samacharsecretary.com

निकिता मामले में विज की सख्ती के बाद हेड कॉन्स्टेबल पर हत्या का केस दर्ज

अंबाला. नशे में धुत्त हेड कांस्टेबल की कार चढ़ने से मारी गई 24 वर्षीय निकिता की मौत के मामले में पड़ाव थाना पुलिस ने आरोपित अमित कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 यानी गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। अभी इस मामले में आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, इस मामले में पीड़ित परिवार को पड़ाव थाने में बुलाया गया था। मृतका के चचेरे भाई मयंक ने बताया कि वह थाने में गए थे, लेकिन उन्हें बताया गया कि आज कोई सड़क हादसा हो गया है। बाद में बुलाया जाएगा। बता दें कि दो दिन पहले पीड़ित परिवार ने मंत्री विज के पास जाकर न्याय की गुहार लगाई थी। साथ ही बताया था कि आरोपित पुलिस कर्मी के खिलाफ कमजोर धाराएं लगाई गई इसीलिए उसे जमानत मिल गई। इसपर विज ने एसपी अजीत सिंह को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। विज के आदेश के बाद ही आरोपित के खिलाफ 105 धारा लगाई गई। सवा लाख रुपये होनी थी निकिता की तनख्वाह निकिता गुरुग्राम की मल्टीनेशनल कंपनी में काम करती थी, करीब ढाई साल की उसकी ट्रेनिंग अब खत्म होने वाली थी। पिता यशपाल को किडनी की समस्या है। मां भी बीमार रहती हैं और कुछ दिन पहले भाई के सिर में भी चोट लगी थी। निकिता ही परिवार को संभाल रही थी, करीब 40 हजार रुपये वेतन उसे मिल रहा था। ट्रेनिंग पूरी होते ही सवा लाख रुपये वेतन होना था। लेकिन उससे पहले ही हेड कांस्टेबल की लापरवाही के चलते उसकी जान चली गई। बुधवार को हादसे से 15 मिनट पहले मां से बात हुई थी। निकिता ने अपनी मां से राजमा चावल बनाकर रखने की बात कही थी।

हरियाणा दहला: रोहतक में ताबड़तोड़ गोलियां, IG ऑफिस के नजदीक मर्डर से सनसनी

  रोहतक हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आईजी ऑफिस से कुछ ही दूरी पर दिल्ली बाईपास के पास अज्ञात हमलावरों ने दिनेश उर्फ गोगा पर 22 गोलियां दाग दीं. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. बिजी रोड पर हुई इस वारदात से आसपास अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई. मृतक दिनेश गोगा का भी आपराधिक रिकार्ड बताया जा रहा है. मौके से मिले 28 से 30 राउंड गोलियां के खोल प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर तेज रफ्तार वाहन में आए और एकाएक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें पहुंचीं और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस को मौके से करीब 28 से 30 राउंड हुए गोलियां के खोल मिले है. '2-4 कीड़े मकोड़े हैं इनका टाइम आ लिया है' घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसने मामले को और सनसनीखेज बना दिया. पोस्ट में 'जय भोले की' लिखते हुए दावा किया गया कि दिनेश गोगा की हत्या अमेरिका में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और मोस्ट वांटेड नीरज फरीदपुरिया के इशारे पर कराई गई है. पोस्ट में आगे धमकी भरे लहजे में अन्य लोगों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. लिखा है – बाकी ये और 2-4 कीड़े मकोड़े हैं इनका टाइम आ लिया है. साथ ही इसमें कुछ पुलिसकर्मियों पर करप्ट होने का आरोप भी लगाया गया है. पोस्ट में लिखा है- हम देश के कानून और ईमानदार खाकी का सम्मान करते हैं लेकिन कुछ करप्ट पुलिसवालों के कारण आज ये दिन देखना पड़ रहा है.  

