samacharsecretary.com

राजा वड़िंग को लेकर सचिन पायलट का बड़ा बयान, पंजाब चुनाव के लिए कांग्रेस की क्या है रणनीति?

चंडीगढ़  पंजाब में कांग्रेस ने पिछले दिनों अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाकर परगट सिंह को कमान सौंपी। ऐसे में पंजाब की सियासत और कांग्रेस में अंदरूनी कलहों ने जोर पकड़ लिया। इस क्रम में अब राज्य के लिए पार्टी के केंद्रीय प्रभारी सचिन पायलट ने राजा वड़िंग के लिए बड़ी बात कही है। समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में सचिन पायलट ने उन्हें एक "लड़ाकू" बताया है। उन्होंने कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों में वडिंग बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। राज्य के प्रभारी के रूप में कार्यभार संभालने के तुरंत बाद जब पायलट से पंजाब इकाई में हुए बदलाव के बारे में पूछा गया तो उन्होंने वड़िंग की तारीफ की और कहा कि उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की है। हालांकि, कांग्रेस महासचिव ने यह भी कहा कि कभी-कभी संगठन में बदलाव जरूरी हो जाते हैं। वड़िंग को 20 साल से जानता हूं: सचिन पायलट पायलट ने पीटीआई से कहा, "मैं आपको बता दूं कि मैं राजा वड़िंग को 20 साल से जानता हूं। वह बहुत ही ऊर्जावान और मेहनती युवा हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को तब मजबूत करने में मदद की, जब हमारे पास केवल 15-16 विधायक थे। वह बहुत ही चुनौतीपूर्ण समय था। उन्होंने चार साल से भी ज्यादा समय तक संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की है। पार्टी आलाकमान के फैसले के बाद, राजा वड़िंग ने 2 अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ दिया और पूर्व ओलंपियन परगट सिंह ने यह जिम्मेदारी संभाली। उस समय राजा वड़िंग अपने पद से हटने के लिए परोक्ष रूप से पायलट को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। इस हफ्ते की शुरुआत में परगट सिंह के कार्यभार संभालने के कार्यक्रम के दौरान राजा वडिंग ने कहा था कि हो सकता है पायलट उन्हें हटा दें या उन्हें चुनाव का टिकट भी न दें, लेकिन वह राहुल गांधी के एक सिपाही के रूप में कांग्रेस का झंडा ऊंचा रखना जारी रखेंगे। हालांकि, एक इंटरव्यू में पायलट ने वड़िंग की खूब तारीफ की। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा…     वह एक फाइटर हैं। लेकिन कभी-कभी संगठन में बदलाव होते रहते हैं। उत्तर प्रदेश में भी फरवरी में चुनाव होने हैं, वहां भी हमारे पास एक नई अध्यक्ष (आराधना मिश्रा-मोना) हैं। इसी तरह परगट सिंह जी को पंजाब का नया अध्यक्ष बनाया गया है। तो ये बदलाव समय-समय पर होते रहते हैं, जो इस बात पर निर्भर करता है कि हम आगे कैसे बढ़ना चाहते हैं। सचिन पायलट, कांग्रेस प्रभारी क्या राजा वड़िंग उपयुक्त नहीं थे? जब पायलट से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि राजा वड़िंग अब राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में उपयुक्त नहीं थे, तो पायलट ने कहा कि यह उपयुक्तता का सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा, "जैसा कि मैंने कहा, उन्होंने युवाओं के लिए बहुत काम किया है। उन्होंने युवाओं को आगे आने और आम आदमी पार्टी से मुकाबला करने के लिए प्रोत्साहित किया है। लेकिन चुनावों के दौरान कई बातों पर विचार करना पड़ता है, और नेतृत्व ने तय किया कि यूपी और पंजाब में नए अध्यक्ष नियुक्त किए जाने चाहिए।''  

चंडीगढ़ में चुनाव से पहले धड़ाधड़ उद्घाटन पर विवाद, SIA ने उठाई रोक लगाने की मांग

