samacharsecretary.com

टीम इंडिया तैयार T20 Asia Cup 2025 के लिए, उपकप्तान और स्टैंडबाय प्लेयर्स हुए घोषित

नई दिल्ली यूएई में 9 सितंबर से टी20 एशिया कप की शुरुआत होनी है और इससे करीब 20 दिन पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। 9 से 28 सितंबर तक दुबई और अबूधाबी में आयोजित होने वाले इस महाद्विपीय टूर्नामेंट के लिए अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सिलेक्शन कमिटी ने 15 सदस्यीय टीम का चयन किया है, जिसके कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं, जबकि उपकप्तान शुभमन गिल हैं। जो कयास शुभमन गिल की टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी को लेकर लगाए जा रहे थे, वह सच हो गए हैं। न सिर्फ उनकी वापसी हुई है, बल्कि उपकप्तान भी उनको बनाया गया है। इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा इस टेस्ट सीरीज से पहले आईपीएल 2025 में उन्होंने कमाल का खेल दिखाया था। चयनकर्ता संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा वाली जोड़ी पर टिके हुए हैं। दोनों टी20 विश्व कप 2024 के बाद से टीम के लिए ओपनिंग करते हुए आ रहे हैं और भारत को सफलता भी उन्होंने दिलाई है। शुभमन गिल को टीम में जगह मिली है। ऐसे में सवाल ये है कि वे किस पोजिशन पर खेलेंगे। श्रेयस अय्यर अभी भी बाहर मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस अय्यर को लेकर तमाम रिपोर्ट्स आ रही थीं कि वे एशिया कप की टीम का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन सिलेक्शन कमिटी ने इस टीम का हिस्सा उनको नहीं बनाया है। मध्य क्रम में और फिनिशर के तौर पर अभी भी चयनकर्ता रिंकू सिंह के साथ गए हैं। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की जानकारी भी दी है कि पांच खिलाड़ी स्टैंडबाय पर हैं। इनमें पेसर प्रसिद्ध कृष्णा, ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर, बल्लेबाज रियान पराग, विकेटकीपर ध्रुव जुरेल और ओपनर यशस्वी जायसवाल का नाम शामिल है। अगर कोई खिलाड़ी चोटिल होता है तो निश्चित तौर पर इनमें से ही सबसे पहले रिप्लेसमेंट का ऐलान होगा। यूएई की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सिलेक्टर्स ने स्पिन के विकल्पों पर खासा ध्यान दिया है। स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल के अलावा कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती टीम का हिस्सा हैं। तेज गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के अलावा हर्षित राणा को मौका दिया गया है, जबकि 15 सदस्यीय टीम में पेस ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी शामिल हैं। संजू सैमसन के बैकअप विकेटकीपर के तौर पर जितेश शर्मा को टीम में जगह दी गई है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए टी20 फॉर्मेट में आयोजित होने वाले एशिया कप में भारत ग्रुप ए का हिस्सा है, जिसमें पाकिस्तान, यूएई और ओमान की टीम शामिल है। टीम इंडिया को अपना पहला मैच 10 सितंबर को दुबई में यूएई के खिलाफ खेलना है, जबकि इंडिया और पाकिस्तान का मुकाबला इसी मैदान पर रविवार 14 सितंबर को है। वहीं, तीसरा और आखिरी लीग मैच इंडिया का ओमान से है, जो अबू धाबी में 19 सितंबर को है। T20 एशिया कप 2025 के लिए भारत की टीम इस प्रकार है सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह

गिल की अनुपस्थिति में टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती, एशिया कप चयन चर्चा में

