतन समंदर में दिखी एक अनजान शिप पर कब्जा कर लिया है. जिसके कैप्टन टी एच बॉडेन (इस्माइल क्रूज कॉर्डोवा) के पास कॉनर को एक गोल्ड बिस्किट मिला है. सालों पहले कॉनर की पाइरेट गैंग से उसके एक साथी ने बगावत की थी और बक्सा भर सोना लेकर फरार हो गया था. बॉडेन के पास मिला बिस्किट उसी बक्से वाला है. सालों से अपना वो माल और उस गद्दार साथी को तलाश रहा कॉनर का अगला टारगेट अब वो आइलैंड है, जहां बॉडेन का घर है. घर में बॉडेन की बहन है, एक विकलांग बेटा है. इन्हें संभाल रही है बॉडेन की बीवी एरसेल (प्रियंका चोपड़ा). इन्हें उठाने गए कॉनर गैंग के पहले जत्थे को बहुत बुरी तरह 10 ही मिनट में पता चल जाता है कि एरसेल को सिर्फ एक हाउसवाइफ समझकर उन्होंने कितनी बड़ी गलती की है. गलतियां तो ठीक हो जाती हैं, पर उसके लिए आदमी जिंदा होना चाहिए. ईश्वर बेचारों की आत्मा को शांति दे. कॉनर की गैंग को जल्द ही पता चलने वाला है कि एरसेल कौन है, क्या कर सकती है और किस हद तक कर सकती है. उन पर होने वाली ये ज्ञानवर्षा स्टाइलिश, धारदार एक्शन और बिग स्क्रीन हीरोइज्म का शानदार शाहकार है. यहां 'ब्लफ़' भूगोल का शब्द है. समंदर की उफान मारती लहरों की काट-छांट से किनारे की जमीन में गुफानुमा खाली जगहें बन जाती हैं. बॉडेन के आइलैंड पर ऐसे ही एक 'ब्लफ़' में कॉनर गैंग का शिकार होना है. इसीलिए फिल्म का टाइटल है 'द ब्लफ़'. एक्शन का जलवा, राइटिंग का हलवा मार्वल की सुपरहीरो फिल्में और एक्शन थ्रिलर्स लेकर आने वाले रूसो बंधुओं के मामले में ये गारंटी रहती है कि एक्शन सांसें रोक देने वाला होगा. कॉनर के बंदों की एरसेल से पहली 'मीटिंग' का एक्शन सच में सांसें रोक देने वाला लगता है. दो वजहों से. एक तो आपको अनुमान नहीं है कि ऐसा होने वाला है और फाइट सीन्स का डिजाइन वाकई दमदार है. लेकिन जब आपको पता लग चुका है कि एरसेल क्या करने वाली है, तो आगे का सहारा यही बचता है कि एक्शन डिजाइन लगातार और धांसू होता जाए. 'द ब्लफ़' में ऐसा थोड़ा कम हुआ है. फ्रैंक ई फ्लावर्स ने प्रियंका की एक्शन स्टार इमेज को एक लेवल और ऊंचा तो किया है. प्रियंका ने ये जिम्मेदारी अपने मजबूत कंधों पर खूब संभाली भी है. मगर इस एक्शन हाइवे के दाएं-बाएं थोड़ी माहौलबाजी के लिए कोई खोखा-टपरी नहीं है. कॉनर से डरने की एक ही वजह है कि खुद प्रियंका का किरदार उससे घबराता है. इसके अलावा कॉनर के पीछे ऐसा कोई सबप्लॉट नहीं है, जो उसका जलवा बताता हो. वो तो कार्ल अर्बन खुद इतने स्टाइलिश स्वैग वाले एक्टर हैं कि अपने काम से आपका ध्यान बांधे रखते हैं. प्रियंका के रहस्यमयी किरदार की बैकस्टोरी भी थोड़ी और गहराई चाहती थी. कॉनर के सेकंड इन कमांड ली (टेमुएरा मॉरिसन) और एरसेल का इंटरेक्शन माहौल बना रहा था. इसे फिल्म थोड़ा और एक्सप्लोर करती तो मजा आ जाता. हॉलीवुड में लंबे समय से कोई पाइरेट फिल्म नहीं बनी है. 'द ब्लफ़' ये कमी स्टाइलिश तरीके से पूरी तो करती है, पर एक बेहतरीन पाइरेट फिल्म बनने से कुछ मीटर पीछे रह जाती है. कुल मिलाकर 'द ब्लफ़' बहुत जल्दी तय कर लेती है कि उसे प्रियंका और कार्ल के फेस-ऑफ पर ही रहना है. उसे प्रियंका के किरदार का करंट खतरनाक अंदाज ही दिखाना है, पास्ट स्ट्रगल्स पर ज्यादा ध्यान नहीं देना. इसलिए कई किरदारों और बैकस्टोरीज को अधपका छोड़ दिया गया है, जिससे आधी फिल्म 'ये होता तो मजा आ जाता' अंदाज में देखनी पड़ती है. लेकिन ये कमी प्रियंका से इस बात का जरा भी क्रेडिट नहीं छीन सकती कि वो एक अल्टिमेट एक्शन स्टार हैं. और उनका ब्लडी पाइरेट अवतार 'द ब्लफ़' देख डालने की पर्याप्त वजह है.

