samacharsecretary.com

नीतीश कुमार ने बेनेवोलेंट फंड में दिया अंशदान, जनता से भी आगे आने की अपील

पटना  आज सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर मृगेन्द्र कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से 01 अणे मार्ग में मुलाकात कर उन्हें सशस्त्र सेना झंडा दिवस का फ्लैग लगाया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बिहार स्टेट एक्स सर्विसमैन बेनेवोलेंट फंड में अंशदान किया और देश के बहादुर सैनिकों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया। उन्होंने कहा कि उनकी कुर्बानियों अमर है। वे अपने जान के मूल्य पर राष्ट्र पर आए बाह्य एवं आंतरिक संकटों का मुकाबला बहादुरी के साथ करते हैं। इन बहादुर सैनिकों के कल्याण एवं पुनर्वास के लिए उन्होंने राज्यवासियों से बिहार स्टेट एक्स सर्विसमैन बेनेवोलेंट फंड में अंशदान किए जाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि आपका यह अंशदान बहादुर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता होगी। इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर मृगेन्द्र कुमार, कर्नल संतोष कुमार त्रिपाठी, कर्नल मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

डुमना एयरपोर्ट पर आज आएंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, ट्रांजिट विजिट का कार्यक्रम तय

जबलपुर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आज रविवार 7 दिसम्बर को ट्रांजिट विजिट पर डुमना एयरपोर्ट जबलपुर आगमन होगा। मुख्यमंत्री मंत्री डॉ यादव दोपहर 2.35 बजे भोपाल से वायुयान द्वारा डुमना एयरपोर्ट आयेंगे और और दोपहर 2.40 बजे हेलीकॉप्टर से बालाघाट प्रस्थान करेंगे। आप दोपहर 3.20 बजे बालाघाट पहुँचेंगे और वहाँ स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम 4.20 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा वापस डुमना एयरपोर्ट जबलपुर के लिये रवाना होंगे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शाम 5 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुँचेंगे तथा शाम 5.05 बजे यहाँ से वायुयान द्वारा भोपाल प्रस्थान करेंगे।

लोकतंत्र पर साजिश? ‘फर्जी वोट’ को लेकर सीएम योगी की चिंता, जनप्रतिनिधियों को दिए कड़े निर्देश

अलीगढ़  यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ पहुंच चुके हैं। वह आगरा से एएमयू स्थित हेलीपैड पर उतरे। यहां से वह कार द्वारा कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट के सभागार में पहुंचते ही जय श्रीराम के नारे लगे। जनप्रतिनिधियों ने पहले पुष्प गुच्छ देकर सीएम योगी का स्वागत किया। यहां अलीगढ़ मंडल के चारों जिलों अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज के जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक ली। बैठक में सरकारी योजनाओं की समीक्षा, एसआईआर की प्रगति, जिला पंचायत चुनाव के संबंध में चर्चा के साथ अधिकारियों की कार्यशैली पर जनप्रतिनिधियों से फीडबैक ली। बैठक में किसी भी सरकारी अधिकारी को शामिल होने की इजाजत नहीं थी।  जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के बाद सीएम योगी पुनः एएमयू हेलीपैड पहुंचे। वहां हेलीकॉप्टर से छेरत स्थित प्रिंस पैलेस में बरौली विधायक ठाकुर जयवीर सिंह के कार्यक्रम में पहुंच गए। वहां जयवीर सिंह के पुत्र का तिलक समारोह है।  अलीगढ़-मुजफ्फरनगर में 'फर्जी वोट' को लेकर सीएम योगी ने जताई चिंता यूपी योगी आदित्यनाथ ने 7 दिसंबर को अलीगढ़ में हुई मंडलीय समीक्षा बैठक में मतदाता सूची की सटीकता और तैयारी पर गंभीर चिंता व्यक्त की और जनप्रतिनिधियों तथा पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि प्रदेश में सबसे अधिक फर्जी वोट अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर जिलों में हैं। उन्होंने इन दोनों जिलों में मतदाता सूची तैयार करने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।  विपक्षी दलों की तैयारी पर सतर्कता का निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के निरीक्षण में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने विपक्षी पार्टियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि वे लोग 100 फीसदी क्षमता के साथ बेहद खामोशी से मतदाता सूची तैयार करने के काम में लगे हुए हैं। इसको देखते हुए आप लोगों को बेहद गंभीरता से काम करने की ज़रूरत है। शादी हो तब भी काम में लगे रहें। छात्रनेता को पुलिस ने किया नजरबंद विद्यार्थियों से जुड़ी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देने से पहले 6 नवंबर रात में छात्रनेता मोहम्मद मोहसिन मेवाती को पुलिस ने नजरबंद कर लिया। मोहसिन ने मुख्यमंत्री को लेकर ज्ञापन देने का ऐलान किया था। मोहसिन ने कहा कि यह तानाशाह सरकार छात्र विरोधी है।  

