samacharsecretary.com

BLO सम्मान समारोह: परिवार के साथ फाइव स्टार होटल में लंच और 10,000 रुपए इनाम

गाजियाबाद. मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान को सफल बनाने के लिए गाजियाबाद जिला प्रशासन ने अनोखा कदम उठाया है. जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने ऐलान किया है कि SIR में शत-प्रतिशत और सबसे बेहतरीन काम करने वाले बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को नकद इनाम के साथ-साथ परिवार सहित फाइव स्टार होटल में विशेष सम्मान समारोह और लंच का मौका मिलेगा. सिटी मजिस्ट्रेट संतोष उपाध्याय ने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र से टॉप-5 BLO चुने जाएंगे. इसके लिए  चयन का आधार होगा- घर-घर जाकर सबसे ज्यादा फॉर्म भरवाना, सबसे तेज और सटीक तरीके से एप पर डिजिटाइजेशन करना। इसमें प्रथम और द्वितीय स्थान वाले BLO को 10,000-10,000 रुपए नकद, तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम स्थानपर रहने वाले BLO को 5,000-5,000 रुपए नकद मिलेंगे. साथ ही ये पांचों BLO अपने परिवार के साथ जिलाधिकारी के हाथों प्रशस्ति पत्र और विशेष सम्मान प्राप्त करेंगे. उन्हें फाइव स्टार होटल में भव्य लंच के लिए आमंत्रित किया जाएगा. लोगों से की ये अपील जिलाधिकारी ने कहा, “लोकतंत्र को मजबूत करने का यह सबसे महत्वपूर्ण चरण है. जो BLO दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, उनकी मेहनत को हम पूरी गरिमा के साथ सम्मानित करेंगे.” सिटी मजिस्ट्रेट संतोष उपाध्याय ने लोगों से अपील की है कि अपने क्षेत्र के BLO की अधिक से अधिक मदद करें, फॉर्म भरवाएं ताकि मतदाता सूची पूरी तरह सटीक बने. वे खुद मोहल्लों में घूम-घूमकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं. लापरवाह BLO को नोटिस वहीं लापरवाही बरतने वाले कुछ BLO को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं और कुछ पर मुकदमा भी दर्ज किया गया है. प्रशासन का साफ संदेश है – काम में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, लेकिन मेहनत करने वालों को भरपूर सम्मान मिलेगा. इस अनोखी पहल की चारों तरफ सराहना हो रही है. शिक्षक और अन्य विभागों के कर्मचारी जो BLO की ड्यूटी कर रहे हैं, इसे प्रोत्साहन की बड़ी मिसाल बता रहे हैं.

तेज रफ्तार अल्टो नहर में समाई, अंदर फंसे सवारों की दम घुटने से 5 की मौत

 लखीमपुर खीरी यूपी के लखीमपुर खीरी में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर शारदा नहर में जा गिरी. इस भयानक हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल है.  बताया जा रहा है कि मृतक और घायल सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे. तभी पढुआ थाना क्षेत्र के ढखेरवा-गिरजापुरी हाईवे पर पारस पुरवा गांव के पास दर्दनाक हादसा हो गया. ये हादसा इतना भयानक था कि कार ब्रिज से गिरने के बाद नहर में पूरी तरह डूब गई. कार सवार छटपटाते रहे मगर गेट लॉक होने के चलते वो बाहर नहीं निकल सके. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से क्रेन की सहायता से कार को बाहर निकाला. शुरू में टॉर्च की रौशनी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा. इस हादसे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उसमें सवार पांच लोग दम तोड़ चुके थे. हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार, अंधेरा और कोहरा बताया जा रहा है, जिसके चलते चालक ने नियंत्रण खो दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. फिलहाल, पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है.  मृतकों में जितेंद्र, घनश्याम, लालजी, अजीमुल्ला और सुरेंद्र शामिल हैं. जबकि, ड्राइवर बबलू घायल है. सभी बहराइच जिले के निवासी थे. इनमें कुछ आस पड़ोस में रहने वाले थे. परिजनों को सूचित कर दिया गया है. शवों को पोस्टमार्टम के बाद सौंप दिया जाएगा.

