samacharsecretary.com

किसानों की समृद्धि और स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने "मेलिओइडोसिस" के संक्रमण को लिया गंभीरता से प्रमुख सचिव स्वास्थ्य और कृषि को रोकथाम के उपाय करने के दिए निर्देश एम्स की रिपोर्ट पर लिया संज्ञान भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धान किसानों की चिंता करते हुये टीबी जैसे लक्षणों वाले घातक रोग 'मेलिओइडोसिस' की रोकथाम के उपाय किये जाने पर गंभीर रूख अपनाया है। उन्होंने इस संबंध में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य और कृषि विभाग को साथ मिलकर जांच और उपचार रोकथाम के लिए यथोचित कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि किसानों और आमजन का स्वास्थ्य और समृद्धि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मध्यप्रदेश सरकार गरीब, किसान और वंचित वर्गों के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को करें सजग और जागरूक मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वास्थ्य और कृषि विभाग को निर्देश दिए हैं कि संभावित और प्रभावित क्षेत्रों में इन प्रकरणों की जांच करें। इसकी रोकथाम के लिए कृषकों को सजग और जागरूक करें। यदि कोई कृषक या व्यक्ति चिन्हांकित होता है, तो उसके समुचित उपचार के प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित करें। उल्लेखनीय है कि एम्स भोपाल की रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रदेश में धान का रकबा बढ़ने और पानी के स्रोत अधिक होने से इस बीमारी का संक्रमण बढ़ रहा है। जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में 'मेलिओइडोसिस' से प्रभावित रोगियों की पुष्टि हुई है। विशेषत: धान के खेतों की संक्रमित मिट्टी में पाए जाने वाले बैक्टीरिया से होने वाले इस रोग के संबंध में जागरूकता, समय पर पहचान और उपचार के संबंध में एम्स भोपाल द्वारा प्रशिक्षण-सत्र आयोजित किए गए हैं, जिसमें प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों तथा अस्पतालों के प्रबंधकों और चिकित्सकों ने भी सहभागिता की है। 'मेलिओइडोसिस' बीमारी के लक्षण 'मेलियोइडोसिस' एक संक्रामक बीमारी है जो 'बर्कहोल्डरिया स्यूडोमैली' नामक बैक्टीरिया से होती है। यह बैक्टीरिया आम तौर पर मिट्टी और पानी में पाया जाता है । बीमारी के प्रमुख लक्षण लंबे समय तक बुखार रहना या बार-बार बुखार आना, लगातार खांसी होना, जो टीबी जैसी हो सकती है। सांस लेने या सामान्य गतिविधि के दौरान सीने में दर्द होना और टीवी समझकर शुरू किए गए इलाज के बावजूद लक्षण में सुधार न होना है। इस बीमारी का सबसे अधिक खतरा खेती-किसानी से जुड़े लोगों को हो सकता है, क्योंकि उनका सीधा संपर्क मिट्टी और पानी से होता है। डायबिटीज (मधुमेह) के मरीज और अधिक शराब का सेवन करने वालों को भी यह बीमारी हो सकती है। इस बीमारी की तत्काल जाँच के साथ उपचार एवं सावधानी रखकर बचाव किया जा सकता है।  

सरपंचों का अध्ययन दौरा: हरियाणा से 56 प्रतिनिधि पहुंचे आगरा-मथुरा

पानीपत विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने 5 दिवसीय एक्सपोजर विजिट को हरी झंडी दिखाकर लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह से गुरुवार को रवाना किया। इस 5 दिवसीय एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम में जिले के 56 सरपंच जिनमें 21 महिला और 35 पुरुष शामिल हैं। ये सभी उत्तर प्रदेश के मथुरा और आगरा का दौरा करेंगे। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने आगे बताया कि यह एक्सपोजर विजिट 18 से 22  सितम्बर तक आयोजित होगी। जिसका संचालन गुरुग्राम की एक कंसल्टिंग कंपनी द्वारा किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को सबसे पहले मथुरा और आगरा की ग्राम पंचायतों द्वारा शुरू की गई विभिन्न नवाचारी पहलों से अवगत कराया जाएगा, ताकि वे इन अच्छी प्रथाओं को हरियाणा की पंचायतों में लागू करने की जानकारी मिल सके। इन जगहों का लेंगे जायजा  पंवार ने बताया कि इन सभी के साथ 6 महिला और 6 पुरुष अधिकारी भी नामित किए गए हैं जो आधिकारिक तौर पर उनके साथ कार्यशैलियों का जायजा लेंगे। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक वेस्टेज ट्रीटमेंट प्लांट, महिलाओं के लिए बनाए गए विशेष अस्पताल, स्वयं सहायता समूह के लिए बनाए गए बाजार, पार्क विद आउटडोर जिम, अमृत सरोवर, जलापूर्ति, स्थानीय महिलाओं के लिए सिलाई सेंटर, वॉटर टैंक, वृद्धों के लिए ओल्ड एज होम इत्यादि की जानकारी लेंगे। 

