samacharsecretary.com

2008 में दिखा था पाक खिलाड़ियों का जलवा, फिर IPL से हमेशा के लिए हुए बाहर – कब लगा बैन?

नई दिल्ली एक बार फिर 28 मार्च से आईपीएल का आगाज होने जा रहा है। यह इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन होगा। इससे पहले 18 सीजन खेले जा चुके हैं और हर साल बिना किसी व्यवधान के यह टूर्नामेंट आयोजित हुआ है। आप सबको पता है कि आईपीएल में दुनिया के तमाम देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, लेकिन पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर लंबे समय से आईपीएल खेलने को लेकर प्रतिबंध लगा हुआ है। हालांकि, एक ऐसा भी वक्त था, जब पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने आईपीएल में शिरकत की थी। एक दो नहीं, बल्कि आईपीएल के पहले सीजन में 11 पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने आईपीएल में हिस्सा लिया था। आईपीएल के पहले सीजन का खिताब राजस्थान रॉयल्स ने जीता था और इस चैंपियन टीम में सोहेल तनवीर, यूनिस खान और कामरान अकमल जैसे खिलाड़ी शामिल थे। पाकिस्तान के 11 खिलाड़ी आईपीएल खेले आईपीएल के पहले सीजन में जिन पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने शिकरत की थी उनमें बड़े- बड़े नाम शामिल हैं। इस टूर्नामेंट में शाहिद अफरीदी, शोएब अख्तर और मिसबा-उल-हक जैसे दिग्गजों ने हिस्सा लिया था। शोएब अख्तर, मोहम्मद हफीज, उमर गुल, सलमान बट्ट, जैसे चार खिलाड़ियों को शाहरूख खान के सह-मालिकाना हक वाली टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा था। सोहेल तनवीर, यूनिस खान और कामरान अकमल पहली बार चैंपियन बनी टीम राजस्थान का हिस्सा थे। शाहिद अफरीदी डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद की टीम का हिस्सा थे। शोएब मलिक और मोहम्मद आसिफ को डेल्ही डेयरडेविल्स ने अपनी टीम में शामिल किया था। पाकिस्तान के लंबे समय तक कप्तान रहे मिसबा-उल हक आरसीबी की टीम का हिस्सा थे। IPL खेल चुके 11 पाकिस्तानी खिलाड़ियों की सूची सोहेल तनवीर (राजस्थान रॉयल्स) शाहिद अफरीदी (डेक्कन चार्जर्स) शोएब अख्तर (कोलकाता नाइट राइडर्स) मोहम्मद हफीज (कोलकाता नाइट राइडर्स) यूनिस खान (राजस्थान रॉयल्स) शोएब मलिक (दिल्ली डेयरडेविल्स) उमर गुल (कोलकाता नाइट राइडर्स) सलमान बट्ट (कोलकाता नाइट राइडर्स) मिसबाह-उल-हक (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू) कामरान अकमल (राजस्थान रॉयल्स) मोहम्मद आसिफ (दिल्ली डेयरडेविल्स) सोहेल तनवीर ने जीती थी पर्पल कैपस इन 11 खिलाड़ियों में सोहेल तनवीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे सीजन में 22 विकेट लिए थे और पर्पल कैप जीती थी। वे आईपीएल में पर्पल कैप जीतने वाले पहले और एकमात्र पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं। सोहेल तनवीर ने आईपीएल के पहले सीजन में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करते हुए अपने चार ओवर के स्पेल में 14 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे, जो आज भी आईपीएल इतिहास के शानदार गेंदबाजी स्पेल में से एक माना जाता है। 2009 में लगा बैन 2008 में आईपीएल के पहले सीजन के बाद ही मुंबई में आतंकी हमला हो गया, जिसने दोनों देशों के बीच आपसी सौहार्द को तोड़ दिया और तमाम अन्य रिश्तों के साथ क्रिकेट के रिश्ते भी टूट गए। रिश्ते खराब होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 2009 से पाकिस्तानी खिलाडियों के आईपीएल खेलने पर बैन लगा दिया। 2009 से 2026 तक कोई भी पाकिस्तान खिलाड़ी आईपीएल की नीलामी में नहीं खरीदा गया और इन खिलाड़ी के आईपीएल खेलने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। अजहर महमूद ने ब्रिटिश नागरिक के रूप में खेला अजहर महमूद ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के लिए 21 टेस्ट और 143 वनडे मैच खेले। अपने करियर के आखिरी समय में वे इंग्लैंड चले गए और उन्होंने ब्रिटिश पासपोर्ट हासिल करने के बाद बतौर ब्रिटिश खिलाड़ी आईपीएल में एंट्री मारी। उन्होंने अपना आईपीएल का पहला मुकाबला 20 अप्रैल 2012 को खेला था। दाएं हाथ के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर अजहर महमूद ने 3 सीजन में कुल 23 IPL मैच खेले हैं। अजहर महमूद ने 29 विकेट लिए और 7.82 की इकोनॉमी रेट से रन दिए। बल्लेबाजी में भी उन्होंने औसत प्रदर्शन करते हुए 128.05 के स्ट्राइक रेट से 388 रन बनाए। वे 2012 से 2015 के बीच तीन सीजन तक इस लीग में खेले। 2012 और 2013 के IPL सीजन में पंजाब किंग्स (तब किंग्स XI पंजाब) के लिए खेला और बाद में 2015 के सीजन में KKR का प्रतिनिधित्व किया।  

