samacharsecretary.com

पूर्व ऑलराउंडर ने गिल की आक्रामकता का किया समर्थन- इंग्लैंड का बेस्ट निकला, सोया शेर जगा दिया

नई दिल्ली  लॉर्ड्स टेस्ट में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने फील्ड पर जिस तरह आक्रामकता दिखाई, इंग्लैंड के खिलाड़ियों से उलझे, उसकी तुलना विराट कोहली की आक्रामकता से की जा रही है। हालांकि, तमाम पूर्व क्रिकेटर गिल की आक्रामकता को गैरजरूरी बता रहे। लॉर्ड्स में टीम की हार के बाद गिल अपनी आक्रामकता के लिए भारत और इंग्लैंड के आलोचकों के निशाने पर आ गए हैं। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली ने गिल का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय कप्तान की आक्रामकता में कोई बुराई नहीं है। हालांकि, साथ में उन्होंने यह भी दावा किया कि संभवतः भारतीय कप्तान की आक्रामकता से ही लॉर्ड्स में इंग्लैंड के भीतर का सोया शेर जाग गया। लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन गिल इंग्लैंड के ओपनर्स जैक क्रॉली और बेन डकेट से मैदान में ही उलझ गए थे। दिन का खेल खत्म होने तक भारत को ज्यादा ओवर डालने का मौका न मिले, इसके लिए इंग्लैंड की टीम ने जानबूझकर देरी की रणनीति अपनाई। उनकी इस पैंतरेबाजी से गिल का सब्र जवाब दे गया और वह मैदान में ही अंग्रेज खिलाड़ियों से उलझ पड़े। इस दौरान गुस्से में उनके मुंह से शायद कुछ अपशब्द भी निकल गए थे। उसका नुकसान ये हुआ कि बल्लेबाजी के दौरान उनकी एकाग्रता भंग हुई और वह दूसरी पारी में 9 गेंद पर 6 रन बनाकर आउट हो गए। लॉर्ड्स टेस्ट में भारत को आखिरी पारी में जीत के लिए 193 रन का लक्ष्य मिला था लेकिन पूरी टीम 170 रन पर आउट हो गई। फिलहाल ग्लोबल सुपर लीग में हिस्सा ले रहे मोईन अली ने गिल का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय कप्तान तो बस प्रतिस्पर्धी बनने की कोशिश कर रहे थे। गिल का समर्थन करने के साथ-साथ मोईन ने एक अहम बात भी कही। उन्होंने कहा कि भारतीय कप्तान की आक्रामकता से इंग्लैंड के भीतर की जुझारू प्रवृत्ति जाग गई। मोईन अली ने कहा, 'यह ठीक है। मुझे लगता है कि वह सिर्फ प्रतिस्पर्धी बनने और लड़ने की कोशिश कर रहे थे, बिल्कुल वैसे ही जैसे विराट कोहली करते थे। मुझे लगता है कि ये ठीक है। लेकिन आपने जो किया, उससे इंग्लैंड का बेस्ट बाहर निकल आया। सोया शेर जगा गया। मुझे लगता है कि यह इंग्लैंड का एक अलग तरह का पहलू है जिसे खिलाड़ियों ने दिखाया। यह सीरीज के लिए बहुत अच्छा है, मुझे नहीं पता उनकी (गिल) की आलोचना क्यों हो रही है।'  

हेटमायर की बैटिंग से मची तबाही, एक ओवर में 5 छक्कों से ग्लोबल सुपर लीग में गूंजा बल्ला