फैज और अर्श पर आरोप: खंडवा में नाबालिगों के साथ दुष्कर्म और वीडियो शेयरिंग का मामला

खंडवा  जिले में लव जिहाद के दो मामले सामने आए हैं, जिसमें दो युवकों ने दो नाबालिग दलित लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर उनके साथ दुष्कर्म किया। एक मामले में नाबालिग का आपत्तजिनक वीडियो बनाकर बहुप्रसारित कर दिया गया। मामला सामने आने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप के बाद बुधवार देर रात पिपलोद पुलिस ने जांच के बाद दोनों मामलों में दो नामजद आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म, लव जिहाद सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। आरोपित फिलहाल फरार है, पुलिस उनकी तलाश में पुलिस जुटी है। केस-1: क्रिकेट खेलने आता था, रात को घर बुलाकर करता था दुष्कर्म पहले मामले में 17 वर्षीय पीड़िता ने पिपलोद पुलिस को शिकायत में बताया कि मैं कक्षा 12वीं में अध्ययनरत हूं। फैज पुत्र शौकत मेरे घर के सामने ग्राउंड में क्रिकेट खेलने आता था। उस दौरान मेरी उससे बातचीत हुई थी। वह जब-जब क्रिकेट खेलने आता, तब-तब मेरी बात होती थी। हमारी बातचीत करीब दो साल तक चलती रही। इसके बाद फैज मेरे घर के मोबाइल पर मुझे फोन कर मुझे रात में उसके घर मिलने आने का कहता था। मैं करीबन रात के 12, एक बजे जब सब सो जाते थे, तब फैज के घर जाती थी, उसके घरवाले भी सब सो जाते थे। यहां उसके घर के खाली कमरे में फैज ने मेरी मर्जी के खिलाफ दुष्कर्म किया। इसी बात को लेकर फैज मुझे धमकी देने लगा कि मैं तुम्हारे घरवालों को बता दूंगा।   दबाव बनाकर दुष्कर्म करता रहा फैज पीड़िता ने पुलिस को बताया कि फैज ने दबाव बनाकर मेरे साथ दो-तीन बार दुष्कर्म किया। तीसरी बार मेरे साथ मई 2023 में दुष्कर्म किया था, फिर मैंने फैज से मिलने व बात करने से मना कर दिया। परंतु फैज ने अंनत चौदस के दिन मुझे इशारा कर फोन लगाने को कहा। तब मैंने अपने घर के मोबाइल से उससे बात की थी। मुझे फैज फिर से परेशान करने लगा। तब मैने अपने माता-पिता को सारी घटना बताई। पीड़िता की शिकायत पर पिपलोद पुलिस ने आरोपित फैज पुत्र शौकत अली के विरूद्ध धारा 376, 376 (2) (n) भावि, 5L/6 पॉक्सो एक्ट, 3(2) (v) एससी/एसटी एक्ट का गंभीर मामला पाया जाने से अपराध पंजीबद्ध किया। केस-2: वीडियो कॉल रिकार्ड किया, दबाव बनाकर अर्श ने किया दुष्कर्म मामले में पीड़िता ने पुलिस को शिकायत में बताया कि अर्श पुत्र अजीज ने मुझसे कहा कि वह मुझे पसंद करता है। यह कहकर वह मुझसे इंटरनेट मीडिया आईडी पर वीडियो कॉल पर बातचीत करता था। इसी दौरान बहला-फुसला कर एक दिन उसने मुझसे आपत्तिजनक हालत में होकर कॉल करने का कहा। मैंने कॉल किया तो उसने मेरी आपत्तिजनक हालत की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली। यह बात मुझे नहीं पता थी। कुछ दिन बाद उस वीडियो को बहुप्रसारित करने की धमकी देकर उसके घर ले जाकर पहली बार अक्टूबर 2024 में मेरे साथ मेरी मर्जी के खिलाफ दुष्कर्म किया। अर्श और फैज दोस्त, फैज ने बहुप्रसारित किया आपत्तिजनक वीडियो उसके बाद भी अर्श ने लगभग तीन बार उसके घर जाकर मेरे साथ दुष्कर्म किया। मैंने कहा कि अब मैं तेरे साथ संबंध नहीं बनाउंगी तो अर्श ने कहा कि चुपचाप मुझसे संबंध बनाती रह और इस्लाम धर्म कबूल कर ले। मैं तुझसे शादी कर लूंगा नहीं तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा। फैज, अर्श का दोस्त है। करीब दो माह पहले फैज ने मुझे कहा कि तेरे आपत्तिजनक वीडियो अर्श ने दिखा दिए हैं और वह मेरे पास है। मैं भी अब तेरे साथ संबंध बनाऊंगा। यदि तू मना करती है, तो तेरे वीडियो बहुप्रसारित कर दूंगा। फिर भी नहीं मानी तो तुझे जान से मार दूंगा। मैंने फैज को संबंध बनाने से मना किया तो फैज ने मेरे आपत्तिजनक वीडियो बहुप्रसारित कर दिए, जो चार दिन पहले मेरे मामा को पता चले। उन्होंने मुझसे पूछा तो मैंने यह बात मेरे मामा व मम्मी-पापा को बताई। हम बदनामी से डर रहे थे, पर आज हिम्मत करके थाने आए।  