चंडीगढ़. नगर निगम चुनाव नजदीक आते ही शहर में विकास कार्यों के धड़ाधड़ उद्घाटन और शिलान्यास हो रहे हैं। इस बीच सेकंड इनिंग्स एसोसिएशन (एसआईए) ने सार्वजनिक धन से करवाए जा रहे विकास कार्यों के उद्घाटन के नाम पर राजनीतिक प्रचार किए जाने पर चिंता जताई है। एसआईए ने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि चुनाव से पहले अनधिकृत उद्घाटनों और राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से आयोजित प्रचार कार्यक्रमों पर रोक लगाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। एसआईए के प्रतिनिधियों का कहना है कि पार्षदों और संभावित उम्मीदवारों को अपने काम और उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन सरकारी धन से होने वाले विकास कार्यों को किसी व्यक्ति, परिवार या राजनीतिक दल की निजी उपलब्धि के रूप में पेश करना उचित नहीं है। प्रशासनिक निष्पक्षता पर उठते हैं सवाल ये परियोजनाएं जनता के पैसे से तैयार होती हैं और इनका लाभ भी जनता को ही मिलता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधि या संभावित उम्मीदवार नगर निगम की अनुमति के बिना किसी सार्वजनिक परियोजना का उद्घाटन करता है या निर्धारित प्रक्रिया का उल्लंघन करता है तो यह प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है। चुनाव से ठीक पहले ऐसे कार्यक्रमों के जरिये राजनीतिक लाभ लेने की संभावना पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। एसोसिएशन ने मांग की कि सार्वजनिक परियोजनाओं का उद्घाटन केवल सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी और नियमों के अनुसार ही किया जाए। पार्षदों, उनके परिवार के सदस्यों और संभावित उम्मीदवारों को सरकारी कार्यक्रमों या सार्वजनिक विकास कार्यों का इस्तेमाल व्यक्तिगत प्रचार और चुनावी लाभ के लिए करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए। विकास कार्यों को चुनावी उपलब्धि प्रस्तुत न करें एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन की मांग किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक धन के सम्मान, प्रशासनिक निष्पक्षता और चुनाव से पहले सभी उम्मीदवारों को समान अवसर सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता के हैं और उन्हें किसी की व्यक्तिगत या चुनावी उपलब्धि के तौर पर प्रस्तुत नहीं किया जाना चाहिए।

परगट सिंह के गढ़ जालंधर में AAP की नई नियुक्ति, दीपक बाली को मिली जिम्मेदारी

जालंधर. पंजाब की राजनीति में हलचल तेज करते हुए आम आदमी पार्टी ने जालंधर में एक बड़ा सांगठनिक फेरबदल किया है। हाईकमान ने जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से दीपक बाली को नया हलका इंचार्ज नियुक्त किया है। यह कदम पंजाब कांग्रेस के नए बनाए गए प्रधान परगट सिंह के गढ़ में पार्टी के आधार को और मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले जालंधर कैंट क्षेत्र की कमान पार्टी की वरिष्ठ नेता राजविंदर कौर थियाड़ा के हाथों में थी। अब पार्टी ने सांगठनिक बदलाव करते हुए उन्हें इस पद से हटाकर दीपक बाली को जिम्मेदारी सौंपी है। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान इस सीट से पूर्व ओलंपियन सुरिंदर सिंह सोढ़ी ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। लंबे समय से जालंधर में सक्रीय दीपक बाली लंबे समय से जालंधर और आसपास के राजनीतिक व सामाजिक हलकों में काफी सक्रिय रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में पहले से ही चर्चा जोरों पर थी कि वे 2027 विधानसभा चुनावों में कैंट विधानसभा क्षेत्र से अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं। अब पार्टी द्वारा उन्हें हलका इंचार्ज बनाए जाने के बाद इस क्षेत्र से उनकी राजनीतिक दावेदारी को और अधिक मजबूत कर दिया है। परगट सिंह के सामने आप का दाव जांलधर कैंट के विधायक परगट सिंह के पंजाब कांग्रेस के प्रधान चुने जाने के बाद से ही ये सीट वीआईपी बन चुकी है और 2027 के चुनावों के लिए सबसे चर्चित सीटों में से एक है। ऐसे में आम आदमी पार्टी द्वारा एक मजबूत और सक्रिय चेहरे को हलका इंचार्ज बनाना यह साफ संकेत देता है कि आने वाले समय में इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा होने वाला है।

लुधियाना में वाहन चालकों की बढ़ेगी परेशानी, एक महीने तक बंद रहेगा सड़क मार्ग; जानें वैकल्पिक रास्ते

