samacharsecretary.com

2 फरवरी से शुरू होंगे 8वीं-10वीं और 12वीं के बोर्ड एग्जाम

लुधियाना. पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पी.एस.ई.बी.) ने फरवरी/मार्च 2026 में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शैड्यूल और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार, 8वीं, 10वीं और 12वीं श्रेणी की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 2 से 12 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में नियमित विद्यार्थियों के साथ-साथ ओपन स्कूल, कंपार्टमैंट, री-अपीयर और अतिरिक्त विषय वाले परीक्षार्थी भी शामिल होंगे।इस बार बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए शैक्षणिक सत्र 2025-26 से 12वीं श्रेणी के कम्प्यूटर साइंस विषय की प्रैक्टिकल परीक्षा भी एक्सटर्नल परीक्षकों (बाहरी स्टाफ) द्वारा लेने का निर्णय लिया है। ये परीक्षाएं विद्यार्थियों के 'सैल्फ सैंटर' में ही होंगी और इनके प्रश्न पत्र ऑनलाइन लिंक के माध्यम से भेजे जाएंगे। वहीं, 10वीं श्रेणी की कम्प्यूटर साइंस प्रैक्टिकल परीक्षा स्कूल स्तर पर ही होगी जिसके लिए परीक्षकों को परीक्षा की छोटी वीडियो क्लिप बनाकर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर बोर्ड को भेजी जा सकें। इन विषयों के लिए नियुक्त होंगे एक्सटर्नल परीक्षक 12वीं श्रेणी के मुख्य विषयों जैसे फिजिक्स, कैमिस्ट्री, बायोलॉजी, अकाऊंटैंसी-2, फंडामैंटल्स ऑफ ई-बिजनैस, होम साइंस और कम्प्यूटर एप्लीकेशन के लिए बोर्ड द्वारा एक्सटर्नल परीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। इसके लिए जिला शिक्षा अफसर सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के कम्प्यूटर लेक्चरर/अध्यापकों की ड्यूटी इंटरचेंज करके दूसरे स्कूलों में लगाएंगे। बाकी बचे अन्य विषयों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं स्कूल स्तर पर ही संबंधित विषयों के अध्यापकों द्वारा तैयार प्रश्न पत्रों के आधार पर ली जाएंगी। बोर्ड ने समूह जिला शिक्षा अफसर (स), समूह जिला मैनेजर (क्षेत्रीय दफ्तर) और पंजाब राज्य के समूह स्कूल प्रमुखों को इन हिदायतों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

सीएम ने जल रेखा ऐप से पाइपलाइन लीकेज की जांच कराने के निर्देश दिए, हर मंगलवार होगी ‘जल सुनवाई’

