samacharsecretary.com

श्रीलंका U19 वर्ल्ड कप स्क्वॉड घोषित, जानिए किसे मिली कप्तानी और किसे उप-कप्तानी

नई दिल्ली श्रीलंका ने आगामी ICC अंडर-19 मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 खिलाड़ियों की टीम का ऐलान कर दिया है। युवा श्रीलंकाई टीम की कप्तानी विमथ दिंसारा करेंगे, जबकि कविजा गामागे को उप-कप्तान बनाया गया है। यह बड़ा टूर्नामेंट 15 जनवरी से शुरू होगा। श्रीलंका की U19 टीम में कप्तान दिंसारा, गामागे और महाविथाना जैसे होनहार बल्लेबाज हैं, साथ ही विरान चामुदिथा, गामागे और चमिका हींटिगला जैसे हरफनमौला खिलाड़ी भी हैं। श्रीलंका को ग्रुप A में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड और जापान के साथ रखा गया है। वे 17 जनवरी को जापान के खिलाफ अपने U19 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेंगे।   15 जनवरी से शुरू हो रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रहीं है, जिन्हें 4-4 के चार ग्रुप में बांटा गया है। भारत और पाकिस्तान इस बार अलग-अलग ग्रुप का हिस्सा हैं। भारत ग्रुप-ए में तो पाकिस्तान ग्रुप-बी में है। ग्रुप स्टेज के बाद हर ग्रुप की टॉप-3 टीमें सुपर-6 में भिड़ेंगी। जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर आने वाले U19 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे, यह टूर्नामेंट 15 जनवरी से 6 फरवरी तक खेला जाएगा। 23 दिनों में सेमीफाइनल और फाइनल समेत कुल 41 मैच होंगे। 5 बार की चैंपियन टीम इंडिया 15 जनवरी को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी, इसके बाद 17 जनवरी को उसी जगह पर बांग्लादेश के खिलाफ और 24 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच होंगे। भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में पांच खिताब जीते हैं। उन्होंने मोहम्मद कैफ (2000), विराट कोहली (2008), उन्मुक्त चंद (2018), पृथ्वी शॉ (2018) और यश ढुल (2022) की कप्तानी में खिताब जीते हैं। अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंका टीम: विमथ दिंसारा (कप्तान), कविजा गमागे, दिमंथा महाविथाना, विरान चामुदिथा, दुलनिथ सिगेरा, चमिका हींटिगला, एडम हिल्मी, चमारिंदु नेथसारा, सेथमिका सेनेविरत्ने, कुगाथास मथुलन, रसिथ निमसार, विग्नेश्वरन आकाश, जीवंथा श्रीराम, सेनुजा वेकुनागोडा, मलिंथा सिल्वा।

टीम इंडिया की संभावित XI पर आकाश चोपड़ा का बड़ा खुलासा, इस गेंदबाज़ की हो सकती है ODI में एंट्री

