samacharsecretary.com

जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह के समर्थकों पर हत्या का आरोप, मोकामा में बढ़ा तनाव

पटना पटना के मोकामा विधानसभा क्षेत्र के घोसवरी प्रखंड में गुरुवार शाम जनसुराज दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि इस वारदात में जदयू प्रत्याशी और पूर्व विधायक बाहुबली अनंत सिंह के समर्थकों का हाथ होने का संदेह जताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पटना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह एक राजनीतिक साजिश के तहत की गई हत्या है, जिसमें जन सुराज समर्थक को निशाना बनाया गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अनंत सिंह के समर्थकों ने योजना बनाकर इस हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।  

प्रदेश में एक नवम्बर से नगरीय निकायों में होगी केन्द्रीयकृत फेस आधारित उपस्थिति प्रणाली अनिवार्य

उपस्थिति प्रक्रिया से प्रशासन होगा और अधिक उत्तरदायी भोपाल  प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकायों में केन्द्रीयकृत फेस आधारित उपस्थिति (Face-Based Attendance) प्रणाली सफलतापूर्वक लागू की जा चुकी है। यह व्यवस्था एक नवम्बर से सभी नगरीय निकायों में अनिवार्य रूप से प्रभावशील हो जाएगी। यह प्रणाली निकायों में कार्यरत सभी शासकीय एवं अशासकीय कर्मचारियों पर समान रूप से लागू होगी। आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने बताया कि यह पहल कर्मचारियों की उपस्थिति प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नगरीय निकायों में भविष्य में कर्मचारियों के वेतन एवं भुगतान इसी फेस आधारित उपस्थिति के आधार पर किए जाएंगे। वर्तमान में प्रदेश में एक लाख 35 हजार से अधिक नगरीय निकाय कर्मचारियों ने इस प्रणाली में अपना पंजीयन पूर्ण करा लिया है। नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी नगरीय निकायों में यह व्यवस्था सुचारू रूप से कार्य करे और कर्मचारियों को आवश्यक तकनीकी सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए।  

मंत्री विजयवर्गीय ने सोनकच्छ में 17 करोड़ 54 लाख रूपये के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया

भोपाल  नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है। इस कार्य में केन्द्र सरकार से निरंतर आर्थिक मदद मिल रही है। मंत्री श्री विजयवर्गीय बुधवार को देवास जिले के सोनकच्छ में 17 करोड़ 54 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इन कार्यों में 'जल जीवन मिशन' अंतर्गत 'नल जल योजना', पानी की टंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भवन और रेस्ट हाउस पहुंच मार्ग के कार्य शामिल हैं‍। मंत्री श्री विजयवर्गीय ने सवा करोड़ रूपये की लागत के शाला भवन और 3 करोड़ 7 लाख रूपये की राशि से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का लोकार्पण किया। विधायक सोनकच्छ डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी को तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिये गये हैं। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।   शोक संवेदना मंत्री श्री विजयवर्गीय ने ग्राम संवरसी में शहीद संजय मीणा के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और परिजन से चर्चा की।

पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सामाजिक ऑडिट ऐप V-मित्र के 100 दिन पूर्ण

जानकारी दें इनाम पाएं संदेश से नागरिकों को मिले 15 लाख रूपए भोपाल मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा नागरिकों को रिपोर्ट करने और पुरस्कार प्राप्त करने का अवसर देने वाले सामाजिक ऑडिट ऐप वी-मित्र (V-मित्र) को लांच हुए 100 दिन पूर्ण हो गए। ‘जानकारी दें, इनाम पाएं’ का संदेश देने वाले वी-मित्र (V-मित्र) के माध्यम से 100 दिन के दौरान कुल 30 हजार मामले दर्ज हुए। दर्ज मामलों में 17 हजार 200 मामलों की जांच में 3 हजार 850 मामलों में अनियमितताएं पायी गईं। वी-मित्र (V-मित्र) के माध्यम से विद्युत चोरी व अनियमितता की जानकारी देने पर इस दौरान नागरिकों को 3 हजार 150 मामलों में साढ़े 15 लाख रूपए के इनाम बिना किसी कार्यालय गए उनके खातों में ट्रांसफर किए गए। स्ट्राइकिंग रेट 22 फीसदी विभिन्न एजेंसियों द्वारा रिपेार्ट किए गए स्मार्ट मीटर डेटा एनालिसिस मामलों में लगभग सात फीसदी के विरूद्ध वी-मित्र (V-मित्र) ऐप का स्ट्राइक रेट 22 फीसदी रहा। विद्युत चोरी व अनियमितता करने वालों पर पेनाल्टी इस दौरान ऐसे मामलों में 4 करोड़ 64 लाख रूपए की बिलिंग की गई और विद्युत चोरी व अनियमितता करने वालों से कुल 23 लाख रूपए की वसूली की गई। जिन क्षेत्रों में अनियमितता के प्रकरण दर्ज किए गए, वहां के विद्युत अमले पर जुर्माना लगाया गया। ऐसे विद्युत अमले पर 3 लाख 25 हजार रूपए की प्रोविजनल पेनाल्टी लगाई गई। ऐसे 91 मामलों में 26 हजार रूपए की वसूली की गई। इस दौरान नए उपभोक्ता प्रकरण एवं लोड वृद्धि के 3 हजार 100 मामले दर्ज हुए।  