भोपाल  इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल से हुई मौतों के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने राज्यभर में जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है। शुरू किए गए ‘हर बूंद हो स्वच्छ और हर घूट हो स्वस्थ’ अभियान के प्रभाव के बाद अब राज्य सरकार ने भी प्रांतव्यापी स्वच्छ जल अभियान की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जल सुरक्षा, जल संरक्षण और जल सुनवाई के उद्देश्य से इस अभियान का शुभारंभ किया। जल रेखा ऐप से पाइपलाइन में लीकेज की जांच कराएं पानी की पाइपलाइन में लीकेज की समस्या को दूर करने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग करें। विभाग द्वारा जारी जल रेखा ऐप का उपयोग करके पाइपलाइन में लीकेज की जांच कराएं। प्रत्येक ग्राम पंचायत और शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में हर मंगलवार को जल सुनवाई का आयोजन करके आम जनता की पेयजल संबंधी समस्याओं का निदान करें। अधिकारियों को सख्त निर्देश मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेयजल से जुड़ी शिकायतों और जल सुनवाई व्यवस्था को अधिकारी पूरी गंभीरता से लें। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच हो और यदि कहीं पानी दूषित पाया जाए तो तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्थिति में दूषित पानी की आपूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने घर-घर स्वच्छ जल पहुंचाने को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि इसे अवसर की तरह लेकर प्रदेश को देश के लिए आदर्श बनाना है। नगरीय निकाय विभाग द्वारा जल आपूर्ति निगरानी के लिए एप के उपयोग की सराहना करते हुए उन्होंने चेताया कि स्वच्छ पेयजल आपूर्ति में ढिलाई पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। किट के माध्यम से भी पानी की गुणवत्ता की जांच कराएं शहरी और ग्रामीण क्षेत्र की नल जल योजनाओं के माध्यम से दिए जाने वाले पानी की उपभोक्ता के घर जाकर टेस्टिंग करें। किट के माध्यम से भी पानी की गुणवत्ता की जांच कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मई तक चलाये जाने वाले जल सुरक्षा, जल संरक्षण और जल सुनवाई अभियान से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दें। आम जनता को भी इस अभियान से जोड़ें। आम जनता को हर हाल में साफ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएं। पानी की आपूर्ति की सतत निगरानी की व्यवस्था करें। बैठक में अभियान के संबंध में बिंदुवार जानकारी दी गई। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर बीएस जामोद, उपायुक्त एलआर अहिरवार, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी तथा अन्य अधिकारी शामिल हुए। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केंद्र से कलेक्टर प्रतिभा पाल, प्रभारी आयुक्त नगर निगम मेहताब सिंह गुर्जर, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता, नगर परिषदों के अध्यक्ष तथा सीएमओ और अन्य अधिकारी बैठक में शामिल हुए।  रोबोट से होगी पाइपलाइन की जांच अभियान के तहत प्रदेशभर में जल शोधन संयंत्रों और पेयजल टंकियों की सफाई कराई जाएगी। जीआईएस मैप आधारित एप से निगरानी की जाएगी। पेयजल पाइपलाइन में दूषित मिश्रण रोकने के लिए वाटर और सीवेज पाइपलाइन की मैपिंग होगी, इंटर पॉइंट चिन्हित किए जाएंगे और रोबोट की मदद से लीकेज की जांच की जाएगी। इसके साथ ही सभी पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता जांच, एसटीपी की नियमित निगरानी, हर मंगलवार जल सुनवाई, 181 पर पेयजल शिकायतों के लिए विशेष व्यवस्था और तय समय-सीमा में शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था लागू की जाएगी।  हर मंगलवार होगी जल सुनवाई     मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि-     हर मंगलवार जिले में जल सुनवाई अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए     शिकायतकर्ता को आवेदन के साथ समस्या का पूरा विवरण देना होगा     शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा     लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी  दो चरणों में चलेगा 'स्वच्छ जल अभियान' बैठक में बताया गया कि प्रदेशभर में यह अभियान दो चरणों में लागू किया जाएगा- 1.पहला चरण: 10 जनवरी से 28 फरवरी तक 2. दूसरा चरण: 1 मार्च से 31 मई तक इन दोनों चरणों में-     सभी जल शोधन संयंत्रों (Water Treatment Plants) की जांच     पेयजल संग्रहण टंकियों की सफाई और निगरानी     GIS मैप आधारित एप के माध्यम से सतत निगरानी     पानी की गुणवत्ता का नियमित परीक्षण किया जाएगा     रोबोट से होगी पाइपलाइन लीकेज की जांच स्वच्छ जल अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब पेयजल पाइपलाइन की लीकेज जांच रोबोट से की जाएगी। इसके तहत-     वाटर पाइपलाइन और सीवेज लाइन की GIS मैपिंग     दोनों लाइनों के इंटर पॉइंट्स की पहचान     दूषित पानी के मिश्रण को रोकने के लिए विशेष कार्रवाई     लीकेज की पहचान कर तुरंत सुधार मुख्यमंत्री ने कहा कि सीवेज और पेयजल का मिश्रण किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है और इसके लिए तकनीक का पूरा उपयोग किया जाएगा।     पानी की गुणवत्ता पर विशेष फोकस     अभियान के दौरान-     सभी पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता की जांच     अल्पकालीन और दीर्घकालीन समाधान लागू     नागरिकों को साफ, सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की ठोस व्यवस्था सीएम ने कहा कि इंदौर की घटना ने सरकार को यह सिखाया है कि पानी से जुड़ी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए अब कोई जोखिम नहीं लिया जाएगा। जनता को मिलेगा सीधा अधिकार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा- "स्वच्छ जल अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा अभियान है। जल सुनवाई के माध्यम से हर नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार मिलेगा।" सरकार का दावा है कि इस अभियान से न केवल दूषित पानी की समस्या पर लगाम लगेगी, बल्कि पेयजल व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।  

