samacharsecretary.com

सिडनी में हरियाणा के मां-बेटे की जोड़ी ने शूटिंग में जमाई धाक

भिवानी. हरियाणवी हुनर विदेशों में खुद को साबित कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शूटिंग में एक साथ उतरने वाली हरियाणवी मां और बेटे की यह जोड़ी प्रदेश और देश का नाम विदेशी धरती पर चमका रही है। सिडनी इंटरनेशनल शूटिंग सेंटर में 20 से 22 फरवरी तक हुए सिडनी कप प्रथम में हरियाणवी मां सुनैना सांगवान और बेटे सामर्थ्य सांगवान ने टाप टेन में जगह बनाकर शूटिंग प्रेमियों के दिलों में जगह बनाई है। शहर की इंदिरा कालोनी निवासी सुनैना सांगवान ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग–2 व्यक्तिगत स्पर्धा में 534 अंक अर्जित कर 11 प्रतिभागियों के बीच 9वां स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपनी छह सीरीज में 88, 89, 88, 93, 89 और 87 अंक हासिल किए। वहीं 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग के क्वालिफिकेशन राउंड में सुनैना सांगवान के बेटे सामर्थ्य सांगवान ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 541 अंक अर्जित कर प्रतियोगिता में 10वां स्थान हासिल किया। कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा। निशानेबाजी सिखाने मां अपने बेटे के साथ जाते-जाते खुद भी कब निशानेबाज बन गई उनको पता ही नहीं चला। सामर्थ्य सांगवान पूर्व सांसद जंगबीर सिंह की बहन के पोते हैं। सामर्थ्य के दादा सज्जन सांगवान बताते हैं कि इंजीनियर बेटे प्रवीण सांगवान वर्ष 2016 में नौकरी के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया चले गए थे। सुनैना सांगवान बेटे के साथ आती थी। उन्होंने खुद भी शूटिंग का अभ्यास शुरू कर दिया। अब वह निशानेबाजी में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है। दोनों मां बेटा अंतरराष्ट्रीय स्तर स्टीक निशाना लगा कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।  – प्रदीप बेनीवाल कोच एवं निदेशक, लक्ष्य स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी     बहू और पोते की उपलब्धि ने मेरा सीना चौड़ा किया है। मुझे उन पर गर्व है। दोनों की इस उपलब्धि पर परिवार में भी खुशी का माहौल है।  – सज्जन सांगवान, दादा     हरियाणवी चाहे दुनिया में कहीं भी हों, अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा ही लेते हैं। मां-बेटे का अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में खेलना ही अपने आप में बेमिसाल है। सुनैना और उनके बेटे सामर्थ्य ने यह साबित किया है कि उनका निशाना चिड़िया की आंख है। आने वाले समय में मां-बेटा की यह जोड़ी कमाल जरूर करेगी। – एडवोकेट राजनारायण पंघाल, खेल प्रेरक

हरियाणा में खाद की कालाबाजारी से पहले 550 बैग से भरा ट्रक पकड़ा

यमुना नगर. यमुनानगर में एक ओर जहां किसानों को यूरिया खाद की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ खाद माफिया की सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है। ताजा मामले में सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने एक ट्रक को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें सैकड़ों बैग यूरिया खाद बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में यूरिया खाद को अवैध तरीके से कहीं सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जांच अधिकारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी जांच की गई। जांच के दौरान ट्रक में करीब 550 बैग यूरिया खाद बरामद हुआ, जो किसानों की फसलों में उपयोग होने योग्य बताया जा रहा है, लेकिन यह खाद गलू बनाने के लिए फैक्ट्रीयो में बेचा जाता है  पुलिस ने जब ट्रक चालक से खाद से संबंधित दस्तावेज और बिल की मांग की तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को इंपाउंड कर लिया और उसे सदर थाना में खड़ा कर दिया गया। खाद को अवैध रूप से प्लाई फैक्ट्रियों में बेचा जा रहा बताया जा रहा है कि इस तरह की खाद को अवैध रूप से प्लाई फैक्ट्रियों में बेचा जा रहा है, जिससे किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कृषि विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया और पूरे मामले की जांच उनके हवाले कर दी गई है। ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की जांच जारी जांच अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को पकड़ा गया है। ट्रक में करीब 550 बैग यूरिया खाद मिला है। फिलहाल खाद की जांच करवाई जा रही है कि यह तकनीकी उपयोग के लिए है या फिर खेती में इस्तेमाल होने वाला है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक कोई भी बिल प्रस्तुत नहीं कर पाया है, इसलिए ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि यह खाद कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क के पीछे किन लोगों का हाथ है, इसकी भी जांच की जा रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

