samacharsecretary.com

ज्येष्ठ मास की शुरुआत के साथ 19 साल बाद बना अधिक मास का संयोग, बदलेगा त्योहारों का कैलेंडर

 सीकर आज यानी 2 मई से ज्येष्ठ मास की शुरुआत हो रही है, जिसका हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व है. इस बार 19 साल बाद 'अधिक मास' का विशेष संयोग बन रहा है, जिसके चलते पूरे साल के त्योहारों का कैलेंडर बदल गया है. अगले 15 दिनों तक तो मांगलिक कार्य हो सकेंगे, लेकिन 17 मई से 15 जून तक विवाह, मुंडन और गृह प्रवेश जैसे शुभ कार्यों पर पूरी तरह रोक रहेगी. अगस्त के अंत में रक्षा बंधन, नवंबर में दीपावली अधिक मास के प्रभाव से इस साल रक्षाबंधन अगस्त के अंत में और दीपावली अक्टूबर की जगह नवंबर में मनाई जाएगी. मान्यताओं के अनुसार, अधिक मास में भगवान विष्णु की आराधना और दान-पुण्य का अक्षय फल मिलता है. खाटूश्यामजी मंदिर में क्यों बदला आरती का समय? जेठ के महीने में पड़ रही भीषण गर्मी और अधिक मास के धार्मिक महत्व को देखते हुए सीकर जिले के प्रसिद्ध खाटू धाम में आरती के समय में परिवर्तन किया गया है. श्री श्याम मंदिर कमेटी से मिली जानकारी के अनुसार, अब बाबा श्याम की श्रृंगार आरती प्रातः सुबह 7:00 बजे होगी. वहीं, सायंकालीन संध्या आरती अब शाम को 7:30 बजे की जाएगी. मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि भक्त भीषण गर्मी से बच सकें. श्रद्धालुओं के लिए मंदिर कमेटी के विशेष इंतजाम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि ज्येष्ठ माह की तपती गर्मी को देखते हुए श्याम भक्तों के लिए मंदिर परिसर में कूलर और पंखों की पुख्ता व्यवस्था की गई है. भक्तों को राहत देने के लिए तोरण द्वार से लेकर मंदिर आने तक के सभी मुख्य मार्गों पर समय-समय पर पानी का छिड़काव करवाया जा रहा है. इसके अलावा अधिक मास में दान-पुण्य की विशेष महत्ता को देखते हुए मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है, जिसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. क्या होता है अधिक मास और क्यों बढ़ जाते हैं दिन? ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सौर वर्ष और चंद्र वर्ष के बीच सामंजस्य बिठाने के लिए हर तीसरे वर्ष पंचांग में एक अतिरिक्त महीना जोड़ दिया जाता है, जिसे 'अधिक मास' या 'मलमास' कहा जाता है. सौर वर्ष 365 दिन का होता है, जबकि चंद्र वर्ष करीब 354 दिनों का. इस 11 दिन के अंतर को पाटने के लिए हर तीन साल में एक महीना बढ़ जाता है. इस बार यह संयोग 19 साल बाद आया है, जो धार्मिक दृष्टि से विष्णु पूजा के लिए सर्वश्रेष्ठ माना जाता है.

ब्रह्म मुहूर्त में उठने के फायदे: मानसिक शांति से लेकर बढ़ती एकाग्रता तक

  सुबह की वह घड़ी, जब दुनिया अभी पूरी तरह जागी नहीं होती, हवा में हल्की ठंडक होती है और हर तरफ सुकून पसरा रहता है यही समय है ब्रह्म मुहूर्त का। यह वह पल है जब प्रकृति आपको खुद से जुड़ने का मौका देती है। सूर्योदय से करीब डेढ़ घंटे पहले आने वाला यह समय मानसिक और शारीरिक संतुलन के लिए बेहद खास माना जाता है। ब्रह्म मुहूर्त क्यों है इतना खास? प्राचीन समय में ऋषि-मुनि इसे साधना और ज्ञान का श्रेष्ठ समय मानते थे। आज के दौर में भी इसकी अहमियत बनी हुई है। इस समय वातावरण शांत होता है, दिमाग तरोताजा रहता है और शरीर पूरी नींद के बाद सक्रिय होता है। इसलिए इस दौरान किया गया हर काम ज्यादा प्रभावी होता है। वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि सुबह जल्दी उठने से दिमाग अधिक एक्टिव रहता है, तनाव कम होता है और दिन की शुरुआत सकारात्मक होती है। जो लोग इस समय उठते हैं, उनकी दिनचर्या अधिक संतुलित और ऊर्जा से भरी रहती है। ब्रह्म मुहूर्त में क्या करें? इस समय की शुरुआत कुछ पल शांति से बैठकर करें। ध्यान या मेडिटेशन करने से मन स्थिर होता है और सोच स्पष्ट होती है। इसके बाद हल्का योग या प्राणायाम शरीर को एक्टिव करता है। अगर आप आध्यात्मिक झुकाव रखते हैं, तो पूजा, मंत्र जाप या ध्यान इस समय करना और भी लाभकारी माना जाता है। किन गलतियों से बचना जरूरी है? अलार्म बंद करके दोबारा सो जाना इस समय की सबसे बड़ी गलती है। उठते ही मोबाइल चलाना या नकारात्मक खबरें देखना भी दिमाग पर बुरा असर डालता है। इसके अलावा गुस्सा करना, बहस करना या नकारात्मक सोच रखना पूरे दिन के मूड को बिगाड़ सकता है। इस समय भारी भोजन करने से भी बचना चाहिए। पढ़ाई और क्रिएटिव काम के लिए बेस्ट टाइम ब्रह्म मुहूर्त में दिमाग सबसे ज्यादा शांत और केंद्रित होता है, इसलिए यह पढ़ाई और रचनात्मक कार्यों के लिए आदर्श समय है। छात्रों के लिए यह समय खास फायदेमंद है, क्योंकि याददाश्त और समझने की क्षमता बेहतर होती है। आध्यात्मिकता और आधुनिक सोच का मेल कई लोग इसे देवताओं का समय मानते हैं और इस दौरान पूजा-पाठ को विशेष फलदायी बताते हैं। वहीं आधुनिक नजरिए से देखा जाए तो यह समय मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी है। सुबह की सकारात्मक शुरुआत पूरे दिन को बेहतर बना देती है।   कैसे डालें ब्रह्म मुहूर्त में उठने की आदत? इस आदत को अपनाने के लिए धीरे-धीरे अपनी दिनचर्या बदलें। रात को समय पर सोएं और सोने से पहले मोबाइल का इस्तेमाल कम करें। अलार्म लगाकर उठें और तुरंत बिस्तर छोड़ दें। कुछ दिनों के अभ्यास के बाद यह आपकी लाइफस्टाइल का हिस्सा बन जाएगा।

