samacharsecretary.com

राजनीतिक तकरार तेज: पाठक ने राहुल और अखिलेश पर साधा निशाना

बरेली  बरेली पहुंचे यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव की पार्टी सत्ता में जब भी आई, राज्य में जंगल राज कायम रहा। उप्र में पुलिस मुठभेड़ पर सपा प्रमुख के आरोपों पर करारा प्रहार करते हुए पाठक ने कहा कि जब-जब अखिलेश यादव की पार्टी सत्ता में आई, उनकी सत्ता में गुंडे माफिया फले फूले, लेकिन जब हम सत्ता में आए तब गुंडे माफिया प्रदेश छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुये पाठक ने कहा कि राहुल गांधी को स्वयं ही नहीं पता है कि वह कहां खड़े हैं और क्या करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्म दिवस से लेकर महात्मा गांधी की जयंती तक सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है और आज देश भर में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया है। पाठक ने बताया कि मैराथन दौड़ में हजारों की तादाद में युवा अपनी भागीदारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े में जन-जन की सेवा के तहत कार्य किया जा रहा है, जिसका फायदा सीधे तौर पर जनता को मिल रहा है। डिप्टी सीएम ने मैराथन दौड़ का किया शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत रविवार को बरेली में स्पोर्ट्स स्टेडियम में नमो मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। पांच किलोमीटर की इस मैराथन दौड़ का शुभारंभ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने हरी झंडी दिखाकर किया। ‎भाजपा युवा मोर्चा महानगर के तत्वावधान में आयोजित नमो युवा रन के आयोजन में हजारों की संख्या में शामिल हुए बच्चों ने इस पांच किलोमीटर लंबी मैराथन में जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सुबह 6:30 बजे दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन स्टेडियम से शुरू होकर आईवीआरआई गेट तक गई और वहीं से वापस लौटकर स्टेडियम में समाप्त हुई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5100, 3100, 2100 के नकद पुरस्कार दिए गए। तीन अन्य प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार स्वरूप 1000-1000 की धनराशि दी गई। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और प्रतिभाग प्रमाणपत्र भी दिए गए। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा के नेतृत्व में आयोजन की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं। बच्चों के लिए चाय-नाश्ता, पानी और मेडिकल सुविधा की पूरी तैयारी पहले से की गई थी।  

बम्लेश्वरी धाम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, सुरक्षा व सुविधा के पुख्ता इंतज़ाम

