samacharsecretary.com

योगी का दावा: विकास और विश्वास के नए अध्याय के लिए तैयार है बिहार

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बिहार में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इससे पहले उन्होंने कहा है कि बिहार की तपोभूमि विकास और विश्वास की नई गाथा लिखने को तैयार है। मुख्यमंत्री योगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शनिवार को लिखा है कि, “बिहार भारत की आत्मा का स्वर है। यहां आकर भारत की आत्मा से साक्षात्कार की अनुभूति होती है।” योगी ने कहा कि आज सत्याग्रही भूमि पूर्वी चंपारण और तपोभूमि गया जी की विकासप्रिय जनता-जनार्दन से संवाद करूंगा। उन्होंने कहा है कि बिहार की जनता एक बार फिर भाजपा-एनडीए सरकार के साथ विकास और विश्वास की नई कहानी लिखने को तैयार है। गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर घमासान तेज हो गया है। यहां गुरुवार को पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है। इसके बाद अब सभी दलों का पूरा जोर दूसरे चरण के लिए है। दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार तेज हो गया है। दिन भर अलग-अलग जगहों पर दोनों गठबंधन के नेताओं ने रैलियां की। बिहार चुनाव में पहले दौर का मतदान कल शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। बिहार विधानसभा के लिए पहले दौर में रिकॉर्ड 64.66 प्रतिशत वोट डाले गए। एक हजार 314 प्रत्याशियों का चुनावी भाग्य ईवीएम मशीनों में कैद हो गया है।  

सिरोही पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मादक पदार्थ बनाने की अवैध लैब पकड़ी

सिरोही सिरोही जिले के रेवदर थाना क्षेत्र के दांतराई गांव के पास एक कृषि कुएं पर पुलिस, एनडीपीएस, एनसीबी और एफएसएल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये कीमत की मादक पदार्थ (एमडी) बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री और लैब उपकरण जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान वहां तैयारियां चल रही थीं, जिससे प्रतीत होता है कि नशे का बड़ा कारोबार शुरू करने की योजना थी। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को नामजद कर अग्रिम जांच शुरू कर दी है। खेत में बनी गुप्त लैब पर छापा जानकारी के अनुसार, रेवदर थानाधिकारी सीताराम के नेतृत्व में एनसीबी जोधपुर के इंटेलिजेंस ऑफिसर शिवनारायण, गांधीनगर सेंटर फॉर एक्सीलेंस के डिप्टी डायरेक्टर अजय सोनी और एनडीपीएस टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। यह कार्रवाई जोधाराम पुत्र केवलाजी पुरोहित निवासी आमपुरा, रानीवाड़ा (जालोर) के खेत पर स्थित कृषि कुएं के पास बने मकान में की गई। टीम को वहां एमडी ड्रग निर्माण के लिए रखी गई रासायनिक सामग्री और लैब उपकरणों का बड़ा जखीरा मिला। पुलिस के अनुसार, यह सामग्री नशे के कारोबार की शुरुआत से पहले एकत्र की गई थी। विज्ञापन बंद मकान से मिला बड़ी मात्रा में केमिकल सूत्रों के अनुसार, 4 नवंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई के दौरान मकान के ताले तोड़कर तलाशी ली गई। एक कमरे में 35 जरी कैन, 8 बड़े ड्रम, कई प्लास्टिक कैन, कांच की बोतलें, पाउडर से भरे कट्टे और अन्य रासायनिक पदार्थ मिले जिन पर किसी कंपनी या ब्रांड का नाम नहीं था। मौके से हीटिंग मशीन, विभिन्न आकार के जार, थर्मामीटर, राउंड बॉटम फ्लास्क, नोजल्स, मैग्नेटिक स्टिरर और अन्य प्रयोगशाला उपकरण भी बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह सभी सामग्री मादक पदार्थ (एमडी) निर्माण में उपयोगी पाई गई।   एनसीबी और एफएसएल ने की वैज्ञानिक जांच 5 नवंबर को एनसीबी टीम जोधपुर और 6 नवंबर को गांधीनगर की एनडीपीएस टीम मौके पर पहुंची। वैज्ञानिक जांच में यह पुष्टि हुई कि बरामद की गई सामग्री एमडी ड्रग तैयार करने के लिए उपयुक्त और उपयोगी थी। सभी जब्त उपकरण और केमिकल फिलहाल जांच टीमों के कब्जे में हैं।   आरोपी की पहचान, ठेके पर ली थी जमीन पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह खेत जोधाराम पुरोहित का है, जिसे उसने भावेश उर्फ भूराराम पुत्र डालूराम जाट निवासी पायला खुर्द (बालोतरा) को ठेके पर दिया था। आरोपी भावेश ने यहां एमडी बनाने की तैयारी में प्रयोगशाला जैसी व्यवस्था कर रखी थी। पुलिस के मजबूत मुखबिर तंत्र और समय पर कार्रवाई के चलते इस बड़े नशे के नेटवर्क को सक्रिय होने से पहले ही रोक लिया गया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर एनसीबी टीम आगे की जांच में जुटी है।

