samacharsecretary.com

भारतीय क्रिकेट को गर्व का पल – ICC ने अमोल मजूमदार और मिताली राज को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

नई दिल्ली  पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज और मौजूदा महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की महिला क्रिकेट समिति में शामिल किया गया है. यह फैसला हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम द्वारा 2025 में पहली बार ODI विश्व कप जीतने के बाद लिया गया. भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया था. मेजबान भारत ने मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर महिला क्रिकेट में अपना पहला खिताब जीता. इस टूर्नामेंट को स्टेडियम में लगभग 300,000 फैंस ने देखा, जो किसी भी महिला क्रिकेट इवेंट के लिए अब तक की सबसे अधिक उपस्थिति है. आधिकारिक बयान में कहा गया, “ICC बोर्ड ने ICC महिला क्रिकेट समिति के कई सदस्यों की नियुक्ति को मंजूरी दी. इसमें एशले डी सिल्वा, मिताली राज, अमोल मजूमदार, बेन सॉयर, शार्लोट एडवर्ड्स और साला स्टेला सियाले-वैआ शामिल हैं.” ICC महिला क्रिकेट समिति का काम क्या है ICC महिला क्रिकेट समिति का अहम काम महिला क्रिकेट से संबंधित सभी मामलों पर सलाह देना है. इसका मुख्य उद्देश्य महिला क्रिकेट के विकास, प्रगति और प्रचार को वैश्विक स्तर पर समर्थन देना है. समिति खेल की शर्तों, नियमों और विनियमों की समीक्षा करती है और उन्हें लागू करने की सिफारिश करती है ताकि सभी फॉर्मेट में निष्पक्षता और स्थिरता सुनिश्चित हो सके. यह समिति ICC महिला टूर्नामेंटों, जैसे महिला विश्व कप और T20 विश्व कप की संरचना, योग्यता मार्ग और शेड्यूलिंग पर भी इनपुट प्रदान करती है. इसके अलावा, समिति प्रतिभा विकास और खिलाड़ी मार्गदर्शन के लिए पहल करती है, खेल में समानता और समावेशिता को बढ़ावा देती है, और महिला क्रिकेट की दृश्यता, फंडिंग और मीडिया कवरेज को बढ़ाने के लिए काम करती है. क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी ने ‘प्रोजेक्ट USA’ पर पहली अपडेट प्राप्त करने की पुष्टि की. जिसे USA क्रिकेट के निलंबन के बाद और ICC के निर्देश के अनुसार लॉन्च किया गया था कि “बोर्ड के गैर-अनुपालन के कारण US राष्ट्रीय टीमों के खिलाड़ियों के व्यावसायिक और विकास हितों पर नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए.”

इंडिया vs ऑस्ट्रेलिया T20: क्या गाबा में दिखेंगे रिंकू सिंह और नीतीश रेड्डी? जानिए संभावित XI