 डोंगरगढ़ छत्तीसगढ़ का डोंगरगढ़ मां बम्लेश्वरी धाम एक बार फिर नवरात्र पर्व के लिए तैयार हो गया है. चैत्र और क्वांर नवरात्र में यहां लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इस बार भीड़ के मद्देनज़र मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक हर पहलू पर खास ध्यान दिया है. शारदीय नवरात्र इस साल 22 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलेगा. डोंगरगढ़ का यह धाम लगभग 1,600 फीट ऊंचाई पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए 1,000 से अधिक सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोपवे की व्यवस्था की गई है, हालांकि हाल ही में हुए हादसे ने सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया था. तकनीकी जांच और सुधार के बाद रोपवे को दोबारा शुरू किया गया है. इस बार ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि नवरात्र में सुबह से रात तक रोपवे चलेगा और बीच-बीच में नियमित मेंटेनेंस भी होगा. डोंगरगढ़ की कहानी सदियों की आस्था और लोककथाओं का ताना-बाना है: प्राचीन काल में ‘कामावती’ (या कामाख्या नगरी) नाम से प्रसिद्ध यह स्थान लोकमान्य कथाओं के अनुसार राजा कामसेन के राज्य का केन्द्र था, जिनकी तपस्या से मां बगलामुखी/बम्लेश्वरी का यहाँ अवतरण माना जाता है; कुछ वार्ताएं इसे उज्जैन के विक्रमादित्य की कथा से भी जोड़ती हैं और स्थानीय-पुरातात्विक रेकॉर्ड व लोककथाएँ मंदिर को लगभग 2,000–2,200 वर्ष पुराना बताती हैं. ऊँचे पहाड़ी शिखर पर स्थित बड़ी बम्लेश्वरी (लगभग 1,600 फीट) और नीचे की चोटी पर स्थित छोटी बम्लेश्वरी—दोनों ने समय के साथ तीर्थयात्रा की परंपरा गढ़ी; नवरात्र में यहाँ ‘ज्योति कलश’ और श्रद्धालुओं का सैलाब इस धाम को आधुनिक समय में भी जीवित रखता है. विकास के साथ रोपवे और रेल जैसी सुविधाओं ने पहुंच आसान की है, आज मंदिर ट्रस्ट व जिला प्रशासन पारंपरिक आस्था और आधुनिक व्यवस्थाओं को संतुलित करते हुए तीर्थयात्रियों के स्वागत को व्यवस्थित करते हैं. भक्तों की सुविधा के लिए देवी ने पहाड़ी के नीचे भी छोटी बम्लेश्वरी और मंझली रणचंडी के रूप मे यहाँ स्वरूप धारण किया. यही वजह है कि यहां बड़ी और छोटी दोनों माता के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. नवरात्र पर्व के दौरान डोंगरगढ़ की सबसे बड़ी परंपरा है ज्योति कलश प्रज्वलन. इस साल ट्रस्ट के मुताबिक ऊपर वाले मंदिर में करीब 7,000, नीचे वाले मंदिर में 900 और शीतला माता मंदिर में 61 ज्योति कलश जलाए जाएंगे. इनमें देश के अलग-अलग राज्यों से आए भक्तों के साथ ही अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और नामीबिया जैसे देशों से भी श्रद्धालु अपनी आस्था अर्पित करेंगे. भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रस्ट ने इस बार छिरपानी में विशाल पार्किंग की व्यवस्था की है. रेलवे स्टेशन से मंदिर की दूरी महज आधा किलोमीटर है, जहां तक ऑटो या पैदल आसानी से पहुंचा जा सकता है. मंदिर परिसर और चढ़ाई वाले रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. एसी वेटिंग हॉल, कैंटीन, ठंडे पानी की व्यवस्था और चिकित्सा बूथ जैसी सुविधाओं को और सुदृढ़ किया गया है, प्रशासन ने मेले की तैयारियां पूरी कर ली हैं. आस्था और विश्वास का प्रतीक मां बम्लेश्वरी धाम सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए आस्था का बड़ा केंद्र है. नवरात्र के दौरान यहां उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ इस बात का सबूत है कि भक्तों के लिए मां बम्लेश्वरी न सिर्फ आस्था का धाम हैं, बल्कि मनोकामनाओं की पूर्ति का विश्वास भी.

डीडीए की बड़ी घोषणा: 1172 फ्लैटों के लिए बुकिंग शुरू, जल्द करें आवेदन वरना रह जाएंगे पीछे

नई दिल्ली दिल्ली में आम लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने जनसाधारण आवास योजना 2025 के तहत 1172 फ्लैटों की बिक्री प्रक्रिया शुरू कर दी है. ये फ्लैट आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और जनता श्रेणी के लिए हैं. बुकिंग प्रक्रिया सोमवार, 22 सितंबर 2025 से शुरू हो चुकी है और यह 21 दिसंबर 2025 तक जारी रहेगी. फ्लैटों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा डीडीए की ओर से यह योजना पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर चलाई जा रही है, यानी जो पहले आवेदन करेगा, उसे पहले फ्लैट मिलेगा. इन फ्लैटों की कीमतें अपेक्षाकृत कम रखी गई हैं ताकि आम लोग भी अपना घर बनाने का सपना पूरा कर सकें. फ्लैट कहां-कहां उपलब्ध हैं? ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स, नरेला, लोकनायकपुरम, द्वारका सेक्टर-14, द्वारका सेक्टर-19बी और मंगलपुरी, जनता फ्लैट्स, टोडापुर और रोहिणी को आवेदन के हिसाब से आवंटित किया जाएगा. योजना का लाभ लेने से पहले जान लें ये बात योजना की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. सभी फ्लैट्स रेडी टू मूव इन (तत्काल रहने योग्य) के आधार पर होगा. ये फ्रीहोल्ड प्रॉपर्टी होंगी. इच्छुक खरीदार साइट विजिट भी कर सकते हैं. आवेदक की वार्षिक आय 10 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. आवेदन के लिए ₹2500 की नॉन-रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी. योजना का लाभ लेने के लिए यहां से लें जानकारी इन फ्लैटों से जुड़ी सभी जानकारियां डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट [https://dda.gov.in/](https://dda.gov.in/) पर उपलब्ध हैं. इसके अलावा, DDA के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800110332 पर कॉल कर जानकारी ली जा सकती है. 

