samacharsecretary.com

रश्मिका मंदाना की द गर्लफ्रेंड की विजय ने की खूब तारीफ

मुंबई,  फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। कई भाषाओं में रिलीज की गई फिल्म एक टॉक्सिक रिश्ते को दिखाती है। फिल्म की एक्टर विजय देवरकोंडा ने जमकर तारीफ की, जिससे खुश रश्मिका ने उन्हें एक प्यारा रिप्लाई किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विजय देवरकोंडा ने फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड की तारीफ में एक पोस्ट डाला था, जिसका जवाब देते हुए रश्मिका ने बहुत सारे हार्ट इमोजी पोस्ट किए।  उन्होंने लिखा, ये शब्द बहुत ही पावरफुल हैं, ये मेरे लिए बहुत जरूरी हैं, हालांकि इतनी अच्छी बातों को पचाना मेरे लिए मुश्किल होगा, लेकिन बहुत अच्छी बात कही है आपने। ये फिल्म धीमी गति से जलने वाली कहानी है जो लंबे समय तक चलती रहेगी। उन्होंने आगे लिखा, विजय देवरकोंडा, आप शुरू से ही इस फिल्म का इनडायरेक्ट तरीके से हिस्सा रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि आपको इस फिल्म के लिए मुझ पर गर्व होगा। रश्मिका ने चार लाइनों के पोस्ट में चार बार हार्ट इमोजी पोस्ट किया है। दरअसल विजय देवरकोंडा ने फिल्म की तारीफ कर लिखा, मुझे पता है उन्होंने कुछ जबरदस्त बनाया है, कुछ खास बनाया है, कुछ ऐसा जिसे पचाना मुश्किल होगा। मुझे पता है कि सभी कलाकारों का अभिनय बेहतरीन है और हम पर्दे पर फिल्म को देखने के लिए बेताब हैं। आप सभी ने बहुत सारी मेहनत की है।  ये पोस्ट इसलिए भी खास है, क्योंकि बीते साल से ही रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा के डेटिंग की खबरें लगातार आ रही हैं। दोनों के वेकेशन पोस्ट भी सामने आ चुके हैं। खबरें तो यहां तक हैं कि दोनों स्टार्स बीते साल ही गुपचुप तरीके से सगाई कर चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अगले साल फरवरी में वे सात फेरों के बंधन में बंध सकते हैं। दोनों की शादी 26 फरवरी, 2026 को राजस्थान के उदयपुर पैलेस में होने वाली है। रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा दोनों एक साथ कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं।  

