samacharsecretary.com

IPL में चौकों के बादशाह: इन 5 बल्लेबाजों ने लगाए सबसे ज्यादा बाउंड्री शॉट

नई दिल्ली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। आईपीएल के अब तक 18 सीजन हो चुके हैं। टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक चौके लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है। सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट में सिर्फ एक विदेशी बल्लेबाज शामिल है। विराट कोहली: आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। कोहली ने इस लीग में खेले 267 मुकाबलों में अब तक कुल 771 चौके लगाए हैं। विराट आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक और अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। वह इस लीग में 8 शतक और 63 अर्धशतक लगा चुके हैं। शिखर धवन: आईपीएल में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर काबिज हैं। धवन ने इंडियन प्रीमियर लीग में खेले 222 मुकाबलों में 768 चौके लगाए हैं। धवन आईपीएल में कई टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने अपना आखिरी सीजन पंजाब किंग्स की ओर से साल 2024 में खेला था। डेविड वॉर्नर: डेविड वॉर्नर की गिनती आईपीएल इतिहास के सबसे दमदार बल्लेबाजों में की जाती है। वॉर्नर ने अपनी कप्तानी में साल 2017 में सनराइजर्स हैदराबाद को चैंपियन बनाया था। इसके साथ ही वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर मौजूद हैं। वॉर्नर ने आईपीएल में खेले 184 मुकाबलों में 663 बार गेंद को बाउंड्री लाइन के पार पहुंचाया है। रोहित शर्मा: आईपीएल में सर्वाधिक चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में रोहित शर्मा चौथे नंबर पर हैं। रोहित इस लीग में खेले 272 मुकाबलों में 640 चौके लगा चुके हैं। रोहित की गिनती आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में होती है। उन्होंने अपनी अगुवाई में मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाया। अजिंक्य रहाणे: अजिंक्य रहाणे इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। रहाणे आईपीएल में खेले 198 मुकाबलों में अब तक 514 चौके लगा चुके हैं। आईपीएल 2025 में रहाणे ने कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी की थी। हालांकि, उनकी अगुवाई में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और टीम 14 में से सिर्फ 5 मैच ही जीत सकी थी।  

इंदौर में आज से शुरू हो रहा राष्ट्रीय टेबल टेनिस टूर्नामेंट, 43 साल बाद 32 राज्यों के 400 खिलाड़ी लेंगे भाग