हरियाणा के बेटे ने इंडोनेशिया में जीता Gold Medal

यमुना नगर/बराड़ा. मुलाना के गांव नहोनी के युवा खिलाड़ी आर्यन ने इंडोनेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मैडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। भारत लौटने पर आर्यन का भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर आर्यन को लेने पहुंचे परिजनों व रिश्तेदारों ने ढोल बजाकर और हार पहना कर स्वागत किया। इसके बाद श्री गुरु रविदास धर्म स्थान सिरसगढ़ पहुंचकर आर्यन ने माथा टेका, जहां संत मनदीप दास जी ने फूलमाला और सिरोपा भेंट कर आशीर्वाद दिया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साहा चौक पर गाड़ियों और मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ आर्यन का जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद आर्यन के पैतृक नाहोनी गांव और बाजार में विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने फूलमालाएं पहनाकर और पटाखे छोड़कर खुशी जाहिर की। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य अमर सिंह नंदगढ़ ने आर्यन को बधाई देते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं दे रही है तथा खेल नर्सरियां खोलकर खिलाड़ियों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा रहा है। वही उन्हों ने कहा कि आर्यन की उपलब्धि से पूरे देश का नाम रोशन हुआ है और गांव को उस पर गर्व है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की नीति में प्रावधान हुआ तो आर्यन को नौकरी दिलाने की मांग भी की जाएगी। आपको बता दे कि आर्यन के पिता रजनीश कुमार गांव में दुकानदार हैं, जबकि माता पूनम गांव के सरकारी स्कूल में अध्यापिका हैं। आर्यन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार, मार्गदर्शक सुशील कुमार तथा भारतीय बाल बैडमिंटन महासंघ के सचिव आशुतोष राणा को दिया, जिन्होंने लगातार उसका हौसला बढ़ाया।

हरियाणा में डाक्टरों ने पेशेंट के एक साथ डाले 4 स्टेंट

अंबाला. अंबाला कैंट में बना हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के ड्रीम प्रोजेक्ट आधुनिक सुविधाओं से भरा नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट अपने अच्छे इलाज और नई नई सर्जरी के लिए जाना जाता है। वही अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में बना हार्ट सेंटर ने एक और बड़ा कमाल कर दिखाया है जहां एक साथ एक पेशेंट के 4 स्टेंट डाले गए है, ये पेशेंट खुद हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने भाई यानी राजिंदर विज है।  इस सर्जरी को करने वाले डॉक्टर डॉक्टर प्रताप कुमार ने बताया कि यू तो वो केरला में काम करते है लेकिन कई साल पहले अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में कार्यकर्ता थे । अब उन्होंने एक विशेष उबलब्धी हासिल की है जिसमें राजिंदर विज के दिल के आस पास कैल्शियम भरा हुआ था जिसके लिए लगभग 3.5 घंटे की सर्जरी में 4 स्टेंट डाले गए ,जबकि हरियाणा में ऐसा कभी नहीं हुआ और अच्छी बात तो ये रही कि सर्जरी के कुछ ही घंटों के बाद राजिंदर विज ठीक हो गए और रात के समय ही डिस्चार्ज होकर अपने घर चले गए। इस बारे में बताते हुए राजिंदर विज ने बताया कि उनके दिल के आस पास कैल्शियम चला गया था जो बहुत खतरनाक होता है। डॉक्टर ने उन्हें बायपास की सलाह दी थी लेकिन वे बायपास सर्जरी नहीं करवाना चाहते थे और जब उन्होंने इस बारे में डॉक्टर प्रताप से बात की तो उन्होंने एंजियोग्राफी की बात कही और एक समय निर्धारित करके इलाज की बात कही। जिसके बाद कल उन्होंने अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में बने हार्ट सेंटर में अपने एंजियोग्राफी कारवाई और डॉक्टर ने 4 स्टेंट डाले जिसके बाद वे कुछ ही घंटों में पहले की तरह नॉर्मल हो गए।

