samacharsecretary.com

16 साल के दलित बच्चे को थर्ड डिग्री, जयपुर अस्पताल में वेंटिलेटर पर भर्ती

 भिवाड़ी राजस्थान के भिवाड़ी में खाकी एक बार फिर सवालों में घिरती नजर आ रही है. यहां यूआईटी थाने में एक 16 वर्षीय नाबालिग दलित बालक के साथ पुलिस कस्टडी में बर्बरता और थर्ड डिग्री यातना देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस की कथित पिटाई से मासूम की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसे जयपुर के निम्स अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है. भारी जन-आक्रोश और रातभर चले धरने के बाद पुलिस ने आरोपी थाना प्रभारी दारा सिंह सहित चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. घर से जबरन उठाकर ले गए   परिजनों का आरोप है कि 21 अप्रैल को सिपाही गोपाल और अन्य पुलिसकर्मी नाबालिग को उसके घर से जबरन उठाकर ले गए थे. उस वक्त बच्चा पूरी तरह स्वस्थ था. बाद में पीड़ित के चचेरे भाई को थाना प्रभारी का फोन आया जिस पर बच्चे ने रोते हुए अपनी जान बचाने की गुहार लगाई. अगले दिन जब परिवार थाने पहुंचा तो उन्हें मिलने नहीं दिया गया. दोपहर में अचानक फोन आया कि बच्चा अस्पताल में भर्ती है और उसका आधार कार्ड लेकर पहुंचें. जब परिजन पहुंचे तो मासूम बेहोशी की हालत में वेंटिलेटर पर था. वीडियो डिलीट कराने और मामले को दबाने का आरोप पीड़ित परिवार ने बताया कि जब उन्होंने अस्पताल में बच्चे की हालत की वीडियो बनाने की कोशिश की तो थाना प्रभारी दारा सिंह और पुलिसकर्मी पवन यादव ने उन्हें धमकाया और जबरन वीडियो डिलीट करवा दिए. आरोप है कि पुलिस इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रही थी. यहां तक कि शुरुआत में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से भी मना कर दिया था. भारी तनाव के बीच रात 1 बजे दर्ज हुई FIR पूर्व विधायक संदीप यादव और ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बाद भिवाड़ी एसपी ब्रजेश उपाध्याय मौके पर पहुंचे. तनाव बढ़ता देख एसपी के निर्देश पर रात करीब 1 बजे मुकदमा दर्ज किया गया. इस FIR में थाना प्रभारी दारा सिंह, सिपाही गोपाल, गोविंद और पवन यादव को नामजद किया गया है. मामले की जांच एससी एसटी सेल के आरपीएस अधिकारी शीशराम मीणा को सौंपी गई है.

सीकर के वीर सपूत देशराज सिंह की ड्यूटी के दौरान शहीद , गांव में शोक

  सीकर देश की सेवा करते हुए राजस्थान के सीकर का एक और जवान शहीद हो गया है. नीमकाथाना में पाटन इलाके के निवासी जवान देशराज सिंह तंवर की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, वह अरुणाचल प्रदेश में बॉर्डर पर पेट्रोलिंग कर रहे थे. इसी दौरान लैंडस्लाइड की वजह से एक दर्दनाक हादसा हुआ और वह इसके चपेट में आ गए. जिससे जवान देशराज सिंह की जान चली गई है. देशराज सिंह के ड्यूटी पर शहीद होने की खबर सुनते ही उनके पैतृक गांव काचरेडा में शोक की छा गई. कल राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार बताया जा रहा है कि शहीद देशराज सिंह तंवर का अंतिम संस्कार मंगलवार उनके पैतृक गांव काचरेडा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा. कल सुबह शहीद के सम्मान में पाटन से काचरेडा तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल होंगे. जानकारी के अनुसार, देशराज सिंह तंवर 25 अप्रैल को सीमा पर पेट्रोलिंग के दौरान अचानक हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चपेट में आए. जिसमें वह शहीद हो गए. शहीद देशराज के दादा भी भारतीय सेना में रहे सोमवार सुबह शहीद जवान देशराज का पार्थिव शरीर विशेष विमान से गुवाहाटी से दिल्ली लाया गया. इसके बाद दिल्ली से लाकर कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल में रखा जाएगा. शहीद देशराज सिंह के परिवार का सेना से पुराना नाता है. उनके चाचा सुबे सिंह ने बताया कि देशराज तीन भाई-बहन थे, जिसमें वह दूसरे नंबर पर थे. उनके बड़े भाई भी भारतीय सेना में सेवा हैं. अपने पीछे छोड़ गए पत्नी और 2 साल की बेटी वहीं उनके दादा भगवान सिंह भारतीय सेना में रहे, जो रिटायर हो चुके हैं. परिजनों ने बताया कि देशराज 5 साल पहले ही सेना में भर्ती हुए थे और भारतीय सेना के ग्रेनेडियर के पद तैनात थे. शहीद अपने पीछे पत्नी और एक 2 साल की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं. देशराज की मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है. हालांकि अभी तक घर में पिता उदय सिंह, परिवार की महिलाओं और बुजुर्गों को देशराज सिंह के शहीद होने की जानकारी नहीं दी गई है.