टीकमगढ़ में चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना के साथ ही जिला चिकित्सालय की क्षमता का भी हुआ है उन्नयन

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश ने भारत में पहली बार पीपीपी मोड पर (सार्वजनिक-निजी सहभागिता) चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना की पहल की है। धार, पन्ना, कटनी और बैतूल में पीपीपी मोड पर चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना की जा रही है। द्वितीय चरण में 9 जिलों क्रमश: टीकमगढ़, भिंड, मुरैना, खरगोन, अशोकनगर, गुना, बालाघाट, सीधी और शाजापुर में चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित करने की कार्यवाही जारी है। प्रदेश में रोगियों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं में वृद्धि के उद्देश्य से टीकमगढ़, नीमच, सिंगरौली, श्योपुर और डिंडौरी में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत निर्मित अतिरिक्त बिस्तरों के संचालन के लिए 810 नवीन पदों के नियोजन की स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, टीकमगढ़ में चिकित्सा सुविधा के विस्तार के लिए उनका आभार मानने मुख्यमंत्री निवास आए युवाओं को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को गजमाला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह व गदा भेंटकर सम्मान किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला तथा राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ की क्षमता बढ़ाते हुए 300 बिस्तर से 500 बिस्तर में उन्नयन तथा इनके संचालन के लिए 160 नवीन पदों के नियोजन की स्वीकृति प्रदान की गई है। गत वर्ष टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में 16 करोड़ रूपए की लागत से अतिरिक्त 100 बिस्तरीय नवीन भवन का निर्माण किया गया है। टीकमगढ़ अस्पताल में अब विशेषज्ञ ओ.पी.डी, आपातकालीन सेवायें, परिवार कल्याण सेवायें, लैब, रेडियोलॉजी, ट्रामा केयर, कीमोथैरेपी, डायलिसिस, गहन नवजात देखभाल इकाई आदि सुविधाओं के साथ प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण, हाईरिस्क प्रेगनेंसी की पहचान और प्रबंधन, सुरक्षित प्रसव और परिवार कल्याण संबंधी परामर्श व सुविधा उपलब्ध होगी।  