नई दिल्ली अगले महीने संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले एशिया कप टी20 टूर्नामेंट के लिए मंगलवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम का चयन किया जाएगा। चयन समिति के सामने सबसे बड़ी पहेली शुभमन गिल को मजबूत ढांचे में फिट करना है। इंग्लैंड दौरे पर कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों से प्रभावित करने वाले गिल का प्रदर्शन शानदार रहा, लेकिन नौ से 28 सितंबर तक होने वाले महाद्वीपीय टूर्नामेंट की टीम में उन्हें जगह मिलना मुश्किल दिख रहा है। बल्लेबाजी क्रम पर संकट चयनकर्ताओं के सामने शीर्ष तीन बल्लेबाजी क्रम के लिए छह दावेदार मौजूद हैं। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और तिलक वर्मा ने हालिया सीरीज में दमदार प्रदर्शन किया है। दूसरी ओर, गिल, यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन (आईपीएल ऑरेंज कैप विजेता) भी कमतर नहीं माने जा सकते। अगर गिल को टीम में शामिल किया जाता है तो इसका असर किसी बड़े बल्लेबाज जैसे संजू, अभिषेक या तिलक पर पड़ सकता है। रिंकू सिंह का स्थान भी खतरे में आ सकता है। गेंदबाजी विभाग स्पिनरों में कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई के बीच कड़ी टक्कर है, जबकि अनुभवी युजवेंद्र चहल लगातार नज़रअंदाज़ किए जा रहे हैं। तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या का चयन तय माना जा रहा है। रिजर्व तेज गेंदबाज के रूप में हर्षित राणा सबसे आगे हैं। स्पिन विभाग में अक्षर पटेल, वरुण और कुलदीप पहली पसंद माने जा रहे हैं। गौतम गंभीर ऑलराउंडरों को प्राथमिकता देते हैं, ऐसे में वॉशिंगटन सुंदर की वापसी की संभावना है। शिवम दुबे का चयन लगभग तय माना जा रहा है। कप्तानी और टीम संतुलन सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम का टी20 रिकॉर्ड 85 प्रतिशत जीत का रहा है। दिलचस्प यह है कि इन मुकाबलों में न तो गिल खेले और न ही जायसवाल। टीम प्रबंधन का मानना है कि पिछले सत्र में जो खिलाड़ी नियमित रूप से अंतिम एकादश में थे, उन्हें बाहर करना सही नहीं होगा। दूसरी ओर एक विचार यह भी है कि भारतीय क्रिकेट को एक ऐसे कप्तान की जरूरत है जो सभी प्रारूपों में टीम का नेतृत्व कर सके और बड़ा मार्केटिंग चेहरा बने। इस दृष्टि से शुभमन गिल को उपयुक्त विकल्प माना जा रहा है। अन्य मोर्चे पर हालात नितीश रेड्डी और ऋषभ पंत अभी चोट से उबर रहे हैं। ऐसे में विकेटकीपर की दूसरी जगह के लिए जितेश शर्मा और ध्रुव जुरेल में टक्कर होगी। जितेश को फिनिशर की भूमिका के कारण बढ़त मिल सकती है।  

खिलाड़ियों की चयन नीति पर मांजरेकर की सलाह, केवल फिट और प्रदर्शन वाले होंगे वरीय

मुंबई पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर का मानना है कि भारतीय टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अगर लगातार दो से अधिक मैच नहीं खेल सकते तो उन्हें मुख्य गेंदबाजी आक्रमण में जगह न देते हुए आराम दिना चाहिये। मांजरेकर के अनसार फिट और बेहतर प्रदर्शन करने के इच्छुक खिलाड़ियों को ही पहले प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि मेरे लिए, मैच फिट, उत्साही, और प्रदर्शन करने के इच्छुक खिलाड़ी पहले आते हैं और इन्हें बड़े खिलाड़ियों से पहले टीम में जगह देनी चाहिये। मांजरेकर ने ये बातें बुमराह के कार्यभार प्रबंधन के कारण टीम के लिए लगातार उपलब्धि न रहने को देखते हुए कही है। बुमराह हाल में समाप्त हुई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में केवल तीन मैच ही खेले। ये भी संयोग रहा कि जिन मैचों में भी वह शामिल नहीं थे। उसमें टीम को जीत मिली।  मांजरेकर ने इसी को लेकर कहा, “खेल हमेशा हमें आईना दिखाएगा, चाहे हम चीजों को कितना भी बेहतर बताने का प्रयास करें।भारत ने जिन दो टेस्ट मैचों में जीत हासिल की, वे दो मैच थे जिनमें बुमराह नहीं खेले इस सीरीज ने उन्हें और हमें भी एक बड़ा सबक सिखाया है, भारत ने जिन दो टेस्ट जीत हासिल कीं उसमें युवा खिलाड़ी ही शामिल थे। संजय ने आगे कहा, “इस बार टीम में विराट कोहली, रोहित शर्मा औार मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी नहीं थे। इसने हमें खेल ने बताया कि इसी तरह भारत को बुमराह को संभालना चाहिए। अगर वह लगातार दो से अधिक मैच नहीं खेल सकते या कभी-कभी एक से भी अधिक नहीं खेल सकते, तो उन्हें मुख्य टीम में नहीं होना चाहिए।” पूर्व क्रिकेटर ने जोर देकर कहा कि फिट और प्रदर्शन करने के इच्छुक खिलाड़ियों को बड़े नामों से पहले प्राथमिकता दी जानी चाहिए. “मेरे लिए, मैच फिट, उत्साही, खेलने और प्रदर्शन करने के इच्छुक खिलाड़ियों को किसी भी दिन एक उच्च कुशल खिलाड़ी से पहले चुना जाना चाहिए.”  