जहरीला पानी बना मौत का कारण: हरियाणा में 12 लोगों की जान गई, कई अस्पताल में भर्ती

इंदौर इंदौर में जहरीले पानी पीने की वजह से हुई मौतों के बाद हरियाणा के पलवल में भी संक्रमित पानी की वजह से कई लोगों की जान चली गई है। जानकारी के मुताबिक पिछले दो सप्ताह में ही कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है जिसमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से चार लोगों की मौत हेपेटाइटिस-बी के कारण बताई गई है। हेपेटाइटिस-बी से संक्रिमत पाए गए कई लोग अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पलवल जिले के हथीन उपमंडल के छांयसा गांव में लोगों की जांच करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की एक टीम तैनात की गयी है। गांव में 400 से अधिक लोगों की जांच की गई है। हालांकि, कुछ ग्रामीणों का दावा है कि मृतकों की संख्या इससे अधिक है और इनमें कुछ युवा भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में से चार लोग हेपेटाइटिस-बी से संक्रमित पाए गए। अन्य तीन मामलों में मौत के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल खाद्य विषाक्तता और दूषित पेयजल की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। हेपेटाइटिस-बी एक गंभीर यकृत संक्रमण है, जो हेपेटाइटिस-बी वायरस (एचबीवी) के कारण होता है। राज्य स्वास्थ्य विभाग की टीम रक्त के नमूने और अन्य नमूने एकत्र कर जांच कर रही है। जिन मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता थी, उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छयांसा गांव की कुल जनसंख्या 5700 के करीब है। यहां एक मेडिकल टीम तैनात की गई है जो कि डोर टु डोर जाकर लोगों का चेकअप और स्क्रीनिंग कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक 27 जनवरी से 11 फरवरी के बीच सात लोगों की मौत हुई थी। इनमें से चार की मौत लिवर फेल हो जाने की वजह से हुई। मरने वालों की आयु 9 साल से लेकर 65 साल तक थी। ज्यादातर लोगों ने बुखार, पेट में दर्द, दस्त और सिरदर्द की शिकायत की थी। इंदौर में जहरीले पानी ने ले ली थीं 16 जानें मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रदूषित पानी की वजह से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही पूरे देश में पीने के पानी को लेकर चिंता समा गई है। पलवल मुख्य चिकित्सा अधिकारी सतिंदर वशिषठ् ने कहा कि लगभग 1500 लोगों की गहन जांच की जा रही है। इसके अलावा उनसे जुड़े लोगों की भी स्क्रीनिंग होगी। कम से कम 800 लोगों को ओपीडी में देखा गया है और जांच के लिए उनका ब्लड सैंपल लिया गया है। 210 लोगों में दो को हेपेटाइटिस बी है और 9 लोगों को हेपेटाइटिस सी है। इन मरीजों को अस्पाल में भर्ती करवाया गया है।  

स्टार हॉकी खिलाड़ी सुमित ने सोनिका संग ऋषिकेश में लिए सात फेरे

सोनीपत. देश के दो स्टार हॉकी खिलाड़ी अब शादी के बंधन में बंध चुके है। सोनीपत के रहने वाले सुमित निवासी गांव कुराड़ और हिसार की रहने वाली सोनिका ने उत्तराखंड के ऋषिकेश में स्थित आर्चित होटल में अपने परिवारों की मौजूदगी में सात फेरे लिए और सात जन्मों के लिए साथ रहने का प्रण ले लिया। बताया जा रहा है कि शादी को दोनों परिवार से बिल्कुल गोपनीय रखा गया और दोनों के परिवारों के करीब 60 लोगों ही मौजूद थे। आपको बता दें कि सुमित उस भारतीय टीम का हिस्सा रहे है जिन्होंने पिछले ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था और सोनिका भी उस टीम का हिस्सा है जिस महिला टीम ने देश का नाम पिछले ओलम्पिक में शानदार जानदार प्रदर्शन किया था और एक बार देश की हॉकी टीम में जान डाल दी थी। सोनिका और सुमित अब दोनों आयकर विभाग में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुमित की शादी के बाद उसके बड़े भाई प्रवेश ने बताया कि दस दिन पहले बड़े की गोपनीय तरीके से ऋषिकेश में शादी समारोह आयोजित किया गया था,  जिसमें सुमित और सोनिका की शादी हुई। सोनिका कॉमनवेल्थ गेम्स में चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल और एशियन में मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रही है। दोनों की शादी में परिवार के ही लोग ही मौजूद थे और सोनिका हिसार की रहने वाली है।