पंजाब में CM रेस पर सिद्धू का बड़ा बयान, नवजोत कौर की गवर्नर से मुलाकात से अटकलें तेज

चंडीगढ़। कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रहे गहरे आंतरिक मतभेदों को खुलकर सामने ला दिया है। उन्होंने दावा किया है कि पार्टी के भीतर ही पांच नेता मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं और वे अपनी ही पार्टी के खिलाफ काम कर रहे हैं। नवजोत कौर सिद्धू ने नवजोत सिंह सिद्धू की पार्टी में वर्तमान स्थिति और भविष्य को लेकर चौंकाने वाले बयान दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, "पांच नेता पहले से ही मुख्यमंत्री की दौड़ में हैं, जो अपनी ही पार्टी के खिलाफ काम कर रहे हैं।" उनकी यह टिप्पणी पंजाब कांग्रेस में प्रमुख नेताओं के बीच चल रहे सत्ता संघर्ष और गुटबाजी को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि नवजोत सिद्धू भावनात्मक रूप से कांग्रेस और प्रियंका गांधी से जुड़े हुए हैं, लेकिन भारी गुटबाजी के कारण उन्हें कोई भूमिका नहीं मिलेगी। उन्होंने सिद्धू के भविष्य पर टिप्पणी करते हुए कहा, "अगर कोई पार्टी हमें कोई भूमिका देती है, तो हम पंजाब को फिर से सोना बना सकते हैं। अगर कांग्रेस उन्हें मुख्यमंत्री बनाती है तो वह वापस लौट आएंगे। अन्यथा वह जीवन में खुश हैं।" नवजोत कौर सिद्धू ने चंडीगढ़ में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से अपनी मुलाकात के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तथाकथित VVIPs ने शिवालिक रेंज में बड़े पैमाने पर जमीन पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि सुनने में आया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान इसे वैध बनाने जा रहे हैं, जो वह नहीं कर सकते, क्योंकि यह जमीन सरकार की है। उनका दूसरा मुद्दा कानून व्यवस्था से संबंधित था, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। तीसरा मुद्दा पंजाब यूनिवर्सिटी से संबंधित था। उनका चौथा बिंदु यह था कि नए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर रखा जाना चाहिए।  

जिंदल की बेटी की शादी बनी पॉलिटिकल-ग्लैम पार्टी, सांसदों और कंगना ने जमकर लगाए ठुमके