वायरल हुई गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की प्रिंटेड जैकेट, कोटपुतली-बहरोड़ में तीन लोग गिरफ्तार

 जयपुर राजस्थान पुलिस ने कोटपुतली-बहरोड़ जिले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम वाली जैकेट बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई किसी भी तरह से अपराधियों और गैंगस्टरों को बढ़ावा देने वाले लोगों पर कार्रवाई के तहत की गई है. एजेंसी के मुताबिक, कोटपुतली-बहरोड़ के SP देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने कहा कि पुलिस टीम ने कोटपुतली के सिटी प्लाजा में एक दुकान पर छापा मारा और आरोपियों द्वारा बेची जा रही 35 जैकेटें जब्त कीं, जिन पर कथित तौर पर गैंगस्टर का नाम लिखा था. गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान कृष्ण उर्फ ​​गुड्डू (38), संजय सैनी (31) और सुरेश चंद शर्मा (50) के रूप में हुई है, जो सभी कोटपुतली इलाके के रहने वाले हैं. 'युवा गुमराह होते हैं…' SP ने कहा कि अपराधियों का महिमामंडन करने से अपराध को बढ़ावा मिलता है और युवा गुमराह होते हैं. उन्होंने कहा कि जिला पुलिस भविष्य में गैंगस्टर या आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले किसी भी शख्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी. कौन है लॉरेंस बिश्नोई? गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम पहली बार सुर्खियों में तब आया, जब 29 मई, 2022 को हिप-हॉप आइकन, पंजाबी रैपर सिद्धू मूसे वाला की हत्या से उनका नाम जुड़ा. मूसे वाला भारत की विपक्षी कांग्रेस पार्टी का सदस्य भी था. बिश्नोई के साथियों ने इंटर-गैंग दुश्मनी के तहत इस हत्या की ज़िम्मेदारी ली. पिछले साल बिश्नोई के गैंग ने मुंबई के पॉश बांद्रा इलाके में हुई कद्दावर नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की ज़िम्मेदारी ली. सिद्दीकी तीन बार विधायक और महाराष्ट्र राज्य सरकार में पूर्व मंत्री थे. वह बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़, खासकर एक्टर सलमान खान के साथ अपनी नज़दीकियों के लिए जाने जाते थे. लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से सलमान खान को कई बार धमकियां दी जा चुकी हैं. सलमान पर 1998 में राजस्थान में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान शिकार के लिए गए दो हिरणों को मारने के आरोप में लगा था. बिश्नोई धार्मिक समुदाय इस प्रजाति को पवित्र मानता है. हाल ही में बिश्नोई गैंग के दो सदस्यों को मुंबई में सलमान खान के घर पर फायरिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.

संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी – पद्म आनंद कुमार

रायपुऱ : कठिनाइयां ही इंसान को मजबूत बनाती हैं: वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी – पद्म आनंद कुमार वित्त मंत्री ने की 66 विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये स्वेच्छानुदान देने की घोषणा मेरिट सूची में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा 1-1 लाख रुपये शिक्षा सहायता पद्म  आनंद कुमार ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के टिप्स रायपुऱ युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, प्रेरणा और सुनियोजित कैरियर निर्माण के उद्देश्य से प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक  ओ.पी. चौधरी के विशेष पहल पर आज रायगढ जिले के पुसौर में भव्य कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध शिक्षाविद तथा सुपर-30 के संस्थापक पद्म  आनंद कुमार ने विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र दिए। कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने 66 चयनित विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये स्वेच्छानुदान प्रदान करने की घोषणा की। इसके साथ ही कहा कि आगामी वर्ष कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं की मेरिट सूचियों में स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 1-1 लाख रुपये शिक्षा सहायता दिया जाएगा। कठिनाइयाँ ही इंसान को मजबूत बनाती हैं कार्यक्रम में सर्वप्रथम वित्त मंत्री  ओ.पी.चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सरकार युवाओं के भविष्य निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जीवन में बड़ी सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत अत्यंत आवश्यक हैं। कठिनाइयाँ ही इंसान को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने अपने छात्र जीवन के संघर्षों तथा सरकारी स्कूल से कलेक्टर और मंत्री बनने की प्रेरक यात्रा साझा करते हुए कहा कि मेहनत, निर्णय शक्ति और समय के सही उपयोग से कोई लक्ष्य असंभव नहीं। उन्होंने बताया कि केवल डिग्री को महत्व देना पर्याप्त नहीं, बल्कि लक्ष्य आधारित पढ़ाई, दृढ़ संकल्प और परिस्थितियों को स्वीकार कर आगे बढ़ना ही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने विराट कोहली के कठिन समय में अद्भुत समर्पण का उदाहरण देकर समझाया कि कठिनाइयाँ जीवन में ऊँची छलांग लगाने की तैयारी करवाती हैं।  चौधरी ने युवाओं को सलाह दी कि अपनी क्षमता को पहचानें और उसके अनुसार करियर चुनें। योजना बनाकर, धैर्य और परिश्रम के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ें।  साधारण शुरुआत असाधारण सफलता का आधार बनती है   छात्रों को संबोधित करते हुए पद्म आनंद कुमार ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखने वाला व्यक्ति जीवन में अवश्य सफल होता है। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन की प्रेरक यात्रा साझा करते हुए बताया कि पिता के निधन के बाद उन्हें आर्थिक तंगी से जूझना पड़ा, पापड़ बेचने पड़े और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में चयन होने के बावजूद वे आर्थिक परिस्थितियों के कारण नहीं जा सके। उन्होंने कहा कि सुविधाओं का अभाव सफलता में बाधा नहीं, बल्कि संघर्ष करने की प्रेरणा है। जो भी काम करो, उसे सर्वश्रेष्ठ तरीके से करो, मेहनत में कमी मत आने दो। उन्होंने सुपर-30 के विद्यार्थियों अभिषेक राज, शशि नारायण और निधि झा जैसी सफल प्रेरक कहानियाँ उदाहरण स्वरूप साझा कीं। उन्होंने कहा कि अवसरों की कमी का रोना न रोएँ, बल्कि अवसर स्वयं बनाएँ। संघर्षों को सफलता की सीढ़ी बनाएँ। अंत में उन्होंने कहा कि जीवन में बड़ा बनने के लिए जन्म से नहीं, कर्म और संकल्प से पहचान बनती है। कोई भी साधारण शुरुआत असाधारण सफलता का आधार बन सकती है। कार्यक्रम में विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का मंच पर सम्मान किया गया। पुसौर और खरसिया विकासखण्ड के बच्चों ने पहली बार सुपर-30 के संस्थापक पद्म आनंद कुमार को देखा और उनकी बातों को तन्मयता से सुना। उनके प्रेरक विचारों के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों ने कार्यक्रम से प्रेरणा प्राप्त की। कार्यक्रम में नगर निगम महापौर  जीवर्धन चौहान, नगर पंचायत पुसौर के अध्यक्ष मती मानी मोहित सतपथी, जनपद पंचायत अध्यक्ष मती हेमलता चौहान,  उमेश अग्रवाल, मती लक्ष्मी जीवन पटेल,  बृजेश गुप्ता,  जैमिनी गुप्ता,  संदीप पंडा,  प्रवीण द्विवेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर  मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक  दिव्यांग पटेल, जिला पंचायत सीईओ  अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम  महेश शर्मा सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय आवास मेला में 188 करोड़ रूपये की 879 आवासों की हुई बुकिंग

