samacharsecretary.com

Prabhas की ‘Spirit’ से टकराव में Salman Khan की SVC63 को 50 करोड़ ओपनिंग का झटका?

Prabhas की Spirit की वजह से Salman Khan की SVC63 कौन सा रिकॉर्ड बनाने से चूक जाएगी? Saif Ali Khan और Saurabh Dwivedi की Kartavya का Trailer कैसा है? क्या Akshay Kumar Salaam-E-Ishq 2 करने वाले हैं? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें: 'स्पिरिट' के चलते 50 करोड़ भी नहीं कमा पाएगी SVC63? प्रभास की 'स्पिरिट' और सलमान खान की SVC63 आसपास ही रिलीज़ होंगी. 'स्पिरिट' 5 मार्च को आएगी और SVC63 9 या 10 मार्च को. क्योंकि इन्हीं दिनों पर ईद पड़ रहा है. दोनों के बीच क्लैश तय है. और इसका असर दोनों ही फिल्मों के बिज़नेस पर होगा. हालांकि 'स्पिरिट' को सलमान की फिल्म से पहले रिलीज़ होने का अडवांटेज मिलेगा. SVC63 को भी ईद की छुट्टी का फायदा होगा. मगर प्रभास-वांगा के कॉम्बिनेशन की हाइप हिंदी बेल्ट में तगड़ी बन चुकी है. और ये SVC63 की ओपनिंग पर असर डालेगा. कोईमोई के मुताबिक सलमान की फिल्म में 50 करोड़ की ओपनिंग का पोटेंशियल तो है, मगर वो ये कमाई करने से चूक जाएगी. इसकी पहली वजह तो फिल्म का मिड वीक रिलीज़ है. 'स्पिरिट' शुक्रवार को रिलीज़ हो रही है. 6 मार्च को शनिवार के साथ महाशिवरात्रि भी है. वीकेंड और हॉलीडे का फायद 'स्पिरिट' को मिलेगा. जबकि सलमान की फिल्म मंगलवार या बुधवार को आएगी. दूसरा पहलू है स्क्रीन काउंट. SVC63 को स्क्रीन्स तो शेयर करनी ही पड़ेंगी. लिहाज़ा इसके लिए अपना फुल पोटेंशियल शुरुआती हफ्ते में दिखाना मुश्किल होगा. और इन्हीं सब समीकरणों को देखते हुए ट्रेड का मानना है, कि सलमान की फिल्म का 50 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेने का टार्गेट इस बार भी अधूरा रह जाएगा. 'टाइगर 3' इस आंकड़े के सबसे करीब पहुंची थी. मगर ये भी 44.5 करोड़ रुपये पर सिमट गई थी.  मैट रीव्स की 'दी बैटमैन 2' का शूट शुरू मैट रीव्स ने 'दी बैटमैन 2' की शूटिंग शुरू कर दी है. आज 8 मई की सुबह उन्होंने सोशल मीडिया पर शूट की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं. कैप्शन में लिखा, 'स्नो टायर्स'. फिल्म में ब्रूस वेन यानी बैटमैन का रोल रॉबर्ट पैटिन्सन कर रहे हैं. हार्वी डेंट के कैरेक्टर में सेबेस्टियन स्टैन नज़र आएंगे. स्कारलेट जोहैन्सन, हार्वी की पत्नी और चार्ल्स डांस, बैटमैन के दुश्मन हार्वी डेंट के पिता का रोल कर रहे हैं. ये फिल्म 1 अक्टूबर 2027 को रिलीज़ होगी.  सैफ़ अली खान की 'कर्तव्य' की ट्रेलर आया सैफ़ अली खान स्टारर फिल्म 'कर्तव्य' का ट्रेलर आया है. सैफ़ इसमें पुलिस ऑफिसर के रोल में हैं. नाम है पवन मलिक. ट्रेलर में दिखाया गया है कि एक जर्नलिस्ट जिसकी उसे हिफ़ाज़त करनी थी, उसकी हत्या कर दी गई है. हर कोई उसे कोस रहा है. इधर उसके घर में भी हालात ठीक नहीं हैं. ट्रेलर में वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी की झलक भी दिखी. वो इस फिल्म में अनंत श्री नाम के बाहुबली के किरदार में हैं. और फिल्म के विलन हैं. संजय मिश्रा, रसिका दुग्गल और मनीष चौधरी भी इसमें ज़रूरी किरदारों में हैं. पुलकित के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 15 मई को नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर होगी. 'रागिनी 3' में नरगिस फाखरी की एंट्री 'रागिनी MMS' फ्रैंचाइज़ की तीसरी फिल्म बनने जा रही है. टाइटल है 'रागिनी 3'. तमन्ना भाटिया और जुनैद खान के बाद अब इसमें नरगिस फाखरी को भी कास्ट कर लिया है. बॉक्स ऑफिस वलर्डवाइड के मुताबिक नरगिस इस फिल्म में पुलिस ऑफिसर का रोल करेंगी. इसे शशांक घोष डायरेक्ट कर रहे हैं. सलमान-अक्षय की 'सलाम-ए-इश्क़' का सीक्वल बनेगा साल 2007 की फिल्म 'सलाम-ए-इश्क़' के सीक्वल की ख़बरें हैं. वैरायटी इंडिया के मुताबिक डायरेक्टर निखिल आडवाणी ने इसकी कास्टिंग भी शुरू कर दी है. अक्षय कुमार का नाम तय हो चुका है. मगर पिंकविला की रिपोर्ट में इस खबर का खंडन किया गया है. इस रिपोर्ट में बताया गया कि अक्षय किसी भी कपैसिटी में निखिल के इस प्रोजेक्ट से नहीं जुड़े हैं.  इटैलियन फिल्म का रीमेक करेंगे शाहिद कपूर? शाहिद कपूर 'बधाई हो' फेम डायरेक्टर अमित शर्मा की फिल्म करने जा रहे हैं. ये इटैलियन साई-फाई कॉमेडी फिल्म 'हसबैंड एंड वाइफ़' का रीमेक है. वैरायटी इंडिया के मुताबिक ये फिल्म बॉडी स्वॉपिंग के कॉन्सेप्ट पर बनेगी. इसमें पति-पत्नी की बॉडीज़ स्वॉप हो जाएंगी. और फिर रूटीन लाइफ़ में सिचुएशनल कॉमेडी होगी. शाहिद का नाम फाइनल हो चुका है. मगर फीमेल लीड अभी तय नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक जान्हवी कपूर और कियारा आडवाणी इस रोल की टॉप कंटेंडर्स हैं.