नई दिल्ली  ग्लोबल सुपर लीग 2025 के सेमी-फाइनल में शिमरन हेटमायर ने बल्ले से गदर काट दिया। गुयाना ऐमजॉन वॉरियर्स की तरफ से होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ उन्होंने फैबियन एलेन के एक ही ओवर में 5 छक्के समेत 32 रन बटोरे। मंगलवार को गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में हेटमायर ने सिर्फ 10 गेंद में 39 रन की पारी खेलकर अपनी टीम के लिए फाइनल का टिकट कटा लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए होबार्ट हरिकेंस की पूरी टीम 16.1 ओवर में 125 रन बनाकर आउट हो गई। जवाब में ऐमजॉन वॉरियर्स का 9 ओवर के बाद स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 43 रन था। तब जीत के लिए 72 गेंदों में 82 रन चाहिए थे और सेमीफाइनल मैच के दबाव की वजह से यह चेज बहुत चुनौतीपूर्ण था। नौवे ओवर में ही जब ऐमजॉन का स्कोर 42 रन था तब 3 विकेट गिरने के बाद हेटमायर बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने 10वें ओवर में पूरा गेम ही पलट दिया। फैबियन एलेन गेंदबाजी के लिए आए और हेटमायर ने छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने पहला सिक्स लॉन्ग ऑन के ऊपर से लगाया। दूसरी गेंद पर बाउंड्री के एकदम पास खड़े ओडीन स्मिथ ने उनका कैच छोड़ दिया और गेंद सिक्स के लिए बाउंड्री पार चली गई। तीसरी और चौथी गेंद पर भी उन्होंने छक्का जड़ा। पांचवीं गेंद पर वह दो रन दौड़कर लिए और फिर ओवर की आखिरी गेंद पर भी सिक्स लगा दिया। इस तरह उन्होंने एक ही ओवर में 5 छक्कों की बदौलत 32 रन कूट दिए। हेटमायर को उसामा मीर ने आउट किया। 10 गेंदों पर 39 रन की विस्फोटक पारी में उन्होंने 6 छक्के उड़ाए। ऐमजॉन वॉरियर्स ने 17वें ओवर में ही 4 विकेट बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। अब 18 जुलाई को फाइनल में उसका मुकाबला रंगपुर राइडर्स से होगा।  

सिराज का नया इनिंग्स शुरू, जोहारफा में परोसे जाएंगे मुगलई से लेकर अरबी व्यंजन

हैदराबाद  मोहम्मद सिराज ने अपने सीनियर्स की तर्ज पर नई राह चुन ली है. सिराज ने हैदराबाद में अपना पहला रेस्टोरेंट जोहारफा खोला है. इसमें मुगलई, पारसी, अरबी और चीनी व्यंजन परोसे जाएंगे. इस रेस्टोरेंट की ओपनिंग 24 जून को हुई है. सिराज इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर हैं. वे भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह के बाद सबसे सीनियर पेसर हैं.  मोहम्मद सिराज ने अपना रेस्टोरेंट बंजारा हिल्स पर खोला है. सिराज ने इस बारे में कहा, ‘जोहारफा मेरे दिल के काफी करीब है. हैदराबाद शहर ने मुझे पहचान दी है. अब इस रेस्टारेंट के जरिये मैं शहर को कुछ लौटाना चाहता हूं. यहां लोगों को घर जैसा खाना परोसा जाएगा.’ इससे पहले सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, विराट कोहली और जहीर खान भी रेस्टारेंट खोल चुके हैं. मोहम्मद सिराज के हवाले से कहा गया है कि उनके रेस्टोरेंट जोहारफा में बेहद अनुभवी शेफ हैं. यहां आने वाले लोगों को हाई क्वालिटी का खाना मिलेगा. इस रेस्टारेंट की सबसे बड़ी खासियत यह भी होगी कि यहां पारंपरिक खानों पर जोर होगा. जो लोग देश-दुनिया का बेहतरीन भोजन करना चाहते हैं, उन्हें यहां आना चाहिए. 37 वर्षीय सिराज भारत के लिए 37 टेस्ट, 44 वनडे और 16 टी20 मैच खेल चुके हैं. उन्होंने टेस्ट मैचों में 102 विकेट लिए हैं. वनडे फॉर्मेट में उनके नाम 71 और टी20 इंटरनेशनल मैचों में 14 विकेट दर्ज हैं.  

लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने रची थी जसप्रीत बुमराह को चोटिल करने की साजिश: मोहम्मद कैफ का बड़ा दावा

नई दिल्ली पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने एक बड़ा दावा लॉर्ड्स टेस्ट मैच को लेकर किया है। कैफ ने दावा किया है कि इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने जसप्रीत बुमराह को चोटिल करने की साजिश रची थी। जसप्रीत बुमराह ने सोमवार को लंदन के लॉर्ड्स में आखिरी पारी में शानदार बल्लेबाजी की थी। एक समय ऐसा लग रहा था कि वे रविंद्र जडेजा के साथ इंग्लैंड को धूल चटाने में कामयाब हो जाएंगे। इसी छटपटाहट में इंग्लैंड ने बुमराह पर अटैक करने का प्लान बनाया और उनको विकेट मिल गया। भारत इस मैच को 22 रनों के मामूली अंतर से हारा और इंग्लैंड को सीरीज में 2-1 की बढ़त मिल गई। बुमराह ने तीसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन 54 गेंदों का का सामना किया और पांच रन बनाए, लेकिन अहम बात ये थी कि उन्होंने रविंद्र जडेजा का साथ दिया। 193 रनों के लक्ष्य की ओर भारतीय टीम जाती दिख रही थी। ऐसे में बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर ने मिलकर बुमराह पर बाउंसर्स से अटैक करना शुरू कर दिया था। इसमें वे बाद में कामयाब भी हो गए और बुमराह का विकेट मिल गया। इसी को लेकर मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर दावा किया कि भारत की अंतिम विकेट की साझेदारी को लेकर इंग्लैंड खेमे में बढ़ती निराशा के बीच मेजबान टीम ने जानबूझकर बुमराह को बाउंसरों की बौछार से निशाना बनाकर उन्हें चोटिल करने की साजिश रची। कैफ ने कहा, "बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर ने बुमराह के खिलाफ बाउंसर फेंकने की योजना बनाई थी। अगर वह आउट नहीं होता, तो उसकी उंगली या कंधे पर बाउंसर मारकर उसे चोटिल कर दो। गेंदबाजों के दिमाग में यही बात रहती है कि मुख्य गेंदबाज को चोट पहुंचाई जाए, जिसके खिलाफ हमारे बल्लेबाजों को बल्लेबाजी करना मुश्किल लगता है। यही योजना थी, जो बाद में (उसे आउट करने के लिए) काम आई।" मोहम्मद सिराज के लिए भी इंग्लैंड की यही योजना थी। एक बार उनके कंधे पर भी गेंद लगी थी।  