शनि जयंती 2026: इस बार बन रहा है दुर्लभ संयोग, जानें तिथि और पूजा मुहूर्त

शनि देव को कर्मफलदाता और न्याय का देवता माना जाता है, जिनकी पूजा विशेष रूप से जीवन में अनुशासन, धैर्य और कर्मों के फल से जुड़ी होती है। मान्यता है कि शनि देव का जन्म ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को हुआ था, इसलिए हर वर्ष इसी दिन शनि जयंती मनाई जाती है। इस बार शनि जयंती पर तीन अत्यंत शुभ संयोग बन रहे हैं, जिससे यह पर्व और भी अधिक महत्वपूर्ण और फलदायी माना जा रहा है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से शनि देव की पूजा और व्रत करने से जीवन के कष्टों में कमी आती है, साथ ही साढ़ेसाती और ढैय्या के नकारात्मक प्रभाव भी कम होते हैं। आइए जानते हैं पंचांग के अनुसार इस वर्ष शनि जयंती की सही तिथि, शुभ मुहूर्त और पूजा का महत्व क्या है। शनि जयंती तिथि ज्येष्ठ माह की अमावस्या तिथि आरंभ: 16 मई, शनिवार, प्रातः 05:11 से ज्येष्ठ माह की अमावस्या तिथि समाप्त:  17 मई , देर रात  01:30 तक शनि जयंती के शुभ योग     पंचांग के अनुसार 16 मई को शनि जयंती के साथ शनिश्चरी अमावस्या का भी योग बन रहा है, जिससे यह दिन दोगुना फलदायी हो गया है। शनि अमावस्या पर व्रत और शनि देव की पूजा का विशेष महत्व होता है, इसलिए इस बार का संयोग भक्तों के लिए अत्यंत शुभ माना जा रहा है।     इसके अलावा इस दिन सौभाग्य योग और शोभन योग भी बन रहे हैं। सौभाग्य योग 15 मई दोपहर 2:21 बजे से 16 मई सुबह 10:26 बजे तक रहेगा, जिसके बाद शोभन योग शुरू होगा और यह 17 मई सुबह 6:15 बजे तक प्रभावी रहेगा। इन दोनों योगों को शुभ कार्यों और पूजा-पाठ के लिए अत्यंत लाभकारी माना जाता है। शनि जयंती के दिन भरणी नक्षत्र प्रातःकाल से लेकर शाम 5:30 बजे तक रहेगा, इसके बाद कृत्तिका नक्षत्र का प्रभाव शुरू होगा। भरणी नक्षत्र के स्वामी शुक्र और देवता यमराज माने जाते हैं, जबकि कृत्तिका नक्षत्र के स्वामी सूर्य और देवता अग्नि हैं। इन सभी संयोगों के कारण इस वर्ष शनि जयंती का महत्व और भी अधिक बढ़ गया है। शनि जयंती पूजा मुहूर्त     शुभ-उत्तम मुहूर्त: प्रातः  07:12 से प्रातः  08:54 तक     चर-सामान्य मुहूर्त:  दोपहर 12:18 से दोपहर 02:00 तक     लाभ-उन्नति मुहूर्त: दोपहर 02:00 से दोपहर 03:42 तक     अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त: दोपहर 03:42 से सायं  05:23 तक     शनि जयंती पर ब्रह्म मुहूर्त:  प्रातः 04:07 से  04:48  तक       अभिजीत मुहूर्त: 11:50 से दोपहर 12:45 तक शनि जयंती महत्व शनि जयंती का महत्व अत्यंत गहरा और आध्यात्मिक माना जाता है। इस दिन भक्त विशेष रूप से शनि देव की पूजा-अर्चना करते हैं और उनके मंत्रों का जाप करके उनसे कृपा और कष्टों से मुक्ति की कामना करते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, शनि देव अपनी माता छाया के साथ हुए अपमान से क्रोधित होकर अपने पिता सूर्य देव से विरक्त हो गए थे। बाद में उन्होंने कठोर तपस्या कर भगवान शिव से न्याय के देवता का स्थान प्राप्त किया और ग्रहों में विशेष स्थान एवं कर्मफल दाता का वरदान पाया। इसी कारण शनि देव को जीवन में अनुशासन, न्याय और कर्मों के संतुलन का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि शनि जयंती के दिन विधिवत पूजा करने से साढ़ेसाती और ढैय्या के अशुभ प्रभावों में कमी आती है।   शनि जयंती पूजा विधि     सुबह जल्दी उठकर हनुमान जी की पूजा करें और दिन की शुरुआत व्रत के साथ करें।     पूरे दिन उपवास रखने का विधान है, जिससे मन और शरीर शुद्ध रहता है।     शाम के समय शनि मंदिर जाकर शनि देव को तिल, उड़द दाल, काली मिर्च, सरसों का तेल और लौंग अर्पित करें।     “ॐ प्रां प्रीं प्रौं सः शनैश्चराय नमः” मंत्र का जाप करते हुए शनि देव को प्रसन्न करने का प्रयास करें।     शनि देव से संबंधित वस्तुएं जैसे लोहे का सामान, काला तिल, जामुन, काले जूते और सरसों का तेल दान करना शुभ माना जाता है।     पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं और शनि स्तोत्र का पाठ करें।  