लुधियाना. पुन: निर्माण के चलते शिव चौक से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर तक की सड़क एक माह तक बंद रहेगी। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्शन प्लान जारी कर दिया है। बता दे कि नेशनल हाईवे पर बनी स्लिपवे रोड की हालत खस्ता हो चुकी है। इसके चलते नेशनल हाईवे ऑथोरिटी द्वारा इसका पुन: निर्माण किया जा रहा है। पहले चरण में शिव चौक से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर तक की सड़क को चुना गया है जिसमें करीब एक माह का समय लग सकता है। लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा डायवर्शन प्लान लागू कर दिया गया है। शेरपुर चौक से ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ जाने वाले वाहनों को चीमा चौक की तरफ घुमा दिया जाएगा जिससे वह आगे ट्रांसपोर्ट नगर जा सकेंगे। ऐसे ही जिन लोगों ने शिव चौक से जालंधर की तरफ जाना है उनके लिए मोती नगर पुलिस से पहले यॉर्क हौजरी के पास अस्थाई तौर पर अप रैंप का निर्माण किया गया है। अप रैंप के माध्यम से वाहन चालक फ्लाई ओवर के ऊपर चढ़कर जालंधर की तरफ जा सकेंगे। जोन इंचार्ज इंस्पेक्टर दविंदर कौर ने बताया कि इस संबंधी जगह-जगह बोर्ड भी लगा दिए गए है। वाहन चालक डायवर्शन प्लान के अनुसार ही आगे जाएं।

पंजाब में वाहन चालकों को राहत! आज फ्री रहेंगे टोल प्लाजा, जानें क्या है वजह

लुधियाना. देश के सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर वीरवार को टोल प्लाजा वर्कर यूनियन ने पंजाब बंद के समर्थन में अपना काम बंद रखने का ऐलान किया। यूनियन के इस फैसले के चलते टोल प्लाजा को दिनभर टोल फ्री रखने की घोषणा की गई। इस मौके पर टोल प्लाजा वर्कर यूनियन पंजाब के प्रधान दर्शन सिंह लाडी ने कहा कि मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने इस घटना के विरोध में पंजाब सरकार पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री और डीजीपी से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की। दर्शन सिंह लाडी ने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में यूनियन ने पंजाब बंद को समर्थन देने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टोल प्लाजा पर कोई भी कर्मचारी काम नहीं करेगा और टोल को फ्री रखा जाएगा। उधर, लाडोवाल टोल प्लाजा पर बंद के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए है। मौके पर कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रहे। टोल प्लाजा वर्कर यूनियन के इस ऐलान के चलते लाडोवाल टोल प्लाजा पंजाब बंद के समर्थन में केंद्र बिंदु बना रहा।

त्योहारी सीजन में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की कवायद, चंडीगढ़ पुलिस ने व्यापारियों से की चर्चा

चंडीगढ़. चंडीगढ़. त्योहारों के सीजन में शहर के बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने व्यापार मंडल को जरूरी कदम उठाने के सुझाव दिए हैं। सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस, सिक्योरिटी एंड ट्रैफिक सुमेर प्रताप सिंह ने चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चेयरमैन संजीव चड्ढा को पत्र लिखकर बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए मार्केट वेलफेयर एसोसिएशनों के साथ मिलकर काम करने को कहा है। पत्र में कहा गया है कि पिछले त्योहारों के सीजन में शहर के बाजारों के आसपास काफी ट्रैफिक जाम लगा था। इसे ध्यान में रखते हुए इस बार दुकानदारों और ग्राहकों को पार्किंग के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने की जरूरत है। सुखना लेक मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, कैपिटल कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-1 से हाईकोर्ट चौक, ओल्ड बैरिकेड चौक और सुखना लेक की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। इसके अलावा हीरा सिंह चौक की ओर दाएं मुड़ने, पंजाब लोक भवन रोड से किशनगढ़ मोड़ की ओर बाएं मुड़ने तथा सेंट कबीर लाइट पॉइंट की ओर दाएं मुड़ने वाले मार्गों पर भी ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा। किशनगढ़ चौक और आईटी पार्क में ट्रैफिक डायवर्जन इसी तरह शास्त्री नगर लाइट पॉइंट की ओर बाएं मुड़ने, किशनगढ़ चौक और ललित होटल की ओर बाएं मुड़ने वाले रास्तों पर भी यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। वहीं, आईटी पार्क लाइट पॉइंट से यू-टर्न लेने वाले मार्ग पर भी ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इन मार्गों पर मैराथन के आयोजन को सुचारु बनाने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने जारी की यह अडवाइजरी चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों और अन्य यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित समय के दौरान प्रभावित मार्गों से गुजरने से बचें और मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। सोशल मीडिया पर नजर रखने की अपील पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक संबंधी ताजा जानकारी के लिए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नजर रखने की अपील भी की है। ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि मैराथन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के निर्देशों के अनुसार चलने की अपील की है।