जितेश शर्मा 2025-26 के घरेलू सत्र से पहले विदर्भ से बड़ौदा चले गए

नई दिल्ली विदर्भ और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने आगामी घरेलू सत्र को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जितेश अब विदर्भ के बजाए बड़ौदा के लिए खेलेंगे। 31 वर्षीय जितेश 2024-25 सत्र में रणजी ट्रॉफी में एक भी मैच नहीं खेले थे। वह विदर्भ के सीमित ओवर टीम का हिस्सा थे जिसकी अगुआई करुण नायर कर रहे थे।  ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, बड़ौदा में स्थानांतरण की योजना पिछले कुछ समय से चल रही थी और माना जा रहा है कि बड़ौदा के कप्तान क्रुणाल पांड्या के साथ जितेश के करीबी संबंधों ने इस कदम को आसान बनाने में मदद की, जो इस साल की शुरुआत में आरसीबी की पहली आईपीएल खिताब जीत के दौरान उनके साथी थे। विदर्भ से बड़ौदा में आकर जितेश के पास प्रथम श्रेणी क्रिकेट में नियमित रूप से स्थान सुनिश्चित करने का मौका होगा।  जितेश ने 2015-16 सत्र से डेब्यू किया था और पिछले 10 सत्र में वह 18 प्रथम श्रेणी मैच खेल सके हैं। उनका औसत 24.48 का है जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने आखिरी बार 18 महीने पहले प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेला था। लाल गेंद वाले क्रिकेट में सीमित मैचों के बावजूद, जितेश ने पिछले कुछ वर्षों में छोटे प्रारूपों में अपनी छाप छोड़ी है। 2023 में पंजाब किंग्स के लिए खेलने के बाद, जितेश ने उसी वर्ष अक्तूबर में एशियाई खेलों के दौरान भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया। उन्होंने नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। आरसीबी के लिए निभाई फिनिशर की भूमिका जितेश ने आईपीएल 2025 में आरसीबी के लिए फिनिशर की भूमिका निभाई और अपना पहला अर्धशतक जड़ा। उन्होंने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ नाबाद 85 रनों की पारी खेली जिससे टीम अंक तालिका में शीर्ष दो में रहने में सफल रही। जितेश उपकप्तान भी रहे और जब आरसीबी के नियमित कप्तान रजत पाटीदार चोटिल होने के कारण अनुपलब्ध थे तो जितेश ने कमान संभाली थी।  

लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग जापान ओपन के राउंड-ऑफ-16 में

टोक्यो लक्ष्य सेन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी तथा चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने बुधवार को अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर जापान ओपन 2025 के अगले दौर में जगह बना ली है। सेन ने संयमित प्रदर्शन करते हुए चीन के वांग झेंग जिंग को 21-11, 21-18 से हराया। सेन का दूसरे दौर में जापान के स्टार खिलाड़ी कोडाई नाराओका से मुकाबला होगा। वहीं पुरुष युगल के मुकाबले में, सात्विक और चिराग ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की और दक्षिण कोरिया के कांग मिन-ह्युक और की डोंग-जू की जोड़ी को 21-18, 21-10 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश किया। पीवी सिंधु और उन्नति हुड्डा महिला एकल ड्रॉ के पहले दौर में ही हारकर बाहर हो गईं।  

वेस्टइंडीज की शर्मनाक हार के बाद सीडब्ल्यूआई ने बुलाई आपात बैठक, दिग्गजों को किया आमंत्रित

किंग्स्टन (जमैका) ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली शर्मनाक हार, खासकर अंतिम टेस्ट में महज 27 रन पर ढेर होने के बाद क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने कड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने अपनी क्रिकेट स्ट्रैटेजी कमेटी की एक आपात बैठक बुलाई है, जिसमें सर क्लाइव लॉयड, सर विवियन रिचर्ड्स और ब्रायन लारा को विशेष आमंत्रण भेजा गया है। सीडब्ल्यूआई अध्यक्ष डॉ. किशोर शालो ने एक बयान में कहा, तुरंत प्रभाव से, मैंने क्रिकेट रणनीति और ऑफिशिएटिंग कमेटी के अध्यक्ष को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल की टेस्ट सीरीज, विशेष रूप से अंतिम मैच की समीक्षा हेतु आपात बैठक बुलाने की सलाह दी है। इस बैठक में पहले से ही शामिल पूर्व दिग्गज जैसे डॉ. शिवनारायण चंद्रपॉल, डॉ. डेसमंड हेन्स और इयान ब्रैडशॉ के साथ अब इन महान बल्लेबाजों की भी राय ली जाएगी। पूर्व स्पिनर दिनानाथ रामनाराइन ने बोर्ड की आलोचना करते हुए सोशल मीडिया पर एक तीखा लेख साझा किया है। उन्होंने लिखा, बोर्ड के सदस्य खुद को मनमाफिक वेतन देते हैं, खिलाड़ियों का चयन व्यक्तिगत निष्ठा के आधार पर होता है, और राष्ट्रीय टीम के प्रदर्शन को कोई महत्व नहीं दिया जाता। उन्होंने आगे कहा, जहां प्रशंसक खामोशी के साथ इस खेल से दूर होते जा रहे हैं, वहीं अधिकारी कुर्सियों से चिपके हुए हैं। हार के बाद भी कोई आत्मचिंतन नहीं, कोई जवाबदेही नहीं। रामनाराइन ने यह भी याद दिलाया कि यह वही प्रणाली है जिसकी वजह से वेस्टइंडीज को यूएसए जैसी टीम से 100 रन से हार का सामना करना पड़ा और अब 27 रन पर ऑल आउट होने जैसी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी है। सीडब्ल्यूआई अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह बैठक केवल प्रतीकात्मक नहीं है, ये वही लोग हैं जिन्होंने हमारे क्रिकेट के स्वर्णिम युग को परिभाषित किया है। उनकी दृष्टि हमारे क्रिकेट के भविष्य को आकार देने में बेहद उपयोगी होगी। हमारा उद्देश्य इस बैठक से ठोस और क्रियान्वयन योग्य सुझाव प्राप्त करना है। हालांकि बैठक कब और कहां होगी, इस पर आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। मगर इतना तय है कि वेस्टइंडीज क्रिकेट में यह एक बड़े बदलाव की शुरुआत हो सकती है।  