आकाश चोपड़ा की भविष्यवाणी: आईपीएल नीलामी में कैमरन ग्रीन पर होगी सबसे बड़ी बोली

मुंबई पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने कहा है कि आईपीएल के अगले सत्र में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन सबसे महंगे खिलाड़ी हो सकते हैं। चोपड़ा का मानना है ग्रीन चोट से वापसी के बाद से ही शानदार फॉर्म में हैं जिससे वह अन्य सभी प्रतियोगियों पर भारी पड़ेंगे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में आक्रामक बल्लेबाजी कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। आईपीएल 2026 के लिए छोटी नीलामी इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में हो सकती है। चोपड़ा ने इसी को लेकर कहा, ‘मुझे लगता है कि ग्रीन नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी हो सकते हैं। चोट से वापसी के बाद से ही वह जमर रन बना रहे हैं। वह हालांकि अभी गेंदबाजी के लिए तैयार नहीं हैं पर किसी समय गेंदबाजी भी शुरू करेंगे।’  ग्रीन ने आईपीएल 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 12 मैचों में 143.25 की स्ट्राइक रेट से 255 रन बनाए थे हालांकि चोट के कारण उन्होंने आईपीएल 2025 में भाग नहीं लिया था। आकाश ने आगे कहा, ‘ग्रीन इस समय शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी कर रहे हैं पर वे अभी गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। अगर वे गेंदबाजी शुरू करते हैं और उनकी बल्लेबाजी को देखते हुए नीलामी में बड़ी रकम हासिल कर सकते हैं। टीमें उन पर काफी पैसा खर्च करना चाहेंगी।  मुझे लगता है कि यह नीलामी उनके नाम हो सकती है.’ वहीं चोपड़ा ने मुंबई इंडियंस टीम को लेकर कहा कि उसे प्रतिभाओं की पहचान करना आता है। उन्होंने कहा, ‘मुंबई इंडियंस टैलेंट पहचानने में बहुत आगे है, मैं चार नाम लेने जा रहा हूं, जो उनके पास थे. उनके पास डेवॉल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, टिम डेविड और ग्रीन थे और सभी एक ही साल में हालांकि उन्होंने बाद में इन चारों को जाने दिया। ऐसे में अब इनमें से एक भी खिलाड़ी उनके पास नहीं है. मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस को अपने विदेशी खिलाड़ियों को कुछ और समय देना था जिससे वे अपने को साबित कर पाते। ’  

पहले मैच में नहीं खेलेंगे ईशान किशन और आकाश दीप, Duleep Trophy 2025 से बाहर रहने की ये है वजह