PSL को कहा अलविदा, अब IPL में एंट्री की तैयारी में श्रीलंकाई स्टार

नई दिल्ली हर बार की तरह इस बार भी कुछ खिलाड़ी पाकिस्तान सुपर लीग को छोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग का रुख कर रहे हैं। नया नाम लिस्ट में दसुन शनाका का भी जुड़ने वाला है, जो पीएसएल छोड़ने का फैसला कर चुके हैं। श्रीलंका की टीम के ऑलराउंडर और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम की कप्तानी करने वाले दसुन शनाका ने पाकिस्तान सुपर लीग यानी पीएसएल से अपना नाम वापस ले लिया है। इससे पीछे की वजह बताई जा रही है कि वे इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर आईपीएल 2026 से जुड़ सकते हैं। दसुन शनाका ने निश्चित तौर पर निजी कारणों का हवाला देकर पीएसएल से हटने का फैसला किया होगा, क्योंकि वहां उन्हें वह रकम नहीं मिल पाएगी, जो आईपीएल से मिलेगी। हालांकि, अभी तक कोई ऑफिशियल कन्फर्मेशन IPL में दसुन शनाका के जुड़ने को लेकर आई है, लेकिन श्रीलंकाई वेबसाइट न्यूज वायर ने दावा किया है कि शनाका चोटिल खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट के लिए IPL फ्रेंचाइजी से बात कर रहे हैं। इस रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि वे किस टीम के साथ जुड़ सकते हैं। राजस्थान रॉयल्स उन टीमों में शामिल है, जिन्हें चिंता है कि इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन चोट की वजह से इस सीजन में खेल पाएंगे या नहीं? शनाका एक फास्ट-बॉलिंग ऑलराउंडर हैं और उनके पास वो स्किल सेट भी है, जो सैम करन के पास है। यही कारण है कि उन्हें एक संभावित लाइक-फॉर-लाइक रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा रहा है। कुछ और भी टीमें हैं, जिन्हें इस स्किल सेट वाले प्लेयर की तलाश है। पीएसएल से ब्लेसिंग मुजारबानी भी इस सीजन अपना नाता तोड़ चुके हैं और आईपीएल खेलने के लिए भारत भी आ गए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें अपने साथ जोड़ा है। बांग्लादेश के पेसर मुस्तफिजुर रहमान की जगह केकेआर ने उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है। दसुन शनाका भी इस लिस्ट में जुड़ सकते हैं।

RCB के पूर्व खिलाड़ी का धमाका: चिकारा ने 21 सिक्स के दम पर जड़ा 195, रिकॉर्ड स्कोर खड़ा

