samacharsecretary.com

वीवीएस लक्ष्मण बोले – ऑस्ट्रेलिया दौरा वैभव सूर्यवंशी के करियर के लिए सुनहरा अवसर

नई दिल्ली   वैभव सूर्यवंशी के ऑस्ट्रेलिया में पहली बार खेलने की उलटी गिनती शुरू है. बस कुछ घंटे और फिर ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर शुरू हो जाएगा वैभव सूर्यवंशी के बल्ले का जोर दिखना. वैभव सूर्यवंशी भारत की अंडर 19 टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं, जिसे वहां पर व्हाइट बॉल और रेड बॉल की सीरीज खेलनी है. भारत की अंडर 19 टीम और वैभव सूर्यवंशी के ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी NCA के हेड वीवीएस लक्ष्मण ने उन्हें गुरुमंत्र दिया. लक्ष्मण ने वैभव समेत सभी खिलाड़ियों से ऑस्ट्रेलिया दौरे को उनके लिए बड़ा मौका बताया है. वीवीएस लक्ष्मण ने दिया गुरुमंत्र भारत के पूर्व क्रिकेटर रहे वीवीएस लक्ष्मण का खुद भी ऑस्ट्रेलिया फेवरेट शिकार रहा है. उन्हें ऑस्ट्रेलिया में और ऑस्ट्रेलिया की टीम के खिलाफ खेलना हमेशा पसंद रहा है. और, अब अपनी उसी पसंदीदा टीम के खिलाफ कैसे खेलना है, ये बात वीवीएस लक्ष्मण ने वैभव सूर्यवंशी और भारत की अंडर 19 टीम को बतलाई है. ऑस्ट्रेलिया है बड़ा मौका- लक्ष्मण भारत की अंडर 19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया जाने से पहले BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जी-तोड़ मेहनत की थी. पसीना बहाया था. उनके उसी एफर्ट को देखने के बाद वीवीएस लक्ष्मण ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें ऑस्ट्रेलिया में खेलने के महत्व और तरीके के बारे में बताया. वीवीएस लक्ष्मण ने पहले तो ऑस्ट्रेलिया में सीरीज के लिए वैभव सूर्यवंशी और अंडर-19 टीम को मुबारकबाद दी. फिर कहा कि ऑस्ट्रेलिया में खेलना एक बड़ा मौका है, जहां चुनौती बड़ी होगी और जिनका सामना आपको पूरे विश्वास के साथ करना होगा. ऑस्ट्रेलिया की पिचों पर सिर्फ आपका इम्तिहान नहीं होगा बल्कि वो आपको आगे बढ़ने और अपने खेल को नई ऊंचाई तक ले जाने में भी मदद करेगा. वीवीएस लक्ष्मण ने आखिर में 3 बातें और कही. उन्होंने कहा कि अपनी काबिलियत को बैक करो, एक दूसरे पर भरोसा करो, और जो सफर चल रहा है उसके पूरे मजे लो.   ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की अंडर 19 टीम के सीरीज की शुरुआत 21 सितंबर से होनी है. पहले वनडे सीरीज होगी, जिसके 3 मुकाबले 21, 24 और 26 सितंबर को खेले जाएंगे. जबकि उसके बाद 30 सितंबर से मल्टी डे मैच खेले जाएंगे. भारत की अंडर 19 टीम को ऑस्ट्रेलिया में 2 मल्टी डे मैच खेलने हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में पहली बार खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी वैभव सूर्यवंशी के पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रेड बॉल सीरीज यानी मल्टी डे मैच खेलने का तो अनुभव है, जो कि उन्होंने पिछले ही साल अपनी जमीन पर खेला था. मगर वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का सामना पहली बार करते दिखेंगे.  