इंदौर  शहर में 43 वर्षों के बाद एक बार फिर देशभर के शीर्ष टेबल टेनिस खिलाड़ी आज से अगले कुछ दिनों तक अपनी प्रतिभा दिखाते नजर आएंगे। भारतीय टेबल टेनिस महासंघ के तत्वावधान में मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन द्वारा यूटीटी राष्ट्रीय एवं अंतर राज्य सीनियर टेबल टेनिस स्पर्धा का आयोजन 14 मार्च से 21 मार्च तक स्थानीय अभय प्रशाल में होने जा रहा है। स्पर्धा में खिलाड़ियों को 20 लाख रुपए की नगद इनामी राशि प्रदान की जाएगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम सोनी तथा स्पर्धा सचिव जयेश आचार्य ने बताया कि पिछली बार इंदौर में 1983 में राष्ट्रीय टेबल टेनिस स्पर्धा खेली गई थी। इसके अब यह स्पर्धा होगी। इंदौर में होने वाली इस स्पर्धा के तहत 14 से 17 मार्च तक टीम मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 16 से 21 मार्च तक व्यक्तिगत मुकाबले होंगे। पुरुष तथा महिला टीम मुकाबलों के साथ ही पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल तथा मिश्रित युगल कुल सात विधाओं के मुकाबले होंगे। चैंपियनशिप स्टेग रोमा की 21 टेबलों पर खेली जाएगी। इसमें 32 राज्यों के करीब 400 खिलाड़ी भाग लेंगे। साथ ही करीब 500 खिलाड़ियों की अतिरिक्त प्रविष्ठियां प्राप्त हुई हैं। कुल मिलाकर इस स्पर्धा में 900 खिलाड़ी तथा 50 से ज्यादा अधिकारी भाग लेंगे। प्रत्येक राज्य की टीम में पांच पुरुष खिलाड़ी, पांच महिला खिलाड़ियों के साथ ही प्रबंधक तथा प्रशिक्षक सहित 12 सदस्यीय दल भाग लेगा। स्पर्धा में कई राष्ट्रीय विजेता खिलाड़ियों के साथ ही मानुष शाह, पायस जैन, अंकुर भट्टाचार्जी, हरमीत देसाई, मानव ठक्कर, एफआर स्नेहित, रोनित भान्जा, सनिल शेट्टी, ए, अमलराज, दीया चितले, श्रीजा अकुला, सिंड्रेला दास, सुर्तीथा मुखर्जी, स्वस्तिका घोष, यशस्विनी घोरपोड़े, तनिषा कोटेचा, मधुरिका पाटकर, मौमा दास, पोयमंती वैष्य, अहिका मुखर्जी, अनुषा कुटुंबले आदि प्रमुख खिलाड़ी भाग लेंगे। 20 लाख से अधिक की राशि दांव पर सचिव जयेश आचार्य ने बताया कि स्पर्धा में कुल 20 लाख 10 हजार आठ सौ रुपए की इनामी राशि दाव पर होगी। पुरुष तथा महिला एकल विजेता को समान रूप से तीन लाख 52 हजार रुपए की नगद इनामी राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही एकल वर्ग में प्री-क्वार्टर फाइनल दौर तक खेलने वाले खिलाड़ियों को भी इनामी राशि प्रदान की जाएगी। युगल तथा मिश्रित युगल में विजेता, उपविजेता तथा सेमीफाइनल के खिलाड़ियों को नगट राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।

टीम इंडिया के क्रिकेटर ने T20 वर्ल्ड कप जीत के बाद वैष्णो देवी में मां के दरबार में सिर झुका किया आशीर्वाद

 जम्मू भारतीय टी20 टीम के व‍िस्फोटक ओपनर अभ‍िषेक शर्मा ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित पवित्र वैष्णो देवी मंद‍िर पहुंचे और वहां पहुंचकर मां का आशीर्वाद लिया। दुन‍िया के नंबर 1 टी20 बैटर 25 वर्षीय बल्लेबाज ने हाल ही में भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत के कुछ दिन बाद यह आध्यात्मिक यात्रा की. भारतीय टीम ने पिछले रविवार अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था। टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपनी यात्रा की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा कीं और कैप्शन लिखा- जय माता दी. तस्वीरों में वह पारंपरिक सफेद कुर्ता-पायजामा पहने, माथे पर तिलक लगाए और हाथ जोड़कर दर्शन करते नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में पंजाब के इस क्रिकेटर को कटरा से वैष्णो देवी गुफा मंदिर तक पैदल जाते, बीच में बैटरी कार से यात्रा करते और रास्ते में लोगों से बातचीत करते भी देखा गया। अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अहम भूमिका निभाई थी. फाइनल से पहले के मैचों में उनका प्रदर्शन उनके मानकों के मुताबिक अच्छा नहीं रहा था, लेकिन निर्णायक मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी की। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में उन्होंने महज 21 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. बाद में भारतीय टीम ने न्यूज़ीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप और कुल मिलाकर रिकॉर्ड तीसरा खिताब अपने नाम किया। वर्ल्ड कप जीत के बाद अभिषेक शर्मा का यह वैष्णो देवी दर्शन चर्चा में है और उनकी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. अभ‍िषेक शर्मा अब इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम से खेलते दिखेंगे।