चिराग पासवान पटना में बोले- बंगाल-असम में NDA की सरकार तय

पटना. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में शानदार प्रदर्शन के बाद नए साल में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान नए साल में पहली बार पटना पहुंचे और आते ही सियासी आक्रामकता दिखा दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात के बाद चिराग ने साफ शब्दों में कहा कि अब एनडीए का अगला लक्ष्य बंगाल और असम हैं, और इन राज्‍यों में विपक्ष खुद अपनी नकारात्मक राजनीति से 'एनडीए की' मदद कर रहा है। चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद वे राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से भेंट की। इस दौरान लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी और बिहार सरकार के मंत्री संजय पासवान भी मौजूद रहे। आभार यात्रा और संगठन विस्तार का रोडमैप मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने बिहार की जनता को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद उनकी पार्टी अब आभार यात्रा पर निकलेगी। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को पार्टी कार्यालय में दही-चूड़ा समारोह आयोजित किया जाएगा, जो संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क का हिस्सा होगा। विपक्ष पर तीखा हमला: डर और भ्रम की राजनीति चिराग पासवान ने विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों से विपक्ष झूठ, भ्रम और डर की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि CAA (नागरिकता संशोधन अधिनियम, 2019) को लेकर जनता को डराया गया कि मुसलमानों की नागरिकता छिन जाएगी, चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान जैसे मुद्दों पर भ्रम फैलाया गया और वोट चोरी जैसे आरोप गढ़े गए। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी 15 दिन तक घूम-घूमकर लोगों को डराने का काम करते रहे, लेकिन किसी प्रक्रिया के तहत विरोध नहीं किया। बिहार की जनता ने एकतरफा फैसला देकर विपक्ष को जवाब दे दिया।" मनरेगा पर बड़ा बयान: भ्रष्टाचार का अड्डा चिराग ने मनरेगा को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीबों के लिए नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और बिचौलियों की योजना बनकर रह गई थी। "कांग्रेस ने देश के लोगों को सिर्फ मिट्टी खोदने तक सीमित कर दिया। फायदा गरीबों को नहीं, बल्कि सिस्टम से जुड़े लोगों को हुआ, जिन्होंने बड़े-बड़े बंगले बना लिए," चिराग ने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब इस व्यवस्था के लूपहोल्स बंद किए गए, तब विपक्ष को परेशानी होने लगी। राम नाम और योजनाओं पर कांग्रेस को घेरा वीबी-जी-राम-जी (विकसित भारत – जी राम जी) योजना को लेकर चिराग ने कहा कि कांग्रेस बापू के नाम की आड़ में राजनीति कर रही है। "कांग्रेस को हमेशा से राम नाम से ऐतराज रहा है। बापू के सबसे प्रिय नामों में राम था, लेकिन ये सीधे नहीं कह सकते, इसलिए भ्रम फैला रहे हैं," उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र-राज्य के वित्तीय ढांचे को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम भी विपक्ष की राजनीति का हिस्सा है। बंगाल-असम में NDA सरकार तय चिराग पासवान ने बड़ा सियासी दावा करते हुए कहा कि बंगाल, असम और तमिलनाडु में एनडीए सरकार बनने जा रही हैं। उन्होंने कहा, "बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी। असम में हम वापसी करेंगे। एलजेपी (रामविलास) इन राज्यों में अपनी भूमिका निभाने को पूरी तरह तैयार है।" हालांकि सीटों को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी संगठनात्मक मजबूती का आकलन कर रही है और डेढ़ महीने बाद स्पष्ट किया जाएगा कि कहां-कहां और कितनी सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा। सांसद फंड और राजद पर निशाना सांसद निधि के उपयोग पर उठ रहे सवालों पर चिराग ने कहा कि वे रिपोर्ट नहीं, परफॉरमेंस पर भरोसा करते हैं। "वित्तीय वर्ष पूरा होने से पहले सवाल उठाना जल्दबाजी है," उन्होंने कहा। नेता प्रतिपक्ष पर हमला करते हुए चिराग बोले, "सदन चले या मीडिया, नेता प्रतिपक्ष गायब रहते हैं। राजद आज जिस हाल में है, आने वाले समय में उसका नामो-निशान मिट जाएगा।" राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, चिराग पासवान का यह बयान साफ संकेत देता है कि वे अब सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर एनडीए के युवा और आक्रामक चेहरे के रूप में खुद को स्थापित करने की रणनीति पर आगे बढ़ रहे हैं। विपक्ष पर लगातार हमले और राज्यों के नाम लेकर सरकार बनाने का दावा आने वाले चुनावी मौसम का ट्रेलर माना जा रहा है।

इंदौर में नकली पान मसाला कारखाने का पर्दाफाश, कारोबारी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