टामटिया गांव में हत्या के बाद हिंसा, गुस्साई भीड़ ने कई घरों में लगाई आग

बांसवाड़ा बांसवाड़ा में मोटागांव क्षेत्र के टामटिया गांव में एक हत्या ने पूरे इलाके को हिंसा की आग में झोंक दिया. इस हत्या के पीछे वजह कोई मामूली विवाद या आपसी रंजिश नहीं, बल्कि वर्षों पुराने ‘प्रेम प्रसंग' से उपजी चिंगारी थी. वो चिंगारी, जिसने पूरे गांव को फूंक दिया. विवाद की जड़ मृतक की बहन और कटारा फला गांव के एक युवक के बीच पुराना प्रेम संबंध था. यह प्रेम संबंध खत्म हो चुका था और दोनों एक-दूसरे से अलग रहने के बाद वैवाहिक जीवन जी रहे थे. लेकिन इसी बीच दोनों परिवार के बीच फिर से रंजिश पैदा हुई और मामला खूनी जंग तक पहुंच गया. इसी विवाद में आरोपी ने पूर्व प्रेमिका के भाई को मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद मृतक के परिवार ने आरोपी के गांव में कई घरों में आग लगा दी. हालांकि, पुलिस की तफ्तीश पूरी होने के बाद ही असली वजह की पुष्टि हो पाएगी. दोनों पक्षों के बीच पहले भी हुए थे केस पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, बहन के मामले को लेकर मृतक और आरोपी का कई बार विवाद हो चुका  था. कई बार दोनों के बीच समझाइश की भी कोशिश हुई और दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवा चुके थे. बीती रात आरोपी युवती के घर पहुंचा और उसके भाई से मारपीट कर दी, इसी दौरान कुल्हाड़ी से वार किए और उसकी हत्या कर दी गई. बाइक-बकरियां, जो मिला सबकुछ जला दिया हत्या की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया. गुस्साई भीड़ ने आरोपी पक्ष के घरों, वाहनों और यहां तक कि मवेशियों को भी नहीं छोड़ा. आगजनी में बाइक, एक ऑटो रिक्शा और कई बकरियां जलकर खाक हो गईं. स्थिति इतनी भयावह हो गई कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को भी गांव में एंट्री से रोका गया. कई घंटों बाद सुबह करीब 5 बजे आग पर काबू पाया जा सका. हिंसा के बाद गांव में सन्नाटा थानाधिकारी रमेश पाटीदार के अनुसार फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं. पुलिस ने आरोपी पक्ष के तीन लोगों को डिटेन किया है और मामले की जांच जारी है. गांव में भारी पुलिस बल तैनात है, लेकिन दहशत और सन्नाटा अभी भी कायम है.  