नई दिल्ली  ईशान किशन की भारतीय टीम में वापसी हो सकती थी, लेकिन वह चोट के कारण टल गई। अब उनको एक और झटका लगा है। दलीप ट्रॉफी के पहले मैच से ईशान किशन बाहर हो गए हैं। वे ईस्ट जोन के लिए दलीप ट्रॉफी में भाग लेने वाले थे, लेकिन एक चोट के कारण वह पहले मैच का हिस्सा नहीं होंगे। इंग्लैंड में नॉटिंघमशायर के लिए क्रिकेट खेलते समय उनको चोट लगी थी, जिससे वे अभी तक पूरी तरह रिकवर नहीं हो पाए हैं। इसी चोट के कारण उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर विकेटकीपर ऋषभ पंत के चोटिल होने के बाद टेस्ट टीम में रिप्लेसमेंट के तौर पर जगह नहीं मिल पाई थी। इसके अलावा तेज गेंदबाज आकाश दीप पर भी अपडेट आया है। फिलहाल के लिए ईशान किशन की जगह ईस्ट जोन टीम में ओडिशा के आशीर्वाद स्वेन को शामिल किया गया है। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, ई-बाइक से गिरने के बाद किशन को कई टांके लगे थे और इसी वजह से उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टेस्ट के लिए चोटिल ऋषभ पंत की जगह टीम में शामिल नहीं लिया गया। तमिलनाडु के एन जगदीशन को ध्रुव जुरेल के बैकअप के तौर पर टीम में जगह दी गई थी। हालांकि, ईशान किशन की चोट अभी के लिए गंभीर नहीं है, लेकिन यह एहतियाती कदम है, क्योंकि उनको इंडिया ए के लिए दो मैच आने वाले समय में खेलने हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के दौरे पर तीन टेस्ट मैच खेलने वाले आकाश दीप को आराम करने की सलाह दी गई है। वे भी ईस्ट जोन के लिए खेलने वाले थे, लेकिन उनको आराम करने के लिए कहा है। कोई छोटी इंजरी उनको हो सकती है। चौथे टेस्ट मैच में वे चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। 3 टेस्ट मैचों में आकाश दीप ने 13 विकेट निकाले थे। नाइट वॉचमैन के तौर पर उन्होंने एक शानदार अर्धशतक भी आखिरी मैच में जड़ा था। अभिमन्यु ईश्वरन की कप्तानी वाली टीम में असम के मुख्तार हुसैन उनकी जगह लेंगे। ईस्ट जोन अपने अभियान की शुरुआत 28 अगस्त से शुरू होने वाले क्वार्टर फाइनल में शुभमन गिल की अगुवाई वाले नोर्थ जोन के खिलाफ करेगा। सभी मैच बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित सीओई में खेले जाएंगे। ऑलराउंडर रियान पराग को ईस्ट जोन का उप कप्तान बनाया गया है। टीम में दो अन्य भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार भी शामिल हैं। शमी ने पिछले दो वर्षों में केवल एक प्रथम श्रेणी मैच खेला है। दलीप ट्रॉफी के पहले मैच के लिए ईस्ट जोन टीम अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), आशीर्वाद स्वैन (विकेटकीपर), संदीप पटनायक, विराट सिंह, डेनिश दास, श्रीदाम पॉल, शरणदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रियान पराग (उप-कप्तान), उत्कर्ष सिंह, मनीषी, सूरज सिंधु जयसवाल, मुकेश कुमार, मुख्तार हुसैन और मोहम्मद शमी  

युवाओं के लिए आकाश दीप का संदेश – सफलता की चाबी है आत्मविश्वास और अनुशासन

रोहतास भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी आकाश दीप ने हाल ही में भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में बेहतर प्रदर्शन किया था। सीरीज खत्म होने के बाद वे अपने गृहराज्य बिहार पहुंचे। रोहतास में सोमवार को उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए युवाओं को सफलता का मंत्र दिया। तेज गेंदबाज आकाश दीप ने बताया, “पहले जब मैं गांव में क्रिकेट खेलता था, तो काफी मजा आता था, फिर मेरी इसमें रुचि बढ़ी। जब मेरी समझ हुई, तो इसके बारे में मैंने सोचना शुरू किया।” भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के पांचवें टेस्ट की बात करते हुए उन्होंने कहा, “इंग्लैंड सीरीज का आखिरी मैच काफी रोचक था, क्योंकि पांचों दिन कभी ऐसा नहीं लगा कि खेल किसी एक टीम के कंट्रोल में है; हर सेशन में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कभी मेजबान तो कभी मेहमान टीम के पाले में खेल जा रहा था। टेस्ट मैच का असली मजा यही है कि आखिरी दिन तक यह नहीं पता चले कि कौन जीतेगा।” युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा, “सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। नतीजे हमारे हाथ में नहीं होते, हमारे हाथ में जो चीजें हैं, हम सिर्फ वही कर सकते हैं। हमें खुद पर भरोसा रखने और मेहनत करने की जरूरत है। अनुशासित जीवन जीना चाहिए। अगर यह सभी रहेगा, तो सफलता कभी न कभी मिलेगी ही।” दाएं हाथ के मीडियम पेसर आकाश दीप ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए ‘एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी’ में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने बर्मिघम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच की दोनों पारियों को मिलाकर 10 विकेट चटकाए थे। इस मैच में टीम इंडिया ने 336 रनों से जीत दर्ज की थी। 0-1 से सीरीज में पिछड़ने के बाद टीम इंडिया की वापसी में आकाश दीप ने बेहतरीन भूमिका निभाई थी। तीसरे टेस्ट में उन्होंने एक विकेट चटकाया। वहीं, ओवल में खेले गए पांचवें टेस्ट की दूसरी पारी में 66 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी। साथ ही, दोनों पारी में एक-एक विकेट चटकाए थे। भारत ने इस मैच में भी जीत दर्ज कर सीरीज को 2-2 से बराबर किया था।  

