samacharsecretary.com

सीएम सैनी का रोजगार मिशन: हरियाणा में 2 लाख सरकारी नौकरियों की तैयारी तेज

हरियाणा  हरियाणा सरकार ने वादों को पूरा करने की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ा दिए हैं। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में 5 साल में 2 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था।  सीएम ने ग्रुप सी और ग्रुप डी की भर्तियों पर ध्यान देने के निर्देश दिए क्योंकि इन पदों के लिए सबसे अधिक आवेदन आते हैं। करीब दो हफ्ते पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक अहम समीक्षा बैठक बुलाई थी। बैठक में हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के अध्यक्षों को भी बुलाया गया था।बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। सीएम ने दोनों आयोगों से अब तक हुई भर्तियों की स्थिति और आगे की योजना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। जुलाई में हुई थी सीईटी की परीक्षा  बता दें कि सीईटी की परीक्षा 26 और 27 जुलाई 2025 को आयोजित हुई थी। इसके बाद 16 अक्टूबर 2025 को करेक्शन पोर्टल के लिए नोटिस जारी किया गया। उम्मीदवारों को 17 से 24 अक्टूबर तक दस्तावेज़ अपलोड करने का मौका दिया गया था जिसे बढ़ाकर 28 अक्टूबर तक कर दिया गया। अब सभी उम्मीदवार परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।   

सुरक्षित सफर की दिशा में—परिवहन विभाग की नई पहल

रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव-2025 में परिवहन विभाग का स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। विभाग द्वारा यहाँ आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा, आधुनिक परिवहन सेवाओं और तकनीकी नवाचारों की जानकारी सरल और रोचक तरीके से दी जा रही है। राज्योत्सव में आए आगंतुकों ने परिवहन विभाग के इस स्टॉल को शिक्षाप्रद और जागरूकता बढ़ाने वाला बताया। स्लॉट में आने वाले लोगों ने परिवहन विभाग द्वारा प्रदर्शित पहलुओं को सड़क सुरक्षा और आधुनिक परिवहन प्रणाली की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया है। स्टॉल में बड़े एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ’वाहन चलाने से पहले और वाहन चलाने के दौरान सुरक्षित व्यवहार’ पर आधारित वीडियो मॉड्यूल्स दिखाए जा रहे हैं। कुल 37 मिनट के 12 वीडियो मॉड्यूल्स के जरिए वाहन चालकों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान किया जा रहा है। ये सभी मॉड्यूल्स ’सारथी परिवहन प्लेटफार्म’ पर भी उपलब्ध हैं। स्टॉल में लगाए गए सिम्युलेटर के माध्यम से आगंतुक सुरक्षित वातावरण में वाहन चलाने का अभ्यास कर रहे हैं। यह सिम्युलेटर वाहन संचालन से पहले प्रशिक्षण का एक उपयोगी माध्यम साबित हो रहा है। परिवहन विभाग के स्टॉल में अंर्तविभागीय लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि स्टॉल में विभागीय कार्य में पारदर्शिता और आमजनों में जागरूकता लाने प्रमुखता से बस संगवारी ऐप, ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन पंजीयन प्रमाणपत्र, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट, परिवहन सुविधा केंद्र, इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड रिसर्च सेंटर, राहवीर योजना, शासकीय ट्रॉमा सेंटर और धनरहित उपचार योजना की जानकारी भी दी जा रही है।

