samacharsecretary.com

श्रेयस अय्यर पर एक्शन, जीत के बावजूद लाखों का फटका पड़ा

मुल्लांपुर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के चौथे मुकाबले में 31 मार्च (मंगलवार) को पंजाब किंग्स (PBKS) ने गुजरात टाइटन्स (GT) पर 3 विकेट से जीत हासिल की. मुल्लांपुर के महाराज यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच में पंजाब किंग्स को जीत के लिए 163 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने पांच गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया।  पंजाब किंग्स की जीत के हीरो ऑस्ट्रेलिया के कूपर कोनोली रहे, जिन्होंने 5 छक्के और 5 चौके की मदद से 44 बॉल पर नाबाद 72 रन बनाए. बैटिंग ऑलराउंडर कोनोली का ये आईपीएल में डेब्यू मुकाबला था. अपने डेब्यू मैच में ही उन्होंने गदर काट दिया और 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए।  पंजाब किंग्स की गुजरात टाइटन्स पर जीत के बावजूद कप्तान श्रेयस अय्यर को स्लो ओवर रेट की वजह से भारी कीमत चुकानी पड़ी है. पंजाब किंग्स ने इस मैच के दौरान निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं किए. आईपीएल की आचार संहिता (Code of Conduct) के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह टीम की इस सीजन की पहली गलती थी. इसी के चलते पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेस अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।  श्रेयस अय्यर पर कब लग सकता है बैन? पंजाब किंग्स से अगर दूसरी बार इस सीजन में स्लो ओवर रेट का अपराध होता है, तो श्रेयस अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. साथ ही टीम के सदस्यों पर 6 लाख रुपये या या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया जाएगा. वहीं, अगर टीम तीसरी बार स्लो ओवर रेट की दोषी पाई जाती है, तो मामला और गंभीर हो जाएगा. ऐसे में कप्तान श्रेयस अय्यर पर एक मैच का बैन लगाया जाएगा।  श्रेयस अय्यर के लिए स्लो ओवर रेट का मामला नया नहीं है, वह इससे पहले भी इस गलती के लिए सजा झेल चुके हैं. पिछले सीजन में भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने श्रेयस अय्यर पर दो बार कार्रवाई की थी. पहली बार नियम तोड़ने पर उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था. हालांकि, इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ और दूसरी बार वही गलती दोहराने पर श्रेयस अय्यर को 24 लाख रुपये का भारी जुर्माना भरना पड़ा था।  अब आईपीएल 2026 में एक बार फिर स्लो ओवर रेट के कारण श्रेयस अय्यर पर जुर्माना लगा है. इससे यह साफ हो गया है कि यह समस्या लगातार उनके साथ जुड़ी रही है। 

48 टीमों के बीच छिड़ेगा फुटबॉल का विश्व युद्ध, अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा करेंगे मेजबानी, ग्रुप्स का हुआ ऐलान

दिल्ली करीब ढाई साल तक चले क्वालिफाइंग मैराथन के बाद आखिरकार 48 टीमों वाला फुटबॉल का सबसे बड़ा महाकुंभ तैयार हो गया. आखिरी टिकट इराक ने हासिल किया, जिसने मेक्सिको के मॉन्टेरी में खेले गए इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ में बोलीविया को 2-1 से हराया. इससे कुछ घंटे पहले ही यूरोपियन प्लेऑफ में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां बोस्निया एंड हर्जेगोविना ने चार बार की चैम्पियन इटली को पेनल्टी शूटआउट में हराकर बाहर कर दिया. यूरोप से आखिरी दिन 8 टीमें चार जगहों के लिए भिड़ीं, जिसमें स्वीडन, तुर्किये और चेकिया (Czechia- Czech Republic) ने जीत दर्ज कर वर्ल्ड कप में जगह बनाई. वहीं इंटरकॉन्टिनेंटल मुकाबले में कांगो ने एक्स्ट्रा टाइम में जमैका को हराकर क्वालिफाई किया. अब 11 जून से शुरू होने वाला यह मेगा टूर्नामेंट संयुक्त राज्य अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा. वर्ल्ड कप 2026 – ग्रुप्स ग्रुप A: चेकिया (Czech Republic), मेक्सिको, साउथ अफ्रीका और साउथ कोरिया ग्रुप B: कनाडा, बोस्निया, कतर और स्विट्जरलैंड ग्रुप C : ब्राजील, हैती, मोरक्को और स्कॉटलैंड ग्रुप D : तुर्किये, अमेरिका, पैराग्वे और ऑस्ट्रेलिया ग्रुप E : कुरासाओ, इक्वाडोर, जर्मनी और आइवरी कोस्ट ग्रुप F : स्वीडन, नीदरलैंड्स, जापान और ट्यूनीशिया ग्रुप G : बेल्जियम, मिस्र, ईरान और न्यूजीलैंड ग्रुप H : केप वर्डे, सऊदी अरब, स्पेन और उरुग्वे ग्रुप I : फ्रांस, नॉर्वे, सेनेगल और इराक ग्रुप J : अल्जीरिया, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रिया और जॉर्डन ग्रुप K : कोलंबिया, कांगो, पुर्तगाल और उज्बेकिस्तान ग्रुप L : क्रोएशिया, इंग्लैंड, घाना और पनामा 7 सितंबर 2023 से शुरू हुआ यह लंबा क्वालिफाइंग सफर अब खत्म हो चुका है और दुनिया की 48 सर्वश्रेष्ठ टीमें अब खिताब की जंग के लिए तैयार हैं.