“गर्मी में AC-कूलर और फ्रिज से जुड़े वास्तु नियम: गलत दिशा से हो सकता है धन और स्वास्थ्य पर असर”

गर्मी से राहत पाने के लिए हम AC और कूलर का सहारा तो लेते हैं, लेकिन वास्तु की अनदेखी हमें महंगी पड़ सकती है. वास्तु विज्ञान मानता है कि बिजली से चलने वाले ये उपकरण ऊर्जा का एक विशेष चक्र बनाते हैं. यदि इन्हें सही दिशा न मिले, तो यह सकारात्मक ऊर्जा को खत्म कर देते हैं, जिससे घर में बिना वजह कलह और धन की हानि होने लगती है. अगर आप भी इस गर्मी में खुद को और अपनी जेब को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो इन उपकरणों को रखने से पहले वास्तु के ये नियम जरूर जान लें. एसी (AC) और कूलर वास्तु विज्ञान की दृष्टि से देखें तो एसी और कूलर का सीधा संबंध वायु और अग्नि के संतुलन से है. चूंकि ये बिजली से चलते हैं, इसलिए इनमें अग्नि तत्व है और चूंकि ये हवा देते हैं, इसलिए इनमें वायु तत्व भी समाहित है. सबसे उत्तम दिशा: एसी लगाने के लिए उत्तर-पश्चिम (वायव्य कोण) दिशा को सबसे श्रेष्ठ माना गया है.  चूँकि यह वायु की ही दिशा है, इसलिए यहां लगा एसी घर में शीतलता के साथ-साथ मानसिक शांति भी लाता है. दूसरा विकल्प: आप इसे दक्षिण-पूर्व (आग्नेय कोण) में भी लगवा सकते हैं, क्योंकि यह बिजली के उपकरणों का प्राकृतिक स्थान माना जाता है. यहाँ भूलकर भी न लगाएं: एसी को कभी भी पश्चिम दिशा की दीवार पर न टांगें.  माना जाता है कि इस दिशा में लगा एसी सुख-सुविधाओं पर फिजूलखर्ची बढ़ाता है और घर की बरकत को धीरे-धीरे खत्म कर देता है. टपकता पानी है खतरे की घंटी: ध्यान रखें कि आपके एसी से पानी का रिसाव (Leakage) न हो रहा हो.  वास्तु के अनुसार, टपकता हुआ पानी आर्थिक नुकसान और घर के सदस्यों में स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत होता है. रेफ्रिजरेटर (Fridge): आज के दौर में फ्रिज को हम अन्नपूर्णा का आधुनिक रूप मान सकते हैं, क्योंकि यह हमारे भोजन को सुरक्षित और ताजा रखता है. इसकी गलत दिशा न केवल खाने की गुणवत्ता बल्कि घर के सदस्यों की सेहत को भी सीधे तौर पर प्रभावित करती है. उत्तम स्थान: वास्तु के अनुसार फ्रिज रखने के लिए पश्चिम या उत्तर-पश्चिम दिशा सबसे उत्तम है. दरवाजे का नियम: फ्रिज को इस तरह रखें कि उसका दरवाजा खोलते समय उसका मुख हमेशा पूर्व (East) की ओर हो. पूर्व दिशा से आने वाली सकारात्मक ऊर्जा भोजन की सात्विकता और शुद्धता को बनाए रखती है. ईशान कोण से दूरी: फ्रिज को कभी भी उत्तर-पूर्व (ईशान कोण) में न रखें. यह कोना पूजा-पाठ और ध्यान के लिए समर्पित होता है; यहां भारी मशीन रखने से घर की उन्नति रुक सकती है. दीवार से सटाकर न रखें: फ्रिज को कभी भी दीवार से एकदम चिपकाकर नहीं रखना चाहिए. ऊर्जा का प्रवाह निर्बाध बना रहे, इसके लिए फ्रिज और दीवार के बीच कम से कम एक फीट की दूरी जरूर रखें.