हिसार उद्योगपति से राजनेता बने नवीन जिंदल की बेटी के विवाह समारोह के जश्न के दौरान भाजपा सांसद कंगना रनौत, तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा और NCP (SP) सांसद सुप्रिया सुले को एक साथ डांस करते हुए देखा गया। इस तिकड़ी ने फिल्म 'ओम शांति ओम' के लोकप्रिय बॉलीवुड गाने पर प्रस्तुति दी। वायरल हुए वीडियो क्लिप में कंगना रनौत, महुआ मोइत्रा और सुप्रिया सुले के साथ 'दीवानगी दीवानगी' गाने पर डांस करती दिख रही हैं, जबकि नवीन जिंदल भी मंच पर हैं। अभिनेता से राजनेता बनीं कंगना रनौत ने इस सप्ताह की शुरुआत में अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के साथ डांस अभ्यास सत्र की पर्दे के पीछे की तस्वीरें भी पोस्ट की थीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें उन्हें नवीन जिंदल, महुआ मोइत्रा और सुप्रिया सुले के साथ संगीत कार्यक्रम के लिए रिहर्सल करते हुए देखा गया था। उन्होंने पोस्ट को कैप्शन दिया था, "साथी सांसदों के साथ फिल्मी पल हा हा। नवीन जिंदल जी की बेटी की शादी के संगीत के लिए रिहर्सल कर रही हूं।" नवीन जिंदल की बेटी यशस्विनी जिंदल की 5 दिसंबर को शादी संपन्न हुई है। तीनों सांसदों ने जिस संगीत समारोह के लिए रिहर्सल की थी, वह 4 दिसंबर को आयोजित किया गया था। यशस्विनी ने शाश्वत सोमानी से शादी की, जो जाने-माने उद्योगपति संदीप सोमानी और सुमिता के बेटे हैं। यह विवाह एक भव्य समारोह में आयोजित हुआ, जहां विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की उपस्थिति और उनकी प्रस्तुतियों ने इस आयोजन को हाई-प्रोफाइल बना दिया।  

सम्राट चौधरी ने किया CCTNS पोर्टल लॉन्च, अब घर बैठे होगी पुलिस कार्रवाई की शुरुआत

पटना उप मुख्य (गृह) मंत्री  सम्राट चौधरी ने आज सरदार पटेल भवन सह पुलिस मुख्यालय में क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (CCTNS) के नागरिक सेवा पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल राज्य के आम नागरिकों को पुलिस सेवाओं तक तेज, पारदर्शी और डिजिटल माध्यम से पहुंच सुनिश्चित करेगा। शुभारंभ कार्यक्रम के उपरांत माननीय उप मुख्य (गृह) मंत्री की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय के विभिन्न प्रभागों आर्थिक अपराध इकाई, साइबर अपराध प्रभाग, बिहार इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS) तथा गृह विभाग के अंतर्गत अभियोजन निदेशालय, कारा एवं सुधार सेवा और प्रोबेशन सेवा की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। अभियोजन निदेशालय के विशेष सचिव सह निदेशक सुधांशु कुमार चौबे ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अभियोजन निदेशालय की विभागीय प्रगति की जानकारी दी। इसके पश्चात गृह सचिव सह कारा महानिरीक्षक प्रणव कुमार द्वारा माननीय उप मुख्य (गृह) मंत्री के समक्ष कारा एवं सुधार सेवा तथा प्रोबेशन सेवा से संबंधित विभागीय प्रगति और भविष्योन्मुखी योजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति दी गई। बैठक में माननीय उप मुख्य (गृह) मंत्री सम्राट चौधरी ने सभी प्रभागों और निदेशालयों की समीक्षा करते हुए राज्य की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय कार्यों में अधिक पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से न केवल आम जनता को सुविधा होगी, बल्कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को भी अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा। इस अवसर पर गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविन्द कुमार चौधरी, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह सचिव सह कारा महानिरीक्षक प्रणव कुमार सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक का उद्देश्य राज्य की सुरक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, कानून-व्यवस्था की मजबूती, अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा के विस्तार और सुरक्षा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को और प्रभावी बनाना रहा।  