8 घंटे की वर्क शिफ्ट पर यामी गौतम ने रखे अपने विचार

मुंबई, बॉलीवुड एक्ट्रेस इमरान हाशमी और यामी गौतम की नई फिल्म हक सिनेमा घरों में रिलीज़ हो चुकी हैं। इस मौके पर डायरेक्टर सुपन वर्मा और एक्ट्रेस यामी ने फिल्म इंडस्ट्री में 8 घंटे की वर्क शिफ्ट को लेकर चल रही बातचीत पर चर्चा की। मातृत्व के महत्व पर ज़ोर देते हुए यामी ने कहा कि एक बार माँ बनने के बाद हमेशा माँ ही रहती है, उन्होंने एक्टर्स और फिल्ममेकर्स के बीच आपसी समझ की ज़रूरत पर भी ज़ोर दिया। हाल ही में यामी गौतम ने शेयर किया, सबसे पहले तो, एक बार माँ बनने के बाद हमेशा माँ ही रहती है। चाहे आप नौकरी करते हों या घर पर रहने वाले माता-पिता हों, हर माँ अनोखी होती है और अपने बच्चे के लिए सब कुछ करती है। एक माँ के लिए उसके बच्चे से ज़्यादा महत्वपूर्ण कोई नहीं होता। मेरे प्रोफेशन की बात करें तो, मैं अपनी स्क्रिप्ट कैसे चुनती हूँ, यह मेरी पर्सनल लाइफ से बिल्कुल अलग है। उन्होंने आगे बताया, हालांकि हम दूसरे प्रोफेशन की तरह एक टाइम लिमिट चाहते हैं, लेकिन हमारी इंडस्ट्री अलग तरह से काम करती है। इसमें लोकेशन, परमिशन और दूसरे एक्टर्स और टेक्नीशियन की भागीदारी जैसे कई फैक्टर होते हैं। इसलिए, टाइम लिमिट का विचार काफी सब्जेक्टिव है और यह एक एक्टर, एक प्रोड्यूसर और एक डायरेक्टर के बीच सहयोग और समझ पर निर्भर करता है। डायरेक्टर सुपन वर्मा ने यामी की टिप्पणियों पर कहा, यह एक लंबे समय से चला आ रहा मुद्दा है। कुछ एक्टर्स दिन में सिर्फ आठ घंटे, हफ्ते में पांच दिन काम करते हैं, और नाइट शूट से बचते हैं। यह व्यवस्था डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और एक्टर द्वारा पहले से ही तय की जाती है। तो फिर जब कोई फीमेल एक्टर यह चिंता उठाती है तो यह समस्या क्यों बन जाती है? आखिरकार, हम सभी इंसान हैं जो मुश्किल हालात में कला का निर्माण कर रहे हैं और भावनाओं को व्यक्त कर रहे हैं। इसलिए, अगर यह प्रोडक्शन की ज़रूरतों के हिसाब से है तो मुझे टाइम की कमी पर चर्चा करने में कोई दिक्कत नहीं दिखती।  

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत फिर बिगड़ी, ब्रीच कैंडी अस्पताल में एडमिट

मुंबई   फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र अस्पताल में भर्ती हैं. वे वेंटिलेटर पर हैं. वे लगभग 90 साल के हैं. वे उम्र संबंधी समस्याओं से पीड़ित हैं. एक्टर के फैंस उन्हें लेकर चिंतित हो रहे हैं और उनकी बेहतर सेहत की कामना कर रहे हैं. सुपरस्टार की सेहत दिन-ब-दिन खराब हो रही है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र को कुछ दिनों पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें शुरुआत में नियमित जांच के लिए भर्ती किया गया था, लेकिन उनकी उम्र संबंधी जटिलताओं के कारण परेशान बढ़ गई है. आज सुबह डॉक्टरों ने देखा कि धर्मेंद्र की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई है. इसके बाद किसी भी जोखिम को टालते हुए उन्हें तुरंत आईसीयू वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया. हालांकि, अब धर्मेंद्र की टीम का कहना है कि वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और चिंता की कोई बात नहीं है. वह ठीक हो रहे हैं और ऐसी रिपोर्टें हमेशा की तरह अफवाहें हैं. परिवार का नहीं आया आधिकारिक बयान धर्मेंद्र फिलहाल इलाज पर रिएक्शन दे रहे हैं. धर्मेंद्र की तबीयत स्थिर रखने के लिए डॉक्टरों की एक टीम लगातार उन पर नजर रख रही है. सूत्रों से यह चिंताजनक जानकारी मिलने के बावजूद, धर्मेंद्र की तबीयत पर उनके परिवार या अस्पताल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है. 60 सालों से सिनेमा में सक्रिय धर्मेंद्र के फैंस उन्हें प्यार से ‘ही-मैन’ कहते हैं. वे छह दशकों से हिंदी सिनेमा में एक्टिव हैं. उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. धर्मेंद्र ने 1960 में ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ फिल्म से डेब्यू किया था. उन्होंने 1960 के दशक में ‘आई मिलन की बेला’, ‘फूल और पत्थर’ और ‘आए दिन बहार के’ जैसी फिल्मों से लोकप्रियता पाई थी. धर्मेंद्र के नाम हिंदी सिनेमा में सबसे ज्यादा हिट फिल्मों में अभिनय करने का रिकॉर्ड है. उन्होंने 1973 में आठ हिट फिल्में दीं और 1987 में धर्मेंद्र ने लगातार सात हिट फिल्में जो हिंदी सिनेमा के इतिहास में अब भी एक रिकॉर्ड है. उन्हें 2012 में भारत सरकार ने पद्म भूषण से सम्मानित किया था.