नई दिल्ली इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड तीन मैच की वनडे सीरीज का आगाज 11 जनवरी से होने जा रहा है। न्यूजीलैंड की टीम वनडे सीरीज के बाद 5 मैच की टी20 सीरीज भी खेलेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के स्क्वॉड के साथ टी20 टीम का तो ऐलान कर दिया है, मगर अभी तक वनडे स्क्वॉड से पर्दा नहीं उठा है। ऐसे में क्रिकेट पंडित अपनी-अपनी टीम का चयन कर रहे हैं। इस कड़ी में पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज और मौजूदा एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा ने भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए 15 खिलाड़ियों की भारतीय टीम का चयन किया है। इस चयन के दौरान उन्होंने ईशान किशन वर्सेस ऋषभ पंत की बहस को भी खत्म करने की कोशिश की है।   ईशान किशन ने हाल ही में डोमेस्टिक क्रिकेट में धमाकेदार प्रदर्शन कर टी20 टीम में अपनी जगह बनाई है। वर्ल्ड कप से पहले अचानक टीम में उनकी एंट्री ने हर किसी को हिला कर रख दिया है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वनडे टीम में भी उनका चयन हो सकता है। ऐसे में ऋषभ पंत का पत्ता कटेगा जो पिछले काफी समय से बेंच गर्म कर रहे हैं। आकाश चोपड़ा ने वनडे स्क्वॉड चुनते हुए ज्यादा बदलाव नहीं किए हैं, लगभग-लगभग इस स्क्वॉड में भी वही खिलाड़ी हैं जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में थी। कप्तान शुभमन गिल के साथ रोहित शर्मा पारी का आगाज करेंगे। गिल चोट के चलते बाहर थे, मगर अब वह पूरी तरह फिट हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी कर सकते हैं। विराट कोहली नंबर-3 पर होंगे, वहीं श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में ऋतुराज गायकवाड़ नंबर-4 का भार फिर से संभालते हुए नजर आएंगे। गायकवाड़ के बल्ले से पिछली सीरीज में शतक निकला था। आकाश चोपड़ा चाहते हैं कि केएल राहुल नंबर-5 पर खेले, उनके अनुसार नंबर-6 की पोजिशन राहुल के लिए सही नहीं है। नंबर-6 पर उन्होंने तिलक वर्मा को रखा है। नंबर-7 के लिए वह रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल के बीच में कंन्यफ्यूज हैं। पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप का नाम टॉप-11 खिलाड़ियों में लिया है। आकाश चोपड़ा का मानना है कि सिराज का परफॉर्मेंस देखते हुए उन्हें वनडे टीम में होना चाहिए। वहीं बचे चार खिलाड़ियों में उन्होंने कुलदीप यादव जो प्लेइंग XI में वॉशिंगटन सुंदर की जगह शामिल हो सकते हैं, प्रसिद्ध कृष्णा, ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल को रखा है। आकाश चोपड़ा का कहना है कि ऋषभ पंत को टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी से साथ लेकर चल रही है, ऐसे में बाहर से बाहर करना उन्हें ठीक नहीं होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए आकाश चोपड़ा का स्क्वॉड- रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, तिलक वर्मा, रवींद्र जडेजा/अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल  

IPL 2026 विवाद: मुस्तफिजुर रहमान पर करोड़ों खर्च करने को लेकर BJP नेता का फूटा गुस्सा, बोले– शाहरुख खान जैसे गद्दार