रायपुर : राज्य स्तरीय आवास मेला–2025 में बंपर हुई बुकिंग तीन दिवसीय आवास मेला में 188 करोड़ रूपये की 879 आवासों की हुई बुकिंग 1% बुकिंग ऑफर अब 30 नवंबर तक, 26 नवंबर को भी जारी रहेगी स्पॉट बुकिंग सुविधा रायपुर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 नागरिकों के लिए किसी बड़े उत्सव से कम साबित नहीं हुआ। इस आवास मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने गत दिवस किया था। इस दौरान उन्होंने कहा  था कि हाउसिंग बोर्ड द्वारा राज्यभर के विभिन्न आवासीय विकल्पों को एक छत के नीचे उपलब्ध कराना ऐतिहासिक कदम है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इसे मुख्यमंत्री की ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि भविष्य में उन्हें “आवास वाले बाबा” के नाम से जाना जाएगा। पिछले एक वर्ष में ऐतिहासिक बिक्री—आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी आवास एवं पर्यावरण मंत्री  ओ.पी. चौधरी ने बताया कि शासन के नीतिगत निर्णयों के कारण हाउसिंग बोर्ड ने केवल एक वर्ष में 700 करोड़ रुपये की संपत्ति बेचकर इतिहास रच दिया है, जो पिछले पाँच वर्षों के मुकाबले कई गुना अधिक है। उन्होंने बताया कि नई नीति के तहत प्रोजेक्ट तभी शुरू होंगे जब तीन माह में 10 प्रतिशत बुकिंग या एकमुश्त 60 प्रतिशत बुकिंग प्राप्त होगी। मेला परिसर पहले दिन से ही हजारों लोगों की भीड़ से गुलजार रहा। विभिन्न जिलों के किफायती और प्रीमियम आवासीय परियोजनाओं की जानकारी लेने और ऑन-द-स्पॉट बुकिंग कराने लोगों का उत्साह लगातार बना रहा। मेले की सबसे बड़ी आकर्षण रही केवल 1% राशि पर बुकिंग करने की सुविधा, तत्काल बैंक लोन उपलब्धता और प्रतिदिन आयोजित होने वाले लकी ड्रॉ। इन आकर्षक ऑफर्स ने न सिर्फ खरीदारों में उत्साह बढ़ाया बल्कि बुकिंग के रिकॉर्ड भी तोड़ दिए। तीन दिनों में 879 आवासों की बंपर बुकिंग तीन दिवसीय मेले में 188 करोड़ रुपये के 879 आवासों की ऑन-द-स्पॉट बुकिंग हुई, जो हाउसिंग बोर्ड की अब तक की सबसे सफल उपलब्धियों में से एक है। तीसरे दिन 25 नवंबर को तो मेला अपने चरम पर पहुंच गया। रायगढ़, जशपुर, कोरबा, कांकेर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और जगदलपुर जैसी जगहों के प्रोजेक्ट्स में भारी बुकिंग दर्ज की गई। रायपुर और नवा रायपुर के प्रमुख प्रोजेक्ट—कबीर नगर, भुरकोनी, बोरियाकला, पिरदा, सेजबहार, नरदहा और अटल नगर सेक्टर-12 फेस-2 सहित मुख्यमंत्री–प्रधानमंत्री आवास योजना के आवासों में भी जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली। समापन अवसर पर कृषि मंत्री ने की सराहना मेले के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कृषि मंत्री  रामविचार नेताम ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड का यह प्रयास नागरिकों के सपनों को साकार करने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। मंडल अध्यक्ष  अनुराग सिंह देव ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ रुपये की नई आवासीय परियोजनाएँ राज्य में आवास विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को भी मेला स्थल पर संपत्तियों की जानकारी और स्पॉट बुकिंग सुविधा जारी रहेगी। साथ ही गोंडवाना राष्ट्रीय आजीविका एवं सांस्कृतिक कला महोत्सव 2025 (बीटीआई ग्राउंड, रायपुर) में भी 14 दिसंबर तक हाउसिंग बोर्ड का विशेष स्टॉल संचालित होगा l उन्होंने यह भी घोषणा की कि भारी मांग को देखते हुए 1% बुकिंग ऑफर को 30 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है। हाउसिंग बोर्ड आयुक्त  अवनीश कुमार शरण ने बताया कि आवंटी पोर्टल और चैटबॉट के माध्यम से प्रक्रियाओं को और पारदर्शी, सरल एवं तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले तीन वर्षों में 26 जिलों में 55 नई परियोजनाएं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएंगी,जिससे राज्य में आवास उपलब्धता और बढ़ेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां मेले के तीसरे दिन इंडियन रोलर बैंड और गायक–अभिनेता सुनील तिवारी की मंच प्रस्तुति ने दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। दूसरे दिन कलिंगा बैंड और लोकगायिका आरू साहू की प्रस्तुति ने आकर्षण बढ़ाया। उद्घाटन दिवस पर खैरागढ़ यूनिवर्सिटी के छात्रों और बॉलीवुड गायक विनोद राठौर की परफॉरमेंस ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया। लकी ड्रॉ ने बढ़ाया उत्साह मेले में प्रतिदिन टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर–ग्राइंडर, प्रेस जैसे पुरस्कार प्रदान किए गए। जबकि बंपर पुरस्कार में मारुति स्विफ्ट कार, होंडा शाइन बाइक एवं होंडा एक्टिवा शामिल रहे। पहले दिन 55 नई परियोजनाओं का शुभारंभ प्रदेश के 22 जिलों में 2060 करोड़ रुपये की 55 नई परियोजनाओं का शुभारंभ, आवंटी पोर्टल एवं व्हाट्सएप चैटबॉट का लॉन्च, लाभार्थियों को मकानों की चाबियों एवं फ्रीहोल्ड सर्टिफिकेट वितरण जैसे कार्यक्रमों ने पहले दिन ही मेले को खास बना दिया।