रोहतक में रोहिंग्या बाहर करने के लिए 3 गांवों की हुई पंचायत

रोहतक. रोहतक जिले के महम क्षेत्र में रोहिंग्या समुदाय के कथित अवैध तौर पर रहने को लेकर विवाद सामने आया है। रविवार को महम के अशोक नगर, इमलीगढ़ और किशनगढ़ गांव के ग्रामीणों की संयुक्त पंचायत में आरोप लगाया गया कि क्षेत्र में रह रहे रोहिंग्या परिवारों के कारण अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। पंचायत ने प्रशासन से उन्हें क्षेत्र से निकालने की मांग की और चेतावनी दी कि 10 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण स्वयं बड़ा फैसला लेंगे। बैठक में रोहिंग्या समुदाय के लेबर प्रधान को भी बुलाया था। दूसरी ओर, जमीन मालिक जसवंत ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये परिवार उनकी जमीन पर किराये पर रह रहे हैं और उनके पहचान संबंधी राशन कार्ड व वोटर कार्ड आदि सभी दस्तावेज प्रशासन व पुलिस के पास हैं। ये लोग असम से आए हैं और करीब आठ वर्षों से महम क्षेत्र में रह रहे हैं। पंचायत की अध्यक्षता भाजपा नेता अजीत अहलावत और महम के पार्षद विकास श्योराण ने की। महम थाना एसएचओ सब इंस्पेक्टर सुरेश ने बताया, इस बारे में शिकायत नहीं आई है। पुलिस अक्सर जांच करती रहती है। झुग्गियों में रहने वाले असम के रहने वाले हैं। लगभग दो सप्ताह पहले ही सभी की आईडी जांचीं थीं। गतिविधियों को बताया संदिग्ध पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में रह रहे रोहिंग्या परिवारों की गतिविधियां संदिग्ध हैं और उनके कारण अपराध बढ़ने की आशंका है। भाजपा नेता अजीत अहलावत ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