नदी पार करते वक्त बह गया हाथी का शावक, बाद में झाड़ियों में मिला शव

कोरबा हसदेव नदी के किनारे झाड़ी में हाथी के शावक की लाश मिली है. बताया जा रहा है कि हाथी शावक नदी पार करने के दौरान बह गया था. सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने शव बरामद कर लिया है. जानकारी के अनुसार, कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज के पनगंवा में 54 हाथियों का दल विचरण कर रहा है. इस झुंड में उनके बच्चे भी हैं. इन्ही में से एक शावक के नदी पार करने के दौरान बहने की जानकारी है. वन टीम ने केंदई रेज के ओड़ार बहरा के पास हाथी शावक के शव को बरामद किया है. बताया जा रहा है कि नदी में बहकर शव यहां पहुंच गया है. रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हसदेव नदी के बहाव के साथ बहकर शव के आने की संभावना है. उसकी मौत कैसे हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा. शुरुआती जांच में नदी पार करते समय पानी में बहने से होना माना जा रहा है. एक सप्ताह पहले ही सखोदा में हथिनी ने बच्चों को जन्म दिया था. इसके बाद 27 हाथियों का झुंड आगे बढ़ गया था.

बाढ़ प्रभावित इलाकों में दिड़बा से मिली मदद, तीन एम्बुलेंस भेजीं गईं

संगरूर  पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज हलका दिड़बा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को तत्काल चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्थानीय रेस्ट हाउस से तीन एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रभावित इलाकों के लोगों को सेहत सुविधाएं मुहैया करवाने के आदेश देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि डॉक्टरों, नर्सों और फार्मासिस्टों से लैस ये एम्बुलेंसें बाढ़ के बाद उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने में सहायक होंगी और पानी से फैलने वाली और अन्य बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए यह सेवा अगले 15 दिनों के लिए चलाई जाएगी। इस दौरान लोगों को मुफ्त चिकित्सीय जांच और दवाइयां उपलब्ध होंगी, जबकि गंभीर मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा जाएगा। वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार बाढ़ पीड़ितों को बेहतर मुआवजा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र में आपदा प्रबंधन अधिनियम, खनन अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों में जरूरी संशोधन कैबिनेट की मंजूरी के बाद प्रस्तुत किए जाएंगे। रंगला पंजाब चढ़दी कला फंड अभियान को सफल करार देते हुए चीमा ने कहा कि विदेशों में बसे पंजाबियों के बड़े योगदान ने पुनर्बहाली के प्रयासों को मजबूती प्रदान की है।

हमेशा राष्ट्र प्रथम की भावना रखें, तभी भारत बनेगा दुनिया का सिरमौर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि तन और मन की शुचिता के साथ इनका स्वस्थ रहना भी हम सबके लिए बेहद जरूरी है। मनुष्य को पहला सुख निरोगी काया से ही मिलता है। इसलिए हमेशा फिजिकली फिट रहने की कोशिश करें और किसी भी प्रकार के नशे के सेवन से बचें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार की सुबह अटल पथ पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के सभी नागरिकों विशेषत: युवाओं से यह अपील की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्र सरकार द्वारा संचालित फिट इंडिया मूवमेंट और नशामुक्त भारत अभियान के संकल्प पूर्ति एवं जन-जागरूकता के लिए आयोजित नमो युवा रन (मैराथन दौड़) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस पखवाड़े के दौरान नमो युवा रन का आयोजन हम सबको देश की सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कार्यक्रम में नमो युवा रन के मोमेंटों (लोगो) का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने स्वयं स्पोर्ट्स ट्रेक सूट में मैराथन दौड़ में शिरकत कर हजारों की संख्या में नमो युवा रन में शामिल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। हम सदैव अपनी सोच में, अपने विचारों में, अपने मूल्यों में 'देश सबसे पहले' की भावना रखें। हमेशा स्वदेशी वस्तुओं का ही उपयोग करें, तभी हमारा राष्ट्र पूरी दुनिया का सिरमौर बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर एक अलग प्रतिष्ठा स्थापित की है। मध्यप्रदेश ने भी प्रधानमंत्री श्री मोदी की सोच और उनके विजन से कदम से कदम मिलाते हुए देश-दुनिया में अपनी अलग जगह और नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने खेलों के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। देश के साथ मध्यप्रदेश का भी खेल स्पर्धाओं में प्रदर्शन दिनों-दिन सुधर रहा है। मध्यप्रदेश के हॉकी खिलाड़ी श्री विवेक सागर, ऑलिम्पिक में पदक विजेता टीम के सदस्य रहे। यह हमें खेल के क्षेत्र में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं से आह्वान किया कि यह संकल्प लें कि हम खुद को फिट रखेंगे, नशे से दूर रहेंगे और अपने-अपने काम और कर्तव्यों में भी हमेशा अव्वल रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट और नशामुक्त भारत अभियान के संबंध में एक वीडियो संदेश प्रसारित किया गया। वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने देश के सभी युवाओं से फिट रहने और नशा नहीं करने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत के लिए हमने राष्ट्रीय योजना तैयार की है। जो एडिक्ट्स हो चुके हैं उन्हें शिक्षित कर उनके उपचार और पुनर्वास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स, केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकारों के सभी विभाग भारत को नशामुक्त बनाने की दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं। वीडियो संदेश में केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं केन्द्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मंडाविया ने भी देश के सभी युवाओं से शरीर की तंदरूस्ती के लिए रोजाना व्यायाम करने और नशे से बचने का विशेष आह्वान किया। नमो युवा रन मैराथन दौड़ कार्यक्रम में खेल एवं युवक कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, महापौर श्रीमती मालती राय, श्री हितानंद शर्मा, श्री वैभव पंवार, श्री रविन्द्र यति, श्री रणजीत चौहान, श्री महेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