25 साल बाद खुलासा: वीवीएस लक्ष्मण ने किस बैट से खेली थी ऐतिहासिक 281 रन की पारी

बेंगलुरु  पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण टीम इंडिया के उस फैब-4 का हिस्सा थे, जिसमें सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली जैसे दिग्गज शामिल थे। इन चार खिलाड़ियों ने भारत को टेस्ट क्रिकेट में अलग पहचान दिलाई और कई ऐतिहासिक पारियां खेली। ऐसे में वीवीएस लक्ष्मण की 281 रनों की वो पारी तो हर किसी को याद होगी, जो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेली थी। उनकी इस पारी के दम पर ही भारत ने अनहोनी को होनी करके दिखाया था और ऑस्ट्रेलिया के मुंह से जीत छीन ली थी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि लक्ष्मण ने यह पारी अपने नहीं बल्कि किसी और के बैट से खेली थी? जी हां, 25 साल बाद उस क्रिकेट ने खुद इसका खुलासा किया है। इस खिलाड़ी का नाम ‘वेंकटपति राजू’ है, जिन्होंने भारत के लिए 28 टेस्ट मैच खेले हैं। 2 साल के लंबे इंतजार के बाद वेंकटपति राजू की उसी मैच में टीम इंडिया में वापसी हुई थी और वह उनके करियर का आखिरी मुकाबला भी थी।  वेंकटपति राजू ने बताया, “लगभग दो साल बाद मैं वापसी कर रहा था और टीम के आस-पास सब कुछ बदल चुका था: फिटनेस का स्तर, रवैया और सोच। मुझे आज भी वह शाम याद है जब ऑस्ट्रेलिया ने हमें फॉलो-ऑन खेलने पर मजबूर कर दिया था। नेशनल सिलेक्टर मदन लाल ने हमसे कहा कि हम हार न मानें और लड़ते रहें। तब लक्ष्मण ने कुछ ऐसा कहा जिसने मुझे हैरान कर दिया। उन्होंने कहा, 'हो सकता है हम यह मैच जीत जाएं।' उस समय यह सोचना भी मुश्किल लग रहा था, लेकिन उन्हें खुद पर पूरा भरोसा था। राहुल द्रविड़ नंबर 6 पर बैटिंग करने आए, जबकि लक्ष्मण बैटिंग ऑर्डर में ऊपर आ गए। यह फैसला कोच जॉन राइट और कप्तान सौरव गांगुली के बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया था। यह एक बहुत ही समझदारी भरा कदम साबित हुआ। लक्ष्मण और द्रविड़ एक-दूसरे को सालों से जानते थे—अपने साउथ ज़ोन और U-19 के दिनों से। एक बार जब वे क्रीज़ पर जम गए, तो उन्होंने पूरे दिन जिस तरह से बैटिंग की, उससे मैच का रुख ही पूरी तरह बदल गया। ड्रेसिंग रूम के अंदर काफी तनाव था। अगर एक भी विकेट गिर जाता, तो निचले क्रम के बल्लेबाज़ों की बारी आ जाती। लेकिन जिस तरह से उन्होंने बैटिंग की, उससे हमारी उम्मीदें बनी रहीं। दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलिया को जीतने की इतनी आदत हो चुकी थी कि वे मैच ड्रॉ कराने के बारे में सोच भी नहीं रहे थे। इसी वजह से उनके लिए चीज़ें और भी मुश्किल हो गईं। इस सीरीज़ का ज़्यादातर श्रेय हरभजन सिंह को जाता है। लेकिन पांचवें दिन सचिन तेंदुलकर की गेंदबाज़ी का स्पेल बहुत ही अहम साबित हुआ। उन्हें दबाव में गेंदबाज़ी करने का काफी अनुभव था—जैसे 1993 के हीरो कप का वह मशहूर आखिरी ओवर—और जब टीम को उनकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत थी, तब उन्होंने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया। लक्ष्मण की वह पारी सचमुच असाधारण थी। वे शेन वॉर्न की गेंद पर क्रीज़ से आगे निकलकर शॉट लगा रहे थे, और स्पिन के विपरीत दिशा में भी गेंद को बाउंड्री के पार भेज रहे थे। यह आत्मविश्वास उन्हें हैदराबाद की टर्निंग पिचों पर सालों तक घरेलू क्रिकेट खेलने से मिला था। मेरे लिए कोलकाता टेस्ट इसलिए भी खास था, क्योंकि यह मेरे करियर का आखिरी मैच साबित हुआ। मार्क वॉ का विकेट लेना इस मैच को और भी ज़्यादा यादगार बना गया। यह मेरे लिए एक बेहतरीन विदाई थी। इससे भी ज़्यादा अहम बात यह है कि इस टेस्ट मैच ने भारतीय क्रिकेट की पूरी तस्वीर ही बदल दी। इस मैच ने टीम के अंदर यह विश्वास जगाया कि हम किसी भी मुश्किल हालात से उबरकर जीत हासिल कर सकते हैं। एक और छोटी सी निजी याद भी जुड़ी है: जिस बल्ले से लक्ष्मण ने वह मशहूर 281 रनों की पारी खेली थी, वह असल में मेरा ही था। तो इस तरह, एक छोटे से रूप में ही सही, उस ऐतिहासिक पारी में मेरा भी कुछ योगदान रहा।”