विशाल जेठवा ने मार्टिन स्कॉर्सेसी से ‘नमस्ते’ के साथ की मुलाकात

मुंबई,  अभिनेता विशाल जेठवा के लिए न्यूयॉर्क में महान निर्देशक मार्टिन स्कॉर्सेसी से मुलाकात करना, किसी सपने से कम नहीं था, जब वे भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री होमबाउंड के अमेरिकी अभियान के लिए वहां मौजूद थे। यह मुलाकात होमबाउंड की एक खास स्क्रीनिंग में हुई, जो स्कॉर्सेसी के लिए आयोजित की गई थी। वे इस फिल्म के एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी हैं। फिल्म देखने के बाद स्कॉर्सेसी ने टीम के काम की सराहना की ।यह क्षण विशाल के लिए उनकी ज़िंदगी के सबसे यादगार दिनों में से एक बन गया। अपनी भावनाएं सोशल मीडिया पर साझा करते हुए विशाल ने लिखा, “द लिविंग लीजेंड खुद, मार्टिन स्कॉर्सेसी, जिन्होंने मुझे ‘नमस्ते’ करके अभिवादन किया! भगवान, मुझे अब तक यकीन नहीं होता कि यह तस्वीर सच में है। यह दिन मेरे लिए कितना बड़ा था, मैं कभी नहीं भूलूंगा-उनसे मिलने से पहले की घबराहट, उनके साथ बिताया समय, और यह जानकर मिली खुशी कि उन्होंने हमारी फिल्म देखी और उसे पसंद किया। सच में ऐसा लगता है जैसे मैं हर अभिनेता का सपना जी रहा हूं।” होमबाउंड में अपनी गहराई भरी अदाकारी के लिए प्रशंसा पा चुके विशाल के लिए यह मुलाकात सिर्फ करियर की एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक निजी प्रेरणादायक और मान्यता भरा पल था। इस अनुभव के बारे में बात करते हुए विशाल ने कहा, “जब हमें पता चला कि हम लीजेंड मार्टिन स्कॉर्सेसी सर से मिलने वाले हैं, तब हमें लगा कि यह हमारे करियर का सबसे खास पल होगा। मेरे लिए यह बहुत अद्भुत है कि एक ही फिल्म ने मुझे इतने यादगार मौके दिए और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। जिस दिन उनसे मुलाकात तय हुई, हम थोड़े नर्वस थे। लेकिन जब हम उनसे मिले, तो वे बहुत शांत और सहज थे-मज़ाक कर रहे थे, अपनी फिल्मों और ज़िंदगी की बातें बता रहे थे। मैं उस पल को यादगार बनाना चाहता था, इसलिए मैंने उनसे एक फोटो के लिए कहा और उनसे ‘नमस्ते’ करने का अनुरोध किया-और उन्होंने बहुत प्यार से मान लिया। यह अनुभव बेहद खास था-उनके सामने होना, यह जानना कि उन्होंने हमारी फिल्म देखी, पसंद की और सराही।” ‘होमबाउंड’ की टीम ने अब आधिकारिक तौर पर अमेरिका में अपने ऑस्कर अभियान की शुरुआत कर दी है, जिसमें आने वाले हफ्तों में न्यूयॉर्क और लॉस एंजेलिस में कई स्क्रीनिंग्स और चर्चाएं आयोजित की जाएंगी।  

महारानी-4 और दिल्ली क्राइम-3 में हुमा कुरैशी की परफॉर्मेंस देख राजकुमार राव बोले-मुझे तुम पर गर्व

