samacharsecretary.com

VHT 2025-26 अपडेट: 5 राउंड के बाद इन खिलाड़ियों ने मचाया धमाल, जानिए टॉप-10 बैटर्स और बॉलर्स

नई दिल्ली विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का रोमांच अपने चरम पर है। टूर्नामेंट के पांचवें राउंड की समाप्ति के बाद बल्लेबाजी और गेंदबाजी के आंकड़ों ने घरेलू क्रिकेट में नए सितारों की चमक बिखेरी है। कर्नाटक के सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल रनों के पहाड़ पर सवार हैं, जबकि उत्तर प्रदेश के जीशान अंसारी अपनी फिरकी और रफ्तार से बल्लेबाजों के लिए पहेली बने हुए हैं।   बल्लेबाजी में पडिक्कल का दबदबा पांचवें राउंड के बाद कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल 5 मैचों में 514 रन बनाकर शीर्ष पर काबिज हैं। उनका औसत 102.80 का रहा है, जिसमें उन्होंने 45 चौके और 17 छक्के जड़े हैं। उनके ठीक पीछे हिमाचल प्रदेश के पुखराज मान हैं, जिन्होंने 5 पारियों में 494 रन बटोरे हैं। टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची: 1. देवदत्त पडिक्कल (कर्नाटक): 514 रन 2. पुखराज मान (हिमाचल): 494 रन 3. अमन मोखाड़े (विदर्भ): 487 रन 4. आर्यन जुयाल (उत्तर प्रदेश): 412 रन 5. सम्मर गज्जर (सौराष्ट्र): 403 रन 6. ध्रुव जुरेल (उत्तर प्रदेश): 379 रन 7. ध्रुव शौरी (विदर्भ): 374 रन 8. अमनदीप खरे (छत्तीसगढ़): 370 रन 9. रवि सिंह (रेलवे): 354 रन 10. ललित यादव (गोवा): 349 रन गेंदबाजी में जीशान अंसारी की बादशाहत गेंदबाजी विभाग में उत्तर प्रदेश के जीशान अंसारी का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। उन्होंने 5 मैचों में शानदार गेंदबाजी करते हुए 17 विकेट झटके हैं। महाराष्ट्र के रामकृष्ण घोष 16 विकेटों के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। टॉप-10 गेंदबाजों की सूची: 1. जीशान अंसारी (उत्तर प्रदेश): 17 विकेट 2. रामकृष्ण घोष (महाराष्ट्र): 16 विकेट 3. अंकुर पनवार (सौराष्ट्र): 15 विकेट 4. सत्यनारायण राजू (आंध्र): 14 विकेट 5. राज लिम्बनी (बड़ौदा): 14 विकेट 6. प्रिंस यादव (दिल्ली): 13 विकेट 7. वासुकि कौशिक (गोवा): 12 विकेट 8. रोहित कुमार (हिमाचल): 12 विकेट 9. अभिलाष शेट्टी (कर्नाटक): 12 विकेट 10. देवेन्द्र सिंह बोरा (उत्तराखंड): 12 विकेट अंक तालिका का हाल टीम प्रदर्शन की बात करें तो कर्नाटक (ग्रुप ए) और उत्तर प्रदेश (ग्रुप बी) ने अब तक अपने सभी पांचों मैच जीतकर दबदबा बनाया हुआ है। ग्रुप सी में पंजाब और ग्रुप डी में दिल्ली की टीमें 16-16 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। वहीं प्लेट राउंड में बिहार की टीम अजेय रहते हुए 20 अंकों के साथ सबसे ऊपर है। टूर्नामेंट के अगले दौर में मुकाबला और कड़ा होने की उम्मीद है, क्योंकि नॉकआउट की रेस अब और तेज हो गई है।  

गिल को प्लेइंग इलेवन से बाहर देख रिकी पोंटिंग हैरान, बोले– भारत की बेंच स्ट्रेंथ कमाल की