नेहरा जी की रणनीति पर फिरा पानी, 3 करोड़ी कोनोली ने पंजाब को जिताया हारा हुआ मैच, शुभमन गिल की मेहनत बेकार

न्यू चंडीगढ़ पंजाब किंग्स ने अपने पहले आईपीएल मैच में 1 मार्च को गुजरात टाइटन्स को 3 विकेट से हरा दिया. यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर  में खेला गया. आईपीएल 2026 का यह मैच नंबर 4 था. गुजरात टाइटन्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 162 रन बनाए. टीम के लिए शुभमन गिल ने 39, जोस बटलर ने 38, ग्लेन फिलिप्स ने 25 और वॉशिंगटन सुंदर ने 18 रन बनाए. पंजाब की ओर से विजयकुमार वैशाख ने 3 विकेट, युजवेंद्र चहल ने 2 और मार्को जानसेन जानसन ने 1 विकेट लिया. जवाब में पंजाब किंग्स ने 19.1 ओवर में 165 रन बनाकर मैच जीत लिया. कूपर कोनोली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में नाबाद 72 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई. उनकी 44 गेंदों की पारी में 5 चौके और 5 छक्के शाम‍िल रहे. कुल म‍िलाकर कोनोली की पारी ने ही पंजाब की जीत की कहानी लिखी, क्योंकि एक समय ऐसा लग रहा था कि मैच गुजरात के पाले में भी जा सकता है, वह अंत तक ट‍िके रहे और अपनी टीम को जीत द‍िलाकर ही नाबाद पवेल‍ियन लौटे. एक समय पंजाब किंग्स का स्कोर 83/1 था, फ‍िर 118/6 हो गया. लेकिन कूपर कोनोली ने अपनी बल्लेबाजी अंत तक डटे रहे. अंत में आए मार्को जानसेन ने 10 गेंदों पर 9 और जेव‍ियर बार्टलेट ने 5 गेंदों 11 रन बनाकर  नॉट आउट लौटे. जो पंजाब की जीत में अहम साब‍ित हुआ. जब पंजाब के 118/6 विकेट ग‍िरे तो लगा गुजरात की टीम के हेड कोच आशीष नेहरा की रणनीत‍ि रंग लाने वाली है, लेकिन कोनोली के इरादे कुछ और ही थे. कोनोली ने कुल म‍िलाकर नेहरा जी की सारी रणनीत‍ि पर पानी फेर द‍िया.    कौन हैं कूपर कोनोली कूपर कोनोली को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का ख‍िताब दिया गया. उनका यह आईपीएल डेब्यू मैच था. वह 22 साल के हैं  और उनको पंजाब की टीम ने 3 करोड़ रुपए की कीमत में अपनी टीम में शामिल किया था. ऑस्ट्रेल‍िया के पर्थ में में 22 अगस्त 2003 को उनका जन्म हुआ था. कोनोली बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और थोड़ा बहुत बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाज़ी भी करते हैं. वह ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी शॉन मार्श को अपना आदर्श मानते हैं. अपने टीनएज दिनों से ही उन्हें भविष्य का स्टार माना जाता था और उन्होंने 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया टीम की कप्तानी भी की थी. उन्हें असली पहचान 2022-23 बिग बैश लीग फाइनल में मिली, जब उन्होंने सिर्फ अपने दूसरे T20 मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए पर्थ स्कॉर्चर्स को खिताब जिताया. इसके बाद 2023-24 शेफील्ड शील्ड फाइनल में भी उन्होंने अपने पहले फर्स्ट-क्लास मैच में 90 रन बनाकर सबको प्रभावित किया. हालांकि चोट के कारण उनका डेब्यू थोड़ा देर से हुआ. कम अनुभव के बावजूद उन्हें 2024 में स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर वनडे और T20 टीम में चुना गया, जहां उन्होंने डेब्यू किया. इसके बाद उन्होंने 2024-25 सीजन की शुरुआत में इंडिया A के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया A के लिए भी खेला. पाकिस्तान के खिलाफ एक वनडे मैच में अंगूठा टूटने के कारण वह कुछ समय के लिए बाहर हो गए, लेकिन वापसी के बाद उन्होंने बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने नंबर 3 और 4 पर बल्लेबाज़ी करते हुए 50 से ज्यादा की औसत से रन बनाए. इसके बावजूद श्रीलंका दौरे के लिए टेस्ट टीम में उनका चयन थोड़ा चौंकाने वाला था. लेकिन उनकी बल्लेबाज़ी के साथ-साथ लेफ्ट-आर्म स्पिन को देखते हुए कप्तान स्टीव स्मिथ ने उनके चयन का समर्थन किया. कूपर कोनोली के लिए सब कुछ बहुत तेजी से हुआ. सिर्फ 5 महीनों (सितंबर 2024 से जनवरी 2025) के अंदर उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में डेब्यू कर लिया. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ गाले में अपना पहला टेस्ट मैच खेला, वो भी अपने सिर्फ चौथे फर्स्ट-क्लास मैच के तौर पर था. कूपर कोनोली का इंटरनेशनल क्रिकेट कर‍ियर     1 टेस्ट, 4 रन, 0 विकेट     8 वनडे, 94 रन, 6 विकेट     11 टी20, 28 रन , 3 विकेट  

