samacharsecretary.com

मलेशिया मास्टर्स में भारतीय चुनौती को झटका, मालविका-अश्मिता ने बचाई लाज

कुआलालंपुर  भारत के लिए मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 में निराशाजनक दिन में मालविका बंसोड़ और अश्मिता चालिहा ही उम्मीद की किरण बनकर उभरीं, जिन्होंने महिला सिंगल्स में अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज करते हुए दूसरे दौर में जगह बनाई। एसीएल (एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट) चोट से उबरने के बाद वापसी कर रही मालविका ने जर्मनी की दुनिया की 52वें नंबर की खिलाड़ी यवोन ली को 21-17, 16-21, 21-9 से शिकस्त दी। वहीं, अश्मिता ने इंडोनेशिया की दुनिया की 56वें नंबर की खिलाड़ी थालिता रमाधनी विरियावान पर 21-16, 21-13 से आसान जीत दर्ज की। मालविका और अश्मिता के आने वाले मुकाबले अब मालविका डेनमार्क की आठवीं वरीय लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ट से भिड़ेंगी जबकि अश्मिता का सामना मलेशिया की गोह जिन वेई से होगा। पुरुष सिंगल्स में भारत के सबसे होनहार खिलाड़ी और आठवें वरीय लक्ष्य सेन को इंडोनेशिया के दुनिया के 38वें नंबर के खिलाड़ी मोहम्मद जकी उबैदुल्लाह के विरुद्ध 17-21, 11-21 से उलटफेर का सामना करना पड़ा जिससे वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए। विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय को भी जापान के छठे वरीय कोदाई नाराओका के विरुद्ध 80 मिनट तक चले मुकाबले में 17-21, 22-20, 22-24 से हार का सामना करना पड़ा। किरण जार्ज फ्रांस के सातवें वरीय एलेक्स लानियर के विरुद्ध 15-21, 1-6 से पिछड़ने के बाद रिटायर हो गए।

मैनचेस्टर सिटी की चूक से आर्सेनल ने जीता EPL 2026 का खिताब

लंदन  आर्सेनल का 22 वर्षों से चला आ रहा इंतजार अंतत: खत्म हो गया। मंगलवार रात मैनचेस्टर सिटी और बोर्नमाउथ के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ होने के साथ ही मिकेल आर्टेटा की टीम ने इंग्लिश प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। इस परिणाम के साथ आर्सेनल ने तालिका में चार अंकों की अजेय बढ़त हासिल कर ली, जिसे अंतिम मुकाबले में भी मैनचेस्टर सिटी पार नहीं कर सकती। क्लब ने 2004 के बाद पहली बार प्रीमियर लीग ट्रॉफी जीती है। आर्सेनल फैंस ने मनाया जोरदार जश्‍न खिताब पक्का होते ही लंदन स्थित एमिरेट्स स्टेडियम के बाहर हजारों प्रशंसकों ने जश्न मनाया। समर्थकों ने आतिशबाजी की, फ्लेयर्स जलाए और सड़कों पर देर रात तक उत्सव चलता रहा। टीम के खिलाड़ी भी ट्रेनिंग ग्राउंड में एकत्र होकर सिटी और बोर्नमाउथ का मैच देख रहे थे। आर्सेनल के मिडफील्डर डेक्लान राइस ने इंटरनेट मीडिया पर टीम की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, मैंने आप सबसे कहा था काम पूरा हो गया। सिटी से हुई चूक मैनचेस्टर सिटी को खिताबी दौड़ बनाए रखने के लिए बोर्नमाउथ को हराना जरूरी था, लेकिन टीम ऐसा नहीं कर सकी। जूनियर क्राउपी ने पहले हाफ में बोर्नमाउथ को बढ़त दिलाई। इसके बाद एर्लिंग हालैंड ने इंजरी टाइम में बराबरी का गोल जरूर किया, लेकिन जीत दिलाने वाला दूसरा गोल नहीं आ सका। इस ड्रॉ के साथ पेप गार्डियोला की टीम की उम्मीदें समाप्त हो गईं। माना जा रहा है कि यह गार्डियोला का सिटी के साथ अंतिम सीजन हो सकता है। हालांकि उन्होंने भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया। गार्डियोला ने कहा, मुझे पहले क्लब चेयरमैन से बात करनी होगी। अगले कुछ दिनों में फैसला होगा। आर्टेटा ने बदला आर्सेनल का भाग्य मिकेल आर्टेटा के लिए यह सफलता बेहद खास है। पिछले तीन सीजन में उनकी टीम लगातार उपविजेता रही थी। 2023 और 2024 में मैनचेस्टर सिटी ने अंतिम दौर में आर्सेनल को पीछे छोड़कर खिताब जीता था, जबकि पिछले वर्ष लिवरपूल चैंपियन बना था। दिसंबर 2019 में आर्सेनल की कमान संभालने वाले आर्टेटा का यह पहला लीग खिताब है। 44 वर्षीय स्पेनिश कोच प्रीमियर लीग जीतने वाले जोस मोरिन्हो के बाद दूसरे सबसे युवा मैनेजर बन गए हैं। आर्सेनल ने इस सीजन शानदार रक्षात्मक खेल के दम पर सफलता हासिल की। टीम ने लीग में सबसे मजबूत डिफेंस दिखाया और सेट-पीस गोलों में विशेष महारत दिखाई। 'इनविंसिबल्स' के बाद पहली बार चैंपियन आर्सेनल ने आखिरी बार 2004 में प्रीमियर लीग जीती थी, जब आर्सेन वेंगर की मशहूर 'इनविंसिबल्स' टीम पूरे सीजन में एक भी मैच नहीं हारी थी। उसके बाद चेल्सी, मैनचेस्टर युनाइटेड, मैनचेस्टर सिटी, लीसेस्टर सिटी और लिवरपूल जैसी टीमों ने खिताब जीते। 2017 के बाद यह पहला मौका है जब सिटी या लिवरपूल के अलावा किसी अन्य क्लब ने लीग ट्रॉफी अपने नाम की है। यह आर्सेनल का कुल 14वां इंग्लिश लीग खिताब है।  