ब्रिस्बेन     भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज (8 नवंबर) ब्रिस्बेन के द गाबा मैदान पर खेला जाना है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम टी20 सीरीज में फिलहाल 2-1 से आगे हैं. अब इस मैच में जीत हासिल करने पर सूर्या ब्रिगेड टी20 सीरीज पर कब्जा जमा लेगी. दूसरी ओर मेजबान टीम इस मैच को जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर पर खत्म करना चाहेगी. भारतीय समयानुसार ये मुकाबला दोपहर 1.45 बजे शुरू होगा. इस मुकाबले के लिए दोनों टीम्स की प्लेइंग-11 पर भी फैन्स की निगाहें रहने वाली हैं. इस टी20 सीरीज में रिंकू सिंह और नीतीश कुमार रेड्डी को अब तक मौका नहीं मिला है. ऐसे में ये देखना दिचलस्प होगा कि कप्तान सूर्यकुमार यादव कुछ बदलाव करते हैं या नहीं. वैसे सूर्या शायद ही इस मुकाबले के लिए एकादश में कुछ परिवर्तन करें. माना जा रहा है कि चाहे पिच जैसी भी हो, भारतीय टीम उसी प्लेइंग इलेवन के साथ उतरना चाहेगी, जिसने उसे पिछले दो मैचों में जीत दिलाई थी. भारत का कॉम्बिनेशन सेट नजर आ रहा है. दूसरी ओर कंगारू टीम की प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव होने की संभावना बन रही है. जोश फिलिप ने गोल कोस्ट में खेले गए टी20 मुकाबले में पांचवें नंबर पर बैटिंग की और केवल 10 रन बनाए. उनकी जगह इस मुकाबले के लिए बैटिंग ऑलराउंडर मिचेल ओवन को एकादश में जगह मिल सकती है. ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए 20 वर्षीय तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन भी इस मुकाबले के जरिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं. बियर्डमैन को बेन ड्वारशुइस की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है. गाबा की पिच तेज गेंदबाजों के अनुकूल ब्रिस्बेन में इस समय दिन के बाद वाले हिस्से में बारिश और तूफान आने की संभावना बनी रहती है. द गाबा की पिच आमतौर पर तेज गेंदबाजों को मदद देती है. यहां की पिच से बॉलर्स को पेस और बाउंस दोनों मिलता है. हालांकि, बल्लेबाजों को भी रन बनाने का मौका मिलता है. इसी वजह से बीबीएल (Big Bash League) में यहां खेले गए मैचों में अक्सर बड़े स्कोर बनते रहे हैं. इस मुकाबले में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर सबकी निगाहें रहने वाली है. बुमराह टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट से सिर्फ एक विकेट दूर हैं. ऑस्ट्रेलिया आखिरी बार लगातार तीन या उससे ज्यादा टी20 मैच जुलाई 2021 में हारा था. तब उसे वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ मैचों में पराजय मिली. वहीं, भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी बार लगातार 3 टी20 मैच जनवरी 2016 में कंगारू धरती पर जीते थे. गाबा में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक सिर्फ एक टी20 मैच हुआ है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4 रनों से हराया था. वो मुकाबला नवंबर 2018 में खेला गया था. गाबा टी20 में भारत की संभावित प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह. गाबा टी20 में ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग-11: मिचेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंगलिस (विकेट कीपर), टिम डेविड, मिचेल ओवेन, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, एडम जाम्पा और महली बियर्डमैन. भारत का फुल स्क्वॉड: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा. ऑस्ट्रेलिया का फुल स्क्वॉड: मिचेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, जोश फिलिप, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, बेन ड्वारशुइस, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, एडम जाम्पा, मैथ्यू कुह्नमैन, मिचेल ओवेन और महली बियर्डमैन.

न्यूजीलैंड ने वनडे स्क्वॉड का किया ऐलान, फिट होकर लौटे मैट हेनरी

ऑकलैंड वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी टीम में वापसी कर रहे हैं। वह पिछले हफ्ते पिंडली में खिंचाव के कारण इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम दो वनडे मैच नहीं खेल सके थे। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे और तीसरे वनडे मैच में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार जीतने वाले ब्लेयर टिकनर ने टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है। इस टीम में माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, टॉम लैथम, रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल को भी मौका दिया गया है। न्यूजीलैंड के चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट लंबी होती जा रही है। लॉकी फर्ग्यूसन (हैमस्ट्रिंग), एडम मिल्ने (टखना), मोहम्मद अब्बास (पसलियां), फिन एलन (पैर), विल ओ’रूर्के (पीठ), ग्लेन फिलिप्स (ग्रोइन) और बेन सियर्स (हैमस्ट्रिंग) चोटिल होने की वजह से टीम में मौजूद नहीं हैं। केन विलियमसन को इस टीम में नहीं चुना गया है। वह 2 दिसंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी में जुटे हैं। मैट हेनरी की वापसी पर खुशी जताते हुए न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने कहा, “मैट इस टीम के एक अहम सदस्य हैं। वह हमारे तेज गेंदबाजी आक्रमण में सबसे अनुभवी हैं। वनडे और टेस्ट मैचों के लिए उनका टीम में वापस आना बहुत फायदेमंद होगा। आराम के बाद वह तरोताजा और फिट होंगे। हम जानते हैं कि वह सफेद और लाल गेंद से बड़े प्रदर्शन के लिए बेताब होंगे।” न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच क्राइस्टचर्च में 16 नवंबर को पहला वनडे मैच खेला जाना है। इसके बाद 19 नवंबर को सीरीज का दूसरा मुकाबला नेपियर में खेला जाएगा। तीसरा मैच 22 नवंबर को हैमिल्टन में आयोजित होगा। न्यूजीलैंड की वनडे टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग।  