पटना में आधार अपडेट का नया इंतज़ाम, डाकघर ने बढ़ाया समय रात 8 बजे तक

पटना आज के समय में आधार कार्ड सबसे जरूरी दस्तावेजों में से एक है। इसमें बायोमेट्रिक और डेमोग्राफिक जानकारी दर्ज होती है। कई बार नाम, पता या मोबाइल नंबर जैसी जानकारी गलत अपडेट हो जाती है या उसे बदलना होता है। वहीं पटना में अब आधार कार्ड अपडेट से जुड़ी परेशानियों से निजात मिलने वाली है। दरअसल बढ़ती भीड़ के कारण बांकीपुर डाकघर पटना में आधार कार्ड अपडेट करने को लेकर समय सीमा में विस्तार किया जाएगा।। बांकीपुर डाकघर में नए साल से सुबह 8 से रात 8 बजे तक लगातार सेवा देगा। यानी अब दिन में 12 घंटे  ये सुविधा मिलेगी। डाक विभाग के अनुसार, आधार कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए UIDAI से 18 चयनित कर्मचारियों को यूजर आइडी जारी करने का अनुरोध किया गया है। कर्मचारियों के चयन की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। पटना में बांकीपुर डाकघर में  प्रतिदिन 250 से अधिक लोग आधार कार्ड से संबंधित कार्य कराने पहुंचते हैं। वर्तमान में डाकघर में 10 आधार काउंटर संचालित हैं। अधिकारी देर शाम तक काम करते रहते है। ताकि दूर दराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों को निराश होकर वापस न लौटना पड़े। वह अपने आधार से संबंधित काम करवा कर ही लौटे।

शिक्षा विभाग में सुनहरा अवसर: UPPSC करेगा 7,466 सहायक अध्यापकों की भर्ती, युवाओं में खुशी की लहर

लखनऊ  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोज़गार प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को लगातार पूरा कर रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा दिसंबर और जनवरी माह में सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक) भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के माध्यम से 15 विषयों में कुल 7,466 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। यह भर्ती न केवल युवाओं के सपनों को नई ऊंचाई देगी, बल्कि प्रदेश के शैक्षणिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के तहत, परीक्षा को पूरी तरह से नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने की व्यापक तैयारी की गई है। परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।   सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम परीक्षा केन्द्रों की निगरानी संबंधित जिलाधिकारी स्वयं व्यक्तिगत रूप से करेंगे। परीक्षा के लिए एंट्री के समय बायोमेट्रिक सत्यापन और कड़ाई से फ्रिस्किंग की जाएगी। इसके अलावा सभी केंद्रों पर पूर्णतः क्रियाशील सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस दौरान एलआईयू (LIU) और एसटीएफ (STF) की टीमें सक्रिय रूप से निगरानी करेंगी। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता के लिए कलर एवं कोड आधारित एसएमएस प्रणाली लागू की गई है। सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा गोपनीय सामग्री की ट्रेजरी से निकासी और केंद्रों तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।   भर्ती में नया कीर्तिमान योगी आदित्यनाथ सरकार ने पिछले साढ़े आठ सालों में 8.5 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां प्रदान करके एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सरकार की पारदर्शी, त्वरित और तकनीक-आधारित भर्ती व्यवस्था युवाओं को व्यापक अवसर प्रदान कर रही है। इसके साथ ही, राज्य में बढ़ते निवेश के कारण निजी क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित हुए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