AI के दुरुपयोग पर सख्त कोर्ट: जुबिन नौटियाल केस में दिल्ली हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला

नई दिल्ली मशहूर गायक जुबिन नौटियाल की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने उनकी पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए एआई प्लेटफॉर्म्स और ऑनलाइन माध्यमों पर सख्त रोक लगाने का अंतरिम आदेश दिया है। यह आदेश दिल्ली हाईकोर्ट की एकल पीठ ने पारित किया, जिसकी अध्यक्षता जस्टिस तुषार राव गेडेला ने की। कोर्ट ने कहा, "जुबिन नौटियाल एक प्रसिद्ध और लोकप्रिय कलाकार हैं और पहली नजर में उनका मामला मजबूत है। अगर इस पर रोक नहीं लगाई जाती, तो उनकी छवि और पहचान को ऐसा नुकसान होगा, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती।" जुबिन नौटियाल ने अपनी याचिका में बताया कि उनका नाम, आवाज, गाने का खास अंदाज, स्वर और गायिकी की तकनीक, हाव-भाव, तस्वीरें, हस्ताक्षर और पूरी पहचान उनके व्यक्तित्व अधिकारों का हिस्सा हैं। उनका कहना था कि इन सभी चीजों का इस्तेमाल उनकी अनुमति के बिना किसी भी तरह से करना कानून के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ एआई प्लेटफॉर्म्स उनकी आवाज और चेहरे की नकल करके फर्जी ऑडियो और विजुअल कंटेंट बना रहे हैं। मशीन लर्निंग और जनरेटिव एआई की मदद से ऐसे कंटेंट तैयार किए जा रहे हैं, जो बिल्कुल असली जैसे लगते हैं और इससे आम दर्शक या श्रोता आसानी से धोखा खा सकता है और यकीन कर सकता है कि खुद जुबिन नौटियाल उस कंटेंट से जुड़े हैं, जबकि वास्तव में ऐसा नहीं है। इसके अलावा, जुबिन ने कोर्ट को बताया कि कई ऑनलाइन मार्केटप्लेस पर उनके नाम और तस्वीर वाले पोस्टर, डिजिटल आर्टवर्क और अन्य सामान बेचे जा रहे हैं। इन उत्पादों को मेरा समर्थन दिखाते हुए पेश किया जा रहा है। इस तरह का झूठा प्रचार उनकी छवि और विश्वसनीयता को प्रभावित करता है। इन सभी तथ्यों पर विचार करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि कोई भी एआई प्लेटफॉर्म, वेबसाइट या अन्य संस्था सीधे या परोक्ष रूप से जुबिन नौटियाल के व्यक्तित्व अधिकारों का इस्तेमाल नहीं करेगी। इसमें विज्ञापन, डोमेन नेम, एआई वॉयस मॉडल, सिंथेटिक वॉयस, डिजिटल अवतार, डीपफेक या फेस मॉर्फिंग जैसी तकनीकें शामिल हैं। यह रोक सोशल मीडिया, वेबसाइट्स और मेटावर्स जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी लागू होगी। कोर्ट ने ऑनलाइन इंटरमीडियरीज और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को यह निर्देश भी दिया कि वे ऐसे सभी लिंक, पोस्ट, वीडियो और ऐप्स को तुरंत हटाएं या ब्लॉक करें, जो जुबिन नौटियाल के अधिकारों का उल्लंघन कर रहे हैं। साथ ही, इन प्लेटफॉर्म्स को उन लोगों या संस्थाओं की उपलब्ध