शनि जयंती 2026: चंद्र गोचर से वृषभ समेत 4 राशियों की खुलेगी किस्मत

साल 2026 की शनि जयंती ज्योतिषीय दृष्टि से एक ऐतिहासिक संयोग लेकर आ रही है. इस बार शनि जयंती 16 मई 2026, शनिवार को मनाई जाएगी. शनिवार के दिन ही शनि जन्मोत्सव का होना अपने आप में बेहद शुभ और दुर्लभ माना जाता है. इसी पावन अवसर पर चंद्रमा का राशि परिवर्तन यानी चंद्र गोचर (Chandra Gochar) होने जा रहा है, जो 4 खास राशियों के लिए कुबेर का खजाना खोलने वाला साबित होगा. शनि जयंती 2026: तिथि, गोचर और शुभ मुहूर्त ज्योतिष गणना के अनुसार, इस दिन ग्रहों की स्थिति बहुत महत्वपूर्ण है: शनि जयंती तिथि: 16 मई 2026, शनिवार अमावस्या तिथि प्रारंभ: 16 मई 2026 को सुबह 05:11 बजे से अमावस्या तिथि समाप्त: 17 मई 2026 को तड़के 01:30 बजे तक चंद्र गोचर का समय: शनि जयंती के दिन शाम को 5 बजकर 29 मिनट पर चंद्र ग्रह का गोचर होगा. वृषभ में प्रवेश: इसके बाद रात 10 बजकर 46 मिनट पर चंद्रमा वृषभ राशि में प्रवेश कर जाएंगे. नक्षत्र परिवर्तन: शाम के समय चंद्र देव कृत्तिका नक्षत्र में प्रवेश करेंगे, जो इस दिन के महत्व को और बढ़ा देगा. 1. वृषभ राशि: बरसेगा अपार धन वृषभ राशि वालों के लिए यह गोचर किसी लॉटरी से कम नहीं है. आर्थिक तंगी दूर होगी और पुराने निवेश से मोटा मुनाफा मिलने के संकेत हैं. शनि जयंती के बाद से आपके बैंक बैलेंस में बढ़ोतरी देखी जा सकती है. 2. मिथुन राशि: चमकेगा करियर का सितारा नौकरीपेशा जातकों के लिए यह समय बड़ी तरक्की का है. वर्कप्लेस पर आपके काम की तारीफ होगी और पदोन्नति (Promotion) के प्रबल योग बनेंगे. जो लोग नई नौकरी की तलाश में हैं, उन्हें मनचाहा ऑफर मिल सकता है. 3. सिंह राशि: अटके हुए काम होंगे पूरे सिंह राशि के जातकों के लिए आत्मविश्वास में वृद्धि का समय है. लंबे समय से कोर्ट-कचहरी या जमीन-जायदाद के जो मामले अटके हुए थे, वे अब आपके पक्ष में सुलझ सकते हैं. समाज में आपका दबदबा बढ़ेगा. 4. धनु राशि: भाग्य का मिलेगा डबल साथ धनु राशि वालों के लिए शनि जयंती से शुरू हो रहा यह समय सुखद रहेगा. भाग्य का साथ मिलने से आपके बिगड़े काम बनने लगेंगे. अचानक धन लाभ की संभावना है और धार्मिक यात्राओं के भी योग बन रहे हैं.

मई 2026 में बनेगा लक्ष्मी-नारायण राजयोग, मिथुन सहित 4 राशियों की बदलेगी किस्मत

ज्योतिष के नजरिए से मई का महीना बेहद खास माना जा रहा है. यह महीना कई लोगों के जीवन में बड़े बदलाव लेकर आ सकता है. दरअसल, मई महीने के अंत में बनने वाला लक्ष्मी-नारायण राजयोग कई लोगों के लिए सौभाग्य लेकर आएगा. ज्योतिष के अनुसार, जब धन, सुख और वैभव के कारक ग्रह शुक्र और बुद्धि, व्यापार व संवाद के कारक ग्रह बुध एक ही राशि में आ जाते हैं, तो लक्ष्मी-नारायण राजयोग बनता है. द्रिक पंचांग के अनुसार, 14 मई 2026 को शुक्र मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे और 29 मई को बुध भी इसी राशि में आ जाएंगे. इन दोनों ग्रहों की युति से यह शक्तिशाली राजयोग बनेगा, जिसका असर कुछ राशियों पर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है. मिथुन राशि मिथुन राशि वालों के लिए यह समय काफी अच्छा माना जा रहा है. रुके हुए काम फिर से गति पकड़ सकते हैं. नौकरी और बिजनेस दोनों में नए अवसर मिलने के संकेत हैं. प्रमोशन या नई जिम्मेदारी भी मिल सकती है. पढ़ाई कर रहे लोगों को सफलता मिल सकती है और मानसिक तनाव में भी कमी आएगी. कन्या राशि कन्या राशि वालों के लिए मेहनत का सही परिणाम मिलने का समय है. करियर में आगे बढ़ने के मौके बन सकते हैं. समाज या राजनीति से जुड़े लोगों के लिए यह समय खास रहेगा. किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह से बड़ा फायदा मिल सकता है और आपके काम की सराहना बढ़ेगी. तुला राशि तुला राशि के जातकों के लिए आर्थिक स्थिति मजबूत होने के संकेत हैं. आय के नए स्रोत बन सकते हैं और निवेश से लाभ मिल सकता है. प्रॉपर्टी या बिजनेस से जुड़े फैसले फायदेमंद हो सकते हैं. यात्रा के योग भी बन रहे हैं और पुरानी परेशानियों से राहत मिल सकती है. धनु राशि धनु राशि वालों के लिए यह समय खुशियों से भरा रह सकता है. व्यापार में लाभ और नए अवसर मिलने के संकेत हैं. पार्टनरशिप में सफलता मिल सकती है. रिश्तों में भी सुधार देखने को मिलेगा और जीवन में सकारात्मक बदलाव आएंगे. सेहत का ध्यान रखना जरूरी रहेगा. क्यों खास है लक्ष्मी-नारायण राजयोग? ज्योतिष में लक्ष्मी-नारायण राजयोग को बहुत शुभ माना जाता है क्योंकि इसमें धन और बुद्धि दोनों का संतुलन बनता है. इससे व्यक्ति को सही फैसले लेने में मदद मिलती है और आर्थिक स्थिति मजबूत होने के योग बनते हैं. जीवन में स्थिरता, सफलता और नए अवसर बढ़ते हैं.