IPL 2026: शुभमन गिल-साई सुदर्शन की चुनौती, CSK के लिए करो या मरो मुकाबला

 अहमदाबाद प्लेऑफ में पहले ही अपनी जगह सुरक्षित कर चुकी गुजरात टाइटन्स की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ गुरुवार को आईपीएल के 66वें मैच में उतरेगी। गुजरात टाइटन्स अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखकर अंक तालिका में टॉप-2 में जगह पक्की करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। लीग चरण में शीर्ष दो स्थानों पर रहने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने के दो अवसर मिलते हैं। गुजरात टाइटंस अभी 16 अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (18 अंक) पहले स्थान पर है। इन दोनों के अलावा सनराइजर्स हैदराबाद (16 अंक) भी शीर्ष दो में जगह बनाने की दौड़ में है। इन तीनों टीम ने पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अगर गुजरात टाइटंस सीएसके की खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करता है तो वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के (+1.065) नेट रन रेट से भी आगे निकल सकता है। अगर सनराइजर्स अपने आखिरी लीग मैच में आरसीबी को हरा देता है तो पहले दो स्थान के लिए फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। अभी गुजरात टाइटंस का नेट रन रेट (+0.400) है जो सनराइजर्स (+0.350) से बेहतर है। पिछले मैच में सनराइजर्स के हाथों हार के कारण सीएसके की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं। ऐसे में पांच बार की पूर्व चैंपियन सीएसके सत्र के अपने संभावित अंतिम मैच में प्रतिष्ठा बचाने की कोशिश करेगी। बाहर होने की कगार पर सीएसके ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है और प्लेऑफ में अंतिम स्थान के लिए दावेदारी में बने रहने के लिए उसे गुजरात के खिलाफ जीत के साथ अन्य मैचों के परिणाम भी अपने अनुकूल रहने के लिए प्रार्थना करनी होगी। नरेन्द्र मोदी स्टेडियम की पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के लिए अनुकूल पिच पर होने वाले इस मुकाबले से पहले टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल और उनके सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन शानदार फॉर्म में हैं। सीएसके के गेंदबाजों के लिए उन पर अंकुश लगाना बड़ी चुनौती होगी। गुजरात टाइटन्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2026 में आज के मैच की पिच रिपोर्ट अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां की तेज आउटफील्ड की वजह से बल्लेबाज आसानी से बड़े शॉट खेल पाते हैं और इस मैदान पर कई हाई स्कोर वाले मैच भी देखने को मिले हैं। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआत में थोड़ी मदद मिल सकती है। शुरुआती ओवर बल्लेबाजों के लिए काफी अहम होंगे। इन परिस्थितियों को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। टीम इस प्रकार हैं:- चेन्नई सुपर किंग्स:- ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी (विकेटकीपर), कार्तिक शर्मा (विकेटकीपर), सरफराज खान, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अमन खान, शिवम दुबे, डियान फॉरेस्टर, जैक फॉल्क्स, अंशुल कंबोज, मैकनील नोरोन्हा, मैथ्यू शॉर्ट, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, श्रेयस गोपाल, गुरजापनीत सिंह, मैट हेनरी, अकील हुसैन, स्पेंसर जॉनसन, आकाश मधवाल, मुकेश चौधरी, नूर अहमद, कुलदीप यादव। गुजरात टाइटन्स:– शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत (विकेटकीपर), अरशद खान, अशोक शर्मा, जोस बटलर (विकेटकीपर), कॉनर एस्टरहुइज़न, गुरनूर बराड़, जेसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, ग्लेन फिलिप्स, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, राशिद खान, साई किशोर, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, ईशांत शर्मा, निशांत सिंधु, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, ल्यूक वुड, जयंत यादव।  