मुख्यमंत्री सैनी ने महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के संघर्षों को किया याद

नई दिल्ली. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा महात्मा ज्याेतिबा फुले ने समाज में फैली विषमताओं से लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने कहा था शिक्षा व्यक्ति के जीवन के लिए बेहद जरूरी है। इससे बड़ा कोई अधिकार नहीं है।जिसने यह अधिकार हासिल कर लिया उसे जीवन में असफलता का सामना नहीं पड़ेगा। शिक्षा के सामाजिक समानता को ज्योतिबा फुले ने सबसे बड़ा धर्म बताया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को जब समाज में पढ़ाना सही माना जाता तब माता सावित्री बाई फुले ने अंधकार में ज्ञान का दीप जलाया था। दोनों ने मिलकर समाज कुरीतियों के अंधकार को दूर करने का काम किया। मुख्यमंत्री दिल्ली की मंगोलपुरी में सैनी समाज की ओर से रविवार की सुबह आयोजित मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप शामिल हुए थे।

हरियाणा CM नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना, कहा- रोकने की राजनीति बंद करें

पंजाब हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला है। हरियाणा के सीएम नायब सैनी आज अमृतसर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गुरुओं की पावन और इतिहासिक धरती को नम्न किया। सीएम सैनी ने कहा कि, पंजाब में ड्रग्स तेजी से फैल रहा हैं और सरकार सिर्फ एडवर्टाइजमेंट पर पैसा खर्च कर रही है। उन्होंने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार चाहती है कि कोई यहां न आए। सीएम सैनी ने कहा कि मेरे पंजाब में जगह-जगह प्रोग्राम प्लान किए गए हैं, लेकिन यहां की सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए इन प्रोग्राम को रोकने की कोशिश कर रही है। नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार को ठोकवा जवाब देते हुए कहा कि पंजाब में प्रोग्रामों को रोका जा रहा है, आप रोकने का काम न करें, बल्कि अपना काम करें। अगर आप काम करेंगे तो लोग आपकी आवाज बनेंगे और अगर आप करप्शन में लिप्त होंगे तो पूरा पंजाब आपके खिलाफ खड़ा हो जाएगा। सीएम सैनी ने कहा कि इन्होंने जो झूठे वादे पंजाब के लोगों से किए थे, आज उनकी पोल खुल गई है। सीएम सैनी ने आगे कहा कि, इन्होंने जमीनी लेवल पर कुछ काम नहीं किया है। ये कांग्रेस से भी बुरे हैं। नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी का है। उन्होंने युवाओं को पंजाब की मज़बूती के लिए BJP की सरकार बनाने का मैसेज दिया। यही नहीं गैंगस्टर कल्चर पर बोलते हुए सीएम सैनीने कहा कि, पंजाब में युवा को निराशा और नशे के अंधकार में धकेला जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने विश्वास की जमीन को बंजर बनाया है। वहीं कांग्रेस ने नशा गांव-गांव तक पहुंचाया है। आम आदमी पार्टी पंजाब का शोषण कर रही है। हमें हरियाणा के वादे पूरे किए हैं। आम आदमी पार्टी ने पंजाब का कोई वादा पूरा नहीं किया है। हमने हरियाणा के किसानों को मजबूत किया है। सैनी ने कहा कि, पंजाब में गैंगस्टर कल्चर फैल रहा है। पंजाब सरकार ने गैंगस्टर कल्चर को बढ़ावा दिया है। पंजाब सरकार ने गैंगस्टर कल्चर को हवा दी है। 2027 में बीजेपी सरकार गैंगस्टर प्रथा खत्म करेगी। जब बीजेपी सरकार बनेगी तब गैंगस्टर प्रथा खत्म होगी। 