आज का राशिफल 2 मई: कई राशियों को मिलेगा लाभ, कुछ को रहेंगी चुनौतियाँ

मेष राशि- आज आपका दिन ऊर्जा से भरपूर रहेगा। किसी पुराने काम में सफलता मिलने से आत्मविश्वास बढ़ेगा। लव लाइफ में सकारात्मक बदलाव आएंगे। करियर में नए अवसर मिल सकते हैं, बस जल्दबाजी से बचें। आर्थिक स्थिति स्थिर रहेगी और सेहत अच्छी रहेगी। वृषभ राशि- आज का दिन आपके लिए संतुलित रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत रंग लाएगी और सीनियर्स से सराहना मिल सकती है। पैसों के मामले में लाभ होगा, लेकिन फिजूल खर्च से बचें। अपनों के साथ वक्त बिताने का मौका मिलेगा। ओवरथिंकिंग से बचें। मिथुन राशि- आज आपको अपने फैसलों में सोच-समझकर आगे बढ़ना होगा। काम में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। आर्थिक मामलों में सतर्क रहें। मन थोड़ा अस्थिर रह सकता है लेकिन परिवार और पार्टनर का साथ आपको संभाल लेगा। खानपान को ठीक करें। कर्क राशि- आज का दिन थोड़ा व्यस्त रह सकता है। ऑफिस में काम का प्रेशर बढ़ेगा लेकिन आप अपनी समझदारी से सब संभाल लेंगे। रिश्तों में सुधार आएगा। सेहत को लेकर लापरवाही ना करें और आराम के लिए समय निकालें। खुद को समय दें और हर चीज के बारे में इतना ना सोचें। सिंह राशि- आज आपके लिए ग्रोथ के संकेत हैं। कोई नई प्लानिंग सफल हो सकती है। आर्थिक लाभ के योग बन रहे हैं। दोस्तों का सहयोग मिलेगा। लव लाइफ में सकारात्मक बदलाव आएंगे और मन प्रसन्न रहेगा। कन्या राशि- आज आपका ध्यान काम पर ही फोकस्ड रहेगा। मेहनत का अच्छा रिजल्ट मिल सकता है। रिश्तों में छोटी-मोटी गलतफहमियां हो सकती हैं जिन्हें बातचीत से सुलझाया जा सकता है। सेहत सामान्य रहेगी। पार्टनर को आज कहीं घुमाने ले जाएं। खानपान संबंधी आदतें अब सुधार लें। तुला राशि- आज का दिन सावधानी से बिताने का है। किसी भी बड़े फैसले को फिलहाल टालना बेहतर रहेगा। काम में थोड़ा तनाव हो सकता है लेकिन धैर्य बनाए रखें। रिश्तों में समझदारी से काम लें। आज तला-भुना खाने से बचें। वृश्चिक राशि- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा। परिवार में थोड़ा तनाव हो सकता है लेकिन समझदारी से स्थिति संभल जाएगी। कोई नया अवसर सामने आ सकता है। मौके को समय रहते भांप लें। आज लिया गया फैसला आपके आने वाले दिनों को नई दिशा दे सकता है। धनु राशि- आज का दिन सामान्य रहेगा। काम में थोड़ी धीमी गति रह सकती है लेकिन धीरे-धीरे चीजें सुधरेंगी। पैसों से जुड़े मामलों में संतुलन बनाए रखें। रिश्तों में ईमानदारी बनाए रखना जरूरी होगा। पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में सही बैलेंस आप बना लेंगे और इससे कई चीजें आसान होंगी। मकर राशि- आज आपके लिए दिन सकारात्मक रहेगा। नए काम की शुरुआत के संकेत मिल सकते हैं। पार्टनर का सहयोग मिलेगा। करियर में आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। अपनों के साथ वक्त बीतेगा। लोगों की बातें सुनकर अपने फैसलों में बदलाव ना करें। कुंभ राशि- आज आपको थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है। पैसों को लेकर सोच-समझकर फैसले लें। काम में जल्दबाजी नुकसान दे सकती है। रिश्तों में धैर्य बनाए रखें और यात्रा के दौरान सावधानी बरतें। मीन राशि- आज का दिन आपके लिए शुभ संकेत लेकर आएगा। लव लाइफ में नजदीकियां बढ़ेगी और काम में सफलता मिलेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आत्मविश्वास बढ़ेगा और परिवार का सहयोग मिलेगा। कुल मिलाकर आज का दिन आपके लिए लकी है।