 इंदौर एमपी के इंदौर में नकली पान मसाला बनाने वाले एक कारखाने पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में मसाला बनाने का सामान जब्त किया है। कई तरह की इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी बरामद की गई है। मुंबई के रहने वाले कारोबारी को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को आरोपी बनाया है। बताया जा रहा है कि यह सभी घर पर ब्रांडेड कंपनी के पान मसाले बना रहे थे। एसीपी कुंदन मंडलोई के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कनाड़िया क्षेत्र के सहारा सिटी से बिचोली मर्दाना स्थित मकान में अवैध गतिविधियां चल रही हैं। जहां विमल पान मसाला के नाम से नकली पान मसाला बनाकर मार्केट में सप्लाई किया जा रहा था। जानकारी मिलते ही टीआई यादव ने मकान पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने पाया कि वहां नकली पान मसाला बनाने के उपकरण मौजूद थे। साथ ही वहां बड़ी मात्रा में माल तैयार किया जा रहा था। इस पर पुलिस ने कापीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मौके से पाऊच पेकिंग मशीन, पाऊच सीलिंग मशीन, सुपारी ओवन ड्रायर, सुपारी कटर मशीन, विमल रोल, मैग्नीशियम कार्बोनेट, कत्था, चूना, टबैको की सामग्री, थैली में रखा पान मसाला जब्त किया है। साथ ही पुलिस ने नकली पान मसाला बना रहे तीन लोगों अक्षत निवासी स्नेह नगर, जावेद निवासी सनावद और अरूण निवासी पालघर मुंबई को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

10 युवाओं को ‘विवेकानंद यूथ अवॉर्ड’ से सम्मानित करेंगे मुख्यमंत्री

स्वामी विवेकानंद की जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर वृहद आयोजन करेगी योगी सरकार  10 युवाओं को ‘विवेकानंद यूथ अवॉर्ड’ से सम्मानित करेंगे मुख्यमंत्री  राष्ट्रीय युवा दिवस पर सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा राज्य स्तरीय आयोजन  पांच मल्टीपर्पज हॉल का लोकार्पण व तीन ग्रामीण स्टेडियम का शुभारंभ भी करेंगे मुख्यमंत्री लखनऊ योगी सरकार स्वामी विवेकानंद की जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर वृहद आयोजन करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जूपिटर हॉल में होने वाले मुख्य आयोजन में राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवॉर्ड (2024-25) प्रदान करेंगे। इस दौरान खेल व युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेलो इंडिया खेलो योजना के अंतर्गत 21 करोड़ रुपये से निर्मित 5 मल्टीपर्पज हॉल (लखनऊ में दो, हरदोई, कन्नौज व सहारनपुर में एक-एक) का लोकार्पण भी करेंगे। मुख्यमंत्री यहीं से 26 करोड़ से निर्मित होने वाले तीन ग्रामीण स्टेडियम (सुल्तानपुर, कासगंज व फतेहपुर) का शिलान्यास भी करेंगे।    युवा कल्याण विभाग के उपनिदेशक अजात शत्रु शाही ने बताया कि व्यक्तिगत श्रेणी में चयनित 10 युवाओं व मंगल दल श्रेणी में चयनित युवक व महिला मंगल दल के सदस्यों को राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवार्ड प्रदान किया जाएगा। व्यक्तिगत श्रेणी में चयनित युवाओं को 50 हजार रुपये, स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं युवक व महिला मंगल दल को राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार स्वरूप एक-एक लाख रुपये, ट्रॉफी, मोमेंटो, शॉल, प्रमाण पत्र आदि प्रदान किया जाएगा। लखनऊ में होने वाले विवेकानंद यूथ अवार्ड वितरण कार्यक्रम में मंगल दल के 1500 से अधिक युवा सम्मिलित होंगे। व्यक्तिगत श्रेणी में इन युवाओं को राज्य स्तर पर सम्मानित करेंगे मुख्यमंत्री  1-    अभिनीत कुमार मौर्य- हरदोई 2-    महिका खन्ना- शाहजहांपुर 3-    मार्तण्ड राम त्रिपाठी-गोरखपुर 4-    अभिषेक पांडेय- मऊ 5-    संजना सिंह- बरेली 6-    प्रणव द्विवेदी- गोरखपुर  7-    साक्षी झा- गाजियाबाद 8-    सचिन गौरी वर्मा- गोरखपुर 9-    दिव्यांश टंडन-मेरठ 10-    शिखा सहलोत – गाजियाबाद  चयनित युवक मंगल दल 1-    संतकबीर नगर- सेमरियावां ग्राम पंचायत- रिजवान मुनीर (अध्यक्ष) 2-    बिजनौर- शहदपुरगुलाल ग्राम पंचायत- घनश्याम सिंह (अध्य़क्ष)  3-    शाहजहांपुर- चौधेरा ग्राम पंचायत- इंद्रजीत लोधी (अध्यक्ष)  महिला मंगल दल  1-    बिजनौर- नहटौर विकास खंड- बसेड़ाखुर्द ग्राम पंचायत- ज्योति (अध्यक्ष)  2-    फिरोजाबाद- अरांव विकास खंड- अकबरपुर सराय ग्राम पंचायत- शिवानी चंदेल (अध्यक्ष)  3-    संतकबीर नगर- सांथा विकास खंड- पसाई ग्राम पंचायत- सुमन कुमारी (अध्यक्ष)