नई दिल्ली IPL 2026 में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान खेलेंगे या नहीं, इस पर बीसीसीआई ने अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है। मगर नीलामी में उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा 9.20 करोड़ में खरीदे जानें पर केकेआर के सह-मालिक और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की जमकर आलोचना हो रही है। इस बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य संगीत सोम ने शाहरुख खान को गद्दार बताया है। उनका कहना है कि शाहरुख खान के पास जो कुछ भी है, वह भारत ने दिया है, भारत के लोगों ने दिया है, लेकिन वे इस पैसे को कहां लगाते हैं? वे इसे ऐसे देश के खिलाड़ियों पर लगाते हैं जो भारत के खिलाफ काम कर रहा है।   संगीत सोम ने ANI से कहा, "जिस तरह बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है, महिलाओं और लड़कियों का रेप हो रहा है, उनके घर जलाए जा रहे हैं, और वहां भारत विरोधी नारे लगाए जा रहे हैं। इन सबके बावजूद, शाहरुख खान जैसे गद्दार, मैं उन्हें गद्दार कह रहा हूं क्योंकि उनके पास जो कुछ भी है, वह भारत ने दिया है, भारत के लोगों ने दिया है, लेकिन वे इस पैसे को कहां लगाते हैं? वे इसे ऐसे देश के खिलाड़ियों पर लगाते हैं जो भारत के खिलाफ काम कर रहा है। मैं शाहरुख खान जैसे लोगों को बताना चाहता हूं कि वे सफल नहीं होंगे। किसी भी कीमत पर, वे मुस्तफिजुर रहमान को यहां खेलने नहीं दे पाएंगे। रहमान एयरपोर्ट से बाहर कदम नहीं रख पाएगा।" BCCI को है सरकार के आदेश का इंतजार इस विवाद पर भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए फिलहाल 'वेट एंड वॉच' की नीति अपनाई है। बीसीसीआई का कहना है कि वह सरकार के निर्देशों के बिना किसी भी खिलाड़ी पर प्रतिबंध नहीं लगाएगा। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए इनसाइड स्पोर्ट से कहा, "स्थिति संवेदनशील है। हम लगातार सरकार के संपर्क में हैं। फिलहाल ऐसा कुछ नहीं है जिससे बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर बैन लगाया जाए। मुस्ताफिजुर आईपीएल खेलेंगे। बांग्लादेश कोई दुश्मन देश नहीं है।" बोर्ड वर्तमान में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए विदेश मंत्रालय (MEA) के साथ बांग्लादेशी खिलाड़ियों के वीजा संबंधी बातचीत भी कर रहा है। हालांकि, मुस्ताफिजुर की आईपीएल में पूरी उपलब्धता अभी भी कई कारकों पर निर्भर करेगी। अप्रैल में बांग्लादेश को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज खेलनी है और यदि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने एनओसी (NOC) देने से इनकार कर दिया, तो वह कई मैचों से बाहर रह सकते हैं। वीजा को लेकर बीसीसीआई अधिकारी ने कहा है कि, "मुस्ताफिजुर रहमान टी20 वर्ल्ड कप के लिए वीजा अप्लाई करेंगे, जिसे IPL के लिए बढ़ाया जाएगा। वीजा कोई बड़ी समस्या नहीं होगी। बीसीबी की तरफ से भी एनओसी को लेकर कोई नकारात्मक संकेत नहीं मिले हैं।" वर्तमान में बीसीसीआई पूरी तरह से भारत सरकार के अगले आदेश की प्रतीक्षा कर रहा है।  

AUS vs ENG SCG Test: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड ने बदली रणनीति, टीम में किए दो अहम बदलाव

नई दिल्ली इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ईसीबी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में होने वाले 5वें और आखिरी एशेज टेस्ट के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। ईसीबी ने 12 खिलाड़ियों की टीम चुनी है, प्लेइंग XI का फैसला बेन स्टोक्स मैच के दिन करेंगे। ऑस्ट्रेलिया वर्सेस इंग्लैंड 5वां टेस्ट 4 जनवरी से खेला जाना है। सिडनी टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम में दो बड़े बदलाव हुए हैं। ऑफ-स्पिनर शोएब बशीर और तेज गेंदबाज़ मैथ्यू पॉट्स को 12 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। 22 साल के शोएब बशीर, जिन्होंने 2024 में भारत के खिलाफ़ टेस्ट डेब्यू किया था, ने 19 टेस्ट मैच खेले हैं और 39.00 की औसत से 68 विकेट लिए हैं। इस ऑफ-स्पिनर ने अब तक टेस्ट में दो बार चार विकेट और चार बार पांच विकेट लिए हैं। गौरतलब है कि यह पहली बार है जब इंग्लैंड ने मौजूदा एशेज सीरीज में किसी स्पेशलिस्ट स्पिनर को टीम में शामिल किया है। इससे पहले, ऑलराउंडर विल जैक्स ही टीम के एकमात्र स्पिन गेंदबाजी विकल्प थे। 27 वर्षीय मैथ्यू पॉट्स ने जून 2022 में प्रतिष्ठित लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। तब से, इस दाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ ने 10 मैच खेले हैं, जिसमें 29.44 की औसत से 36 विकेट लिए हैं, जिसमें दो बार चार विकेट भी शामिल हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जो उस टीम से बाहर हैं जिसने मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराया था। एटकिंसन हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पांचवें टेस्ट से बाहर हो गए हैं।ऑस्ट्रेलिया 3-1 से आगे चल रही है और वह पहली ही सीरीज को अपने नाम कर चुकी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें एशेज टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्स, ज़ैक क्रॉली, बेन डकेट, विल जैक्स, मैथ्यू पॉट्स, जो रूट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टंग।  

टेस्ट क्रिकेट का पाठ: पुजारा और रहाणे जैसे बनने की सलाह स्टीव स्मिथ-जो रूट को किसने दी?