नई दिल्ली   आईपीएल 2026 क आगाज होने में कुछ ही दिनों का समय रह गया है, मगर इस रंगारंग लीग के शुरू होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व खिलाड़ी स्वास्तिक चिकारा ने धमाल मचा दिया है। स्वास्तिक चिकारा ने अयोध्या T20 प्रीमियर लीग में मात्र 69 गेंदों पर 11 चौकों और 21 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 195 रनों की नाबाद पारी खेली। वह अपने दोहरे शतक से मात्र 5 रनों से चूक गए। उनके इस धाकड़ परफॉर्मेंस के दम पर उनकी टीम गोमती थंडर 300 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही। स्वास्तिक चिकारा के अलावा प्रियांशु पांडे ने भी शतक जड़ा। अब हम स्वास्तिक चिकारा को आरसीबी का पूर्व खिलाड़ी इसलिए कह रहे हैं क्योंकि 2025 में आरसीबी की टीम में शामिल हुए इस खिलाड़ी को फ्रेंचाइजी ने 2026 के ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया। इस साल नीलामी में उन्हें कोई खरीददार नहीं मिला। अब आरसीबी उनका यह धाकड़ परफॉर्मेंस देखकर पछता रही होगी। बात मैच की करें तो, गोमती थंडर ने हिंडोन टाइटंस के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में बिना विकेट खोए 307 रन बोर्ड पर लगाए। चिकारा और प्रियांशु ने पारी का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया और विपक्षी टीम के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। दोनों ने अपना विकेट नहीं गिरने दिया। यह टी20 क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी हो सकती है। प्रियांशु ने 54 गेंदों पर 12 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए, वहीं चिकारा ने 11 चौकों और 21 छक्कों की मदद से 195 रनों की पारी खेली। गौर करने वाली बात यह है कि हिंडोन टाइटंस के सभी 5 गेंदबाजों ने अपने 4 ओवर के कोटे में 50 से अधिक रन खर्च किए। 308 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए हिंडोन टाइटंस ने अच्छी लड़ाई लड़ी, मगर इस पहाड़ जैसे स्कोर के सामने पूरी टीम 19.3 ओवर में 218 के स्कोर पर सिमट गई। शेखर सिरोही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने 50 रन का आंकड़ा पार किया। उन्होंने 68 रनों की शानदार पारी खेली।

IPL 2026: विदेशी सितारों की वजह से उलझी टीमों की रणनीति, कई फ्रेंचाइजी मुश्किल में

नई दिल्ली कुछ प्रमुख विदेशी खिलाड़ियों के चोटिल होने या देर से टीम में शामिल होने के कारण इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के आगामी सत्र में कुछ टीमों के समीकरण गड़बड़ा गए हैं। कुछ प्रमुख विदेशी खिलाड़ी चोटिल होने के कारण पहले ही पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, जबकि कुछ खिलाड़ी विभिन्न कारणों से टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे। अगर केवल चोट की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। उसके भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा और आकाशदीप चोटिल होने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, जबकि श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीसा पथिराना भी पिंडली में लगी चोट के कारण केकेआर के शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे। सनराइजर्स हैदराबाद को भी शुरू के कुछ मैच में अपने नियमित कप्तान पैट कमिंस के बिना मैदान पर उतरना होगा जो पीठ में खिंचाव की समस्या से उबर रहे हैं। कमिंस की अनुपस्थिति में ईशान किशन सनराइजर्स की अगुवाई करेंगे। सनराइजर्स के एक अन्य ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स पैर में चोट लगने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड भी चोटिल होने के कारण रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से शुरू के कुछ मैच में नहीं खेल पाएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स को ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस की सेवाएं नहीं मिल पाएंगी, क्योंकि वह हैमस्ट्रिंग की चोट के और बढ़ जाने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के प्रमुख गेंदबाज मिचेल स्टार्क का भी शुरू के कुछ मैचों में खेलना संदिग्ध है, क्योंकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया आगामी व्यस्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर को देखते हुए उनके कार्यभार पर नजर रख रहा है। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन भी पंजाब किंग्स की तरफ से शुरुआती दौर के मैचों में नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि वह अपने परिवार और नवजात बेटे के साथ कुछ समय बिताना चाहते हैं। राजस्थान रॉयल्स को भी इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम कुरेन के चोटिल होने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो जाने से झटका लगा है। वह टी20 विश्व कप के दौरान चोटिल हो गए थे।