मुंबई पुलिस ने दर्ज की FIR, सेलिना जेटली के पति पीटर हाग पर जांच तेज

मुंबई  मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली के पति और ऑस्ट्रियाई नागरिक पीटर हाग के खिलाफ क्रूरता, उत्पीड़न, आपराधिक धमकी और शारीरिक शोषण के आरोपों के मद्देनजर एफआईआर दर्ज की है। अभिनेत्री द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की कई धाराओं के तहत आपराधिक कार्रवाई शुरू की गई है। अधिकारियों के अनुसार, एफआईआर क्रूरता, नुकसान पहुंचाने, धमकी और लगातार उत्पीड़न की शिकायत पर दर्ज की गई है। यह मामला घरेलू हिंसा से महिलाओं की सुरक्षा अधिनियम, 2005 के तहत चल रही कार्रवाई से भी जुड़ा है। मुंबई पुलिस ने पीटर हाग के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी (एलओसी) जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक, पीटर हाग द्वारा जांच में सहयोग न करने के कारण यह कदम उठाया गया है। आम तौर पर जब अधिकारियों को लगता है कि आरोपी व्यक्ति पूछताछ से बच सकता है या जांच के दौरान देश छोड़कर भाग सकता है तो ऐसे मामलों में एलओसी जारी की जाती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों और निष्कर्षों पर निर्भर करेगी। अब तक न तो पीटर हाग और न ही उनके कानूनी प्रतिनिधियों ने आरोपों के संबंध में कोई सार्वजनिक बयान जारी किया है। मुंबई पुलिस शिकायत से संबंधित प्रासंगिक जानकारी और सुबूत एकत्रित किए जा रहे हैं। इस मामले ने एक बार फिर घरेलू हिंसा, महिलाओं के लिए कानूनी सुरक्षा और भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत लागू किए गए नए प्रावधानों के बढ़ते उपयोग से संबंधित चर्चाओं को उजागर किया है। अभिनेत्री सेलिना जेटली ने 2010 में ऑस्ट्रियाई उद्यमी और होटल व्यवसायी पीटर से शादी की थी और 2012 में उनके जुड़वां बेटे हुए थे। उन्होंने 2017 में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया, लेकिन उनमें से एक की हृदय रोग के कारण मृत्यु हो गई। नवंबर 2025 में सेलिना ने पीटर के खिलाफ घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया, जिसमें उसने आरोप लगाया कि पीटर लगातार घरेलू हिंसा करता रहा है।

पंजाब की राजनीति गरमाई: भगवंत मान बोले- ED के जरिए डराकर सत्ता हथियाना चाहती है बीजेपी

