samacharsecretary.com

जन्म-मृत्यु पंजीयन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु राज्य स्तरीय बैठक संपन्न

रायपुर मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर (अटल नगर) में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग द्वारा जन्म-मृत्यु पंजीयन कार्य की समीक्षा हेतु राज्य स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति (IDCC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विभागीय सचिव श्री भुवनेश यादव ने की।  बैठक में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की उप महानिदेशक श्रीमती पी. संगीता, संयुक्त महारजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) एवं जनगणना निदेशक, छत्तीसगढ़ श्री कार्तिकेय गोयल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सचिव श्री भुवनेश यादव ने निर्देशित किया कि राज्य में प्रत्येक जन्म एवं मृत्यु का शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सटीक एवं अद्यतन आंकड़े उपलब्ध हो सकें। आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय की संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जन्म एवं मृत्यु पंजीयन की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी। बैठक में पंजीयन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समीक्षा के दौरान वर्ष 2025 में जन्म पंजीयन का सकल पंजीयन दर 108.4 प्रतिशत एवं शुद्ध दर 71.7 प्रतिशत तथा मृत्यु पंजीयन का सकल दर 102.6 प्रतिशत एवं शुद्ध दर 92.5 प्रतिशत दर्ज किया गया। कम प्रगति वाले जिलों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

बंदरों की हरकत बनी आफत: बलौदा बाजार में ट्रांसफार्मर फटा, चिंगारी से कई दुकानें जलीं

बलौदा बाजार. जिले के प्रमुख धार्मिक स्थल गिरौदपुरी में आज आग ने कहर बरपाया. आग से दस से बारह दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिससे दुकानदारों को लाखों रूपए का नुक़सान हुआ है. जानकारी के अनुसार, बंदरों की उछल-कूद से ट्रांसफार्मर शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे निकली आग ने देखते ही देखते आस-पास स्थित दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. दुकानदारों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया. आग लगने के करीबन एक घंटे बाद दमकल वाहन पहुंचे, तब तक दुकानें जल चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गिरौदपुरी पुलिस जांच में जुट गई है. बता दें कि गिरौदपुरी में बाबा गुरू घासीदास के मंदिर जाने वाले मार्ग में झोपड़ीनुमा दुकानें हैं, जहां छोटे-छोटे दुकानदार अपना व्यवसाय करते हैं. आग इन्हीं दुकानों में लगी. गमीमत रही कि समय रहते लोगों ने पानी का इंतजाम कर लिया और आग पर काबू पा लिया नहीं तो आग मंदिर परिसर तक पहुंच सकती थी. भविष्य में इस तरह की घटना न हो इसको देखते हुए इन दुकानदारों के लिए पक्के दुकान बनाये जाने की आवश्यकता है. अब यह देखना होगा कि इस घटना के बाद जिला प्रशासन के साथ ही समाज प्रमुख और मेरा समिति तथा ग्राम पंचायत क्या कदम उठाते हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो.