केकेआर की बढ़ीं मुश्किलें, एक और झटका—आकाश दीप भी टूर्नामेंट से बाहर

कोलकाता तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए और अब एक अन्य तेज गेंदबाज आकाश दीप भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। आकाश दीप चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। खिलाड़ियों की चोट का सबसे ज्यादा प्रभाव केकेआर पर ही पड़ा है।    मुंबई के खिलाफ शुरू करेगी अभियान आईपीएल 2026 का सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है, लेकिन केकेआर पर दबाव लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हर्षित और आकाश दीप जहां पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, तो वहीं, श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को अब तक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिला है। यह तय है कि वह भी शुरुआती कुछ मैचों में केकेआर के लिए उपलब्ध नहीं हो सकेंगे। आईपीएल में केकेआर अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगी। केकेआर के पास विकल्प कम खिलाड़ियों की चोटों ने आईपीएल टीमों की चिंता बढ़ा दी है। 28 मार्च से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से पहले हर्षित राणा और आकाश दीप समेत पांच खिलाड़ी पूरे सत्र से बाहर हो गए हैं। खिलाड़ियों के बाहर होने का सबसे ज्यादा असर हैदराबाद और कोलकाता पर पड़ा है। हर्षित राणा पहले से ही बाहर थे और अब टीम को आकाश दीप की सेवाएं भी नहीं मिल सकेंगी। केकेआर के पास फिलहाल वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक और कार्तिक त्यागी ही भारतीय तेज गेंदबाज के तौर पर उपलब्ध हैं। हालांकि, टीम के पास कुछ ओवर कराने के लिए ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन उपलब्ध रहेंगे। आकाश दीप का आईपीएल करियर आकाश दीप ने 2022 में आईपीएल में डेब्यू किया था और वह अब तक 14 मैच ही खेल चुके हैं। आईपीएल में आकाश दीप के नाम 10 विकेट हैं। पिछले सीजन वह लखनऊ सुपर जाएंट्स का हिस्सा थे जिन्होंने आकाश दीप को 2025 के लिए हुई नीलामी में आठ करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन एक सीजन के बाद ही रिलीज कर दिया था। 29 वर्षीय बंगाल के तेज गेंदबाज को केकेआर ने पिछले साल हुई मिनी नीलामी में एक करोड़ रुपये के आधार मूल्य पर खरीदा था।  

पंजाब किंग्स की कप्तानी का मुश्किल ‘कांटों भरा ताज’, 17 धुरंधर हुए असफल

चंडीगढ़  इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के पहले सीजन से अब तक टूर्नामेंट खेलते हुई आ रहीं दो टीमें ऐसी हैं, जो चैंपियन नहीं बन पाई हैं। इनमें एक टीम तो ऐसी है, जिसने 17 कप्तान बदल दिए हैं, लेकिन खिताबी सूखा समाप्त नहीं हुआ है। दो बार टीम फाइनल तक जरूर पहुंची है, लेकिन फिर भी खिताब से दूर रह गई है। 2014 के बाद 2025 में टीम आईपीएल के फाइनल में पहुंची, लेकिन फिर भी खिताब दूर है। दूसरी टीम दिल्ली कैपिटल्स है, जो 2008 से खेल रही है, लेकिन खिताब नहीं जीता है। दोनों का नाम भी बदल गया है। पहले नाम पंजाब किंग्स का किंग्स इलेवन पंजाब था, जबकि दिल्ली कैपिटल्स का दिल्ली डेयरडेविल्स। हालांकि, दिल्ली ने कम कप्तान बदले हैं। पंजाब किंग्स की बात करें तो इस फ्रेंचाइजी ने अब तक 18 सीजन में 9 भारतीय और 8 विदेशी खिलाड़ियों समेत कुल 17 खिलाड़ियों को कप्तानी सौंप दी है, लेकिन टीम ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। हालांकि, 3 खिलाड़ियों को तो सिर्फ नाम मात्र के लिए कप्तानी मिली है, क्योंकि उन्होंने एक-एक मैच में ही कप्तानी की है। इसके अलावा दो कप्तान ऐसे हैं, जिन्होंने 6 और 8 मैचों में कप्तानी है, लेकिन बाकी के कप्तानों ने 10 से ज्यादा मैचों में पंजाब की टीम की कप्तानी की हुई है। महेला जयवर्धने, वीरेंद्र सहवाग और जितेश शर्मा ने एक-एक मैच में कप्तानी की है, जबकि डेविड मिलर ने 6 और मुरली विजय ने 8 मैचों में टीम का नेतृत्व किया है। पंजाब किंग्स के अब तक के 17 कप्तानों में सरपंच श्रेयस अय्यर एकमात्र कप्तान हैं, जिनका विनिंग पर्सेंटेज 60 से ज्यादा का है। युवराज सिंह इस फ्रेंचाइजी के पहले कप्तान थे, लेकिन 2008 से 2009 तक कप्तानी उन्होंने की, लेकिन टीम खिताब से कोसों दूर रही। पंजाब किंग्स के कप्तानों की लिस्ट 1. युवराज सिंह (29 मैच 17 जीत) 2. कुमार संगकारा (13 मैच 3 जीत) 3. महेला जयवर्धने (1 मैच) 4. कुमार संगकारा (34 मैच 17 जीत) 5. डेविड हसी (12 मैच 6 जीत) 6. जॉर्ज बेली (35 मैच 18 जीत) 7. वीरेंद्र सहवाग (1 मैच) 8. डेविड मिलर (6 मैच 1 जीत) 9. मुरली विजय (8 मैच 3 जीत) 10. ग्लेन मैक्सवेल (14 मैच 7 जीत) 11. आर अश्विन (28 मैच 12 जीत) 12. केएल राहुल (27 मैच 11 जीत) 13. मयंक अग्रवाल (14 मैच 7 जीत) 14. शिखर धवन (17 मैच 6 जीत) 15. सैम करन (11 मैच 5 जीत) 16. जितेश शर्मा (1 मैच) 17. श्रेयस अय्यर (17 मैच 10 जीत)