चार बार की वर्ल्ड चैंपियन इटली का टूटा गुरूर, बोस्निया से मिली शर्मनाक हार, मेक्सिको-कनाडा का सपना चकनाचूर

नई दिल्ली चार बार की वर्ल्ड चैम्पियन इटली के लिए यह हार सिर्फ एक मैच का नतीजा नहीं, बल्कि एक युग के ढहने जैसा है. बोस्निया एंड हर्जेगोविना ने जेनिका (Zenica,  Bosnia and Herzegovina)) में खेले गए प्लेऑफ फाइनल में पेनल्टी शूटआउट में हराकर इटली को लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया. मैच की शुरुआत इटली के पक्ष में रही, जब मोइस कीन ने शुरुआती बढ़त दिलाई. लेकिन खेल ने करवट तब ली, जब डिफेंडर एलेसेंड्रो बास्टोनी को रेड कार्ड दिखा दिया गया. 10 खिलाड़ियों के साथ जूझती इटली पर दबाव बढ़ता गया और 79वें मिनट में हारिस ताबाकोविच ने बराबरी का गोल दाग दिया. एक्स्ट्रा टाइम में भी कोई गोल नहीं हुआ और मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक जा पहुंचा. यहां इटली के पियो एस्पोसिटो और ब्रायन क्रिस्टांटे अपने मौके चूक गए, जबकि अमेरिका में जन्मे एस्मीर बाजराक्तारेविच ने निर्णायक पेनल्टी ठोककर बोस्निया को ऐतिहासिक जीत दिला दी. हार के बाद इटली के डिफेंडर लियोनार्डो स्पिनजोला ने कहा, 'हमें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि हम बाहर हो गए. यह सिर्फ हमारे लिए नहीं, उन बच्चों के लिए भी दर्दनाक है, जिन्होंने कभी इटली को वर्ल्ड कप में खेलते नहीं देखा.' यह हार इटली के लिए और भी कड़वी इसलिए है क्योंकि इससे पहले वे स्वीडन के खिलाफ भी प्लेऑफ में हारकर बाहर हो चुके हैं. आखिरी बार इटली ने 2006 में FIFA World Cup Final 2006 में फ्रांस को हराकर खिताब जीता था. कोच जेनारो गट्टूसो (Gennaro Gattuso) के भविष्य पर भी अब सवाल उठने लगे हैं. उन्होंने हार के बाद कहा, 'आज मेरे भविष्य की बात मायने नहीं रखती, हम वर्ल्ड कप में पहुंचना चाहते थे और असफल रहे.' दूसरी ओर, बोस्निया अब अपने इतिहास का दूसरा वर्ल्ड कप खेलेगा. 2014 के बाद यह उनका दूसरा मौका होगा, जहां वे ग्रुप स्टेज में कनाडा, कतर और स्विट्ज़रलैंड के साथ भिड़ेंगे. यूरोपियन प्लेऑफ के अन्य मुकाबलों में स्वीडन और तुर्किये ने भी क्वालिफाई किया, जबकि चेकिया (Czechia- Czech Republic) ने पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज कर लंबे इंतजार के बाद वर्ल्ड कप में वापसी की.