मुख्य फ़ोकस नक्सल मुक्त क्षेत्रों में स्थायी एवं समावेशी विकास

रायपुर राज्य में नक्सलवाद से मुक्त हुए क्षेत्रों में तीव्र, स्थायी एवं समावेशी विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज मुख्य सचिव  विकास शील की अध्यक्षता में इन जिलों के आजीविका संवर्धन हेतु राज्यस्तरीय परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया गया।          कार्यशाला में अपर मुख्य सचिव  ऋचा शर्मा, प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास  निहारिका बारीक, प्रमुख सचिव कृषि  सहला निगार, प्रमुख सचिव  सोनमणि वोरा, सचिव  भीम सिंह सहित संबंधित जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, गृह एवं जेल विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, ग्रामोद्योग विभाग तथा ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया फाउंडेशन के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया फाउंडेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर  अनीश कुमार द्वारा इन क्षेत्रों के लिए तैयार समन्वित नीति पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।         इस अवसर पर मुख्य सचिव  विकास शील ने कहा कि जैसे-जैसे छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त होता जा रहा है, हमारी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। जिन क्षेत्रों में अब तक विकास नहीं पहुंच सका, वहां पहुंचकर हमें सतत एवं समावेशी विकास सुनिश्चित करना होगा। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सभी विभागों को समन्वित दृष्टिकोण के साथ आगामी तीन वर्षों की कार्ययोजना तैयार कर कार्य करना होगा।        स्थानीय संसाधनों के आधार पर आजीविकामूलक गतिविधियों के संचालन एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया जाए। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। जिला स्तर के अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान क्लस्टर आधारित एवं ब्लॉक केंद्रित आजीविका मॉडल पर विस्तार से चर्चा की गई। इस मॉडल के अंतर्गत कृषि, पशुपालन, वनोपज, मत्स्य पालन, हस्तशिल्प एवं सूक्ष्म उद्यमों को जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की योजना है। इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं का एकीकृत क्रियान्वयन एवं बेहतर कन्वर्जेंस सुनिश्चित किया जाएगा।           कार्यशाला में जिला, विकासखंड एवं क्लस्टर स्तर पर त्रिस्तरीय योजना निर्माण एवं क्रियान्वयन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार कर उन्हें तेजी से लागू किया जाएगा। राज्य सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आय में वास्तविक वृद्धि सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया।           कार्यशाला में यह भी बताया गया कि उत्पादन से लेकर विपणन तक संपूर्ण मूल्य श्रृंखला को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे उत्पादकों को बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके और उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अगले चरण में प्रत्येक विकासखंड में संभावित आजीविका क्लस्टरों की पहचान कर 60 दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए, जिसमें सर्वेक्षण, योजना निर्माण एवं क्रियान्वयन की रूपरेखा शामिल होगी। कार्यशाला में प्रस्तुत रणनीति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन का मजबूत आधार बनेगी। यह पहल ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।           कार्यशाला में वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) प्रभावित जिलों में आजीविका परिवर्तन एवं जीवन स्तर में सुधार हेतु परिवारों की आय बढ़ाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। एनसीएईआर (NCAER) के सर्वेक्षण के अनुसार इन क्षेत्रों के 85 प्रतिशत परिवारों की मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने अगले ढाई से तीन वर्षों में इसे बढ़ाकर न्यूनतम 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।          प्रमुख सचिव  निहारिका बारीक ने इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु विविधीकरण, सामूहिकीकरण, प्रौद्योगिकी एवं संतृप्ति के चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित रणनीति पर प्रकाश डाला। इसके अंतर्गत प्रत्येक परिवार को कम से कम तीन आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जाएगा तथा प्रत्येक जिले में चार प्रमुख आजीविका क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।          यह पहल क्लस्टर आधारित एवं बाजार उन्मुख दृष्टिकोण पर आधारित होगी, जिसमें सशक्त मूल्य श्रृंखला तंत्र विकसित किया जाएगा। मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन को सक्रिय नेतृत्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नाबार्ड, एफईएस तथा प्रदान जैसे सहयोगी संगठनों द्वारा एनटीएफपी (लघु वनोपज) मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने एवं एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) को बढ़ावा देने संबंधी सुझाव प्रस्तुत किए गए। कार्यशाला में “ट्राइपॉड मॉडल” को योजना निर्माण के आधार के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसमें परिवार, क्षेत्र एवं गतिविधियों का समेकित दृष्टिकोण शामिल है।

केरल की एथलेटिक्स टीम पहुंची जगदलपुर, पारंपरिक लोकनृत्य से हुआ भव्य स्वागत

रायपुर आदिवासी खिलाड़ियों को समर्पित इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी करने वाला छत्तीसगढ़ पहला राज्य बन गया है, जो भारत की खेल यात्रा में आदिवासी सशक्तिकरण और जमीनी स्तर पर भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स की प्रतियोगिताओं का आयोजन 30 मार्च से 2 अप्रैल तक किया जाएगा।               खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स के अंतर्गत बस्तर जिले में आयोजित होने वाली एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए केरल राज्य की टीम आज जगदलपुर पहुंची। रेलवे स्टेशन पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों द्वारा खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत किया गया। बस्तर के हृदय स्थल जगदलपुर में आगामी 30 मार्च से 2अप्रैल तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय नेशनल ट्राइबल गेम्स का उत्साह अब धरातल पर दिखने लगा है। इस राष्ट्रीय खेल महाकुंभ में अपनी चुनौती पेश करने के लिए देश के कोने-कोने से खिलाड़ियों का आगमन शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में केरल राज्य से 17 सदस्यीय एक दल किरंदुल पैसेंजर के माध्यम से जगदलपुर रेलवे स्टेशन पहुँचा।             इस अवसर पर स्थानीय नर्तक दल ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर मेहमान खिलाड़ियों का अभिनंदन किया, जिससे बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। गौर नृत्य समूह के नर्तकों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में ढोल की थाप और ऊर्जावान नृत्य से ऐसा समां बांधा कि लंबी दूरी तय कर आए खिलाड़ी अपनी थकान भूल गए             खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, 30 मार्च से शुरू होने वाले इस आयोजन के लिए प्रशासन ने  विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस आयोजन के माध्यम से न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, बल्कि बस्तर की संस्कृति और परंपरा को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।