छात्रों का गुस्सा, सीहोर वीआईटी कॉलेज में खाने-पानी और अन्य समस्याओं को लेकर हंगामा

सीहोर मध्य प्रदेश के सीहोर में देर रात वीआईटी कॉलेज में छात्रों द्वारा भोजन एवं पानी की गुणवत्ता सहित अन्य समस्याओं को लेकर जमकर बवाल हुआ। बवाल ओर विरोध के दौरान छात्रों की ओर से कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ एवं आगजनी भी की गई। इस दौरान हज़ारों छात्रों ने जमकर हंगामा मचाया। और कॉलेज परिसर में बस और कारों में आग लगा दी। वहां खड़ी एम्बुलेंस में भी तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ने पर 5 थानों से पुलिस बल को बुलाना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, आष्टा, एसडीओपी आष्टा, तथा आष्टा, जावर, पार्वती, कोतवाली सहित अन्य थानों से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों की ओर से छात्रों से विस्तृत चर्चा करते हुए उनके मुद्दे सुने गए तथा समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। सीहोर जिले के आष्टा के ग्राम कोठरी में स्थित वीआईटी कॉलेज में 4 हजार छात्रों ने हंगामा कर दिया। छात्रों का आरोप प्रदर्शन भोजन और पानी की खराब गुणवत्ता को लेकर है। उनका कहना है कि कॉलेज में घटिया पानी और खाने के कारण कई छात्रों को पीलिया हो गया है। कुछ की तो मौत हो गई। आरोप है कि 100 से अधिक छात्र आष्टा, सीहोर और भोपाल के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। जब छात्रों ने आवाज उठाई तो गार्ड ने छात्रों से पिटाई कर दी,गार्ड ओर छात्रों की बीच हुई मारपीट के बाद हालात बिगड़ गए। छात्रों का आरोप है कि घटिया पेयजल और भोजन के कारण पीलिया से पीड़ित हो रहे हैं। हालांकि कॉलेज प्रबंधन ने 30 नवंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है। भोपाल वीआईटी यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार केके नायर ने वीडियो जारी कर खबरों को भ्रामक बताया है और कहा है कि विश्वविद्यालय में पीलिया से मौतों की अफवाहें पूरी तरह निराधार और गलत हैं। किसी भी छात्र की मौत नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार छात्रों ने शिकायत की है कि जब उन्होंने अव्यवस्थाओं के खिलाफ विरोध किया, तो हॉस्टल के वार्डन और गार्ड्स ने उनके साथ मारपीट की। चुप रहने के लिए दबाव बनाया। यूनिवर्सिटी में बात करने पर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया, जिससे छात्रों का गुस्सा भड़क गया। इस मामले में कॉलेज प्रबंधन कुछ भी नहीं बोल रहा है, लेकिन जो जानकारी सामने आ रही है उसके अनुसार कई विद्यार्थी पीलिया रोग से पीड़ित हो गए थे जिन्हें चुपचाप कॉलेज प्रबंधन ने भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती कर दिया था। कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रबंधन पर आरोप लगाया है की घटिया पेयजल और भोजन के कारण विद्यार्थी बीमार हो रहे हैं मैनेजमेंट ध्यान नहीं दे रहा है मिली जानकारी के अनुसार वीआईटी कॉलेज परिसर में लगभग 4000 छात्रों द्वारा भोजन एवं पानी की गुणवत्ता को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने यह भी शिकायत की कि कॉलेज मैनेजमेंट/हॉस्टल प्रबंधन द्वारा उनके साथ अनुचित व्यवहार कर मारपीट की गई है। विरोध के दौरान परिसर में व्यापक तोड़फोड़ की गई, जिसमें एक बस, दो चारपहिया वाहन, एक एम्बुलेंस, हॉस्टल के खिड़कियों के शीशे, एक आरओ प्लांट, तथा परिसर के अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही कोतवाली, मंडी तथा अन्य थानों से पर्याप्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से छात्रों से संवाद कर उन्हें शांत किया गया तथा उनकी शिकायतों के समाधान हेतु प्रबंधन से चर्चा कराए जाने का आश्वासन दिया गया। परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है। आष्टा के एसडीओपी आकाश अमलकर ने बताया कि वर्तमान में कॉलेज एवं हॉस्टल परिसर की स्थिति पूर्णतः सामान्य एवं नियंत्रण में है। परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है तथा स्थिति पर सतत् निगरानी रखी जा रही है। बुधवार छात्रों एवं कॉलेज प्रबंधन के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। कॉलेज प्रबंधन द्वारा छुट्टी घोषित की गई है। एसपी दीपक शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में स्थिति सामान्य है। वीआईटी में 30 नवंबर तक अवकाश किया है। कुछ बच्चे अपने घर जा रहे हैं। वीआईटी में सभी हॉस्टल के बच्चों से अपनी समस्याओं का आवेदन एवं बीमार बच्चों की जानकारी एसडीएम एवं एसडीओपी आष्टा की ओर से ली जाएगी।