मुंबई,  ‘भूल चूक माफ’ और ‘मालिक’ में अपने बेहतरीन अभिनय से सबका मनोरंजन करने वाले अभिनेता राजकुमार राव ने अपनी बेस्ट फ्रेंड और अभिनेत्री हुमा कुरैशी की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने उनकी दोनों हालिया रिलीज सीरीज महारानी-4 और दिल्ली क्राइम-3 को धमाकेदार बताया है। राजकुमार राव ने अपने इंस्टाग्राम पर हुमा कुरैशी की सीरीज महारानी-4 का ट्रेलर शेयर किया है। उन्होंने ट्रेलर की तारीफ कर लिखा, “महारानी के सभी सीजन पहले से हटकर और जबरदस्त तरीके से परफॉर्म कर रहे हैं और अब दिल्ली क्राइम-3 आ रही है। हुमा, तुमने अपने शानदार काम से सबको पीछे छोड़ दिया है। मुझे तुम पर गर्व है, मेरी दोस्त, ऐसे ही आगे बढ़ती जाओ।” बिहार की राजनीति पर बनी सीरीज महारानी-4, 7 नवंबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर स्ट्रीम हो चुकी है और सीरीज को फैंस की तरफ से बहुत अच्छा रेस्पॉन्स भी मिल रहा है। फिल्म को ऐसे वक्त रिलीज किया गया है, जब पहले से ही बिहार में चुनाव चल रहे हैं। इसके अलावा हुमा की दिल्ली क्राइम-3 भी 13 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। इस सीरीज में एक्ट्रेस ने निगेटिव रोल प्ले किया है, जो सिर्फ राज्य स्तर पर नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानव तस्करी कर रही हैं। दोनों की सीरीज सस्पेंस और थ्रिलर से भरी हैं। राजकुमार राव और हुमा कुरैशी ने एक साथ बहुत सारी फिल्मों में काम किया है। दोनों को ‘मोनिका-ओह मॉय डार्लिंग’, ‘मालिक’ और ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर-2’ में साथ देखा गया था। राजकुमार राव को आखिरी बार ‘भूल चूक माफ’ और ‘मालिक’ फिल्म में देखा गया था। दोनों ही फिल्में पर्दे पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाईं, जिसके बाद दोनों ही फिल्मों को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया। साथ ही एक्टर को कुछ समय पहले ही फिल्मफेयर पुरस्कार से नवाजा गया था। उन्हें फिल्म ‘श्रीकांत’ के लिए बेस्ट एक्टर क्रिटिक्स का अवॉर्ड मिला था। राजकुमार ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए पूरी टीम को धन्यवाद दिया था। उन्होंने लिखा था, “इस फिल्म के लिए मैंने बहुत मेहनत की और जब शाहरुख खान सर आपके प्रदर्शन के लिए इतने अच्छे शब्द कहते हैं, तो सब कुछ जादुई लगता है।”  