राजनीतिक बयानबाजी: BJP विधायक बोले—रामनवमी श्रद्धा से मनाएं, राम को काल्पनिक कहना गलत

रायपुर. विधायक पुरंदर मिश्रा ने देशवासियों को रामनवमी पर्व की बधाई देते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा, सभी को रामनवमी का पर्व मनाना चाहिए। खासकर रामनवमी पर कांग्रेस को पूजा करनी चाहिए, क्योंकि कांग्रेस का सफाया हो रहा है। प्रभु राम को काल्पनिक ना मानकर रामनवमी मनाएं। भगवान से सद्बुद्धि की मांग करें, ताकि वे मजबूत विपक्ष के रूप में बने रहे। कांग्रेस पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन करेगी। इस मामले में बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा, कांग्रेस बोलती कुछ और करती कुछ है। अब तक प्रदेश, ब्लॉक, मंडल का गठन नहीं कर पाई है। पंचायतों में कमेटी का गठन करना कांग्रेस के लिए असंभव है इसलिए कांग्रेस में आलू से सोना निकलता है। कांग्रेस पार्टी का जनाधार खिसक चुका है। छत्तीसगढ़ के जेलों में 285 कैदियों की मौत मामले में NHRC ने मुख्य सचिव को नोटिस भेजा है। इस मामले में पूर्व सीएम भूपेश बघेल के तंज पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा, सरकार की आंखें खुली है, कान से भी जोर से सुन रहे हैं, तभी छत्तीसगढ़ प्रदेश चल रहा है। कई अपराधी जेल में है, जितना उनको जीवन दिया है उतना अपराधी जिएगा। विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि यह एक प्रक्रिया है। हमको इसके खिलाफ बोलने का अधिकार नहीं है। जो जेल में है और जेल से बाहर है उन्हें लंबी उम्र भगवान दे। शासन अपने स्तर पर काम कर रही है। जो भी काम में गड़बड़ी करेगा उसे साय सरकार नहीं छोड़ेगी।

चैत्र नवरात्र पर मनेन्द्रगढ़ में भक्ति की बयार: प्रभात फेरी में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर मनेन्द्रगढ़ में इन दिनों गहरा भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। जिला मुख्यालय में प्रतिदिन आयोजित हो रही प्रभात फेरी में सैकड़ों श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग लेकर शहर की गलियों को भजन-कीर्तन से गुंजायमान कर रहे हैं। प्रभात फेरी का शुभारंभ राम मंदिर से होता है, जहां से श्रद्धालु "जय राम" के जयघोष के साथ शहर के विभिन्न मोहल्लों में भ्रमण करते हैं। हर दिन अलग-अलग क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली इस फेरी के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जुड़ने का अवसर मिल रहा है। जगह-जगह हो रहा भव्य स्वागत प्रभात फेरी के दौरान शहर के अनेक स्थानों पर स्थानीय नागरिक श्रद्धालुओं का फूलों की वर्षा कर स्वागत करते हैं। साथ ही जलपान की भी व्यवस्था की जाती है, जिससे पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल बना रहता है। इस धार्मिक आयोजन में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। प्रभात फेरी का समापन   प्रतिदिन राम मंदिर में होता है, जहां विधिवत पूजा-अर्चना और आरती संपन्न होती है। इसके पश्चात प्रसाद वितरण किया जाता है तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाती हैं। राम मंदिर के सचिव रघुनाथ पोद्दार ने बताया कि आयोजन समिति द्वारा प्रभात फेरी को अनुशासित और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी सुदृढ़ कर रहा।

VB-GRAMG योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनपद स्तरीय कार्यशालाएं सम्पन्न