सावधान! दिल्ली में 12 दिन तक कुछ मुख्य रास्ते रहेंगे बंद, ट्रैफिक प्लान बनाएं पहले से

दिल्ली  राजधानी दिल्ली के लाल किला मैदान में 22 सितंबर से 3 अक्टूबर 2025 तक रामलीला और दशहरा पर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा. इस दौरान भारी संख्या में दर्शक लाल किला और आसपास के क्षेत्रों में जमा होंगे. भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि इस दौरान यातायात सुचारू रूप से चल सके और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.  22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक दिल्ली के ये रास्ते रहेंगे बंद  इस आयोजन के दौरान नेताजी सुभाष मार्ग, दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक तक यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक डीटीसी बसें और अन्य व्यावसायिक वाहन डायवर्ट किए जाएंगे. इससे न केवल लालकिला और आसपास के मार्गों पर भीड़ नियंत्रित रहेगी, बल्कि वाहन चालकों को भी मार्ग बदलने के लिए समय पर जानकारी मिल सकेगी.  गाड़ी पार्किंग के लिए निर्देश जारी  पार्किंग के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं. बिना लेबल वाले वाहनों के लिए पार्किंग माधवदास पार्क, तिकोना पार्क, सुनेहरी मस्जिद, परेड ग्राउंड, दंगल मैदान, ओमैक्स मॉल और चर्च मिशन रोड में निर्धारित की गई है. वहीं, लेबलधारी वाहन अलग-अलग समितियों और आयोजकों के लिए विशेष रूप से निर्धारित क्षेत्रों में पार्क होंगे.   ट्रैफिक सेंट्रल रेंज डीसीपी निशांत गुप्ता ने जनता से विशेष अपील की है कि वे सड़क किनारे पार्किंग से बचें और अधिक से अधिक मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करें. उन्होंने कहा कि पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है ताकि न केवल आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो, बल्कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से बचा जा सके.  इस वर्ष के रामलीला और दशहरा पर्व में न केवल भव्य मंच, रोशनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, बल्कि सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. दर्शक सुरक्षा और सुविधा दोनों के लिहाज से ट्रैफिक पुलिस द्वारा निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा. यह आयोजन न केवल दिल्लीवासियों के लिए उत्सव का अवसर है, बल्कि शहर के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को भी दर्शाता है. 

पितृ मोक्ष अमावस्या: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया पितरों को नमन

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को पितृ-मोक्ष अमावस्या पर अपने सभी पूज्य पितरों को नमन किया है। उन्होंने कहा कि मनुष्यता और सफलता के नए-नए शिखरों को स्पर्श करने की यात्रा में पूर्वज हम सभी के प्रेरणा होते हैं। पूर्वजों के प्रति समर्पण, श्रद्धा और कृतज्ञता ज्ञापित करने के पर्व 'पितृ मोक्ष अमावस्या' पर सभी पूज्य पितरों के चरणों में सादर प्रणाम करता हूं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि हम सभी अपने पितरों के आदर्शों और मूल्यों पर चलने के लिए संकल्पित हों। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा है कि हम सभी पर पूज्य पितरों और परमात्मा का आशीर्वाद सदा बना रहे।