अभिषेक कुमार ने कहा: यादों से भरा ये सफर हमेशा रहेगा खास

मुंबई, अभिनेता अभिषेक कुमार ने टीवी शो पति पत्नी और पंगा को अलविदा कह दिया है। अभिषेक कुमार ने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर इस शो के बारे में अपने विचार और भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा, मैं बहुत सारे खूबसूरत पल साथ लेकर जा रहा हूं। क्या ही शो था, सब लोग इतने प्यारे और इतने अच्छे थे कि क्या ही बताऊं। आखिरी दिन पर मेरा अलग लेवल का एक्साइटमेंट था और इमोशनल भी था। आप सभी ने इतना प्यार दिया हमारे शो को, उसके लिए आप सभी का दिल से शुक्रिया, बस ऐसे ही अपना प्यार बनाए रखना, मिलते हैं जल्द। उनके इस पोस्ट पर अभिनेत्री हिना खान ने कमेंट किया, प्यार, प्यार और बहुत सारा प्यार मेरे बच्चे। वहीं, बालिका वधू फेम अविका गौर ने कमेंट में लिखा, मिल जल्दी। अभिषेक ने इस मौके पर होस्ट और बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे, मुनव्वर फारूकी और कई सेलिब्रिटी जोड़ों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इन जोड़ों में रुबिना दिलैक और अभिनव शुक्ला, स्वरा भास्कर और फहाद अहमद, सुदेश लहरी और उनकी पत्नी ममता लहरी, हिना खान और रॉकी जायसवाल, अविका गौर और मिलिंद चांदवानी, और देबिना बनर्जी और गुरमीत चौधरी शामिल थे। बता दें कि पति, पत्नी और पंगा का फिनाले 16 नवंबर को है। इस शो को लाफ्टर शेफ सीजन 3 रिप्लेस कर रहा है। अभिषेक कुमार की बात करें तो उनका असली नाम अभिषेक पांडे था, लेकिन जब उनके को-स्टार्स ने उनकी तुलना बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार से की तो उन्होंने अपना नाम बदलकर अभिषेक कुमार रख लिया। उन्होंने करियर की शुरुआत 2018 में एक म्यूजिक वीडियो ये प्यार नहीं तो क्या है से की थी। इसके बाद, उन्होंने साल 2021 में छोटे पर्दे के सीरियल उडारियां से डेब्यू किया। उडारियां में अमरीक सिंह विर्क के किरदार से उन्हें दर्शकों का खूब प्यार मिला। अभिनेता फिर बेकाबू सीरियल में नजर आए, जिसमें उन्होंने आदित्य रायचंद का नेगेटिव किरदार निभाया। वह बिग बॉस 17 के फाइनलिस्ट रहे। मालूम हो कि टीवी शो पति पत्नी और पंगा ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। यह शो अपने मजेदार कॉन्सेप्ट और सेलिब्रिटी जोड़ों के बीच की नोक-झोंक और मस्ती के लिए जाना जाता है। शो का फिनाले करीब है। ऐसे में कलाकार और होस्ट्स सभी काफी इमोशनल हैं।  

रणवीर सिंह ने दिखाई ‘धुरंधर’ की झलक, अर्जुन रामपाल का लुक बना चर्चा का विषय

मुंबई, बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह ने फिल्म धुरंधर से अर्जुन रामपाल का लुक सोशल मीडिया पर शेयर किया है। रणवीर सिंह इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म धुरंधर को लेकर चर्चा में हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बन रही फिल्म धुरंधर में रणवीर सिंह के अलावा आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, संजय दत्त भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का ट्रेलर भी जल्द ही आने वाला है। इस बीच रणवीर सिंह ने अर्जुन रामपाल का एक शानदार लुक अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, जो काफी वायरल हो रहा है। अर्जुन रामपाल का ‘धुरंधर’ लुक फैंस के बीच चर्चा में है। रणवीर सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अर्जुन रामपाल का दमदार लुक शेयर किया। इस पोस्ट के साथ रणवीर सिंह ने कैप्शन में लिखा, धुरंधर का ट्रेलर 12 नवंबर को 12.12 बजे आएगा। इस पोस्टर में अर्जुन रामपाल को इंटेंस लुक में देखा जा सकता है. जैकेट, चश्मे और इंटेंस लुक के साथ अर्जुन का यह किलर अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। फिल्म धुरंधर 05 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।  

भारतीय संगीत का परचम ऑस्ट्रेलिया में लहराया: दिलजीत दोसांझ को Senate का विशेष सम्मान