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की महत्वाकांक्षी “विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-GRAMG)” योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशालाएं आयोजित की गईं। 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाली इस योजना के मद्देनजर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को पूर्व प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशालाओं में योजना की जानकारी, पात्रता, लाभ एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। मनेंद्रगढ़, भरतपुर एवं खड़गवां जनपदों में आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 120 लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सरपंचों व अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। साथ ही प्रतिभागियों को योजना संबंधी बुकलेट भी वितरित की गई। आगामी सप्ताह में क्लस्टर स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान मनरेगा के तहत दिवंगत हितग्राही की पत्नी को 25 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की गई। कार्यशालाओं से योजना के प्रति जागरूकता बढ़ी है, जिससे इसके सुचारू व पारदर्शी क्रियान्वयन की उम्मीद जताई गई।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिलासपुर में बाइक चोरी गैंग पकड़ा, कम उम्र का मास्टरमाइंड निकला सरगना

बिलासपुर. शहर में लगातार बाइक चोरी के मामलों में एसीसीयू को बड़ी सफलता मिली है. सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए टीम ने बिलासपुर, जांजगीर और दुर्ग में सक्रिय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर चोरी की 6 बाइक समेत तीन खरीददार भी पकड़े गए. पकड़े गए चोरों में 19 साल का मास्टर माइंड भी शामिल है. एसएसपी रजनेश सिंह ने लगातार बाइक चोरी के मामले बढ़ने के बाद एससीसीयू को जांच के निर्देश दिए थे. टीम ने शहर के अलग-अलग जगहों के करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और रूट चार्ट तैयार कर संदिग्धों की पहचान की. जांच में मस्तूरी के वेद वेदपरसदा में मुख्य आरोपी साहिल मरावी का होना पाया गया. टीम ने तुरंत वहां दबिश दी और साहिल को हिरासत में लिया. शुरू में साहिल टीम को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने सारे राज उगल दिए. उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग जिलों से बाइक चोरी करता था. साहिल की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों और बाइक खरीददारों को भी गिरफ्तार किया. दुर्ग और जांजगीर तक फैले थे तार एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि आरोपियों ने बिलासपुर के सरकंडा, सिविल लाइन और कोतवाली क्षेत्र से चार, दुर्ग के मोहन नगर से एक और जांजगीर जिले से एक बाइक चोरी की थी. पुलिस ने गिरोह से कुल करीब दो लाख रुपए कीमत की छह बाइक बरामद की हैं. एसएसपी ने टीम को कैश रिवार्ड देने की घोषणा की. चोरी की बाइक खरीदने वाले भी गिरफ्तार वेद वेदपरसदा का साहिल मरावी अपने साथियों निलेश शुक्ला, हिमांशु जगत और रायपुर निवासी रितेश सेन के साथ वारदात को अंजाम देता था. चोरी की बाइक गांव के रघुनंदन साहू, नंदकुमार रजक और सोनू केंवट को 20 से 25 हजार रुपए में बिना दस्तावेज के बेची जाती थीं. पुलिस ने खरीदारों को भी आरोपी बनाया है.

तीसरी बार बम धमकी का मेल, जिला कोर्ट परिसर में हाई अलर्ट

बिलासपुर जिला न्यायालय बिलासपुर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। न्यायालय को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची है और पूरे कोर्ट परिसर की सघन जांच शुरू कर दी है। बता दें कि जिला न्यायालय को तीसरी बार धमकी मिली है। पुलिस न्यायालय के अंदर और बाहर हर कोने की बारीकी से तलाशी ले रही है। साथ ही रूटीन चेकिंग प्रक्रिया के तहत भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में आने-जाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि यह लगातार तीसरी बार है जब न्यायालय को इस तरह का धमकी भरा मेल मिला है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

IAS 2025 बैच की पहली पोस्टिंग: अलग-अलग जिलों में बने सहायक कलेक्टर

रायपुर मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में प्रथम दौर के प्रशिक्षण के बाद परिवीक्षाधीन 2025 बैच के आईएएस अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न जिलों में बतौर सहायक कलेक्टर पदस्थ किया गया है. छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय द्वारा संबंधित जिला कलेक्टरों जारी किया गया है. इसमें गोकुल आरके को रायगढ़, इशांत जयसवाल को कोरबा और वाध्यावथ यशवंत नायक को बस्तर जिले में पदस्थ किया गया है. अधिकारी अपने संबंधित जिलों में कार्यभार ग्रहण न कर निमोरा स्थित छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी में अपनी उपस्थिति देंगे. इनकी अकादमी में उपस्थिति तिथि को ही जिलों में उनका कार्यभार ग्रहण तिथि मानते हुए आगामी कार्यवाही की जाएगी.