IPL 2026: पंजाब किंग्स ने चहल, वैशाख और कोनोली की ताबड़तोड़ खेल से गुजरात को किया पस्त

न्यू चंडीगढ़ IPL (इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग) 2026 के चौथे मुकाबले में मंगलवार (31 मार्च) को गजब का रोमांच देखने को मिला. जहां जीत अंतत: पंजाब किंग्स को को मिली. मैच में एक स्थ‍ित‍ि तो ऐसी लग रही थी कि गुजरात टाइटन्स और पंजाब किंग्स में पता नहीं कौन जीतेगा? लेकिन  पंजाब के कूपर कोनोली अंत तक ट‍िके रहे और अपनी टीम को जीत द‍िलाकर ही दम ली।   कुल म‍िलाकर पंजाब की जीत के सबसे बड़े हीरो कूपर कोनोली (Cooper Connolly) की शानदार नाबाद पारी (72, 44 गेंद, 5 चौके और 5 छक्के) रही. ज‍िसकी बदौलत पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स (Gujarat Titans) को तीन विकेट से हराकर आईपीएल 2026 में जीत के साथ आगाज किया।   मैच में पहले गेंदबाजी करने का फैसला पंजाब के लिए सही साबित हुआ. अनुशासित गेंदबाज़ी के दम पर टीम ने गुजरात को 20 ओवर में 162/6 पर रोक दिया।  अपने-अपने 4 ओवर्स में विजयकुमार वैशाख (3/34), युजवेंद्र चहल (2/28) और मार्को जानसेन (1/20) ने कमाल की गेंदबाजी. गुजरात के लिए कप्तान शुभमन ग‍िल (39) और जोस बटलर (38) ने अच्छी शुरुआत दी, जबकि ग्लेन फ‍िल‍िप्स (25) और वॉश‍िंगटन सुंदर (18) ने योगदान दिया, लेकिन टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत उतनी मजबूत नहीं रही, लेकिन कोनोली ने एक छोर संभालकर रखा. उन्होंने 44 गेंदों में नाबाद 72 रन बनाते हुए टीम को 19.1 ओवर में 165/7 तक पहुंचा दिया और जीत दिलाई. कुल म‍िलाकर कोनोली की पारी ही एक्स फैक्टर साब‍ित हुई.  गुजरात की ओर से प्रस‍िद्ध कृष्णा (3/29), राश‍िद खान (1/29) और वॉश‍िंगटन सुंद (1/27) ने विकेट लिए, लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सके।  गुजरात ने ऐसे किया मैच रोमांचक  एक समय रनचेज के दौरान पंजाब किंग्स का स्कोर 83/1 था, फ‍िर 118/6 हो गया. लेकिन कूपर कोनोली ने अपनी बल्लेबाजी अंत तक डटे रहे. अंत में आए मार्को जानसेन ने 10 गेंदों पर 9 और जेव‍ियर बार्टलेट ने 5 गेंदों 11 रन बनाकर  नाबाद लौटे. जो पंजाब की जीत में अहम साब‍ित हुआ।  म‍िड‍िल ओवर्स में चहल की कमाल की गेंदबाजी  अनुभव और चतुराई का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए युजवेंद्र चहल ने मिडिल ओवर्स में शानदार गेंदबाज़ी की, जिससे गुजरात को 162/6 के स्कोर पर रोका जा सका।  चहल ने अपने चार ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट झटके, वहीं वैशाख व‍िजयकमार ने 3/34 के आंकड़े के साथ अहम योगदान दिया. गुजरात ने पहले तीन ओवर में 35 रन तक पहुंचाया।  इसके बाद पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजी में बदलाव करते हुए मार्को जानसेन को आक्रमण पर लगाया, और यह फैसला तुरंत कारगर साबित हुआ. जानसेन ने साई सुदर्शन (13) को मिड-ऑफ पर कैच कराकर टीम को पहली सफलता दिलाई।  इसके बाद क्रीज़ पर आए जोस बटलर ने कुछ शानदार शॉट्स लगाए. उन्होंने कवर ड्राइव और कट शॉट के जरिए रन बटोरे और एक छक्का भी जड़ा. पावरप्ले के अंत तक गुजरात का स्कोर 54/1 था।  मिडिल ओवर्स में मैच का रुख बदला. चहल, जिनका गिल के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड रहा है, उन्होंने एक बार फिर उन्हें अपना शिकार बनाया. गिल ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद बाउंड्री पार नहीं कर पाई और डीप मिडविकेट पर कैच आउट हो गए.  इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने जरूर कुछ बड़े शॉट लगाए, लेकिन पंजाब के गेंदबाज़ों ने दबाव बनाए रखा. धीरे-धीरे रन गति पर अंकुश लग गया और गुजरात की टीम 162/6 तक ही पहुंच सकी.  पंजाब किंग्स ने बीच के ओवरों में शानदार वापसी करते हुए मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली, जहां चहल और वैशाख की भूमिका निर्णायक रही।   

