samacharsecretary.com

किसानों की बदलेगी किस्मत! खेतों के पास लगेंगी फूड प्रोसेसिंग यूनिट, चिराग पासवान ने बताया रोडमैप

 नई दिल्ली किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए किसान तक की ओर से 'भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' का आयोजन किया जा रहा है. नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की थीम 'स्मार्ट किसान, विकसित भारत' है. सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने किया. इस मौके पर उन्होंने भारतीय कृषि को नई ऊंचाइयों तक ले जाने, किसानों की आय बढ़ाने और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया।  चिराग पासवान ने कहा कि भारत जैसे कृषि प्रधान देश के लिए ऐसा मंच बेहद महत्वपूर्ण है, जहां देश के अलग-अलग हिस्सों से आए किसान, कृषि विशेषज्ञ और उद्योग जगत के लोग एक साथ बैठकर खेती-किसानी को आगे बढ़ाने के रास्तों पर चर्चा कर सकें. उन्होंने इस आयोजन के लिए इंडिया टुडे ग्रुप का आभार जताते हुए कहा कि दो दिनों तक होने वाला यह संवाद कृषि क्षेत्र के लिए दूरगामी और सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा।  भारत की रीढ़ हैं किसान, देश को खाद्यान्न के मामले में बनाया आत्मनिर्भर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की रीढ़ हमारे अन्नदाता और किसान हैं, देश की बड़ी आबादी होने के बावजूद भारत को वैश्विक खाद्य संकट जैसी चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ा है, तो इसका बड़ा श्रेय किसानों को जाता है. उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब देश में अनाज की कमी हुआ करती थी, लेकिन किसानों ने दिन-रात मेहनत करके भारत को उस स्थिति से बाहर निकाला. आज देश न केवल अपनी खाद्य जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है, बल्कि दूसरे देशों की खाद्य सुरक्षा में भी योगदान दे सकता है।  हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कृषि क्षेत्र में अभी काफी काम करने की जरूरत है. भारत ने खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने और अनाज के भंडार भरने में बड़ी सफलता हासिल की है, लेकिन अब इससे आगे बढ़ने का समय है. जरूरत इस बात की है कि कृषि उत्पादन को केवल मात्रा तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उसका मूल्य भी बढ़ाया जाए।  उत्पादन से आगे बढ़कर वैल्यू एडिशन पर करना होगा काम चिराग पासवान ने कहा कि भारत ने कृषि उत्पादन बढ़ाने पर तो काफी ध्यान दिया, लेकिन लंबे समय तक फूड प्रोसेसिंग यानी खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उतना काम नहीं हो पाया, जितना होना चाहिए था. उन्होंने कहा, "हमने उत्पादन की क्षमता तो बढ़ाई, लेकिन उस उत्पादन को वैल्यू में कैसे बदलें और प्रोड्यूस को प्रोडक्ट के रूप में देश-दुनिया के सामने कैसे पेश करें, इस दिशा में अभी काफी काम बाकी है।  उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाना है. प्रधानमंत्री ने अपने विजन में मैन्युफैक्चरिंग के साथ कृषि और खाद्य प्रसंस्करण को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया है। खाद्य प्रसंस्करण के माध्यम से ही भारतीय खाद्य पदार्थों और व्यंजनों को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाया जा सकता है।  दुनिया की हर डाइनिंग टेबल पर हो भारतीय खाद्य पदार्थ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री भारत को दुनिया के लिए एक ग्लोबल फूड बास्केट के रूप में विकसित करना चाहते हैं. इसके लिए खाद्य प्रसंस्करण की व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है, उन्होंने कहा, "मेरा सपना है कि आने वाले दिनों में दुनिया की कोई भी ऐसी डाइनिंग टेबल न हो, जिस पर कम से कम एक भारतीय खाद्य पदार्थ मौजूद न हो।  उन्होंने कहा कि भारतीय किसानों, देश की सोच और प्रतिभा में यह क्षमता है. जरूरत केवल इस व्यवस्था को विस्तार देने और अधिक से अधिक लोगों को खाद्य प्रसंस्करण से जोड़ने की है।  किसानों को औने-पौने दाम पर फसल बेचने की मजबूरी खत्म हो चिराग पासवान ने किसानों की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक फसल के उचित दाम न मिलने और भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने को बताया. उन्होंने कहा कि कई बार किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ती है. कई मौकों पर आलू, टमाटर और प्याज जैसी फसलों को सड़कों पर फेंकने की नौबत आ जाती है।  उन्होंने कहा कि इसकी एक बड़ी वजह यह है कि किसानों के पास अपनी उपज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. जब तक कृषि उत्पादों की शेल्फ लाइफ नहीं बढ़ेगी और उन्हें लंबे समय तक ताजा रखने की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।  मंत्री ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण के जरिए कृषि उत्पादों की शेल्फ लाइफ बढ़ाई जा सकती है, इससे किसान अपनी फसल को तुरंत कम कीमत पर बेचने के बजाय बेहतर बाजार और उचित दाम मिलने तक सुरक्षित रख सकेंगे, इसके लिए खाद्य प्रसंस्करण की सुविधाओं को देश के गांवों और खेतों तक पहुंचाना जरूरी है।  चिराग पासवान ने उद्योग जगत से भी खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश और विस्तार करने की अपील की, उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें निजी क्षेत्र और उद्योग जगत को भी अपनी भूमिका निभानी होगी. उन्होंने कहा कि सरकार नीतियां बनाने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार है, लेकिन निजी कंपनियों और उद्योग जगत को भी अपने कारोबार के विस्तार और नई जगहों पर यूनिट लगाने के बारे में सोचना होगा. जब तक खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां किसानों के खेतों के नजदीक नहीं लगेंगी, तब तक लॉजिस्टिक्स की समस्या बनी रहेगी और किसानों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा।  उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें ऐसी व्यवस्था देनी होगी, जिसमें वे अपनी उपज को सीधे उत्पाद में बदल सकें या उसका प्रसंस्करण करके उसकी गुणवत्ता और शेल्फ लाइफ बढ़ा सकें. इससे किसानों को अपनी फसल का बेहतर मूल्य हासिल करने का मौका मिलेगा।  युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा फूड प्रोसेसिंग सेक्टर केंद्रीय मंत्री ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को रोजगार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बताया, उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की भी क्षमता है. उन्होंने कहा कि देश में कई ऐसे खाद्य उत्पाद हैं, जिनकी मांग भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में है, इसके बावजूद कई बार … Read more