चाणक्य नीति से आज का संदेश: मेहनत, दिशा और नियंत्रण जरूरी

आज का सुविचार चाणक्य नीति से लिया गया है, जो सीधी भाषा में जिंदगी का बड़ा सच बता देता है। श्लोक कहता है- आलस्य से विद्या खत्म हो जाती है, दूसरे के हाथ में गया धन बेकार हो जाता है, कम बीज से खेत नहीं फलता और बिना नेता की सेना टिक नहीं पाती है। मतलब साफ है- सिर्फ साधन होना काफी नहीं, सही उपयोग और सही दिशा भी उतनी ही जरूरी है। चाणक्य की खास बात यही है कि वो बड़ी बात को छोटे उदाहरण में समझा देते हैं। यहां भी उन्होंने चार-पांच अलग-अलग बातें कही हैं, लेकिन सबका मतलब एक ही है- अगर मेहनत, नियंत्रण और सही माहौल नहीं है, तो ताकत भी बेकार हो जाती है। सबसे पहले बात विद्या की। आज भी हम देखते हैं कि कई लोग पढ़े-लिखे होते हैं, लेकिन आगे नहीं बढ़ पाते। वजह सीधी है- आलस्य। ज्ञान तभी काम आता है जब उसे लगातार इस्तेमाल किया जाए। अगर पढ़ाई करने के बाद इंसान ढीला पड़ जाए, तो धीरे-धीरे वही ज्ञान कमजोर पड़ जाता है। चाणक्य यही कह रहे हैं कि विद्या अपने आप नहीं चलती, उसे रोज मेहनत से जिंदा रखना पड़ता है। अब बात धन की। चाणक्य कहते हैं कि जो पैसा अपने हाथ में नहीं, उसका कोई मतलब नहीं। इसका सीधा मतलब सिर्फ चोरी या नुकसान नहीं है, बल्कि यह भी है कि अगर आपके फैसले पर आपका नियंत्रण नहीं है, तो आपका धन भी आपके काम का नहीं रहेगा। आज के समय में इसे ऐसे समझ सकते हैं कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना कितना जरूरी है। तीसरी बात बीज और खेत की है। अगर बीज कम है या जमीन ठीक नहीं है, तो फसल अच्छी नहीं होगी। यह बात जिंदगी पर भी लागू होती है। सिर्फ टैलेंट होना काफी नहीं है, सही माहौल और मौके भी मिलने चाहिए। अगर किसी को सही दिशा नहीं मिलेगी, तो उसकी क्षमता भी धीरे-धीरे खत्म हो सकती है। सबसे असरदार उदाहरण सेना का है। बिना नेता की सेना सिर्फ भीड़ बन जाती है। इसका मतलब यह है कि हर काम में एक सही मार्गदर्शन जरूरी होता है। चाहे परिवार हो, ऑफिस हो या देश- अगर नेतृत्व सही नहीं है, तो चीजें बिखरने लगती हैं। कुल मिलाकर, यह सुविचार यही सिखाता है कि जिंदगी में संतुलन जरूरी है। मेहनत, नियंत्रण, सही माहौल और सही दिशा- ये चार चीजें साथ हों, तभी सफलता मिलती है। अगर इनमें से एक भी चीज कमजोर पड़ जाए, तो बाकी सब होने के बाद भी परिणाम सही नहीं आता। यही वजह है कि चाणक्य की बातें आज भी उतनी ही काम की लगती हैं, जितनी उस समय थीं।