भारतीय महिला फुटबॉल टीम का ऐतिहासिक कारनामा, एशियाई कप क्वालीफिकेशन पर मिला इनाम

यांगून  भारत की अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम ने रविवार, 10 अगस्त को यांगून के थुवुन्ना स्टेडियम में अपने अंतिम ग्रुप डी मुकाबले में मेजबान म्यांमार को 1-0 से हरा दिया. इस जीत के दम पर भारत ने दो दशकों में पहली बार एएफसी (एशियन फुटबॉल कंफेडरेशन) अंडर-20 महिला एशियाई कप के लिए क्वालीफाई किया है. भारत ने पिछली बार 2006 में एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप के लिए क्वालीफाई किया था. भारतीय महिला फुटबॉल टीम का शानदार प्रदर्शन भारत की अंडर-20 महिला टीम ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और ग्रुप डी के क्वालीफिकेशन अभियान में अपराजित रही. इस अभियान में उन्होंने इंडोनेशिया (0-0) और तुर्कमेनिस्तान (7-0) के खिलाफ मैच खेले. इसके बाद उन्होंने मेजबान म्यांमार को 1-0 हराया. इस अभियान में उन्होंने एक भी गोल नहीं खाया. एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप क्वालीफायर एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप 2026 के लिए क्वालीफायर में कुल 32 टीमें 11 स्थानों के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं. मेजबान थाईलैंड ने होस्ट होने की वजह से पहले ही क्वालीफिकेशन हासिल कर लिया है. क्वालीफायर में, टीमों को चार-चार के आठ समूहों में विभाजित किया गया है. आठ समूह विजेता और सभी समूहों में से तीन सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें मुख्य प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करेंगी, जो अगले साल अप्रैल में 1 से 18 तक एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप में आमने सामने होंगी. AIFF ने किया इनाम का ऐलान अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF ) ने अंडर-20 महिला राष्ट्रीय टीम के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 25,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 22 लाख रुपये) का इनाम देने की घोषणा की है. एआईएफएफ ने भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के सहयोग से महिला फुटबॉल में जमीनी और युवा ढांचे को मजबूत करने के लिए कई पहल की हैं. ऐसी ही एक पहल है अस्मिता महिला फुटबॉल लीग, जिसके तहत 2023 से 2025 तक देश भर में अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 स्तरों पर 155 लोगों का सफल आयोजन हुआ. 2023-24 के संस्करण में 6,305 जूनियर खिलाड़ियों ने भाग लिया, जो 2024-25 में बढ़कर 8,658 हो गई. इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, भारत में पंजीकृत महिला फुटबॉलरों की संख्या में पिछले एक साल में 232% की वृद्धि हुई है. AIFF भारतीय खिलाड़ियों की हर संभव मदद करेगी एआईएफएफ ने एक बयान में कहा, "भविष्य को देखते हुए, एआईएफएफ अप्रैल 2026 में थाईलैंड में होने वाले एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप 2026 के लिए सर्वोत्तम संभव तैयारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. महासंघ विस्तारित प्रशिक्षण शिविरों की सुविधा प्रदान करने और टीम के लिए उच्च-गुणवत्ता वाला अंतर्राष्ट्रीय अनुभव सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम करेगा.' फेडरेशन ने आगे कहा, 'महासंघ का उद्देश्य न केवल खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के माध्यम से शारीरिक और मानसिक रूप से फिट बनाना है, बल्कि उन्हें एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खेलने के लिए तैयार करना भी है. एआईएफएफ के लिए तैयारी मैच खेलने के लिए अच्छे प्रतिद्वंद्वियों की व्यवस्था करने के अवसरों पर भी विचार किया जा रहा है.'