एशिया कप से बाहर यशस्वी जायसवाल ने किया खुलासा, चयनकर्ताओं पर उठाए सवाल

नई दिल्ली  भारतीय टीम का एशिया कप 2025 में प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम ने लीग स्टेज के सभी मुकाबले जीतकर सुपर-4 में प्रवेश किया है, जहां उसका पहला मुकाबला पाकिस्तान से होगा। भारतीय स्क्वॉड में मौजूद ज्यादातर खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, हालांकि कुछ खिलाड़ियों को मेन स्क्वॉड में जगह नहीं मिली है, जिसमें यशस्वी जायसवाल का नाम भी शामिल है। इस बीच जायसवाल ने एशिया कप स्क्वॉड से नजरअंदाज किए जाने पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का चयन चयनकर्ताओं के हाथ में होता है। वह सिर्फ कड़ी मेहनत पर ध्यान दे रहे हैं। यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है। लेकिन इसके बावजूद वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। एशिया कप के लिए जब टीम का चयन हुआ, उस समय यशस्वी का नाम नहीं होने पर सवाल खड़े हुए थे। गौतम गंभीर के मुख्य कोच और विराट-रोहित के जाने के बाद से ऊपरी क्रम में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने जिम्मा संभाला है। इस बीच एशिया कप स्क्वॉड में शुभमन गिल की भी एंट्री हुई है, जोकि उपकप्तान की भूमिका में हैं, ऐसे में जायसवाल को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। यशस्वी जायसवाल ने कहा, ''ये सब चयनकर्ताओं के हाथ में होता है। वे इसे टीम संयोजन के नजर से देखते हैं। मैं मेहनत जारी रखूंगा और मुझे पता है मेरा समय आएगा। तब तक, मैं खुद पर काम करता रहूंगा, बेहतर करता रहूंगा।'' यशस्वी जायसवाल ने 23 टी20 मैचों में 723 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 164.31 का रहा। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए हैं। भारत ने शुक्रवार को ओमान को 21 रन से हराकर एशिया कप के ग्रुप लीग चरण का अंत जीत की हैट्रिक से किया। अब भारतीय टीम 48 घंटे से भी कम समय में दुबई में सुपर 4 मुकाबले में पाकिस्तान से भिड़ेगी।  

मुस्लिम इलाके को ‘पाकिस्तान’ कहने पर मचा बवाल, सामने आया पूर्व CJI का बयान

नई दिल्ली  भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ (DY Chandrachud) अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। उन्होंने बतौर चीफ जस्टिस सुप्रीम कोर्ट में बिताए अपने अनुभवों को साझा करते हुए एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि कर्नाटक हाईकोर्ट के एक जज ने एक मुस्लिम बाहुल्य इलाके को पाकिस्तान कहा था। जस्टिस चंद्रचूड़ को यह बात पसंद नहीं आई। उन्होंने स्वत: संज्ञान लेते हुए इस मामले को देखा था। 'द ललनटॉप' को दिए एक इंटरव्यू में खुद इसका खुलासा किया है। डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, ''जहां तक मुझे याद है। कर्नाटक हाईकोर्ट में मोटर वाहन अधिनियम से जुड़े एक मामले पर सुनवाई हो रही थी। इस दौरान एक जज ने कहा- 'इस पुल के आगे जो जगह है वह पाकिस्तान है।' मैंने इससे जुड़ा एक वीडियो देखा। इसके बाद मैंने स्वत: संज्ञान लिया। मैंने पांच जजों की एक बैंच बिठाई। मैंने कहा किसी हाईकोर्ट के जज के द्वारा भारत के किसी हिस्से को पाकिस्तान कहना बिल्कुल गलत है। हमने एक नोटिस भेजकर इसकी सच्चाई जानी।'' डीवीआई चंद्रचूड़ ने आगे कहा, ''रिपोर्ट सामने आने के बाद पता चला कि जज साहब ने यह कहा था। मैंने एक छोटा सा फैसला दिया कि किसी जज को यह बात नहीं कहनी चाहिए। आप जो कहते हो या फिर आप जो फैसला सुनाते हुए उसमें एक गरिमा होनी चाहिए। इसका समाज पर असर पड़ता है।'' इस दौरान उनसे इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज यशवंत वर्मा के दिल्ली स्थित आवास से मिले नकदी के बारे में भी पूछा गया। उन्होंने कहा है कि इस मामले में एफआईआर जरूर होनी चाहिए थी। हालांकि, उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या पैसे उनके थे या उनके घर से मिले थे? उन्हें पूरी सुनवाई का मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ''क्या पैसे उनके थे, क्या उनके घर में मिले थे? आइए जज को पूरी सुनवाई का अवसर दिए जाने से पहले इस मुद्दे पर पहले से फैसला न करें।'' वहीं, जज यशवंत वर्मा के खिलाफ एफआईआर फाइल होनी चाहिए थी? इस पर पूर्व सीजेआई चंद्रचूड़ ने कहा कि जी, बिल्कुल सही कह रहे हैं कि एफआईआर दायर होनी चाहिए। उस समय के जो वाइस प्रेसिडेंट थे, उन्होंने टिप्पणी की थी एक दो-बार… कार्य करने देना चाहिए था, क्योंकि जो ऊंचे संवैधानिक पद पर लोग आते हैं तो जो आप टिप्पणी करते हैं उसपर थोड़ा संयम होना चाहिए।''  