रामलला के चरणों में ऋषभ पंत, Lucknow Super Giants टीम के साथ पहुंचे अयोध्या, बेहतर प्रदर्शन की प्रार्थना

अयोध्या एक बार फिर इंडिया का त्योहार यानी आईपीएल की शुरुआत होने वाली है. मैदान के खिलाड़ी चौके-छक्के उड़ाते दिखाई देंगे. ऐसे में टूर्नामेंट से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के कप्तान ऋषभ पंत और उनकी टीम के अन्य सदस्य अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. इस दौरान खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रार्थना की. खिलाड़ियों के साथ टीम के मालिक संजीव गोयनका भी नजर आए. बता दें कि 28 मार्च से आईपीएल की शुरुआत होने वाली है. पहला मुकाबला आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. हालांकि, लखनऊ की टीम का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के साथ 1 अप्रैल को खेला जाएगा. ऐसे में टूर्नामेंट की शुरुआत अच्छी हो, उसके लिए लखनऊ के सभी खिलाड़ी अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए. सभी खिलाड़ियों ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की. वहीं मंदिर में दर्शन करने के बाद खिलाड़ियों में टूर्नामेंट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. इस दौरान सभी खिलाड़ियों ने भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद बेहतर प्रदर्शन करने की बात कही. सभी का कहना था कि टूर्नामेंट से पहले भगवान का आशीर्वाद लेना अच्छा होगा. वहीं दर्शन के बाद पूरी टीम लखनऊ रवाना हो गई. अब खिलाड़ियों की फोटो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही है.

15 साल की क्रिकेटर ने T20I डेब्यू पर शतक लगाकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

  लागोस रवांडा की युवा बल्लेबाज फैनी उटागुशिमानिंदे ने टी20 इंटरनेशनल (टी20I) में इतिहास रच दिया है. उन्होंने नाइजीरिया इनविटेशनल विमेंस T20I टूर्नामेंट में घाना के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में ही शतक जड़ दिया. फैन टी20I डेब्यू पर शतक लगाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गईं. इसके अलावा वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाली बल्लेबाज भी बन चुकी हैं।  20 मार्च को लागोस के तफावा बालेवा स्क्वायर क्रिकेट ओवल में हुए मुकाबले में फैनी उटागुशिमानिंदे ने 65 गेंदों पर नाबाद 111 रन बनाए, जिसमें 17 चौके शामिल रहे. फैनी ने 15 साल और 223 दिन की उम्र में ये शतक लगाया है।  इससे पहले विमेंस टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू पर सबसे बड़ा स्कोर ऑस्ट्रेलिया की करने रोल्टन के नाम था, जिन्होंने 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ 96* रन बनाए थे. वहीं सबसे कम उम्र में टी20I शतक लगाने का रिकॉर्ड युगांडा की प्रोस्कोविया अलोका के नाम था, जिन्होंने 16 साल 233 दिन की उम्र में माली के खिलाफ शतक जड़ा था।  मेन्स टी20I में डेब्यू पर 4 खिलाड़ियों ने जड़े शतक मेन्स टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें, तो अब तक चार बल्लेबाज डेब्यू मैच में शतक लगा चुके हैं, लेकिन इनमें कोई भी फुल मेम्बर देश का खिलाड़ी नहीं है. कनाडा के मैथ्यू स्पूर्स ने साल 2022 में फिलीपींस के खिलाफ नाबाद 108 रन बनाए और वो इस सूची में सबसे ऊपर हैं. फ्रांस के गुस्ताव मैककॉन मेन्स टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं. मैककॉन ने 18 साल और 280 दिन की उम्र में ये कारनामा किया था।  फैनी उटागुशिमानिंदे की शतकीय पारी के दम पर रवांडा ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट पर 210 रन बनाए. टीम की ओर से उनके अलावा मर्वेल उवासे ने 19 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए. घाना की गेंदबाजी इतनी बिखरी हुई थी कि टीम ने 28 अतिरिक्त रन दे दिए, जिसमें 25 वाइड शामिल थे. रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी घाना की टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई. रवांडा के गेंदबाजों ने लगातार शिकंजा कसते हुए घाना को 20 ओवर में 8 विकेट पर 88 रनों के स्कोर तक रोक दिया. इस तरह रवांडा ने यह मुकाबला 122 रन के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया.