महिलाओं की वीरता और सेवा को मिलेगा राज्य सम्मान

भोपाल महिला एवं बाल विकास विभाग ने वर्ष 2025 के लिए राज्य एवं जिला स्तरीय विभागीय पुरस्कारों के लिये आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पुरस्कारों का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार जागरूकता तथा सामाजिक सुधार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करना है। इन विभागीय पुरस्कारों के अंतर्गत कुल सात सम्मान निर्धारित किए गए हैं। पात्र उम्मीदवारों को निर्धारित तिथियों तक आवेदन जमा करना होगा। रानी अवंतीबाई राज्य स्तरीय वीरता पुरस्कार यह पुरस्कार उन महिलाओं या बालिकाओं को दिया जाएगा जिन्होंने महिलाओं या बच्चों को उत्पीड़न से बचाने, पुनर्वास में योगदान देने या बाल विवाह एवं दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ साहसिक कार्य किया हो। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। इस पुरस्कार के लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर 2025 निर्धारित है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार यह पुरस्कार उन महिलाओं या बालिकाओं को प्रदान किया जाएगा जिन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, साक्षरता, पर्यावरण सुधार, आर्थिक सशक्तिकरण और महिला अधिकार जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हों। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। इस पुरस्कार के लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर 2025 निर्धारित है। श्री विष्णु कुमार महिला बाल कल्याण समाज सेवा सम्मान पुरस्कार यह पुरस्कार किसी व्यक्ति या स्वयंसेवी संस्था को दिया जाएगा जो महिलाओं और बच्चों से संबंधित समाज सुधार, स्वास्थ्य, शिक्षा, साक्षरता, पर्यावरण संरक्षण और अधिकार जागरूकता के क्षेत्र में कार्यरत हो। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र में दिया जायेगा। इस पुरस्कार के लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर-2025 निर्धारित है। रानी दुर्गावती पुरस्कार यह सम्मान ऐसी महिला को दिया जाएगा जिसने विपरीत परिस्थितियों-जैसे अत्यधिक गरीबी, विकलांगता, एकल जीवन, गंभीर बीमारी, रेप या घरेलू हिंसा जैसी स्थितियों-में संघर्ष करते हुए समाज सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया हो। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में ₹2 लाख एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। इसके लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर-2025 निर्धारित है। मुख्यमंत्री नारी सम्मान रक्षा पुरस्कार यह पुरस्कार उन महिलाओं या पुरुषों को दिया जाएगा जिन्होंने किसी महिला को अपराध या असामाजिक तत्वों से बचाने में असाधारण साहस का परिचय दिया हो। यह पुरस्कार राज्य स्तर पर 4 और जिला स्तर पर 2 व्यक्तियों को दिया जाएगा। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में राज्य स्तर पर ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र और जिला स्तर पर ₹50,000 एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। जिसकी घटना अवधि 1 जनवरी से 31 दिसम्बर 2025 हो। इच्छुक व्यक्ति आवेदन 5 जनवरी 2026 तक कर सकते है। राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार यह पुरस्कार उन महिलाओं या पुरुषों को दिया जाएगा जिन्होंने महिलाओं के सम्मान के लिए असामाजिक तत्वों या कुप्रथाओं के खिलाफ उल्लेखनीय साहसिक कार्य किया हो। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। जिसकी घटना अवधि: 1 जनवरी से 31 दिसम्बर 2025 हो। इसके लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 जनवरी 2026 निर्धारित है। अरुणा शानबाग वीरता पुरस्कार यह सम्मान ऐसी महिला को दिया जाएगा जिसने स्वयं पर किसी भी प्रकार की हिंसा का वीरतापूर्वक सामना करते हुए आत्मरक्षा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया हो। इस अवसर के तहत विजेता को सम्मान राशि के रूप में ₹1 लाख एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। जिसकी घटना अवधि 1 जनवरी से 31 दिसम्बर 2025 हो। इस पुरस्कार के लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 जनवरी 2026 निर्धारित है। आवेदन प्रक्रिया आवेदन का प्रारूप महिला एवं बाल विकास विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है तथा इसे जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास कार्यालय से भी प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन संबंधित कार्यालय में निर्धारित तिथि से पूर्व जमा करना अनिवार्य है। अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट http://mpwcdmis.gov.in/ या जिला कार्यक्रम अधिकारी से प्राप्त की जा सकती है।  

त्योहारों में सफर आसान, कोटा-दानापुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन — यह एक्सप्रेस भी लौटी पटरी पर

कोटा कोटा त्योहारी सीजन के बाद यात्रियों की वापसी यात्रा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल से होकर गुजरने वाले मुख्य रेलमार्गों पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। अतिरिक्त यात्री यातायात को सुगमता प्रदान करने के उद्देश्य से सोगरिया और दानापुर के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जो बारां, सालपुरा एवं छबरा गुगोर मार्ग से होकर संचालित होंगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से बिहार एवं उत्तर प्रदेश की ओर लौटने वाले यात्रियों को कोटा मंडल क्षेत्र से सीधी यात्रा सुविधा प्राप्त होगी। ये ट्रेनें बारां, सालपुरा और छबरा गुगोर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। सोगरिया-दानापुर, सोगरिया स्पेशल ट्रेन का संचालन गाड़ी संख्या 09817 सोगरिया से दानापुर स्पेशल ट्रेन 30 अक्टूबर 2025 को सोगरिया स्टेशन से रात 11:10 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात 11:45 बजे दानापुर पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 09818 दानापुर से सोगरिया स्पेशल ट्रेन 1 नवम्बर 2025 को रात 1:15 बजे दानापुर से रवाना होकर 2 नवम्बर की रात 1:10 बजे सोगरिया पहुंचेगी। कटरा एक्सप्रेस का संचालन पुनः शुरू उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में जम्मू तवी-शहीद कैप्टन तुषार महाजन तथा पठानकोट जंक्शन-जम्मू तवी रेलखंड के बीच भूस्खलन के कारण हाल ही में रेल यातायात प्रभावित हुआ था। इसके चलते कोटा मंडल से चलने वाली कुछ ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से निरस्त किया गया था। इन ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू किया जा रहा अब मार्ग की मरम्मत और यातायात बहाली का कार्य पूर्ण हो जाने के बाद इन ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू किया जा रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 19803 कोटा–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस का संचालन 1 नवम्बर 2025 से और गाड़ी संख्या 19804 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-कोटा एक्सप्रेस का संचालन 2 नवम्बर 2025 से अपने निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पुनः प्रारंभ किया जाएगा।