रायपुर: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मैनपुर क्षेत्र के स्कूलों का किया आकस्मिक निरीक्षण

रायपुर : शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मैनपुर क्षेत्र के विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण रायपुर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उनका यह दौरा केवल प्रशासनिक समीक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने स्वयं बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों से बातचीत कर वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शिक्षण प्रक्रिया, विद्यार्थियों की स्थिति और स्कूल व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया। प्राथमिक शाला धवलपुर में शिक्षण गतिविधियों की समीक्षा          शिक्षा मंत्री सबसे पहले प्राथमिक शाला धवलपुर पहुँचे, जहाँ उन्होंने विद्यालय की सभी गतिविधियों का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति रजिस्टर की जाँच की और नियमितता एवं समयपालन पर जोर दिया। मंत्री ने मध्याह्न भोजन योजना की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी बच्चा पाठ्यपुस्तकों और गणवेश जैसी आवश्यक सामग्री से वंचित न रहे। बच्चों से बातचीत के दौरान उन्होंने उनके पसंदीदा विषय, पढ़ाई में आने वाली कठिनाइयों और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में पूछा तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। अधोसंरचना और अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्यों का भी लिया जायजा        इसके बाद श्री यादव हायर सेकेंडरी स्कूल धवलपुर पहुँचे। यहाँ उन्होंने सभी कक्षाओं का निरीक्षण कर विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता, विशेषकर विज्ञान और गणित जैसे प्रमुख विषयों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों से बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी संबंधी योजनाओं की जानकारी ली और समय पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने निर्देश दिए। मंत्री ने अधोसंरचना विकास और अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया तथा निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन अनिवार्य रूप से करने पर जोर दिया। साथ ही शिक्षकों के ऑनलाइन अवकाश प्रबंधन की भी जाँच की ताकि शिक्षण कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। विद्यार्थियों की सहभागिता और सुझाव           निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई छात्रों ने अपनी समस्याएँ और सुझाव मंत्री के समक्ष रखे। शिक्षा मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि सरकार बच्चों की शिक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है तथा शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार किए जा रहे हैं। छात्राओं से मुलाकात-मांगों पर दिया आश्वासन          शिक्षा मंत्री ने स्कूल से लौट रही हायर सेकेंडरी स्कूल मैनपुर की छात्राओं से भी बातचीत की। छात्राओं ने स्कूल भवन एवं विज्ञान विषय के शिक्षकों की आवश्यकता बताई। इस पर मंत्री श्री यादव ने उनकी माँगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण से बढ़ा विश्वास         शिक्षा मंत्री के औचक निरीक्षण से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में सरकार के प्रति विश्वास और उत्साह और अधिक बढ़ा है। यह निरीक्षण शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है। 6245