शुभमन गिल का खुलासा, उम्मीद नहीं थी किंग चार्ल्स लॉर्ड्स टेस्ट देखेंगे

नई दिल्ली भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात के अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि टीम को उम्मीद नहीं थी कि किंग चार्ल्स लॉर्ड्स टेस्ट मैच देखेंगे। भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने मंगलवार को लंदन स्थित ‘क्लेरेंस हाउस’ में किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की। इस दौरान किंग चार्ल्स ने जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत, शुभमन गिल समेत अन्य खिलाड़ियों से बातचीत की। किंग चार्ल्स तृतीय ने अपनी परंपरा निभाते हुए लंदन दौरे पर आई भारतीय क्रिकेट टीम का क्लेरेंस हाउस में स्वागत किया। यह एक दोस्ताना मुलाकात थी। किंग चार्ल्स तृतीय इंग्लैंड दौरे पर राष्ट्रमंडल क्रिकेट टीमों का स्वागत करने की परंपरा रखते हैं। राष्ट्रमंडल प्रमुख के रूप में मेहमानों की मेजबानी कर रहे किंग चार्ल्स ने भारतीय टीम से बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने भारत-इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच की झलकियां देखीं। इस मुकाबले में गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम को महज 22 रन से करीबी हार झेलनी पड़ी थी। गिल ने ‘बीसीसीआई’ के ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा, “किंग चार्ल्स बहुत दयालु और उदार हैं। उन्होंने हमसे बहुत अच्छी बातचीत की। उम्मीद नहीं थी कि वह हमारा मैच देखेंगे। किंग चार्ल्स ने बताया कि उन्होंने हमारे मुकाबले के आखिरी सेशन के कुछ अंश देखे। यह एक शानदार अनुभव था। हम इसके लिए बहुत आभारी हैं।” इस दौरान क्लेरेंस हाउस में इंग्लिश अभिनेता और संगीतकार इद्रिस एल्बा ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात की। इद्रिस एल्बा सेंट जेम्स पैलेस में आयोजित यूथ ऑपर्च्युनिटीज समिट के लिए लंदन पहुंचे थे। एल्बा ने भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इस मुलाकात के दौरान बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराइस्वामी भी मौजूद थे। शुक्ला ने किंग चार्ल्स को अपनी पुस्तक ‘स्कार्स ऑफ 1947’ भेंट की। राजीव शुक्ला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “ब्रिटेन के किंग चार्ल्स हम सभी से बहुत ही गर्मजोशी के साथ अपने घर पर मिले। वह खुशमिजाज व्यक्तित्व हैं। मुलाकात से पहले, उन्होंने हम सभी के बारे में काफी जानकारी इकट्ठा की थी।”  