 नई दिल्ली T20 World Cup 2026 के लिए भारत की टीम में शुभमन गिल को जगह नहीं मिली, जो सितंबर 2025 में एशिया कप से पहले टी20 टीम के आधिकारिक तौर पर वाइस कैप्टन बनाए गए थे। खराब फॉर्म की वजह से सिलेक्टर्स ने उनको मेगा इवेंट से ड्रॉप कर दिया। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर रिकी पोंटिंग चयनकर्ताओं के इस फैसले से हैरान हैं। हालांकि, उन्होंने भारतीय क्रिकेट की भी तारीफ की। उनका कहना है कि जब आप शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी को बाहर करते हैं तो पता चलता है कि आपके पास टैलेंट पूल है।   आईसीसी रिव्यू में रिकी पोंटिंग ने शुभमन गिल को ड्रॉप किए जाने को लेकर कहा, “मुझे यकीन नहीं हुआ। मेरा मतलब है, मुझे पता है कि व्हाइट-बॉल क्रिकेट में उनका हालिया फॉर्म बहुत अच्छा नहीं रहा है। पिछली बार जब मैंने उन्हें सच में अच्छा खेलते देखा था, तो वह UK में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज थी, जहां उन्होंने इतनी अच्छी बैटिंग की जितनी मैंने कभी किसी को करते नहीं देखा। मुझे लगता है, पहली बात यह कि मैं हैरान हूं, लेकिन दूसरी बात यह कि, यह इंडियन क्रिकेट की डेप्थ को दिखाता है।” उन्होंने आगे कहा, "अगर आप सोच सकते हैं कि शुभमन गिल जैसे अच्छे खिलाड़ी को वर्ल्ड कप टीम में नहीं चुना गया, तो इससे पता चलता है कि उनके पास कितने अच्छे खिलाड़ी हैं।" चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम का ऐलान करते हुए गिल को लेकर कहा था, “हम जानते हैं कि वह कितना अच्छा खिलाड़ी है, लेकिन शायद इस समय वह थोड़े रन नहीं बना पाया है। पिछले वर्ल्ड कप में भी बाहर रहना दुर्भाग्यपूर्ण था, क्योंकि हम अलग-अलग कॉम्बिनेशन के साथ गए थे, लेकिन यह किसी भी चीज से ज्यादा कॉम्बिनेशन की बात है…जब आप 15 खिलाड़ी चुनते हैं तो किसी को बाहर रहना ही पड़ता है और दुर्भाग्य से, इस समय गिल हैं। हम कॉम्बिनेशन देख रहे हैं। अगर कीपर टॉप पर बैटिंग करने वाला है, तो अभी जितेश है और उसने ज्यादा गलत नहीं किया है, लेकिन हमें कॉम्बिनेशन और टॉप पर कीपर को देखने की जरूरत है।”  

T20 वर्ल्ड कप 2026 का बिग अपडेट: भारत-ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड समेत इन टीमों का हुआ ऐलान

