samacharsecretary.com

AI का खौफनाक इस्तेमाल: रायपुर में छात्राओं की तस्वीरें मॉर्फ कर बनाए 1000 फर्जी अश्लील फोटो, पुलिस जांच शुरू

रायपुर  छत्तीसगढ़ में रायपुर स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। संस्थान के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग के थर्ड ईयर के एक छात्र ने AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से संस्थान की 36 छात्राओं की अश्लील तस्वीरें और वीडियो बना लिए। जैसे ही इस घटना का खुलासा हुआ हड़कंप मच गया। आरोपी के लैपटॉप और मोबाइल की जांच में करीब 1000 से ज्यादा फेक तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए हैं। ऐसे खुली पोल प्राप्त जानकारी के मुताबिक, छात्र कई महीनों से इस काम को अंजाम दे रहा था। वह सोशल मीडिया इंस्टाग्राम, फेसबुक और लिंक्डइन से छात्राओं की प्रोफाइल फोटो डाउनलोड कर उन्हें एआई टूल्स से मॉर्फ करता था। इन तस्वीरों को अश्लील रूप देने के बाद वह उन्हें अपने निजी लैपटॉप और क्लाउड सर्वर पर सेव कर रखता था। जब कुछ छात्राओं को इसकी भनक लगी तो उन्होंने प्रबंधन को लिखित शिकायत दी। छात्र को किया सस्पेंड शिकायत के बाद संस्थान ने छात्र को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई है। फिलहाल संस्थान ने अभी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। इधर भाजपा और कांग्रेस के बीच इस मसले को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। जांच के लिए एक विशेष समिति गठित आईआईआईटी के डायरेक्टर 'डॉ. ओम प्रकाश व्यास' ने बताया कि 'महिला स्टाफ को मिली शिकायत के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। जांच के लिए एक विशेष समिति गठित की गई है। यह गंभीर मामला है, इसलिए तकनीकी और नैतिक दोनों स्तर पर जांच जारी है।' IIIT प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं की निजता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। जांच समिति तकनीकी सबूतों की जांच कर रही है। आरोपी ने क्लासमेट्स को भी नहीं छोड़ा पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी कॉलेज इवेंट में क्लास और कॉलेज की छात्राओं की फोटो खींचता था। इन फोटो को उसने AI के माध्यम से अश्लील बनाया और कुछ दोस्तों को दिखाया। दोस्तों के माध्यम से छात्राओं तक जानकारी पहुंची। उन्होंने आरोपी छात्र की शिकायत IIIT प्रबंधन से कर दी। प्रबंधन ने आरोपी को सस्पेंड कर दिया, लेकिन पुलिस में जानकारी नहीं दी। मामला छात्राओं के बीच से मीडिया तक पहुंचा। इसके बाद प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत की है। प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज किया। कॉलेज प्रबंधन ने कमेटी भी बनाई इस मामले पर कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि जांच के लिए महिला स्टाफ की एक विशेष समिति गठित की गई है। कमेटी तकनीकी पहलुओं के साथ-साथ सोशल मीडिया और डेटा लीक की संभावना की भी जांच करेगी। कॉलेज प्रबंधन अपनी रिपोर्ट पुलिस से भी साझा करेगी। आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार इस मामले में ASP दौलत राम पोर्ते ने दैनिक भास्कर को बताया कि आरोपी छात्र की शिकायत प्रबंधन से मिली थी। शिकायत पर जांच की और आरोपी सैय्यद रहीम को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी छात्र से लैपटॉप, मोबाइल और पेन ड्राइव जब्त किया गया है। मामले में जांच की जा रही है।