क्रिकेट अपडेट: विराट और रोहित चाहते हैं ज्यादा वनडे, टी-20 को नहीं प्राथमिकता

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े सितारे रोहित शर्मा और विराट कोहली अपने शानदार करियर के अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं. माना जा रहा है कि दोनों दिग्गज 2027 में होने वाले वर्ल्ड कप  के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं. ऐसे में क्रिकेट जगत के पास लगभग डेढ़ साल का समय है, जब तक प्रशंसक इन महान खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते हुए देख सकते हैं। यही वजह है कि कई क्रिकेट बोर्ड चाहते हैं कि भारत के साथ होने वाली आगामी सीरीज में ज्यादा से ज्यादा वनडे मैच खेले जाएं, क्योंकि फिलहाल रोहित शर्मा और विराट कोहली सिर्फ इसी फॉर्मेट में भारत के लिए खेल रहे हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए न्यूजीलैंड, श्रीलंका और आयरलैंड के क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई से अनुरोध किया है कि आगामी दौरों के कार्यक्रम में बदलाव करते हुए वनडे मैचों की संख्या बढ़ाई जाए। आयरलैंड और श्रीलंका ने टी20 की जगह वनडे कराने की मांग की एक सूत्र के अनुसार Cricket Ireland और बीसीसीआई आयरलैंड दौरे के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत कर रहे हैं.  जुलाई में भारतीय टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी, और इसी दौरान टीम इंडिया के आयरलैंड के खिलाफ भी खेलने की संभावना है. यह सीरीज साउथैम्प्टन या आयरलैंड में आयोजित हो सकती है.  क्रिकेट आयरलैंड चाहता है कि जुलाई की शुरुआत या अंत में भारत के साथ वनडे सीरीज खेली जाए.  हालांकि बीसीसीआई ने अभी तक इस मांग को मंजूरी नहीं दी है.  अगर वनडे सीरीज पर सहमति नहीं बनती, तो दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा सकती है। वहीं Sri Lanka Cricket ने पहले बताया था कि अगस्त में भारत और श्रीलंका के बीच दो टी20 मैच खेले जाएंगे.  यह मुकाबले 2025 में आए चक्रवात ‘डिटवाह’ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए बीसीसीआई की ओर से सद्भावना के तौर पर आयोजित किए जाने थे लेकिन अब श्रीलंका क्रिकेट चाहता है कि इन मैचों को तीन वनडे मुकाबलों में बदला जाए, क्योंकि संभव है कि यह आखिरी बार हो जब रोहित शर्मा और विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के रूप में श्रीलंका दौरे पर आएं। न्यूजीलैंड भी चाहता है ज्यादा वनडे मैच उधर New Zealand Cricket ने भी भारत के साथ अपनी आगामी सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव का प्रस्ताव रखा है.  पहले इस दौरे में दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैच होने थे लेकिन यह जानते हुए कि भारतीय टीम शायद अगले पांच साल तक न्यूजीलैंड का दौरा नहीं करेगी, न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सीमित ओवरों के मुकाबलों का संतुलन बदलने का फैसला किया है. इस फैसले के तहत वनडे मैचों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया है ताकि भारतीय टीम को भी विश्व कप की तैयारी में मदद मिल सके.  बीसीसीआई ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है, क्योंकि टीम इंडिया को भी वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी के लिए अधिक से अधिक 50 ओवर के मैच खेलने की जरूरत है।