दिनदहाड़े अपहरण और फिरौती, बारां की कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

बारां बारां में ग्लास व्यापारी के अपहरण के मामले में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने प्रशासन को फटकार लगाई है. उन्होंने पुलिस एसपी से बात कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए. पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मामले में चिंता जाहिर करते हुए पुलिस प्रशासन को चेताया. प्रकरण शहर के ग्लास व्यापारी सतीश गौड़ के अपहरण से जुड़ा है. व्यापारी को अगवा कर फिरौती की डिमांड की गई थी. इस मामले ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, व्यापारियों में भी गुस्सा देखने को मिल रहा है. व्यापारी को बंधक बनाकर खेत में रखा जानकारी के अनुसार, व्यापारी सतीश गौड़ को दिनदहाड़े कार में अगवा कर खेत में बंधक बनाकर रखा गया. बदमाशों ने बंदूक की नोक पर मारपीट की और उनका वीडियो बनाकर पहले 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी. बाद में आरोपियों ने 6 लाख रुपये नकद और 8 लाख रुपये के चेक लेकर व्यापारी को छोड़ दिया. मामले के सामने आने के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है. सांसद दुष्यंत सिंह ने भी लिया संज्ञान घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह ने संज्ञान लिया है. दोनों नेताओं ने एसपी अभिषेक अंदासु से बात कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. राजे ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अपराधियों के खिलाफ किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी. पुलिस ने भी मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

भीषण गर्मी को देखते हुए करौली प्रशासन का बड़ा फैसला, सुबह लगेंगी कक्षाएं

करौली करौली में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने आदेश जारी कर सभी सरकारी और प्राइवेट स्‍कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल समय में बदलाव किया है. यह आदेश 27 अप्रैल 2026 से 16 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा. प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. सुबह 7:30 बजे से चलेंगी कक्षाएं    जिला कलेक्टर के जारी आदेश के अनुसार, अब जिले के सभी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 11 बजे तक ही संचालित होंगी. कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए पूर्व निर्धारित समय यथावत रखा गया है. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि गर्मी के बढ़ते प्रभाव और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ज‍िससे विद्यार्थियों को लू और अत्यधिक तापमान से बचाया जा सके. नियमों का पालन करने के निर्देश जिला कलेक्टर ने यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत जारी किया है. साथ ही सभी विद्यालय संचालकों को सख्ती से निर्देश दिए गए हैं कि वे इस आदेश की पालना सुनिश्चित करें. अगर आदेश की अवहेलना की गई तो स्कूल संचालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के धर्मेंद्र कुमार मीणा ने जानकारी दी है. यह जो फैसला लिया गया, इसलिए क्योंकि जिले में हीट वेब शुरू हो चुकी है, जिसके कारण छोटे-छोटे बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.  स्कूल प्रबंधकों से अपील की गई है क‍ि प्रभावी तरीके से नियमों का पालन करें.

हीटवेव से झुलस रहा राजस्थान, 48 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी

 जयपुर राजस्थान इस समय भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू (Heatwave) की चपेट में है. मरुधरा के बाड़मेर में रविवार को पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुँचा, जिसने इसे राज्य का सबसे गर्म शहर बना दिया. फलोदी, जैसलमेर और जालौर जैसे जिलों में भी तापमान 45 डिग्री के ऊपर बना हुआ है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा है और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है. अगले 48 घंटे भारी, जारी हुई 'येलो वार्निंग' मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आगामी 24 से 48 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव का दौर जारी रहेगा. नागौर, जोधपुर, जैसलमेर, कोटा, बीकानेर और अजमेर सहित कई जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी है. पश्चिमी विक्षोभ बदलेगा मौसम का मिजाज तपती गर्मी के बीच एक अच्छी खबर भी सामने आई है. मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं भी जोर पकड़ रही हैं. इस दोहरे प्रभाव के कारण अगले 3-4 दिनों में राजस्थान के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. आंधी और बारिश से गिरेगा पारा आगामी दिनों में दोपहर के बाद बादलों की गर्जना के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है. चूरू, झुंझुनू और सीकर जैसे जिलों में भी बूंदाबांदी के आसार हैं. इस मौसमी बदलाव से तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आएगी, जिससे झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

राजस्थान पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग के शार्प शूटर को पकड़ा, 27 मामले दर्ज