सड़क पर मर्यादा तोड़ता प्यार: कांकेर में स्कूटी पर कपल की हरकतों का वीडियो वायरल

कांकेर छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में चलती स्कूटी पर एक कपल रोमांस करते दिखा है। स्कूटी सवार के पीछे चल रहे एक कार सवार ने इन दोनों के फोटो और वीडियो बना लिए जो वायरल हो रहे हैं। गर्लफ्रेंड अपने बॉयफ्रेंड के गोद पर बैठकर घूमती दिख रही। इस दौरान वह अपने बॉयफ्रेंड को किस करते हुए भी दिखाई दी। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मंगलवार रात की घटना बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार रात की है। रात में कांकेर शहर में एक कपल चलती स्कूटी पर रोमांस करते नजर आए। दोनों एक दूसरे में इतने मशगूल थे कि उनके अगल-बगल से कौन निकल रहा है उनको इस बात की जानकारी ही नहीं हुई। लड़की अपने बॉयफ्रेंड की गोद में बैठी है और उसे कसकर पकड़ी है। वहीं लड़का तेज रफ्तार के साथ गाड़ी चला रहा है। इस दौरान लड़की कई जगहों पर उसे किस करती भी दिखाई दी। बिना नंबर प्लेट की है गाड़ी यह कपल बिना नंबर प्लेट वाली सफेद स्कूटी में सवार था। दोनों ने हेलमेट भी नहीं लगाया था। इस दौरान कई बार लोगों ने उन्हें आवाज भी दी लेकिन उन्होंने लोगों की आवाज नहीं सुनी। अब इस वायरल वीडियो पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। लोगों में आक्रोश कपल के इस तरह से रोमांस का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश भी दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की हरकतें नहीं होनी चाहिए। इस तरह की हरकतों का समाज में गलत असर होता है। लोगों ने कहा कि इन दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जिससे ऐसा करने वालों को बड़ा सबक मिल सके। पुलिस ने लिया एक्शन वायरल वीडियो पर पुलिस ने एक्शन लिया है। मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी दिनेश सिन्हा ने कहा कि चलती स्कूटी पर कपल के रोमांस का वीडियो वायरल हुआ है। कोतवाली थाना पुलिस को जांच और कार्रवाई के लिए निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।  

अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटा, युवक की मौके पर मौत, सड़क हादसा

बांका बिहार के बांका जिले में गुरुवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बालू लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना जिले के रजौन प्रखंड अंतर्गत सिंहनान पंचायत में घटी। मृतक की पहचान रंजीत कुमार के रूप में हुई मृतक की पहचान रंजीत कुमार, पिता रिडल यादव, निवासी जामगांव (बलुआचक), थाना जगदीशपुर, जिला भागलपुर के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रंजीत कुमार बालू से लदा ट्रैक्टर लेकर दयालपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार के चलते ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर का भारी इंजन रंजीत पर गिर पड़ा और वह उसके नीचे दब गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही रजौन थाना के अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार और एसआई संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

दुर्गापुर-मुंबई इंडिगो फ्लाइट में कैंसर पीड़ित की मौत, रायपुर में कराई गई आपात लैंडिंग

रायपुर पश्चिम बंगाल के बर्दवान निवासी युवक और कैंसर के मरीज की तबीयत बिगड़ने पर दुर्गापुर-मुंबई इंडिगो फ्लाइट की रायपुर के हवाईअड्डे में गुरुवार की आधी रात आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में बेहोश हुए युवक को स्थानीय अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। एयरपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात दुर्गापुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में पश्चिम बंगाल के बर्दवान निवासी गौतम बाउड़ी सवार था। वह ब्लड कैंसर से पीड़ित था। इलाज के लिए मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल जा रहा था। फ्लाइट में उसकी तबीयत खराब हुई और वह बेहोश हो गया। पायलट ने एयर ट्रेफिक कंट्रोल से आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति प्राप्त होते ही रात को आनन फानन में फ्लाइट को रायपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। रायपुर एयरपोर्ट पर उसकी जांच की गई फिर माना स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।  