चैंपियन आरसीबी में आया ठहराव, क्रुणाल बोले- हमें अपनी भूमिकाओं का पता, कोहली का जुनून है मिसाल

नई दिल्ली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के क्रुणाल पांड्या का कहना है कि टीम में पिछले साल की तुलना में ठहराव आया है। खिलाड़ियों को इस सत्र में अपनी भूमिकाओं के बारे में बखूबी पता है। विराट कोहली को लेकर उन्होंने कहा कि वह किसी भी पीढ़ी में पैदा होते तो महान खिलाड़ी ही होते। विराट कोहली किसी भी पीढ़ी में पैदा होते, महानतम खिलाड़ियों में ही होते: क्रुणाल पांड्या रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या का कहना है कि टीम में पिछले साल की तुलना में ठहराव आया है। खिलाड़ियों को इस सत्र में अपनी भूमिकाओं के बारे में बखूबी पता है। विराट कोहली को लेकर उन्होंने कहा कि वह किसी भी पीढ़ी में पैदा होते तो महान खिलाड़ी ही होते। आरसीबी ने 2025 में 18 साल में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग खिताब जीता था और पंजाब किंग्स के खिलाफ फाइनल में क्रुणाल प्लेयर ऑफ द मैच थे जिन्होंने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिये थे। आरसीबी ने मैच छह रन से जीता था। क्रुणाल ने टीम द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘मेरा मानना है कि इस साल अधिक ठहराव आया है। पिछले साल यह नयी टीम थी और सभी एक दूसरे को समझ रहे थे। इस साल खिलाड़ियों को अपनी भूमिका, एक दूसरे की ताकत और कमजोरी बखूबी पता है।’ उन्होंने कहा, ‘जब मैं बड़े मौकों पर खेलता हूं तो मुझे लगता है कि अगर भगवान आपको यहां तक लाये हैं तो कोई कारण होगा और मुझे लगता है कि ये बड़े मौके मेरे लिये ही बने हैं। मुझे दबाव महसूस होता है लेकिन मैं सोचता हूं कि कैसे शांतचित रहूं और जरूरत के मुताबिक खेलूं।’ उन्होंने विराट कोहली का उदाहरण देते हुए कहा, ‘विराट अच्छा उदाहरण हैं। आप उसकी जीत की भूख और जुनून देख सकते हैं। विराट कोहली किसी भी पीढ़ी में पैदा होते, वह महानतम खिलाड़ियों में ही होते। उनका किसी और से मुकाबला ही नहीं है।’ डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने आईपीएल 2026 की शुरुआत जीत के साथ की है। 28 मार्च को हुए उद्घाटन मैच में उसने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से शिकस्त दी थी। एसआरएच ने जीत के लिए 202 रन का लक्ष्य दिया था लेकिन आरसीबी ने सिर्फ 15.4 ओवर में ही 4 विकेट खोकर उस लक्ष्य को हासिल कर लिया। आरसीबी की तरफ से इस मैच में विराट कोहली ने सिर्फ 38 गेंदों में 69 रनों की शानदार नाबाद पारी खेली थी। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और इतने ही छक्के जड़े थे। वह अपनी टीम की तरफ से टॉप स्कोरर रहे थे। उनके अलावा देवदत्त पड्डीकल ने तो अपनी बल्लेबाजी से कहर की बरपा दिया था। उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में 61 रन की जबरदस्त पारी खेली थी जिसमें 7 चौखे और 4 छक्के लगाए थे। रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु का अब अगला मुकाबला 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स से अपने ही होमग्राउंड बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में है। उसके बाद वह अपना तीसरा मैच खेलने के लिए गुवाहाटी जाएगी जहां उसका राजस्थान रॉयल्स के साथ 10 अप्रैल को मुकाबला है। वहां से आरसीबी की टीम मुंबई पहुंचेगी जहां 12 अप्रैल को वानखेड़े मैदान में उसका मुंबई इंडियंस से मैच है।