पंचकूला में रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल की हादसे में मौत

पंचकूला. पंचकूला के सेक्टर-4 एमडीसी में सड़क हादसे में 83 वर्षीय लेफ्टिनेंट जनरल कुलवंत सिंह मान (सेवानिवृत्त) का निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह अपने आवास के पास सैर कर रहे थे, इसी दौरान डॉल्फिन चौक की ओर जाने वाली सड़क पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक यह हादसा साकेत्री रोड पर भाजपा कार्यालय के समीप हुआ। राहगीरों ने उन्हें सड़क पर घायल अवस्था में देखा और तत्काल कमांड अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही एमडीसी पुलिस थाना ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा नहीं है, लेकिन आसपास के इलाकों, विशेषकर नजदीकी पेट्रोल पंप पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी व वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस ने बताया कि मृतक के पुत्र के कनाडा से आने के कारण पोस्टमार्टम संभवतः आज कराया जाएगा। वहीं अज्ञात वाहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी। कुलवंत सिंह मान के एक पुत्र कनाडा पुलिस में सेवारत हैं, जबकि दूसरे पुत्र भारतीय सेना में कर्नल के पद पर कार्यरत हैं। उनका परिवार मूल रूप से बठिंडा का निवासी है और उनकी तीन पीढ़ियां भारतीय सेना में सेवाएं दे चुकी हैं।इस मामले में माता मनसा देवी थाना पुलिस ने बतायाकि इस हादसे की पुलिस के द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बतायाकि आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। उन्होंने बतायाकि जल्द ही वाहन चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।

कमिशनर संस्कृति जैन ने किया कमाल, ‘गिफ्ट ए डेस्क’ अभियान को गोल्ड स्कॉच अवार्ड से नवाजा गया

भोपाल मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल सिवनी जिले से शुरू हुई एक छोटी सी पहल आज राष्ट्रीय स्तर पर गौरव का विषय बन गई है। सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को दूर करने के लिए शुरू की गई ‘गिफ्ट ए डेस्क’ मुहिम को दिल्ली में आयोजित 105वें स्कॉच समिट (SKOCH Summit) में प्रतिष्ठित गोल्ड अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान सिवनी की तत्कालीन कलेक्टर संस्कृति जैन के उस प्रशासनिक नवाचार को मिला है, जिसने बिना किसी सरकारी बजट के हजारों बच्चों के बैठने का तरीका बदल दिया। क्या है ‘गिफ्ट ए डेस्क’ मॉडल? अक्सर सरकारी स्कूलों में बजट की कमी के कारण बच्चे टाट-पट्टी या जमीन पर बैठकर पढ़ने को मजबूर होते हैं। तत्कालीन कलेक्टर संस्कृति जैन ने इस समस्या का समाधान सरकारी फाइलों में खोजने के बजाय 'जनभागीदारी' में ढूंढा। उन्होंने एक पारदर्शी डिजिटल प्लेटफॉर्म और वेबसाइट तैयार की, जिसके जरिए आम नागरिक, उद्योगपति और एनआरआई सीधे स्कूलों को डेस्क-बेंच दान कर सकते थे। अभियान की बड़ी सफलताएं: • 17,000 से ज्यादा डेस्क-बेंच अब तक स्कूलों को दान में मिले। • 40,000 छात्र अब जमीन की जगह सम्मानजनक तरीके से डेस्क पर बैठकर पढ़ रहे हैं। • पारदर्शी व्यवस्था के कारण दानदाताओं ने खुद वेंडर और स्कूल चुनने की आजादी पाई। विदाई भी रही ऐतिहासिक : पालकी पर सवार होकर हुईं विदा संस्कृति जैन की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब उनका स्थानांतरण हुआ, तो सिवनी की जनता ने उन्हें किसी राजनेता या अधिकारी की तरह नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह विदाई दी। जिले के प्रति उनके लगाव और जनहित के कार्यों के सम्मान में उन्हें पारंपरिक पालकी में सवार कर विदा किया गया। यह दृश्य सिवनी के इतिहास में दर्ज हो गया, जहां एक अधिकारी के प्रति जनता का इतना गहरा प्रेम और सम्मान प्रकट हुआ। क्यों खास है यह उपलब्धि? स्कॉच गोल्ड अवार्ड देश के सबसे प्रतिष्ठित गवर्नेंस पुरस्कारों में से एक है। संस्कृति जैन की यह पहल साबित करती है कि यदि प्रशासनिक इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो समाज के सहयोग से बड़े बदलाव किए जा सकते हैं। आज यह मुहिम सिर्फ सिवनी की ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश की पहचान बन चुकी है।  