टीम इंडिया की नई जर्सी: रंग में बदलाव और पीछे की कहानी जो सभी को जाननी चाहिए

नई दिल्ली  भारतीय क्रिकेट टीम को हमने हमेशा लिमिटेड ओवर क्रिकेट में नीली जर्सी में देखा है, मगर बीसीसीआई ने ऐताहिसिक कदम उठाते हुए इंडिया वुमेंस वर्सेस ऑस्ट्रेलिया वुमेंस तीसरे वनडे में जर्सी का रंग बदलने का बड़ा फैसला किया है। यह फैसला ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है। बीसीसीआई ने इसकी जानकारी X पर दी। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब जर्सी का रंग पूरे तरीके से बदला गया है। 2019 वर्ल्ड कप के दौरान भारत ने ऑरेंज कल की जर्सी पहली थी, मगर उसमें आगे नीला कलर था। मगर इस बार जर्सी का कलर पूरी तरह से पिंक किया गया है। हालांकि जर्सी का रंग सिर्फ एक मैच के लिए ही बदला गया है। बीसीसीआई ने इसका जानकारी देते हुए X पर लिखा, “स्तन कैंसर जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए टीम इंडिया आज तीसरे वनडे में विशेष गुलाबी रंग की जर्सी पहनेगी।” भारत ही ऐसा करने वाला पहला देश नहीं है। ऑस्ट्रेलिया में हर साल, सिडनी में न्यू ईयर टेस्ट के दौरान एक प्रमुख वार्षिक स्तन कैंसर जागरूकता अभियान आयोजित किया जाता है, जिसे 'पिंक टेस्ट' के नाम से जाना जाता है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) में आयोजित यह मैच जेन मैकग्राथ (ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्राथ की दिवंगत पत्नी) के सम्मान में गुलाबी रंग में रंग जाता है और मैकग्राथ फाउंडेशन के लिए धन और जागरूकता बढ़ाता है। यह आयोजन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के घरेलू कैलेंडर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है, और मैकग्राथ फाउंडेशन के साथ इसकी साझेदारी स्तन कैंसर से प्रभावित लोगों की सहायता करती है। बात मुकाबले की करें तो, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह डिसाइडर मैच खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे में 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। वहीं हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने दूसरे वनडे में पलटवार करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 108 रनों से धूल चटाई थी। आगामी वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए भारत इस सीरीज का अंत जीत के साथ करना चाहेगा।  