वैभव सूर्यवंशी पर भिड़े दिग्गज, माइकल वॉन चाहते हैं जल्द डेब्यू, अश्विन ने दी धैर्य रखने की सलाह

दिल्ली इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन का मानना है कि भारत को इस साल जुलाई में होने वाले इंग्लैंड दौरे के लिए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को व्हाइट-बॉल टीम में शामिल करने पर विचार करना चाहिए. वॉन ने यह बयान तब दिया जब सूर्यवंशी ने गुवाहाटी में आईपीएल 2026 के मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ केवल 15 गेंदों में फिफ्टी जड़ दी. हालांकि, अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर एक अलग ही राय दी और कहा कि उसे अभी समय देना चाहिए. अगर वॉन के विचारों पर अमल किया जाता है और वैभव को टीम इंडिया में जगह मिलती है तो वह भारत के लिए पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन सकते हैं. फिलहाल यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 1989 में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल और 205 दिन की उम्र में डेब्यू किया था.  क्या बोले माइकल वॉन वॉन ने कहा कि सूर्यवंशी को जल्द से जल्द भारतीय टीम के माहौल से परिचित कराया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, मैं थोड़ा आगे की सोच रहा हूं और मुझे पता है कि शायद हम बहुत जल्दी निष्कर्ष निकाल रहे हैं क्योंकि यह आईपीएल की सिर्फ पहली पारी है. लेकिन कुछ महीनों में इंग्लैंड का व्हाइट-बॉल दौरा आने वाला है और अगर मैं भारतीय क्रिकेट के फैसले लेने वालों में होता, तो मैं उसे उस दौरे पर जरूर ले जाता. उन्होंने आगे कहा कि मैं यह नहीं कह रहा कि वह सीधे प्लेइंग इलेवन में आ जाए क्योंकि टीम में पहले से खिलाड़ी मौजूद हैं. लेकिन उसे भारतीय सेटअप में लाना और उस माहौल से परिचित कराना जरूरी है. अगर उसे एक-दो मैच खेलने का मौका मिल जाए तो शानदार होगा, लेकिन सबसे जरूरी है कि उसे उस दौरे पर ले जाया जाए. लेकिन अश्विन ने दी ये सलाह हालांकि, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने इस मामले में धैर्य बरतने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी को अपने तरीके से विकसित होने देना चाहिए और उस पर जल्दबाजी में दबाव नहीं डालना चाहिए. अश्विन ने कहा, उसे ऐसा लक्ष्य मत दीजिए. वह अभी कोई बड़ा खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक बच्चा है. अगर MS Dhoni 45 साल तक खेल सकते हैं और अगर सूर्यवंशी 40 साल तक भी खेलता है, तो उसके पास क्रिकेट में ढाई दशक बाकी हैं. उसे अकेला छोड़ दीजिए, सही समय आने पर वह खुद आगे आएगा. उन्होंने आगे कहा, “वह इतना अच्छा खिलाड़ी है कि भारत के लिए खेले बिना नहीं रह सकता. वह एक दिन जरूर खेलेगा. लेकिन कब खेलेगा, इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है. हम हमेशा इतनी जल्दी में क्यों रहते हैं?” जहां एक तरफ सूर्यवंशी के भारत के लिए खेलने की चर्चा शुरू हो चुकी है, वहीं दूसरी तरफ वह फिलहाल अपनी फॉर्म को जारी रखने पर ध्यान देंगे. राजस्थान रॉयल्स का अगला मुकाबला 3 अप्रैल को Punjab Kings के खिलाफ होगा.

सनशाइन डबल 2026,यानिक सिनर और आर्यना सबालेंका ने रचा इतिहास, तोड़े कई पुराने रिकॉर्ड