दृढ़ संकल्प और समेकित प्रयास से मध्यप्रदेश स्वास्थ्य मानकों में बनेगा अग्रणी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

रक्तदान और सिकल सेल स्क्रीनिंग में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी "स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार" अभियान के प्रथम दिवस प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि "स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार" अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर को मध्यप्रदेश ने एक ही दिन में 14 हजार 573 यूनिट स्वैच्छिक रक्तदान और 20 हजार 379 हितग्राहियों की सिकल सेल स्क्रीनिंग कर पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह मातृ शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए समस्त स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और नागरिकों की जागरूकता और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम वर्तमान में प्रथम स्थान पर हैं और इस स्थान को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है। इसके लिए आवश्यक है कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाएँ, जनप्रतिनिधि और आमजन सभी मिलकर निरंतर और समन्वित प्रयास करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के नागरिकों, महिलाओं, बालिकाओं और अभिभावकों से अपील की है कि "स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार" अभियान से जुड़ी सेवाओं और शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लें। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और समेकित प्रयास से हम स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार करते हुए मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) और शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) के सूचकांकों सहित स्वास्थ्य स्थिति में देश के अग्रणी प्रदेश बनेंगें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सिकल सेल स्क्रीनिंग में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों की सराहना की है और सतत प्रयास का आह्वान किया है। भारत सरकार की राज्यवार दैनिक रिपोर्ट 17 सितम्बर 2025 के अनुसार मध्यप्रदेश 20,379 सिकल सेल स्क्रीनिंग के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद ओडिशा 10,851 और महाराष्ट्र 10,821 स्क्रीनिंग कर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। रक्तदान के क्षेत्र में मध्यप्रदेश के बाद उत्तराखंड 5,065 यूनिट और राजस्थान 3,530 यूनिट के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। "स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार" अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में महिलाओं के सम्पूर्ण स्वास्थ्य की जाँच और उपचार के लिए 20 हज़ार से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में निःशुल्क जाँच, परामर्श और उपचार की सुविधा दी जा रही है। अभियान में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जाँच, अनमोल 2.0 पोर्टल पर प्रविष्टि, टीकाकरण, किशोरियों में एनीमिया की जाँच और उपचार, पोषण एवं मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी जानकारी, सिकल सेल और अन्य गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। क्षय और कुष्ठ रोग की पहचान एवं इलाज, मानसिक स्वास्थ्य, नेत्र, दंत और श्रवण विकारों की जाँच भी इस अभियान का हिस्सा हैं। अभियान के दौरान ईट-राइट कार्यक्रम, पोषण माह की गतिविधियाँ, योग और वेलनेस कैंप भी आयोजित हो रहे हैं। निःक्षय मित्र अभियान के अंतर्गत टीबी रोगियों को पोषण और सहयोग उपलब्ध कराने का अभियान भी संचालित है। साथ ही 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 

मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती चिकित्सालय में स्वच्छता के लिए किया श्रमदान

भोपाल सेवा-पखवाड़ा अभियान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवा पखवाड़ा अंतर्गत स्वच्छता अभियान के तहत गुरूवार को रानी दुर्गावती चिकित्सालय जबलपुर में साफ-सफाई के लिए झाडू लगाकर श्रमदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिकित्सालय के स्टाफ एवं शासकीय कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे कार्यालयीन समय के पूर्व रोस्टरवार स्वच्छता के लिए श्रमदान करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं स्वास्थ्य संस्थाओं में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संगठनों से अपील की कि वे सेवा पर्व के दौरान स्वच्छता के लिये श्रमदान करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संभागीय कमिश्नर एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सफाई अभियान का नियमित निरीक्षण और निगरानी करने के निर्देश दिये। साथ ही मंत्रीगण, सांसद एवं विधायकगण से भी अनुरोध किया कि वे साफ-सफाई अभियान का निरीक्षण कर आमजन और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी श्रमदान के लिये प्रोत्साहित करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा पर्व को नया आयाम देते हुए अस्पतालों में सफाई व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिये। उल्लेखनीय हैकि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर की अवधि में प्रदेश में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान चल रहा है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर शिविर भी लगाए जा रहे हैं, जिसमें विभिन्न रोगों की नि:शुल्क जांच के साथ ही आमजन को स्वास्थ्य, शिक्षा प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक, श्री आशीष दुबे, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अशोक रोहाणी, श्री संतोष बरकड़े, श्री अभिलाष पांडे, श्री नीरज सिंह, संभागीय कमिश्नर श्री धनंजय सिंह सहित गणमान्य नागरिक एवं प्रशासनिक अधिकारी भी स्वच्छता श्रमदान में शामिल हुए।  