मुख्यमंत्री ने सोमवार को किया ‘जनता दर्शन’, प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए प्रार्थीगणों की समस्याएं सुनीं

जनता दर्शन  अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं, भूमाफिया व दबंगों के खिलाफ जारी रहेगी कठोर कार्रवाईः मुख्यमंत्री  मुख्यमंत्री ने सोमवार को किया ‘जनता दर्शन’, प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए प्रार्थीगणों की समस्याएं सुनीं  गंभीर बीमारियों के इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता दे रही सरकारः मुख्यमंत्री  मुख्यमंत्री ने बच्चों को किया दुलार, अभिभावकों से कहा- ठंड में बच्चों का रखें विशेष ध्यान  लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जनपदों से आए प्रत्येक प्रार्थी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। आमजनों के प्रार्थना पत्र लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया और कहा कि अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं है। भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी है और नियमित रूप से होती रहेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित व संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार आपकी समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।  कानून व राजस्व के प्रकरण में शीघ्रता से निस्तारण का दिया निर्देश  मुख्यमंत्री के समक्ष कुछ वादी जमीन कब्जा व मारपीट आदि की शिकायत लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हर एक व्यक्ति के पास पहुंचकर उसकी शिकायत सुनी, प्रार्थना पत्र लिया, फिर अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद स्तर पर कानून व राजस्व के प्रकरण में तेजी से सुनवाई करते हुए इसका निस्तारण किया जाए। कानून व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता में है। इसमें हीला-हवाली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रशासन और जनपद, मंडल, रेंज व जोन के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि दबंगों व भूमाफिया के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई नियमित रूप से जारी रखें।   इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता दे रही सरकार गंभीर बीमारी से जूझ रहे कुछ पीड़ितों ने ‘जनता दर्शन’ में पहुंचकर इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। सीएम ने कहा कि सरकार इलाज के लिए आर्थिक सहायता दे रही है। आप भी हॉस्पिटल से जल्द एस्टिमेट बनवाकर दें, एस्टिमेट मिलते ही आपके इलाज में सरकार तुरंत आर्थिक मदद करेगी। धन के अभाव में इलाज नहीं रुकेगा।  सीएम योगी ने किया नौनिहालों को दुलार ‘जनता दर्शन’ में कई बच्चे भी अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे। नन्हे-मुन्ने बच्चों के सामने सीएम योगी का बालप्रेम फिर उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री ने बच्चों का हाल जाना, उन्हें दुलारा-पुचकारा और चॉकलेट दी। सीएम ने अभिभावकों से कहा कि ठंड में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यह अपनत्वपूर्ण भाव सुनकर अभिभावकों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