KKR ने मुंबई इंडियंस को रौंदा, ईडन गार्डन्स में मिली दमदार जीत

नई दिल्ली  गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को हरा दिया है। इस जीत के साथ कोलकाता प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। मुंबई की बल्लेबाजी मुकाबले में फ्लॉप रही और 20 ओवर में 147 रन ही बना सकी, जिसकी वजह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। कोलकाता ने मुकाबले में जीत के साथ ही मुंबई से अपना बदला पूरा कर लिया है। इससे पहले वानखेड़े में खेले गए मुकाबले में मुंबई ने कोलकाता को हराया था और अब केकेआर ने उस हार का बदला ले लिया है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली टीम ने मैच में 4 विकेट से जीत हासिल की। पावरप्ले में चौका कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, जो कारगर साबित हुआ। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने स्पिनर अनुकूल रॉय से गेंदबाजी की शुरुआत कराई, हालांकि पहला कमाल तीसरा ओवर डालने आए कैमरन ग्रीन ने किया। उन्होंने पहले शानदार फॉर्म में चल रहे रयान रिकल्टन (06) व उसके बाद नमन धीर (00) को पवेलियन लौटाकर मुंबई को दोहरा झटका दिया। इसके बाद तेज गेंदबाज सौरभ दुबे ने रोहित शर्मा (15) व सूर्यकुमार यादव (15) को आउट कर मुंबई की परेशानी बढ़ा दी। मुंबई ने इस सत्र में पहली बार पावरप्ले में चार विकेट गंवाए और इसमें मात्र 46 रन ही जोड़ पाई। मुंबई का इस सत्र में यह दूसरा न्यूनतम स्कोर भी है। सबसे कम स्कोर चेन्नई के विरुद्ध 104 रन का है। रोहित, सूर्या, हार्दिक सब फ्लॉप कोलकाता के गेंदबाजों के आगे रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रयान रिकल्टन व हार्दिक पांड्या जैसे धाकड़ बल्लेबाजों की एक न चल पाई। पुछल्ले बल्लेबाज कॉर्बिन बॉश ने अगर 18 गेंदों पर अविजित 32 रनों की पारी न खेली होती तो मुंबई 140 का आंकड़ा भी पार न कर पाती। मुंबई का कोई बल्लेबाज अर्धशतक तक न जड़ पाया। मुंबई की पारी में मात्र 11 चौके व आठ छक्के लगे। बारिश ने रोक दी थीं सांसें कोलकाता में बुधवार दोपहर तक कड़ी धूप निकली हुई थी लेकिन शाम होते-होते आसमान में काले बादल घिरने लगे और बारिश शुरू हो गई। इससे कोलकाता खेमा चिंता में पड़ गया था। कारण बारिश के कारण मैच रद होने पर अंक बांटने पड़ते, जिसका मतलब था, उसका खिताबी दौड़ से बाहर हो जाना। इससे पहले ईडन में पंजाब के विरुद्ध मैच बारिश के कारण धुल चुका था। बारिश के कारण शाम 4.30 बजे तक ईडन की पिच समेत पूरे ग्राउंड को ढंककर रखा गया था। बारिश हालांकि थोड़ी देर बाद रुक गई और मैच निर्धारित समय पर ही शुरू हुआ, हालांकि आठ ओवर का खेल समाप्त होते ही फिर से बारिश शुरू हो गई। कोलकाता टीम फिर चिंता में पड़ गई क्योंकि वह बहुत बेहतर स्थिति में थी। उस वक्त तक मुंबई के 57 रन पर चार विकेट गिर चुके थे, हालांकि इस बार भी बारिश थोड़ी देर में ही रुक गई। करीब एक घंटे के व्यवधान के बाद रात 9.15 बजे खेल फिर शुरू हुआ और ओवर में कोई कटौती नहीं की गई। कोलकाता के गेंदबाजों का कमाल इस 'करो या मरो' का मैच खेलने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स ने सधी हुई गेंदबाजी के बूते मुंबई इंडियंस को आठ विकेट पर 147 रनों पर रोक दिया। कैमरन ग्रीन, सौरव दुबे व कार्तिक त्यागी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो -दो विकेट चटकाए, वहीं सुनील नरेन वरुण चक्रवर्ती ने भी बेहद किफायती गेंदबाजी की। नरेन ने एक विकेट चटकाया। कोलकाता की खराब शुरुआत एमआई के द्वारा दिए गए 148 रनों लक्ष्य के जवाब में कोलकाता ने भी खराब शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज फिन एलन (08), जो शानदार फॉर्म में थे, वे पहले ही ओवर में आउट हो गए। इसके बाद अजिंक्य रहाणे और सीजन का पहला मैच खेल रहे मनीष पांडे ने मोर्चा संभाला। दोनों पारी को आगे बढ़ा रहे थे लेकिन कॉर्बिन बॉश ने रहाणे (21) को अपना शिकार बनाया। केकेआर ने पावरप्ले में 2 विकेट के नुकसान पर 51 रन बना लिए थे। कोलकाता ने जीता मुकाबला मनीष पांडे सीजन का पहला मुकाबला खेल रहे थे और संकट में फंसी कोलकाता के वो संकटमोचक बने। पांडे अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर से और 45 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद रोवमैन पॉवेल (40) रन बनाकर आउट हो गए। केकेआर ने मैच में 4 विकेट से जीत हासिल की और प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। कोलकाता के लिए रिंकू सिंह ने विनिंग शॉट खेला और 9 रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए मुश्किलें बढ़ी पंजाब किंग्स की टीम भी 13 अंकों पर है और कोलकाता के भी उतने ही अंक हो गए हैं। ऐसे में पंजाब को उम्मीद होगी कि कोलकाता अपना आखिरी मैच हारे या फिर उनका रन रेट केकेआर से बेहतर रहे। इसके अलावा राजस्थान की किस्मत उनके हाथों में है लेकिन उन्हें अपना आखिरी मैच जीतना होगा। अगर उन्हें जीत नहीं मिलती है, तो उम्मीद करनी होगी कि कोलकाता और पंजाब दोनों ही अपना आखिरी मैच हारें।  

उम्र सिर्फ 15 साल, लेकिन बल्लेबाजी में तूफान! वैभव सूर्यवंशी के आंकड़ों ने उड़ाए होश