नई दिल्ली T20 World Cup 2026 के लिए अब तक 10 टीमों का ऐलान हो चुका है, जिसमें प्रमुख रूप से टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीम का नाम शामिल है। इनके अलावा भी कई देशों ने अपनी टीमें घोषित कर दी हैं। 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेले जाने वाले टी20 विश्व कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं। चार ग्रुप 5-5 टीमों के बनाए गए हैं। ग्रुप ए में इंडिया, यूएसए, नामीबिया, नीदरलैंड और पाकिस्तान हैं। ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, आयरलैंड और ओमान की टीम है। ग्रुप सी में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, इटली और नेपाल है। ग्रुप डी में साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, कनाडा और यूएई की टीम शामिल है। अब तक किस-किस टीम की घोषणा हो चुकी है ये जान लीजिए। टूर्नामेंट से एक सप्ताह पहले तक टीमों में बदलाव किया जा सकता है।   T20 World Cup 2026 के लिए अब तक घोषित हुई टीमें ग्रुप ए भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल (उपकप्तान), वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह। यूसए: टीम का ऐलान होना बाकी नामीबिया: गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेन ग्रीन, बर्नार्ड शोल्ट्ज, रूबेन ट्रम्पेलमैन, जेजे स्मिट, जान फ्राइलिंक, लोरेन स्टीनकैंप, मालन क्रूगर, निकोल लॉफ्टी-ईटन, जैक ब्रासेल, बेन शिकोंगो, जेसी बाल्ट, डायलन लीचर, डब्ल्यूपी मायबर्ग, मैक्स हेइंगो। ट्रेवलिंग रिजर्व: अलेक्जेंडर वोल्शेंक। नीदरलैंड: टीम का ऐलान होना बाकी पाकिस्तान: टीम का ऐलान होना बाकी ग्रुप बी ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, पैट कमिंस, टिम डेविड, कैमरून ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस और एडम जैम्पा श्रीलंका: प्रिलिमनरी टीम- दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, कामिल मिशारा, कुसल परेरा, धनंजय डी सिल्वा, निरोशन डिकवेला, जनिथ लियानागे, चरिथ असलांका, कामिंडू मेंडिस, पवन रथनायके, सहान अराचिगे, वानिंदू हसरंगा, दुनिथ वेल्लालेगे, मिलन रथनायके, नुवान तुषारा, ईशान मलिंगा, दुष्मंथा चमीरा, प्रमोद मदुशन, मथीशा पथिराना, दिलशान मदुशनका, महेश थीकशाना, दुशान हेमंथा, विजयकांथ व्यासकांथ और त्रवीन मैथ्यू जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रीम क्रेमर, ब्रैडली इवांस, क्लाइव मैडेंडे, टिनोटेंडा मापोसा, तदिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, ब्रेंडन टेलर। आयरलैंड: टीम का ऐलान होना बाकी ओमानः जतिंदर सिंह (कप्तान), विनायक शुक्ला, मोहम्मद नदीम, शकील अहमद, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावाले, शाह फैसल, नदीम खान, सुफियान महमूद, जय ओडेदरा, शफीक जान, आशीष ओडेदरा, जितेन रामानंदी और हसनैन अली शाह। ग्रुप C इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड वेस्टइंडीज: टीम का ऐलान होना बाकी बांग्लादेश: लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन, मोहम्मद परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद सैफ हसन, तौहीद ह्रदय, शमीम हुसैन, काजी नूरुल हसन, महेदी हसन, रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्तफ़िज़ुर रहमान, तंज़ीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, शैफुद्दीन और शोरीफुल इस्लाम इटली: टीम का ऐलान होना बाकी नेपाल: टीम का ऐलान होना बाकी ग्रुप D साउथ अफ्रीका: एडेन मार्कराम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, टोनी डी ज़ोरज़ी, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को जेनसन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नोर्खिया न्यूजीलैंड: टीम का ऐलान होना बाकी अफगानिस्तान: राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, अब्दुल्ला अहमदजई, सेदिकुल्लाह अटल, फजलहक फारूकी, रहमानुल्लाह गुरबाज, नवीन उल हक, मोहम्मद इशाक, शाहिदुल्लाह कमाल, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नायब, अजमतुल्लाह उमरजई, मुजीब उर रहमान, दरविश रसूली, इब्राहिम जादरान। रिजर्व: एएम गजनफर, एजाज अहमदजई और जिया उर रहमान शरीफी। कनाडाः टीम का ऐलान होना बाकी यूएई: टीम का ऐलान होना बाकी  

शमी की वापसी पर बड़ा बयान: इरफान पठान ने सिलेक्टर्स को घेरा, बताया टीम इंडिया में लौटने का आखिरी तरीका

 नई दिल्ली चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मोहम्मद शमी टीम इंडिया में वापसी नहीं कर पा रहे हैं। पहले वह चोट के चलते टीम से बाहर थे, मगर अब उन्होंने अपनी फिटनेस पूरी तरह से हासिल कर ली है और वह डोमेस्टिक क्रिकेट में भी तहलका मचा रहे हैं। मगर इसके बावजूद चयनकर्ता उन्हें मौका नहीं दे रहे हैं। इरफान पठान मोहम्मद शमी के चयन ना होने से काफी निराश है, उन्होंने इसके लिए चयनकर्ताओं को लताड़ा भी है, साथ ही उन्होंने शमी को टीम इंडिया में कमबैक करने का आखिरी रास्ता भी दिखाया है।   इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "सबसे बड़ी बात मोहम्मद शमी हैं। उनका भविष्य क्या है? वह कोई ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो कल आए, कुछ मैच खेले और चले गए। उन्होंने 450-500 इंटरनेशनल विकेट लिए हैं, जो बहुत बड़ी संख्या है। अगर आपने 400 से ज्यादा विकेट लिए हैं और फिर आपको टीम से बाहर कर दिया जाता है और आपकी फिटनेस पर सवाल उठाए जाते हैं – तो ऐसा सबके साथ होता है। जब तक आप क्रिकेट खेलते हैं, आपको खुद को साबित करते रहना पड़ता है।" उन्होंने आगे कहा, “लेकिन शमी पहले ही 200 ओवर फेंक चुके हैं। 200 ओवर फेंकने के बाद, अगर फिटनेस की बात है, तो फिटनेस तो पहले ही दिख चुकी है। और क्या सुधार चाहिए, यह तो सिर्फ सिलेक्शन कमेटी ही जानती है कि वे क्या सोच रहे हैं। अगर मैं उनकी जगह होता, तो मैं IPL खेलने जाता और धमाल मचा देता। मैं नई गेंद लेता और उस लेवल पर परफॉर्म करता। डोमेस्टिक क्रिकेट परफॉर्मेंस की बात होती है, लेकिन जब IPL आता है और आप अपनी पुरानी लय और फिटनेस दिखाते हैं, तो कोई भी आपको नजरअंदाज नहीं कर सकता। पूरी दुनिया IPL देखती है। अगर आप वहां परफॉर्म करते हैं, तो आप स्क्वॉड में अपनी जगह फिर से बना लेते हैं। मेरा मानना ​​है कि उनके लिए दरवाजे बंद नहीं होने चाहिए।”  