जयपुर  राजस्थान पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के जरिए अहम सफलता हासिल की है। जयपुर में की गई इस कार्रवाई के तहत सुजानगढ़ के चर्चित जेडीजे ज्वैलर्स फायरिंग कांड के मुख्य आरोपी कृष्ण सिंह को तीन साल बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, कृष्ण सिंह कुख्यात रोहित गोदारा और वीरेन्द्र चारण गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है। वह रंगदारी वसूली के लिए फायरिंग और हत्या जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से वांछित था और लगातार फरार चल रहा था। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक और बड़े अपराधी लक्ष्मण सिंह को भी दबोचा है, जो 27 मुकदमों में शामिल आदतन अपराधी बताया जा रहा है। वैशाली नगर और मकराना क्षेत्र की पुलिस के लिए वह लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था। एजीटीएफ की इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क और अन्य आपराधिक वारदातों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है। इस पूरे अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एमएन के निर्देशन में किया गया। टीम प्रभारी प्लाटून कमांडेंट सोहन सिंह सहित पुलिस दल के अन्य सदस्यों ने भी इस ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजस्थान पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि अपराधी चाहे कहीं भी छिपे हों, कानून के हाथ उनसे ज्यादा दूर नहीं हैं।

HRRL रिफाइनरी में आग के बाद मरम्मत तेज, मई में उत्पादन की तैयारी

बाड़मेर  राजस्थान के बालोतरा (पचपदरा) में अग्निकांड के बाद खुशखबरी मिली है। देश की महत्वाकांक्षी परियोजना एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (HRRL) में फिर से जल्द ही सुचारू होगी। हाल ही में हुई अग्नि दुर्घटना को लेकर कंपनी ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। रिफाइनरी के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से, क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) में लगी आग के बाद अब मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। कंपनी का लक्ष्य है कि मई 2026 के अंत तक यूनिट को दोबारा चालू कर उत्पादन शुरू कर दिया जाए। जांच में खुलासा: लीकेज बना हादसे की वजह कंपनी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, यह आग सीडीयू यूनिट के हीट एक्सचेंजर स्टैक तक ही सीमित रही। दुर्घटना का मुख्य कारण वैक्यूम रेजिड्यू एक्सचेंजर की इनलेट लाइन पर लगे प्रेशर गेज टैपिंग पॉइंट से हाइड्रोकार्बन का रिसाव माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि सुरक्षा प्रणालियों के सक्रिय होने से आग पूरे प्लांट में नहीं फैली। इस हादसे में कुल छह एक्सचेंजर और उनसे जुड़े सहायक उपकरणों को नुकसान पहुंचा है, जिन्हें अब बदला या दुरुस्त किया जा रहा है। मई 2026 से मिलेगा स्वदेशी ईंधन एचआरआरएल प्रबंधन के अनुसार, प्रभावित हिस्सों की मरम्मत का काम अगले 3 से 4 सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। कंपनी की योजना के मुताबिक मई 2026 का दूसरा पखवाड़ा से सीडीयू यूनिट को दोबारा शुरू किया जाएगा। कंपनी ने इसके लिए मई के तीसरे- चौथे सप्ताह की समयसीमा रखी है। इसी महीने के दौरान एलपीजी, पेट्रोल (MS), डीजल (HSD) और नैफ्था जैसे उत्पादों का ट्रायल प्रोडक्शन शुरू हो जाएगा। अन्य सहायक इकाइयां पहले से ही कमीशनिंग के अंतिम चरण में हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से स्थिर किया जाएगा। राजस्थान की पचपदरा रिफाइनरी में लगी भीषण आग, PM मोदी करने वाले थे उद्घाटन पढ़िये पदपचरा रिफाइनरी अग्निकांड से जुड़ी प्रमुख बातें     कंपनी की प्रारम्भिक जांच के अनुसार आग लगने की मुख्य वजह हाइड्रोकार्बन का रिसाव था।     यह रिसाव वैक्यूम रेजिड्यू एक्सचेंजर की इनलेट लाइन पर लगे एक प्रेशर गेज टैपिंग पॉइंट से हुआ था।     पदपचरा रिफाइनरी 80,000 करोड़ रुपये की विशाल परियोजना है, जिसकी ल क्षमता 9 मिलियन टन प्रति वर्ष है।  