जानकारी साझा करने को कहा है, जो इस तरह का कंटेंट चला रहे हैं। इस आदेश को सही तरीके से लागू करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और दूरसंचार विभाग को भी मामले में शामिल किया गया है। कोर्ट ने सभी प्रतिवादियों को समन जारी करते हुए उन्हें 30 दिनों के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। अब यह मामला सर्विस और प्लीडिंग्स पूरी करने के लिए 28 अप्रैल को जॉइंट रजिस्ट्रार के सामने लिस्ट किया गया है और दिल्ली हाई कोर्ट 25 अगस्त को इस पर सुनवाई करेगा।

तारा सुतारिया ने किया अपना सपना पूरा, दिखाया नए घर का पहला दृश्य

मुंबई   अभिनेत्री तारा सुतारिया अपने काम से ज्यादा निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों का हिस्सा रहती हैं। उन्होंने हाल ही में नया घर ले लिया है। सोमवार को अभिनेत्री ने इसकी कुछ झलक अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की। तस्वीरों में वे अपने आलिशान घर में बैठी और शानदार अंदाज में पोज देती दिख रही हैं। अभिनेत्री ने अपने घर के रंग से मैच करते हुए साड़ी पहन रखी है। अभिनेत्री ने लिखा, "नई शुरुआत के नाम…अपने पहले घर में ढेर सारी हंसी और प्यार के साथ और साल 2026 का खुले दिल और बाहों के साथ स्वागत करते हुए।" अभिनेत्री का पोस्ट सभी को पसंद आ रहा है। उनके फैंस और दोस्त कमेंट सेक्शन पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कृष्णा श्रॉफ ने लिखा, "ब्यूटिफुल।" अभिनेत्री का करियर काफी शानदार रहा है। भले ही तारा कम फिल्मों में नजर आई हैं, लेकिन वह अपनी मौजूदगी से दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ती हैं। तारा अभिनेत्री होने के साथ कमाल की गायिका भी हैं। उन्होंने अपना करियर गायिकी से ही शुरू किया था। सबसे पहले वे एक टीवी शो में गायिकी के लिए नजर आई थीं और फिर 'द सूट लाइफ ऑफ करण एंड कबीर' व 'ओए जस्सी' में अभिनय किया। फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2' के जरिए तारा ने बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसके लिए फिल्मफेयर ने उन्हें बेस्ट डेब्यूडेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया। अभिनेत्री जल्द ही साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप' में नजर आई थी। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली है। इसी दिन रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' भी रिलीज होगी। दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया गया है, जिसे देखकर फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। फिल्म को अंग्रेजी और कन्नड़ भाषा में शूट किया गया है, लेकिन वैश्विक स्तर पर फिल्म को रिलीज करने के लिए हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम में डब किया जाएगा।

केरल स्टोरी 2 पर उठे विवाद के बीच, हाईकोर्ट ने खुद फिल्म देखने का किया निर्णय