नई दिल्ली मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की पिच आजकल चर्चा में है। आईसीसी ने उसे 'असंतोषजनक' करार दिया है। चौथे एशेज टेस्ट के दौरान ये पिच बल्लेबाजी के लिए कब्रगाह साबित हुई और मैच 2 दिन में ही खत्म हो गया। इंग्लैंड ये मैच जीत तो जरूर गया लेकिन ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ उसके भी बल्लेबाज पिच पर पस्त नजर आए। स्टीव स्मिथ और जो रूट जैसे दिग्गज बल्लेबाज भी बेबस नजर आए। इस पर भारत के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने कहा है कि मेलबर्न की पिच मुश्किल थी, तेज गेंदबाजों के लिए मददगार थी लेकिन ऐसा नहीं था कि खेलने लायक नहीं थी। उन्होंने कहा कि पिच इतनी खराब इसलिए लग रही क्योंकि आधुनिक बल्लेबाजी में अब धैर्य का पुट नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी पिच पर चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे जैसा खेलना चाहिए।   उथप्पा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘देखिए ये स्थिति दो विपरीत पहलू वाली है। ये ऐसी नहीं है कि विकेट खेलने के लिए असंभव थी। मेलबर्न में विकेट ऐसी होती हैं जो तेज गेंदबाजों के लिए काफी मददगार होती हैं…मुझे लगता है कि आज जिस तरह से क्रिकेट खेली जा रही है, उसकी वजह से ऐसा है। मुझे लगता है कि ये पिचें खेलने लायक नहीं हैं लेकिन अगर आपके पास सही तकनीक है, सही मानसिकता है और आपमें जज्बा है तो आप इस तरह के विकेट के लिए भी कोई रास्ता ढूंढ लेंगे। ये हाई-स्कोरिंग मैच नहीं था लेकिन ये 300 प्लस का मैच नहीं था। लेकिन इस पिच पर 250 का स्कोर बन सकता था। आपको इसके लिए जुझारूपन दिखाना होगा। पुजारा और अजिंक्य रहाणे जैसा खेलिए, आप निश्चित तौर पर रन बनाएंगे।’ उथप्पा ने ये भी कहा कि जो रूट ब्रिसबेन में हुए दूसरे टेस्ट में संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड का ये बल्लेबाज पूरी तरह जैसे खो गया था। उन्होंने इसे टेस्ट क्रिकेट का दुर्भाग्यपूर्ण क्षण बताया। उथप्पा ने कहा, ‘आज टेस्ट क्रिकेट खेलने का तरीका बदल गया है। मैं इसे बहुत पसंद नहीं करता। एशेज टेस्ट 2 दिन में खत्म हो जा रहे हैं। एंटरटेनमेंट के लिए हम खेल के साथ क्या कर रहे हैं? जो रूट भी टेस्ट मैच में खो जा रहे हैं। वह नहीं जान पा रहे कि कैसे खेलना है, आक्रामक क्रिकेट खेलनी है कि अपने अंदाज में खेलना है। ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।’ मेलबर्न टेस्ट की बात करें तो इंग्लैंड ने इसे 4 विकेट से जीता था। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 152 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 110 रन पर सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में 132 रन ही बना सकी, जिसके बाद मैच के दूसरे ही दिन इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाकर मैच 4 विकेट से जीत लिया।  

वीनस विलियम्स को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में मिली वाइल्ड कार्ड एंट्री