कोहली के रिटायरमेंट के बाद RCB बिक सकती है, टेस्ट और टी-20 के बाद IPL पर असर

बेंगलुरु  गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आईपीएल 2026 में नए मालिक मिलेंगे, और मौजूदा मालिक डियाजियो ने फ्रैंचाइज़ी बेचने में अपनी रुचि की पुष्टि कर दी है. पुरुष और महिला आरसीबी टीमों की बिक्री की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 31 मार्च, 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है. एक रिपोर्ट में अब डियाजियो द्वारा आईपीएल 2026 से पहले आरसीबी को बेचने के फैसले पर प्रकाश डाला गया है और विराट कोहली इसके संभावित कारणों में से एक हो सकते हैं. सूत्रों के अनुसार, एएमपी स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट के संस्थापक इंद्रनील दास ब्लाह ने कहा है कि कोहली की बदौलत आरसीबी 2025 तक कोई खिताब नहीं जीतने के बावजूद शीर्ष तीन ब्रांडों में बनी रही. उन्होंने कहा कि विराट कोहली  का संन्यास, जो जल्द ही होने वाला है, निश्चित रूप से फ्रैंचाइज़ी के मूल्यांकन को प्रभावित करेगा और इसलिए मौजूदा मालिक जल्दी बाहर निकलने की कोशिश कर सकते हैं. वहीं अन्य विशेषज्ञों का कहना है कि विराट अपने संन्यास के बाद भी आरसीबी से जुड़े रहेंगे. RCB बिकने की वजह विराट! टीम के ओनर ने बताया कि विराट की वजह से ही आरसीबी बिना किसी खिताब के भी शीर्ष तीन ब्रांडों में बनी हुई है. उनका संन्यास, चाहे जब भी हो, निश्चित रूप से मूल्यांकन को प्रभावित करेगा. टीम के पूर्व कप्तान विराट, आईपीएल में अपने पदार्पण के बाद से ही आरसीबी के पोस्टर बॉय रहे हैं. उन्होंने कभी किसी अन्य टीम के लिए नहीं खेला है और फ्रैंचाइज़ी के नाम का पर्याय बन गए हैं. विशेषज्ञों ने E4M को बताया कि कोहली के संन्यास की ओर कोई भी कदम आरसीबी की दीर्घकालिक ब्रांड इक्विटी पर अनिश्चितता लाएगा. आईपीएल 2025 में अपनी खिताबी जीत के बाद, आरसीबी सबसे मूल्यवान ब्रांड बन गया, जिसका मूल्य 2024 में $227 मिलियन से 18.5% बढ़कर 2025 में $269 मिलियन हो गया. 17 साल बाद जीता था ट्रॉफी विराट कोहली, जिन्होंने 2024 में टी20I और 2025 में टेस्ट से संन्यास ले लिया था, वर्तमान में केवल वनडे और आईपीएल में ही सक्रिय हैं. वह अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं और जल्द ही अपने आईपीएल करियर का अंत कर सकते हैं संभवतः तीन या चार सीज़न में. इसके अलावा, कोहली ने आईपीएल ट्रॉफी पर अपना हाथ रखने के लिए 17 साल के लंबे इंतजार को समाप्त कर दिया क्योंकि वह रजत पाटीदार के नेतृत्व वाली आरसीबी टीम का हिस्सा थे जिसने 2025 में खिताब जीता.  