विधानसभा बजट सत्र में 2 मार्च तक नहीं आएंगे मंत्री अनिल विज

चंडीगढ़. विधानसभा बजट सत्र के पहले दिन परिवहन मंत्री अनिल विज सहित चार विधायक सदन से गैर-हाजिर रहे। विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने बताया कि उन्हें ई-मेल के जरिए परिवहन मंत्री अनिल विज ने स्वास्थ्य कारणों की वजह से 2 मार्च तक छुट्टी पर रहने का आग्रह किया है। दरअसल गत दिनों अनिल विज के दोनों पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जहां चिकित्सकों ने विज को 4 सप्ताह के लिए आराम करने को कहा है। इसी तरह से विधायक प्रमोद विज ने परिवार में शादी समारोह होने के कारण स्पीकर से 23 फरवरी तक छुट्टी पर रहने का पत्र भेजा है। इसके अलावा विधायक मंजू चौधरी और विधायक चंद्रप्रकाश ने भी शादी समारोह के कारण अवकाश भेजा था। विधानसभा स्पीकर ने सदन में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को जन्मदिन की बधाई दी। स्पीकर ने कहा कि श्याम सिंह राणा 78 वर्ष के हो गए हैं। इस पर सदन में मौजूद सभी मंत्री-विधायकों ने श्याम सिंह राणा को जन्मदिन की बधाई दी। सदन में मार्शल की जगह तैनात हुए पुलिस अफसरः विधानसभा बजट सत्र में लंबे समय बाद स्पीकर के आसन के पीछे मार्शलों की जगह पुलिस अफसर दिखाई दिए। इससे पहले विधानसभा के मार्शल ही स्पीकर के आसन के पीछे नजर आते रहे हैं, लेकिन इस बार स्पीकर ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए हरियाणा पुलिस के 2 डी.एस.पी. की ड्यूटी लगाई है। सत्र के पहले दिन दोनों पुलिस अफसर बतौर मार्शल ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। बताया गया कि वर्ष 1966 से 2019 तक विधानसभा में पुलिस अफसर के रूप में मार्शल तैनात रहते थे, जहां बाद में तत्कालीन स्पीकर ने विधानसभा के कर्मचारियों को बतौर मार्शल तैनात कर दिया था। लिहाजा इस बार स्पीकर कल्याण ने पुरानी व्यवस्था में बदलाव करते हुए पुलिस अफसरों की तैनाती कर दी।

11 वैज्ञानिकों को CM सैनी की मौजूदगी में मिलेगा विज्ञान रत्न व युवा विज्ञान रत्न सम्मान

चंडीगढ़. हरियाणा के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी निदेशालय द्वारा 28 फरवरी को हरियाणा लोक भवन में हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार एवं हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें 11 प्रख्यात वैज्ञानिकों का सम्मान किया जा रहा है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि होंगे और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा समारोह में बतौर विशिष्ठ अतिथि शिरकत करेंगे। राज्य स्तरीय समारोह में वर्ष 2022 से 2024 तक के पुरस्कारों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने के लिए वैज्ञानिकों को सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार के लिए 5 वैज्ञानिक और हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार 6 वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। 5 वैज्ञानिकों को मिलेगा हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कारः उन्होंने बताया कि हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार में वर्ष 2022 के लिए सी.एस.आई.आर. भावनगर के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डा. अरविंद कुमार व पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, बठिंडा के प्राध्यापक डा. राजकुमार, वर्ष 2023 के लिए भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी से सम्मानित आई.आई.एस.ई.आर., मोहाली और एमेरिटस पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ की प्राध्यापक डा. सुदेश कौर खंडूजा को और वर्ष 2024 के लिए क्षेत्रीय जैव प्रौद्योगिकी केंद्र फरीदाबाद के प्राध्यापक डा. दीपक थंकप्पन नायर व राष्ट्रीय मस्तिष्क अनुसंधान केंद्र मानेसर के वैज्ञानिक डा. अनिर्बान बासू को सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार के लिए 6 चयनितः प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार में वर्ष 2022 के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गांधीनगर के सहायक प्राध्यापक डा. विनीत वशिष्ठ व डी. वाडिया हिमालयन भूविज्ञान संस्थान देहरादून के वैज्ञानिक डा. विकास, वर्ष 2023 के लिए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान अगरतला के सहायक प्राध्यापक डा. परमवीर सिंह व भारतीय विज्ञान संस्थान बैंगलोर के सहायक प्राध्यापक डा. चिराग जैन तथा वर्ष 2024 के लिए आई.आई.एस.ई.आर., मोहाली के सहायक प्राध्यापक डा. जोगेंद्र सिंह एवं एलवीप्रसाद नेत्र संस्थान हैदराबाद की परामर्शदाता नेत्र चिकित्सक डा. स्वाति सिंह वैज्ञानिक को पुरस्कृत किया जाएगा।