गांव-गांव तक विकास पहुँचाना सरकार की पहली प्राथमिकता– उप मुख्यमंत्री शर्मा

रायपुर : उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने 1.98 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन गांव-गांव तक विकास पहुँचाना सरकार की पहली प्राथमिकता– उप मुख्यमंत्री  शर्मा पुल–पुलिया और सड़क निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों का होगा विकास– उप मुख्यमंत्री  शर्मा रायपुर कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सक्रिय रहते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक  विजय शर्मा द्वारा विकास कार्यों को लगातार स्वीकृति दिलाकर उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी कड़ी में अपने कबीरधाम प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री  शर्मा ने सहसपुर लोहारा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सारी एवं ग्राम चंदैनी में कुल 1 करोड़ 98 लाख 91 हजार रूपए की लागत से सड़क, नाली एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। ग्राम आगमन पर उपमुख्यमंत्री  शर्मा का ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रूप से उत्साह और उल्लास के साथ राउत नाचा एवं डंडा नृत्य से उनका आत्मीय स्वागत किया गया।           उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने ग्राम सारी में 1 करोड़ 65 लाख 59 हजार रुपये की लागत से खड़ौदा से सारी मार्ग पर पुल-पुलिया सहित 1.5 किलोमीटर लंबी मार्ग के निर्माण कार्य और ग्राम चंदैनी में ग्राम गौरवपथ योजना अंतर्गत 33 लाख 32 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रीय ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा, जल निकासी की समस्या से निजात के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं तक पहुँच सुगम होगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।        उपमुख्यमंत्री  शर्मा ने कहा कि कवर्धा विधानसभा का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और सड़क, पुल-पुलिया, नाली, पेयजल, विद्युत, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को हर गांव तक पहुंचाना राज्य सरकार का दृढ़ संकल्प है। मुख्यमंत्री गौरवपथ योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र के हर गांव में प्रगति और समृद्धि की नई तस्वीर देखने को मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ प्राप्त हो सके। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष  ईश्वरी साहू,  रवि राजपुत,  रूपेन्द्र जायसवाल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, युवा, ग्रामीण उपस्थित थे।       कार्यक्रम के उपरांत उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने सहजता और आत्मीयता का परिचय देते हुए ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए गांव की बुनियादी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।       इस अवसर पर ग्रामीणों ने क्षेत्र में हो रहे निरंतर विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए उपमुख्यमंत्री  शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके नेतृत्व में कवर्धा विधानसभा क्षेत्र तेजी से विकास की नई राह पर अग्रसर हो रहा है। ग्रामीणों ने उनके सरल, सहज एवं जनसरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व की सराहना भी की।

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की सौजन्य भेंट

रायपुर : मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने केंद्रीय रेल मंत्री  अश्विनी वैष्णव से की सौजन्य मुलाकात छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार, नए प्रोजेक्ट्स की प्रगति और प्रगतिरत परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा रायपुर मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री  अश्विनी वैष्णव से सौजन्य भेंट कर छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार, नए प्रोजेक्ट्स की प्रगति और चल रही परियोजनाओं के शीघ्र पूर्ण करने से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि राज्य में स्वीकृत सभी परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जाए, ताकि नागरिकों, उद्योगों और व्यापार जगत को बेहतर, तेज़ और सुरक्षित परिवहन सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें। रेल मंत्री  वैष्णव ने मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए बिंदुओं का स्वागत करते हुए कहा कि रेलवे मंत्रालय छत्तीसगढ़ में कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए क्रियाशील है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव  सुबोध कुमार सिंह, सचिव  राहुल भगत एवं वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव  रजत कुमार उपस्थित थे। मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल विकास अभूतपूर्व गति से हो रहा है और डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश का रेल नेटवर्क एक नए स्वर्णिम युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने बताया कि रायपुर–जबलपुर एक्सप्रेस की शुरुआत से पर्यटन, व्यापार और शिक्षा को नई ऊर्जा प्राप्त हुई है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2014 से 2030 के बीच राज्य में रेल लाइन का विस्तार दोगुना होने जा रहा है, जबकि 1853 से 2014 तक मात्र 1100 किलोमीटर का विस्तार हो सका था। पिछले दस वर्षों में राज्य के रेल बजट में 22 गुना वृद्धि और वर्ष 2025–26 में 6,925 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आवंटन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए इस परिवर्तन का सशक्त प्रमाण है। राज्य में 47,447 करोड़ रुपये से अधिक की कई प्रमुख रेल परियोजनाएँ तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। खरसिया–नवा रायपुर–परमालकसा, गेवरा–पेंड्रा, रावघाट–जगदलपुर, खरसिया–धरमजयगढ़ तथा बिलासपुर–झारसुगुड़ा चौथी लाइन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएँ छत्तीसगढ़ की रेल कनेक्टिविटी को नई ऊँचाई प्रदान करेंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग सहित प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिक पुनर्विकास भी तीव्र गति से जारी है, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री  अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में देश के सबसे महत्वपूर्ण रेल कॉरिडोर वाले राज्यों में शामिल होगा और कनेक्टिविटी का यह विस्तार प्रदेश की औद्योगिक, आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन क्षमता को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