क्रिस्टल ने अल्कमार को 3-1 से हराया, इस्माइला सार की शानदार परफॉर्मेंस ने बदला मैच

लंदन यूईएफए कॉन्फ्रेंस लीग में क्रिस्टल पैलेस ने एजेड अल्कमार को 3-1 से शिकस्त दी। इस्माइला सार इस मुकाबले के हीरो रहे, जिन्होंने कुल दो गोल दागे। इस मुकाबले का खाता मैक्सेंस लैक्रोइक्स ने खोला, जिन्होंने मुकाबले के 22वें मिनट गोल दागते हुए क्रिस्टल पैलेस को 1-0 से बढ़त दिलाई। इसके बाद इस्माइला सार (45+7) ने गोल करते हुए टीम को मुकाबले में 2-0 से आगे कर दिया। इस मुकाबले के 54वें मिनट एजेड अल्कमार की ओर से गोल करते हुए स्वेन मिजनंस ने क्रिस्टल पैलेस की बढ़त आधी कर दी थी, लेकिन तीन मिनट बाद इस्माइला सार ने अपना दूसरा गोल दागते हुए क्रिस्टल को मुकाबले में 3-1 से आगे कर दिया। इसी के साथ क्रिस्टल पैलेस ने 3 अंक हासिल कर लिए। इस टीम ने अपना दूसरा मुकाबला जीत लिया है। वहीं, एजेड अल्कमार को तीन मैचों में सिर्फ 1 जीत मिल सकी है। इससे पहले क्रिस्टल पैलेस को एईके लारनाका के खिलाफ 0-1 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। मैक्सेंस लैक्रोइक्स का मानना है कि पिछले मुकाबले में मिली हार ने टीम को वापसी के लिए प्रेरित किया है। लैक्रोइक्स ने ‘टीएनटी स्पोर्ट्स’ से कहा, “हम यह जीत हासिल करने के बाद वाकई बहुत खुश हैं। हम अपने खेल से भी बहुत खुश हैं। मुझे लगता है कि सेलहर्स्ट में हर कोई गोल देखना पसंद करता है। उन्होंने कहा, “हम वाकई बहुत खुश हैं। एईके लारनाका के खिलाफ हमारी हार थोड़ी दुखद थी, लेकिन हमने मैच से पहले कहा था कि हम इस मुकाबले को जीतकर फैंस को तोहफा देना चाहते हैं। मुझे लगता है कि हर कोई इसका हकदार है। हमारी टीम इस समय अच्छी स्थिति में हैं। हमने लगातार तीन मैच जीते हैं। हम इससे बहुत खुश हैं। हम जीत की इस लय को बरकरार रखना चाहते हैं। रविवार को हमारा डर्बी मैच है। इसलिए मुझे लगता है कि यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण क्षण होगा।”  

क्रिकेट में खलबली: बांग्लादेश की पूर्व कप्तान ने लगाए यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप

नई दिल्ली बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) महिला टीम की पूर्व कप्तान जहांआरा आलम की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित करेगा। इसके साथ ही बोर्ड ने समिति को 15 कार्यदिवसों के भीतर अपने निष्कर्ष और सिफारिशें प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। जहांआरा ने पूर्व चीफ सेलेक्टर और टीम मैनेजर मंजरुल इस्लाम पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। बीसीबी की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने बांग्लादेश की राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम की एक पूर्व सदस्य की ओर से टीम से जुड़े कुछ व्यक्तियों द्वारा कथित कदाचार के संबंध में लगाए गए आरोपों पर चिंता व्यक्त की है। यह मामला संवेदनशील है, इसलिए बीसीबी ने आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित करने का फैसला लिया है। यह समिति 15 कार्यदिवसों के भीतर अपने निष्कर्ष और सिफारिशें प्रस्तुत करेगी।” बयान में कहा गया है, “बीसीबी अपने सभी खिलाड़ियों और कर्मचारियों के लिए एक सुरक्षित, सम्मानजनक और पेशेवर वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। बोर्ड ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से लेता है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई करेगा।” जहांआरा ने पत्रकार रियासाद अजीम को दिए एक इंटरव्यू में बताया है कि टीम मैनेजर मंजरुल इस्लाम ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था। वह बगैर इजाजत उनके कंधे पर हाथ रखते और ऐसी निजी बातें करते, जिससे उन्हें असहज महसूस होता। पूर्व सेलेक्टर और मैनेजर हाथ मिलाने के बजाय गले लगाने के लिए उनके पास आते थे। यह उनकी टीम की साथियों और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद होता था। जहांआरा के मुताबिक उन्होंने इसकी शिकायत बीसीबी के पूर्व निदेशक शफीउल इस्लाम नादेल और बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निजामुद्दीन चौधरी से की थी। भारत में महिला टी20 चैलेंज और फेयरब्रेक इनविटेशनल टी20 जैसे टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेने वाली एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी जहांआरा आलम ने बांग्लादेश की ओर से 52 वनडे मुकाबलों में 30.39 की औसत के साथ 48 विकेट हासिल किए, जबकि 83 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 24.03 की औसत के साथ 60 विकेट निकाले हैं।  