मियामी सिनर ने एटीपी मास्टर्स 1000 स्तर पर लगातार 34 सेट जीतकर अपना शानदार रिकॉर्ड भी बढ़ाया, जो पिछले साल के पेरिस मास्टर्स की शुरुआत से जारी है। एटीपी विन/लॉस इंडेक्स के मुताबिक, इस सीजन में उनका रिकॉर्ड 19-2 हो गया है। विस्तार इटली के स्टार टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने मियामी ओपन का खिताब जीत लिया  फाइनल मुकाबले में चेक गणराज्य के जिरी लेहेका को 6-4, 6-4 से हराया। इस जीत के साथ ही सिनर ने 'सनशाइन डबल' भी पूरा किया।  सिनर फाइनल में जिरी लेहेका को 6-4, 6-4 से हराकर 2017 में रोजर फेडरर के बाद एक ही सीजन में इंडियन वेल्स और मियामी जीतने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए। इसके अलावा, सिनर दोनों इवेंट्स में एक भी सेट गंवाए बिना यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी हैं। 24 साल के सिनर ने अपने करियर में पहली बार इंडियन वेल्स जीता और ‘सनशाइन डबल’ जीतने वाले आठवें पुरुष खिलाड़ी बने। नोवाक जोकोविच और फेडरर ने कई मौकों पर यह उपलब्धि हासिल की है। जिम कूरियर (1991), माइकल चांग (1992), पीट सम्प्रास (1994), मार्सेलो रियोस (1998), आंद्रे अगासी (2001), रोजर फेडरर (2005-06) और नोवाक जोकोविच (2011, 2014-16) वो खिलाड़ी रहे हैं, जिन्होंने सिनर से पहले सनशाइन डबल पूरा किया है। इस खास उपलब्धि को हासिल करने के बाद सिनर ने कहा, 'यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में मैंने कभी (जीतने) नहीं सोचा होगा, क्योंकि इसे हासिल करना मुश्किल है। मैं अपनी इस उपलब्धि से बेहद खुश हूं।' सिनर ने एटीपी मास्टर्स 1000 स्तर पर लगातार 34 सेट जीतकर अपना शानदार रिकॉर्ड भी बढ़ाया, जो पिछले साल के पेरिस मास्टर्स की शुरुआत से जारी है। एटीपी विन/लॉस इंडेक्स के मुताबिक, इस सीजन में उनका रिकॉर्ड 19-2 हो गया है। सबालेंका महिलाओं में बनीं चैंपियन शनिवार को महिला मियामी ओपन का खिताब आर्यना सबालेंका ने जीता। उन्होंने भी सिनर की तरह अपना 'सनशाइन डबल' पूरा किया। यह महज चौथी बार है जब एटीपी खिलाड़ी और डब्ल्यूटीए खिलाड़ी ने एक ही साल में सनशाइन डबल पूरा किया है। सबसे पहली बार यह कारनामा साल 1994 में हुआ था। सैम्प्रास और स्टेफी ग्राफ ने इंडियन वेल्स और मियामी ओपन में जीत हासिल की थी। वहीं, 2005 में फेडरर और किम क्लिस्टर्स ने यह खास उपलब्धि हासिल की थी, जबकि 2016 में जोकोविच और विक्टोरिया अजारेंका ने 'सनशाइन डबल' पूरा किया था। एटीपी रैंकिंग में सिनर अब कार्लोस अल्काराज से 1,190 प्वाइंट पीछे हैं। दूसरी ओर, 24 वर्षीय लेहेका अपने करियर के पहले एटीपी मास्टर्स 1000 फाइनल में पहुंचे थे।  

इकाना स्टेडियम में 1 अप्रैल को पहला मुकाबला, 1000 रुपये से शुरू है टिकट की कीमत

लखनऊ  इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें संस्करण की शुरुआत तो हो चुकी है, लेकिन इकाना स्टेडियम में पहला मुकाबला एक अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। इस हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैच होने में अभी तीन दिन का समय बचा है, पर शनिवार दोपहर 12 बजे तक करीब 60 प्रतिशत से अधिक टिकट बिक चुके हैं, जिससे यह साफ है कि उद्घाटन मुकाबले में ही इकाना स्टेडियम जबर्दस्त भीड़ जुटने वाली है। टिकट की कीमतें आम दर्शकों के लिए करीब 1000 रुपये से शुरू होकर सुपर जायंट्स लाउंज की 40 हजार रुपये तक रखी गई हैं, जिससे हर वर्ग के दर्शकों को मैच के लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। खास मुकाबला, बढ़ी दिलचस्पी यूपीसीए के सीईओ अंकित कपूर के अनुसार, यह मैच कई कारणों से खास माना जा रहा है। एक तरफ लखनऊ की टीम अपने घरेलू मैदान पर मजबूत शुरुआत करना चाहेगी, वहीं दिल्ली कैपिटल्स भी नए सीजन में जीत के साथ आगाज करने के इरादे से उतरेगी। क्रिकेट प्रेमियों के बीच इस मुकाबले को लेकर उत्साह का एक बड़ा कारण स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी और सीजन का पहला मैच होना भी है। मैच से पहले बचे हुए टिकट भी जल्द ही बिक सकते हैं और मुकाबले के दिन स्टेडियम खचाखच भरने की पूरा संभावना है। उन्होंने बताया कि प्रशासन के साथ मिलकर दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पार्किंग, एंट्री-एग्जिट और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी प्लान तैयार किया गया है, ताकि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो। टिकटों की तेज बिक्री इस बात का भी संकेत है कि लखनऊ एक बार फिर क्रिकेट के रंग में रंगने जा रहा है। पिछले सीजनों की तरह इस बार स्टेडियम हाउसफुल रहने वाला है। स्टेडियम परिसर में दो टिकट काउंटर यूपीसीए के मुताबिक, मैच से पहले दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में दो ऑफलाइन टिकट काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां शनिवार से टिकट बिक्री शुरू कर दी गई है। इन काउंटरों पर दर्शक सीधे पहुंचकर टिकट खरीद सकेंगे। दो अलग-अलग काउंटर बनाए जाने का मकसद भीड़ को नियंत्रित करना और लंबी कतारों से बचाना है।