मेलबर्न   सात बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन 45 साल की वीनस विलियम्स को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के मेन ड्रॉ में वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली है। 2021 के बाद यह मेलबर्न पार्क में उनकी पहली मौजूदगी होगी और 2023 के बाद यह पहली बार होगा जब वह यूनाइटेड स्टेट्स के बाहर खेलेंगी। वीनस ऑस्ट्रेलियन ओपन मेन ड्रॉ में खेलने वाली सबसे उम्रदराज महिला बनेंगी। इससे पहले जापान की किमिको डेट का रिकॉर्ड टूट जाएगा, जो 44 साल की थीं जब वह ऑस्ट्रेलियन ओपन 2015 के पहले राउंड में हार गई थीं। वीनस ने कहा, "मैं ऑस्ट्रेलिया वापस आकर बहुत खुश हूं और ऑस्ट्रेलियन गर्मियों में मुकाबला करने का इंतजार कर रही हूं। वहां मेरी बहुत सारी शानदार यादें हैं, और मैं उस जगह पर लौटने के मौके के लिए शुक्रगुजार हूं जो मेरे करियर के लिए बहुत मायने रखती है।" 16 महीने के ब्रेक के बाद, वीनस पिछले जुलाई में टेनिस में लौटीं और 2025 में तीन टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। उन्होंने मुबाडाला सिटी डीसी ओपन में पहले राउंड में हमवतन पेटन स्टर्न्स को 6-3, 6-4 से हराया, इससे पहले वह मैग्डेलेना फ्रेच से हार गईं। अगस्त में, विलियम्स सिनसिनाटी के पहले राउंड में स्पेन की जेसिका बौज़ास-मनेरो से 4-6, 4-6 से हार गईं और यूएस ओपन के पहले राउंड में 11वीं सीडेड कैरोलिन मुचोवा को तीन सेट तक ले गईं। डबल्स में, लेयला फर्नांडीज के साथ खेलते हुए, विलियम्स क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, जहां वे फाइनलिस्ट कैटरीना सिनियाकोवा और टेलर टाउनसेंड से हार गईं। वीनस ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 की तैयारी होबार्ट इंटरनेशनल में करेंगी, जहां उन्हें वाइल्डकार्ड भी मिला और वे साथी मेजर चैंपियन बारबोरा क्रेजसिकोवा और एम्मा राडुकानू के साथ शामिल होंगी। वीनस 7 एकल ग्रैंड स्लैम जीत चुकी हैं, जिसमें 5 विंबलडन और 2 यूएस ओपन हैं। वाइल्ड कार्ड मिलने के बाद वीनस के पास ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने और ये उपलब्धि हासिल करने वाली सबसे उम्रदराज महिला बनकर इतिहास रचने का मौका है। ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का मेन ड्रॉ 18 जनवरी से शुरू होगा।

विराट कोहली–अनुष्का शर्मा की तस्वीर पर युजवेंद्र चहल ने किया ऐसा कमेंट, तेजी से हो रहा वायरल

नई दिल्ली इंडियन क्रिकेटर विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा की फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। दरअसल, गुरुवार के दिन विराट ने इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी अनुष्का से साथ फोटो शेयर कर अपने फैंस को न्यू ईयर की बधाई दी थी। वहीं शुक्रवार के दिन युजवेंद्र चहल ने उनकी फोटो पर मजेदार कमेंट किया है।   युजवेंद्र चहल का कमेंट युजवेंद्र चहल ने फाेटो पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘हैप्पी न्यू ईयर भईया-भाभी। फोटो क्लिक पर क्रेडिट मिल जाता तो…।’ युजवेंद्र चहल के कमेंट पर लोग रिप्लाई दे रहे हैं। कुछ कह रहे हैं कि ये सबसे रिलेटेबल कमेंट है। वहीं कुछ अपने उन दोस्तों को टैग कर रहे हैं जो विराट की ही तरह फोटो क्लिक करने वाले दोस्तों को क्रेडिट नहीं देते हैं। विराट की हो रही है तारीफ विराट कोहली ने दो पोस्ट शेयर की हैं। एक 31 दिसंबर के दिन जिसमें वह अनुष्का शर्मा के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। उनके गाल पर स्पाइडरमैन का टैटू बना हुआ है और अनुष्का शर्मा के गाल पर बटरफ्लाई बनी हुई है। वहीं दूसरी फोटो उन्होंने 1 जनवरी के दिन पोस्ट की है जिसमें दोनों साथ में पार्टी करते नजर आ रहे हैं। ऐसे में लोग विराट को ग्रीन फॉरेस्ट कह रहे हैं। वे उनकी तारीफ करते हुए लिख रहे हैं कि उन्होंने साल खत्म अनुष्का के साथ पोस्ट शेयर कर किया और साल की शुरुआत भी अनुष्का के साथ फोटो पोस्ट कर की है।