जयपुर  वैभव सूर्यवंशी… IPL 2026 का वह नाम, जिसने सिर्फ रन नहीं बनाए, बल्कि अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पूरे टूर्नामेंट की धड़कन बदल दी है. मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 38 गेंदों में 93 रन की तूफानी पारी खेलकर इस 15 साल के बल्लेबाज ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह सिर्फ उभरता सितारा नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सुपरस्टार बनने की राह पर है. राजस्थान रॉयल्स ने इस मुकाबले को पांच गेंदें बाकी रहते 7 विकेट से जीतकर प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाया, लेकिन मैच खत्म होने के बाद चर्चा सिर्फ और सिर्फ वैभव सूर्यवंशी की हो रही थी।  – 93 रन… वो भी सिर्फ 38 गेंदों में – 7 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के – स्ट्राइक रेट 244.73 ऑरेंज कैप की रेस में भी वैभव सूर्यवंशी ने बड़ा धमाका कर दिया है. 13 मैचों में 579 रन बनाकर वह IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं और फिलहाल ऑरेंज कैप उन्हीं के सिर पर सजी है. खास बात यह है कि उनका स्ट्राइक रेट 236.32 का है, जो टॉप रन स्कोरर्स में सबसे ज्यादा है।  ये आंकड़े किसी वीडियो गेम जैसे लगते हैं, लेकिन वैभव इसे लगातार मैदान पर सच साबित कर रहे हैं. IPL 2026 में अब तक उनके बल्ले से 53 छक्के निकल चुके हैं, जो किसी भी T20 टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा हैं. उनसे आगे सिर्फ यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल हैं, जिन्होंने IPL 2012 में 59 छक्के लगाए थे. यानी अब वैभव और इतिहास के बीच सिर्फ 7 छक्कों की दूरी बची है।  क्रिस गेल का 2012 वाला IPL सीजन आज भी T20 क्रिकेट के सबसे विस्फोटक सीजन में गिना जाता है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए खेलते हुए गेल ने उस सीजन 15 मैचों में 733 रन बनाए थे और पूरे टूर्नामेंट में 59 छक्के जड़ दिए थे. यही IPL इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है, जिस पर अब वैभव सूर्यवंशी की नजर टिक चुकी है।  सबसे खास बात यह है कि वैभव की बल्लेबाजी में सिर्फ ताकत नहीं, बल्कि स्वाभाविक आक्रामकता और असाधारण टाइमिंग दिखाई देती है. कई युवा बल्लेबाज बड़े शॉट खेलने के चक्कर में तकनीक खो देते हैं, लेकिन वैभव के खेल में संतुलन है. वह सिर्फ स्लॉग नहीं करते, बल्कि गेंदबाज की लाइन-लेंथ पढ़कर उसे मानसिक दबाव में डाल देते हैं. यही वजह है कि दुनिया के बड़े-बड़े गेंदबाज भी उनके सामने अपनी योजना बदलने को मजबूर हो रहे हैं।  लखनऊ के खिलाफ उनकी पारी इसका सबसे बड़ा उदाहरण थी. शुरुआत से ही उन्होंने संकेत दे दिया था कि वह मैच को लंबा नहीं खींचेंगे. पावरप्ले में जिस तरह उन्होंने तेज गेंदबाजों को पुल और फ्लिक से निशाना बनाया, उसने विपक्षी कप्तान की रणनीति बिगाड़ दी. स्पिनर्स आए तो वैभव ने कदमों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें लॉन्ग ऑन और मिडविकेट के ऊपर से उड़ाना शुरू कर दिया. उनकी बल्लेबाजी में डर बिल्कुल नहीं दिखता. यही निडरता उन्हें बाकी युवा खिलाड़ियों से अलग बनाती है।  आज के दौर में T20 क्रिकेट सिर्फ रन बनाने का खेल नहीं रह गया है, बल्कि मनोरंजन का सबसे बड़ा मंच बन चुका है. ऐसे में वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी किसी फ्रेंचाइजी के लिए सोने की खान साबित होते हैं. वह क्रीज पर आते ही मैच का टेंपो बदल देते हैं. स्टेडियम में शोर बढ़ जाता है, टीवी TRP ऊपर चली जाती है और सोशल मीडिया पर क्लिप्स वायरल होने लगती हैं.यही कारण है कि क्रिकेट विशेषज्ञ उन्हें IPL 2026 का सबसे रोमांचक खिलाड़ी बता रहे हैं।  राजस्थान रॉयल्स के लिए भी वैभव किसी वरदान से कम नहीं रहे. टीम ने इस सीजन कई करीबी मुकाबले जीते हैं और लगभग हर बड़ी जीत में वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी निर्णायक रही है. उनका प्रभाव सिर्फ स्कोरबोर्ड तक सीमित नहीं है. जब एक बल्लेबाज 15-20 गेंदों में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखता हो, तो विपक्षी टीम शुरुआत से दबाव में आ जाती है. यही मानसिक बढ़त राजस्थान को बाकी टीमों से अलग बना रही है।  वैभव की तुलना अब क्रिस गेल जैसे दिग्गजों से होने लगी है. हालांकि दोनों की शैली अलग है. गेल ताकत और लंबे छक्कों के लिए मशहूर थे, जबकि वैभव की बल्लेबाजी में आधुनिक T20 क्रिकेट की गति, एंगल और इनोवेशन दिखता है. वह रैंप शॉट भी खेलते हैं, पिकअप पुल भी लगाते हैं और स्पिनर्स के खिलाफ अंदर-बाहर दोनों तरफ से छक्के मार सकते हैं. यही बहुमुखी प्रतिभा उन्हें भविष्य का ग्लोबल T20 स्टार बना सकती है।  दिलचस्प बात यह है कि वैभव की उम्र को लेकर भी लगातार चर्चा हो रही है. इतनी कम उम्र में इस स्तर का आत्मविश्वास और मैच अवेयरनेस बेहद दुर्लभ मानी जाती है. आमतौर पर युवा खिलाड़ी बड़े मंच पर दबाव में आ जाते हैं, लेकिन वैभव जितना बड़ा मंच होता है, उतना ही खतरनाक खेलते नजर आते हैं. यही सुपरस्टार खिलाड़ियों की पहचान होती है।  अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वैभव सूर्यवंशी क्रिस गेल का 59 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे? मौजूदा फॉर्म को देखते हुए जवाब ‘हां’ की तरफ झुकता नजर आता है. राजस्थान रॉयल्स अगर प्लेऑफ में पहुंचती है, तो उनके पास रिकॉर्ड तोड़ने के लिए पर्याप्त मैच होंगे. और जिस लय में वैभव बल्लेबाजी कर रहे हैं, वहां 7 छक्के कोई बड़ी दूरी नहीं लगती।  लेकिन आंकड़ों और रिकॉर्ड्स से परे, वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि उन्होंने क्रिकेट प्रेमियों को उत्साहित कर दिया है. लोग अब सिर्फ राजस्थान रॉयल्स का मैच नहीं देखते, बल्कि वैभव की बल्लेबाजी देखने के लिए टीवी ऑन करते हैं. यही किसी खिलाड़ी की असली स्टार वैल्यू होती है।  IPL 2026 में कई बड़े नाम खेले, कई कप्तानों ने सुर्खियां बटोरीं, लेकिन जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा रोमांच पैदा किया, वह वैभव सूर्यवंशी हैं. अगर उनका बल्ला इसी तरह गरजता रहा, तो आने वाले दिनों में सिर्फ गेल का रिकॉर्ड ही नहीं टूटेगा, बल्कि भारतीय क्रिकेट को एक नया ग्लोबल सुपरस्टार भी मिल सकता है। 