तिरुवनंतपुरम द केरल स्टोरी 2 विवाद के बीच अब केरल हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला लिया है। रिलीज से पहले अदालत यह फिल्म देखेगी। बता दें कि मूवी 27 फरवरी 2026 को रिलीज हो रही है। कोर्ट ने यह फैसला एक याचिका की सुनवाई करते हुए दिया है। याचिका में कहा गया था कि केरल को बेवजह बदनाम किया जा रहा है और मूवी का कॉन्टेंट देश की अखंडता के लिए ठीक नहीं है। जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस का कहना है कि केरल के लोगों की चिंता को अनदेखा नहीं किया जा सकता। खबर है कि प्रोड्यूसर्स को केरल हाईकोर्ट के समक्ष उपस्थित होना पड़ेगा। क्या है फिल्म पर आपत्ति केरल के एक 26 साल के बायोलॉजिस्ट श्रीदेव नांबूदीरी फिल्म केरल स्टोरी 2 के खिलाफ केरल हाईकोर्ट में याचिका दी थी। उन्होंने जानकारी दी कि वह एक मलयाली ब्राह्मण हैं। श्रीदेव ने फिल्म के टाइटल और कॉन्टेंट दोनों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि केरल और यहां के लोगों को टारगेट करना ठीक नहीं है। याचिकाकर्ता ने सीबीएफसी पर भी सवाल किया है। श्रीदेव का आरोप है कि बोर्ड ने ठीक से मूल्यांक तक नहीं किया कि फिल्म का कॉन्टेंट सार्वजनिक व्यवस्था, नैतिकता या देश की एकता को खतरा पहुंचा सकता है या नहीं। उन्होंने सीबीएफसी के U/A सर्टिफिकेट को चुनौती दी है। 'फिल्म से खराब हो रही छवि' याचिका में लिखा है, 'फिल्म के ट्रेलर को देखने से पता चलता है कि कहानी तीन अलग-अलग राज्यों की महिलाओं पर आधारित है। मुख्य रूप से घटनाएं भारत के उत्तरी भागों की हैं फिर भी टाइटल और सीन में केरल राज्य की छवि खराब करने की कोशिश की गई है। यह फिल्म केरल और केरलवासियों को बाकी भारत से अलग-थलग करने वाली है, जबकि सच्चाई यह है कि केरलवासी पूरे भारत और विश्व में काम करते हैं, भारतीय अर्थव्यवस्था में योगदान देते हैं और भारत के अन्य हिस्सों से आए कई प्रवासी श्रमिकों को निवास और रोजगार प्रदान करते हैं।' याचिकाकर्ता ने टाइटल चेंज, डिस्क्लेमर ऐड करने और रिलीज रोकने की मांग की है। क्या दिखाया गया है विवादित ट्रेलर में द केरल स्टोरी 2 का ट्रेलर आने के बाद से ही इसका विरोध चल रहा है। कई लोगों का आरोप है कि फिल्म से समुदाय विशेष के लोगों की छवि खराब करने की कोशिश की गई है। वहीं केरल के लोगों की आपत्ति है कि उनके राज्य को नेगेटिव तरीके से दिखाया गया है। ट्रेलर में अलग-अलग राज्यों की कहानी दिखाई है। इसमें मुस्लिम युवक हिंदू लड़कियों को फंसाकर शादी करते हैं फिर उनका शोषण होता है। फिल्म में कुछ सीन्स और डायलॉग्स पर भी विवाद है जैसे- ब्राह्मण की बेटी के 12 लाख। एक सीन में हिंदू लड़की को जबरन बीफ खिलाया गया है।

लापरवाही पर हाईकोर्ट सख्त: रणवीर सिंह को कोर्ट की दो-टूक, ‘कानून से ऊपर कोई नहीं’

कर्नाटक गोवा में आयोजित इफ्फी 2025 में रणवीर सिंह ने ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'कांतारा' के एक सीन की नकल की थी। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था। अभिनेता के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने को लेकर शिकायत दर्ज हुई। मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है। आज मंगलवार को कर्नाटक हाईकोर्ट की तरफ से उन्हें राहत मिली है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, 'रणवीर सिंह को राहत देते हुए कर्नाटक हाई कोर्ट ने मंगलवार को पुलिस को निर्देश दिया कि वह एक स्थानीय देवता का कथित तौर पर मजाक उड़ाने के मामले में बॉलीवुड एक्टर के खिलाफ कोई सख्त कदम न उठाए। बेशक रणवीर सिंह को कोर्ट ने राहत दे दी हो, मगर साथ ही फटकार भी लगाई। गोवा में एक इवेंट के दौरान कर्नाटक के देवता का कथित तौर पर मजाक उड़ाने के लिए एफआईआर रद्द करने की अभिनेता की याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस एम नागप्रसन्ना की बेंच ने बेंगलुरु पुलिस को यह निर्देश दिया। हालांकि, बेंच ने एक्टर को उनके बर्ताव के लिए फटकार भी लगाई और कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बेंच ने उन्हें जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया। हाईकोर्ट ने सख्त लहजे में कहा, 'सुपरस्टार कानून से ऊपर नहीं होते'। रणवीर के खिलाफ हुई थी एफआईआर बता दें कि रणवीर सिंह ने 30 नवंबर, 2025 को गोवा में 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के समापन समारोह के दौरान 'कांतारा' के सीन की नकल की थी। एक्टर की इस मिमिक्री और टिप्पणी से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए एक वकील ने एक्टर के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए शहर की एक अदालत का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट के निर्देश पर शहर की पुलिस ने 'धुरंधर' के लीड एक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। रणवीर सिंह का वर्क फ्रंट बता दें कि ने इफ्फी 2025 में कथित तौर पर चावुंडी (चामुंडा) देवी का मजाक बनाया। इस दौरान 'कांतारा' मूवी फेम कन्नड़ एक्टर-डायरेक्टर ऋषभ शेट्टी भी मौजूद थे। क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान रणवीर ने ऋषभ शेट्टी की खूब तारीफ की। उन्होंने 'कांतारा 3' में खुद काम करने की ख्वाहिश भी जताई। साथ ही फिल्म के एक सीन की नकल कर दी। रणवीर सिंह के वर्क फ्रंट की बात करें तो वे अपनी आगामी फिल्म 'धुरंधर 2' को लेकर सुर्खियों में हैं, जो 19 मार्च 2026 को रिलीज होगी।

विजय-रश्मिका की शादी में 100 खास मेहमान, जापानी खाना और ‘नो फोन’ पॉलिसी का एलान

उदयपुर  आखिरकार फैंस का इंतजार खत्म हुआ! साउथ फिल्म इंडस्ट्री की सबसे पसंदीदा जोड़ी, रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा उदयपुर में सात फेरे लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. अपनी प्राइवेसी को लेकर यह कपल कितना सीरियस है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने शादी के वेन्यू पर तीन लेयर की सुरक्षा की व्यवस्था है. लोकल पुलिस और हैदराबाद से आई खास टीम के साथ-साथ एक इंटरनेशनल सिक्योरिटी एजेंसी को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है. मकसद साफ है- शादी के हर पल को निजी रखा जाए और बिना किसी बाहरी दखल के सारे रस्मो-रिवाज शांति से पूरे हों. अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित ‘द मेमेंटोज’ (आईटीसी होटल्स) को इस खास मौके के लिए चुना गया है, जहां सुरक्षा का घेरा इतना सख्त है कि परिंदा भी पर न मार सके. शादी की खबरों पर खुद मुहर लगाते हुए रश्मिका और विजय ने इंस्टाग्राम पर एक