हरियाणा में 73 हजार बुजुर्गों की पैंशन बहाल

चंडीगढ़. हरियाणा में करीब 73 हजार बुजुर्गों की पैंशन बहाल कर दी गई। इनैलो की ओर से इस मुद्दे को लेकर 20 फरवरी को पंचकूला में राज्यव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। खास बात यह है कि 20 फरवरी से ही प्रदेश का बजट सत्र शुरू होना है। इसके अलावा दूसरे विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा था। गौरतलब है कि हरियाणा में पैंशन सबसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा रहा है। साल 1987 में जब चौ. देवीलाल मुख्यमंत्री बने थे तो उन्होंने जून 1987 से प्रदेश में बुजुर्गों के लिए पैंशन योजना शुरू की थी। तब प्रदेश के 8 लाख 27 हजार बुजुर्गों को 100 रुपए मासिक पैंशन दिए जाने की योजना शुरू की गई। इसके बाद विधवा, दिव्यांगों, किन्नरों, बौनों एवं आश्रित बच्चों की भी पैंशन दी जाने लगी। वर्तमान में प्रदेश में 19 लाख 83 हजार वृद्धों को, 8 लाख 64 हजार विधवाओं, 1 लाख 98 हजार दिव्यांगों एवं 1 लाख 66 हजार आश्रित बच्चों को पैंशन दी जा रही है। हाल में कई मापदंडों का हवाला देकर सरकार की ओर से 73 हजार बुजुर्गों की पैंशन रोक दी गई थी। अब उनकी यह पैंशन बहाल कर दी गई है। विशेष बात यह है कि अभी 3 दिन पहले ही इनैलो सुप्रीमो चौ. अभय सिंह चौटाला ने दावा किया था कि पैंशन काटने के विरोध में 20 फरवरी को पंचकूला में जोरदार आंदोलन किया जाएगा। अपने इस आंदोलन की रणनीति के तहत इनैलो पदाधिकारियों व कार्यकत्र्ताओं ने उन बुजुर्गों से संपर्क एवं संवाद का सिलसिला भी शुरू कर दिया था, जिनकी पैंशन काटी गई थी। इसके अलावा प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पैंशन काटने के विरोध में बुजुर्गों ने प्रदर्शन भी किए। ऐसे में मामला तूल पकड़ते देख सरकार ने प्रदेश के सामाजिक अधिकारिता विभाग से समन्वय किया और एक कमेटी का गठन किया गया। अब कमेटी की अनुशंसा के आधार पर जिन बुजुर्गों की पैंशन काटी गई थी, उसे बहाल कर दिया गया है। इसके साथ ही अब बुजुर्गों की पैंशन में 200 रुपए की वृद्धि की अधिसूचना भी जारी कर दी है। पिछले साल 1 नवंबर को हरियाणा दिवस पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पैंशन में 200 रुपए की वृद्धि की घोषणा की थी। ऐसे में अब बुुजुर्गों व विधवाओं को प्रति माह 3200 रुपए मासिक पैंशन दी जाएगी। पैंशन बहाली के इस मुद्दे को इनैलो कार्यकत्र्ता अपनी जीत बता रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष रहते हुए भी किया था आंदोलन गौरतलब है कि इससे पहले भी समय-समय पर इनैलो ने विपक्ष की भूमिका निभाते हुए जनहित के मुद्दों को उठाया है। साल 2014 से लेकर 2019 तक इनैलो प्रदेश का मुख्य विपक्षी दल रही थी और उस दौरान चौ. अभय सिंह चौटाला नेता प्रतिपक्ष थे। तब अभय सिंह चौटाला ने सतलुज यमुना लिक नहर को लेकर एक बड़ा आंदोलन चलाया और जेल भी गए। नवंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हरियाणा सहित पंजाब, राजस्थान, उत्तरप्रदेश के किसानों ने दिल्ली में आंदोलन चलाया। तब अभय सिंह चौटाला ने जनवरी 2021 में ऐलनाबाद विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। बाद में वे उपचुनाव जीतकर फिर से विधायक बने थे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व विधायक रहते हुए अभय सिंह चौटाला ने रजिस्ट्री घोटाला, शराब घोटाला, बीज घोटाला, धान घोटाला, बेरोजगारी, खेती, बढ़ते नशे व अपराध जैसे मुद्दों को लेकर लगातार सरकार को घेरा था और अब इनैलो के डबवाली से विधायक आदित्य देवीलाल तथा रानियां से विधायक अर्जुन चौटाला भी विधानसभा में लगातार प्रदेश के अलग-अलग वर्गों के मुद्दों को जोर-शोर से उठा रहे हैं। हालांकि  अभय सिंह चौटाला वर्तमान में विधायक नहीं हैं, फिर भी वे जनहित मुद्दों को लेकर लगातार गंभीरता से उठा रहे हैं।

भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए शुरू हुआ पंजीकरण

चंडीगढ़. भारतीय सेना में अग्निवीर स्कीम के तहत वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। हरियाणा के 6 जिलों अम्बाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के पुरुष अभ्यर्थियों तथा दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल एवं चंडीगढ़ की महिला अभ्यार्थियों के लिए पंजीकरण 13 फरवरी, 2026 से 01 अप्रैल, 2026 तक होगा। सभी योग्य अभ्यर्थी वैबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह भर्ती प्रक्रिया पुरुष वर्ग में अग्निवीर (सामान्य कर्तव्य), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (लिपिक/स्टोर कीपर तकनीकी) और अग्निवीर ट्रेड्समैन 10वीं और 8वीं पास तथा महिला वर्ग में महिला मिलिट्री पुलिस के लिए आयोजित की जा रही है। इस वर्ष से अग्निवीर में भर्ती के लिए पुरुष और महिला अभ्यर्थियों का अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 21 वर्ष से 22 वर्ष कर दिया गया है। अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में पहले चरण में ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन परीक्षा की संभावित तारीख 1 जून से 15 जून 2026 है। यदि परीक्षा की तिथि में कोई बदलाव होता है तो उसकी सूचना वैबसाइट पर जारी की जाएगी। दूसरे चरण में ऑनलाइन परीक्षा में मैरिट में चयनित अभ्यर्थियों को भर्ती रैली में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा।

रेवाड़ी की चहक ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में जीता रजत पदक

चंडीगढ़. नई दिल्ली स्थित डा. करनी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित एशियन राइफल/शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में रेवाड़ी जिले की चहक यादव ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। रेवाड़ी के पी.एम. श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्रा चहक यादव ने 10 मीटर ऐयर पिस्टल यूथ महिला वर्ग में 600 में से 574 अंक हांसिल कर रजत पदक और भारतीय टीम की प्रतिभागी में यह स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस उपलब्धि से चहक यादव ने न केवल अपने जिला रेवाड़ी अपितु हरियाणा व देश का नाम रोशन किया है। चहक यादव हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत सुनील कुमार की पुत्री है। डा. करनी सिंह शूटिंग रेंज नई दिल्ली में आयोजित एशियन राइफल/शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में एशिया महाद्वीप के 20 देशों के लगभग 300 खिलाडिय़ों ने अलग-अलग वर्गों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह जानकारी चहक यादव के कोच रमन राव ने दी। उन्होंने बताया कि चहक यादव 12 वर्ष की आयु से उनकी शूटिंग स्पोर्ट्स अकेडमी में शूटिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है।

स्कूल में दरिंदगी: मासूम छात्र का जबड़ा तोड़ा, दर्द में जिंदगी—शिक्षक और प्राचार्य कटघरे में