पुलिसकर्मियों की बेरहमी से DSP के साले की मौत, भोपाल में बवाल और जांच शुरू

भोपाल  पिपलानी थाना क्षेत्र के सी-सेक्टर इंद्रपुरी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी देर रात इसी थाने के  दो पुलिसकर्मियों ने बीटेक पास एक युवक को बीच सड़क पर इतना पीटा की उसकी मौत हो गई। मौत के बाद उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि उसकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। पुलिसकर्मियों की मारपीट में जिस युवक की मौत हुई है, उसके जीजा बालाघाट में डीएसपी हैं। साले की मौत की सूचना के बाद वह भी भोपाल के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिसकर्मियों की पिटाई में युवक की मौत के बाद उसके परिजन और दोस्तों ने आज सुबह पिपलानी थाने का घेराव कर हंगामा मचाया। हंगामा मचने के बाद पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्रा ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर जांच के आदेश दिए हैं। पिपलानी थाना पुलिस के अनुसार  22 वर्षीय उचित गायकी पिता राजकुमार गायकी अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में रहता था। उसने  वीआईटी कॉलेज सीहोर से बीटेक की पढ़ाई की है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात दो दोस्तों के साथ कहीं जाने के लिए निकला था। परिजनों का आरोप है कि इंद्रपुरी सी-सेक्टर में पिपलानी थाने के दो पुलिसकर्मियों संतोष बामनिया और सौरभ आर्य ने उसके साथ इतनी अधिक मारपीट कर दी की उसकी मौत हो गई।  इधर, पुलिस का मानना है कि युवक की मौत घबराहट के कारण हार्ट अटैक से हुई है। डीसीपी जोन 2 विवेक सिंह ने बताया कि इस मामले में पेट्रोलिंग पर तैनात दो पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। स्पेशल पैनल बनाकर मृतक के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है। उदित के दोस्तों के बयान भी लिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, उदित गाइकी टीआईटी कॉलेज का छात्र था। उसके पिता भेलकर्मी और मां टीचर है। जबकि बहनोई बालाघाट एंटी नक्सल में डीएसपी के पद पर पदस्थ हैं। उसके दोस्तों के अनुसार इंद्रपुरी सेक्टर- सी में वह पार्टी करके लौट रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उदित और उसके साथियों के साथ मारपीट की और थाने ले गई। इधर, परिजनों का आरोप है कि थाने में उसके साथ मारपीट की गई। वहां उसकी हालत बिगजड गई। जिसके बाद पुलिस उसे इलाज के लिए एम्स ले गई। इधर, पुलिस का दावा है कि युवक को थाने नहीं लाया गया था। एसीपी ने कहा- पुलिस अभिरक्षा में नहीं हुई मौत  गोविंदपुरा की सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अदिति भावसार सक्सेना ने बताया कि बीती रात पिपलानी थाने के इंद्रपुरी सी-सेक्टर में चार-पांच युवकों के सड़क किनारे शराब पीने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद विवाद की स्थिति बनी। उदित को पिपलानी थाने नहीं लाया गया था, ऐसे में पुलिस अभिरक्षा में मौत होना नहीं माना जा सकता। पुलिस मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम उदित की मौत की सूचना के बाद वीआईटी सीहोर के डेढ़ दर्जन से अधिक छात्र आज सुबह पिपलानी थाने पहुंचे और जमकर हंगामा मचाया। मृतक के पिता बिजली कंपनी में कार्य करते हैं, जबकि मां शिक्षिका हैं। परिजनों ने मीडिया को बताया कि जहां पर पुलिसकर्मियों ने उदित के साथ बीच सड़क पर मारपीट की है, उसके पास ही एक सीसीटीवी कैमरा लगा था, जिसमें पुलिसकर्मियों द्वारा की जा रही मारपीट की पूरी घटना कैद हो गई है। पुलिसकर्मियों पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर न्यायिक जांच कराई जाए।

घूसखोरी पर कार्रवाई: बिलासपुर में क्लर्क ने मांगी 10 हजार की रिश्वत, ACB ने किया गिरफ्तार

 बिलासपुर  एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार को आदिम जाति कल्याण विभाग के एक बाबू को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपित बाबू अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत मिलने वाली राशि जारी करने के बदले युवक से रिश्वत मांग रहा था। बिल्हा थाना क्षेत्र के एक युवक ने दुर्ग जिले की युवती से अंतरजातीय विवाह किया था। सरकार की ओर से इस योजना के तहत दो लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके लिए युवक ने पुराना कंपोजिट बिल्डिंग स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के कार्यालय में आवेदन किया था। आवेदन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के दौरान वहां पदस्थ बाबू मनोज तोंडेकर ने युवक को कई दिनों तक चक्कर लगवाए और बाद में राशि जारी करने के बदले 10 हजार रुपए की मांग की। युवक ने एंटी करप्शन ब्यूरो से की शिकायत युवक ने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत की पुष्टि होने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। शुक्रवार सुबह युवक तय योजना के अनुसार नेहरू चौक स्थित कंपोजिट बिल्डिंग में पहुंचा और आरोपी बाबू को 10 हजार रुपए दिए। जैसे ही बाबू ने रिश्वत की राशि ली, वहीं पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। बाबू के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद एसीबी अधिकारियों ने बाबू के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद की है। फिलहाल आरोपी से दफ्तर के एक कमरे में पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि बाबू लंबे समय से इसी प्रकार लोगों को योजना की राशि दिलाने के नाम पर परेशान कर अवैध वसूली करता था। एसीबी की कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