संगरूर. ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स, चुनाव आयोग को भाजपा द्वारा हथियारों के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इन हथियारों को भाजपा राजनीति के लिए अन्य राज्यों के बाद अब पंजाब भाजपा के निशाने पर है। पूरे देश में भाजपा का काम करने का यही तरीका है, जिसका सामना अब पंजाब को करना पड़ रहा है। पहले अशोक मित्तल के कारोबार घरानों पर ईडी की रेड हुई थी, जिसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए थे व रेड खत्म हो गए। आज कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा पर यह तीसरी बार ईडी की रेड करवाई गई है, पहले भी दो बार रेड हुई कुछ नहीं निकला व अब तीसरा बार रेड हुई है। इससे साफ है कि भाजपा ईडी को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। सीएम ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी साधा निशाना मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए सीधे तौर पर भाजपा को सख्त चेतावनी देते कहा कि यह अन्य राज्यों में यह हथियार चला सकते हैं, लेकिन पंजाब में भाजपा अपने इन मसूबों में कामयाब नहीं होगी। चार दिन से वह शुक्राना यात्रा पर निकले हैं व इन चार दिनों में ही कभी धमाके व कभी ईडी की छापामारी करवाई जा रही है। शुक्राना यात्रा को असफल करने का प्रयास भी है। मान ने कहा कि पंजाब को निशाना बनाने में भाजपा कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही। पिछले दिनों में एक कारोबारी के ठिकाने पर ईडी की रेड हुई व इसे आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा के साथ जोड़ा जा रहा है। यह डराने का प्रयास है, लेकिन इसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर टिप्पणी करते मान ने कहा कि क्या अब भाजपा उन्हें देशभक्ति से सर्टिफिकेट बांटेगी। भाजपा ने बंगाल, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, उड़ीसा में अराजक्ता फैलाई व उसके बाद वहां वोट मांगी। यह पहले आग लगाते हैं व फिर वोट हासिल करके सरकार बनाते हैं। बंगाल में भाजपा ने नारा लगाया कि बंगाल में सरकार हमारी है व अब पंजाब में बारी है। इसी नारे तले अब भाजपा पंजाब में आग लगाने की कोशिश कर रही है। भाजपा (भारत जलाओ पार्टी) बन चुकी है। बेअदबी कानून पर क्या बोले सीएम? जागत ज्योति श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन कानून 2026 पर मान ने स्पष्ट किया कि कानून बन चुका है व किसी कीमत पर यह कानून वापस नहीं होगा। गवर्नर द्वारा हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। पूरी सिख संगत, दुनिया भर की सिख संगत को यह कानून पसंद आया है, लेकिन एक परिवार को यह कानून पसंद नहीं आ रहा है, क्योंकि वह बेअदबी करवाने वाला परिवार है, इसलिए यह परिवार इस कानून को वापस करवाने पर तुला है। यह पंथ हितैषी बनने का ढोग करते हैं, जबकि पंजाब की सड़कों पर शुक्राना करने के लिए निकली संगत कानून के हक में असल गवाही भरती है। गत दिवस श्री अकाल तख्त साहिब जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज द्वारा दिए गए 15 दिन के नोटिस पर मान ने कहा कि वह कितनी मर्जी बैठकें कर लें, लेकिन कानून वापस नहीं होगा यह पत्थर की लकीर है।

बॉलीवुड के बड़े दावों की खुली पोल: अमीषा पटेल ने किया चौंकाने वाला खुलासा

मुंबई  फिल्म गदर की 'सकीना बेगम' यानी एक्ट्रेस अमीषा पटेल अक्सर सोशल मीडिया पर अपने बयानों को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं. वो कई बार अपने बेबाक अंदाज की वजह से लोगों की क्लास लगा देती हैं. अमीषा बॉलीवुड को लेकर काफी बार ऐसी बातें बोल जाती हैं, जिससे इंटरनेट पर अलग बहस छिड़ जाती है. अब एक्ट्रेस ने फिर से बॉलीवुड पर कुछ कहा है।  अमीषा पटेल ने बीती रात 12 बजे के बाद X पर कई सारे ट्वीट्स किए. जिसमें वो उन बॉलीवुड एक्ट्रेसेज पर निशाना साध रही हैं, जो पैसे देकर सोशल मीडिया पर अपना पीआर कराती हैं. हालांकि अमीषा ने अपने ट्वीट्स में किसी का नाम नहीं लिया है. एक्ट्रेस ने और भी कई बड़े दावे किए हैं, जिससे यूजर्स हैरान हैं।  अमीषा के निशाने पर बॉलीवुड की न्यू-ऐज एक्ट्रेसेज? अमीषा ने लिखा है, 'अपने आप को सुपरस्टार तभी बुलाओ, जब तुमने ऐसा कोई काम किया हो जो बॉक्स ऑफिस पर इतिहास बना दे और धमाका कर दे. तबतक पीआर गेम खेलकर खुद को सुपरस्टार मत कहो. सॉरी, लेकिन यही कढ़वा सच है.' अपने अगले ट्वीट में एक्ट्रेस ने लिखा-बहुत सी एक्ट्रेसेज जो आज तक अपनी करियर में एक भी सोलो ब्लॉकबस्टर फिल्म नहीं दे पाई हैं, वो खुद को स्टार बुला रही हैं. साल में सिर्फ 2-2 फिल्में करके और शूटिंग सेट पर घूमने से कोई स्टार नहीं बन जाता. आप बस एक एक्टर बनते हो जो कुछ प्रोजेक्ट्स में काम कर रहा है।  अमीषा ने आगे दावे किए कि कई फिल्म एक्ट्रेसेज जिनकी फिल्में 200 करोड़ रुपये भी नहीं कमाती, वो पैसे देकर खुद को नंबर 1 या नंबर 2 एक्ट्रेस बुला रही हैं. एक्ट्रेस का कहना है कि आज के समय में 100 करोड़ रुपये की फिल्म कोई नहीं बात नहीं, क्योंकि ये साल 2000 नहीं बल्कि 2026 चल रहा है. अमीषा ने कहा कि एक स्टार तभी ग्लोबल सुपरस्टार बनता है, जब उसकी फिल्म ने दुनियाभर में कमाई की हो. उनके मुताबिक, असली स्टारडम तभी मिलता है जब लगातार फिल्में बॉक्स ऑफिस पर चलें. इसलिए वो कह रही हैं कि ये पीआर गेम बंद होना चाहिए। अमीषा ने आगे खुद की फिल्मों पर भी बात की और बताया कि उन्होंने अपने करियर में तीन बड़ी हिट फिल्में- गदर, गदर 2 और कहो ना प्यार है दी. तीनों फिल्मों का कलेक्शन और फुटफॉल्स सबसे बड़ा था, उन्होंने अपने को-स्टार्स को उनके करियर की बड़ी हिट फिल्में दीं. मगर उनका पीआर गेम बाकी एक्ट्रेसेज के मुकाबले कमजोर है. एक्ट्रेस ने आगे फैंस से वादा किया है कि उनकी फिल्म गदर 3 जल्द थिएटर्स में आएगी और जब रिलीज होगी तो और भी बड़ा हंगामा मचाएगी।   