भिवानी दौरे पर राज्यपाल अशिम कुमार घोष, TITS को बताया तकनीकी और औद्योगिक शिक्षा में मिसाल

भिवानी  द टेक्नोलॉजिकल इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्सटाइल एंड साइंसेज भिवानी में शनिवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। एमडी. यूनिवर्सिटी रोहतक के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। जबकि सीबीएलयू भिवानी की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी विशिष्ट आमंत्रित अतिथि रहीं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के लगभग 300 स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। साथ ही उद्योग जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच विशिष्ट पूर्व छात्रों आई एमजेएस सिद्धू (अध्यक्ष, वर्धमान टेक्सटाइल्स, बद्दी), अनिल जैन (चेयरमैन, जैन कॉर्ड्स), हरीश सराफ (संस्थापक एवं सीईओ, निप्पॉन डेटा सिस्टम्स), सुभाष भार्गव (प्रबंध निदेशक, कलरेंट) को प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष आरके डालमिया तथा निदेशक प्रो  बीके बेहेरा भी समारोह में उपस्थित रहे। राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष ने कहा कि टीआईटीएस जैसी संस्थाएं तकनीकी और औद्योगिक शिक्षा के भविष्य की दिशा निर्धारित कर रही हैं। यहां का अनुशासन, अनुसंधान भावना और उद्योग से जुड़ाव इसे अद्वितीय बनाता है। मैं चाहता हूं कि हमारे विद्यार्थी केवल रोजगार के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना से कार्य करें। यह दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्ति नहीं, बल्कि ज्ञान को कर्म में रूपांतरित करने का अवसर है।

नाथद्वारा में मुकेश अंबानी के दर्शन, बुजुर्गों के लिए 100 कमरों वाला सेवा सदन बनाने की घोषणा

राजसमंद नाथद्वारा स्थित पुष्टिमार्गीय प्रधान पीठ श्रीनाथजी की हवेली में शुक्रवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी ने प्रभु श्रीनाथजी और लाडलेलाल प्रभु के भोग आरती के दर्शन किए। इस दौरान हवेली परिसर में विशेष उत्साह का माहौल रहा। दर्शन के पश्चात तिलकायत गोस्वामी परिवार के विशाल बावा ने सफेदी महल में मुकेश अंबानी को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने अंबानी को पारंपरिक फेंटा बांधकर, रजाई और ऊपरना ओढ़ाकर तथा प्रसाद भेंट किया। उन्होंने विशाल बावा से धर्म, अध्यात्म एवं पुष्टिमार्गीय सेवा, राग, भोग और शृंगार के पारंपरिक स्वरूप पर विशेष चर्चा की। उन्होंने श्रीनाथजी प्रभु की सेवा भावना और उसके आध्यात्मिक महत्व को भी गहराई से जाना। इस अवसर पर अंबानी ने यात्री एवं वरिष्ठ सेवा सदन बनाने की भी घोषणा की। 100 से अधिक कमरों की क्षमता वाले इस सदन में दूर से आने वाले वृद्ध वैष्णवों को आवास, 24 घंटे चिकित्सा इकाई, नर्सिंग व फिजियोथैरेपी, सत्संग-प्रवचन के लिए बड़ा सभागार और सात्विक भोजनालय जैसी सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम के दौरान मंदिर अधिकारी सुधाकर उपाध्याय, मंदिर मंडल के सीईओ जितेंद्र पांडे, तिलकायत के मुख्य सलाहकार अंजन शाह, सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, लीलाधर पुरोहित, डीएसपी दिनेश सुखवाल, मंदिर के मीडिया प्रभारी गिरीश व्यास, परेश नागर, उमंग मेहता, जनम गांधी, हर्ष सनाढ्य, कैलाश पालीवाल सहित बड़ी संख्या में वैष्णवजन और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Play Way Schools पर पंजाब सरकार का सख्त कदम, आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी

रूपनगर   बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए, पंजाब सरकार ने प्रारंभिक बाल देखभाल एवं शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत निजी स्कूल संस्थानों, प्ले-वे स्कूलों का पंजीकरण करने हेतु अधिसूचना जारी की है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रुति शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि पंजाब राज्य में, विभाग द्वारा 3-6 वर्ष के बच्चों के लिए ई.सी.सी.ई. (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा) के क्षेत्र में कार्यरत संस्थानों का पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। इस पंजीकरण को अनिवार्य बनाने के लिए, जिला कार्यक्रम अधिकारी रूपनगर के कार्यालय से तुरंत संपर्क करके आवेदन पत्र संख्या-1 प्राप्त किया जा सकता है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा 31/07/2021 को जारी अधिसूचना को भरकर रंगीन तस्वीरों के साथ दो परतों में फाइल जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय में जमा करनी होगी, जिसके बाद सत्यापन प्रक्रिया की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्ले-वे स्कूल का पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जिला अंतर्गत आने वाले सभी निजी स्कूल संस्थानों प्ले-वे स्कूलों की जांच की जाएगी। यदि कोई निजी स्कूल संस्थान प्ले-वे स्कूल नीति के मापदंडों को पूरा नहीं करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

धार्मिक उत्साह में डूबी फरीदाबाद: बाबा बागेश्वर की पदयात्रा में मंत्री मनोहर लाल सहित अनेक श्रद्धालु शामिल

 फरीदाबाद बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की 'सनातन हिन्दू एकता पदयात्रा' शनिवार सुबह फरीदाबाद में प्रवेश कर गई। सनातन हिंदू एकता पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी पहुंचे। पदयात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने स्वामी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री व अन्य संतों से बातचीत की। वहीं, क्रिकेटर उमेश यादव और शिखर धवन, रेसलर खली समेत कई प्रसिद्ध लोग इस यात्रा में शामिल हुए। इस यात्रा को लेकर शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।। पुलिस से लेकर प्रशासन और धार्मिक-सामाजिक संगठनों तक सभी ने अपने स्तर पर व्यवस्था मजबूत की है। शाम तक यह पदयात्रा एनआईटी दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम और भव्य सत्संग कार्यक्रम होगा। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। वहीं फरीदाबाद में पुलिस की तरफ से सुरक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। निगम की तरफ से सड़कों की सफाई की का चुकी है। दशहरा मैदान में स्थानीय लोगों को भीड़ एकत्रित होनी शुरू हो गई है। लोग जयकारे लगाकर एक दूसरे का उत्साह बढ़ा रहे हैं। भारत एक हिंदू राष्ट्र बनेगा: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपनी सनातन हिंदू एकता पदयात्रा 2025 के दौरान बागेश्वर धाम सरकार आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, 'यह अच्छी बात है कि विभिन्न क्षेत्रों के लोग इसमें भाग ले रहे हैं। राष्ट्र एकजुट हो रहा है। हिंदू जाग रहा है और सड़कों पर आ रहा है। राष्ट्र जागेगा। भारत एक हिंदू राष्ट्र बनेगा। भारत जातिवाद से मुक्त होगा। राष्ट्रवाद की विचारधारा प्रबल होगी।' पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने कहा, 'मुझे यहां आकर बहुत खुशी हो रही है। इस पदयात्रा के पीछे आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का विचार हिंदुओं को जाति-पाति से ऊपर उठाकर हिंदुत्व को बढ़ावा देना है। एकता में बहुत ताकत है। हिंदुओं को एकजुट होकर एक मजबूत राष्ट्र के लिए मजबूत बनना चाहिए।' यह एक बहुत अच्छी पहल, सभी को इसका समर्थन करना चाहिए: उमेश यादव क्रिकेटर उमेश यादव ने कहा, 'यह सब ईश्वर की कृपा से है। हम तो बस ईश्वर का काम कर रहे हैं। सभी को अपने धर्म और ईश्वर के प्रति जागरूक होना चाहिए। यह पदयात्रा हिंदुओं को एकजुट करने के लिए है। महाराज द्वारा की गई यह एक बहुत अच्छी पहल है और सभी सनातनी भाइयों को इसका समर्थन करना चाहिए। इसीलिए मैं यहां आया हूं। ईश्वर की इच्छा से ही मैं यहां आ पाया हूं।' रेसलर खली भी पदयात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी को इस पदयात्रा में शामिल होना चाहिए और इसे सफल बनाना चाहिए। पदयात्रा 16 नवंबर तक चलेगी बता दें कि बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने दिल्ली से वृंदावन के लिए 10 दिनों की पदयात्रा शुरू की है। 7 नवंबर से प्रारंभ ये पदयात्रा 16 नवंबर तक चलेगी। यह यात्रा दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के छह जिलों के लगभग 422 ग्राम पंचायतों से गुजरेगी। यात्रा की कुल दूरी 150 किलोमीटर होगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का बयान चर्चा में, अंता उपचुनाव को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