अर्शदीप की धमाकेदार वापसी, T20 में सेंचुरी लगाकर कई रिकॉर्ड ध्वस्त

नई दिल्ली एशिया कप 2025 में टीम इंडिया ने शुक्रवार को ओमान के खिलाफ 21 रनों से जीत हासिल की. ये मैच अर्शदीप के लिए यादगार रहा. क्योंकि अर्शदीप सिंह ने इस मुकाबले में अपना 100 टी20 विकेट हासिल किया. इस उपलब्धि के लिए उन्हें 8 महीने इंतज़ार करना पड़ा, लेकिन आखिरकार वह 100 टी20I विकेट लेने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए. बाएं हाथ के सीमर ने 2022 में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ डेब्यू किया था और तब से लगातार तेज़ी से विकेट लेते आ रहे हैं. एक विकेट के लिए 8 महीने का इंतजार अर्शदीप सिंह 99 विकेट पर अटक गए थे क्योंकि जनवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने अंतिम दो मैचों में उन्हें बाहर बैठा दिया था. एशिया कप से पहले कोई टी20I मैच निर्धारित नहीं था, इसलिए इस माइलस्टोन तक पहुंचने के लिए उन्हें लंबे समय तक इंतज़ार करना पड़ा. एशिया कप में भी उनका इंतज़ार बढ़ा क्योंकि भारत ने पहले दो मैचों में केवल एक ही विशेषज्ञ तेज़ गेंदबाज़ को खिलाया. जसप्रीत बुमराह ने शुरुआती दो मैच खेले और उनके साथ स्पिनरों की भरमार थी. अर्शदीप को टूर्नामेंट के तीसरे ग्रुप-स्टेज मैच में मौका मिला. उन्होंने 4 ओवर में 37 रन देकर 1 विकेट लिया. अर्शदीप ने बनाया ये रिकॉर्ड अर्शदीप न केवल 100 टी20I विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने बल्कि वह इस प्रारूप में सबसे तेज़ 100 विकेट लेने वाले तेज़ गेंदबाज़ भी बन गए. उन्होंने यह उपलब्धि केवल 64 मैचों में हासिल की. पूर्ण सदस्य देशों में वह 100 विकेट तक सबसे तेज़ पहुंचने वाले तीसरे गेंदबाज़ हैं. उनसे आगे सिर्फ राशिद खान (53 मैच) और वानिंदु हसारंगा (63 मैच) हैं. अर्शदीप तेज़ गेंदबाज़ों में सबसे तेज़ हैं, उनके बाद हारिस रऊफ (71) और मार्क अडायर (72) आते हैं. टी20I में सबसे तेज़ 100 विकेट (सभी देश): राशिद खान – 53 संदीप लामिछाने – 54 वानिंदु हसारंगा – 63 अर्शदीप सिंह – 64 रिज़वान बट्ट – 66 हारिस रऊफ – 71 शुक्रवार को अर्शदीप का दिन गेंदबाज़ी के लिहाज़ से खास नहीं रहा. लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने उतरे अर्शदीप रंग में नहीं दिखे. पावरप्ले में वह विकेट नहीं ले पाए और वापसी स्पेल में रन दिए. उन्होंने अपना 100वां विकेट ओमान के खिलाफ मैच के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर हासिल किया. अर्शदीप ने ऑफ स्टंप पर शॉर्ट गेंद डाली, जिससे बल्लेबाज़ विनायक शुक्ला असहज स्थिति में आ गए और पुल शॉट खेलते हुए गेंद को हवा में मार बैठे. गेंद मिड-ऑन की दिशा में गई, जहां रिंकू सिंह ने कैच लपक लिया. बता दें कि टीम इंडिया का अगला मैच रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ है.

‘सूर्या ने सही किया…’ गांगुली का IND vs PAK हैंडशेक विवाद पर दनदनाता रिएक्शन

नई दिल्ली  ओमान के खिलाफ एशिया कप 2025 ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच खत्म होने के बाद एक बार फिर इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच की खबरों को लेकर बजार गर्म है। दरअसल, सुपर-4 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक और मैच खेला जाना है। 14 सितंबर को हुए ग्रुप स्टेज के पिछले मुकाबले के दौरान हैंडशेक विवाद ने खूब सुर्खियां बटोरी थी। दरअसल, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया था। इस मामले ने तूल तब पकड़ी जब मैच खत्म होने के बाद भारतीय टीम पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने मैदान पर नहीं आई, वहीं मैच फिनिश करने के बाद सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे की जोड़ी भी सीधा ड्रेसिंग रूम में चली गए। ऐसे में IND vs PAK सुपर-4 मैच से पहले पूर्व भारतीय कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली का हैंडशेक विवाद पर बयान आया है। सौरव गांगुली ने एनडीटीवी से में कहा, "एक बार शेड्यूल घोषित हो जाने के बाद मैच तो होना ही था। हाथ मिलाने के बारे में, वह भारत के कप्तान हैं। यह उनका फैसला है। इसलिए, उन्होंने जो भी फैसला लिया है, वह उन्होंने लिया है।" पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत के बाद पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में कहा था, “यह एक बेहतरीन अवसर है, समय निकालकर, हम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़े हैं। हम अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं। हम इस जीत को अपने सभी सशस्त्र बलों को समर्पित करना चाहते हैं जिन्होंने अदम्य साहस दिखाया। आशा है कि वे हमें प्रेरित करते रहेंगे और जब भी हमें मौका मिले, हम उन्हें मैदान पर मुस्कुराने का और भी कारण देंगे।” बता दें, भारतीय खिलाड़ियों द्वारा हैंडशेक ना करने की बात से गुस्सा होकर पाकिस्तानी कप्तान पोस्ट मैच प्रजेंटेशन के लिए भी नहीं आए थे। अब देखना होगा कि 21 सितंबर को इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच में क्या होता है।  