पाकिस्तान को 2-0 से हराकर बांग्लादेश ने लगाई लंबी छलांग, WTC रैंकिंग में टीम इंडिया को पीछे छोड़ा

 नई दिल्ली टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में बड़ा नुकसान हुआ है. बांग्लादेश राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से हराकर अंक तालिका में भारत को पीछे छोड़ दिया है. ताजा रैंकिंग में बांग्लादेश पांचवें और भारत छठे स्थान पर पहुंच गया है।  बांग्लादेश ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 104 रनों से हराया था. इसके बाद दूसरे टेस्ट में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 78 रनों से जीत दर्ज की और सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया. इस जीत के साथ बांग्लादेश के चार टेस्ट मैचों में दो जीत, एक हार और एक ड्रॉ के बाद 58.33 प्रतिशत अंक हो गए हैं।  वहीं, भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खाते में 9 टेस्ट मैचों के बाद 48.15 प्रतिशत अंक हैं. भारतीय टीम ने अब तक चार मुकाबले जीते हैं, चार में हार मिली है, जबकि एक टेस्ट ड्रॉ रहा है. शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने इस साल अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है।  भारत ने डब्ल्यूटीसी के पहले दो संस्करणों के फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन मौजूदा चक्र में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. भारत को घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 0-2 से टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी थी. इसके अलावा इंग्लैंड दौरे पर भी टीम को दो हार मिली थीं, हालांकि पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म हुई थी।  अब एशियाई टीमों में भारत सिर्फ पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम से ऊपर है. हालांकि टीम इंडिया के पास वापसी का मौका रहेगा. भारत 6 जून से अफगानिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगा, लेकिन यह मुकाबला डब्ल्यूटीसी चक्र का हिस्सा नहीं होगा।  इसके बाद भारतीय टीम इस साल श्रीलंका और न्यूजीलैंड के दौरे पर दो-दो टेस्ट मैच खेलेगी. वहीं 2027 में घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अहम टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।  दूसरी ओर, पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की स्थिति और खराब हो गई है. पाकिस्तान ने मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में चार टेस्ट मैचों में सिर्फ एक जीत हासिल की है और टीम आठवें स्थान पर बनी हुई है. दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान 437 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 358 रनों पर ऑलआउट हो गया।  डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर कायम है. ऑस्ट्रेलिया ने 8 टेस्ट मैचों में 7 जीत दर्ज की हैं और उसके 87.50 प्रतिशत अंक हैं. दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड, तीसरे पर साउथ अफ्रीका और चौथे नंबर पर श्रीलंका मौजूद है।  आइए समझाते हैं की PCT निकालते कैसे हैं अभी बांग्लादेश के 4 मैच में 28 अंक है.  PCT = (टीम द्वारा प्राप्त अंक / टीम द्वारा प्राप्त किए जा सकने वाले अधिकतम अंक) × 100 ऐसे में 4  टेस्ट × 12 अंक = 48 संभावित अंक अब PCT निकालते हैं: PCT = (28 / 48) × 100 = 58.33% इसलिए बांग्लादेश का PCT = 58.33% है  वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) में पॉइंट्स और रैंकिंग कैसे तय होती है? – जीत पर टीम को 12 अंक मिलते हैं – मैच टाई होने पर 6 अंक दिए जाते हैं – ड्रॉ मुकाबले पर 4 अंक मिलते हैं – टीमों की रैंकिंग जीत प्रतिशत (PCT) के आधार पर तय की जाती है – अंक तालिका की टॉप-2 टीमें 2027 WTC फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी – स्लो ओवर रेट की स्थिति में टीमों के अंक काटे भी जा सकते हैं अपडेटेड वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) पॉइंट्स टेबल स्थान            टीम    मैच जीत  हार     ड्रॉ  कटे अंक अंक     PCT 1    ऑस्ट्रेलिया     8   7    1 0 0 84  87.50 2    न्यूजीलैंड     3   2    0 1 0 28 77.78 3 साउथ अफ्रीका      4   3    1 0 0 36  75.00 4     श्रीलंका     2   1    0 1 0 16 66.67 5    बांग्लादेश     4   2    1 1 0 28 58.33 6      भारत        9   4    4 1 0 52  48.15 7     इंग्लैंड    10   3    6 1 2 38 31.67 8   पाकिस्तान      4   1    3 0 8 4   8.33 9    वेस्टइंडीज     8   0    7 1 0 4 4.17     