अजमेर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि भाजपा ने अंता विधानसभा क्षेत्र में 28 मुकदमे वाले व्यक्ति को जिताया था, जिसके कारण अब उपचुनाव की नौबत आई है। उन्होंने कहा कि वहां की जनता अब ठगा सा महसूस कर रही है और इस बार कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया को भारी मतों से समर्थन दे रही है। डोटासरा शुक्रवार को अजमेर पहुंचे, जहां उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की धर्मपत्नी इंदिरा देवी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जयपुर रोड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत के बीच उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार किए। डोटासरा ने कहा कि भाजपा का दो साल का शासन कुशासन साबित हुआ है। राज्य में विकास कार्य ठप हैं और जनता कांग्रेस सरकार की पांच साल की कल्याणकारी योजनाओं को याद कर रही है। उन्होंने कहा कि अंता में कांग्रेस के प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया एक समाजसेवी और लोकप्रिय व्यक्ति हैं, जिन्हें 36 कौमों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 11 साल में जितने वादे किए, उनमें से कोई भी पूरा नहीं किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह पौने दो साल जैसे पोपा बाई का राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर है और जिन योजनाओं से जनता को सीधा लाभ मिलता था, उन्हें समाप्त कर दिया गया है, ऐसे में जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा ने आपराधिक छवि वाले उम्मीदवार को मैदान में उतारा था, उसी का परिणाम है कि दोबारा चुनाव कराना पड़ रहा है। जनता की गाढ़ी कमाई के दो सौ करोड़ रुपए इस चुनाव में खर्च हो रहे हैं क्योंकि उन्होंने गलत व्यक्ति का चयन किया था। भरतपुर में मंत्री के सामने कार्यकर्ताओं के हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए डोटासरा बोले कि आने वाले समय में ये ही कार्यकर्ता हर जगह इनके कपड़े फाड़ेंगे। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए डोटासरा ने कहा कि मोदी सरकार वोट चोरी से बनी है। हरियाणा, महाराष्ट्र और जयपुर में इसी तरह का खेल हुआ है। राहुल गांधी सबूतों के साथ अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन चुनाव आयोग जवाब नहीं दे रहा है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि दिलावर जी पौने दो साल से क्या कर रहे हैं, यह उनसे पूछा जाए। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता या बच्चों के हित में कोई बात नहीं की। बस एक पेड़ मां के नाम लगाओ का नारा दे रहे हैं और दूसरी ओर लाखों पेड़ अडानी को कटवाने दे रहे हैं। डोटासरा ने कहा कि राजस्थान की जनता अब बीजेपी के कुशासन से ऊब चुकी है और कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। अंता उपचुनाव में कांग्रेस की जीत तय है और यह परिणाम आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए संकेत साबित होगा।

हरियाणा में वंदे भारत का नया स्टॉपेज, पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