56 विभागों की 1700 सेवाएँ अब एमपी ई-सेवा पोर्टल पर मिलेगी

भोपाल मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘एमपी ई-सेवा पोर्टल और मोबाइल ऐप’ का शुभारंभ कर डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में नई क्रांति का आगाज किया। यह एकीकृत नागरिक सेवा मंच अब 56 विभागों की 1700 से अधिक सरकारी सेवाओं और योजनाओं को एक ही डिजिटल विंडो पर उपलब्ध करायेगा। ‘एमपी ई-सेवा’ के माध्यम से वर्ष 2026 तक 100% ई-सेवा डिलीवरी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रदेश को देश के डिजिटल गवर्नेंस एनेबल्ड राज्यों में अग्रणी बनाने वाले इस पोर्ट्ल को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एमपीएसईडीसी) के सेंटर फॉर एक्सीलेंस ने विकसित किया है। इससे नागरिकों, विभागों और सेवाओं को एक ही डिजिटल ईको-सिस्टम में जोड़कर मध्यप्रदेश ने यह सिद्ध किया है कि डिजिटल गवर्नेंस ही गुड गवर्नेंस है। नागरिकों के लिए एक पोर्टल, सभी सेवाएँ एकीकृत एमपी ई-सेवा पोर्टल पर राज्य शासन के 56 विभागों की 1700 से अधिक नागरिक सेवाओं को एकीकृत कर दिया गया है। अब इन सेवाओं के लिए अलग वेबसाइट पर लॉगइन करने और बार-बार दस्तावेज़ जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। नागरिक eseva.mp.gov.in और मोबाइल ऐप (एंड्रॉइड व iOS) के माध्यम से सभी सेवाओं के लिए पात्रता जांच, आवेदन, स्टेटस चैक करने के साथ ही अनुमोदन भी प्राप्त कर सकते हैं। एमपी ई-सेवा पोर्टल पर सभी चरण आधार आधारित प्रमाणीकरण, ई-साइन और डिजिटल प्रमाणपत्र से सुरक्षित हैं। इससे प्रक्रिया पूरी तरह पेपरलेस और फेसलेस बन गई है। ‘एमपी ई-सेवा’ और ‘समग्र पोर्टल’ का एकीकरण ‘एमपी ई-सेवा’ को समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन के समग्र पोर्टल से जोड़ा गया है। प्रत्येक परिवार को 8-अंकीय परिवार आईडी और हर सदस्य को 9-अंकीय सदस्य आईडी दी गई है। यह एकीकरण नागरिकों की ऑटो-वेरिफिकेशन प्रक्रिया को सक्षम बनाता है, जिससे पात्रता की पहचान स्वतः ही हो जाती है और दोहराव अथवा देरी नहीं होती है। ‘एमपी ई-सेवा’ की प्रमुख विशेषता ‘ऑटो-फेचिंग डॉक्युमेंट्स’ है, जिससे नागरिकों को बार-बार दस्तावेज़ अपलोड नहीं करने पड़ते। एक बार अपलोड किए गए दस्तावेज़ आगे की सभी सेवाओं में स्वतः उपलब्ध हो जाते हैं। सुगम, सुरक्षित और नागरिक केंद्रित ‘ऐप डिज़ाइन’ ‘एमपी ई-सेवा’ पोर्टल का इंटरफ़ेस मोबाइल-फर्स्ट दृष्टिकोण पर आधारित है। इसमें बहुभाषीय सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही दिव्यांगजन के अनुप्रयोग को दृष्टिगत रखते हुए विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है। इससे शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के उपयोगकर्ताओं के लिए उपयोग आसान होगा। प्रारंभिक मूल्यांकन तौर पर इससे गवर्नेंस लागत में लगभग 40 प्रतिशत की कमी आएगी साथ ही वर्ष भर में नागरिकों के 50 मिलियन घंटों की भी बचत होगी। मध्यप्रदेश में डिजिटल ट्रैक रिकॉर्ड सितम्बर 2025 में आई राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सेवा – वितरण आकलन (एनईएसडीए वे फॉरवर्ड ) रिपोर्ट के अनुसार, मध्यप्रदेश ने 1752 ई-सेवाओं को मैप किया है और सभी 56 अनिवार्य विभागीय सेवाओं को एमपी ई-सेवा’ पोर्टल में 100% इंटीग्रेट कर देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। राज्य को ‘सायबर तहसील’ के लिये प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार और ‘संपदा 2.0’ के लिये राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस स्वर्ण पुरस्कार मिल चुके हैं।  

रामलला के दरबार में फिर गूंजेगा जय श्रीराम! 25 नवंबर को अयोध्या में ध्वजारोहण समारोह