स्वदेशी ही था राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के अंग्रेजों से संघर्ष का मूल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वदेशी अपनाने के लिए प्रदेशवासियों को किया प्रेरित "गर्व से कहो हम स्वदेशी अपनाएंगे" प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रदेश में अपना जन्म दिवस मनाकर जनजातीय अंचल धार को किया धन्य माताओं-बहनों-बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सरकारी खजाने में कोई कमी नहीं मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर में राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के 168वें बलिदान दिवस कार्यक्रम को किया संबोधित महाकौशल महावीरों की धरती है, जिसे राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह जैसे बलिदानियों ने अपने रक्त से सींचा भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वाधीनता संग्राम के अमर बलिदानी राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ने अंग्रेजों के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी, उसका मूल 'स्वदेशी' ही था। देश में हमारा अपना शासन और कानून होना चाहिए, इस भाव ने ही जनजातीय वीरों को विदेशी ताकतों से संघर्ष के लिए प्रेरित किया। वे अंग्रेजों के आगे कभी झुके नहीं और पिता-पुत्र (राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह) की जोड़ी ने एक लक्ष्य के लिए लड़ते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया और वे अमर हो गए। राज्य सरकार ने उनके बलिदान स्थल को स्मारक के रूप में विकसित किया है। अपनी संस्कृति के लिए प्रतिबद्ध राजा शंकर शाह अपने संस्कारों पर सदैव अडिग रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के 168वें बलिदान दिवस पर गुरूवार को जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दोनों अमर बलिदानियों को नमन कर पुष्पांजलि अर्पित की। अंग्रेजों के सामने नहीं झुके, हो गए शहीद मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह दोनों पिता पुत्रों ने रानी दुर्गावती की परम्‍परा को कायम रखते हुए अंग्रेजों के खिलाफ कविता के माध्‍यम से आवाज उठाई। उन्‍होंने अंग्रेजों के सामने सीना ठोककर जंगल, जमीन और अपने राष्‍ट्र को बचाने के लिए गीतों की रचना की। अंग्रेज उनके विद्रोह को बर्दाश्‍त नहीं कर पाये और कायरता का परिचय देते हुए उन्‍हें तोप के मुंह पर खड़ा कर उड़ा दिया गया। अंग्रेजों ने दोनो पिता-पुत्रों को बंदी बनाकर बगैर कोई मुकदमा चलाये उन्‍हें तोप से उड़ाने का काम किया था। अंग्रेजों ने उनके सामने धर्म बदलने, अंग्रेजी सत्‍ता को स्‍वीकार करने और माफी मांगने की शर्त रखी और इसे मान लेने पर उनकी रिहाई के लिए तैयार थे। लेकिन दोनों पिता-पुत्रों ने अंग्रेजों के इस प्रस्‍ताव को बहादुरी के साथ ठुकरा दिया और कहा कि तोप से उड़ाने के बाद भी यदि वे बच गये तो फिर से अंग्रेजी सत्‍ता के खिलाफ गीत लिखेंगे और अपने राष्‍ट्र की रक्षा के लिए विद्रोह करेंगे। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हर व्‍यक्ति के जीवन में जन्‍म और मृत्‍यु एक बार आती है, लेकिन देश की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले शहीद हमेशा के लिए अमर हो जाते हैं। राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ऐसे ही शहीद हैं जो हमेशा के लिए अमर हो गये हैं। उनका बलिदान हमें देश सेवा और देश की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। मध्‍यप्रदेश सरकार की ओर से उनके बलिदान दिवस पर मैं उन्‍हें नमन करता हूं और प्रणाम करता हूं। मां नर्मदा की पवित्र नगरी में गोंडवाना साम्राज्‍य के अमर शहीदों को स्‍मरण कर मैं स्‍वयं भी गौरवान्‍वित महसूस कर रहा हूं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में स्वदेशी अपनाने का अभियान चल रहा है, विकसित भारत का मार्ग स्वदेशी से होकर गुजरता है। प्रदेश में बहनों ने स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की अनोखी मिसाल प्रस्तुत की है। हमारे गांव आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के श्रेष्ठ उदाहरण रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 'गर्व से कहो हम स्वदेशी अपनाएंगे' के उद्घोष के साथ उपस्थित जनसमुदाय को दैनिक उपयोग की स्वदेशी सामग्री अपनाने के लिए प्रेरित किया। जबलपुर की धरा जनजातीय वीरों के रक्त से हुई है सिंचित मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्राचीनकाल से महकौशल, महावीरों की धरती रही है, जो राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह और राना दुर्गावती जैसी महान विभूतियों के बलिदान को समेटे हुए है। जबलपुर की धरा जनजातीय वीरों के रक्त से सिंचित हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए शाह वंश का अदम्य साहस, अमर शौर्य और अद्वितीय बलिदान सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मां भारती के चरणों में बलिदान देने वाले महावीर होते हैं। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। यही त्याग आने वाली पीढ़ियों के हृदय में राष्ट्रभक्ति की पवित्र ज्योति प्रज्ज्वलित करता रहेगा। 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान' में माताएं-बहनें कराएं जांच मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कल प्रदेश के जनजातीय अंचल (धार) में अपना जन्म दिवस मनाकर प्रदेश को धन्य किया है। केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय भाई-बहनों के कल्याण के लिए संकल्पित हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रदेश के कपास उत्पादक किसानों को 'पीएम मित्र पार्क' की सौगात दी है। माता-बहनों-बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सरकारी खजाने में कोई कमी नहीं है। हमारे लिए मां, बहन, बेटियों का सम्मान और उनका स्वास्थ्य सर्वोपरि है। समय पर बीमारी की जांच हो जाए तो जान बच सकती है। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि माताएं-बहनें "स्वस्थ नारी-सशक्‍त परिवार" अभियान अंतर्गत आयोजित शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने के लिए आगे आएं। प्रधानमंत्री श्री मोदी की प्रतिबद्धता के अनुरूप राज्य सरकार पूर्ण समर्पण, सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ इस दिशा में गतिविधियां संचालित करने के लिए तत्पर है। प्रदेश में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान के साथ स्वच्छता का संकल्प भी लिया गया है।  