पाकिस्तानी टीम की कोचिंग छोड़ने पर जेसन गिलेस्पी का बड़ा बयान,

 नई दिल्ली ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी ने आखिरकार उस वजह का खुलासा कर दिया है, जिसके चलते उन्होंने दिसंबर 2024 में अचानक पाकिस्तानी टेस्ट टीम के हेड कोच के पद से इस्तीफा दे दिया था. गिलेस्पी का कहना है कि उन्होंने टीम के खराब प्रदर्शन की वजह से नहीं, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के रवैये और अंदरूनी कामकाज के कारण पद छोड़ा. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर Q&A सेशन के दौरान जेसन गिलेस्पी ने बताया कि पीसीबी के कुछ फैसले पेशेवर और निजी दोनों स्तर पर उनके लिए अपमानजनक थे. गिलेस्पी को अप्रैल 2024 में पाकिस्तान की टेस्ट टीम को संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जब टीम रेड-बॉल क्रिकेट में लगातार संघर्ष कर रही थी. गिलेस्पी के अनुसार, हालात तब पूरी तरह बिगड़ गए जब पीसीबी ने सीनियर असिस्टेंट कोच टिम नीलसन को बिना किसी सूचना के बर्खास्त कर दिया. जेसन गिलेस्पी ने लिखा, 'मैं पाकिस्तान की टेस्ट टीम का हेड कोच था और पीसीबी ने हमारे सीनियर असिस्टेंट कोच को बिना मुझे बताए निकाल दिया. हेड कोच होने के नाते यह मेरे लिए पूरी तरह अस्वीकार्य था. इसके अलावा भी कई ऐसे मुद्दे थे, जिनकी वजह से मैं खुद को अपमानित महसूस कर रहा था. ' 'कमजोर' टीम को संवारने की मिली थी जिम्मेदारी उन्होंने साफ कहा कि इस तरह के फैसलों के बाद पाकिस्तानी टीम के साथ काम करना असंभव था. जेसन गिलेस्पी को एक ऐसी पाकिस्तानी टीम मिली थी, जो आत्मविश्वास और निरंतरता की कमी से जूझ रही थी. उनके कार्यकाल की शुरुआत भी निराशाजनक रही, जब सितंबर में पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ 2-0 से घरेलू टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. इस सीरीज में पाकिस्तान की बल्लेबाजी और टीम संतुलन की पुरानी कमजोरियां फिर सामने आईं. हालांकि, इसके बाद पाकिस्तानी टीम ने जेसन गिलेस्पी की कोचिंग में जबरदस्त सुधार दिखाया. अक्टूबर 2024 में पाकिस्तान ने घरेलू मैदान पर इंग्लैंड को 2-1 से हराकर हालिया सालों की सबसे यादगार टेस्ट सीरीज जीत दर्ज की. तब पहला टेस्ट हारने के बाद पाकिस्तानी टीम ने पिचों और स्पिन गेंदबाजों का बेहतर इस्तेमाल किया और अगले दो मुकाबलों में इंग्लैंड पर पूरी तरह हावी रहा. जेसन गिलेस्पी और पीसीबी के बीच विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ था. इस्तीफे के बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि पीसीबी ने उन्हें पूरा भुगतान नहीं किया था. हालांकि, बोर्ड ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गिलेस्पी ने अपने कॉन्ट्रैक्ट में तय चार महीने का नोटिस पीरियड पूरा नहीं किया, जिससे वह शर्तों का उल्लंघन कर बैठे. जेसन गिलेस्पी के इस खुलासे ने एक बार फिर पीसीबी की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. उनके बयान से साफ झलकता है कि बोर्ड के अंदर फैसले किस तरह लिए जाते हैं और कोचिंग स्टाफ को किस हद तक नजरअंदाज किया जाता है. गिलेस्पी के मुताबिक समस्या नतीजों की नहीं थी, बल्कि सम्मान और संवाद की कमी थी. जेसन गिलेस्पी ने अपने लगभग एक दशक लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर (1996-2006) में ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए कई मौकों पर यादगार प्रदर्शन किया. उन्होंने कुल 71 टेस्ट, 97 ओडीआई और 1 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 402 विकेट लेने के अलावा 1531 रन बनाए.