CM मान आज स्टार्टअप पंजाब कॉन्क्लेव में होंगे शामिल

जालंधर. पंजाब CM भगवंत मान आज जालंधर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह स्टार्टअप पंजाब कॉन्क्लेव में हिस्सा लेंगे। इसमें प्रदेश के कई बड़े व्यापारी-उद्योगपति हिस्सा लेंगे। कॉन्क्लेव में युवाओं के लिए नए स्टार्टअप और इन्वेस्टमेंट की घोषणा कर सकते हैं। इससे पहले स्टार्टअप के लिए पंजाब सरकार कई उपाय कर चुकी 500 करोड़ का 'पंजाब स्टार्टअप फंड: सरकार ने सूबे के उभरते उद्यमियों के लिए 500 करोड़ रुपए के विशेष फंड की घोषणा की थी। यह फंड मुख्य रूप से कृषि-तकनीक और मैन्यूफैक्चरिंग स्टार्टअप पर फोकस्ड होगा। आसान कारोबार पोर्टल: उद्यमियों को सरकारी कागजी कार्रवाई से बचाने के लिए एक सिंगल विंडो डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया गया। अब स्टार्टअप रजिस्ट्रेशन और सब्सिडी का पैसा सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होता है। महिला उद्यमियों के लिए विशेष कोटा: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि स्टार्टअप फंड का 25% हिस्सा विशेष रूप से महिला उद्यमियों द्वारा शुरू स्टार्टअप के लिए रिजर्व रहेगा। मशीन लर्निंग और AI हब: मोहाली को उत्तर भारत के सबसे बड़े AI और रोबोटिक्स हब के रूप में विकसित करने की योजना पेश की गई। पहले भी हुए कॉन्क्लेव खेती को हाई-टेक बिजनेस बनाने पर चर्चा हो चुकी है। इसके लिए 2026 के अंत तक पंजाब से कम से कम 5 नए यूनिकॉर्न निकालने का लक्ष्य रखा गया। पंजाब में मिशन प्रगति की शुरुआत: सीएम भगंवत मान बोले- प्रतियोगी परिक्षाओं के लिए दी जाएगी निशुल्क कोचिंग चंडीगढ़. युवाओं को करियर निर्माण के लिए तैयार करने पर और अधिक ध्यान केंद्रित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को बठिंडा की जिला पुस्तकालय में मिशन प्रगति के तहत नामांकित अभ्यर्थियों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया। इस पहल के अंतर्गत नौकरी तलाशने वालों को नौकरी देने वालों में बदलने के व्यापक प्रयासों के हिस्से के रूप में एसएसबी, पुलिस और सशस्त्र बलों सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की तैयारी हेतु ग्रामीण और मेधावी विद्यार्थियों को मुफ्त अकादमिक एवं शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। बठिंडा जिला पुस्तकालय में मिशन प्रगति के अंतर्गत विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ठंड के बावजूद उपस्थित लोगों का स्वागत किया और इस कार्यक्रम को पंजाब के बच्चों के लिए उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा पंजाब सरकार ने जिला पुस्तकालय में मिशन प्रगति के तहत यह कोचिंग कार्यक्रम शुरू किया है, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग दी जा रही है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को सुविधा प्रदान करना है, जिन्हें गुणवत्तापूर्ण और किफायती कोचिंग सुविधाओं तक पहुंच नहीं मिल पाती। 40 छात्रों को दिया गया प्रवेश इस पहल के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले बैच में 40 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। उन्होंने आगे कहा अकादमिक कोचिंग के साथ-साथ विद्यार्थियों को शारीरिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है ताकि वे पूरी तरह स्वस्थ रहें। यह शारीरिक प्रशिक्षण पंजाब पुलिस और सी-पाइट के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा सी-पाइट मैदान में दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को एसएसबी, पंजाब पुलिस, सीपीओ, सशस्त्र बलों तथा अन्य केंद्रीय और राज्य स्तरीय भर्ती परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा। प्रतिस्पर्धी माहौल में अभ्यर्थियों के समक्ष आने वाली चुनौतियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आवश्यक अध्ययन सामग्री और महंगी किताबें अक्सर विद्यार्थियों की पहुंच से बाहर होती हैं। उन्होंने कहा विद्यार्थियों को पुस्तकालय के सदस्य के रूप में चुना जाएगा और आवश्यक पुस्तकें मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। यह कार्यक्रम मौजूदा बुनियादी ढांचे और संसाधनों का उपयोग करके शुरू किया गया है, जिससे महत्वपूर्ण वित्तीय बचत होती है। इस ढांचे का वर्णन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम शिक्षक-मार्गदर्शक मॉडल का अनुसरण करता है, जिसमें फैकल्टी सदस्य स्वयं वे अभ्यर्थी होते हैं जिन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लिया है। उन्होंने कहा यह पहल युवाओं की मदद करने वाले मॉडल के रूप में उभरी है और इसे शिक्षाविदों, विश्वविद्यालयों, पुलिस, खिलाड़ियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और समाज के हर वर्ग का समर्थन प्राप्त है। इस सामूहिक भागीदारी ने कार्यक्रम को एक समुदाय-संचालित और सहयोगात्मक मॉडल में परिवर्तित कर दिया है। मिशन प्रगति के मार्गदर्शक दर्शन को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कोई भी पीछे न रहे के सिद्धांत पर आधारित है और युवा सशक्तिकरण, समान शैक्षिक अवसरों तथा सरकारी सेवाओं में बठिंडा के विद्यार्थियों की प्रतिनिधित्व बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उपस्थित लोगों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा और पंजाब के सर्वांगीण विकास तथा लोगों की खुशहाली के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। राज्य सरकार के व्यापक दृष्टिकोण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नौकरी खोजने वालों के बजाय नौकरी देने वालों में बदलकर उनकी किस्मत बदलने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा पंजाब शिक्षा क्रांति के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है और यह क्रांति विद्यार्थियों को भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार कर तथा उन्हें जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने में सक्षम बनाकर परिणाम दे रही है। युवाओं को नौकरियां प्रदान करने के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए गए हैं, वहीं उनकी असीम ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए समानांतर प्रयास भी किए जा रहे हैं। उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि जिस प्रकार एक रनवे विमान को सुचारु रूप से उड़ान भरने में सक्षम बनाता है, उसी प्रकार राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। अतीत को याद करते हुए उन्होंने कहा कि यह निराशाजनक है कि एक समय गलत नीतियों के कारण गरीब बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित रखा गया, लेकिन अब यह सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ प्रयास किए जा रहे हैं कि पंजाब के बच्चे अपने सपनों को हकीकत में बदल सकें और जीवन में नई ऊंचाइयों को छू सकें।