सूरमा हॉकी क्लब को मिला नया मेंटर, ओलंपियन गोल्डबर्ग कोच की कमान संभालेंगे

नई दिल्ली हीरो हॉकी इंडिया लीग सीजन 2 से पहले सूरमा हॉकी क्लब ने पुरुष टीम के नए हेड कोच के रूप में बेल्जियम के ओलंपियन फिलिप गोल्डबर्ग को नियुक्त किया है। इस नए कोचिंग सेटअप में उनके साथ अर्जेंटीना के ओलंपियन इग्नासियो रिकार्डो बर्गनर भी शामिल हुए हैं, जो एनालिटिकल कोच की भूमिका निभाएंगे। क्लब के वर्तमान हेड कोच जेरोएन बार्ट सलाहकार की भूमिका में नजर आएंगे, जो पूरे सीजन में टीम की रणनीति और तकनीकी योजना में योगदान देना जारी रखेंगे। अपने शानदार पहले सीजन में सूरमा हॉकी क्लब ने लीग में तीसरा स्थान हासिल किया था। इस टीम में युवा खिलाड़ी जीतपाल हैं, जो अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही आकाशदीप सिंह का अनुभव और उनकी आक्रमण क्षमता टीम के खेल को अगले स्तर तक ले जा सकती है। सूरमा हॉकी क्लब के तकनीकी निदेशक अर्जुन हलप्पा ने कहा, “फिलिप और इग्नासियो का शामिल होना बतौर टीम हमारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है। फिलिप को बेहतरीन टीम तैयार करने का अनुभव है। उनका दृष्टिकोण हमारे नजरिए के साथ पूरी तरह से मेल खाता है। इग्नासियो की विश्लेषणात्मक गहराई हमारी तैयारियों को निखारेगी। अनुभव और इनोवेशन के इस संयोजन के साथ, हम आगामी सीजन में सूरमा हॉकी क्लब को अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने की उम्मीद कर रहे हैं।” ओलंपियन फिलिप गोल्डबर्ग और इग्नासियो रिकार्डो बर्गनर सूरमा हॉकी क्लब में अंतरराष्ट्रीय अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता लाते हैं। बेल्जियम के पूर्व अंडर 21 और वरिष्ठ टीम कोच गोल्डबर्ग ने बेल्जियम टीम के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ब्राक्सगाटा हॉकी क्लब में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने टीम को एकजुट और आक्रामक बनाया है। ओलंपियन और पूर्व अर्जेंटीना अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बर्गनर ने बेल्जियम के 2016 विश्व कप उपविजेता और 2017 यूरोपीय चैंपियनशिप अभियानों में योगदान दिया है, जिसके बाद उन्होंने अर्जेंटीना की वरिष्ठ और महिला राष्ट्रीय टीम (लास लियोनास) को कोचिंग दी। अपनी विश्लेषणात्मक सटीकता और डेटा-संचालित अंतर्दृष्टि के लिए प्रसिद्ध बर्गनर सूरमा की टीम के प्रदर्शन को निखारने में योगदान दे सकते हैं।  

हसीन जहां की शमी से बढ़ी मांग, सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर भेजा गया नोटिस