नंबर 8 या 9 पर धोनी की बैटिंग का कोई मतलब नहीं, पुजारा का बड़ा बयान

नई दिल्ली टीम इंडिया के बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एमएस धोनी की बैटिंग पोजीशन से खुश नहीं हैं। पुजारा का कहना है कि धोनी का नंबर 8 या फिर 9 पर खेलने का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि धोनी जितनी ज्यादा गेंदें खेलेंगे, उतना ही चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहतर होगा। आईपीएल 2026 में चेन्नई अपने अभियान का आगाज 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी। पुजारा ने ‘जियोहॉटस्टार’ के साथ बात करते हुए कहा कि धोनी के पास अकेले दम पर किसी भी मैच को पलटने की काबिलियत मौजूद है। उन्होंने कहा, “धोनी का नंबर 8 या 9 पर खेलने का मुझे कोई प्वाइंट समझ नहीं आता है, क्योंकि वह अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं। धोनी जो कर सकते हैं, वह सीएसके का कोई और बल्लेबाज नहीं कर सकता है। अभी वह सिर्फ 5 से 10 गेंदें खेल रहे हैं। सोचिए अगर वह 25 से 30 बॉल खेलेंगे, तो वह क्या कर सकते हैं।” एमएस धोनी पिछले कुछ सीजन से बल्लेबाजी क्रम में काफी नीचे खेल रहे हैं, जिससे उनके फैंस बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। इसके साथ ही कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ी भी धोनी के इस फैसले से हैरान नजर आए हैं। आईपीएल 2025 में धोनी का प्रदर्शन बल्ले से कुछ खास नहीं रहा था। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान ने 14 मुकाबलों में सिर्फ 135 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 196 रन बनाए थे। बैटिंग ऑर्डर में नीचे आने की वजह से धोनी पिछले दो सीजन में एक अर्धशतक तक नहीं लगा सके हैं। हालांकि, धोनी का प्रदर्शन आईपीएल 2024 में दमदार रहा था। उन्होंने 14 मुकाबलों में 220 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 161 रन बनाए थे। आईपीएल 2025 में रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। टीम 14 मुकाबलों में से सिर्फ 4 में ही जीत दर्ज कर सकी थी, जबकि 10 मैचों में टीम को हार झेलनी पड़ी थी। संजू सैमसन आईपीएल 2026 में चेन्नई की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे। चेन्नई ने उन्हें सैम करन और रविंद्र जडेजा के बदले ट्रेड करते हुए टीम में शामिल किया है।  