बहुत ही प्यारा और इमोशनल नोट शेयर किया है. उन्होंने अपने फैंस को शुक्रिया कहते हुए लिखा कि जब उन्होंने खुद के लिए कुछ तय नहीं किया था, तब भी फैंस ने उन्हें ‘विरोश’ नाम देकर ढेर सारा प्यार दिया. कपल ने अपनी इस नई शुरुआत को ‘विरोश की शादी’ का नाम दिया है. इस जोड़ी ने 3 अक्टूबर 2025 को हैदराबाद में सगाई की थी और अब 26 फरवरी को वे शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. समारोह को छोटा और पर्सनल रखा गया है, जिसमें सिर्फ परिवार के लोग और बेहद करीबी दोस्त ही शामिल होंगे. दोनों चाहते हैं कि यह पल उनके लिए यादगार और शोर-शराबे से दूर हो.  दोनों 26 फरवरी को उदयपुर में सात फेरे लेंगे और जिंदगी भर के लिए एक-दूजे का हाथ थामेंगे। जानकारी के अनुसार, शादी के जश्न को लेकर मेकर्स ने खास इंतजाम किए हैं, जिसमें मेहमानों के लिए जापानी खाना परोसा जाएगा। रश्मिका ने हाल ही में इंस्टाग्राम स्टोरी में पार्टी की झलक साझा की, जिसमें खूबसूरती से सजा हुआ टेबल और जापानी मेन्यू कार्ड साफ दिख रहा है। तस्वीर में लाइटिंग में सजा टेबल नजर आया। बीच में गुलाबी लिली और हल्के हरे हाइड्रेंजिया के फूलों की सजावट है, जिसे ताजे हरे सेब और अंगूरों के साथ सजाया गया है। यह सजावट ऑर्गेनिक और लग्जरी गार्डन लुक दे रही है। मेन्यू कार्ड पर जापानी डिशेज का जिक्र है, जो शादी से पहले के इस सेलिब्रेशन को ग्लोबल और रिफाइंड टच देता है। कपल सोमवार को उदयपुर पहुंच चुके हैं। शादी के मुख्य कार्यक्रम मेमेंटोस बाय आईटीसी होटल्स, एकाया उदयपुर में होगा। फिल्म ‘गीता गोविंदम’ के सेट पर हुई थी मुलाकात भले ही शादी प्राइवेट हो रही है, लेकिन जश्न अभी बाकी है! उदयपुर में शादी के बाद यह कपल अपने दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री के साथियों के लिए दो बड़े रिसेप्शन होस्ट करने वाला है. पहला भव्य रिसेप्शन 4 मार्च 2026 को हैदराबाद के आलीशान ‘ताज कृष्णा’ होटल में होगा, जिसमें टॉलीवुड और बॉलीवुड के बड़े सितारों के साथ-साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भी शामिल होने की उम्मीद है. इसके बाद, मुंबई में भी एक ग्रैंड पार्टी दी जाएगी. रश्मिका और विजय की पहली मुलाकात 2018 में फिल्म ‘गीता गोविंदम’ के सेट पर हुई थी, जहां से शुरू हुई यह दोस्ती ‘डियर कॉमरेड’ तक पहुंचते-पहुंचते प्यार में बदल गई और अब यह खूबसूरत रिश्ता शादी के मुकाम तक पहुंच गया है.  साउथ इंडियन रीति-रिवाजों से होगी शादी, केले के पत्तों पर परोसा जाएगा भोजन! विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदाना के फैंस उनकी शादी की पहली तस्वीरें देखने को बेताब हैं. अब खबर आ रही है कि वे साउथ इंडियन परंपराओं के अनुसार शादी रचाएंगे. इस शादी में दक्षिण भारत के पारंपरिक रीति-रिवाजों का खास पालन किया जाएगा. मुमकिन है कि मेहमानों को केले के पत्तों पर भोजन परोसा जाए.  बड़े फिल्मी सितारे नहीं फिल्ममेकर्स होंगे शामिल?  रश्मिका-विजय देवरकोंडा की शादी में बड़े राजनेताओं के शामिल होने की खबर आ रही है, लेकिन कोई बड़े स्टार के शामिल होने की सुगबुगाहट नहीं है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी में किसी भी बड़े फिल्मी सितारे के शामिल होने की उम्मीद नहीं है. मेहमानों की लिस्ट में तेलंगाना के कुछ राजनेता और कुछ चुनिंदा फिल्म निर्देशकों के नाम शामिल हैं.  