39 साल के ख्वाजा ने संन्यास का किया ऐलान, सिडनी टेस्ट होगा करियर का आखिरी मैच

 सिडनी ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज 2025-26 का पांचवां एवं आखिरी मुकाबला 4 जनवरी (रविवार) से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) में होना है. ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले ही एशेज रिटेन कर चुकी है और वो सीरीज का स्कोर 4-1 करना चाहेगी. दूसरी ओर इंग्लिश टीम की कोशिश जीत के साथ सीरीज खत्म करने पर है. सिडनी टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने बड़ा निर्णय लिया है. 39 वर्षीय उस्मान ख्वाजा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. ख्वाजा सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया के लिए आखिरी बार खेलने उतरेंगे. यह उनके टेस्ट करियर का 88वां मुकाबला होगा. शुक्रवार (2 जनवरी) की सुबह एससीजी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ख्वाजा ने अपने फैसले की घोषणा की. इस दौरान उनके माता-पिता, पत्नी रेचल और दोनों बच्चे भी मौजूद थे. उन्होंने टीम के अभ्यास सत्र से ठीक पहले अपने साथी खिलाड़ियों को इस फैसले की जानकारी दी. उस्मान ख्वाजा ने बताया कि वह टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट और टी20 में खेलते रहेंगे. वह आगे भी ब्रिसबेन हीट (BBL) और क्वींसलैंड (शेफील्ड शील्ड) के लिए उपलब्ध रहेंगे. इस्लामाबाद में जन्मे ख्वाजा बचपन में सिडनी आकर बस गए थे. यहीं उन्होंने 2008 में फर्स्ट क्लास और 2011 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था. ऐसे में एससीजी में उनका आखिरी टेस्ट एक भावनात्मक विदाई बन गया है. उस्मान ख्वाजा हुए भावुक उस्मान ख्वाजा ने कहा, 'मैंने कभी नहीं सोचा था कि रिटायरमेंट पर रोऊंगा, लेकिन जैसे ही मैंने टीम को बताया, मेरी आंखों से आंसू निकल आए. यह सफर मेरे लिए बेहद खास रहा है.' ख्वाजा का करियर आसान नहीं रहा है. उन्हें कई बार टीम से बाहर किया गया, चोटें झेलीं और औसत भी एक समय 25 से नीचे चला गया. लेकिन हर बार उन्होंने वापसी की और खुद को साबित किया. साल 2018 में पाकिस्तान के खिलाफ दुबई टेस्ट में खेली गई 141 रन की मैराथन पारी को उनके करियर की सबसे यादगार पारियों में गिना जाता है. 2021-22 की एशेज सीरीज में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर दो शतकों के साथ उस्मान ख्वाजा ने जोरदार वापसी की थी. इसके बाद चार सालों में वह ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उस्मान ख्वाजा ऑस्ट्रेलिया के पहले मुस्लिम टेस्ट क्रिकेटर हैं. उन्होंने नस्लभेद के खिलाफ आवाज उठाई और दक्षिण एशियाई मूल के खिलाड़ियों के लिए बेहतर रास्तों की वकालत की. उन्होंने कहा, 'मैं एक पाकिस्तानी मूल का मुस्लिम हूं, जिसे कहा गया था कि वह कभी ऑस्ट्रेलिया के लिए नहीं खेल पाएगा, लेकिन आज मैं यहां हूं. मैं चाहता हूं कि लोग मुझे एक विनम्र क्रिकेटर के तौर पर याद रखें, जिसने खेल का आनंद लिया और दर्शकों का मनोरंजन किया.' उस्मान ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 87 टेस्ट मैचों में 6206 रन बनाए हैं, जिसमें 16 शतक और 28 अर्धशतक शामिल रहे. टेस्ट क्रिकेट में उनका औसत 43.39 रहा है. ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 40 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले भी खेले हैं. वनडे इंटरनेशनल में ख्वाजा के नाम पर 42.00 की औसत से 1554 रन दर्ज हैं. इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 12 अर्धशतक लगाए. ख्वाजा ने टी20 इंटरनेशनल में 26.77 के एवरेज और एक अर्धशतक की मदद से 241 रन बनाए.