हरियाणा में फरवरी के आखिरी दिनों में अचानक बदला मौसम

चंडीगढ़. हरियाणा में मौसम लगातार बदल रहा है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से आज सूबे के कई इलाकों में गहरी धुंध देखने को मिली। हवाओं के कारण सुबह ठंडक महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर में तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में औसत न्यूनतम तापमान में 0.7°C की वृद्धि हुई है, जबकि अधिकतम तापमान औसतन 1.4°C बढ़ा है। दिन का तापमान सामान्य से 2.3°C ऊपर चल रहा है, जिससे दोपहर में गर्मी लग रही है। आने वाले अगले 5 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसतन 1.4°C की वृद्धि के साथ दिन का तापमान सामान्य से 2.3°C अधिक चल रहा है। सबसे अधिक तापमान 29.9°C पलवल में दर्ज हुआ। धूप तेज होने के कारण दोपहर के समय गर्मी का अहसास बढ़ रहा है। किसानों को दी ये सलाह किसान शुष्क मौसम को देखते हुए आवश्यकता अनुसार सिंचाई करें। गेहूं की फसल में पीला रतुआ और दीमक की निगरानी करें। सरसों में माहू (एफिड) दिखने पर दवा का छिड़काव करें। मौसम साफ रहेगा इसलिए किसान गन्ने की कटाई शुरू करें। फलदार पौधों में गोबर की सड़ी खाद डालें और सिंचाई करें।

CM नायब 2 मार्च को पेश करेंगे सवा लाख करोड़ का बजट

चंडीगढ़. हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र का कैलेंडर तय हो गया है और अब सबकी निगाहें दो मार्च पर टिक गई हैं, जब वर्ष 2026-27 का बजट अनुमान सदन में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री के नाते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करीब सवा लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट पेश करेंगे। सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की पहली रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत कर संभावित कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया। बीएसी की सिफारिश के अनुसार दो मार्च को प्रातः 11 बजे बजट पेश होगा। पांच मार्च से बजट अनुमानों पर सामान्य चर्चा शुरू होगी, जो चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगी। 10 से 13 मार्च तक विभागीय स्थायी समितियां बजट अनुमानों पर विस्तार से विचार करेंगी। इसके बाद 16 मार्च को समितियों की रिपोर्टें सदन में रखी जाएंगी और 17 मार्च को वित्त मंत्री द्वारा जवाब के बाद बजट पर चर्चा व मतदान होगा। इसी दिन विनियोग विधेयक भी पेश किया जाएगा। 23 से 27 फरवरी तक प्रश्नकाल 20 फरवरी को सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से हुई। इसके बाद 23 से 27 फरवरी तक प्रश्नकाल, शून्यकाल और राज्यपाल के अभिभाषण पर सामान्य चर्चा होगी। 27 फरवरी को मुख्यमंत्री द्वारा जवाब और धन्यवाद प्रस्ताव पर मतदान होगा। 26 फरवरी को वर्ष 2025-26 के अनुपूरक अनुमान (तीसरी किस्त) प्रस्तुत किए जाएंगे और उसी दिन उस पर चर्चा व मतदान भी होगा। साथ ही नियम 121 के तहत प्रस्ताव और चार निर्वाचित समितियों के नामांकन भी होंगे। बैठकों का समय और अवकाश बीएसपी की रिपोर्ट के अनुसार अलग-अलग तिथियों पर बैठक के समय में बदलाव रहेगा। कुछ दिन सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक और कुछ दिन दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक बैठकें चलेंगी। 21, 22 फरवरी, 28 फरवरी, एक मार्च, तीन, चार मार्च, सात, आठ मार्च तथा 14, 15 मार्च को अवकाश रहेगा। विभागीय स्थायी समितियों की 10 से 13 मार्च तक होने वाली बैठकों को भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इन्हीं में विभिन्न विभागों के खर्च और प्रस्तावित आवंटन की गहन समीक्षा होगी। 18 मार्च को प्रश्नकाल के साथ नियम 15 के तहत निरंतर बैठक और नियम 16 के तहत अनिश्चितकालीन स्थगन संबंधी प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। इसी दिन विभिन्न समितियों की रिपोर्टें भी रखी जाएंगी।