भारतीय संगीत जगत के चमकते सितारे और पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ ने इतिहास रच दिया है। उनके रिकॉर्डतोड़ ‘Aura Tour’ को ऑस्ट्रेलियन संसद के ऊपरी सदन सीनेट (Senate) में आधिकारिक रूप से सम्मानित किया गया। सीनेटर पॉल स्कार (Paul Scarr) ने संसद में खड़े होकर दिलजीत दोसांझ की सराहना की और कहा कि उन्होंने पंजाबी संगीत, संस्कृति और भारतीय पहचान को वैश्विक मंच पर अभूतपूर्व ऊंचाई दी है। उन्होंने कहा-“दिलजीत दोसांझ सिर्फ एक कलाकार नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक दूत हैं जिन्होंने पंजाबी और भारतीय समुदाय को गर्व महसूस करवाया है।”  ‘Aura Tour’ ने तोड़े सारे रिकॉर्ड दिलजीत दोसांझ पहले भारतीय कलाकार बन गए जिन्होंने सिडनी के CommBank स्टेडियम और मेलबर्न के AAMI पार्क जैसे विश्वस्तरीय स्टेडियमों में सोल्ड-आउट कॉन्सर्ट्स किए।मेलबर्न शो में 40,000 से अधिक दर्शक मौजूद थे।ऑस्ट्रेलिया के छह शहरों में उनके शो के 90,000 से अधिक टिकटें कुछ घंटों में बिक गईं।इन प्रदर्शनों ने यह साबित कर दिया कि भारतीय और पंजाबी संगीत अब वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों पर पहुंच चुका है। “हम सब एक हैं”- सिख सिद्धांत से प्रेरित संदेश हर मंच से दिलजीत ने “हम सब एक हैं” का संदेश दिया, जो सिख धर्म के मूल सिद्धांत ‘इक ओंकार’-सब एक हैं की भावना को दर्शाता है।उनकी यह सोच और सरलता ने न सिर्फ भारतीय फैंस बल्कि विदेशी दर्शकों को भी गहराई से प्रभावित किया। नस्लभेदी टिप्पणियों का शालीन जवाब टूर की सफलता के बीच दिलजीत को सोशल मीडिया पर कुछ नस्लभेदी टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने उन्हें “उबर ड्राइवर” और “7/11 कर्मचारी” कहकर नीचा दिखाने की कोशिश की। दिलजीत ने इन टिप्पणियों पर संयम से जवाब देते हुए कहा-“अगर ट्रक ड्राइवर न हों, तो आपके घर तक रोटी नहीं पहुंचेगी।”उनकी इस प्रतिक्रिया ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया। ऑस्ट्रेलियन मंत्री ने मांगी माफी ऑस्ट्रेलिया के मल्टीकल्चरल अफेयर्स मंत्री जूलियन हिल ने सार्वजनिक रूप से दिलजीत से माफी मांगी और कहा-“ऐसी टिप्पणियां देश की बहुसांस्कृतिक भावना को ठेस पहुंचाती हैं। दिलजीत दोसांझ ने जिस गरिमा के साथ जवाब दिया, वह वास्तव में प्रेरणादायक है।” भारतीय संस्कृति का राजदूत दिलजीत दोसांझ ने कहा कि उनका यह टूर सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति को दुनिया के सामने गर्व से पेश करने का प्रयास है। “यह टूर सिर्फ मेरे फैंस के लिए नहीं, बल्कि भारत की संगीत परंपरा और हमारी पहचान को विश्व मंच पर मनाने के लिए है।”इससे पहले उनके ‘Dil-Luminati’ और ‘Born To Shine’ टूर ने लंदन, कनाडा और अमेरिका में भी रिकॉर्ड तोड़े थे। अब ‘Aura Tour’ ने ऑस्ट्रेलिया में नई मिसाल कायम की है।  