BCCI ने दिया बड़ा बयान: मुस्ताफिजुर रहमान आईपीएल में खेलेंगे, बांग्लादेश को लेकर विरोध गलत

नई दिल्ली भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते राजनयिक तनाव के बावजूद तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए खेलने की संभावना बनी हुई है। मुस्ताफिजुर इस मिनी ऑक्शन में बिकने वाले इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी रहे, जिन्हें KKR ने 9.20 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा है। हालांकि, बांग्लादेश में हालिया राजनीतिक अस्थिरता और हिंसक घटनाओं के कारण सोशल मीडिया पर केकेआर और बीसीसीआई की काफी आलोचना हो रही है और कुछ राजनीतिक नेताओं ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों को लीग से बाहर करने की मांग भी की है। इस विवाद पर भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए फिलहाल 'वेट एंड वॉच' की नीति अपनाई है। बीसीसीआई का कहना है कि वह सरकार के निर्देशों के बिना किसी भी खिलाड़ी पर प्रतिबंध नहीं लगाएगा। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए इनसाइड स्पोर्ट से कहा, "स्थिति संवेदनशील है। हम लगातार सरकार के संपर्क में हैं। फिलहाल ऐसा कुछ नहीं है जिससे बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर बैन लगाया जाए। मुस्ताफिजुर आईपीएल खेलेंगे। बांग्लादेश कोई दुश्मन देश नहीं है"। बोर्ड वर्तमान में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए विदेश मंत्रालय (MEA) के साथ बांग्लादेशी खिलाड़ियों के वीजा संबंधी बातचीत भी कर रहा है। हालांकि, मुस्ताफिजुर की आईपीएल में पूरी उपलब्धता अभी भी कई कारकों पर निर्भर करेगी। अप्रैल में बांग्लादेश को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज खेलनी है और यदि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने एनओसी (NOC) देने से इनकार कर दिया, तो वह कई मैचों से बाहर रह सकते हैं। वीजा को लेकर बीसीसीआई अधिकारी ने कहा है कि, "मुस्ताफिजुर रहमान टी20 वर्ल्ड कप के लिए वीजा अप्लाई करेंगे, जिसे IPL के लिए बढ़ाया जाएगा। वीजा कोई बड़ी समस्या नहीं होगी। बीसीबी की तरफ से भी एनओसी को लेकर कोई नकारात्मक संकेत नहीं मिले हैं"। वर्तमान में बीसीसीआई पूरी तरह से भारत सरकार के अगले आदेश की प्रतीक्षा कर रहा है।