चंडीगढ़ में स्कूलों को बम धमकी से हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

चंडीगढ़. शहर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। पहले सेक्टर-56, सेक्टर-33डी, सेक्टर-19सी और सेक्टर-23 के सरकारी स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिलने की सूचना सामने आई थी। अब आठ अन्य स्कूलों को भी ईमेल के जरिए बम की धमकी मिलने की जानकारी मिली है। इनमें निजी और सरकारी, दोनों तरह के स्कूल शामिल बताए जा रहे हैं। धमकी वाले ईमेल की सूचना के अनुसार, सेक्टर-46ए स्थित आशियाना स्कूल, मनीमाजरा का रिमिट स्कूल, सेक्टर-20डी का सरकारी स्कूल, सेक्टर-28 का सेंट सोल्जर्स स्कूल, सेक्टर-41सी का शिवालिक पब्लिक स्कूल, सेक्टर-26 का सेंट जॉन स्कूल, सेक्टर-37 का सेंट पीटरसन स्कूल और इसी सेक्टर का प्ले वे स्मार्ट स्कूल शामिल हैं। ईमेल में लिखा गया, “CHANDIGARH BoleGa KHALISTAN Zindabad Zindabad”। ईमेल में चंडीगढ़ के स्कूलों में बम धमाके करने की धमकी के साथ अलग-अलग समय का जिक्र किया गया। इसमें कुछ सरकारी कार्यालयों को भी निशाना बनाने की बात लिखी गई। इसके अलावा लिखा गया परविंदर सिंह झोटा की मौत का बदला लेने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाना बनाया जाएगा। ईमेल में इस संबंध में धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। ईमेल में CM और DGP कार्यालय का जिक्र ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ आपत्तिजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें डीजीपी कार्यालय का भी जिक्र है। ईमेल में धमाकों के लिए CM को जिम्मेदार ठहराने जैसी बातें लिखी गई हैं। अंत में “KHALISTAN National ARMY” के नाम के साथ कुछ व्यक्तियों और संगठनों के नाम भी लिखे गए हैं। हालांकि, ईमेल में किसी व्यक्ति या संगठन का नाम होने से यह साबित नहीं होता कि धमकी उसी ने भेजी है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और संदेश की सत्यता की जांच कर रही है।

पंजाब में नशा तस्करी का मामला, तरनतारन बॉर्डर से नशीले पदार्थों के साथ पुलिसकर्मी गिरफ्तार

चंडीगढ़. पंजाब के तरन तारन जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पंजाब पुलिस के एक कांस्टेबल को 15 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की पहचान करनदीप सिंह के रूप में हुई है. वह भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे खालड़ा इलाके में एंटी-ड्रोन ड्यूटी पर तैनात था. वहां उसकी तैनाती का मकसद सीमा पार से ड्रोन के जरिए होने वाली नशे की तस्करी पर नजर रखना था. इस मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. तरन तारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सुरिंदर लांबा ने आजतक/इंडिया टुडे से बातचीत में कांस्टेबल की गिरफ्तारी और 15 किलो हेरोइन की बरामदगी की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि आरोपी कांस्टेबल एंटी-ड्रोन ड्यूटी पर तैनात था और जब्ती के समय वह ड्यूटी पर नहीं था. हालांकि, पुलिस अधिकारी ने मामले में आगे की जांच किए जाने की बात कही है. फिलहाल, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे तरन तारन के सीमावर्ती क्षेत्र में की गई. ऑपरेशन में NCB और BSF की टीमें शामिल थीं. आरोपी के पास से कुल 15 किलोग्राम हेरोइन बरामद होने की जानकारी दी गई है. हालांकि, बरामदगी के सटीक स्थान, कार्रवाई के पूरे घटनाक्रम और आरोपी के कथित नेटवर्क के बारे में विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही, इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति या तस्करी नेटवर्क की भूमिका होने की आशंका की भी जांच की जा सकती है. फिलहाल, उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी और हेरोइन की बरामदगी की पुष्टि हुई है. जांच के नतीजे और आगे की कानूनी कार्रवाई से मामले की पूरी तस्वीर साफ होगी.