Ajay Devgn और Ranbir Kapoor फिर साथ आ सकते हैं, Luv Ranjan की एक्शन-थ्रिलर पर चर्चा तेज

Ajay Devgn और Ranbir Kapoor. 15 साल पहले Prakash Jha की Rajneeti में दोनों ने नाम साथ काम किया था. उसके बाद ये दोनों कभी एक फिल्म में नहीं आए. मगर अब ख़बर है कि इन दोनों को लेकर एक ज़बरदस्त Action Drama Thriller आकार ले रही है. इसे Pyaar ka Punchnama फेम Luv Ranjan बना रहे हैं. इस फिल्म की ख़बर ही नहीं, इसकी थीम भी चर्चा में है. ऑलवेज़ बॉलीवुड नाम के X हैंडल के मुताबिक दोनों एक्टर्स अपने-अपने रनिंग प्रोजेक्ट्स खत्म करके इस फिल्म पर जुटेंगे. रणबीर कपूर फिलहाल Nitesh Tiwari की Ramayana शूट कर रहे हैं. और अजय देवगन Rohit Shetty की Golmaal 5 में बिज़ी हैं. अब इस फिल्म पर आते हैं. असल में ये फिल्म नई नहीं है. साल 2018-19 में भी इसकी चर्चा हुई थी. IANS से बातचीत में ख़ुद लव रंजन ये फिल्म कन्फर्म की थी. ट्रेड एनलिस्ट तरण आदर्श ने भी सोशल मीडिया पर इस फिल्म के बारे में लिखा था. फिर ये ठंडे बस्ते में चली गई. साल 2025 में इसके रिवाइवल की ख़बरें आईं, मगर नतीजा सिफ़र ही रहा. मगर अब एक बार फिर इसके बनने के आसार नज़र आ रहे हैं.  दो भाइयों की दुश्मनी है फिल्म का प्लॉट सोशल मीडिया पर फिल्म का प्लॉट भी खुल गया है. इस पोस्ट के मुताबिक कहानी दो चचेरे भाइयों की है, जिनके पिता कुछ ग़लतफ़हमियों के चलते दूर हो गए. रिश्तों में कड़वाहट इतनी बढ़ गई, कि अब ये दोनों भाई एक-दूसरे के दुश्मन बन गए हैं. लेकिन एक सेकेंड… ये कहानी तो देखी-सुनी सी मालूम होती है. संदीप रेड्डी वांगी की ‘एनिमल’ का प्लॉट भी तो कुछ ऐसा ही था. अनिल कपूर यानी बलबीर सिंह और उसके चाचा के परिवार के बीच कुछ ग़लतफ़हमी हुई और इन दोनों के बेटे एक-दूसरे के ख़ून के प्यासे हो गए. चूंकि अभी मेकर्स की तरफ़ से इस फिल्म या इसकी बारे में कोई स्टेटमेंट नहीं आया है. इसलिए अभी ये नहीं कहा जा सकता कि फिल्म का प्लॉट यही है. या फिर कुछ और. या फिर मेकर्स इसमें तब्दीली कर रहे हैं. मगर यदि कहानी ऐसी ही है, तो ‘एनिमल’ से मिलती-जुलती है. इन बातों में कितनी सच्चाई है ये तो मेकर्स के अनाउंसमेंट के बाद ही पता चलेगा. मगर यदि ये फिल्म बनती है, तो रणबीर कपूर और अजय देवगन को दोबारा स्क्रीन पर देखना दिलचस्प होगा. अजय ने पिछले काफ़ी समय से इस जॉनर की फिल्म नहीं की है. जब‍कि इंटेंस रोल्स में पब्लिक ने उन्हें हमेश पसंद किया है. रही रणबीर की बात, तो उनके लाइन-अप में अभी हिंदी सिनेमा के दिग्गजों की मेगाबजट फिल्में हैं. इनमें ‘रामायण’ के दोनों पार्ट, संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’, संदीप रेड्डी वांगा की ‘एनिमल पार्क’, अयान मुखर्जी की ‘ब्रह्मास्त्र 2’ और यशराज फिल्म्स की ‘धूम 4’ शामिल है. इनमें से ‘ब्रह्मास्त्र 2’ और ‘धूम 4’ तो अभी दूर की कौड़ी हैं, और इनके बारे में कोई घोषणा नहीं हुई है. मगर बाकी फिल्में तो ऑफिशियली अनाउंस हो चुकी हैं. बल्कि ‘रामायण’ और ‘लव एंड वॉर’ की तो आधी से ज्यादा शूटिंग भी हो चुकी है. ऐसे में यदि लव रंजन की ये कथित फिल्म धरातल पर आ भी गई, तो रणबीर इसे अगले दो-तीन साल तो वक्त नहीं दे पाएंगे.