पाकिस्तान को झटका, वेस्टइंडीज ने दूसरा वनडे जीतकर सीरीज में की बराबरी

नईदिल्ली  रोस्टन चेज के हरफनमौला प्रदर्शन और शेरफेन रदरफोर्ड की तेज पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को दूसरे वनडे में पांच विकेट हरा दिया. पहले मैच में मेजबान को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. तीन मैचों की सीरीज अब 1-1 से बराबर हो गई है. इस वजह से सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच 12 अगस्त को खेला जाएगा. खास बात ये है कि कैरेबियाई टीम छह साल बाद पाकिस्तान को वनडे में हराने में कामयाब हुआ. वेस्टइंडीज ने छह साल बाद वनडे में पाकिस्तान को हराया कैरेबियाई टीम ने आखिरी बार 2019 विश्व कप में सरफराज अहमद की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम को सात विकेट से हराया था. इसके बाद, दोनों देशों ने 2022 में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली, जिसमें पाकिस्तान ने विपक्षी टीम पर क्लीन स्वीप किया. अब, सीरीज का पहला मैच हारने के बाद, वेस्टइंडीज ने मेहमान टीम पर आसान जीत के साथ वापसी की. चेज और रदरफोर्ड ने जीत में अहम भूमिका निभाई बारिश से प्रभावित दूसरे मैच में 35 ओवरों में 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोस्टन चेज ने 47 गेंदों में 49 रनों की पारी खेली. जबकि रदरफोर्ड ने 33 गेंदों में 45 रन बनाकर पारी को गति प्रदान की और वेस्टइंडीज ने पांच गेंद शेष रहते मैच जीत लिया. इससे पहले वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. सलामी बल्लेबाज साइम अयूब और अब्दुल्ला शफीक ने पावरप्ले में बाउंड्री लगाई, लेकिन बीच में कई डॉट बॉल भी रहीं. पाकिस्तान नियमित अंतराल पर विकेट गंवाता रहा, और इसलिए रन बनाना उनके लिए एक समस्या बन गया. टीम 37 ओवरों में केवल 171/7 रन ही बना पाई. लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले चार ओवरों में ही सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग (1) और एविन लुईस (7) के विकेट गंवा दिए. हालांकि, शाई होप (32), रदरफोर्ड (45) और चेज (नाबाद 49) ने उपयोगी पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई. चेज को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला, जिससे टीम पाकिस्तान पर जीत हासिल करने में सफल रही.

एशिया कप काउंटडाउन: हार्दिक का टेस्ट बाकी, सूर्या की ट्रेनिंग जारी, 9 सितंबर से खेला जाएगा टूर्नामेंट