दुबई पिच रिपोर्ट: श्रीलंका-बांग्लादेश मैच में बल्लेबाज़ों की दावत या गेंदबाज़ों की चुनौती?

नई दिल्ली  श्रीलंका वर्सेस बांग्लादेश एशिया कप 2025 सुपर-4 का पहला मैच आज यानी शनिवार, 20 सितंबर को खेला जाना है। SL vs BAN मैच दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस के लिए दोनों कप्तान आधा घंटा पहले मैदान पर उतरेंगे। श्रीलंका की टीम अभी तक टूर्नामेंट में अजेय रही है। उन्होंने ग्रुप स्टेज के अपनी तीनों मुकाबले जीतकर हैट्रिक लगाई है। इस दौरान वह बांग्लादेश को एक बार शिकस्त दे चुकी है। ऐसे में श्रीलंका की नजरें जीत के साथ सुपर-4 का भी खाता खोलने पर होगी। वहीं बांग्लादेश ग्रुप स्टेज में मिली हार का बदला लेना चाहेगा। आईए एक नजर श्रीलंका वर्सेस बांग्लादेश पिच रिपोर्ट पर डालते हैं- श्रीलंका वर्सेस बांग्लादेश पिच रिपोर्ट दुबई की पिचें एशिया कप 2025 में उम्मीद के मुताबिक धीमी और स्पिनरों के लिए मददगार रही हैं। इसका टीमों ने जमकर फायदा उठाया है, इसका सबूत यह है कि इस टूर्नामेंट में 53.6% ओवर स्पिनरों ने डाले हैं, जो यूएई में किसी भी मल्टी-टीम टी20 टूर्नामेंट में डाले गए दूसरे सबसे ज्यादा ओवर हैं। आज के मुकाबले में भी श्रीलंका और बांग्लादेश की नजरें धीमी पिच का फायदा उठाने पर रहेगी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम T20I रिकॉर्ड और आंकड़े मैच- 98 पहले बल्लेबाजी करते हुए जीते गए मैच- 48 (48.98%) टारगेट का पीछा करते हुए जीते गए मैच- 50 (51.02%) टॉस जीतकर जीते गए मैच- 56 (57.14%) टॉस हारकर जीते गए मैच- 42 (42.86%) हाईएस्ट स्कोर- 212/2 लोएस्ट स्कोर- 55 हाईएस्ट स्कोर इन चेज- 184/8 प्रति विकेट औसत रन- 20.92 प्रति ओवर औसत रन- 7.29 पहले बल्लेबाजी करते हुए औसत स्कोर- 144 BAN vs SL हेड टू हेड श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच अभी तक कुल 21 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 13 मैच जीतकर श्रीलंका ने अपना दबदबा बनाया हुआ है। वहीं बांग्लादेश को इस दौरान 8 जीत मिली है। हालांकि पिछले 5 मुकाबलों में बांग्लादेश ने श्रीलंका को 3 बार धूल चटाई है।  

स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल के सिर में लगी चोट, PAK मैच से पहले भारतीय टीम में चिंता