‘धुरंधर’ यूनिवर्स अभी खत्म नहीं! ज्योति देशपांडे के बयान से ‘धुरंधर 3’ की चर्चा तेज

Aditya Dhar की Dhurandhar और Dhurandhar: The Revenge हिंदी सिनेमा के लिए गेम चेंजर साबित हुई. इन दोनों फिल्मों ने मिलकर दुनियाभर से 3100 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई की. 'धुरंधर' एक ही फिल्म होने वाली थी. मगर फिल्म लंबाई को देखते हुए मेकर्स ने इसे दो पार्ट में तोड़ने का फैसला किया. पब्लिक को लगा कि दोनों पार्ट्स आ चुके हैं. अब ये कहानी खत्म हो गई. मगर इस फिल्म की प्रोड्यूसर Jyoti Deshpande ने अचानक एक बड़ा खुलासा कर दिया. उनका कहना है कि ये कहानी अभी खत्म नहीं हुई. बॉलीवुड हंगामा से हुई हालिया बातचीत में जियो स्टूडियोज की ज्योति देशपांडे ने 'धुरंधर' फ्रैंचाइज़ के बारे में बात करते हुए कहा, "धुरंधर के साथ अभी हमारा काम खत्म नहीं हुआ है. उम्मीद है कि इस साल के अंत तक दर्शकों के लिए हमारे पास एक सरप्राइज़ होगा. कुछ खास चीज़ है हमारे पास." ज्योति देशपांडे ने ये तो नहीं बताया कि वो सरप्राइज़ क्या है. मगर इस चीज़ ने दर्शकों को काफी उत्साहित कर दिया है. 'धुरंधर 2' की रिलीज़ के बाद से ऐसी रिपोर्ट्स आ रही थीं कि प्रोड्यूसर्स ने आदित्य धर से इस फ्रैंचाइज़ का तीसरा पार्ट बनाने की बात की है. अब ये आदित्य का फैसला होगा कि वो इस कहानी को आगे बढ़ाना चाहते हैं. या इससे आगे बढ़ना चाहते हैं.   मगर ज्योति के इस बयान ने 'धुरंधर 3' की खबरों को एक बार फिर हवा दे दी है. हालांकि पुख्ता तौर पर ये कह पाना कि वो जिस सरप्राइज़ की बात कर रही हैं, वो 'धुरंधर 3' ही हो, ये ज़रूरी नहीं है. हो सकता है मेकर्स फिल्म के किसी किरदार पर स्पिन-ऑफ फिल्म बना रहे हों. या फिल्म के उन हिस्सों को रिलीज़ करना चाहते हों, जिन्हें दोनों में से किसी फिल्म में जगह नहीं मिल पाई. मगर एक बात तो तय है कि ये जो कुछ भी है 'धुरंधर' यूनिवर्स का ही हिस्सा है. 'धुरंधर' फिल्म सीरीज ने हिंदी सिनेमा को कई मायनों में रिवॉल्यूशनाइज़ किया है. चाहे वो क्राफ्ट के लेवल पर हो, बॉक्स ऑफिस की बात हो, या फिर एक्टर्स की परफॉर्समेंस ही क्यों न हो. 'धुरंधर' ने देसी स्पाय फिल्मों का तो पूरा सिस्टम ही बदलकर धर दिया. इसी का नतीजा रहा कि इन दोनों फिल्मों ने दुनियाभर से 3100 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया. 'धुरंधर' ने देशभर से 840 करोड़ रुपए कमाए. वहीं 'धुरंधर 2' का इंडिया कलेक्शन 1100 करोड़ रुपए के पार रहा. 'धुरंधर 2' वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस के मामले में 'दंगल' के बाद भारत की दूसरी सबसे कमाऊ हिंदी फिल्म है. 'धुरंधर' फिल्म फ्रैंचाइज़ में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी, सारा अर्जुन, गौरव गेरा, दानिश पंडोर जैसे एक्टर्स ने काम किया है. इन दोनों फिल्मों को आदित्य धर ने डायरेक्ट किया है.