बघेल का भी आरोप, कहा– चुनाव आयोग BJP का एजेंडा चला रहा है

बेमेतरा  छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में कांग्रेस ने गुरुवार को ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान मंच पर कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कांग्रेस नेता सचिन पायलट का कार्यकर्ताओं ने गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे सहित दर्जनों पूर्व मंत्री और नेता मौजूद रहे। BJP सरकार पर बरसे सचिन पायलट 'वोट चोर-गद्दी छोड़' यात्रा के तीसरे दिन कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र को कमजोर किया है। सचिन पायलट ने कहा, ‘राहुल गांधी ने वोट चोरी के सबूत पेश किए, लेकिन आयोग ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही नोटिस थमा दिया। वहीं छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा पर भी यही आरोप लगे, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।’ कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग पर भाजपा सरकार के लिए काम करने का आरोप लगाया और दावा किया कि छत्तीसगढ़ की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी। भाषण के दौरान अजान की आवाज़ आने पर पायलट ने तकरीबन डेढ़ मिनट तक मौन रहकर धार्मिक भावनाओं का सम्मान भी किया। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य नेताओं ने कहा कि ‘भाजपा ने नोटबंदी, जीएसटी, किसान बिल और कोरोना जैसे मुद्दों पर हिटलरशाही रवैया अपनाया।’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने निर्वाचन आयोग के साथ मिलीभगत कर चुनाव जीते हैं और यह जनता के वोटों से नहीं बल्कि 'वोट चोरी' से हासिल हुई जीत है। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस अब इस "वोट चोरी" की सच्चाई को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बेमेतरा की यह सभा आयोजित की गई।  

बिहार की राजनीति में हलचल: अमित शाह-नीतीश की बैठक से बदल सकते हैं समीकरण

पटना  पटना के होटल मौर्या में गुरुवार को गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात ने बिहार की सियासत में तूफान ला दिया। विधानसभा चुनाव 2025 से पहले हुई इस अहम बैठक को लेकर अब चर्चा तेज हो गई है कि एनडीए में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला लगभग तय कर लिया गया है। सीट बंटवारे पर अहम बातचीत सूत्रों के अनुसार, मुलाकात में जेडीयू और बीजेपी के बीच सीट शेयरिंग पर अंतिम दौर की बातचीत हुई। चिराग पासवान और जीतन राम मांझी की सीटों की मांग पर भी गहन चर्चा चली। बताया जा रहा है कि इस बैठक में ही एनडीए के अंदरूनी समीकरण लगभग फाइनल कर लिए गए। खुशमिजाज माहौल, लेकिन गहरी रणनीति बता दें कि सीएम नीतीश होटल मौर्य पहुंचे तो अमित शाह ने आगे बढ़कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच बातचीत सहज और सकारात्मक माहौल में हुई। हालांकि बाहर आकर किसी ने भी आधिकारिक बयान नहीं दिया। बैठक से बाहर निकलने का क्रम भी दिलचस्प इस बीच, मीटिंग से सबसे पहले डेप्युटी सीएम सम्राट चौधरी और विजय चौधरी बाहर निकले। उसके बाद सीएम नीतीश सहयोगी संजय झा से बातचीत करते हुए होटल से बाहर आए। गृहमंत्री शाह यहां से सीधे डेहरी रवाना हो गए, जहां उन्हें बीजेपी कार्यकर्ताओं से मिलना था।   बिहार में नया समीकरण या मजबूती? हालांकि नेताओं की मुस्कान और चुप्पी दोनों ही संकेत देती हैं कि चुनावी रणनीति का बड़ा खाका तैयार हो चुका है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सीटों की औपचारिक घोषणा कब होती है और इसमें किसे कितना हिस्सा मिलता है।

राजफेड की समीक्षा बैठक: आगामी दलहन-तिलहन खरीद के लिए आवश्यक तैयारियां करें सुनिश्चित