नई दिल्ली टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अपने लिए और अपनी बेटी के लिए हर महीने चार लाख रुपये के बजाए दस लाख के गुजारा भत्ता दिए जाने की मांग की है। इस पर सर्वोच्च अदालत ने ऐक्शन लेते हुए शमी और पश्चिम बंगाल सरकार को नोटिस जारी किया है। हसीन जहां कई सालों से मोहम्मद शमी से अलग रह रही हैं और उनके साथ दोनों की बेटी भी रहती है। जहां ने कलकत्ता हाई कोर्ट के पिछले फैसले को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें 1.5 लाख रुपये प्रति माह और उनकी बेटी की देखभाल के लिए 2.5 लाख रुपये दिए जाने का आदेश दिया गया था। उनका कहना है कि यह धनराशि अपर्याप्त है। ऐसे में इसे बढ़ाकर दस लाख रुपये किया जाना चाहिए। जहां की यह अपील जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस उज्जल भुइयां की बेंच के सामने लिस्ट की गई थी। बेंच ने सवाल किया कि क्या चार लाख रुपये, जिसका हाई कोर्ट ने आदेश दिया था, क्या वह उनके लिए पर्याप्त नहीं हैं। याचिका में, हसीन जहां ने तर्क दिया कि शमी की कमाई और उनकी जीवनशैली को देखते हुए यह राशि अपर्याप्त है और उन्होंने अदालत से गुजारा भत्ता बढ़ाने का आग्रह किया। जहां के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि उनके पति (मोहम्मद शमी) बहुत पैसा कमाते हैं। हलफनामों पर गौर करें, उनके पास सैकड़ों करोड़ की संपत्ति, लग्जरी कारें हैं, वे अक्सर विदेश यात्रा करते हैं और एक शानदार जीवनशैली जीते हैं। साल 2018 से शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां के बीच विवाद चल रहा है। जहां ने शमी पर घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न समेत तमाम आरोप लगाए है। वहीं, हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घोषित की गई टीम इंडिया की टेस्ट टीम में मोहम्मद शमी की वापसी नहीं हो सकी है। उन्होंने हाल ही में बंगाल के लिए तीन रणजी ट्रॉफी मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन एक बार फिर टेस्ट टीम में जगह नहीं बना पाए।

कन्फर्म: जय शाह के दखल से प्रतीका रावल अब पाएंगी वर्ल्ड कप मेडल!

नई दिल्ली जय शाह की दखल के बाद प्रतीका रावल को आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप का विनिंग मेडल मिलने वाला है। इसका खुलासा उन्होंने खुद किया है। आईसीसी का नियम है कि वर्ल्ड कप विनिंग मेडल सिर्फ उन्हीं 15 खिलाड़ियों को मिलता है स्क्वॉड का हिस्सा होते हैं। प्रतीका रावल के केस में हालांकि आईसीसी ने अपने इस नियम को बदलना पड़ा है। प्रतीका रावल को बांग्लादेश के खिलाफ लीग स्टेज के आखिरी मुकाबले के दौरान चोट लग गई थी। यह चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। उनकी जगह स्क्वॉड में शेफाली वर्मा ने ली थी। शेफाली ने फाइनल में 87 रनों की पारी खेल भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। स्क्वॉड का हिस्सा होने की वजह से शेफाली को सिर्फ 2 मैच खेलने के बावजूद वर्ल्ड कप विनर का मेडल मिला था। मगर लीग स्टेज के दौरान भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली प्रतीका रावल मेडल से वंचित रह गईं थी। प्रतीका ने लीग स्टेज में एक शतक समेत 300 से अधिक रन बनाए थे। साथी ओपनिंग पार्टनर स्मृति मंधाना के साथ उन्होंने कई अहम साझेदारियां की थी। जब प्रतीका रावल को मेडल नहीं मिला तो सोशल मीडिया पर फैंस ने आवाज उठाई और भारत की जीत में उनके योगदान के लिए आईसीसी पर दबाव बनाया। अब प्रतीका रावल ने खुद खुलासा किया है कि जय शाह की दखल की वजह से उन्हें मेडल मिलने वाला है। प्रतीका रावल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ भारतीय टीम की मुलाकात के दौरान उन्होंने जिस मेडल के साथ तस्वीर खिंचवाई थी, वह उन्हें सहयोगी स्टाफ के एक सदस्य ने दिया था। प्रतीका रावल ने सीएनएन न्यूज18 को बताया, "जय शाह ने हमारे मैनेजर को मैसेज किया कि मैं प्रतीका के लिए मेडल लाने का इंतजाम करना चाहता हूं। तो, आखिरकार अब मेरे पास मेरा अपना मेडल है। पहली बार जब मैंने उसे (सपोर्ट स्टाफ द्वारा उसे दिया गया मेडल) खोला और उसकी तरफ देखा, तो मेरी आंखों में आंसू आ गए। मैं ज्यादा रोने वाली इंसान नहीं हूं, लेकिन वो भावना सच्ची थी, हमारे साथ जुड़ने का एहसास।" रावल ने यह भी बताया कि शाह ने पहले ही उन्हें आश्वासन दिया था कि उन्हें पदक मिलेगा, हालाँकि इसमें कुछ समय लग सकता है। जय शाह ने हमें बताया कि वह आईसीसी से पूछ रहे हैं कि क्या वे पदक भेज सकते हैं। इसलिए उस पदक को मेरे पास पहुँचने में कुछ समय लगेगा। इसलिए, सहयोगी स्टाफ में से एक ने मुझे अभी के लिए पहनने के लिए अपना पदक दे दिया। मान लीजिए कि मेरे पास अपना पदक है। तो, पदक रास्ते में है," उन्होंने कहा।