बेनीन प्रतिनिधिमंडल ने यूपी के CRVS मॉडल से सीखे नवाचार के मंत्र

बेनीन के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के सीआरवीएस मॉडल से सीखे नवाचार के सूत्र  यूपी के जन्म–मृत्यु पंजीकरण सुधार से प्रभावित हुआ पश्चिमी अफ्रीका का देश बेनीन प्रशासनिक नवाचार में उत्तर प्रदेश ने गढ़ा अंतरराष्ट्रीय मानक लखनऊ  यूनिसेफ इंडिया के तत्वावधान में बेनीन के एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज लखनऊ स्थित निदेशालय जनगणना परिचालन का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार के होल ऑफ गवर्नमेंट दृष्टिकोण, कार्यप्रवाह के डिजिटलीकरण एवं अनुकूलन तथा संस्थागत क्षमता वृद्धि को विशेष रूप से सराहा। प्रतिनिधियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रगति यह दर्शाती है कि प्रशासनिक नवाचार, तकनीकी एकीकरण और व्यवहारिक विज्ञान के उपयोग से राष्ट्रीय सिविल रजिस्ट्रेशन और वाईटल स्टैटिसटिक्स (सीआरवीएस) प्रणाली को प्रभावी रूप से मजबूत किया जा सकता है।     इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में लागू उन परिवर्तनकारी सुधारों की विस्तृत जानकारी भी प्रतिनिधिमंडल के साथ साझा की गई, जिनके माध्यम से उत्तर प्रदेश ने जन्म–मृत्यु पंजीकरण प्रणाली को सुदृढ़ किया है। इन सुधारों से आँकड़ों की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा बड़ी आबादी के लिए सेवाओं तक आसान पहुँच सुनिश्चित की गई है। उत्तर प्रदेश के सीआरवीएस मॉडल आज अन्य राज्यों व देशों के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बन रहा है, विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए, जहाँ चुनौतीपूर्ण प्रशासनिक परिस्थितियों में पंजीकरण कवरेज बढ़ाना एक बड़ी प्राथमिकता है। DCO टीम ने बताया कि राज्य की सीआरवीएस रणनीति तीन मुख्य स्तंभों पर आधारित है। पहला संस्थागत रिपोर्टिंग प्रणाली के माध्यम से जनजीवन की घटनाओं का स्वतः एवं समयबद्ध पंजीकरण, ताकि नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। दूसरा सीआरवीएस प्रणाली को प्रमुख सामाजिक कल्याण एवं सेवा-पोर्टलों से जोड़कर पंजीकरण को स्वचालित एवं व्यवहार-आधारित बनाना और तीसरा पंजीकरण अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, फील्ड-स्टाफ एवं स्थानीय प्रशासकों का सतत प्रशिक्षण, जिससे पंजीकरण की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पहुँच में सुधार हो सके। प्रतिनिधिमंडल की यह यात्रा विभिन्न विभागों के साथ हुई बैठकों, संभावित सहयोग पर विचार-विमर्श और ज्ञान-आदान–प्रदान के साथ संपन्न हुई। इस पहल का उद्देश्य बेनीन को अपने सिविल पंजीकरण ढांचे के आधुनिकीकरण के प्रयासों को और अधिक मजबूत करने में सहायता प्रदान करना रहा।