31 अक्टूबर को आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में प्रदेशभर के थानों और मुख्यालयों में आयोजित होगा कार्यक्रम

लखनऊ, देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश में एक बार फिर एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समरसता का संदेश गूंजेगा। 31 अक्टूबर को यूपी पुलिस प्रदेश के सभी जिलों और पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालयों पर “Run for Unity” कार्यक्रम का भव्य आयोजन करेगी। पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) एलआर कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत की एकता और अखंडता के प्रति नागरिकों की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी थानों, स्कूलों, कॉलेजों, एनसीसी, स्काउट्स और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता के साथ यह दौड़ आयोजित होगी, जिसमें तिरंगे झंडे और राष्ट्रीय नारों के साथ देशभक्ति का वातावरण बनेगा। उन्होंने बताया कि ‘रन फॉर यूनिटी’ सुबह 7 से 10 बजे के बीच आयोजित की जाएगी। प्रत्येक थाने या पुलिस मुख्यालय से 1 से 1.5 किलोमीटर की दूरी तक दौड़ का आयोजन होगा। मार्ग का चिन्हांकन, दिशा संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में प्रशिक्षणरत महिला व पुरुष आरक्षी, विद्यालयों व महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट, स्काउट, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी और प्रमुख खेल हस्तियां भी भाग लेंगी। इस अवसर पर प्रतिभागियों के हाथों में तिरंगा लहराएगा, जो एकता और सौहार्द का प्रतीक बनेगा।

विकसित राज्य के विजन के साथ प्रगति की ओर बढ़ेगा मध्यप्रदेश

भोपाल  राज्य स्थापना दिवस पर रवींद्र भवन में आयोजित होने वाले ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’ विजन दस्तावेज का विमोचन करेंगे। यह आयोजन प्रदेश की निरंतर प्रगति यात्रा को नई दिशा देने के साथ अगले दो दशकों के लिए सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश के रोडमैप को प्रस्तुत करेगा। मध्यप्रदेश ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को आधार बनाकर ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’ का विजन तैयार किया है। कार्यक्रम में यह बताया जाएगा कि बीते दो वर्षों में राज्य ने औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निवेश प्रोत्साहन और आधारभूत ढांचे के विस्तार में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और आने वाले समय में यही गति प्रदेश को देश के अग्रणी औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। कार्यक्रम में ‘द टू-ईयर जर्नी’ शीर्षक से एक प्रेरक लघु फिल्म प्रदर्शित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश की निवेश प्रोत्साहन यात्रा और औद्योगिक उपलब्धियों का प्रभावशाली चित्रण रहेगा। इसके पश्चात् ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’ दस्तावेज का विमोचन किया जाएगा, जो राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में दीर्घकालिक योजनाओं, औद्योगिक निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और सामाजिक सशक्तिकरण का समग्र खाका प्रस्तुत करेगा। मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन बताएंगे कि प्रदेश ने निवेशकों के लिए नीतिगत स्थिरता, पारदर्शिता और विश्वास का वातावरण तैयार करने के लिये किये गये नवाचारों की जानकारी देंगे। वे यह भी रेखांकित करेंगे कि आने वाले वर्षों में यही वातावरण मध्यप्रदेश को देश और दुनिया के निवेश मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाएगा। कार्यक्रम में उद्योग एवं निवेशक सेवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ‘MP ई-सेवा’ और ‘Invest MP 3.0’ पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। ये दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म उद्योगों को सिंगल-विंडो सुविधा, ऑनलाइन स्वीकृति और रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी सेवाएं प्रदान करेंगे, जिससे औद्योगिक प्रक्रियाएं और अधिक सरल व पारदर्शी बनेंगी। प्रदेश की प्रगति को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से विमानन क्षेत्र में भी नई पहल की जा रही है। उज्जैन हवाई अड्डे के विकास से संबंधित एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे धार्मिक, पर्यटन और औद्योगिक दृष्टि से उज्जैन क्षेत्र विकास की नई ऊचाईयां प्राप्त करेगा। इसी क्रम में रीवा-नई दिल्ली एलायंस एयर उड़ान का शुभारंभ किया जाएगा, जिससे विंध्य क्षेत्र का राजधानी दिल्ली से सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी और व्यापार व निवेश के नए अवसर सृजित होंगे। कार्यक्रम में नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. सुमन के. बेरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू उपस्थित रहेंगे। वे ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’ विजन को प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ अभियान की दिशा में एक सशक्त कदम के रूप में रेखांकित करेंगे और राज्य की नीतिगत स्पष्टता तथा दूरदर्शी दृष्टिकोण की विस्तृत जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव यह संदेश देंगे कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश न केवल निवेश का केंद्र बनेगा, बल्कि मानव विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और नवाचार के क्षेत्र में भी देश के अग्रणी राज्यों में अपनी जगह बनाएगा। ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उस नए युग की शुरुआत है, जिसमें प्रदेश का हर नागरिक विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनेगा। 