जयपुर में सूर्यवंशी का रौद्र रूप, 93 रन की विस्फोटक पारी से बने कई महारिकॉर्ड

 जयपुर  राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम ने (19 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को जयपुर में 7 व‍िकेट से मात दी। राजस्थान की टीम ने वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल की पार‍ियों की बदौलत 5 गेंद शेष रहते हुए जीत हास‍िल की. इस मैच में जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स की प्लेऑफ खेलने की उम्मीद बरकरार हैं. इस जीत के साथ राजस्थान की टीम 13 मैचों में 7 जीत और 6 हार के  साथ पॉइंट टेबल में चौथे नंबर पर है. बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद की टीम पहले, दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं।  मैच में टॉस यशस्वी जायसवाल ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पहले खेलते हुए लखनऊ की टीम ने 220/4 का स्कोर बनाया. म‍िचेल मार्श ने शानदार 96 रनों की पारी खेली।  10 छक्के, 7 चौके और 38 गेंद में 93 रन  वैभव सूर्यवंशी( Vaibhav Sooryavanshi) का तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा. राजस्थान रॉयल्स के इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने मंगलवार (19 मई)  लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ ऐसी विस्फोटक पारी खेली, जिसने पूरे सवाई मानसिंह स्टेडियम को झूमने पर मजबूर कर दिया।  221 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 39 गेंद में 75 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया।  जायसवाल के आउट होने के बाद भी वैभव नहीं रुके. उन्होंने हर गेंदबाज की जमकर धुनाई की और महज 38 गेंद में 93 रन ठोक दिए. इस दौरान उनके बल्ले से 10 लंबे छक्के और 7 चौके निकले. उनका स्ट्राइक रेट 244 से ज्यादा का रहा।  इसके बाद वैभव ने ध्रुव जुरेल के साथ 105 रन की साझेदारी कर राजस्थान को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया. जीत का काम अंत में ध्रुव जुरेल ने पूरा किया, जिन्होंने नाबाद 53 रन बनाए. राजस्थान ने 19.1 ओवर में 225 रन बनाकर मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।  इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से म‍िचेल मार्श ने 57 गेंद में 96 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. वहीं जोश  इंग्ल‍िस  ने 29 गेंद में 60 रन बनाए. दोनों ने पहले विकेट के लिए 109 रन जोड़े. कप्तान ऋषभ पंत ने भी 35 रन का योगदान दिया, जिसकी बदौलत लखनऊ ने 220/5 का बड़ा स्कोर खड़ा किया।  हालांकि मैच की पूरी चमक वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी के नाम रही. इस पारी के साथ उन्होंने IPL 2026 में ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली. वैभव अब 13 मैचों में 579 रन बना चुके हैं. उनका औसत 44.53 और स्ट्राइक रेट 236.32 का है, जो IPL इतिहास में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा है।  एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट (500+ रन) 236.3*: वैभव सूर्यवंशी (2026) 204.8 : आंद्रे रसेल (2019) 202.0 : अभिषेक शर्मा (2026) 196.2 :निकोलस पूरन (2025) 191.5 : ट्रेविस हेड (2024) वैभव अब एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।  एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के 59 : क्रिस गेल (2012) 53* : वैभव सूर्यवंशी (2026) 52: आंद्रे रसेल (2019) 51 : क्रिस गेल (2013)   वैभव सूर्यवंशी ने IPL में तीसरी बार एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं. इस मामले में अब उनसे आगे सिर्फ क्रिस  हैं, जिन्होंने ऐसा चार बार किया था. इस जीत के साथ राजस्थान की टीम अब 14 अंकों के साथ पॉइंट टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गई है।  राजस्थान की पारी की हाइलाइट्स  221 के रनचेज में राजस्थान रॉयल्स ने भी काउंटर अटैक किया. दोनों ने म‍िलकर 6 ओवर में 71  रन जड़ द‍िए. हालांक‍ि पावरप्ले के ही अगले ओवर में इस मैच के कप्तान यशस्वी जायसवाल (43) आकाश स‍िंंह का श‍िकार बन गए।  हालांकि इसके बाद वैभव सूर्यवंशी की आंधी आई, एक समय वैभव जहां 10 गेंदों पर 5 रन बनाकर खेल रहे थे, उसके बाद उन्होंने 23 गेंदों पर पचास जड़ द‍िया. वहीं उन्होंने आकाश के एक ओवर में 26 रन भी जड़े. इसके बाद वैभव ने ध्रुव जुरेल के साथ म‍िलकर मयंक यादव के ओवर में 29 रन कूट द‍िए. कुल म‍िलाकर इस मैच में लखनऊ के गेंदबाज असहाय नजर आए. हालांकि वैभव अपने शतक से 7 रन से चूक गए और 93 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने 38 गेंदों की पारी में 7 चौके और 10 छक्के मारे.  वहीं ध्रुव जुरेल (53 नाबाद) और डोनोवान फरेरा (16)  नाबाद जीत द‍िलाकर लौटे. लखनऊ का प्लेऑफ खेलने का सपना पहले ही खत्म हो चुका है।  लखनऊ की पारी की हाइलाइट्स  लखनऊ की टीम ने इस मैच में धुआंधार बल्लेबाजी की. जोश इंग्ल‍िस (60) और म‍िचेल मार्श ने पहले व‍िकेट के लिए 109/1 रन जोड़ लिए. जोश को यशराज पुंजा ने क्लीन बोल्ड किया. इसके बाद आए न‍िकोलस पूरन (16) और ऋषभ पंत (35) ने भी कुछ आकृर्षक शॉट खेले. म‍िचेल मार्श ने लखनऊ की टीम की ओर से सबसे ज्यादा 96 रन (57 गेंद) बनाए. यशराज पुंजा ने सबसे ज्यादा 2 और जोफ्रा आर्चर को एक सफलता म‍िली। 

कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम मुंबई इंडियंस: हेड-टू-हेड, पिच रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग इलेवन

कोलकाता इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 65वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से 20 मई को होगा। KKR ने इस सीजन में 5 मैच जीते हैं और 6 में हार झेली है। इसके अलावा उनका एक मैच बेनतीजा रहा है। वहीं, प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी MI ने 4 मैच जीते हैं और 8 में शिकस्त का सामना किया है। आइए मैच से जुड़ी अहम बातें जान लेते हैं। KKR के खिलाफ MI का पलड़ा रहा है भारी KKR और MI के बीच IPL के इतिहास में अब तक कुल 36 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान KKR को सिर्फ 11 मैच में ही जीत मिल पाई है और 25 मुकाबले MI ने अपने नाम किए हैं। IPL 2026 की पहली भिड़ंत में MI ने KKR को 6 विकेट से हराया था। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच एक मैच खेला गया था। उस मुकाबले को MI ने 8 विकेट से अपने नाम किया था। ऐसी हो सकती है MI की प्लेइंग इलेवन MI ने अपने पिछले मैच में PBKS को शिकस्त दी थी। उस मैच में MI ने जीत के लिए मिले 201 रन के लक्ष्य को हासिल किया था। MI के कप्तान हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव की वापसी की उम्मीद है। ये दोनों खिलाड़ी पिछले मैच में नहीं खेले थे। संभावित एकादश: रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, विल जैक्स, हार्दिक पांड्या (कप्तान), कॉर्बिन बोश, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, और रघु शर्मा। इस संयोजन के साथ उतर सकती है KKR KKR ने अपने आखिरी मैच में GT को 29 रन से हराया था। उस मैच में फिन एलन (93) और अंगकृष रघुवंशी (82) ने उम्दा पारियां खेली थी। KKR अपने इन शीर्षक्रम के बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। खराब फॉर्म में चल रहे अजिंक्य रहाणे भी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे। संभावित एकादश: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी। ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर MI: दीपक चाहर, गजनफर, रोबिन मिंज और अश्विनी कुमार। KKR: वैभव अरोड़ा, रमनदीप सिंह, ब्लेसिंग मुजरबानी, रोवमैन पॉवेल और प्रशांत सोलंकी। ऐसा है कोलकाता की पिच का मिजाज ईडन गार्डन स्टेडियम में काली मिट्‌टी की पिच बनाई जाती है। ऐसे में यह बल्लेबाजों को काफी रास आती है। खेल की शुरुआत में यहां तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है। उसके बाद स्पिनर्स हावी होते हैं। इस पिच पर अगर बल्लेबाज की निगाह एक बार जम गई तो आसानी से बड़े-बड़े शॉट्स लगते हैं। यहां की तेज आउटफील्ड भी बल्लेबाजों के पक्ष में जाती है। हाउस्टेट के मुताबिक, IPL में पहली पारी का औसत स्कोर 165 रन है। ऐसा रहेगा कोलकाता का मौसम? एक्यूवेदर के अनुसार, 20 मई को कोलकाता का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में एक अच्छा मैच देखने मिल सकता है। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें MI के सलामी बल्लेबाज रिकेल्टन ने इस सीजन में अब तक 10 पारियों में 47.77 की औसत और 190.26 की स्ट्राइक रेट के साथ 430 रन बनाए हैं। रघुवंशी ने 12 पारियों में 42.20 की औसत और 146.52 की स्ट्राइक रेट के साथ 422 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 5 अर्धशतक लगाए। गेंदबाजी में कार्तिक त्यागी ने 11 पारियों में 25.37 की औसत और 9.44 की इकॉनमी रेट से 16 विकेट लिए हैं। कब और कहां देखें मुकाबला? KKR और MI के बीच यह मुकाबला 20 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।  

अफगानिस्तान सीरीज के लिए Team India का ऐलान, युवा खिलाड़ियों के साथ विराट-रोहित की वापसी