IPL में रन के आंकड़े से बेहतर नहीं होता कोई, डिविलियर्स ने दी प्रतिक्रिया

बेंगलुरु  दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाजों में से एक और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने सलामी बल्लेबाजों को मिलने वाले फायदों के बारे में बात की है। अक्सर टॉप रन स्कोरर की उनके साथ तुलना की जाती है, जिसे उन्होंने अपने लिए परेशानी का सबब माना है। डिविलियर्स ने कहा है कि जब कोई मेरी तुलना आपीएल के टॉप रन स्कोरर से करता है तब मुझे इससे काफी परेशानी होती है। डिविलियर्स ने सीधे शब्दों में कहा कि अगर किसी ने आठ हजार से ज्यादा रन बनाए हैं तो इसका मतलब यह कतई नहीं है कि वह मुझसे बेहतर हो सकता है। मैं उससे बेहतर हूं इस मामले में। उसके पक्ष में सिर्फ एक ही बात अच्छी है कि उसने मुझसे ज्यादा गेंदें खेली हैं। जिसके 8000 रन हैं उससे बेहतर हूं मबांगवा मीडिया के यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए, एबी डिविलियर्स ने आईपीएल के शीर्ष रन-स्कोररों के साथ अपनी तुलना को लेकर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा "इसलिए मुझे तब बहुत गुस्सा आता है जब आईपीएल में मेरे रनों की तुलना दूसरे खिलाड़ियों से की जाती है, क्योंकि तब मुझे लगता है कि मैंने सलामी बल्लेबाजों जितनी गेंदें तो नहीं खेली हैं। उन्होंने आगे अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि "इससे मुझे बहुत चिढ़ होती है।" उन्होंने बिना कोई नाम लिए कहा कि “इस खिलाड़ी ने 8,000 रन बनाए हैं, वो अब तक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। मैं सोचता हूं, नहीं, मैं उनसे बेहतर हूं, उन्होंने ज्यादा गेंदें खेली हैं।” बता दें कि आईपीएल के इतिहास में अब तक सिर्फ विराट कोहली ने ही 8000 से अधिक रन बनाए हैं और वे अपनी टीम के लिए सलामी बल्लेबाजी करते हैं। ऐसे में कई फैंस यह मान रहे हैं कि एबी डिविलियर्स ने यह बयान विराट कोहली को टारगेट करते हुए दिया है। सलामी बल्लेबाजी करना आसान है एबी डिविलियर्स ने बातचीत के दौरान उसी पॉडकास्ट में आगे कहा कि "वे सलामी बल्लेबाज हैं। वे पावरप्ले के दौरान बल्लेबाजी करते हैं और उस समय तीस गज के दायरे के बाहर सिर्फ दो खिलाड़ी होते हैं। ऐसी परिस्थितियों में रन बनाना ज्यादा आसान होता है, मिडिल ओवर्स में बल्लेबाजी करने की तुलना में। दुनिया के हर कोने में बतौर सलामी बल्लेबाजी फील्डिंग रिस्ट्रिक्शन के साथ बल्लेबाज करना आसान है। खासकर यह इंडिया में तो और भी आसान है।" उन्होंने नई गेंद के साथ रन बनाने को आसान बताते हुए कहा कि "उस दौरान गेंद में उछाल होता है और उसे बाउंड्री के बाहर फील्ड रिस्ट्रिक्शन के साथ पहुंचाना आसान है।" गेंदबाजों के लिए पावर प्ले को डिविलियर्स ने बुरा बताया। उन्होंने कहा कि "गेंद बल्ले का किनारा लेकर भी चार रन चली जाती है और गेंदबाज को निराशा हाथ लगती है। यह पूरी तरह से गलत है।" डिविलियर्स ने ट्रेविस हेड का उदाहरण देते हुए कहा कि "अब तो ट्रैविस हेड की ही तरह गेंदें हर तरफ उड़ रही हैं। इनसाइड एज फोर, आउटसाइड एज फोर। अच्छा शॉट, सिक्स, शानदार, लेकिन तीन में से एक ही सही होता है।" मुझे करियर के आखिरी में 5 नंबर पर भेजा गया डिविलियर्स ने अपने बारे में बात करते हुए कहा कि "मुझे करियर के आखिरी दौर में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा गया। मैं सोचता हूं ऐसा क्यों हुआ। क्या इसलिए कि मैं अच्छा फिनिशर हूं। नहीं, मुझे नई बॉल से बल्लेबाजी करने का मौका देना चाहिए था।" उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अपने करियर के आखिरी दौर में क्यों कुछ कप्तान खुद की बैटिंग पोजीशन को ऊपर कर लेते हैं। ऐसा है डिविलियर्स का आईपीएल करियर एबी डिविलियर्स के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने आईपीएल में कुल 184 मैच खेले, जिसकी 170 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 39.71 की औसत और 151.69 की स्ट्राइक रेट से कुल 5162 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 413 चौके और 251 छक्के जड़े। उन्होंने आईपीएल में 40 अर्धशतक और 3 शतक भी लगाए। डिविलियर्स ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2008 से की थी और 2021 तक आईपीएल में एक्टिव थे। 