अजमीत सिंह मर्डर केस का आरोपी गुरलाल सिंह हरियाणा में दबोचा गया, पुलिस को मिली सफलता

चंडीगढ़. पंजाब पुलिस ने तरनतारन जिले में हुई हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गुरलाल सिंह को गिरफ्तार किया है। पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के साथ संयुक्त अभियान चलाकर यह गिरफ्तारी की। आरोपी सितंबर 2026 में तरनतारन जिले के नौशेरा पन्नुआं में अजमीत सिंह की हत्या के मामले में वांछित था। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर पंजाब और हरियाणा पुलिस की टीमों ने समन्वित अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी को हरियाणा के नूंह जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड की जांच के दौरान इससे पहले एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स पंजाब ने तरनतारन पुलिस के साथ मिलकर एक अन्य आरोपी साजनप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार किया था। अब मुख्य आरोपी गुरलाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय और खुफिया सूचनाओं के आधार पर चलाए गए अभियान से आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजमीत सिंह की हत्या कथित तौर पर विदेश में छिपे भगोड़े गैंगस्टरों प्रभ दस्सुवाल और डोनी बाल के इशारे पर की गई थी। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात के पीछे गैंगों के बीच आपसी रंजिश हो सकती है। हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद हो सकेगी। पुलिस इस मामले में आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। पंजाब पुलिस के अनुसार, इस मामले से जुड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश कर दिया गया है। अब जांच एजेंसियां आरोपियों के आपसी संपर्कों, वारदात की साजिश और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी हैं। इसके लिए मामले की आगे और पीछे की कड़ियों (फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज) की जांच की जा रही है। पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करना, अपराधियों को कानून के दायरे में लाना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पंजाब में फिर बदलेगा मौसम, तीन दिन का यलो अलर्ट जारी; रामलीला मंच को नुकसान

पठानकोट/ जालंधर / मानसा पंजाब में मौसम विभाग ने आज (15 अक्टूबर) भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ओले भी गिर सकते हैं। बुधवार रात तरनतारन के पट्टी में ओले गिरे। वहीं गुरुवार सुबह पठानकोट, जालंधर और मानसा में बारिश हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), चंडीगढ़ के अनुसार, आज बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 16 अक्टूबर से पंजाब में मौसम की गतिविधियां कमजोर पड़ने के आसार हैं। 9 जिलों में ओलावृष्टि संभव, 13 में अलर्ट मौसम विभाग के जिला-स्तरीय पूर्वानुमान के मुताबिक, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में ओले गिरने की आशंका है। इन जिलों में कई स्थानों पर बारिश भी हो सकती है। वहीं, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर और संगरूर में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन 13 जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। इसके अलावा तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। हालांकि, हर जिले में बारिश या ओलावृष्टि की तीव्रता एक जैसी नहीं होगी। किसानों के लिए जरूरी: खुले धान को ढकें बारिश और तेज हवाओं से खेतों में खड़ी फसल के साथ मंडियों में खुले में रखा धान भी प्रभावित हो सकता है। धान की कटाई और खरीद के सीजन में बारिश से उपज भीगने, उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने और ढुलाई में देरी का खतरा है। बिजली चमके तो पेड़ के नीचे न रुकें आंधी-तूफान के दौरान बिजली गिरने, पेड़ टूटने और बिजली की तारों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। ऐसे में आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।मौसम में अचानक यह बदलाव क्यों, कब से मिलेगी राहत पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदलने की वजह उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ तथा उत्तरी हरियाणा के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण है। इनके प्रभाव से क्षेत्र में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ी हैं। IMD ने 16 अक्टूबर से पंजाब के लिए चेतावनी नहीं दिखाई गई है, जिससे मौसम की गतिविधियों में कमी आने के संकेत मिलते हैं। बारिश से बढ़ेगी ठंडक  भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 4.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, लेकिन यह सामान्य से 2.4 डिग्री नीचे बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सबसे अधिक तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रूपनगर में दर्ज किया गया। पंजाब के न्यूनतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य का औसत न्यूनतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 4.1 डिग्री नीचे आया और सामान्य के करीब रहा। पठानकोट में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभिन्न शहरों का तापमान  अमृतसर का अधिकतम पारा 29.7 डिग्री, लुधियाना का 31.6 डिग्री, पटियाला का भी 31.6 डिग्री, पठानकोट का 29.3 डिग्री, बठिंडा का 29.1 डिग्री, एसबीएस नगर का 30.0 डिग्री, फरीदकोट का 30.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 16.9 डिग्री, लुधियाना का 17.2 डिग्री, पटियाला का 18.0 डिग्री, पठानकोट का 17.2 डिग्री, बठिंडा का 16.5 डिग्री दर्ज किया गया।