युवराज से खास ट्रेनिंग ले रहे ऋषभ पंत, IPL 2026 में दिखेगा नया अवतार

नई दिल्ली आईपीएल 2026 से पहले ऋषभ पंत युवराज सिंह के अंडर प्रैक्टिस करते दिख रहे हैं। जिसका वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘इंस्टाग्राम’ पर शेयर किया है। आईपीएल 2026 के आगाज से पहले ऋषभ पंत अपनी बल्लेबाजी पर जमकर काम कर रहे हैं। मुंबई में पंत एक छोटे कैंप में भारत के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह के अंडर ट्रेनिंग करते नजर आए, जिसका वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘इंस्टाग्राम’ पर शेयर किया है। ऋषभ पंत लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी करते दिखेंगे। जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई वनडे और टी20 सीरीज से पहले बैटिंग के दौरान पंत की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। जिसके कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। पिछले कुछ समय से पंत लगातार चोट से जुझ रहे हैं। इसके साथ ही लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में वह भारतीय टीम से भी लगातार अंदर-बाहर होते रहे हैं। पंत ने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मुकाबला 7 अगस्त 2024 को खेला था। वहीं, क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में पंत ने अपना आखिरी मुकाबला 28 जुलाई 2024 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था। अब ऋषभ पंत ने अपने बल्लेबाजी को धार देने के लिए और बड़े स्कोर बनाने के लिए युवराज सिंह के शरण में पहुंच गए हैं। युवराज सिंह की देखरेख में पंत बल्लेबाजी प्रैक्टिस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पंत अच्छी लय में दिख रहे हैं और उनके बल्ले से एक के बाद दमदार शॉट निकल रहे हैं। व्हाइट बॉल में सफल होने पर कर रहे हैं फोकर युवराज वीडियो में पंत की बल्लेबाजी को अंपायर की पोजीशन पर खड़े होकर देख रहे हैं और उन्हें सलाह देते हुए भी नजर आ रहे हैं। आईपीएल से पहले युवराज के अंडर पंत ने जो सेशन किया, उनमें मॉडर्न व्हाइट-बॉल क्रिकेट में सफल होने के लिए स्किल्स और टेम्परामेंट दोनों पर फोकस किया गया। पंत के ट्रेनिंग से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि ऋषभ अपने गेम और अपनी फिटनेस को बेहतर बनाने के लिए बहुत कड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं। अगर आप वीडियो देखेंगे, तो आपको पता लगेगा कि वह पतले भी हो गए हैं। वह अपने व्हाइट-बॉल गेम पर और काम करने के लिए बहुत उत्सुक थे। इसी कारण उन्होंने युवराज से बात की और कहा कि वह तीन-चार दिनों के लिए उनके अंडर ट्रेनिंग करना चाहते हैं। IPL 2025 में पंत का निराशाजनक प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे पंत आईपीएल 2025 में रनों के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए थे। पंत 14 मुकाबलों में 133 के मामूली स्ट्राइक रेट से सिर्फ 269 रन ही बना सके थे। पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा था और टीम 14 में से सिर्फ 6 मैच ही जीत सकी थी। उल्लेखनीय है कि लखनऊ ने आईपीएल 2025 के लिए हुए ऑक्शन में पंत को 27 करोड़ की बोली लगाते हुए अपनी टीम में शामिल किया था।  

UEFA Europa League: Aston Villa, FC Porto और FC Midtjylland ने पहले चरण में बनाई मामूली बढ़त

नई दिल्ली यूईएफए यूरोपा लीग के राउंड ऑफ 16 के पहले लेग मुकाबलों में रोमांचक नतीजे देखने को मिले। ओली वाटकिंस के शानदार हेडर की बदौलत एस्टन विला ने फ्रांस की टीम लिली ओएससी को 1-0 से हराकर अहम बढ़त हासिल कर ली। वहीं, एफसी पोर्टो और एफसी मिडट्जिलैंड ने भी अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए अगले चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। फ्रांस के स्टेड पियरे-मौरॉय स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एस्टन विला और लिली के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन गोल नहीं हो सका। दूसरे हाफ में 61वें मिनट पर ओली वॉटकिंस ने हेडर के जरिए गोल दागकर विला को बढ़त दिला दी। इस मुकाबले में विला के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने लिली के कई घातक हमलों को नाकाम किया और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ एस्टन विला ने फ्रांस में अपने सातवें प्रयास में पहली जीत दर्ज की। यह मुकाबला विला के मैनेजर उनाई एमरी के लिए भी खास रहा। क्लब के साथ यह उनकी 100वीं जीत थी। वह सबसे तेज गति से 100 जीत हासिल करने वाले मैनेजर बन गए हैं। दूसरी ओर, दो बार की चैंपियन पोर्टो ने जर्मनी की टीम वीएफबी स्टटगार्ट के खिलाफ पहले हाफ में शानदार शुरुआत की। मैच के शुरुआती सात मिनट के भीतर दो गोल कर पोर्टो ने मजबूत बढ़त बना ली। पोर्टो की ओर से टेरेम मोफीके दमदार शॉट और रोड्रिगो मोरा के शानदार फिनिश ने टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि स्टटगार्ट ने वापसी की कोशिश की और हाफ टाइम से ठीक पहले डेनिज उंडाव की शानदार हाफ-वॉली से अंतर कम कर दिया। डेनमार्क की टीम मिड्टजीलैंड ने इंग्लैंड के नॉटिंघम फारेस्ट को 1-0 से हराकर सबको चौंका दिया। मैच के 80वें मिनट में सब्सटीट्यूट चो गुए-सुंग ने लूपिंग हेडर से निर्णायक गोल किया।  