24 फरवरी को मेहंदी सेरेमनी, 25 को 'हल्दी'-'संगीत' का जश्न विजय और रश्मिका की शादी का जश्न आज से शुरू है. सेलिब्रेशन की शुरुआत आज 24 फरवरी को ‘मेहंदी’ सेरेमनी के साथ होगी. इसके बाद 25 फरवरी को ‘हल्दी’ और ‘संगीत’ के इवेंट का आयोजन किया जाएगा. इन निजी लेकिन रॉयल प्री-वेडिंग फंक्शन्स में परिवार के सदस्य और कुछ बेहद करीबी दोस्तों के शामिल होंगे. 'गीता गोविंदम' के सेट पर मिले, 'डियर कॉमरेड' में आए करीब, विजय-रश्मिका की क्यूट लव स्टोरी विजय और रश्मिका पहली बार ‘गीता गोविंदम’ के सेट पर मिले थे. कहते हैं कि फिल्म ‘डियर कॉमरेड’ की शूटिंग के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए थे. तब से लेकर अब तक, दोनों ने अपने निजी जीवन को लाइमलाइट से दूर रखने की पूरी कोशिश की. वे अक्सर पब्लिक प्लेस पर साथ दिखते और डेटिंग की तमाम अफवाहों के बावजूद कपल ने शादी से पहले तक अपने रिश्ते को पूरी तरह प्राइवेट रखा था. शादी को पूरी तरह प्राइवेट और इंटिमेट रखा जा रहा है। सिर्फ करीबी परिवार और दोस्त ही शामिल होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इवेंट को गोपनीय रखने के लिए सख्त नो-फोन पॉलिसी लागू है। मेहमानों से एनडीए (नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट) भी साइन करवाए जा रहे हैं ताकि कोई फोटो या वीडियो बाहर न लीक हो। विजय और रश्मिका की लव स्टोरी साल 2018 में शुरू हुई, जब दोनों ने ‘गीता गोविंदम’ में साथ काम किया। उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों का खूब प्यार मिला। इसके बाद दोनों ‘डियर कॉमरेड’ में फिर साथ नजर आए। इसके अलावा, वे कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को सालों तक प्राइवेट रखा, लेकिन अब आखिरकार शादी का ऐलान हो चुका है। शादी के बाद रिसेप्शन भी प्लान किया गया है।

बाफ्टा अवॉर्ड्स के रेड कार्पेट पर छाईं आलिया भट्ट

मुंबई,  बाफ्टा अवॉर्ड्स 2026 के रेड कार्पेट पर इस बार भारतीय सिनेमा की चमक साफ नजर आई, जब अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अपनी मौजूदगी से अंतरराष्ट्रीय मंच पर खास पहचान बनाई। लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित इस प्रतिष्ठित समारोह में आलिया बतौर प्रेजेंटर शामिल हुईं और अपने एलिगेंट अंदाज से सबका ध्यान खींच लिया। सिल्वर गाउन में सजी आलिया की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। उनके आत्मविश्वास और ग्लैमरस लुक ने रेड कार्पेट पर उन्हें चर्चा का केंद्र बना दिया। मीडिया से बातचीत के दौरान आलिया ने अपनी बेटी राहा को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि राहा को बढ़ते और खिलते हुए देखना उनके लिए किसी जादू से कम नहीं है। आलिया के मुताबिक, वह अपने अभिनय से बेहद प्यार करती हैं, लेकिन घर पर राहा की मौजूदगी उन्हें और बेहतर करने और अपनी सीमाओं को पार करने की प्रेरणा देती है। समारोह के दौरान आलिया ने 'बेस्ट फिल्म नॉट इन द इंग्लिश लैंग्वेज' श्रेणी में विजेता के नाम की घोषणा की, जिसमें नॉर्वे की फिल्म 'सेंटिमेंटल वैल्यू' ने बाजी मारी। मंच पर उनकी गरिमामयी प्रस्तुति और आत्मविश्वास ने दर्शकों का दिल जीत लिया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर आलिया का यह डेब्यू बेहद यादगार साबित हुआ, जिसने एक बार फिर साबित किया कि भारतीय कलाकार अब वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।  