गुरुग्राम पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया है कि मेडिकल जांच के दौरान बच्चे के बाएं जबड़े के जोड़ और दांतों की जड़ों में फ्रैक्चर पाया गया है, जिसके वजह से चेहरे पर काफी सूजन है और वह ज्यादा दर्द के चलते कुछ खा भी नहीं सकता है।   गुरुग्राम के भोंडसी में स्नेह विहार स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाला आठवीं कक्षा का छात्र लिक्विड डाइट (तरल आहार) पर रहने को मजबूर है। ऐसा इसलिए क्योंकि आरोप है कि स्कूल में तीन टीचर और प्रिंसिपल ने उसकी इतनी पिटाई की कि उसके जबड़े के जोड़ और दांतों की जड़ों में फ्रैक्चर हो गया। डॉक्टरों ने बच्चे को सलाह दी है कि वह सिर्फ लिक्विड डाइट पर ही रहे। पुलिस ने बताया है कि बच्चे का सेक्टर 10ए स्थित सिविल अस्पताल में ईलाज चल रहा है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया है कि मेडिकल जांच के दौरान बच्चे के बाएं जबड़े के जोड़ और दांतों की जड़ों में फ्रैक्चर पाया गया है, जिसके वजह से चेहरे पर काफी सूजन है और वह ज्यादा दर्द के चलते कुछ खा भी नहीं सकता है। खबर के मुताबिक यह घटना तब सामने आई जब स्कूल प्रशासन ने 28 जनवरी को लड़के की मां को उसकी चोट के बारे में सूचित किया। बच्चे की मां ने आरोप लगाया है कि स्कूल पहुंचने पर स्कूल परिसर में प्रिंसिपल और दो टीचरों ने उनके साथ भी जमकर मारपीट और गाली गलौज की थी। मां ने बेटे के चेहरे पर काफी सूजन देखी थी। मां का कहना है कि बेटे को कथित तौर पर बार-बार थप्पड़ मारे गए थे। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। 15 दिन बाद भी नहीं कम हुई सूजन बुधवार को भोंडसी पुलिस स्टेशन में प्रिंसिपल और तीन शिक्षकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मां ने आरोप लगाया है कि ‘सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने ज्यादा दर्द और चेहरे की सूजन के वजह से बेटे को लिक्विड डाइट पर रखा है क्योंकि वह दर्द के वजह से खाना चबा नहीं सकता। शनिवार को सीटी स्कैन किया गया था जिसमें फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। 15 दिन से ज्यादा समय बीत चुका है, इसके बावजूद चेहरे पर अब भी काफी सूजन है और वह दर्द से तड़प रहा है। पूरी तरह ठीक होने में एक महीने से ज्यादा का समय लग सकता है।’ प्रिंसिपल ने मां पर ही लगाए आरोप एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की है कि बच्चे को लगीं चोटें स्कूल परिसर में बच्चे संग हुई मारपीट से मेल खा रही हैं। साथ ही ये बताया है कि स्कूल ने अबतक सीसीटीवी फुटेज नहीं दिए हैं क्योंकि उस समय कैमरा काम नहीं कर रहे थे। हालांकि, प्रिसिंपल अमन यादव ने बच्चे संग मारपीट से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि हो सकता है कि मां ने ही बाद में बच्चें को चोटें पहुंचाई हों क्योंकि लड़के ने इंस्टाग्राम पर प्रिंसिपल को गाली दी थी और कैंटीन से चोरी की थी। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप तुरान ने बताया कि अस्पताल की रिपोर्ट सोमवार तक आने की उम्मीद है और जल्द ही एक्शन लिया जाएगा।  

रोहतक दोहरे हत्याकांड में 10 के खिलाफ केस दर्ज

रोहतक. हरियाणा के रोहतक जिले में गांव पोलंगी में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद मृतकों के बड़े भाई जगमेंद्र उर्फ नान्हा सुरक्षा कारणों से अपने दोनों भाईयों का अंतिम संस्कार गांव में न कर रोहतक के शीला बाईपास स्थित श्मशान घाट में किया। जगमेंद्र ने कुल 10 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में चार टीमों का गठन किया है और लगातार छापेमारी की जा रही है। जगमेंद्र ने बताया कि दो वर्ष पहले ट्रैक्टर से टक्कर मारने की घटना के बाद रंजिश शुरू हुई थी। तब से लगातार धमकियां मिल रही थीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जगमेंद्र ने बताया कि घटना के समय वह कोर्ट की तारीख पर गया हुआ था। सुबह करीब 11:15 बजे जब वह घर लौटा तो माहौल बदला हुआ था। बाहर कुछ लोग खड़े थे और अंदर से रोने की आवाजें आ रही थीं। जैसे ही वह आगे बढ़ा, कुछ लोगों ने कहा कि ये भी आ गया। इसके बाद उसे भाईयों की हत्या की जानकारी मिली। सुबह घर से निकलते समय भाईयों से सामान्य बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा था कि खाना खा लेना और प्लॉट में लगी सब्जियों को पानी दे देना। भाईयों ने हंसते हुए जवाब दिया था कि इस बार कोर्ट से लंबी तारीख लेकर आना। किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी। मृतक कर्मबीर भगवान में गहरी आस्था रखता था और 40 दिन के व्रत पर था, जिनमें से 12 दिन पूरे हो चुके थे।