दुबई  . भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 के अपने अंतिम ग्रुप-स्टेज मुकाबले में ओमान को 21 रनों से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई. ओमान ने भारत को कड़ी टक्कर दी. लेकिन जीत हासिल नहीं कर सका. भारत का अगला मैच रविवार को पाकिस्तान से है. यह टीम इंडिया की सुपर-4 की पहली भिड़ंत होगी. लेकिन इससे पहले टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है. दरअसल, ओमान के खिलाफ हुए मैच में भारत के स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल को दूसरी पारी में चोट लग गई. लक्ष्य का पीछा कर रहे ओमान के खिलाफ 15वें ओवर में अक्षर पटेल ने एक कैच पकड़ने की कोशिश की और गेंद उनके हाथों से फिसल गई और कैच छूट गया. इसी कोशिश में वह संतुलन खो बैठे और सिर ज़मीन से टकरा गया. इसके बाद वह ओमान की पारी में मैदान पर वापस नहीं लौटे. यह भी माना जा रहा है कि अक्षर पाकिस्तान के खिलाफ अगले बड़े मुकाबले से बाहर हो सकते हैं. टी दिलीप ने अक्षर पटेल की चोट पर क्या कहा ओमान के खिलाफ मैच के बाद भारत के फील्डिंग कोच टी. दिलीप ने बताया कि अक्षर ठीक हैं. हालांकि, अगले मैच से पहले टीम इंडिया के पास बहुत कम समय है, इसलिए अक्षर का पाकिस्तान के खिलाफ खेल पाना मुश्किल चुनौती हो सकता है. बता दें कि ओमान के खिलाफ खेले गए मैच में टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए थे. जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को बाहर किया गया था. उनकी जगह अर्शदीप और हर्षित राणा टीम में आए थे. देखना दिलचस्प होगा कि आखिर पाकिस्तान के खिलाफ भारत किस कॉम्बिनेशन के साथ उतरता है.

भारत की जीत की हैट्रिक पूरी, ओमान को हराकर अब पाकिस्तान से बड़ी भिड़ंत

दुबई   एशिया कप 2025 का आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला भारत और ओमान के बीच खेला गया. अबु धाबी में खेले गए इस मैच में भारत ने 21 रनों से जीत हासिल की और एशिया कप में जीत की हैट्रिक लगाई. टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने संजू की फिफ्टी के दम पर ओमान के सामने 189 रनों का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में उतरी ओमान की टीम ने भी अच्छी बल्लेबाजी की 167 तक का स्कोर बना लिया. भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए थे. बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को आराम दिया दिया गया था. उनकी जगह अर्शदीप और हर्षित राणा टीम में थे. वहीं, इस मैच में अर्शदीप ने कमाल किया और अपना 100वां टी20 विकेट पूरा किया. बता दें कि टीम इंडिया इस मुकाबले से पहले ही सुपर-4 में जगह बना चुका था. 21 सितंबर को भारत की भिड़ंत पाकिस्तान से है. वहीं, ओमान का सफर अब खत्म हो चुका है. उसे अपने तीनों मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है. ऐसी रही ओमान की पारी 189 रनों के जवाब में उतरी ओमान की शुरुआत बेहद शानदार रही. जतिंदर सिंह और आमिर कलीम ने तेज गेंदबाजों की जमकर खैर ली. दोनों ने 7वें ओवर में स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया. लेकिन 9वें ओवर में कुलदीप यादव ने ओमान को पहला झटका दिया. जतिंदर सिंह 32 रन बनाकर आउट हो गए. लेकिन इसके बाद कलीम और हम्माद मिर्जा के बीच कमाल की साझेदारी हुई. कलीम ने केवल 38 गेंदों में फिफ्टी लगाई. वहीं मिर्जा ने भी उनका बखूबी साथ दिया. भारत ने 8 गेंदबाजों को लगाया लेकिन भारतीय गेंदबाज विकेट को तरस गए. दोनों के बीच 93 रनों की साझेदारी हुई. आखिरकार हर्षित राणा ने इस साझेदारी को तोड़ा और कलीम 64 रन बनाकर आउट हुए. आखिरकार ओमान की टीम 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 167 रन ही बना सकी. ऐसे रही भारत की बल्लेबाजी टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दूसरे ओवर में ही शुभमन गिल अपना विकेट गंवा बैठे और शाह फैसल ने उन्हें बोल्ड किया. गिल के बल्ले से केवल 5 रन ही आए. लेकिन इसके बाद संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भारतीय पारी को संभाला और 4 ओवर में भारत का स्कोर 30 रन तक पहुंचा दिया. लेकिन 38 रन बनाकर अभिषेक शर्मा का विकेट गिर गया. इसके बाद हार्दिक पंड्या भी आठवें ओवर में रन आउट हो गए. अक्षर पटेल ने पारी को संभालने की कोशिश की. 13 गेंद में 26 रन बनाए लेकिन अपना विकेट गंवा बैठे. इसके बाद 14वें ओवर में शिवम दुबे भी अपना विकेट गंवा बैठे. दुबे के बल्ले से केवल 5 रन आए. इसके बाद संजू सैमसन ने फिफ्टी लगाई. लेकिन 18वें ओवर में वह आउट हो गए. तिलक वर्मा अच्छी लय में दिख रहे थे. लेकिन 19वें ओवर में वो अपना विकेट गंवा बैठे. 18 गेंदों में उन्होंने 29 रन बनाए. भारत ने ओमान के सामने 189 रनों का लक्ष्य रखा. पाकिस्तान को फिर कप्तान सूर्या ने दिखाए तेवर, ओमान के प्लेयर्स को भी लगाया गले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को ओमान पर जीत के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में एक बार फिर पाकिस्तान को तेवर दिखाए और उन्हें पूरी तरह से नजरअंदाज किया. इस मैच में भारत ने ओमान को 21 रनों से हराकर सुपर-4 चरण में प्रवेश किया. भारत ने ग्रुप-ए में यूएई, पाकिस्तान और ओमान पर लगातार जीत दर्ज कर शीर्ष स्थान हासिल किया. सुपर-4 में भारत  रविवार को दुबई में एक बार फिर अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगा.  अगले मुकाबले से पहले सूर्यकुमार से पूछा गया कि क्या टीम हाई-वोल्टेज भिड़ंत के लिए तैयार है. हालांकि, भारत के कप्तान ने पाकिस्तान का नाम लेने से परहेज़ किया और कहा कि वे सुपर-4 में किसी भी टीम से भिड़ने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा, 'सुपर फोर के लिए पूरी तरह तैयार हैं.' ओमान के खिलाड़ियों से मिले गले, खूब ठहाके लगाए पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में हैंडशेक विवाद सुर्खियों में आया था, जहां टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के साथ हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था. लेकिन ओमान के खिलाफ मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने साथ मिलकर खूब मस्ती की. सूर्या ने ओमान बल्लेबाजों की तारीफ की और उन्हें गले भी लगाया. टीम इंडिया के खिलाड़ी ओमान प्लेयर्स को क्रिकेट के टिप्स भी देते दिखे. ये नजारा देखकर सोशल मीडिया पर लोग पाकिस्तान की मौज ले रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान का ही बायकॉट किया है और बाकी हर मैच में खेल भावना का परिचय दे रहे हैं.