बुद्ध पूर्णिमा 2026: घर में बुद्ध की मूर्ति रखने का सही तरीका और महत्व

 आज बुद्ध पूर्णिमा का बड़ा ही पावन दिन है. आज ही के दिन भगवान बुद्ध का जन्म हुआ, उन्हें ज्ञान मिला और आज ही उन्होंने निर्वाण भी प्राप्त किया. दुनिया भर में लोग आज के दिन को शांति और भाईचारे के प्रतीक के रूप में मनाते हैं. ऐसे में बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर घर में बुद्ध की मूर्ति लाना बहुत शुभ माना जाता है. लेकिन घर में बुद्ध की मूर्ति लगाते वक्त ध्यान रखना जरूरी है कि यह सिर्फ सजावट की चीज़ नहीं है, बल्कि घर में एक सकारात्मक ऊर्जा और सुकून लेकर आती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बुद्ध की हर मूर्ति का अपना एक खास मतलब होता है? आज इस खास मौके पर चलिए जानते हैं कि आपको अपने घर के लिए कौन सी बुद्ध प्रतिमा चुननी चाहिए और उसे रखने का सही तरीका क्या है. बुद्ध की अलग-अलग मुद्राएं: किसका क्या है मतलब? बुद्ध की हर प्रतिमा में उनके हाथों की स्थिति (मुद्रा) एक अलग संदेश देती है. इसलिए अपनी जरूरत के हिसाब से सही मूर्ति चुनना बेहद जरूरी है. ध्यान बुद्ध (Meditating Buddha): अगर आप चाहते हैं कि घर में शांति रहे और आपका मन काम में लगे, तो पद्मासन में बैठे बुद्ध की यह मूर्ति बेस्ट है. इसे घर के किसी शांत कोने या पूजा घर में रखें. अभय बुद्ध (Protection Buddha): इस मूर्ति में बुद्ध का दाहिना हाथ उठा हुआ होता है. यह आशीर्वाद और सुरक्षा का प्रतीक है.  अगर आपको डर लगता है या आत्मविश्वास की कमी महसूस होती है, तो इसे घर के मुख्य द्वार के पास रखें. भूमिस्पर्श बुद्ध (Earth Touching Buddha): इसमें बुद्ध का हाथ ज़मीन को छू रहा होता है. यह मुद्रा अटूट विश्वास और सच्चाई को दर्शाती है. यह ज्ञान की तलाश करने वालों के लिए बहुत शुभ है. लेटे हुए बुद्ध (Reclining Buddha): यह मूर्ति बुद्ध के निर्वाण काल को दर्शाती है. यह आंतरिक शांति और सद्भाव का प्रतीक है.  इसे अपने लिविंग रूम में इस तरह रखें कि उनका चेहरा दाईं  ओर हो. वरद मुद्रा (Medicine Buddha): इसमें बुद्ध का हाथ नीचे की ओर खुला होता है. अगर घर में कोई बीमार रहता है या आप अच्छी सेहत चाहते हैं, तो यह प्रतिमा उपचार और करुणा का प्रतीक मानी जाती है. बुद्ध सिर या बुद्ध प्रतिमा (Buddha Bust/Head Statue): बुद्ध का सिर या बस्ट प्रतिमा उनके अपार ज्ञान और बुद्धत्व  को दर्शाती है.  यह हमें हमेशा याद दिलाती है कि शांति की शुरुआत हमारे दिमाग और सोच से होती है. कहाँ रखें: अगर आपके पास छोटी बुद्ध हेड प्रतिमा है, तो इसे किसी मेज या वेदी पर रख सकते हैं.  वहीं, अगर आप बड़ी प्रतिमा ला रहे हैं, तो इसे अपने घर या ऑफिस के हॉल के बीचों-बीच एक सेंटरपीस के तौर पर लगाएं. यह न केवल माहौल को सुंदर बनाती है, बल्कि वहाँ आने-जाने वालों को शांति का अहसास भी कराती है.  कैसी होनी चाहिए मूर्ति की बनावट ? आप मूर्ति कहाँ रख रहे हैं, उसके हिसाब से सही धातु या चीज़ का चुनाव करें. धातु : घर के अंदर के लिए पीतल या तांबे की मूर्तियाँ सबसे शुभ मानी जाती हैं. पत्थर : अगर आप बालकनी या बगीचे  में बुद्ध को स्थापित करना चाहते हैं, तो पत्थर की मूर्ति ही चुनें. लकड़ी : प्राकृतिक अहसास और घर के माहौल को हल्का रखने के लिए लकड़ी की मूर्तियाँ बेहतरीन होती हैं. वास्तु का रखें ध्यान: कहाँ रखें और कहाँ नहीं? मूर्ति को घर में स्थापित करते समय इन 3 बातों का गांठ बांध लें. ऊंचाई पर रखें: बुद्ध को कभी भी सीधे ज़मीन पर न रखें.  उन्हें हमेशा आंखों के स्तर पर किसी ऊंची टेबल, स्टैंड या वेदी पर ही जगह दें. सही दिशा: मूर्ति का चेहरा हमेशा पूर्व  दिशा की ओर होना चाहिए.  अगर संभव न हो, तो इसे घर के मुख्य द्वार की तरफ रखें ताकि सकारात्मक ऊर्जा अंदर आए. इन जगहों से बचें: भूलकर भी बुद्ध की प्रतिमा को बेडरूम, बाथरूम या किचन में न रखें.  उन्हें हमेशा साफ-सुथरी और शांत जगह पर ही रखें.