अयोध्या  यह वर्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के सौ वर्ष पूरे होने के कारण समूचे देश में शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। इसी शताब्दी वर्ष में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के पुनर्निर्माण के राष्ट्रीय संकल्प की पूर्णता ध्वजारोहण समारोह से होगी। 25 नवम्बर को संघ के सर संघचालक डॉ. मोहनराव भागवत की उपस्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ध्वज स्थापित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से भेंट कर उन्हें आमंत्रण भी दिया। इसके पूर्व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपतराय ने स्वयं प्रधानमंत्री मोदी से भेंटकर ट्रस्ट की ओर से औपचारिक निमंत्रण पत्र दिया व उनके अयोध्या आने की सहमति भी प्राप्त की। यह जानकारी तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की मीडिया के हवाले से दी गयी। बताया गया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के अतिरिक्त संघ प्रमुख डॉ मोहनराव भागवत समेत प्रमुख धर्माचार्य, महंत, संत, विभिन्न संप्रदायों के लोगों सहित गांव के अंतिम व्यक्ति के लिए काम करने वाले जमीन से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया गया है। अनुमान है कि लगभग 10 से 15 हजार के आसपास श्रद्धालु रामभक्त अयोध्या पहुंचेंगे। इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर “ऱघुवंश” के ध्वज का आरोहण कर सम्पूर्ण विश्व को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की पूर्णता का संदेश दिया जाएगा। ट्रस्ट कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी ने बताया कि राम मंदिर पर लगने वाले ध्वज की लंबाई 22 फीट व चौड़ाई 11 फीट होगी। श्रीराम मंदिर के 161 फीट ऊंचे शिखर पर लगे 42 (दस फीट ढांचे में, 32 बाहर) फीट ऊंचे ध्वजदंड पर यह ध्वज आरोहित किया जाएगा। इस ध्वज पर वाल्मीकि रामायण में वर्णित रघुवंश के प्रतीक सूर्य, ॐ व कोविदार वृक्ष के प्रतीकों को रखा गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपतराय के अनुसार मंदिर का निर्माण परंपरागत नागर शैली में हुआ है। मंदिर की लंबाई (पूर्व-पश्चिम) 380 फीट, चौड़ाई 250 फीट है। मंदिर तीन मंजिल है और प्रत्येक की ऊंचाई 20 फीट है। मंदिर में कुल 392 खंभे और 44 द्वार हैं। भूतल गर्भगृह में प्रभु श्रीराम का बाल रूप अर्थात् श्रीराम लला का विग्रह, प्रथम तल पर श्रीराम सभा के दर्शन हो रहे हैं। परिसर में पंचायतन के सभी मंदिरों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। लिफ्ट संग बुजुर्गों को मिलेगी गोल्फ कार्ट की सुविधा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव के मुताबिक तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए अपोलो अस्पताल की ओर से मंदिर परिसर स्थित श्रद्धालु सुविधा केंद्र भवन के भूतल में 24 घंटे चलने वाला नि:शुल्क आपातकालीन मेडिकल केयर सेंटर भी है। दर्शन को आने वाले राम भक्तों के लिए भक्त निवास की विशाल व्यवस्था तैयार की जा रही है। बुजुर्गों और दिव्यांग जनों के लिए लिफ्ट व्यवस्था और साथ ही नि:शुल्क कार्ट से ले जाने लाने की सुविधा भी दी गई है। मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए हरियाली और पेड़ पौधे भी लगाए गए हैं, साथ ही पंचवटी भी बनायी जा रहा है।  

पराली नहीं जलेगी, खेत में ही बनेगी खाद — हरियाणा के किसानों को मिला सुनहरा मौका!

हरियाणा  हरियाणा सरकार अन्नदाताओं के हित में कई फैसले लेती है। अब सरकार ने किसानों के हित में अहम फैसला लिया है जिसमें पराली प्रबंधन के लिए पूसा डीकम्पोजर वेटेबल पाउडर के इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। सरकार का लक्ष्य है कि इस पहल के तहत पहले चरण में 75,000 एकड़ धान क्षेत्र को कवर किया जाए। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि सरकार ने शुक्रवार को हुई हाई पॉवर परचेज कमेटी की बैठक में पूसा डीकम्पोजर वेटेबल पाउडर के 75,000 पैकेट खरीदने की अनुमति दे दी है। यह पाउडर किसानों को निःशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि खेतों में पराली जलाने की समस्या कम हो। श्याम सिंह राणा ने कहा कि पूसा डीकम्पोजर वेटेबल पाउडर न केवल पराली को सड़ाने में मदद करता है, बल्कि मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और उसमें जैविक कार्बन की मात्रा में वृद्धि करने में भी सहायता करता है। इस पाउडर के प्रयोग से पराली जलाने की जरूरत खत्म हो जाएगी, जिससे वायु प्रदूषण में भारी कमी आएगी। यह पाउडर पराली को 15 से 20 दिनों में ही खाद में बदल देता है।  

कपाल मोचन मेला: हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

यमुनानगर  ऐतिहासिक मेला कपाल मोचन में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। मेला क्षेत्र को चार सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में डीएसपी रैंक के अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल स्वयं इस सारे मेला क्षेत्र की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। मेला क्षेत्र में जहां सीसीटीवी लगाए गए हैं। वहीं ड्रोन कैमरा से भी असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 2500 के लगभग पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं का मानना है कि यहां आने से तीनों सरोवर में स्नान करने से सभी तरह की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सभी तरह के ऋण उतर जाते हैं, इसीलिए वह यहां पिछले कई वर्षों से आ रहे हैं। मेले में सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। इसके अलावा तीनों सरोवर में बोट एवं गोताखोर लगाए गए हैं, ताकि किसी अनहोनी के समय वह लोगों को बचा सके। गोताखोर का कहना है कि जिला प्रशासन की तरफ से वह ड्यूटी पर तैनात हैं।  