मान-सम्मान की आड़ में बेटी की जान ले ली: राधिका मर्डर केस में पिता के खिलाफ पुलिस की 420 पेज की चार्जशीट

गुड़गांव गुड़गांव के बहुचर्चित टेनिस प्लेयर राधिका यादव की हत्या उसके पिता ने अपना मान-सम्मान बचाने के लिए की थी। राधिका का टेनिस ट्रेनिंग देना उनके पिता को अच्छा नहीं लग रहा था क्योंकि ग्रामीणों के ताने लगातार बढ़ रहे थे। पुलिस ने अदालत में दाखिल की 420 पेज की चार्जशीट में इसी मान-सम्मान के कारण राधिका की हत्या किए जाने की बात कही है।   सेक्टर-56 थाना पुलिस के मुताबिक, 90 दिन तक चली जांच में आरोपी पिता दीपक यादव के साथ-साथ कई परिजनों व परिचितों के बयान भी दर्ज किए गए। उनसे पूछताछ में केवल मान-सम्मान को ठेस पहुंचने की बात सामने आई। इसके साथ ही यह भी पता लगा कि दोनों पिता-पुत्री के बीच पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे। जांच में सामने आया था कि राधिका का टेनिस प्रशिक्षण देना उनके परिवार के मान-सम्मान को ठेस पहुंचा रहा है। जांच के दौरान किसी भी तरह के प्रेम प्रसंग की बात सामने नहीं आई। वहीं, अदालत में अब मामले की सुनवाई 17 अक्टूबर को होगी।    आपको बता दें कि 10 जुलाई को सेक्टर-57 में घर पर खाना बना रही टेनिस प्लेयर राधिका यादव की उसके पिता ने गाेली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या करने से पहले दोनों पिता-पुत्री के बीच झगड़ा भी हुआ था। पुलिस के मुताबिक, जब राधिका किचन में खाना बना रही थी तो उसके पिता दीपक यादव ने उस पर गोलियां चला दी जिसमें चार गोलियां राधिका को लगी थी। इसके बाद दीपक के भाई व भतीजे राधिका को निजी अस्पताल ले गए थे जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। राधिका घर के पास ही टेनिस एकेडमी चलाती थी। वह इंटरनेशनल लेवल तक की टेनिस प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी थी।  एक मैच के दौरान कंधे में चोट लगने के बाद उसने टेनिस खेलना छोड़ दिया था, लेकिन पिता ने काफी प्रोत्साहित किया और उसका इलाज कराने के बाद उसे वापस मैदान में उतारा। चोट से उभरने के बाद राधिका ने टेनिस एकेडमी शुरू जो पूरे क्षेत्र में काफी पॉपुलर हो गई। वहीं, पुलिस को प्रारंभिक जांच के दौरान पता लगा था कि राधिका के पिता पास ही गांव में दूध लेने के लिए जाते थे जहां ग्रामीण उन्हें बेटी की कमाई खाने के नाम पर ताने देता था। इसको लेकर उन्होंने राधिका को एकेडमी बंद करने के लिए कहा था, लेकिन इसको लेकर दोनों में झगड़ा होने लगा था और राधिका एकेडमी बंद न करने पर अड़ी हुई थी। इसी पूरे प्रकरण में ही राधिका की हत्या किए जाने की बात सामने आई थी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने करवा चौथ पर्व की शुभकामनाएं दीं

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने करवा चौथ के पावन पर्व पर प्रदेश की सभी माताओं एवं बहनों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि परमपिता परेश्वर से प्रार्थना है कि करवा चौथ पर्व सभी के जीवन में प्रेम, विश्वास और अखंड सौभाग्य लेकर आए। प्रदेश में सुख, समृद्धि एवं आरोग्यता का दीप सदा प्रज्जवलित होता रहे।  