टीम इंडिया का ऐलान: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में सिराज और श्रेयस की वापसी

  नई दिल्ली     भारतीय क्रिकेट टीम की नए साल में पहली परीक्षा न्यूजीलैंड के खिलाफ होने जा रही है. भारतीय टीम कीवियों के खिलाफ 11 जनवरी से तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलने वाली है. टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान पहले ही किया जा चुका है. वहीं वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा 3 जनवरी (शनिवार) को हुई. वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे. शुभमन साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में चोट के कारण भाग नहीं ले पाए थे, ऐसे में केएल राहुल ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी. उस सीरीज को भारत ने 2-1 से अपने नाम किया था. शुभमन के साथ-साथ तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की भी टीम में एंट्री हुई है. हालांकि श्रेयस तभी सीरीज में भाग ले पाएंगे, जब उन्हें फिट घोषित किया जाएगा. श्रेयस को ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान चोट लगी थी, जिसके बाद वो एक्शन से दूर हैं. मोहम्मद सिराज और श्रेयस अय्यर की तो वापसी हो गई, लेकिन अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को फिर निराशा हाथ लगी है. शमी आखिरी बार आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में भारत के लिए खेलते दिखे थे. तब भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था. देवदत्त पडिक्कल, ईशान किशन को टीम में जगह नहीं मिली है, जो घरेलू क्रिकेट में शानदार खेल दिखा रहे हैं. ऋषभ पंत ने टीम में अपना स्थान बरकरार रखा है. उधर ऋतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल और तिलक वर्मा को बाहर का रास्ता दिखाया गया है. ये तीनों खिलाड़ी साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा थे. ऋतुराज ने तो उस सीरीज में शतकीय पारी भी खेली थी, ऐसे में उन्हें बाहर रखना चौंकाने वाला रहा. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान*), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जायसवाल. भारत vs न्यूजीलैंड शेड्यूल 11 जनवरी- पहला वनडे, वडोदरा 14 जनवरी- दूसरा वनडे, राजकोट 18 जनवरी- तीसरा वनडे, इंदौर 21 जनवरी- पहला टी20, नागपुर 23 जनवरी- दूसरा टी20, रायपुर 25 जनवरी- तीसरा टी20, गुवाहाटी 28 जनवरी- चौथा टी20, विशाखापत्तनम 31 जनवरी- पांचवां टी20, तिरुवनंतपुरम

6, 6, 6, 6, 6… हार्दिक पंड्या ने छक्कों की बारिश करते हुए विजय हजारे ट्रॉफी में जड़ा पहला लिस्ट-ए शतक