राजबीर फरटिया के बेटे की ग्रैंड वेडिंग बनी चर्चा का विषय! 5 एकड़ में पंडाल

चंडीगढ़  5 एकड़ पंडाल, 150 गांवों को भोज, कौन है दुल्हन?लोहारू के कांग्रेस विधायक राजबीर फरटिया के बेटे की शादी की खासी चर्चा है. भिवानी. हरियाणा के भिवानी जिले के लोहारू के कांग्रेस विधायक राजबीर फरटिया के बेटे की शादी की खासी चर्चा है. विधायक राजबीर फरटिया के इकलौते बेटे योगेश फरटिया की शादी की रस्में तीन दिन से चल रही हैं और 30 अक्टूबर 2025 रिशेप्शन होने जा रहा है. इस ग्रैंड शादी में बड़ी संख्या में लोगों को न्योता दिया गया. अहम बात है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी से लेकर कई बड़े दिग्गज को शादी में बुलाया गया है. जानकारी के अनुसार, भिवानी में लोहारू मंडी में प्रीतिभोज कार्यक्रम में डेढ़ सौ गांवों के लोगों को निमंत्रण दिया गया है. गुरुवार को कांग्रेस के नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह भी इस शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं. बताया जा रहा है कि शादी के भोज के लिए लोहारू मंडी में पांच एकड़ में पंडाल बना गय़ा है और करीब 90 से एक लाख लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की गई है. गौरतलब है कि विधायक राजबीर फरटिया के बेटे योगेश फरटिया की अपनी कंस्ट्रक्शन कंपनी है. विधायक राजबीर फरटिया के बेटे योगेश फरटिया की अपनी कंस्ट्रक्शन कंपनी है.   योगेश की शादी जींद से हो रही है और उनकी दुल्हन इंग्लैंड से पढ़ी है. जींद के डेयरी कारोबारी बलजीत सिंह रेढू की बेटी तमन्ना और योगेश की शादी की रस्में शुरू हो चुकी हैं.  बताय़ा जा रहा है कि तमन्ना ने इंग्लैंड से कॉमर्स की पढ़ाई की है और अब पिता के कारोबार में साथ दे रही हैं. जींद में लक्ष्य डेयरी एवं लक्ष्य फूड इंडिया के नाम से कंपनी चलाने वाले बलजीत की तमन्ना इकलौती बेटी है. भाई स्वीट्स एवं होटल का कारोबार देखता है. बेटे की शादी के लिए विधायक ने राहुल गांधी को भी बुलाया है. विधायक का इकलौता बेटा है योगेश पहली बार विधायक बने कांग्रेस विधायक राजबीर फरटिया के दो बच्चे हैं. एक साल पहले बेटी की शादी आईएएस अफसर से हुई थी और अब बेटा दुल्हा बननने जा रह है. बीते तीन रोज से शादी का जश्न चल रहा है और इसमें रंग जमाने के लिए कलाकारों को भी बुलाया गया है. शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे चौधरी बीरेंद्र सिंह. गुरुग्राम में यह शादी होगी, लेकिन लोहारू मंडी में गुरुवार को भोज दिया जा रहा है. विधायक राजबीर फरटिया ने कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी को भी शादी का निमंत्रण दिया है. वहीं, पार्टी के अन्य शीर्ष नेतृत्व तको भी बुलाया है. बताया जा रहा कि गुरुग्राम में यह शादी होगी, लेकिन लोहारू मंडी में गुरुवार को भोज दिया जा रहा है. बताया जा रहा है कि लोहारू अनाज मंडी में भोज के लिए विधायक पांच हजार वेटर्स और करीब 800 सिक्योरिटी गार्डों भी तैनात किए गए हैं. गौरतलब है कि लोहारू विधानसभा से जीते राजबीर फरटिया ने भाजपा सरकार में कृषिमंत्री रहे जेपी दलाल को हराया था.