शुभमन गिल समेत तीन भारतीय फिसले रैंकिंग में, जो रूट ने मारी बाज़ी

नई दिल्ली  इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार को टेस्ट प्लेयर्स की ताजा रैंकिंग जारी की है। इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने हमवतन हैरी ब्रूक से बादशाहत छीन ली है। रूट फिर से नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। उनके खाते में फिलहाल 888 रेटिंग अंक हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में शतक लगाने के अलावा 40 रनों की पारी खेली थी। ब्रूक ने पिछले हफ्ते रूट को पछाड़ा था लेकिन लॉर्ड्स में खराब प्रदर्शन (11, 23) के बाद अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। उनके 862 अंक हैं। न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज केन विलयमसन (867) दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, कप्तान शुभमन गिल समेत तीन भारतीय बल्लेबाजों को घाटा झेलना पड़ा है। गिल तीन स्थान लुढ़ककर नौवें पर आ गए हैं। उनके 765 अंक हैं। गिल ने लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट में कुल 22 रन बनाए। ओपनर यशस्वी जायसवाल (801) और विकेटकीपर ऋषभ पंत (779) को एक-एक पायदान का नुकसान हुआ। यशस्वी मैच में सिर्फ 13 रन बना सके। उनका दूसरी पारी में खाता नहीं खुला था। पंत ने पहली पारी में 74 रन जुटाए थे लेकिन दूसरी पारी में 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। भारत को लॉर्ड्स में 22 रनों से करीबी हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद इंग्लैंड पांच टेस्ट की सीरीज में 2-1 से आगे है। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (816) जमैका में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्ट में 48 रन की पारी खेलने के बाद एक स्थान ऊपर चढ़े। वह अब चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 204 रनों का टारगेट देने के बाद महज 27 रन पर ढेर कर दिया था। यह टेस्ट इतिहास का दूसरा लोएस्ट टोटल है। ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन 46 और 42 रन की पारी की बदौलत 16 स्थान की छलांग लगाकर 29वें स्थान पर पहुंच गए। जमैका में हैट्रिक लेने वाले कंगारू पेसर स्कॉट बोलैंड टेस्ट गेंदबाजों की सूची में करियर के सर्वश्रेष्ठ छठे स्थान पर आ गए हैं। वह पिंक टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज हैं। दूसरी ओर, तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क (9 रन देकर 6 विकेट) दमदार प्रदर्शन के बावजूद रैंकिंग में 10वें स्थान पर ही कायम हैं। हालांकि, बाएं हाथ के गेंदबाज के रेटिंग अंक बढ़कर 766 हो गए हैं। टॉप-10 गेंदबाजों में कुल पांच ऑस्ट्रेलिया के हैं। कप्तान पैट कमिंस तीसरे और जोश हेजलवुड चौथे स्थान पर बने हुए हैं। स्पिनर नाथन लियोन एक स्थान नीचे आठवें पर खिसक गए हैं। नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं। उनके 901 अंक हैं। बुमराह ने लॉर्ड्स में सात विकेट हासिल किए थे। उन्होंने पहली पारी में पंजा खोला था।  