बिहार के बाद यूपी-पंजाब में ताकत दिखाएगी चिराग की पार्टी, NDA से सीटों की उम्मीद

पटना बिहार की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ बना चुके केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी 'लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)' अब उत्तर प्रदेश और पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों में ताल ठोकने की तैयारी कर रही है। LJP(R) को उम्मीद है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के तहत उन्हें इन दोनों राज्यों में चुनाव लड़ने के लिए सम्मानजनक सीटें मिलेंगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान बीते कुछ समय से लगातार यूपी और पंजाब के दौरों पर हैं। हाल ही में 17 सितंबर को चिराग पासवान ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के साथ वाराणसी में एक भव्य बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर गुजरात के वडनगर के लिए रवाना किया था। 'गैर-जाटव' और पंजाब के दलित वोट बैंक पर निशाना उत्तर प्रदेश और पंजाब, दोनों ही राज्यों में दलित आबादी चुनावी नतीजों को तय करने में अहम भूमिका निभाती है। उत्तर प्रदेश का गणित: LJP(R) की नजर यूपी के गैर-जाटव दलित मतदाताओं पर है, जो पारंपरिक रूप से बीएसपी (BSP) के खिसकते जनाधार के बाद नए विकल्प की तलाश में हैं। पंजाब का समीकरण: पंजाब में करीब 32 प्रतिशत दलित आबादी है। चिराग पासवान की युवा और दलित नेता के रूप में बनी छवि को एनडीए वहां भुनाना चाहता है। एलजेपी(आर) के राष्ट्रीय महासचिव धीरेन्द्र कुमार मुन्ना ने कहा, "गठबंधन पर अंतिम फैसला हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ही लेंगे। लेकिन अगर एनडीए में सीटों का बंटवारा होता है, तो हम अपने उम्मीदवारों के साथ-साथ पूरे गठबंधन की जीत के लिए पूरी ताकत झोंकेंगे। यूपी और पंजाब के दलित समाज को चिराग पासवान के रूप में एक विश्वसनीय चेहरे से काफी उम्मीदें हैं।" 24 सितंबर से पटना से शुरू होगा 'युवा बोले तो' अभियान यूपी और पंजाब में जमीन मजबूत करने से पहले चिराग पासवान अपने गृह राज्य बिहार से युवाओं को जोड़ने के लिए एक नया जनसंपर्क अभियान- 'युवा बोले तो' शुरू करने जा रहे हैं। 24 सितंबर से पटना में इस विशेष युवा संवाद कार्यक्रम का आगाज होगा इसके जरिए चिराग पासवान सीधे युवाओं से संवाद करेंगे, उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उनके रोजगार और करियर से जुड़े मुद्दों के हल तलाशने की कोशिश करेंगे। 28 साल बाद तृणमूल कांग्रेस का सिंबल फ्रीज होने और क्षेत्रीय राजनीति के बदलते दौर के बीच, चिराग पासवान का हिंदी भाषी राज्यों में अपनी पार्टी का विस्तार करने का यह दांव एनडीए के लिए कितना फायदेमंद साबित होता है, यह देखने वाली बात होगी।

दिल्ली में चिराग पासवान से मिली MP लोजपा टीम, संगठन विस्तार और मजबूती पर हुई चर्चा