इंडोरामा वेंचर्स ओपन: पहले राउंड में चमके राशिद खान, बनाई बढ़त

अहमदाबाद इंडोरामा वेंचर्स गोल्फ चैंपियनशिप 2026 में राशिद खान ने सिक्स-अंडर 66 के स्कोर के साथ पहले राउंड में बढ़त बना ली है। 3,00,000 अमेरिकी डॉलर (2.7 करोड़ रुपए) की यह चैंपियनशिप कलहार ब्लूज एंड ग्रींस गोल्फ क्लब में खेली जा रही है। राशिद खान ने गुरुवार को सात बर्डी और एक बोगी लगाकर अकेली बढ़त बनाई। दिल्ली के राशिद ने कुल 14 टाइटल जीते हैं, जिनमें 2 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हैं। सीजन के पहले इवेंट के विनर, अमेरिकन झारेड हैक पहले राउंड में फाइव-अंडर 67 का कार्ड बनाकर दूसरे स्थान पर रहे। झारेड हैक के राउंड में छह बर्डी और एक बोगी थी। अर्जुन प्रसाद, बृजेश कुमार, सप्तक तलवार, मानव बैस और कार्तिक सिंह समेत पांच गोल्फर चार-अंडर 68 के बराबर स्कोर के साथ तीसरे नंबर पर रहे। राशिद खान ने बैक-नाइन में दो बर्डी और एक बोगी बनाई। 35 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने सात साल के टाइटल के सूखे को खत्म करने के लिए फ्रंट-नाइन में पांच बर्डी बनाईं और लीडरबोर्ड में टॉप पर पहुंच गए। शानदार प्रदर्शन के बाद राशिद ने कहा, “कोर्स बहुत अच्छा चल रहा है, पिछली बार से अलग और पिन पोजीशन मुश्किल थीं, लेकिन मैंने कुछ अच्छे शॉट और पुट लगाए और बॉल को सही जगहों पर रखकर अपने लिए मौके बनाए। मैं बस यहां से अपना बेस्ट देना चाहता हूं।” झारेड हैक के अलावा, पहले राउंड में अच्छा प्रदर्शन करने वाले दूसरे विदेशी खिलाड़ी फ्रांस के क्लेमेंट सोर्डेट और पियरे पिन्यू के साथ-साथ ऑस्ट्रिया के क्रिस्टोफ ब्लेयर थे। इन सभी ने तीन-अंडर 69 का स्कोर बनाया और आठवें नंबर पर रहे। अहमदाबाद के प्रोफेशनल्स में, आदित्य राज कुमार चौहान का ओपनिंग राउंड सबसे अच्छा रहा, उन्होंने 70 का स्कोर किया और वे 15वें स्थान पर रहे। वीर अहलावत (71) और युवराज संधू (73) क्रमशः 22वें और 41वें स्थान पर रहे।  