राजकोट भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में अपनी मौजूदगी शानदार तरीके से दर्ज कराई. शनिवार (3 जनवरी) को विदर्भ के खिलाफ मुकाबले में पंड्या ने वडोदरा के लिए तूफानी शतक लगाया. पंड्या ने 8 छक्के और 6 चौकों की मदद से सिर्फ 68 गेंदों पर शतक पूरा किया. पंड्या के लिस्ट-ए करियर का ये पहला शतक रहा. राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में आयोजित इस मैच में हार्दिक पंड्या ने कुल मिलाकर 92 गेंदों पर 133 रन बनाए, जिसमें 11 छक्के और 8 चौके शामिल रहे. हार्दिक का स्ट्राइक रेट 144.56 रहा. एक समय हार्दिक ने 62 गेंदों पर 68 रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने गियर बदल दिया. 39वें ओवर में हार्दिक ने विदर्भ के स्पिन गेंदबाज पार्थ रेखाडे की खबर ली. उस ओवर में हार्दिक ने लगातार पांच छक्के लगाए और फिर आखिरी बॉल पर चौका जड़कर अपना शतक पूरा कर लिया. हार्दिक का लिस्ट-ए रिकॉर्ड कैसा है?     हार्दिक पंड्या अब तक 119 लिस्ट-ए मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम 2382 रन दर्ज हैं. हार्दिक ने 1 शतक के अलावा 13 अर्धशतक जड़े हैं. हार्दिक ने लिस्ट-ए में 110 विकेट भी झटके हैं. खास बात यह रही कि जहां वडोदरा के बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए, वहीं पंड्या अकेले मोर्चा संभालते दिखे. हार्दिक अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. हार्दिक के शतक के दम पर वडोदरा ने इस मैच में 9 विकेट पर 293 रनों का स्कोर खड़ा किया. हार्दिक पंड्या साउथ अफ्रीका के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में खेलते नजर आए थे, जिसके बाद वो कुछ दिनों के ब्रेक पर रहे. वापसी के साथ ही उन्होंने दिखा दिया कि वह पूरी तरह लय में हैं. पंड्या ने 44 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद सिर्फ 24 गेंदों में शतक तक पहुंच गए. अब हार्दिक पंड्या इस महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में नजर आएंगे. यह सीरीज और विजय हजारे ट्रॉफी दोनों ही फरवरी में शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों का अहम हिस्सा है. नंबर 7 पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ पंड्या ने साफ कर दिया है कि वह बड़े मंच पर एक बार फिर आतिशी प्रदर्शन के लिए तैयार हैं.

मुस्ताफिजुर रहमान को KKR ने किया रिलीज, अब आईपीएल 2026 में नहीं खेल पाएंगे बांग्लादेशी गेंदबाज

कोलकाता    कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मुस्ताफिजुर को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद केकेआर की ओर से ये फैसला लिया गया. केकेआर ने पिछले महीने हुई मिनी नीलामी के दौरान मुस्ताफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था. इस दौरान चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के साथ उसकी कड़ी बोली लगी थी. 30 वर्षीय तेज गेंदबाज के लिए यह आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा सौदा साबित हुआ था. कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से आधिकारिक बयान में कहा गया, 'केकेआर ये पुष्टि करती है कि आईपीएल की नियामक संस्था के तौर पर बीसीसीआई/आईपीएल ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन से पहले फ्रेंचाइजी को मुस्ताफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया था.' बयान में आगे कहा गया, 'बीसीसीआई के निर्देशों के तहत सभी जरूरी प्रक्रियाओं और परामर्श के बाद रिलीज करने का फैसला किया गया. बीसीसीआई ने आईपीएल नियमों के अनुसार कोलकाता नाइट राइडर्स को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी शामिल करने की अनुमति दी है. इस बारे में आगे की जानकारी समय पर साझा की जाएगी.' शाहरुख खान की भी हुई थी आलोचना बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के बाद वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भारत ने चिंता जताई थी. इसके बाद से ही मुस्ताफिजुर रहमान की आईपीएल 2026 में भागीदारी को लेकर बीसीसीआई पर दबाव बढ़ता जा रहा था. इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई थी और कुछ सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने मौजूदा हालात में बांग्लादेशी खिलाड़ी को शामिल करने पर सवाल उठाए थे. इस आलोचना का दायरा केकेआर के सह-मालिक और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान तक भी पहुंच गया था. मुस्ताफिजुर रहमान 2016 से अब तक आठ आईपीएल सीजन खेल चुके हैं. वह केवल 2019 और 2020 में टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं रहे. मुस्ताफिजुर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), मुंबई इंडियंस (MI), दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स (RR) जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. आईपीएल 2026 उन्हें पहली बार केकेआर की जर्सी पहनने का मौका देने वाला था, जो अब नहीं होगा. दोनों देशों के रिश्तों में भी पिछले कुछ समय से तल्खी देखने को मिल रही है. भारत और बांग्लादेश के बीच पिछले साल प्रस्तावित व्हाइट-बॉल द्विपक्षीय सीरीज को टाल दिया गया था. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने शुक्रवार को कहा कि यह सीरीज सितंबर में बांग्लादेश में खेली जाएगी, हालांकि बीसीसीआई ने अब तक इस शेड्यूल पर कोई ठोस सहमति नहीं दी है और मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए इसके होने की संभावना कम है.