पाकिस्तान की डोमेस्टिक क्रिकेट में सुधार, PCB ने पेश किया नया मॉडल

नई दिल्ली पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने अपने डोमेस्टिक क्रिकेट में बड़े बदलाव किए हैं। बोर्ड ने 2025-26 के घरेलू सत्र के लिए री-स्ट्रक्चर थ्री-टीयर डिपार्टमेंटल क्रिकेट फ्रेमवर्क का अनावरण किया, जो ग्रेड-III डिवीजन की शुरुआत के साथ एक ऐतिहासिक पहल है। अगस्त 2025 से मई 2026 तक चलने वाले इस नए स्ट्रक्चर में ग्रेड-I, ग्रेड-II और ग्रेड-III में प्रतिस्पर्धा करने वाली 40 से ज्यादा विभागीय टीमें शामिल हैं और प्रदर्शन को पुरस्कृत करने और डिवीजनों के बीच गतिशीलता सुनिश्चित करने के लिए एक स्पष्ट प्रमोशन और डिमोशन सिस्टम स्थापित किया गया है। ग्रेड-I विभाग नवंबर-दिसंबर में 50 ओवर के प्रेसिडेंट कप के साथ अपना अभियान शुरू करेंगे। इसके बाद प्रथम श्रेणी प्रेसिडेंट ट्रॉफी होगी, जिसका समापन जनवरी 2026 में होगा। दोनों टूर्नामेंटों में आठ शीर्ष स्तरीय टीमें शामिल होंगी, जिनमें गनी ग्लास, केआरएल, ओजीडीसीएल, पीटीवी, साहिर एसोसिएट्स, एसबीपी, एसएनजीपीएल और डब्ल्यूएपीडीए शामिल है। प्रेसिडेंट्स कप कुल में 31 लिस्ट ए (वनडे) मैच होंगे, जबकि प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में 29 रेड-बॉल मैच होंगे। निचली दो टीमों को ग्रेड-II में भेज दिया जाएगा, जबकि ग्रेड-II की शीर्ष दो टीमों को प्रमोशन मिलेगा और वे ग्रेड-I में पहुंच जाएंगी। ग्रेड-II में 14 टीमें होंगी, जिनमें 2024-25 प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-II के 12 शीर्ष प्रदर्शन करने वाली टीमें और ग्रेड-I की दो डिमोटेड टीमें शामिल होंगी। यह डिवीजन मार्च से मई 2026 तक तीन दिवसीय मैचों की मेजबानी करेगा। दूसरे टीयर में भाग लेने वाली टीमों में अहमद ग्लास, गनी इंस्टीट्यूट, जेडीडब्ल्यू शुगर मिल्स, किंग्समेन, एमआईटी सॉल्यूशंस, पीएएफ, पीएचए रावलपिंडी, पोर्ट कासिम, रेलवे, सरदार ग्रुप, वाइटल टी, विंग 999 स्पोर्ट्स, एचईसी और एशाल एसोसिएट्स टीम शामिल है। ग्रेड III एक नया एडिशन है, जो मार्च-अप्रैल 2026 में आयोजित होगा और इसमें दो दिवसीय मैच खेले जाएंगे। प्लेसमेंट का निर्धारण पिछले सीजन के ग्रेड-II प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। ग्रेड-III की शीर्ष दो टीमों को दूसरे ग्रेड में प्रमोट किया जाएगा, जबकि ग्रेड-II की निचली दो टीमों को रेलीगेट कर दिया जाएगा, जिससे प्रतिस्पर्धी चक्र पूरा हो जाएगा। पीसीबी ने ग्रेड-II टीमों के लिए एक अलग 50-ओवर टूर्नामेंट शुरू करने की योजना का भी खुलासा किया, जिससे घरेलू क्रिकेट का और विस्तार होगा। महिलाओं के खेल को मजबूत करने के अपने दृष्टिकोण के तहत, पीसीबी विभागों को महिला क्रिकेट टीमें बनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है, जिसके बारे में अधिक जानकारी बाद में दी जाएगी। पीसीबी के घरेलू क्रिकेट संचालन निदेशक, अब्दुल्ला खुर्रम नियाजी ने कहा, "विभागीय क्रिकेट लगातार तीसरे वर्ष हमारे घरेलू ढांचे की रीढ़ बना हुआ है। यह थ्री-टीयर सिस्टम एक रणनीतिक निवेश है जो योग्यता को पुरस्कृत करता है और 400 से अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर चमकने का एक मंच प्रदान करता है।"