कल से दिल्ली में शुरू हो रही रामलीला, जानें वो स्पॉट्स जहाँ पूरा परिवार मना सकता है मज़ा

दिल्ली  दिल्ली में नवरात्रि और दशहरा के पावन अवसर पर भव्य रामलीलाओं का आयोजन हर साल की तरह इस बार भी शुरू हो रहा है. कल से राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में रामलीला मंचन की गूंज सुनाई देगी. इन आयोजनों में न सिर्फ दिल्ली बल्कि NCR और दूर-दराज से भी हजारों लोग शामिल होते हैं. परिवार संग रामलीला देखने का अपना ही आनंद है. आइए जानते हैं दिल्ली की सबसे फेमस रामलीला के बारें में जानतें है. लव कुश रामलीला समिति, लालकिला मैदान: यह दिल्ली की सबसे भव्य और ऐतिहासिक रामलीलाओं में गिनी जाती है. यहां बड़े-बड़े फिल्मी सितारे भी अलग-अलग भूमिकाएं निभाते हैं. जहां पहुचने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन लालकिला और चांदनी चौक से आसानी से पहुच सकते है. जो 22 सितंबर से शुरू होगी और 3 अक्टूबर तक चलेगी. श्री धार्मिक रामलीला समिति, रामलीला मैदान (नई दिल्ली): देश की सबसे पुरानी रामलीलाओं में से एक है. यहां हर साल हजारों लोग रामायण के जीवंत मंचन को देखने आते हैं. यह नजदीकी मेट्रो स्टेशन नई दिल्ली के पास है. नवरत्न रामलीला समिति, द्वारका: पश्चिमी दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में आयोजित यह रामलीला नई तकनीक और भव्य मंच सज्जा के लिए प्रसिद्ध है. इसके नजदीकी मेट्रो स्टेशन द्वारका सेक्टर-12 है. श्री रामलीला समिति, अशोक विहार: उत्तर-पश्चिम दिल्ली की मशहूर रामलीला, जहां सामाजिक संदेशों को भी रामायण के साथ जोड़ा जाता है. यहां पहुचने के लिए नजदीकी मेट्रो स्टेशन कन्हैया नगर है. मॉडल टाउन रामलीला समिति: यहां आधुनिक लाइटिंग और साउंड इफेक्ट्स के साथ भव्य आयोजन किया जाता है. इसके नजदीकी मेट्रो स्टेशन मॉडल टाउन है.

रेल ट्रैक पर भगदड़! कोतमा में मालगाड़ी की दो बोगियां पलटने से रेलवे संचालन प्रभावित

अनूपपुर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत कोतमा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कोयला खदान कोयला लोड करने जा रही एक मालगाड़ी के 6 बोगियां पटरी से उतर गई, जिनमें से दो पलट भी गई। शनिवार रात 11:30 का यह घटनाक्रम है। कोतमा रेलवे स्टेशन से लगभग 100 मीटर दूरी पर मालगाड़ी की बोगियां पटरी से उतर गईं। कोतमा से एसईसीएल के गोविंदा कालरी साइडिंग जब मालगाड़ी जा रही थी तभी का यह मामला है। रेलवे के इंजीनियरिंग और संचालन विभाग द्वारा रात को ही पहुंचकर क्षतिग्रस्त मालगाड़ी की बोगियों को पटरी से हटाने और पटरी पर खड़ा करने का काम शुरू कर दिया था। सुबह बिलासपुर से भी रेलवे की एक टीम कोतमा पहुंचकर रेल ट्रैक को सही करने के कार्य में जुट गई थी। यात्री ट्रेन प्रभावित नहीं हुई जानकारी अनुसार शनिवार रात चिरमिरी से बिलासपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को बैहा टोला रेलवे स्टेशन में रोका गया था। जबकि अंबिकापुर से दुर्ग जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को बिजुरी स्टेशन में रोक दिया गया था। कोतमा से अंबिकापुर रोड चिरमिरी रेल लाइन के साथ अनूपपुर के लिए रेल लाइन गुजरती है। हालांकि यात्री ट्रेन प्रभावित नहीं हुई सुबह सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय से निकली। रविवार सुबह क्षतिग्रस्त पटरी से उतरी बोगियों को ट्रैक पर लाने का काम किया जाता रहा, वहीं जेसीबी मशीन से बोगियों को रेल लाइन से हटाने का काम किया गया। रेल बोगियों के पलटने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि इस घटना के बाद कुछ मालगाड़ियों के परिचालन में देरी हुई।