मुंबई  एशिया कप 2025 अगले महीने की 9 तारीख से शुरू होगी और इसका खिताबी मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा. एशिया कप इस बार संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो शहरों दुबई और अबूधाबी में होना है. इस टूर्नामेंट में 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाना है, जिसपर सभी की निगाहें हैं. एशिया कप 2025 से पहले भारतीय टीम की टेंशन बढ़ चुकी हैं. टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव अब तक पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं और वो बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैब कर रहे हैं. सूर्यकुमार यादव को पूरी तरह फिट होने में अभी कम से कम एक हफ्ता और लग सकता है. सूर्यकुमार ने जर्मनी में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी कराई थी. इसके चलते वो क्रिकेटिंग एक्शन से दूर हैं. उधर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिटनेस सवालों के दायरे में है. हार्दिक पंड्या फिटनेस टेस्ट देने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पहुंचे हैं. TOI की रिपोर्ट के मुताबिक हार्दिक फिटनेस टेस्ट 11 और 12 अगस्त को होगा. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की समाप्ति के बाद हार्दिक पंड्या क्रिकेटिंग एक्शन से दूर थे, हालांकि उन्होंने एक महीने पहले ही ट्रेनिंग शुरू कर दी थी. हार्दिक ने इंस्टाग्राम पर लिखा था, 'एनसीए की एक छोटी सी ट्रिप.' हार्दिक पांड्या के फिटनेस टेस्ट पर सभी की नजरें कप्तान सूर्यकुमार यादव अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं, उन्हें ठीक होने में करीब 1 हफ्ते का समय और लगेगा और फिर वह मैच के लिए कब फिट होंगे? ये भी देखना दिलचस्प होगा. इस बीच एक सवाल ये भी है कि अगर सूर्या फिट नहीं हुए तो टीम इंडिया की कप्तानी कौन करेगा? दावेदारों में हार्दिक पांड्या भी मजबूत है. ऐसे में पांड्या का फिटनेस टेस्ट काफी महत्वपूर्ण होने वाला है, जो आज सोमवार और मंगलवार को होगा. टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार 27 और 29 जुलाई को श्रेयस अय्यर का फिटनेस टेस्ट हुआ था, जिन्होंने इस साल पंजाब किंग्स को अपनी कप्तानी में फाइनल तक पहुंचाया था. हालांकि दिसंबर, 2023 से उन्होंने कोई अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैच नहीं खेला है. इसलिए देखना दिलचस्प होगा कि क्या अय्यर को एशिया कप के स्क्वॉड में जगह मिलती है या नहीं? एशिया कप में 3 बार हो सकती है IND vs PAK भिड़ंत भारतीय टीम एशिया कप के ग्रुप ए में शामिल हैं, जिसमें उनके साथ पाकिस्तान, यूएई और ओमान हैं. भारत और पाकिस्तान के बीच मैच 14 सितंबर को है, जो तय है. पूरी संभावना है कि ग्रुप ए से भारत और पाकिस्तान ही सुपर 4 में जाएंगी, इसलिए एक टक्कर वहां देखने को मिल सकती है. अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंची तो सितंबर में हमें कुल 3 बार भारत बनाम पाकिस्तान मैच देखने को मिलेगा. एशिया कप में भारत के मैचों की डिटेल     10 सितंबर- बनाम यूएई (दुबई)- शाम 7:30 बजे से शुरू     14 सितंबर- बनाम पाकिस्तान (दुबई)- शाम 7:30 बजे से शुरू     19 सितंबर- बनाम ओमान (आबू धाबी)- शाम 7:30 बजे से शुरू. श्रेयस अय्यर की वापसी तय! स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की एशिया कप के लिए भारतीय टी20 टीम में वापसी हो सकती है. श्रेयस अय्यर 27 से 29 जुलाई के दौरान फिटनेस टेस्ट पास कर चुके हैं. श्रेयस अय्यर ने दिसंबर 2023 के बाद से कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है, लेकिन भारतीय चयनकर्ता उनके अनुभव और क्लास को देखते हुए टी20 टीम में शामिल कर सकते हैं. घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते श्रेयस अय्यर का दावा मजबूत नजर आ रहा है. एशिया कप 2025 में कुल आठ टीमें भाग लेने जा रही हैं. इस टूर्नामेंट के लिए हार्दिक पांड्या की मौजूदगी काफी अहम होगी. हार्दिक आक्रामक बल्लेबाजी, धारदार सीम बॉलिंग और बेहतरीन फील्डिंग के लिए जाने जाते हैं. उनकी फिटनेस पर कड़ी नजर रखी जा रहगी है क्योंकि भारतीय टीम मैनेजमेंट उनसे तीनों डिपार्टमेंट में अपना 100 प्रतिशत देने की अपेक्षा रखती है. भारतीय चयनकर्ता एशिया कप के लिए टीम का ऐलान करने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन इसी बीच सभी की नजरें हार्दिक पांड्या की फिटनेस और सूर्यकुमार यादव की रिकवरी पर टिकी हैं. ये दोनों भारत के लिए एक बार फिर एशिया कप खिताब जीतने की राह में गेमचेंजर साबित हो सकते हैं. एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान अगस्त के तीसरे हफ्ते में किया जा सकता है.