ट्रैफिक जाम से राहत! दिल्ली-गुरुग्राम के बीच बनेगा हाई-स्पीड एलिवेटेड फ्लायओवर

गुरुग्राम  अगर आप रोज दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर सफर करते हैं तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी खबर है। बताया जा रहा है कि जल्द ही महिपालपुर में शिवमूर्ति से लेकर सिरहौल बॉर्डर तक एक 4 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनने वाला है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद आपका सफर आसान हो जाएगा, क्योंकि 30 मिनट का सफ़र अब सिर्फ़ 5 मिनट में पूरा होगा। बता दें कि दिल्ली-गुरुग्राम के बीच यातायात की भीड़भाड़ कम करने के उद्देश्य से 29 अक्टूबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के आवास पर एक उच्च-स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी । जिसमें कई मंत्री शामिल हुए। बैठक में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर यातायात की भीड़भाड़ को कम करने पर ज़ोर दिया गया।  

1.80 करोड़ की लागत से बदलेगा हरियाणा के इस शहर का नक्शा, पांच नई सड़कों से आसान होगा सफर

महेंद्रगढ़ महेंद्रगढ़ शहर में  नगर पालिका प्रशासन द्वारा 1.80 करोड़ रूपये की लागत से पांच सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। इनके बन जाने के बाद शहरवासियों को लाभ मिलेगा। इन बदहाल पांच सड़कों को जल्द ही बनाया जाएगा। इनमें ब्रह्मचारी रोड, मोहल्ला खटीकान, वार्ड न. छह, 14 की सड़कें शामिल हैं। इनके अलावा तीन मुख्य सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है। शहर के 11 हट्टा बाजार से मोदाश्रम, मोहल्ला सराय से सैनी सभा तक, खाद्य आपूर्ति विभाग से मंडी गेट नंबर एक तक रेलवे रोड का निर्माण का शुरू कर दिया गया है। नगर पालिका की ओर से डुलाना रोड पर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। जब तक टेंडर अलाट नहीं किया जाता, तब तक पैचवर्क करवाने की योजना बनाई है।   इस माह में ब्रह्मचारी रोड, डुलाना रोड, मोहल्ला खटिकान, वार्ड नंबर छह की सड़कों के हालात सुधारने के लिए नगरपालिका की ओर से योजना तैयार की जा चुकी है। ब्रह्मचारी रोड के नव निर्माण के लिए नगरपालिका की ओर से 25.71 लाख रुपये का बजट तैयार किया जा चुका है। शहर के मोहल्ला खटीकान से 11 हट्टा बाजार वाल्मीकि मंदिर होते हुए 300 मीटर सड़क के निर्माण के लिए 18.50 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। इसके अलावा 35 लाख रुपये की लागत से रेलवे रोड के नव निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जा चुका है।35 लाख रुपये की लागत से वार्ड नंबर सात की चार मुख्य सड़कों का निर्माण से पूर्व पुरानी टाइलों को उखाड़ना शुरू कर दिया है। वार्ड नंबर 13 से स्टेट हाईवे 148बी तक सड़क निर्माण पर 49 लाख रुपये का बजट तय कर काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।   

PM मोदी से खजुराहो को तोहफा: वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत ट्रेन जल्द पटरी पर दौड़ेगी