पंजाब पुलिस में हड़कंप: SHO पर लगा गंभीर आरोप, महिला आयोग ने की सख्त कार्रवाई

पंजाब पंजाब पुलिस के SHO पर बड़ी कारवाई सामने आई है। फिल्लौर थाने के SHO भूषण कुमार पर नाबालिग बेटी और मां से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगने के बाद SHO की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, महिला आयोग ने इस मामले में SSP को नोटिस जारी किया है। आयोग ने कहा कि नाबालिग बलात्कार पीड़िता के मामले में, जैसा कि सोशल मीडिया पर बताया जा रहा है, SHO भूषण कुमार ने कार्रवाई करने के बजाय पीड़िता और उसकी मां के साथ गलत हरकतें कीं। पंजाब राज्य महिला आयोग ने एक सख्त नोटिस जारी करते हुए कहा है कि वह पंजाब राज्य महिला आयोग अधिनियम, 2001 की धारा 12 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करके महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के उल्लंघन से जुड़े मामलों का संज्ञान ले सकता है। आयोग ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से लेता है और पंजाब में महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और प्रतिष्ठा की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। आयोग का ध्यान सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो की ओर आकर्षित किया गया है, जिसमें SHO भूषण कुमार ने नाबालिग बलात्कार पीड़िता के मामले में कार्रवाई करने के बजाय पीड़िता और उसकी मां के साथ अश्लील हरकतें की हैं। पंजाब राज्य महिला आयोग अधिनियम 2001 के तहत वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए लिखा गया है कि नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार और संबंधित एसएचओ द्वारा पीड़िता और उसकी मां के साथ की गई अश्लील हरकतों के स्क्रीनशॉट का लिंक और उसकी प्रति आपको भेजी जा रही है। इस गलत कृत्य के संबंध में, पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी को नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया जाए और संबंधित SHO भूषण कुमार और संबंधित पुलिस उपाधीक्षक को की गई कार्रवाई की स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और 13 अक्टूबर को सुबह 11:00 बजे आयोग के कार्यालय में दोनों पक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

मिस्ट्री में ट्रक ड्राइवर: पंजाब में 221 iPhone गायब, फ्लिपकार्ट ने पुलिस को बताया गंभीर मामला

पंजाब  पंजाब के लुधियाना में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी फ्लिपकार्ट के एक ट्रक से करीब 1.21 करोड़ रुपये मूल्य का सामान चोरी हो गया. चोरी हुए सामान में 221 आईफोन, पांच दूसरी कंपनियों के महंगे मोबाइल और अन्य सामान शामिल हैं. कुल 234 पार्सल गायब हुए हैं. इस चोरी में ट्रक चालक और उसके सहायक पर आरोप लगाए जा रहे हैं. गुरुग्राम स्थित एक लॉजिस्टिक फर्म के कर्मचारी ने पुलिस को शिकायत दी है. इस शिकायत में बताया गया कि 10 दिन पहले ही राजस्थान निवासी नासिर को ट्रक ड्राइवर के रूप में काम पर रखा था. नासिर और उसका सहायक ट्रक में 11 हजार से अधिक पार्सल लेकर खन्ना के गोदाम पहुंचाने गए थे. गोदाम में ट्रक छोड़कर ड्राइवर फरार घटना के दिन ट्रक का सहायक अचानक खन्ना के गोदाम में ट्रक छोड़कर फरार हो गया. जब गोदाम में पार्सल स्कैन किए गए, तो पता चला कि 234 पार्सल गायब हैं. फर्म ने तुरंत इस घटना की जानकारी पुलिस को दी. शिकायतकर्ता का दावा है कि नासिर और उसके सहायक ने पूर्व योजना बनाकर यह चोरी की. इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक नासिर और उसके सहायक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस कई जगहों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस के अनुसार, चोरी गए पार्सल में ज्यादातर मोबाइल फोन थे. ये सामान महंगे होने के कारण आसानी से बाजार में बेचा जा सकता है. लॉजिस्टिक फर्म का कहना है कि उन्होंने हमेशा अपने ट्रकों और पार्सलों की सुरक्षा पर ध्यान दिया है, लेकिन इस बार ड्राइवर और सहायक ने धोखाधड़ी की. विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाओं में अक्सर कर्मचारियों की भूमिका होती है. ऐसे मामलों में फर्मों को अपनी सुरक्षा और निगरानी और कड़ी करनी चाहिए. चोरी रोकने के लिए ट्रकों में GPS और अन्य निगरानी तकनीक का इस्तेमाल भी किया जाता है. पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस अब ट्रक चालक और उसके सहायक की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर रही है. जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी का असली मकसद क्या था और क्या किसी और व्यक्ति ने भी इसमें मदद की थी. पुलिस जल्द ही चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के बारे में अपडेट देगी.