नई दिल्ली भारत में इस समय इंडियन प्रीमियर लीग की धूम मची हुई है। IPL 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया मैदान में होगी। भारतीय टीम जून में टेस्ट और ODI सीरीज खेलती नजर आएगी, जिसके लिए भारतीय स्क्वाड का ऐलान हो गया है। दरअसल, टीम इंडिया जून में अफगानिस्तान की टीम की मेजबानी करेगी। दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट मैच और 3 मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी। ऐसे में 19 मई को गुवाहाटी में मेन्स सिलेक्शन कमेटी की बैठक हुई, जिसमें टेस्ट और ODI दोनों के लिए भारतीय टीम चुन ली गई। एकमात्र टेस्ट का 6 जून से मुल्लांपुर में आगाज होगा, जिसके लिए 14 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। गौरतलब है कि 2018 के बाद भारत के खिलाफ अफगानिस्तान का पहला टेस्ट मैच होगा। 2018 में ही अफगानिस्तान ने बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहली बार आधिकारिक तौर पर टेस्ट मैच में हिस्सा लिया था। भारत ने वह मैच एक पारी और 262 रनों से जीता था। आखिरी टेस्ट और वनडे सीरीज हारी है टीम इंडिया टीम इंडिया को अपने आखिरी टेस्ट और वनडे सीरीज में हार झेलनी पड़ी थी। पिछले साल के अंत में साउथ अफ्रीका ने दो मैचों के टेस्ट सीरीज को 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी में टीम वनडे सीरीज का पहला मैच जीतने के बाद 2-1 से हार गई थी। अफगानिस्तान के खिलाफ अभी तक भारत ने एक ही टेस्ट खेला है और उसमें टीम को जीत मिली है। वहीं चार वनडे में भारत ने 3 जीते हैं जबकि एक टाई रहा है। यह पहला मौका होगा जब भारत और अफगानिस्तान के बीच द्विपक्षीय वनडे सीरीज होगी। विराट और रोहित की जगह बरकरार अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज के लिए 15 खिलाड़ियों को चुना गया है, जिसमें विराट और रोहित शर्मा शामिल हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए भारत की ODI टीम से ऋषभ पंत को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। वहीं, टेस्ट टीम की उप-कप्तानी केएल राहुल को सौंप दी गई है। इससे पहले टेस्ट टीम की उप-कप्तानी पंत के पास थी। हालांकि, पंत टेस्ट में अपनी जगह बरकरार रखने में कामयाब रहे। एक बार फिर स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी को नजरअंदाज किया गया। अजीत अगरकर ने साफ तौर पर कहा है कि सिलेक्शन कमेटी ने मोहम्मद शमी के नाम पर चर्चा तक नहीं की। बुमराह को दिया गया रेस्ट भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी सीरीज से आराम दिया गया है, ताकि इंग्लैंड दौरे से पहले उनके वर्कलोड को मैनेज किया जा सके। दोनों ही टीमों में कई नए चेहरों को शामिल किया गया हैं, जिनमें मानव सुथार, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव शामिल हैं। मानव सुथार को टेस्ट टीम में पहली बार शामिल किया गया है। वहीं, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे दोनों टीमों में जगह पाने में सफल रहे। वहीं, प्रिंस यादव ODI टीम में पहली बार शामिल हुए हैं।  अफगानिस्तान के भारत दौरे का फुल शेड्यूल      6 जून: पहला टेस्ट, न्यू चंडीगढ़ (9:30 AM)     14 जून: पहला ODI, धर्मशाला (1:30 PM)     17 जून: दूसरा ODI, लखनऊ (1:30 PM)     20 जून: तीसरा ODI, चेन्नई (1:30 PM) अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल। अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।

डब्ल्यूएफआई विवाद के बीच विनेश फोगाट मामला कोर्ट में, नोटिस पर 6 जुलाई तक फैसला

 नई दिल्ली  दिल्ली हाईकोर्ट ने एशियन गेम्स चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की मांग को लेकर पहलवान विनेश फोगाट को तुरंत शामिल होने की अनुमति देने से इन्कार कर दिया है। न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने कहा कि दूसरे पक्ष (डब्ल्यूएफआई) को सुने बिना उन्हें 30 और 31 मई को होने वाले ट्रायल में भाग लेने की अंतरिम राहत नहीं दी जा सकती। न्यायमूर्ति ने मामले की सुनवाई करते हुए डब्ल्यूएफआई और केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया। डब्ल्यूएफआई को मिले निर्देश अदालत ने डब्ल्यूएफआई को निर्देश दिया कि विनेश को जारी कारण बताओ नोटिस पर छह जुलाई तक निर्णय लेकर उसे रिकार्ड पर पेश किया जाए। कोर्ट ने विनेश को कारण बताओ नोटिस का विस्तृत जवाब दाखिल करने की भी अनुमति दी। सुनवाई के दौरान विनेश की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने दलील दी कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मातृत्व अवकाश पर गई महिला खिलाड़ियों की रैंकिंग और स्थिति सुरक्षित रखी जाती है, लेकिन डब्ल्यूएफआई की नई नीति के तहत उन्हें ट्रायल से बाहर कर दिया गया। उन्होंने अदालत से अनुरोध किया कि विनेश को एशियन गेम्स ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दी जाए। इस पर अदालत ने कहा कि आपको पहले ही अयोग्य घोषित किया जा चुका है। दूसरे पक्ष को सुने बिना अदालत ऐसी राहत कैसे दे सकती है, मामले में प्रतिस्पर्धी हित हैं। एक तरफ आपका पक्ष है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय हित भी जुड़ा हुआ है। जो दिख रहा है उससे कहीं अधिक है विनेश की ओर से अदालत को यह भी बताया गया कि नौ मई को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और अगले ही दिन गोंडा में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने से रोक दिया गया। अधिवक्ता ने तर्क दिया कि मामले में जो दिख रहा है, उससे कहीं अधिक है। हाई कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई छह जुलाई को तय की है। डब्ल्यूएफआई ने विनेश फोगाट को 26 जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अयोग्य घोषित किया है। डब्ल्यूएफआई का कहना है कि संन्यास से वापसी करने वाले खिलाड़ियों पर एंटी-डोपिंग नियमों के तहत छह माह की अनिवार्य नोटिस अवधि लागू होती है। हालांकि, प्रतिबंध के बावजूद विनेश गोंडा में आयोजित नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में पहुंची थीं।