एशिया कप: टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज की दौड़ में ये 5 खिलाड़ी शामिल

दुबई  एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 9  से 28 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो शहरों अबूधाबी और दुबई में खेला जाएगा. चूंकि एशिया कप 2025 टी20 फॉर्मेट में होगा, ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली इस टूर्नामेंट का पार्ट नहीं होंगे. कोहली और रोहित ने 2024 में वर्ल्ड कप जीत के बाद टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था. एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान अब तक नहीं हुआ है. टीम की घोषणा अगस्त के तीसरे हफ्ते में हो सकती है. इस बार भारतीय चयनकर्ताओं को टीम चुनने के लिए काफी माथापच्ची करनी पड़ेगी. सेलेक्टर्स को सबसे ज्यादा मशक्कत ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर करनी होगी. ये देखना होगा कि एशिया कप में ओपनिंग स्लॉट के लिए किन-किन खिलाड़ियों के नाम फाइनल होते हैं. वैसे पांच खिलाड़ी ओपनिंग स्लॉट के लिए रेस में बताए जा रहे हैं, जिनमें से दो के नाम फाइनल हो सकते हैं. जबकि एक को रिजर्व ओपनर के तौर पर स्क्वॉड में चुना जा सकता है. अभिषेक शर्मा: इस युवा बल्लेबाज ने टी20 क्रिकेट में बहुत कम समय में अपनी छाप छोड़ी है. अभिषेक आईसीसी की टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप पर मौजूद हैं. अभिषेक अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, साथ ही वो गेंद से भी उपयोगी साबित हो सकते हैं. अभिषेक का सेलेक्शन पक्का दिख रहा है. अभिषेक ने भारत के लिए 17 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 535 रन बनाए, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे. यशस्वी जायसवाल: बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो शतक जड़े थे. साथ ही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए बेहतरीन फॉर्म में रहे थे. अभिषेक शर्मा की तरह यशस्वी भी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. यशस्वी ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला जुलाई 2024 में खेला था, लेकिन इस बड़े टूर्नामेंट के लिए उनकी टीम में वापसी हो सकती है. यशस्वी ने भारत के लिए 23 टी20 मैचों में 723 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और पांच अर्धशतक शामिल रहे. संजू सैमसन: टी20 इंटरनेशनल में बतौर ओपनर संजू सैमसन तीन शतक जड़ चुके हैं. आक्रामक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग दोनों में वो भारत के लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं.  हालांकि संजू के फॉर्म में उतनी निरंतरता देखने को नहीं मिली है, जो उनके खिलाफ जाती है. वैसे अच्छी बात ये है कि संजू सैमसन एक विकेटकीपर हैं, जिससे उनका सेलेक्शन का दावा मजबूत होता है. संजू ने अब तक भारत के लिए 42 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 861 रन बनाए हैं. शुभमन गिल: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शुभन गिल ने जैसा प्रदर्शन किया था, ऐसे में उन्हें एशिया कप के लिए इग्नोर करना मुश्किल होगा. शुभमन आखिरी बार भारत के लिए जुलाई 2024 में टी20 क्रिकेट खेलते नजर आए थे. अब उनकी वापसी हो जाए तो किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए. शुभमन व्हाइट बॉल क्रिकेट में ओपनिंग करते आए हैं, ऐसे में उन्हें बतौर ओपनर एशिया कप के लिए टीम में जगह मिल सकती है. शुभमन ने 21 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 578 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल रहे. साई सुदर्शन: बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन भी एक तगड़े दावेदार हैं. सुदर्शन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में सबसे ज्यादा 759 रन बनाए थे, जो क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में उनकी निरंतरता को बयां करता है. हालांकि सुदर्शन को भारत के लिए अब तक सिर्फ एक टी20 मुकाबले में भाग लेने का मौका मिला है, जो पिछले साल जुलाई में जिम्बाब्वे के विरुद्ध था. उस मुकाबले में हालांकि सुदर्शन की बैटिंग नहीं आई थी. बता दें कि एशिया कप 2025 में कुल 8 टीमें भाग लेने वाली हैं, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप-ए में भारत को पाकिस्तान, यूएई और ओमान के साथ रख गया है. जबकि ग्रुप बी में श्रीलंका, हॉन्ग कॉन्ग, बांग्लादेश और अफगानिस्तान हैं. दोनों ग्रुप से शीर्ष दो-दो टीमें सुपर 4 चरण में पहुंचेंगी. फिर सुपर 4 स्टेज में टॉप पर रहने वाली दो टीमों के बीच 28 सितंबर को खिताबी मुकाबला होगा.