टॉस अपडेट: भारत ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, बुमराह और वरुण चक्रवर्ती बाहर

दुबई  एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला आज खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। सूर्यकुमार यादव ने प्लेइंग 11 से 2 खिलाड़ियों के बाहर होने की अपडेट दी है। जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती की जगह हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह की प्लेइंग 11 में वापसी हुई है। टीम इंडिया की प्लेइंग 11 अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव। ओमान की प्लेइंग इलेवन आमिर कलीम, जतिंदर सिंह (कप्तान), हम्माद मिर्जा, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), शाह फैसल, जिक्रिया इस्लाम, आर्यन बिष्ट, मोहम्मद नदीम, शकील अहमद, समय श्रीवास्तव और जितेन रामानंदी। टॉस हारने के बाद जतिंदर सिंह ने कहा, "मैं पहले बल्लेबाजी करना पसंद करता। हमारी टीम युवा है, उसे अभी ज़्यादा अनुभव नहीं मिला है, लेकिन इससे उन्हें यहाँ आकर खुद को परखने का अच्छा मौका मिलता है। भारत के साथ मैदान साझा करने और उनकी मानसिकता को समझने का यह एक शानदार मौका है। हमारी टीम में दो बदलाव हैं। टॉस जीतकर सूर्यकुमार यादव ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। हमने इस प्रतियोगिता में पहले बल्लेबाजी नहीं की है और हम अपनी गहराई जानना चाहते हैं। सुपर 4 में जाने से पहले खेलने का समय मिलना ज़रूरी है। हम पहले दो मैचों में जो अच्छी आदतें अपना रहे हैं, उन्हें जारी रखना चाहते हैं। यह अच्छा लग रहा है और हमारे सलामी बल्लेबाज़ आगे इसका आकलन करेंगे।