‘द ब्लफ’ की झलक: प्रियंका चोपड़ा की नई तस्वीरों ने मचाया इंटरनेट पर तहलका

प्रियंका चोपड़ा अब केवल भारत की शान नहीं बल्कि दुनिया भर में वो नाम बन चुकी हैं जिनका काम उनके लोगों की तरफ खींचता है। इन दिनों प्रियंका अपनी अपकमिंग फिल्म 'द ब्लफ' को लेकर काफी चर्चा में हैं जो जल्द ही प्राइम वीडियो पर रिलीज होने वाला है। कइयों के मन में ये सवाल जरूरत आता होगा कि प्रियंका चोपड़ा ने आखिर बॉलीवुड छोड़ने का फैसला क्यों लिया। प्रियंका चोपड़ा ने इस बारे में बातें भी की हैं। वहीं प्रियंका ने ' द ब्लफ' की रिलीज से पहले तस्वीरें शेयर की हैं जिनमें उनका लुक काफी कातिलाना दिख रहा है। प्रियंका चोपड़ा ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, 'प्रेस टूर का दूसरा दिन। @agbofilms और @primevideo पर #TheBluff #PirateCore की स्क्रीनिंग में आकर अपना प्यार दिखाने वाले सभी लोगों को बहुत-बहुत धन्यवाद।' प्रियंका के डिफरेंट अंदाज के लिए उनकी इस पोस्ट पर जमकर तारीफ हो रही है। ऋतिक रोशन ने लिखा- इसे देखने के लिए और इंतजार नहीं हो रहा प्रियंका के इस पोस्ट पर बॉलीवुड के दोस्तों ने भी खूब प्यार बरसाया है। ऋतिक रोशन ने लिखा, 'शानदार, इसे देखने के लिए अब और इंतजार नहीं हो रहा।' वहीं कई सारे फैन्स ने उन्हें दुनिया की सबसे स्टनिंग एक्ट्रेस कहा है। हॉलीवुड के टॉप एक्टर्स में से एक बन चुकी हैं प्रियंका प्रियंका चोपड़ा ने साल 2012 में एक सिंगर के रूप में अपना करियर शुरू करते हुए अमेरिका में मौकों की तलाश शुरू की। हालांकि उनका म्यूजिक करियर काफी छोटा रहा, उन्होंने जल्द ही हॉलीवुड में काम करना शुरू कर दिया। पहले उन्होंने टेलीविजन में और फिर फिल्मों में और अब करीब डेढ़ दशक बाद, प्रियंका ने खुद को एक हॉलीवुड के टॉप एक्टर्स में खड़ा कर लिया है। 'मैंने अमेरिका में काम करना शुरू किया' हाल ही में एक इंटरव्यू में प्रियंका से हॉलीवुड में उनके करियर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह कभी बॉलीवुड छोड़ना नहीं चाहती थीं, लेकिन हिंदी सिनेमा से बाहर मौके तलाशने के लिए उन्हें मजबूर होना पड़ा क्योंकि उन्हें यहां सब काफी लिमिटेड लगने लगा था। फर्स्टपोस्ट से बातचीत में उन्होंने बताया, 'मुझे नहीं लगता कि मैं कभी बॉलीवुड छोड़ना चाहती थी। हिंदी फिल्मों में काम करते समय मुझे कई वजहों से अवसर लिमिटेड महसूस होता था। मैं एक्सपैंड करना चाहती थी। मुझे एक आर्टिस्ट के रूप में अपने लिए रोमांचक अवसरों की तलाश करने के लिए प्रेरित किया गया। मैंने अमेरिका में काम करना शुरू किया और अब, लगभग 12 वर्षों के बाद, मुझे लगता है कि मुझे वास्तव में बेहतरीन काम चुनने और उसमें सफलता मिली है और यह आसान नहीं है।'