बड़ा मंगल 2026: सुंदरकांड की 5 शक्तिशाली चौपाइयां और उनका महत्व

4 मई 2026 को पहला बड़ा मंगल है। ज्येष्ठ माह के मंगलवार पर हनुमान जी की विशेष पूजा- अर्चना की जाती है। बड़ा मंगल पर आप सुंदरकांड की कुछ शक्तिशाली चौपाइयों का पाठ कर हनुमान जी के साथ भगवान राम की भी कृपा पा सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में विस्तार से। बड़ा मंगल हिंदू धर्म में हनुमान जी की विशेष उपासना का दिन है। ज्येष्ठ माह के हर मंगलवार को मनाए जाने वाले इस व्रत में भक्त हनुमान जी के साथ-साथ भगवान राम की कृपा भी प्राप्त करते हैं। साल 2026 में पहला बड़ा मंगल 4 मई 2026 को है। इस दिन सुंदरकांड का पाठ करने से हनुमान जी की कृपा के साथ राम जी की विशेष अनुकंपा प्राप्त होती है। सुंदरकांड में कुछ खास चौपाइयां ऐसी हैं, जिनका पाठ करने से भक्तों के संकट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। बड़ा मंगल का महत्व बड़ा मंगल सामान्य मंगलवार से ज्यादा शक्तिशाली माना जाता है। इस दिन हनुमान जी की पूजा के साथ राम-सीता और लक्ष्मण जी की भी आराधना की जाती है। मान्यता है कि इस दिन सुंदरकांड पढ़ने या सुनने से भक्त को राम जी की कृपा सीधे प्राप्त होती है। खासकर पहला बड़ा मंगल संकल्प और नई शुरुआत के लिए बहुत शुभ होता है। सुंदरकांड क्यों पढ़ा जाता है? सुंदरकांड रामायण का वह हिस्सा है, जिसमें हनुमान जी की वीरता, भक्ति और शक्ति का अद्भुत वर्णन है। यह कांड भक्तों को संकट से मुक्ति, साहस और विश्वास प्रदान करता है। बड़े मंगल के दिन सुंदरकांड का पाठ करने से हनुमान जी प्रसन्न होते हैं और भक्त की मनोकामना पूरी करते हैं। हनुमान जी की कृपा पाने वाली 5 खास चौपाइयां यहां 5 महत्वपूर्ण चौपाइयां दी गई हैं, जिनका पाठ बड़े मंगल के दिन विशेष रूप से फलदायी माना जाता है: 1. कवन सो काज कठिन जग माहीं। जो नहिं होइ तात तुम पाहीं।। यह चौपाई हनुमान जी की असीम शक्ति को दर्शाती है। सीता माता का पता लगाने के लिए समुद्र लांघकर लंका जाने के लिए हनुमान जी को जब उनके बल की याद जामवंत जी दिला रहे थे, तो उन्होंने बजरंबली से बोला था कि आपके लिए इस संसार में कोई भी कार्य कठिन नहीं है। मान्यता है कि हनुमान जी को उनकी वीरता याद दिलाने वाले इस चौपाई का पाठ करने से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। 2. प्रबिसि नगर कीजे सब काजा। हृदय राखि कोसलपुर राजा।। यह चौपाई हनुमान जी के लंका प्रवेश की है। इसमें भक्ति और सावधानी का सुंदर मेल दिखता है। हनुमान जी कहते हैं कि राम नाम को हृदय में रखकर कोई भी कार्य किया जाए, तो जहर अमृत बन जाता है, शत्रु मित्र बन जाते हैं और छोटा सा गोपद भी समुद्र के समान हो जाता है। मान्यता है कि इस चौपाई का पाठ करने से कार्य में सफलता और सुरक्षा मिलती है। 3. हनुमान तेहि परसा कर पुनि कीन्ह प्रनाम। राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहां विश्राम।। यह चौपाई हनुमान जी के समर्पण को दर्शाती है। जब हनुमान जी समुद्र पार कर रहे थे, तब मैनाक पर्वत ने उन्हें विश्राम करने का आमंत्रण दिया था। हनुमान जी मैनाक पर्वत से कहते हैं कि राम का काम पूरा किए बिना उन्हें विश्राम नहीं है। इसका पाठ करने से लक्ष्य के प्रति समर्पण बढ़ता है। 4. धरइ जो बिबिध देह सुरत्राता। तुम्ह से सठन्ह सिखावनु दाता॥ हर कोदंड कठिन जेहिं भंजा। तेहि समेत नृप दल मद गंजा॥ यह चौपाई हनुमान जी की राम भक्ति का सार है। रावण से श्रीराम जी का गुणगान करते हुए हनुमान जी कहते हैं कि जो अच्छे लोगों की रक्षा के लिए शरीर लेते हैं और अज्ञानियों को शिक्षा देते हैं। जिन्होंने शिवजी के कठोर धनुष को तोड़ डाला और उसी के साथ राजाओं के समूह का घमंड भी चूर कर दिया। वो भगवान हमेशा सच्चे और अच्छे लोगों का साथ देते हैं और बुरे काम करने वालो को सजा देते हैं। पाठ से भक्ति, विश्वास और शुद्धता बढ़ती है। 5. दीन दयाल बिरिदु संभारी। हरहु नाथ मम संकट भारी।। लंका दहन करने के बाद जब हनुमान जी वापस आने लगे, तो उस समय माता सीता नुमान जी से कहती हैं कि वे प्रभु श्रीराम को यह संदेश दें कि हे दुखियों पर दया करने वाले प्रभु! आप अपने दयालु स्वभाव की मर्यादा को याद रखें और मेरे इस भारी संकट को दूर कर दीजिए। यह चौपाई संकट मोचन हनुमान जी से सीधे प्रार्थना है। संकट के समय इसका पाठ करने से बहुत जल्दी राहत मिलती है। बड़े मंगल पर इन चौपाइयों का पाठ कैसे करें? 4 मई 2026 को सुबह स्नान के बाद लाल या केसरिया वस्त्र धारण करें। हनुमान जी की मूर्ति या चित्र के सामने घी का दीपक जलाएं। सुंदरकांड का पूरा पाठ करने के बाद ऊपर दी गई 5 चौपाइयों का 11, 21 या 108 बार जाप करें। अंत में हनुमान चालीसा का पाठ अवश्य करें। प्रसाद में बूंदी के लड्डू या केला चढ़ाएं। बड़े मंगल के लाभ     हनुमान जी और राम जी दोनों की कृपा प्राप्त होती है।     संकटों से मुक्ति मिलती है।     साहस, आत्मविश्वास और शक्ति बढ़ती है।     नौकरी, व्यापार और विवाह संबंधी बाधाएं दूर होती हैं।     मन में शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। अगर आप बड़े मंगल पर सुंदरकांड की इन 5 चौपाइयों का श्रद्धा से पाठ करेंगे, तो हनुमान जी की कृपा के साथ भगवान राम की विशेष अनुकंपा प्राप्त होगी। संकटों से मुक्ति और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए यह सरल लेकिन अत्यंत प्रभावी उपाय है।