मनोज बाजपेयी की ‘द फेमिली मैन 3’ का दमदार ट्रेलर रिलीज

मुंबई,  मनोज बाजपेयी की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 'द फेमिली मैन 3' का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है, और इसे देखकर दर्शकों की उत्सुकता चरम पर पहुंच गई है। करीब 2 मिनट 49 सेकंड लंबे इस ट्रेलर में एक बार फिर श्रीकांत तिवारी के रूप में मनोज बाजपेयी अपने पुराने अंदाज में लौटे हैं, लेकिन इस बार हालात और भी ज्यादा गंभीर नजर आ रहे हैं। ट्रेलर की शुरुआत श्रीकांत तिवारी (मनोज बाजपेयी) के अपने बच्चों को अपने पेशे के बारे में बताते हुए होती है, एक पिता की चिंता और एक एजेंट की जिम्मेदारी के बीच झूलता किरदार। लेकिन जल्द ही कहानी एक खतरनाक मोड़ लेती है जब सामने आता है जयदीप अहलावत का किरदार, जो इस सीजन का नया विलेन है। जयदीप के तीखे संवाद और उनकी उपस्थिति ने दर्शकों को तुरंत आकर्षित किया है, और ट्रेलर में वे मनोज पर भारी पड़ते नजर आ रहे हैं। सीरीज में निमृत कौर की एंट्री ने उत्सुकता और बढ़ा दी है। उनका किरदार रहस्यमय है, ट्रेलर में उन्हें कम दिखाया गया है, लेकिन हर सीन में उनकी मौजूदगी एक सस्पेंस पैदा करती है। राज और डीके के निर्देशन में बनी यह सीरीज डी2आर फिल्म्स के बैनर तले तैयार की गई है। इसका ग्लोबल प्रीमियर 21 नवंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर होगा। पहले दो सीजन की जबरदस्त सफलता के बाद 'द फैमिली मैन 3' दर्शकों के लिए एक और रोमांचक अनुभव लेकर आने वाली है, जहां एक आम आदमी, जो एक जासूस भी है, देश और परिवार दोनों के बीच अपनी जिम्मेदारियों का संतुलन साधने की कोशिश करता है।  

‘एक और अच्छा दोस्त खो दिया’, जरीन खान के निधन पर टूटीं हेमा मालिनी बोलीं-मौजूदगी का एहसास रहेगा

  नई दिल्ली, बॉलीवुड अभिनेत्री और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी पहले ही पंकज धीर के निधन से शोक में थीं, लेकिन अब उन्होंने दोबारा अपनी करीबी दोस्त को खो दिया है। एक्ट्रेस ने फिल्म निर्माता संजय खान की पत्नी जरीन के निधन पर दुख जताया है। हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए भावुक पोस्ट लिखा है। हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी, संजय खान और जरीन खान की पुरानी फोटो शेयर कर लिखा, “एक और करीबी, प्यारी दोस्त चली गई। जरीन खान अब नहीं रहीं! कितनी खूबसूरत इंसान थीं, अंदर से भी और बाहर से भी। संजय और जरीन, दोनों ही कई सालों से मेरे बहुत करीब रहे हैं। हमेशा मेरी अच्छी सेहत की कामना करते थे। हमारे सभी पारिवारिक समारोहों (जन्मदिन, शादी, सालगिरह) में शामिल होते थे और हमेशा मदद के लिए तैयार रहते थे। हेमा मालिनी ने पोस्ट में अपनी एक और करीबी दोस्त नीतू कोहली को याद किया, जिन्होंने कभी 70 के दशक में उनका घर डिजाइन किया था। उन्होंने आगे लिखा, “मुझे हमेशा तुम दोनों की मौजूदगी का अहसास रहेगा। मैं इस मुश्किल घड़ी में संजय खान के लिए प्रार्थना करती हूं, भगवान उन्हें हिम्मत दें।” इससे पहले अपने जन्मदिन के दिन भी हेमा मालिनी ने पंकज धीर के जाने पर दुख जताया था। उन्होंने लिखा था, “मैंने आज एक बहुत ही प्यारे दोस्त को खो दिया है और मैं पूरी तरह से टूट चुकी हूं। मेरे लिए वो सबसे अच्छे थे, क्योंकि एक्टिंग की दुनिया में उन्होंने मुझे सबसे ज्यादा मोटिवेट किया था।” 7 नवंबर की सुबह जरीन खान ने 81 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। जरीन उम्र संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं और काफी समय से बिस्तर पर थीं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जरीन साल 2020 में कोरोना से संक्रमित हो गई थीं और उसके बाद से लगातार बीमार चल रही थीं। उनको कई और बीमारियों ने घेर लिया था। जरीन खान अपने जमाने की बेहतरीन मॉडल, कॉस्ट्यूम डिजाइनर और एक्ट्रेस थीं। उन्होंने देव आनंद साहब के साथ भी काम किया था।