हर्षित राणा का IPL से बाहर होना तय, KKR ने 5 संभावित रिप्लेसमेंट तैयार किए

 कोलकाता  इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. हर्षित को यह चोट हाल ही में हुए T20 वर्ल्ड कप के वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी, जब भारत और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला खेला जा रहा था।  हर्षित  के दाएं घुटने में लिगामेंट स्ट्रेन हुआ था. इसके बाद फरवरी में उनकी सर्जरी हुई और अब उन्हें लंबी रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा. इसी वजह से वह IPL 2026 में नहीं खेल पाएंगे।  KKR के हेड कोच अभिषेक नायर ने इसे टीम के लिए बड़ा नुकसान बताया. उन्होंने कहा कि हर्षित पिछले कुछ सीजन से टीम का अहम हिस्सा रहे हैं और खासकर चैम्प‍ियनश‍िप सीजन में उनका योगदान काफी अहम रहा. नायर ने यह भी साफ किया कि टीम अब नए गेंदबाज की तलाश में जुटी है और जल्द ही रिप्लेसमेंट पर फैसला लिया जाएगा।  इस बीच KKR ने विकल्पों पर काम शुरू कर दिया है. नवदीप सैनी, आकाश मधवाल, सिमरजीत सिंह, संदीप वारियर और केएम आसिफ जैसे गेंदबाज ईडन गार्डन्स में ट्रेनिंग करते नजर आए हैं. यानी KKR के पास 5 व‍िकल्प तैयार हैं।  IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है. KKR अपना पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी, जबकि 2 अप्रैल को टीम अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी।  वहीं कप्तान अजिंक्य रहाणे ने वरुण चक्रवर्ती का बचाव किया. उन्होंने कहा कि T20 वर्ल्ड कप में विपक्षी बल्लेबाजों ने वरुण के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन उनकी क्षमता पर कोई सवाल नहीं है. रहाणे का मानना है कि 10 दिन का ब्रेक वरुण के लिए फायदेमंद रहेगा।  हर्ष‍ित के जाने से KKR को कितना नुकसान? हर्षित राणा का हटना कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए बड़ा झटका है. वह टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं और पिछले कुछ सीजन में उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है.उन्होंने  IPL 2024 में KKR को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. उस सीजन में उन्होंने 19 विकेट लिए थे. उनके इसी प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया में उनके डेब्यू का रास्ता भी खुला और धीरे-धीरे उन्होंने नेशनल टीम में अपनी जगह मजबूत की।  IPL 2025 से पहले कोलकाता ने हर्षित को 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. उस सीजन में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 मैचों में 15 विकेट अपने नाम किए थे।