रोहतक   फिरोजपुर से दिल्ली के बीच चलने वाली आठ कोच वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस 8 नवंबर से पटरी पर दौड़ने के लिए तैयार है। रेलवे ने इस ट्रेन का नियमित नंबर 02461/02462 तय किया है, जबकि उद्घाटन के दिन इसे विशेष नंबर 02661/02662 के साथ चलाया जाएगा। रेलवे ने इन नंबरों को अपने CRIS सॉफ्टवेयर पर अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह वंदे भारत एक्सप्रेस देश में अब तक चलने वाली 16 कोच वाली ट्रेनों से अलग होगी, क्योंकि इसमें केवल 8 कोच होंगे। इनमें 6 चेयर कार और 2 एक्जीक्यूटिव क्लास डिब्बे शामिल हैं। प्रत्येक चेयर कार में 78 यात्री और एक्जीक्यूटिव डिब्बे में 52 यात्री बैठ सकेंगे, जिससे ट्रेन में कुल 572 सीटें उपलब्ध होंगी। ट्रेन के किराए को लेकर भी मंथन जारी है और जल्द ही इसकी जानकारी सिस्टम पर अपलोड कर दी जाएगी। नई वंदे भारत एक्सप्रेस का अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। रेलवे ने प्लेटफार्म नंबर 1 पर स्वागत समारोह के लिए पंडाल लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। फिरोजपुर से आने वाली ट्रेन को प्लेटफार्म 1 पर, जबकि दिल्ली से लौटने वाली ट्रेन को प्लेटफार्म 7 पर ठहराव दिया जाएगा। रेलवे ने 8 नवंबर से ट्रेन के समय में भी बदलाव किया है। नई समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन नंबर 02462 (फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत) सुबह 8:05 बजे फिरोजपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन 12:18 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी और दोपहर 3:05 बजे दिल्ली पहुंचेगी। पहले यह ट्रेन सुबह 7:55 बजे फिरोजपुर से चलकर 11:58 बजे अंबाला कैंट और 2:35 बजे दिल्ली पहुंचती थी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह परिवर्तन अन्य ट्रेनों के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए किया गया है। अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक एन.के. झा ने पुष्टि की है कि फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव अंबाला कैंट में रहेगा। उन्होंने बताया कि 8 नवंबर को ट्रेन के आगमन पर स्टेशन पर इसका स्वागत किया जाएगा और समय में बदलाव अन्य ट्रेनों की आवाजाही को प्रभावित न करने के उद्देश्य से किया गया है। ये रहेगा टाइम टेबल फिरोजपुर कैंट प्रस्थान 08:05 बजे फरीदकोट आगमन 08:43, प्रस्थान 08:45 बठिंडा जं. आगमन 09:30, प्रस्थान 09:35 धूरी जं. आगमन 10:43, प्रस्थान 10:45 पटियाला आगमन 11:25 प्रस्थान 11:27 अंबाला कैंट आगमन 12:18 प्रस्थान 12:20 कुरुक्षेत्र नं. आगमन 12:48 प्रस्थान 12:50 पानीपत जं. आगमन 13:25 प्रस्थान 13:27 दिल्ली जं. आगमन समय 15:05 बजे

प्रेमी जोड़ों की सुरक्षा पर हरियाणा हाईकोर्ट का सख्त निर्देश, आवेदन मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें

चंडीगढ़   पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने कहा है कि विवाह करने वाले जोड़ों या किसी भी नागरिक द्वारा जीवन पर खतरे की आशंका जताए जाने पर सुरक्षा प्रदान करने में देरी करना उनके जीवन के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है यह असांविधानिक है। सुरक्षा तुरंत दी जानी चाहिए और बाद में जांच की जा सकती है। यदि सुरक्षा से इनकार किया जाता है, तो वह आदेश विस्तृत और कारणयुक्त होना चाहिए। कोर्ट ने जोड़े को सुरक्षा मुहैया करवाने का हरियाणा सरकार को आदेश दिया। हाई कोर्ट ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा देने में देरी के कारण किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचता है, तो संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। एक नवविवाहित दंपति ने लड़की के परिवार से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा मांगी थी। 19 अक्तूबर को आवेदन दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। राज्य के वकील ने अदालत में कहा कि आवेदन अभी हाल ही में मिला है और उचित निर्णय लिया जाएगा। अदालत ने इस ब्यान को गैर-जिम्मेदाराना व अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि सुरक्षा देना या न देना एसएचओ की मर्जी पर निर्भर नही हो सकता, यह कानूनन सही नहीं है। यह फैसला पंचकूला जिले के एक ऐसे जोड़े की याचिका पर आया, जो अपने परिवार वालों से अपनी जान और माल की सुरक्षा की गुहार लगा रहे थे। दोनों बालिग हैं और उन्होंने अपनी उम्र के सबूत के तौर पर आधार कार्ड पेश किए। उन्होंने कोर्ट को बताया कि शादी के बिना साथ रहने के उनके फैसले के कारण उन्हें अपने रिश्तेदारों से धमकियां और उत्पीड़न झेलना पड़ रहा है। सुनवाई के दौरान, राज्य सरकार के वकील ने याचिका पर नोटिस स्वीकार कर लिया और अधिकारियों द्वारा इस मामले पर विचार करने में कोई आपत्ति नहीं जताई। जस्टिस अमन चौधरी ने इस याचिका का निपटारा करते हुए कई पुराने फैसलों का हवाला दिया। इनमें से एक फैसला 'प्रदीप सिंह बनाम स्टेट ऑफ हरियाणा' का था, जिसमें यह माना गया था कि लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले लोगों को भी बाकी नागरिकों की तरह कानून का बराबर संरक्षण मिलना चाहिए। 'प्रदीप सिंह' के फैसले का हवाला देते हुए कोर्ट ने कहा कि जीवन और स्वतंत्रता के अधिकार में व्यक्ति की पूरी क्षमता का विकास करने और अपनी पसंद का साथी चुनने का अधिकार भी शामिल है। कोर्ट ने आगे कहा, "व्यक्ति इस रिश्ते को शादी के जरिए औपचारिक बना सकता है या लिव-इन रिलेशनशिप जैसा अनौपचारिक रास्ता अपना सकता है। कानून की नजर में, ऐसा रिश्ता न तो मना है और न ही यह कोई अपराध है।" इस रुख को दोहराते हुए, जस्टिस चौधरी ने कहा कि जीवन और स्वतंत्रता का महत्व सबसे ज्यादा है और इसे सिर्फ इसलिए कम नहीं किया जा सकता क्योंकि रिश्ता औपचारिक शादी नहीं है। कोर्ट ने पुलिस को याचिकाकर्ताओं की 12 अक्टूबर, 2025 की अर्जी की जांच करने और अगर उन्हें किसी भी तरह के खतरे का अंदेशा है तो जरूरी सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया। हालांकि, कोर्ट ने यह भी साफ किया कि अगर याचिकाकर्ता किसी संज्ञेय अपराध में शामिल पाए जाते हैं तो अधिकारी उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होंगे। यह फैसला उन लोगों के लिए एक बड़ी राहत है जो समाज की पारंपरिक सोच से हटकर अपने रिश्ते को चुनते हैं। कोर्ट ने साफ कर दिया है कि कानून सभी के लिए बराबर है और किसी को भी सिर्फ इसलिए असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए क्योंकि उनका रिश्ता समाज की परिभाषा में फिट नहीं बैठता। यह निर्णय व्यक्तिगत स्वतंत्रता और पसंद के अधिकार को मजबूत करता है।

यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को मिलेंगी नई ऊंचाइयां- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रधानमंत्री  मोदी ने बनारस-खजुराहो वंदे भारत ट्रेन की दी सौगात यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को मिलेंगी नई ऊंचाइयां- मुख्यमंत्री डॉ. यादव बनारस से खजुराहो तक दौड़ेगी वंदे भारत! PM मोदी का तोहफा, CM यादव बोले— पर्यटन को मिलेगी नई ऊंचाइयां मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री  मोदी का माना आभार भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा आरंभ वंदे भारत ट्रेनें गति, प्रगति और गौरव की प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में 'बनारस-खजुराहो' सहित देश को 4 नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात देने पर प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी का आभार माना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विद्यमान खजुराहो भारतीय कला, संस्कृति और स्थापत्य की अमूल्य धरोहर है। बनारस-खजुराहो वंदे भारत ट्रेन खजुराहो को काशी सहित देश के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक नगरों से जोड़ेगी। इस ट्रेन से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का व्यापक प्रसार होगा। उन्होंने बनारस-खजुराहों वंदे भारत ट्रेन सुविधा के लिए प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री  मोदी का हार्दिक आभार माना।