रायपुर नगर निगम ने डेयरी संचालक पर लगाया 10000 का ई-जुर्माना

रायपुर. आज रायपुर नगर पालिक निगम स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त डेयरी में गन्दगी की जनशिकायत को तत्काल संज्ञान में लेते हुए नगर निगम आयुक्त विश्वदीप द्वारा दिए गए आदेशानुसार और नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ तृप्ति पाणीग्रही और नगर निगम जोन 5 के जोन आयुक्त खीरसागर नायक के निर्देशानुसार जोन 5 जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम जोन 5 स्वास्थ्य विभाग के स्वच्छता निरीक्षक प्रेम मानिकपुरी दिलीप साहू की उपस्थिति में जोन 5:स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जोन 5: क्षेत्र अंतर्गत भक्त माता कर्मा वार्ड 67 अंतर्गत भाठागांव क्षेत्र में आवासीय क्षेत्र में संचालित नीलकंड डेयरी का औचक निरीक्षण किया गया. औचक निरीक्षण के दौरान गन्दगी और प्रदूषण सहित डेयरी की भैंसों को सड़क पर छोड़े जाने से आए दिन सड़क दुर्घटनाओं के होने की जनशिकायत सही मिली. जोन स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा काऊकैचर वाहन और विशेष टीम की सहायता से भाठागांव सड़क मार्ग पर सम्बंधित डेयरी की 10 भैंसों की धरपकड़ कर उन्हें लाखेनगर कांजी हाउस भेज दिया. Also Read – भगवा कपड़े पहनकर साधु के भेष में संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़े प्रकरण में रायपुर नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी और जोन 5 जोन कमिश्नर के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने नीलकंड डेयरी भाठागांव के सम्बंधित संचालक पर तत्काल 10000 रूपये का ई जुर्माना किया और उन्हें आवासीय क्षेत्र से अपनी डेयरी स्वतः बन्द कर निगम क्षेत्र के बाहर शीघ्र शिफ्ट कर लेने नोटिस पुनः जारी करते हुए भविष्य के लिए कड़ी कार्यवाही नियमानुसार करने की चेतावनी दी. जुर्माना अदा करने के पश्चात नगर निगम जोन 5 स्वास्थ्य विभाग द्वारा सम्बंधित नीलकंठ डेयरी की भैंसों को भविष्य में सड़क मार्ग पर नहीं छोड़े जाने की कड़ी हिदायत देकर छोड़ा गया और प्राप्त जन शिकायत का जोन के स्तर पर त्वरित निदान किया गया. सड़क मार्ग पर दोबारा डेयरी की भैंसों को छोड़े जाने की स्थिति में रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 5 स्वास्थ्य विभाग अभियान चलाकर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही करेगा.