कपिल शर्मा शो में समय रैना और सुनील पाल के बीच तीखी नोकझोंक, जानिए पूरा मामला

पिछले वीकेंड नेटफ्लिक्स पर कपिल शर्मा अपने शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का लाफ्टर डे स्पेशल एपिसोड लेकर आए. इसमें गेस्ट के तौर पर उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना और यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया को बुलाया. कपिल ने समय को शो पर तगड़ा सरप्राइज तब दिया जब उन्होंने सुनील पाल को स्टेज पर बुलाया. सुनील पाल और समय रैना पुराने कॉम्पिटिटर हैं. समय ने कई बार कॉमेडियन को अपने शो पर रोस्ट किया है. वहीं सुनील भी समय को लेकर विवादित बयान देते रहते हैं. उन्होंने एक बार स्टैंडअप कॉमेडियन को आतंकवादी तक कह डाला था, जिसके बाद बात काफी आगे बढ़ चुकी थी. ऐसे में शो पर दोनों के रीयूनियन ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं. कपिल के शो पर सुनील पाल क्यों गए? समय और सुनील पाल जैसे ही आपस में मिले, दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ शब्दों की जंग शुरू कर दी. एक वक्त के बाद सुनील पाल, कपिल शर्मा और समय रैना दोनों से रोस्ट होने लगे. यहां तक कि कॉमेडियन जो भी जोक मारते, उसपर समय उन्हें घेर लेते थे. इस एपिसोड को देखकर कई सारी बातें होने लगी थीं. लोगों का कहना था कि सुनील पाल को कपिल ने अपने शो पर बेइज्जत होने के लिए बुलाया. अब कॉमेडियन क्यों उस शो पर गए थे, इसकी वजह उन्होंने खुद बताई है. स्विच को दिए इंटरव्यू में सुनील पाल ने कहा- मुझे ये कहा गया था कि शो पर समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया होंगे, आप भी होंगे मगर आपको परफॉर्म करना है. मुझे स्टैंडअप करने के लिए बुलाया गया था, तो मैं उसी हिसाब से तैयारी करके गया था. लेकिन इत्तेफाक से वहां स्टैंडअप नहीं हुआ. वहां यही सब हुआ, जो आपने देखा. जब सुनील पाल से पूछा गया कि क्या उनके साथ शो पर धोखा हुआ? तो उन्होंने बताया, 'नहीं मैं इसे धोखा नहीं कहूंगा, इतनी बड़ी बात नहीं कहना चाहूंगा. लेकिन हां जो मैं सोचकर गया था, वहां वो नहीं हुआ.' सुनील पाल आगे कहते हैं कि उन्हें जो रोस्ट किया गया, वो शो का हिस्सा था. अगर वो चाहते, तो वो सामने वाले को भी रोस्ट कर सकते थे. उन्हें इस बात का बिल्कुल भी बुरा नहीं लगा है.

कृष्णावतारम पार्ट 1 की लिमिटेड रिलीज से मजबूत शुरुआत, दर्शकों से मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स

कुछ दिन पहले शानदार ट्रेलर से इंप्रेस करने वाली फिल्म क़ृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम थिएटर्स में पहुंच चुकी है. शुक्रवार को सुबह पहला शो शुरू होने के साथ फिल्म का बॉक्स ऑफिस टेस्ट शुरू हो जाएगा. मगर क़ृष्णावतारम ने इशारा कर दिया है कि इस टेस्ट में इसकी परफॉरमेंस कैसी होने वाली है. गुरुवार को क़ृष्णावतारम बहुत लिमिटेड शोज के साथ रिलीज हुई. पहले दिन शाम में कई थिएटर्स में इसके एक-दो शोज ही चलते नजर आए. लेकिन लिमिटेड शोज ने फिल्म के लिए पेड प्रीव्यूज जैसा काम किया है. इन शोज से फिल्म को तारीफ तो मिली ही, साथ में सॉलिड कमाई भी मिली. ये इशारा है कि क़ृष्णावतारम के लिए लोगों में एक्साइटमेंट तो है. क़ृष्णावतारम को मिली सॉलिड शुरुआत क़ृष्णावतारम के रिव्यूज बहुत पॉजिटिव आ रहे हैं और पहले दिन फिल्म देख चुके लोग भी सोशल मीडिया पर तारीफ करते ही नजर आए. इन तारीफों का ही असर है कि क़ृष्णावतारम ने लिमिटेड शोज से दमदार कमाई की है और ये बॉलीवुड से साल की पहली सरप्राइज हिट बन सकती है. सैकनिल्क का डेटा बताता है कि क़ृष्णावतारम ने गुरुवार के शोज से करीब 40 लाख रुपये का कलेक्शन किया है. जितने कम शोज के साथ क़ृष्णावतारम थिएटर्स में पहुंची, उस हिसाब से ये कलेक्शन काफी अच्छा है. लेकिन क़ृष्णावतारम के कलेक्शन से ज्यादा दिलचस्प है इस फिल्म के लिए जनता का रिस्पॉन्स. गुरुवार को फिल्म के शोज 'फास्ट फिलिंग' मोड में नजर आए. दिल्ली एनसीआर के कुछ थिएटर्स में इसके शोज 50% और उससे भी थोड़े ज्यादा भरे नजर आए. गुरुवार की शाम को क़ृष्णावतारम के लिए बुक माय शो का ट्रेंडिंग टिकर चालू हो गया था. शाम को एक घंटा ऐसा रहा जब फिल्म के 1 हजार से ज्यादा टिकट बुक हो गए. शुक्रवार को सुबह बुक माय शो का टिकट डेटा बता रहा था कि गुरुवार सुबह के बाद से 24 घंटों में फिल्म के 14 हजार से ज्यादा टिकट बुक हुए. टिकट बुकिंग में नजर आ रही ये हरकत बता रही है कि क़ृष्णावतारम में लोगों को दिलचस्पी तो है. अगर शुक्रवार को सुबह से इस फिल्म को अच्छी तारीफें मिलनी शुरू हुईं, तो वीकेंड में इसकी ऑडियंस काफी बढ़ जाएगी. माइथोलॉजिकल फिल्में कर रहीं कमाल पिछले कुछ सालों से माइथोलॉजिकल फिल्में काफी सरप्राइज कर रही हैं. इसका सबसे बड़ा उदाहरण साउथ से आई फिल्म कार्तिकेय 2 (2022) है. पहले दिन इस फिल्म ने 7 लाख रुपये का बिजनेस किया था, लेकिन वर्ड ऑफ माउथ ने ऐसी कामयाबी दिलाई कि ये हिंदी समेत पैन इंडिया हिट साबित हुई. ऐसा ही कुछ हनुमान (2023) और महावतार नरसिम्हा के साथ भी हो चुका है. क़ृष्णावतारम में भगवान कृष्ण का किरदार सिद्धार्थ गुप्ता ने निभाया है. राधा के रोल में सुष्मिता भट्ट, रुक्मिणी के रोल में निवा शियनी कृष्णन और सत्यभामा के रोल में संस्कृति जायना नजर आ रही हैं. ये सभी यंग कलाकार हैं जिनके करियर की अभी शुरुआत ही है, लेकिन ट्रेलर में अपने काम से इन्होंने जनता को इंप्रेस किया है. फिल्म के गाने भी खूब पसंद किए जा रहे हैं, जिन्हें इरशाद कामिल ने लिखा है. क़ृष्णावतारम के डायरेक्टर हार्दिक गज्जर हैं, जिन्होंने टीवी के लिए देवों के देव महादेव जैसा शो डायरेक्ट किया है. इसलिए क़ृष्णावतारम के ट्रेलर के अलावा भी इस फिल्म में भरोसा जताने की कई वजहें हैं. देखते हैं जनता इसे कितना सपोर्ट करती है.

सिटाडेल सीजन 2’ ने ओटीटी पर मचाया धमाल, प्रियंका चोपड़ा की दमदार वापसी

प्रियंका चोपड़ा की पॉपुलर हॉलीवुड सीरीज 'सिटाडेल' का दूसरा सीजन रिलीज हो चुका है। इस दिल दहलाने देने वाली जासूसी थ्रिलर में प्रियंका ने एक बार फिर एजेंट नादिया सिंह बनकर लौटी हैं, जो इंसानियत को बचाने के मिशन पर निकली हैं। हालांकि, इस बार एक नई टीम एक नए खतरनाक मिशन पर दिखी। 'सिटाडेल सीजन 2' 6 मई को ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर प्रीमियर हुई थी। इसके सात एपिसोड हैं। 'सिटाडेल सीजन 2' देखने के बाद दर्शक इसके मुरीद हो गए और प्रियंका चोपड़ा की तारीफ कर रहे हैं। हालांकि, कुछ को यह पसंद नहीं आई और इसे पहले सीजन की तुलना में कमजोर बताया। वहीं कुछ ने, 'सिटाडेल 2' की कहानी भी तारीफ की और बताया कि कौन सा एपिसोड सबसे ज्यादा पसंद आया। 'सिटाडेल सीजन 2' की कहानी 'सिटाडेल 2' में मेसन केन, नादिया सिंह, बर्नार्ड ऑर्लिक और मेसन केन दमदार जासूस हैं जो एक स्पाई एजेंसी का हिस्सा हैं, पर उसी एजेंसी को Manticore नाम का एक नेटवर्क बर्बाद कर देता है। लेकिन एक नया खतरा सामने आता है तो तीनों फिर एक होकर इसका सामना करने के लिए तैयार हो जाते हैं। लेकिन इस बार उन्हें एक नई टीम बनानी होगी। पहले सीजन में एक भयावह घटना के बाद नादियै और मेसन केन अपनी याददाश्त खो बैठे थे, पर दूसरे सीजन यानी 'सिटाडेल 2' में वो अपने अतीत को याद करने की कोशिश करते हैं औऱ नए खूंखार दुश्मनों से लड़ने के लिए कमर कसते हैं।  

सैफ अली खान की ‘कर्तव्य’ का दमदार ट्रेलर रिलीज, पुलिसवाले के रोल में दिखा नया अंदाज

धर्म करते हैं कर्म छूटता है, कर्म करते हैं धर्म छूटता है, कतर्व्‍य तक को बात ही नहीं पहुंचती सर!' सैफ अली खान की नई क्राइम ड्रामा फिल्‍म 'कर्तव्‍य' के ट्रेलर की शुरुआत इसी एक डायलॉग से होती है। इसके बाद अगले सवा 2 मिनट में हम एक पुलिसवाले के द्वंद्व, पावर और पॉल‍िटिक्‍स के बीच झूलते सिस्‍टम और एक वर्दीवाले की निजी जिंदगी में मची उथल-पुथल की वो झलक देखते हैं, जो इस फिल्‍म के लिए उत्‍सुकता बढ़ा देती है। गौरी खान और शाहरुख खान की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी 'कतर्व्‍य' उन फिल्‍मों में से है, जिसका लंबे समय से इंतजार है। तीन साल पहले इस फिल्‍म का ऐलान हुआ था। यह फिल्‍म OTT पर रिलीज होने वाली है। डिजिटल स्‍क्रीन पर 'सेक्रेड गेम्‍स' के 7 साल बाद सैफ अली खान एक बार फिर से वर्दी में नजर आने वाले हैं। जबकि उनके साथ संजय मिश्रा, रसिका दुग्‍गल और सौरभ द्व‍िवेदी भी प्रमुख भूम‍िकाओं में हैं। 'कर्तव्‍य' का डायरेक्‍शन 'भक्षक' और 'बोस: डेड/अलाइव' से सुर्ख‍ियां बटोर चुके पुलकित ने किया है। कहानी हमें एक छोटे शहर के देसी परिवेश में ले जाती है, जहां झामली कोतवाली में पवन एक ऐसा पुलिसवाला है, जो अपने धर्म, कर्म और कर्तव्‍य के बीच फंसा हुआ है। पवन जहां सच का साथ देना चाहता है, वहीं महकमे में उसकी नाकामी पर उसे सीनियर अध‍िकारी (मनीष चौधरी) का तंज झेलना पड़ता है। पवन से कहा जाता है- आठ साल में तो आम का पेड़ भी फल देने लगता है, तेरे में तो कैरी भी ना फूट रही। यहां देख‍िए, 'कर्तव्‍य' का ट्रेलर कर्म, धर्म और कतर्व्‍य के बीच एक पुलिसवाले की नैतिक दुविधा 'ओमकारा' जैसी फ‍िल्मों और 'सेक्रेड गेम्स' से लेकर 'तांडव' जैसी वेब सीरीज में अपनी दमदार अदाकारी से दिल जीतने वाले सैफ अली खान यहां भी असर दिखाते हैं। आज की दुनिया में, जहां हर फैसले की कोई न कोई कीमत चुकानी पड़ती है, 'कर्तव्य' हमें एक ऐसे नैतिक दुविधा भरे सफर पर ले जाती है, जहां फर्ज और उसके नतीजों के बीच टकराव है। 'कर्तव्‍य' फिल्‍म की कहानी पुलकित के डायरेक्‍शन में बनी इस क्राइम-ड्रामा की कहानी के केंद्र में पवन है। वह एक पुलिस अफसर है, जिस पर महकमे की कड़ी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। उसे एक पत्रकार की सुरक्षा का जिम्‍मा सौंपा गया था, लेकिन वह उसकी जान बचाने में नाकाम रहता है। उस महिला पत्रकार को सरेराह गोली मार दी जाती है। जैसे-जैसे सीनियर अफसरों का दबाव बढ़ता है, पवन उस हमलावर को पकड़ने के लिए मुहिम में जुट जाता है। यह जांच पवन का सामना आनंद श्री (सौरभ द्व‍िवेदी) से करवाती है, जो अपनी रसूख और ताकत का इस्‍तेमाल नाबालिग बच्‍चों से गलत काम करवाने के लिए करता है। इधर, पवन की निजी जिंदगी में भी उथल-पुथल मची हुई है। उसके भाई से जुड़े एक विवाद के कारण परिवार को धमकियां मिल रही हैं। पवन को सिस्टम के भीतर और घर, दोनों ही जगहों पर मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। जैसे-जैसे यह मामला और गहराता है, पवन खुद को फर्ज और परिवार के बीच फंसा हुआ पाता है। इस बीच जब पवन आनंद श्री के ख‍िलाफ मोर्चा खोलता है तो उसे चेतावनी मिलती है। लेकिन यहां हमें उसके किरदार का सबसे बोल्‍ड अंदाज देखने को मिलता है। पवन कहता है- महादेव का भक्‍त हूं और ऊपर से पुलिसवाला, मैं भी देखता हूं क्‍या फाड़ लेगा! 'कतर्व्‍य' OTT रिलीज: कब और कहां देखें 'कतर्व्‍य' का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज हुआ है। लेकिन इसके प्रोड्यूसर शाहरुख खान ने बीते महीने 30 अप्रैल को ही इसकी रिलीज डेट का ऐलान कर दिया था। सैफ अली खान की यह ड्रामा फिल्‍म 15 मई 2026 को Netflix पर रिलीज होगी। शाहरुख ने रिलीज की तारीख का ऐलान करते हुए लिखा था, 'कर्तव्य के इस चक्रव्‍यूह में, हर फैसला एक इम्‍त‍िहान होगा।' 'कतर्व्‍य' की कास्‍ट फिल्‍म में सैफ अली खान जहां पुलिसवाले पवन के लीड रोल में हैं, वहीं उनकी पत्‍नी के किरदार में रसिका दुग्‍गल हैं। संजय मिश्रा ने सैफ अली खान के सहयोगी पुलिसवाले और मनीष चौधरी ने सीनियर अध‍िकारी की भूमिका निभाई है। सौरभ द्व‍िवेदी इसमें विलेन आनंद श्री के रोल में हैं। जबकि साथ में जाकिर हुसैन भी अहम भूमिका में हैं।