बीसीसीआई ने श्रीलंका के खिलाफ 2 टी-20 मैचों का प्रस्ताव नकारा, SLC चेयरमैन का बयान

मुंबई  श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने हाल ही में चक्रवात ‘दित्वाह’ से हुए भारी नुकसान और जनहानि के बाद राहत कार्यों के लिए भारतीय टीम के खिलाफ दो विशेष चैरिटी टी-20 मैचों का आयोजन करने का सुझाव दिया था। यह मुकाबले 27 और 29 दिसंबर को प्रस्तावित थे, ताकि इससे होने वाली कमाई का उपयोग प्रभावित लोगों की मदद के लिए किया जा सके। हालांकि, बीसीसीआई ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है। श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा के मुताबिक, व्यावसायिक मसलों पर दोनों बोर्डों के बीच समय पर तालमेल नहीं बैठ सका, जिसके कारण इन चैरिटी मैचों को रद्द करना पड़ा। भले ही चैरिटी मुकाबलों के लिए सहमति नहीं बनी, लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम का पूर्व निर्धारित श्रीलंका दौरा प्रभावित नहीं होगा। अगस्त महीने में टीम इंडिया श्रीलंका का दौरा करेगी, जहां वह दो टेस्ट और दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेलेगी। शम्मी सिल्वा ने इस बात की पुष्टि की है कि यह द्विपक्षीय सीरीज अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। इस दौरे के जरिए क्रिकेट प्रशंसकों को दोनों देशों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। चक्रवात पीड़ितों की सहायता के लिए श्रीलंका बोर्ड ने अब अन्य विकल्पों पर ध्यान केंद्रित किया है। अगले सप्ताह दांबुला में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज से प्राप्त होने वाली पूरी धनराशि राहत कोष में दी जाएगी। साथ ही भविष्य के लिए कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान को उन्नत बनाया जा रहा है, जिसमें भारत और इटली से मंगाए गए उपकरणों की मदद से नई फ्लडलाइट्स लगाई जा रही हैं। बोर्ड की योजना इस स्टेडियम की क्षमता बढ़ाने और यहां भविष्य में डे-नाइट टेस्ट आयोजित करने की है। बता दें कि साल 2026 के टी-20 विश्व के कुछ मैच श्रीलंका में भी खेले जाएंगे, जिसके लिए स्टेडियम को बेहतर बनाने की तैयारी चल रही है। श्रीलंका क्रिकेट विश्व कप की तैयारियों को लेकर भी एसएलसी पूरी तरह सक्रिय है। कोलंबो स्थित ऐतिहासिक सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) मैदान का नवीनीकरण किया जा रहा है। श्रीलंका इसी मैदान पर 7 फरवरी को पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच होने वाले विश्व कप के पहले मुकाबले की मेजबानी करेगा। इसके अतिरिक्त इस मैदान पर चार और मैच खेले जाएंगे।

टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के स्क्वॉड में बदलाव, ट्रिस्टन स्टब्स की छुट्टी, कगिसो रबाडा की टीम में वापसी