काव्या मारन के पाकिस्तान क्रिकेटर खरीदने पर बवाल, BCCI ने तोड़ी चुप्पी

हैदराबाद लंदन में द हंड्रेड (The Hundred 2026) की पहली पुरुष खिलाड़ियों की नीलामी के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद (Abrar Ahmed) को काव्या मारन के स्वाम‍ित्व वाली फ्रेंचाइजी सराइइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) ने खरीद लिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर भारतीय फैन्स का गुस्सा फूट पड़ा है।  इस फ्रेंचाइजी की कमान उद्योगपति कलान‍िध‍ि मारन (Kalanithi Maran) के सन ग्रुप के पास है और टीम की सीईओ उनकी बेटी काव्या मारन (Kavya Maran) हैं. IPL में सनराइजर्स हैदराबाद की CEO भी काव्या ही हैं. पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदने के फैसले के बाद सोशल मीड‍िया पर काव्या मारन को निशाने पर ले लिया  गया और सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई।  2.34 करोड़ में खरीदे गए अबरार पाकिस्तान के लेग स्पिनर अबरार अहमद का बेस प्राइस करीब 92.5 लाख रुपये था, लेकिन नीलामी में उन्हें खरीदने के लिए सनराइजर्स लीड्स और ट्रेंट रॉकेट्स ( Trent Rockets) के बीच लंबी बोली लगी।  आखिरकार सनराइजर्स ने £190,000 (करीब 2.34 करोड़ रुपये) में उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया.अबरार अहमद इस तरह किसी भारतीय स्वामित्व वाली टीम के लिए द हंड्रेड   में खेलने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए।  BCCI ने दी प्रतिक्रिया विवाद बढ़ने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है. BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ कहा कि यह मामला बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता. उन्होंने कहा-यह हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं है. यह विदेशी लीग का मामला है और उसी लीग को इस पर फैसला लेना होगा. इसमें BCCI कुछ नहीं कर सकता।  हेड कोच डेनियल विटोरी ने बताया अबरार को क्यों खरीदा  विवाद के बीच टीम के हेड कोच डेन‍ियल व‍िटोरी ने भी इस फैसले पर सफाई दी. उन्होंने बताया कि टीम की पहली पसंद इंग्लैंड के स्टार स्पिनर आद‍िल रशीद थे. लेकिन ऑक्शन में उन्हें साउदर्न ब्रेव ने खरीद लिया. इसके बाद सनराइजर्स लीड्स ने विदेशी स्पिनर के विकल्पों पर ध्यान दिया और आखिरकार अबरार अहमद को टीम में शामिल किया।  विटोरी ने कहा कि टीम की रणनीति शुरू से ही एक प्रमुख स्पिनर लेने की थी. उन्होंने बताया कि टीम के पास चार-पांच विकल्प थे, जिनमें बांग्लादेश के र‍िशाद हुसैन, पाकिस्तान के उस्मान तार‍िक और अबरार अहमद शामिल थे।  सनराइजर्स लीड्स X अकाउंट भी सस्पेंड अबरार अहमद को खरीदने के बाद भारत में सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी देखने को मिली. इसी बीच सनराइजर्स लीड्स का आधिकारिक X (एक्स) अकाउंट भी सस्पेंड हो गया, जिससे विवाद और बढ़ गया. हालांकि अकाउंट सस्पेंड होने की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।  विटोरी ने साफ कहा कि ऑक्शन से पहले पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेकर टीम मैनेजमेंट के बीच कोई चर्चा नहीं हुई थी और खिलाड़ियों का चयन सिर्फ क्रिकेटिंग जरूरतों के आधार पर किया गया.उन्होंने कहा कि अबरार अहमद की गेंदबाजी में काफी वैराइटी है और वह पावरप्ले या मिडिल ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं, जो हेडिंग्ले मैदान जैसे पिच पर टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।  गौरतलब है कि 'द हंड्रेड' ऑक्शन में अबरार अहमद दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी रहे जिन्हें खरीदा गया. उनसे पहले बर्म‍िंघम फीन‍िक्स ने उस्मान तारिक को अपनी टीम में शामिल किया था।