रोहित गोदारा गैंग पर शिकंजा, मोस्ट वांटेड कृष्ण सिंह दबोचा गया

जयपुर राजस्थान में संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ प्रदेश की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है. एडीजी दिनेश एम एन के कड़े निर्देशन में काम कर रही टीम ने सुजानगढ़ के बहुचर्चित 'जेडीजे ज्वैलर्स' फायरिंग मामले के मुख्य आरोपी कृष्ण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. वह पिछले 3 सालों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था. रोहित गोदारा गैंग का सक्रिय मोहरा गिरफ्तार पकड़ा गया आरोपी कृष्ण सिंह कुख्यात अपराधी रोहित गोदारा और वीरेन्द्र चारण गैंग का बेहद सक्रिय सदस्य है. कृष्ण सिंह पर रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग करने और हत्या जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस लंबे समय से इसकी तलाश में जुटी थी. एजीटीएफ की पैनी नजर और सटीक मुखबिरी के चलते इस मोस्ट वांटेड अपराधी को सलाखों के पीछे भेजा जा सका है. 27 मुकदमों का अपराधी लक्ष्मण सिंह भी दबोचा गया इस कार्रवाई में टास्क फोर्स ने केवल कृष्ण सिंह को ही नहीं बल्कि एक और आदतन अपराधी लक्ष्मण सिंह को भी दबोचने में सफलता पाई है. लक्ष्मण सिंह के खिलाफ अलग-अलग थानों में 27 मुकदमे दर्ज हैं. वह वैशाली नगर और मकराना पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था. इन दोनों की गिरफ्तारी से गैंग के नेटवर्क को तगड़ा झटका लगा है. इन जांबाज पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका इस सफल ऑपरेशन में टीम प्रभारी सोहन सिंह और हेड कांस्टेबल महेश सोमरा के नेतृत्व में पूरी टीम ने जी-जान लगा दी. टीम के सदस्य होशियार सिंह, प्रवीण कुमार, जुगन सिंह, महावीर सिंह और कांस्टेबल मोहित महला, जगदीप, जितेंद्र कुमार व सुरेंद्र कुमार ने अपनी विशेष भूमिका निभाई.

बाइक सवार को बचाने में हादसा, चार गंभीर घायल कोटा रेफर

 बूंदी राजस्थान के बूंदी जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने यात्रियों की जान जोखिम में डाल दी. कापरेन थाना क्षेत्र के अंतर्गत कापरेन और हीरापुर के बीच बूंदी-कोटा लालसोट हाईवे पर सवारियों से भरी एक तेज रफ्तार स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. यह बस कोटा से दिल्ली की ओर जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे. इस हादसे में लगभग 15 यात्री घायल हो गए हैं. बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा हादसे की शुरुआती जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि बस ड्राइवर ने सड़क पर अचानक आए एक बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया था, लेकिन बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह उस पर नियंत्रण नहीं रख सका. देखते ही देखते बस सड़क पर पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई. जान बचाने की जद्दोजहद में यात्री इधर-उधर भागने लगे, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. क्रेन की मदद से बाहर निकाले गए फंसे हुए यात्री घटना की जानकारी मिलते ही कापरेन थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. बस पलटने के कारण कुछ यात्री उसके अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस को क्रेन की मदद लेनी पड़ी. काफी मशक्कत के बाद दो यात्रियों को बस के मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया. 4 गंभीर घायलों को कोटा किया गया रेफर सभी घायलों को तत्काल कापरेन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार, घायल 15 यात्रियों में से 4 की हालत अत्यंत गंभीर है, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोटा के एमबीएस (MBS) अस्पताल रेफर कर दिया गया है. अन्य घायलों का उपचार कापरेन में ही जारी है. हाइवे पर लगा लंबा जाम, पुलिस ने संभाली स्थिति इस दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए क्रेन की मदद से बस को हटवाया और धीरे-धीरे यातायात को सुचारू कराया. फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है.