क्रिकेट के मैदान पर भारत का दबदबा, पाकिस्तान को 2 रनों से मात

 हॉन्गकॉन्ग एशिया कप 2025 में लगातार 3 मुकाबले हराने के बाद भारतीय टीम ने एक बार फिर पाकिस्तान को शिकस्त दी है। इस बार हॉन्गकॉन्ग इंटरनेशनल सिक्सेस टूर्नामेंट में इंडिया ने पाकिस्तान को डकवर्थ लुइस नियम के तहत 2 रन से हराया। मैच में उथप्पा ने 28 और भरत ने 24 रन बनाए। यह मुकाबला मोंग कोक (हॉन्ग कॉन्ग) के मिशन रोड ग्राउंड में हुआ। दरअसल, टूर्नामेंट में सभी मुकाबले 6-6 ओवर के खेले जा रहे हैं। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी। इसके बाद भारतीय टीम ने 87 रनों का टारगेट सेट किया। जवाब में पाकिस्तान ने 3 ओवर में 41 रन बनाए तभी बारिश के कारण मैच रोक दिया गया। फिर डकवर्थ लुइस नियम से फैसला हुआ। रॉबिन उथप्पा ने खेली तूफानी पारी टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 6 ओवर्स में 4 विकेट पर 86 रन बनाए. भारतीय टीम की शुरुआत तूफानी रही. रॉबिन उथप्पा और भरत चिप्ली ने मिलकर 2.3 ओवरों में 42 रनों की ओपनिंग साझेदारी की. इस पार्टनरशिप को मुहम्मद शहजाद ने तोड़ा, जिन्होंने उथप्पा को आउट किया. उथप्पा ने दो चौके और तीन छक्के की मदद से 11 बॉल पर 28 रन बनाए. उथप्पा के बाद शहजाद ने स्टुअर्ट बिन्नी (4 रन) को भी सस्ते में चलता किया. यहां से भरत चिप्पी और कप्तान दिनेश कार्तिक की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर भारतीय टीम अच्छे स्कोर तक पहुंचने में सफल रही. चिप्ली ने 13 बॉल पर 24 रन बनाए, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे. वहीं कार्तिक ने 2 चौके और एक सिक्स की मदद से 6 बॉल पर 17 रनों का योगदान दिया. इस टूर्नामेंट में भारत को पाकिस्तान और कुवैत के साथ ग्रुप-सी में रखा गया है. टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें भाग ले रही है, जिन्होंने तीन-तीन के चार ग्रुप्स में बांटा गया है. ग्रुप मुकाबले राउंड रॉबिन प्रारूप में होने हैं. प्रत्येक ग्रुप से दो-दो टीम्स क्वार्टफाइनल में पहुंचेगी. क्वार्टर फाइनल मुकाबले शनिवार (8 नवंबर) को खेले जाने हैं. जबकि अंतिम-चार और खिताबी मुकाबले रविवार (9 नवंबर) को आयोजित होंगे.  हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस में पाकिस्तान, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका का दबदबा रहा है. इन तीनों टीमों ने सबसे ज्यादा 5-5 बार खिताब अपने नाम किए हैं. वहीं श्रीलंका ने इस टूर्नामेंट को 2 बार जीता है. जबकि भारत, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के नाम 1-1 खिताब दर्ज हैं. भारत ने अपना एकमात्र खिताब साल 2005 में जीता था. तब फाइनल में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था. किस फॉर्मेट में हो रहा ये टूर्नामेंट? हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट का फॉर्मेट काफी यूनिक है. इस टूर्नामेंट टीम 6-6 खिलाड़ियों के साथ उतरती है, साथ ही मुकाबले 6-6 ओवर के छोटे फॉर्मेट में खेले जाते हैं. सेमीफाइनल तक हर ओवर में 6 गेंदें होती हैं, लेकिन फाइनल में प्रत्येक ओवर 8 गेंदें की होती हैं. फील्डिंग साइड में विकेटकीपर को छोड़कर सभी खिलाड़ियों के लिए 1-1 ओवर फेंकना अनिवार्य है. यानी एक टीम से केवल एक ही खिलाड़ी ऐसा होगा, जो 2 ओवर डालेगा. नो-बॉल और वाइड को लेकर नियम बिल्कुल साफ है. नो बॉल या वाइड डालने पर बल्लेबाजी टीम को 1 अतिरिक्त रन मिलेगा और गेंद दोबारा फेंकी जाएगी.लेकिन नो-बॉल होने पर कोई फ्री हिट नहीं मिलेगी. अगर 5 ओवर पूरे होने से पहले ही 5 विकेट गिर जाते हैं, तो टीम का आखिरी खिलाड़ी अकेले क्रीज पर बना रहेगा और उसे हर गेंद पर स्ट्राइक लेनी होगी. इस दौरान उसके साथ एक रनर मौजूद रहेगा. जैसे ही छठा विकेट गिरेगा, पारी वहीं समाप्त मानी जाएगी. इसके अलावा, कोई भी बल्लेबाज 50 रन पूरा करते ही रिटायर्ड हो जाएगा. वह बाद में फिर से बल्लेबाजी के लिए वापस आ सकता हैय लेकिन तभी, जब उसके बाद के बल्लेबाज या तो आउट या खुद रिटायर्ड हों जाएं. कार्तिक की कप्तानी में खेल रही इंडिया इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी पूर्व विकेटकीपर बैटर दिनेश कार्तिक संभाल रहे हैं। टीम के लिए ओपनर रोबिन उथप्पा ने 11 बॉल पर 28 रन बनाए। जबकि भरत चिपली ने 13 बॉल पर 24 रनों की पारी खेली। स्टुअर्ट बिन्नी ने 4 और अभिमन्यू मिथुन ने 6 रन बनाए। कप्तान कार्तिक ने 6 बॉल पर 17 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद शहजाद ने 2 और अब्दुल समद ने 1 विकेट लिया। इस तरह रही पाकिस्तान की पारी 87 रनों के टारगेट के जवाब में पाकिस्तानी टीम बारिश के कारण खेल रुकने तक 3 ओवर में 41 रन ही बना सकी थी। ओपनर ख्वाजा नफाय ने 9 गेंदों पर नाबाद 18 और माज सदाकत ने 3 बॉल पर 7 रन बनाए। अब्दुल समद 6 बॉल पर 16 रन बनाकर नाबाद रहे। एकमात्र विकेट स्टुअर्ट बिन्नी ने लिया। उन्होंने सदाकत को कार्तिक के हाथों कैच आउट कराया। इस तरह यह मैच भारतीय टीम ने अपने नाम किया।