खजुराहो पूर्वोत्तर रेलवे के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित वाराणसी-खजुराहो-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस अब पूर्वोत्तर रेल के बेड़े में शामिल हो गई है। इस नई अत्याधुनिक ट्रेन की पहचान ट्रेन संख्या 26422 (वाराणसी-खजुराहो) और 26421 (खजुराहो-वाराणसी) के रूप में होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 7 नवंबर को बनारस रेलवे स्टेशन से ट्रेन संख्या 26422 को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन के बाद इसके नियमित परिचालन की तिथि की औपचारिक घोषणा रेलवे द्वारा शीघ्र की जाएगी। इस नई वंदे भारत एक्सप्रेस की आठ कोचों वाली रैक शनिवार रात नई दिल्ली की सकूर बस्ती से रवाना होकर बनारस पहुंच गई। ट्रेन में सात चेयरकार और एक एक्जीक्यूटिव क्लास कोच शामिल है। इन कोचों में कुल 594 यात्री एक साथ यात्रा कर सकेंगे।   समय सारिणी और ठहराव रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर. नीलम के अनुसार, ट्रेन संख्या 26422 (वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस) वाराणसी से प्रस्थान – सुबह 5:25 बजे विंध्याचल – 6:55 बजे (1 मिनट ठहराव) प्रयागराज छिवकी – 8:00 बजे (5 मिनट ठहराव) चित्रकूट धाम – 10:05 बजे (2 मिनट ठहराव) बांदा – 11:08 बजे (2 मिनट ठहराव) महोबा – 12:08 बजे (2 मिनट ठहराव) खजुराहो आगमन – 1:10 बजे दोपहर वापसी में ट्रेन संख्या 26421 (खजुराहो-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस) खजुराहो से प्रस्थान – 3:20 बजे दोपहर महोबा – 4:18 बजे (2 मिनट ठहराव) बांदा – 5:13 बजे (2 मिनट ठहराव) चित्रकूट धाम – 6:13 बजे (2 मिनट ठहराव) प्रयागराज छिवकी – 8:20 बजे (2 मिनट ठहराव) विंध्याचल – 9:10 बजे (2 मिनट ठहराव) वाराणसी आगमन – 11:00 बजे रात पर्यटन को मिलेगा नया आयाम वाराणसी से खजुराहो तक इस तेज, आरामदायक और अत्याधुनिक ट्रेन के परिचालन से धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। पर्यटकों में इस नई सेवा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बनारस रेल मंडल के पास अब आठ वंदे भारत इस नई ट्रेन के शामिल होने के साथ ही बनारस रेल मंडल के पास अब कुल आठ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें हो जाएंगी। ये हैं: 1. वाराणसी–नई दिल्ली–वाराणसी (22415/22416) 2. वाराणसी–देवघर–वाराणसी (22500/22499) 3. वाराणसी–मेरठ–वाराणसी (22489/22490) 4. गोमतीनगर–वाराणसी–पटना (22345/22346) 5. वाराणसी–रांची–वाराणसी (20997/20888) 6. वाराणसी–नई दिल्ली–वाराणसी (22435/22436) 7. वाराणसी–आगरा कैंट–वाराणसी (20175/20176) 8. वाराणसी–खजुराहो–वाराणसी (26422/26421) इस नई ट्रेन के संचालन से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी बल्कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क भी और मजबूत होगा।

बिहार चुनाव चरण-2: कांग्रेस के स्टार प्रचारक घोषित, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी संभालेंगे मोर्चा

पटना बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण को लेकर कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। कुल 40 नेताओं को इस सूची में जगह दी गई है, जो दूसरे चरण में पार्टी के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। कांग्रेस की ओर से जारी सूची में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर क्षेत्रीय स्तर के कई अनुभवी और लोकप्रिय चेहरे शामिल हैं। सूची में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सबसे प्रमुख नाम हैं। ये सभी नेता चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी के मुख्य संदेश को मतदाताओं तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।  इसके अलावा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, दिग्विजय सिंह, अधीर रंजन चौधरी, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार और युवा नेता सचिन पायलट भी इस सूची में शामिल हैं। कांग्रेस ने इस बार अनुभवी और युवा नेतृत्व का संतुलन बनाए रखने की कोशिश की है। दूसरे चरण के स्टार प्रचारकों की सूची में मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी वाड्रा, सुखविंदर सिंह सुक्खू, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, दिग्विजय सिंह, अधीर रंजन चौधरी, मीरा कुमार, कृष्णा अल्लावरु, सचिन पायलट, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सैयद नसीर हुसैन, गौरव गोगोई, तारिक अनवर, डॉ. मोहम्मद जावेद और सुप्रिया श्रीनेत जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। इनके अलावा अखिलेश प्रसाद सिंह, मनोज राम, राकिबुल हुसैन, प्रमोद तिवारी, कन्हैया कुमार, पवन खेड़ा, इमरान प्रतापगढ़ी, शकील अहमद, सुखदेव भगत, राजेश कुमार राम, शकील अहमद खान, मदन मोहन झा, सुबोध कांत सहाय, अजय राय, जिग्नेश मेवाणी, रंजीत रंजन, राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, अनिल जयहिन्द, राजेंद्र पाल गौतम, फुरकान अंसारी और प्रदीप नरवाल के नाम भी शामिल हैं। कांग्रेस को उम्मीद है कि इन नेताओं की मौजूदगी और जनसंपर्क अभियान पार्टी को दूसरे चरण में मजबूती देगा। बता दें कि बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के लिए दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 14 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। इसके साथ ही चुनाव के नतीजे सामने आएंगे।