आवश्यकता के अनुरूप खरीद केन्द्रों की संख्या में की जाए वृद्धि  खरीद प्रक्रिया में बायोमीट्रिक सिस्टम किया जाए लागू  खरीद की संभावित मात्रा के अनुरूप बारदाने का रखें पर्याप्त इंतजाम: सहकारिता मंत्री   जयपुर सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने कहा कि खरीफ-2025 सीजन में समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत आगामी दलहन-तिलहन खरीद के लिए अभी से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आवश्यकता के अनुरूप खरीद केन्द्रों की संख्या में वृद्धि की जाए, जिससे किसानों को अपना माल तुलवाने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। श्री दक गुरूवार को राजस्थान राज्य सहकारी क्रय-विक्रय संघ (राजफेड) कार्यालय में संस्था से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने राजफेड अधिकारियों को निर्देश दिए कि मूंग, मूंगफली, उड़द और सोयाबीन खरीद की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से शुरु करने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए। एक्टिव पैक्स को खरीद केन्द्रों के रूप में अधिसूचित किया जाए। साथ ही, किसानों की बायोमीट्रिक पहचान की प्रक्रिया को भी इसी माह पूरा कर आगामी खरीद से लागू कर दिया जाए। उन्होंने पिछली खरीद में जिन स्थानों से शिकायतें प्राप्त हुई, वहां पर नया टेंडर करने एवं हैण्डलिंग व परिवहन के टेंडर में नये लोगों को अवसर देने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही, कहा कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रभावी सिस्टम तैयार किया जाए।   सहकारिता मंत्री ने कहा कि खरीद प्रक्रिया में शामिल एजेंसियां पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करें। कृषि विभाग से प्राप्त उत्पादन के आंकड़ों के अनुरूप आकलन कर पर्याप्त संख्या में खरीद केन्द्र स्थापित किये जाएं, जिससे किसानों को लाइन में नहीं लगना पड़े। खरीद की संभावित मात्रा के अनुरूप बारदाने का भी पर्याप्त इंतजाम रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि समितियों को भुगतान के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाते हुए समय सीमा निर्धारित की जाए। उन्होंने राजफेड द्वारा नई गतिविधियां शुरू करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजफेड की उपलब्ध भूमियों का विवरण तथा उनके बेहतर उपयोग से संबंधित कार्ययोजना तैयार की जाए। सहकारिता मंत्री ने बैठक में दलहन-तिलहन खरीद की कार्ययोजना, खरीद केन्द्रों की स्थिति, भण्डारण व्यवस्था, बारदाना की उपलब्धता, विगत वर्षों में दलहन-तिलहन की खरीद, हैण्डलिंग एवं परिवहन व्यवस्था, वित्त व्यवस्था और नवाचारों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। सहकारिता विभाग की प्रमुख शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां श्रीमती मंजू राजपाल ने कहा कि तिलम संघ की साफ-सुथरी पृष्ठभूमि वाली एक्टिव सोसायटियों को भी खरीद प्रक्रिया में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि खरीद कार्य करने वाली समितियों को समय पर भुगतान हो, इसके लिए राजफेड को संवेदनशील होकर कार्य करने की आवश्यकता है। राजफेड के प्रबंध संचालक श्री टीकम चन्द बोहरा ने बताया कि खरीद प्रक्रिया निर्बाध रूप से सम्पन्न करने के लिए आवश्यक तैयारियां जारी हैं। बारदाना के लिए ऑर्डर दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर प्रभावी कार्यवाही के लिए विजिलेंस टीम का गठन किया हुआ है। प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। बैठक में राजफेड के अधिकारियों ने अवगत करवाया कि बारदाने की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित रखने के लिए इस बार राजफेड के स्तर पर भी फर्मों को इम्पैनल किया गया है, जिनसे आवश्यकता पड़ने पर बारदाना की खरीद की जा सकेगी। संस्था में लगभग तीन दशक बाद नये पदों पर भर्ती हुई है, जिसका असर कार्यप्रणाली पर दिखेगा। रिक्त 18 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव शीघ्र सहकारी भर्ती बोर्ड को भिजवाया जाएगा। नई पशु आहार फैक्ट्री के लिए डीपीआर तैयार करवाई जा रही है तथा संस्था द्वारा उत्पादित पशु आहार की मार्केटिंग भी करवाई जा रही है। राजफेड द्वारा गैस एजेंसी का सुचारू रूप से संचालन किया जा रहा है। बैठक में संयुक्त शासन सचिव श्री प्रह्लाद सहाय नागा सहित एनसीसीएफ, नैफेड व तिलम संघ के अधिकारी तथा राजफेड के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

मौसम विभाग की चेतावनी: तेज बारिश, आंधी और वज्रपात से रहें सतर्क

पटना  बिहार में एक बार फिर मौसम बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग पटना ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा।  मौसम विभाग पटना ने जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और खगड़िया में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है। वहीं दो जिलों, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही विभाग द्वारा पूरे राज्य में आंधी-तूफान और ठनका गिरने की चेतावनी जारी की गई है। ये भी कहा गया है कि अगले दो दिनों कर पूरे राज्य में ऐसी स्थिति बनी रह सकती है।  नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी  वहीं अगर बीते 24 घंटे की बात करें तो शिवहर, सीवान, नालंदा, बेतिया, रक्सौल, समस्तीपुर और गोपालगंज सहित कई जिलों भारी बारिश हुई है, जिसके चलते राज्य की नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।