 जोहानिसबर्ग भारत और श्रीलंका की सहमेजबानी में होने वाले आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए साउथ अफ्रीकी टीम का ऐलान 2 जनवरी (शुक्रवार) को कर दिया गया. क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) की पुरुष चयन समिति ने 15 खिलाड़ियों की टीम घोषित की, जिसकी अगुवाई एडेन मार्करम करेंगे. यह टूर्नामेंट 07 फरवरी से 08 मार्च तक खेला जाना है. साउथ अफ्रीका की ओर से कई नए चेहरों को पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिलने जा रहा है. इनमें कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोरजी, डोनोवन फरेरा, जॉर्ज लिंडे, क्वेना मफाका और जेसन स्मिथ के नाम शामिल हैं. स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की भी टीम में वापसी हुई है. रबाडा पसली में चोट के कारण भारत के खिलाफ हालिया व्हाइट बॉल सीरीज में भाग नहीं ले पाए थे. हालांकि स्टार बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स को टीम में शामिल नहीं किया है. स्टब्स का प्रदर्शन भारत दौरे पर उतना अच्छा नहीं रहा था. केशव महाराज साउथ अफ्रीकी टीम में शामिल मुख्य स्पिनर हैं, जिनका साथ जॉर्ज लिंडे देंगे. कप्तान एडेन मार्करम और डोनोवन फेरेरा भी अच्छी खासी स्पिन गेंदबाजी कर लेते हैं. साउथ अफ्रीका ने अब तक मेन्स टी20 विश्व कप नहीं जीता है. पिछली बार जब साउथ अफ्रीकी टीम फाइनल में पहुंची थी, तो उसे भारत के हाथों करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा था. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका को ग्रुप-डी में रखा गया है, जहां उसका सामना अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूजीलैंड और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से होगा. साउथ अफ्रीका अपना पहला मुकाबला 09 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कनाडा के खिलाफ खेलेगा. टी20 वर्ल्ड कप के लिए साउथ अफ्रीका का स्क्वॉड: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), टोनी डी जोरजी, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को जानसेन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश और एनरिक नॉर्किया. साउथ अफ्रीका के ग्रुप मैचों का शेड्यूल 09 फरवरी. बनाम कनाडा. अहमदाबाद 11 फरवरी, बनाम अफगानिस्तान. अहमदाबाद 14 फरवरी, बनाम न्यूजीलैंड, अहमदाबाद 18 फरवरी, बनाम यूएई, दिल्ली        

बांग्लादेश दौरे पर टीम इंडिया का शेड्यूल जारी, शेख हसीना सरकार के पतन के बाद बढ़े रिश्तों में तनाव

 ढाका बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने शुक्रवार (2 जनवरी) को ऐलान किया कि वो सितंबर में भारतीय टीम की मेज़बानी करेगा. भारत और बांग्लादेश के बीच 3 वनडे और 3 टी20 इंटरनेशनल मैचों की व्हाइट बॉल सीरीज होनी है., हालांकि, इस दौरे को लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई है. इसकी वजह बांग्लादेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति है. ऐसे में यह साफ नहीं है कि भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) इस दौरे पर सहमति जताता है या नहीं. बीसीसीआई भारत सरकार से मंजूरी मिलने के बाद ही अपनी टीम को बांग्लादेश भेजेगा.बीसीबी की ओर से जारी बयान के मुताबिक वनडे सीरीज के मुकाबले 1, 3 और 6 सितंबर को होंगे. जबकि टी20I सीरीज के 9, 12 और 13 सितंबर को आयोजित होंगे. पिछले ही साल होनी थी सीरीज मैचों के वेन्यूज की जानकारी बाद में घोषित की जाएगी. अगर भारत सरकार ने इस दौरे को मंजूरी दी, तो ही टीम इंडिया 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचेगी. भारतीय टीम को पिछले ही साल जुलाई में बांग्लादेश का दौरा करना था, लेकिन यह छह मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी. तब इसकी वजह शेड्यूलिंग से जुड़ी दिक्कतें बताई गई थीं. उस समय बीसीसीआई ने कहा था कि दोनों बोर्डों ने आपसी सहमति से अगस्त 2025 में होने वाली 3 वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज को सितंबर 2026 तक टालने का फैसला किया, ताकि दोनों टीमों के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में संतुलन बना रहे. बीसीबी ने यह भी कहा था कि वो सितंबर 2026 में भारत की मेजबानी के लिए उत्सुक है और इस सीरीज़ की संशोधित तारीखें और कार्यक्रम सही समय पर घोषित किए जाएंगे. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बयान के अनुसार वो आगामी सीजन में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, भारत, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज की द्विपक्षीय सीरीज के लिए मेजबानी करेगा. बीसीबी ने कहा कि यह तय कार्यक्रम बांग्लादेश में पूरे सीजन के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सुनिश्चित करता है, साथ ही फैन्स को अपने घर पर उच्च स्तरीय क्रिकेट देखने का मौका देगा. मुस्ताफिजुर रहमान भी सुर्खियों में इसी बीच बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान भी काफी सुर्खियों में आ चुके हैं. मुस्ताफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी के दौरान 9.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम से जोड़ा था. नीलामी के बाद केकेआर को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है. कुछ नेताओं और साधु-संतों ने मांग की है कि बांग्लादेशी खिलाड़ी के आईपीएल में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाया जाए.