रेलवे का इंतजाम: 7 व 9 दिसंबर को गोरखपुर–लोकमान्य तिलक स्पेशल ट्रेन

भोपाल यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन 07 दिसंबर 2025 को गोरखपुर से तथा 09 दिसंबर 2025 को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से संचालित होगी। ट्रेन मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों- बीना, रानी कमलापति और इटारसी- से होकर गुजरेगी, जिससे मध्यप्रदेश के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने वाली है। स्पेशल ट्रेन संख्या 05587 गोरखपुर-एलटीटी 07 दिसंबर को रात 23.25 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। यह दूसरे दिन बस्ती, गोंडा, गोमतीनगर, ऐशबाग, कानपुर, उरई और झांसी होते हुए शाम 16.40 बजे बीना, 19.25 बजे रानी कमलापति, 21.12 बजे इटारसी पहुंचेगी। इसके बाद खंडवा, भुसावल और नासिक रोड से गुजरते हुए तीसरे दिन सुबह 09.00 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।   वापसी में गाड़ी संख्या 05588 एलटीटी-गोरखपुर 09 दिसंबर को सुबह 11.00 बजे प्रस्थान करेगी। यह कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल और खंडवा से होते हुई दूसरे दिन तड़के 00.25 बजे इटारसी, 02.40 बजे रानी कमलापति और 04.50 बजे बीना पहुंचेगी। इसके बाद झांसी, कानपुर, ऐशबाग, गोंडा और बस्ती से गुजरते हुए शाम 20.15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें प्रथम एवं द्वितीय वातानुकूलित, तृतीय एसी, स्लीपर और साधारण कोच शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे ट्रेन के ठहराव, समय और संरचना संबंधी विस्तृत जानकारी www.enquiry.indianrail.gov.in पर प्राप्त कर सकते हैं।

पेयजल संकट से मिली राहत: बोंदर गांव में शुरू हुई नल जल आपूर्ति, ग्रामीणों के खिले चेहरे

डिंडोरी  मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ‘हर घर जल’ के लक्ष्य को साकार कर रही है। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को नल से शुद्ध जल उपलब्ध कराया जा रहा है। डिंडोरी जिले के बोंदर गांव में जल जीवन मिशन से बड़ा बदलाव आया है। इस बदलाव से ग्रामीण बहुत खुश नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पहले यह गांव दूर पानी के स्रोतों पर निर्भर था और गर्मियों में पानी की भारी किल्लत झेलता था, लेकिन अब गांव में एक पानी की टंकी, मोटर और पाइपलाइन नेटवर्क बन चुका है। इसके चलते सभी घरों में नल कनेक्शन हो गए हैं और रोजाना पीने का साफ पानी मिल रहा है। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “जब से जल जीवन मिशन शुरू हुआ है, हमारे गांव में पानी की समस्या खत्म हो गई है। पहले बहुत परेशानी होती थी, लेकिन अब ज्यादातर लोगों को नियमित रूप से साफ और अच्छी गुणवत्ता वाला पानी मिल रहा है।” एक अन्य ग्रामीण ने कहा, “नल का सिस्टम लगने से बहुत सुविधा हो गई है। पहले एक बाल्टी पानी लाने में आधा से एक घंटा लग जाता था, जो बहुत मुश्किल काम था। अब घर बैठे पानी मिल जाता है।” ग्रामीण मथिलेश साहू ने खुशी जताते हुए कहा, “अब पानी की कोई दिक्कत नहीं है। पहले हैंडपंप या नदी से पानी लाना पड़ता था, लेकिन अब भरपूर पानी घर में ही मिल रहा है।” उन्होंने कहा कि शादी के 18 साल हो चुके हैं और स्वच्छ जल के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता था। हम पीएम मोदी और प्रदेश की सरकार का धन्यवाद करते हैं कि अब घर पर ही स्वच्छ जल नल से मिल रहा है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बताया कि डिंडोरी जिले में कुल 461 नल-जल योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से अब तक लगभग 212 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार की मंशा है कि जिले के हर घर तक शुद्ध और स्वास्थ्य की दृष्टि से सुरक्षित पेयजल पहुंचे। पिछले महीने 48 योजनाएं पूरी करने का लक्ष्य था, जिसमें 30 योजनाएं (बोंदर सहित) पूरी हो सकीं। दिसंबर में 50 योजनाएं पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। ठेकेदारों से सख्ती के साथ काम लिया जा रहा है ताकि समय पर लक्ष्य हासिल हो सके। बोंदर गांव में 1 लाख लीटर क्षमता की टंकी बनाई गई है और लगभग 300 घरों में नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं।