samacharsecretary.com

नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, बुजुर्गों की पेंशन अब निर्बाध

पटना बिहार में नीतीश सरकार ने प्रदेश के 1.16 करोड़ सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। अब यदि किसी कारणवश लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं हो सका है तो भी पात्र व्यक्ति की पेंशन नहीं रुकेगी। सरकार ने सुविधा बढ़ाने के लिए हर महीने पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने की योजना बनाई है। जिन बुजुर्गों या लाभार्थियों के लिए केंद्र तक आना मुश्किल होगा, उनके घर जाकर पेंशन सत्यापन किया जाएगा।  समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने बताया कि जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया अब बहुत सरल कर दी गई है। प्रत्येक प्रखंड और पंचायत में महीने में एक बार शिविर लगाए जाएंगे। यदि कोई लाभार्थी शारीरिक अक्षमता या किसी अन्य कारण से शिविर में नहीं आ पाता है, तो विभाग की टीम उनके घर जाकर सत्यापन करेगी। साथ ही नाम, आधार कार्ड या अंगूठे के निशान में मिलान न होने जैसी समस्याओं के कारण किसी को भी पेंशन से वंचित नहीं किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग की सचिव वंदना प्रेयषी ने बताया कि वर्ष 2005 में पेंशन लाभार्थियों की संख्या केवल 12 लाख थी, जो अब बढ़कर 1.16 करोड़ हो गई है। वर्तमान में विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लगभग 3.5 करोड़ लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक 70 लाख लाभार्थियों का सत्यापन पूरा हो चुका है। इस नई व्यवस्था से बिहार के बुजुर्ग और अन्य पात्र लाभार्थियों को उनके अधिकारित लाभ समय पर मिलने की सुविधा सुनिश्चित होगी और उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।

RJD में अभी ‘लालू युग’ जारी, तेजस्वी बन सकते हैं कार्यकारी अध्यक्ष — सियासी संकेत तेज

पटना राष्ट्रीय जनता दल(आरजेडी) की कमान अब तेजस्वी यादव के हाथों में आ गई है। लेकिन उनकी फुल फ्लेज्ड ताजपोशी में अभी कुछ वक्त लगेगा। रविवार को पटना के एक होटल में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को सहयोग देने के लिए कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ ही तेजस्वी यादव का पावर औपचारिक तौर पर बढ़ गया है। लालू यादव पहले ही उन्हें पार्टी की नीतिगत फैसलों के लिए अधिकृत कर चुके हैं।   जानकार बताते हैं कि लालू यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष का वर्तमान कार्यकाल पूरा करेंगे। वे 2028 तक राजद का राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। इस दौरान तेजस्वी यादव कार्यकारी के तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का काम काज देखेंगे। लालू यादव का टर्म पूरा होने के बाद तेजस्वी यादव की फुल ताजपोशी हो सकती है। हालांकि, एक मैसेज पहले से फैल चुका है कि राजद में सभी फैसले तेजस्वी यादव ही लेते हैं। कुछ औपचारिकताएं हैं जिन्हें पूरा किया जाना शेष था। बिहार विधानसभा चुनाव में टिकट का बंटवारा तेजस्वी यादव ने फाइनल किया था। पार्टी करारी हार के बाद बहन रोहिणी आचार्या की नाराजगी प्रकरण से अंदरखाने चल रहा बहुत कुछ स्पष्ट हो चुका था। विदेश यात्रा से लौटते ही तेजस्वी यादव पार्टी की रणनीति को लेकर ऐक्टिव हो गए। पटना में तेजस्वी के आवास पर कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई और कई निर्णय लिए गए। इसी बीच 14 जनवरी को लालू प्रसाद यादव अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव(राजद से निष्कासित) के दही चूड़ा भोज में शामिल हुए। जनशक्ति जनता दल नाम से पार्टी चला रहे तेज प्रताप यादव ने पिता और माता के साथ भाई तेजस्वी यादव को भी न्योता दिया था पर वह नहीं पहुंचे। उसके दो एक दो दिनों के बाद यह चर्चा शुरू हो गयी कि तेजस्वी यादव राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान अपने हाथ में लेने वाले हैं। चर्चा यह भी है कि नितिन नवीन की तर्ज पर तेजस्वी कार्यकारी से फुल फ्लेज्ड राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर पहुंच जाएंगे। लेकिन, इसमें अभी वक्त लगेगा।  

भागलपुर में सरस्वती विसर्जन के दौरान बमबाजी में 4 घायल

भागलपुर. लोदीपुर थानाक्षेत्र के गोहारियों गांव के वार्ड संख्या 14 में सरस्वती पूजा की मूर्ति विसर्जन शोभा के दौरान बमबाजी में चार लोग जख्मी हो गए। घटना शनिवार की देर रात तब घटी जब मंडल टोला के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान जमकर मारपीट हुई। इसके बाद विवाद बढ़ा तो बमबाजी की घटना सामने आई। बमबाजी में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों में नीरज कुमार उम्र 22 वर्ष, गौतम कुमार उम्र 25 वर्ष, मेघु मंडल उम्र 55 वर्ष और छोटू कुमार उम्र 18 वर्ष शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है। डीजे बजाने को लेकर हुआ था विवाद जख्मी युवकों ने पुलिस को जानकारी दी है कि सरस्वती पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बजाया जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट होते देख डीजे चालक ने गाड़ी को पास में ही खड़ा कर दिया। इसके बाद चालक अपने भाई और चाचा के साथ घर जाने लगा। इसी क्रम में अचानक दो बार बम फेंका गया। बमबाजी की घटना में वह स्वयं, उसका भाई और उसके चाचा घायल हो गए। अचानक हुए दो धमाके से आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे। अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई। भारी पुलिस बल तैनात घायलों में नीरज कुमार के एक पैर में बम के स्प्लिंटर लगने से गहरा जख्म हो गया है। गौतम कुमार के कमर में गंभीर चोट आई है। मेघु मंडल की कमर और पैर बुरी तरह झुलस गये हैं, जबकि छोटू कुमार का मुंह में जख्म लगा है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव मायागंज अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के इलाज की जानकारी ली और बेहतर इलाज करने का अनुरोध किया। घटना के बाद सिटी एसपी शैलेन्द्र सिंह, डीएसपी और लोदीपुर थानाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव में कैंप कर हालात नियंत्रित कर लिया है। बमबाजी करने के आरोपितों का सत्यापन कर लिया गया है। उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कही है।

रांची में गणतंत्र दिवस पर कल सुबह छह से रात 10 बजे तक रहेगी नो एंट्री

रांची. रांची में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को मोरहाबादी मैदान में भव्य तरीके से झंडोत्तोलन कार्यक्रम का आयोजन होगा। मोरहाबादी मैदान में होने जा रहे कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार झंडा फहराएंगे। आयोजन में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए प्रशासन ने पुख्ता व्यवस्था कर ली है। सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए यातायात रूट में बदलाव कर दिया गया है। इसी के मद्देनजर सोमवार सुबह छह से रात 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश नहीं हो सकेगा। वहीं, जो वाहन शहर में इंट्री करेंगे, उनका भी मार्ग निर्धारित कर दिया गया है। इसके अलावा मोरहाबादी मैदान में समारोह में शामिल होने वाले वीवीआईपी समेत अन्य लोगों के वाहनों की पार्किंग का स्थल भी प्रशासन ने निर्धारित कर दिया है। ऐसे पहुंचेंगे वीवीआईपी के वाहन समारोह स्थल ● राज्यपाल का कारकेड एटीआई मोड़ से सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि मोड़, राजकीय गेस्ट हाउस से बायें होकर वीवीआईपी प्रवेश द्वार से मंच तक आएगा। ● हाईकोर्ट से न्यायाधीश का वाहन एटीआई मोड़ से सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि मोड़, राजकीय गेस्ट हाउस से बायें मोड़कर वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक आएगा। ● हाईकोर्ट से न्यायाधीश का वाहन एटीआई मोड़ से सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि मोड़, राजकीय गेस्ट हाउस से बायें मोड़कर वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक आएगा। ● केंद्र और राज्य सरकार के पदाधिकारियों की गाड़ियां हॉटलिप्स चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक, उपायुक्त आवाज होते हुए कार्यक्रम स्थल तक जा सकेंगे। इन ड्रॉप गेट का रखें ध्यान ● डीसी आवास से मोरहाबादी मैदान के पास, मोरहाबादी सब्जी बाजार मोड़ के समीप ● स्टेट गेस्ट हाउस मोड़, आर्मी मैदान के पास, सिदो-कान्हू पार्क मोड़, हॉकी स्टेडियम के पास ● रजिस्ट्री ऑफिस के सामने मोरहाबादी मैदान मार्ग में ● बिजली ऑफिस के पास ट्रांसफार्मर मोड़ के समीप बड़े वाहन से शहर में आने वाले ध्यान दें ● कांके से रांची आने वाले वाहनों को बोड़ेया तक आने दिया जाएगा ● चाईपासा-खूंटी से आने वाली गाड़ियां बिरसा चौक तक आ सकेंगी ● गुमला-चाईबासा से आ रहे वाहन कटहल मोड़ तक ही इंट्री करेंगे ● जमशेदपुर से आने वाली गाड़ियां सदाबाहर चौक तक आ सकेंगी ● कांके होकर पतरातू से आने वाले वाहन लॉ यूनिवर्सिटी तक आएंगे ● बूटी मोड़ से कोकर जाने वाले वाहनों को बूटी मोड़ तक प्रवेश मिलेगा ● तिलता चौक से पिस्का मोड़ आ रहे वाहन पंडरा बाजार तक आ सकेंगे यहां पर होगी पार्किंग की व्यवस्था ● राज्यपाल और वीवीआईपी के वाहनों की पार्किंग मुख्य मंच के पीछे होगी ● अफसरों के वाहन मंच के पश्चिम नीलांबर-पितांबर पार्क के बगल में लगेंगे ● नारंगी पासयुक्त वाहनों की पार्किंग के लिए मुख्य मंच से पश्चिम में व्यवस्था ● हरा पासयुक्त वाहनों की पार्किंग बापू वाटिका के सामने बने पार्किंग स्थल में होगी ● सामान्य वाहनों के लिए टीआरआई के सामने मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

कन्हौली में बनेगा नया स्टैंड, दूसरे राज्यों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

पटना. बिहार से दूसरे राज्यों में जाने के लिए अब लोगों को ज्यादा परेशानी झेलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कन्हौली में नया बस स्टैंड बनेगा, जिसका नाम पाटली बस टर्मिनल होगा. यह बस स्टैंड लगभग 50 एकड़ की जमीन पर बनाया जाएगा. नए बस स्टैंड के लिए जमीन कन्हौली मौजा के थाना नंबर-69 में है. यहां जमीन अधिग्रहण होने पर किसी का घर उजड़ने की भी कोई संभावना नहीं है. पटना के डीएम ने क्या दिया आदेश? डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने इस जमीन की खरीद-बिक्री करने से मना किया है. अभी वह जमीन खेती की है. फिलहाल जमीन का उपयोग रेसिडेंशियल और कॉमर्शियल तौर पर किया जा रहा है. जमीन देने वाले मालिकों के परिवारों को आवासीय सहायक सड़क इलाका वाला मुआवजा मिलेगा. जानकारी के मुताबिक, कन्हौली में बस टर्मिनल बनाने की योजना साल 2019 में ही बनाई गई थी. पाटलिपुत्र में बने बस स्टैंड से अभी क्या हो रही परेशानी? पटना का पाटलिपुत्र बस टर्मिनल बैरिया में बना है. यह बस टर्मिनल लगभग 25 एकड़ में बनाया गया है. लेकिन इसे 40 एकड़ की जमीन पर बनाने की योजना तैयार की गई थी. पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से बिहार के जिलों के साथ-साथ इंटर स्टेट बसों को चलाने में काफी परेशानी हो रही. इस बस स्टैंड पर दबाव भी बढ़ता जा रहा है. ऐसे में कन्हौली में अब बस स्टैंड के बनने से लोगों को बड़ी सहूलियत मिल सकेगी. नए बस स्टैंड से क्या होंगे फायदे? नए बस स्टैंड के बनने से लोगों को जाम का झंझट नहीं झेलना पड़ेगा. खास बात यह भी है कि नया बस स्टैंड पटना रिंग रोड पर होगा, जिससे दूसरे जिलों और राज्यों में भी आने-जाने में ज्यादा परेशानी लोगों को नहीं झेलनी पड़ेगी. संभावना जताई जा रही है कि पाटली बस टर्मिनल से 5 हजार से भी ज्यादा बसें चलाई जायेंगी. बस स्टैंड के बनने से आस-पास के इलाके का भी डेवलपमेंट हो सकेगा.

पटना में गणतंत्र दिवस पर कल गांधी मैदान इलाके का बदलेगा ट्रैफिक

पटना. गांधी मैदान में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मुख्य राजकीय समारोह के दौरान सुबह सात बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक फ्रेजर रोड व गांधी मैदान के आसपास के कई मार्गों पर सामान्य व व्यावसायिक वाहन नहीं चल सकेंगे। डीएम व एसएसपी की संयुक्त बैठक के बाद एसपी ट्रैफिक ने कई अन्य मार्गों के रूट में बदलाव किया है। हालांकि, एंबुलेंस व अग्निशमन जैसी आपातकालीन सेवाओं पर यह नियम लागू नहीं होगा। महिलाओं व विद्यार्थियों के लिए अलग प्रवेश द्वार व दीर्घाएं हैं। दोपहिया व चारपहिया वाहनों की पार्किंग उद्योग भवन के सामने सड़क किनारे की गई है। मुख्य मार्ग और आरक्षित रूट डाकबंगला चौराहे से जेपी गोलंबर (मौर्या होटल मोड़) तक का मार्ग केवल राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री व विशेष अतिथियों के काफिले के लिए आरक्षित रहेगा। डाकबंगला चौराहे से गांधी मैदान (चिल्ड्रेन पार्क) तक सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड में प्रवेश वर्जित रहेगा। कोतवाली टी से पुलिस लाइन तक (बुद्ध मार्ग में) पूर्व की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे। सामान्य व कार्मशियल वाहन वोल्टास मोड़ से विद्यापति मार्ग होते हुए पुलिस लाइन तिराहा तक जा सकते हैं। छज्जूबाग (एसडीओ आवास) से जेपी गोलंबर की ओर व बुद्ध मार्ग में छज्जूबाग मोड़ से एसडीओ आवास की तरफ परिचालन बंद रहेगा। जेपी गंगा पथ (कमिश्नर कार्यालय के सामने) से सिर्फ पासधारक वाहन एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट और गांधी मैदान की ओर जा सकेंगे। वाहनों का रूट डायवर्जन – फ्रेजर रोड से आने वाले निजी वाहन डाकबंगला चौक से पूर्व मुड़कर भट्टाचार्य चौक-पीरमुहानी-नाला रोड की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। गलती से कोई वाहन एग्जीबिशन रोड (ब्रज किशोर पथ) में चला जाए तो उसे बिग बाजार के पास से वापस भट्टाचार्या चौक की ओर भेजा जाएगा। इंजीनियरिंग कालेज से गांधी मैदान चौराहा वाली नगर बस सेवा 26 जनवरी को मछुआटोली, दरियापुर तिराहा, नाला रोड, पीरमुहानी, पटना जंक्शन तक जाएंगे व इसी मार्ग से वापस जाएंगे। वहीं, आटो, ई-रिक्शा पटना जंक्शन, न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्य चौक, एग्जीबिशन रोड (बिग बाजार तक), वापस भट्टाचार्य मोड़, सीडीए बिल्डिंग, गोरियाटोली से पटना जंक्शन आएंगे। पटना सिटी की ओर आने वाले व्यावसायिक वाहन, मुसल्लहपुर हाट, बारी पथ, खजांची रोड (दक्षिण) और यहीं से वापस लौटेंगे।

IG अनूप बिरथरे समेत झारखंड के 12 पुलिसकर्मियों को मिला पदक

रांची. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गणतंत्र दिवस के मौके पर मिलने वाले तीन श्रेणी के पदकों की घोषणा रविवार को कर दी है। इन पदकों में पुलिस वीरता पदक, राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक व सराहनीय सेवा पदक शामिल हैं। झारखंड के खाते में इस बार एक भी वीरता पदक नहीं नहीं आया है। इस बार झारखंड के खाते में कुल 12 पदक आए हैं। इनमें एक अधिकारी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक व 11 अधिकारियों-जवानों को सराहनीय सेवा पदक मिले हैं। इनमें झारखंड जगुआर में पदस्थापित डीएसपी सुधीर कुमार को विशिष्ट सेवा पदक मिला है। सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में दो वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी शामिल हैं, जिनमें आइजी झारखंड जगुआर अनूप बिरथरे व आइजी प्रोविजन पटेल मयूर कन्हैयालाल सहित 11 पदाधिकारी-जवान शामिल हैं। ये पदक आने वाले 15 अगस्त या अगले साल 26 जनवरी को रांची के मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल या मुख्यमंत्री के हाथों सभी संबंधित अधिकारियों को दिए जाएंगे। जानें क्या है राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा व सराहनीय सेवा पदक? विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक वेसे पुलिस पदाधिकारी-जवान को दिया जाता है, जिनकी सेवा 25 साल शानदार व बेदाग रही है। वहीं, सराहनीय सेवा पदक वैसे अधिकारियों-जवानों को दिया जाता है, जिन्होंने पुलिस विभाग में अपनी 18 साल की सेवा पूरी कर ली होती है। उनका सेवा काल बेदाग रहा हो। इन्हें मिला है विशिष्ट सेवा पदक डीएसपी सुधीर कुमार, डीएसपी, झारखंड जगुआर (एसटीएफ) झारखंड, रांची। इन्हें मिला है सराहनीय सेवा पदक आइपीएस अनूप बिरथरे, आइजी, झारखंड जगुआर (एसटीएफ), झारखंड। आइपीएस पटेल मयूर कन्हैयालाल, आइजी, प्रोविजन। संजय कुमार, डीएसपी, झारखंड पुलिस। कृष्ण कुमार छेत्री, हवलदार, झारखंड। अरुण कुमार ओझा, हवलदार, झारखंड। मारकुस सुनवार, हवलदार, झारखंड। जयदेव प्रधान, सिपाही, झारखंड। जेनेत मारग्रेट लकड़ा, सिपाही, झारखंड। कुमुदनी कुजूर, सिपाही, झारखंड। सुफल ओड़ेया, सिपाही, झारखंड। मोहम्मद वसीम अख्तर, सिपाही, झारखंड।

संघ प्रमुख मोहन भागवत गणतंत्र दिवस पर झंडोत्तोलन करने मुजफ्फरपुर पहुंचे

मुजफ्फरपुर. राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत बिहार दौरे के क्रम में रविवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे। उत्तर बिहार के प्रांत कार्यालय मधुकर निकेतन, आलमबाग चौक पहुंचने पर उन्होंने अल्पाहार ग्रहण किया। इसके बाद वह मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन पर गडहां स्थित ब्लू डायमंड रिसोर्ट में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। संघ प्रमुख के आगमन को लेकर कलमबाग क्षेत्र सहित कार्यक्रम स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में संघ कार्यकर्ता और पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रहे हैं। दो दिवसीय प्रवास के दौरान मोहन भागवत 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर मधुकर निकेतन परिसर में सुबह नौ बजे झंडोत्तोलन करेंगे। इसके बाद वह खंड से लेकर प्रांत स्तर तक के संघ पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। संघ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पहले दिन वह सामाजिक सद्भाव गोष्ठी सह संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान समाज परिवर्तन में सज्जन शक्ति की भूमिका पर अपना उद्बोधन देंगे। कार्यक्रम में उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों से प्रतिनिधि शामिल होंगे। आरएसएस से बाल स्वयंसेवक के रूप में जुड़े 75 वर्षीय अधिवक्ता गौरीशंकर प्रसाद उर्फ गौरी बाबू ने बताया कि यह पहला अवसर है, जब कोई सरसंघचालक गणतंत्र दिवस के दिन मुजफ्फरपुर में संघ कार्यालय परिसर में झंडोत्तोलन करेंगे। उन्होंने बताया कि संघ के दूसरे सरसंघचालक गुरुजी माधवराव सदाशिव गोलवलकर सहित बाद के लगभग सभी सरसंघचालक मुजफ्फरपुर आए हैं, लेकिन इस विशेष अवसर पर झंडोत्तोलन और संबोधन का यह पहला मौका है। संवाद कार्यक्रम स्थल पर उत्तर बिहार प्रांत के विभिन्न जिलों से पहुंचे स्वयंसेवकों और प्रतिनिधियों का रजिस्ट्रेशन जारी है। प्रवेश से पहले सभी आगंतुक अपना निबंधन करा रहे हैं। परिसर में अल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई है, जहां लोग भोजन कर रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर संघ साहित्य बिक्री केंद्र पर भी भारी भीड़ देखी जा रही है। साहित्य में रुचि रखने वाले स्वयंसेवक और कार्यकर्ता वहां जुटे हुए हैं।इसी बीच सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम ने परिसर में पहुंचकर सघन जांच शुरू कर दी है। पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। उत्तर बिहार प्रांत कार्यालय के सभी प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं। बिना पहचान पत्र या प्रवेश कार्ड के किसी को भी अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। केवल आमंत्रण पत्र प्राप्त लोगों को ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश दिया जा रहा है।

लालू की छाया में तेजस्वी की ताजपोशी! मंगनी लाल मंडल ने किया RJD के नए कार्यकारी अध्यक्ष का ऐलान

पटना तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुन लिया गया है। पटना में राजद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की आज अहम बैठक हुई। इस बैठक में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती समेत पार्टी के लगभग सभी बड़े नेता मौजूद थे। बैठक के दौरान राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने इसक ऐलान किया। पटना के एक होटल में राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इसका प्रस्ताव भोला यादव ने रखा। लालू प्रसाद के निर्देश पर रखे गये गये इस प्रस्ताव पर कार्यकारिणी के सदस्यों ने हाथ उठाकर समर्थन किया। लालू प्रसाद के अस्वस्थता को देखते हुए पार्टी ने पहली बार कार्यवाहक अध्यक्ष चुना है। तेजस्वी को अध्यक्ष की सभी शक्तियाँ दी गई है।   एक राजद नेता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बैठक में मौजूद लगभग सभी नेताओं की मांग थी कि तेजस्वी यादव को अब जिम्मेदारी सौंपी जाए। पार्टी नेताओं का कहना था कि तेजस्वी यादव ही अब बिहार तथा राजद के भविष्य हैं। इसके बाद तेजस्वी यादव को सर्वसम्मति से पार्टी का नया कार्यकारी बॉस चुना गया। लालू प्रसाद यादव ने इसका सर्टिफिकेट तेजस्वी यादव को सौंपा है। राजद ने पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्वीट कर तेजस्वी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने की सूचना साझा करते हुए राजद में एक नये युग के शुरू होने की बात कही है। पिछले वर्ष बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाने का निर्णय लिया था। जिसमें “नेतृत्व संबंधी महत्वपूर्ण फैसले” लिए जाने की संभावना जताई गई थी। जिसके बाद अब तेजस्वी यादव को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया गया है। बता दें कि वर्ष 1997 में जनता दल से अलग होकर राजद की स्थापना करने वाले लालू प्रसाद पार्टी की स्थापना के बाद से ही शीर्ष पद पर बने हुए हैं। हालांकि उनकी सर्वोच्चता निर्विवाद है, लेकिन पार्टी सूत्रों का मानना था कि 80 वर्ष से अधिक आयु और खराब स्वास्थ्य को देखते हुए संगठन के रोजमर्रा के कामकाज के लिए नेतृत्व की दूसरी पंक्ति की जरूरत है। राजद की इस अहम बैठक में शामिल होने के लिए 20 से अधिक प्रदेशों के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य शनिवार को ही पटना पहुंच चुके थे। राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने कहा था कि 25 जनवरी को होने वाली इस बैठक में देश की वर्तमान स्थिति के साथ ही आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। JDU का तंज तेजस्वी यादव के राजद के कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर जदयू प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कटाक्ष किया है। नीरज कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि राजद एक परिवार की पार्टी है और परिवार के ही सदस्य को फिर कमान मिला है। तेजस्वी यादव पर 22 मुकदमे चल रहे हैं, ऐसे में उनको पार्टी का अध्यक्ष बनाना दुर्भाग्य की बात है।  

बिहार में 22 जाबांज पुलिस कर्मियों को मैडल और 3 को मिलेगा गैलंट्री अवॉर्ड

पटना. गणतंत्र दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बिहार 22 पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों के लिए पदक की घोषणा की है। तत्कालीन एसपी और वर्तमान डीजी कुंदन कृष्णन समेत तीन को गैलंट्री पदक देने की घोषणा हुई है। दो पुलिस पदाधिकारी को राष्ट्रपति का विशिष्ट पदक जबकि 17 पुलिस पदाधिकारी को सराहनीय सेवा के लिए पदक दिया गया है। जिन तीन पदाधिकारी-कर्मी को गेलेंट्री मेडल मिला है। इनमें डीजी कुंदन कृष्णन, एसआई अर्जुन लाल और सिपाही जितेंद्र सिंह हैं। वहीं, विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से दो पदाधिकारी सम्मानित हुए हैं। इनमें डीएसपी उमेश लाल रजक और एसआई नवरत्न कुमार शामिल हैं। यह सम्मान राष्ट्रपति द्वारा घोषित किया जाता है और इसे पुलिस सेवा में लंबे समय तक अनुकरणीय कार्य के लिए प्रदान किया जाता है। इस सूची में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर फील्ड में कार्यरत जवानों तक को शामिल किया गया है, जो यह दर्शाता है कि बिहार पुलिस में हर स्तर पर किए गए बेहतर कार्यों को मान्यता दी जा रही है। सम्मानित अधिकारियों में दलजीत सिंह, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), बिहार शामिल हैं। उनके साथ राजीव रंजन द्वितीय, सहायक महानिरीक्षक (एआईजी), और अजय कुमार पांडेय, कमांडेंट, बिहार सरहनीय सेवा पदक मिला है। इसके अलावा डीएसपी शैलेश मिश्रा, सब-इंस्पेक्टर मो. ऐनुल हक, ऋषिकेश कुमार, मनोज कुमार, निक्कू कुमार सिंह, तथा एएसआई नागेंद्र पांडेय को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है। वहीं, जमीनी स्तर पर सेवा देने वाले हेड कांस्टेबल संजय कुमार सिंह, सुकड़ा उरांव, धर्मेंद्र कुमार, जवाहर लाल मंडल, उमेश कुमार सिंह, ओम प्रकाश, एमडी रफी और कांस्टेबल मनोज कुमार सिंह को भी मेरिटोरियस सर्विस मेडल प्रदान किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे बिहार पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है। यह सम्मान न सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है। दो CBI अधिकारियों को सम्मान केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एंटी करप्शन ब्रांच, पटना में तैनात दो अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस मेडल फार मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) रूबी चौधरी और हेड कांस्टेबल भोला राय को प्रदान किया गया। दोनों अधिकारियों ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, जटिल मामलों की सफल जांच और संगठन के प्रति अनुकरणीय निष्ठा का परिचय दिया है।