LSG vs DC मुकाबला, शहीद पथ पर दोपहर 2 बजे से ट्रैफिक बदलाव, जानें वैकल्पिक रास्ते

लखनऊ आईपीएल 2026 के लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल के बीच बुधवार को लखनऊ के एकाना स्टेडियम में होने वाले मैच को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है. बुधवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मुकाबले के कारण शहीद पथ और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दोपहर दो बजे से मैच समाप्त होने तक शहीद पथ पर विशेष यातायात व्यवस्था रहेगी. शाम 7:30 बजे से मैच शुरू होने वाला है. इस दौरान भारी वाहन, कमर्शियल वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा जैसे वाहनों को शहीद पथ पर प्रतिबंधित कर दिया जाएगा. एकाना स्टेडियम के आस-पास रूट डायवर्जन लागू, शहीद पथ पर इन गाड़ियों की नो एंट्री लखनऊ में आईपीएल मैच की वजह से रूट डायवर्जन यह ट्रैफिक डायवर्जन बुधवार दोपहर 2 बजे से मैच खत्म होने तक लागू होगा. इसकी वजह से शहीद पथ और एकाना स्टेडियम के आसपास की सड़कें प्रभावित रहेंगी. इस दौरान भारी वाहन, कमर्शियल वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा शहीद पथ पर नहीं चल सकेंगे. ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का सुझाव दिया है. आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे मैच वाले दिन इन इलाकों से बचकर यात्रा करें और पहले से ही अपनी रूट प्लानिंग कर लें. मैच के दौरान स्टेडियम की ओर आने वाले दर्शकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए ये व्यवस्थाएं की हैं. स्टेडियम परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, लेकिन आसपास की सड़कों पर अनावश्यक रुकावट से बचने की सलाह दी जा रही है. कोई भी इमरजेंसी या यातायात संबंधी समस्या होने पर नागरिक 9454405155 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. पुलिस टीम लगातार निगरानी रखेगी और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त डायवर्जन लागू करेगी. ट्रैफिक पुलिस ने सभी लखनऊवासियों से अनुरोध किया है कि वे मैच के दिन सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें और व्यक्तिगत वाहनों का उपयोग सीमित रखें. इससे न सिर्फ जाम की स्थिति नियंत्रित रहेगी, बल्कि दर्शकों को स्टेडियम पहुंचने में भी आसानी होगी. यहां डायवर्जन लागू सुलतानपुर रोड पर वाहन अमूल तिराहा से डायवर्ट होंगे और अर्जुनगंज कैंट की तरफ से आ रहे वाहन कटाई पुल से. इसके अलावा रोडवेज की तरफ से जारी डायवर्जन प्लान प्राइवेट बसें भी सख्ती से पालन करेंगी. अर्जुनगंज की तरफ से आने वाली ई-रिक्शा/आटो अहिमामऊ से बायीं मुड़कर पीएचक्यू, यूपी-112 , मातृत्व अस्पताल के पीछे वाली सड़क पर सवारी उतारेंगे एवं पीएचक्यू के सामने से होते हुए जी-20 तिराहे से गोमती नगर की तरफ जाएंगे. सुलतानपुर रोड से आने वाले आटो/ई-रिक्शा बायें मुड़कर लुलु माल की तरफ जाकर सवारी उतारेंगे. किसी भी दशा में अहिमामऊ से 500 मी की परिधि में सवारी न उतारेंगे न बैठाएंगे.