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मिली मध्य प्रदेश लोजपा की टीम; प्रदेश में संगठन विस्तार और जमीनी मजबूती पर हुई सार्थक चर्चा ​नई दिल्ली  केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान से दिल्ली स्थित पंचशील भवन में मध्य प्रदेश लोजपा (रामविलास) युवा के पदाधिकारियों एवं युवा मोर्चा के जुझारू कार्यकर्ताओं ने शिष्टमंडल के रूप में भेंट की। इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य रूप से मध्य प्रदेश में पार्टी के संगठन विस्तार, आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना और संगठन विस्तार का मंत्र ​बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मध्य प्रदेश से आए युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं के जोश, कर्मठता और युवा लोजपा (रामविलास) के नीति-निर्देशों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की जमकर सराहना की। आगामी रणनीतियों और सदस्यता अभियान पर विमर्श दिल्ली में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ​से मुलाकात के दौरान मध्य प्रदेश में पार्टी को एक मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करने के लिए नए सदस्यों और ऊर्जावान पदाधिकारियों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। आगामी दिनों में राज्य में चलाए जाने वाले विभिन्न राजनैतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी केंद्रीय अध्यक्ष के साथ गंभीर मंथन हुआ, जिस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपनी सहमति और मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक में यह प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित ​इस महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक में मध्य प्रदेश युवा लोजपा (रामविलास) की ओर से मुख्य रूप से प्रदेश प्रधान महासचिव सावन जायसवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी आदित्य शंकर तिवारी, प्रदेश महासचिव निशिता सिंह एससी/एसटी मोर्चा के अध्यक्ष अरविन्द रत्नाकर प्रदेश महासचिव एवं चंबल प्रभारी नीतेश राय के साथ पार्टी के अन्य पदाधिकारी शामिल हुए l

चिराग पासवान का बड़ा बयान, बिहार में जल्द होगा एनडीए के मुख्यमंत्री उम्मीदवार का फैसला

  वैशाली महोत्सव के समापन समारोह में पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में जिस तरह एसआईआर (SIR) कार्य में लगे कर्मचारियों को बंधक बनाया गया है, वह वहां की सरकार की तानाशाही को दर्शाता है। चिराग ने दावा किया कि आगामी चुनाव में पश्चिम बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच वाली सरकार वहां स्थापित होगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं, और यह तभी संभव है जब बिहार भी विकसित होगा। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम राज्य के विकास को गति देने में प्रेरणा देते हैं। इधर, बिहार में मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के भीतर इस पर चर्चा जारी है और बहुत जल्द मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। वैशाली महोत्सव के समापन समारोह में पहुंचे थे चिराग पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने वैशाली महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, कलाकारों और अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से चले इस कार्यक्रम में देश-विदेश से आए कलाकारों ने बिहार और वैशाली का नाम रोशन किया है, जो सराहनीय है। दरअसल, चिराग पासवान वैशाली महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समापन समारोह में प्रसिद्ध कलाकार अनुप जाटोला की प्रस्तुति आयोजित की गई, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं, वैशाली के जिलाधिकारी ने स्वागत भाषण देकर कार्यक्रम का समापन किया।  

बिहार में सत्ता का फॉर्मूला तय? चिराग पासवान बोले- सीएम-Dy CM नामों पर बनी मोटी सहमति

पटना लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (एलजेपी-आर) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने दावा किया है कि बिहार में एनडीए की नई सरकार और नीतीश कुमार के बाद बनने वाले मुख्यमंत्री को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के 5 घटक दलों के बीच मोटा-मोटी सहमति बन चुकी है। सोमवार की सुबह दिल्ली से पटना पहुंचे चिराग ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से कहा कि बिहार में नई सरकार को लेकर एनडीए गठबंधन के भीतर सब कुछ लगभग तय हो चुका है। उन्होंने कहा कि इसको लेकर जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी। याद दिला दें कि सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा के सांसद चुन लिए गए हैं और 10 अप्रैल या उसके बाद वो दिल्ली में नई पारी शुरू करेंगे। नीतीश के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के किसी नेता के मुख्यमंत्री बनने के प्रबल आसार हैं। चिराग पासवान ने सम्राट चौधरी के नाम को लेकर सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन सकारात्मक तौर पर कहा कि गृहमंत्री के तौर पर उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बड़ी जिम्मेदारी निभाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और किस भूमिका में उनका मॉडल प्रदेश में दिखेगा, यह समय ही बताएगा। पासवान ने हालांकि यह जरूर कहा कि सरकार जिसके भी नेतृत्व में बनेगी, उसमें नीतीश का अनुभव और मार्गदर्शन जरूर रहेगा। चिराग ने कहा कि नई सरकार के गठन को लेकर गठबंधन के भीतर तमाम विषयों पर बातचीत चल रही है। गठबंधन से कौन मुख्यमंत्री बनेगा, कौन डिप्टी सीएम होगा, इसको लेकर चर्चा ही नहीं, बल्कि मोटा-मोटी सहमति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इसकी औपचारिक घोषणा कर दी जायेगी। मौजूदा सीएम नीतीश कुमार इस समय राज्य की यात्रा कर रहे हैं, जिनके साथ मंच पर सम्राट चौधरी की केमिस्ट्री ने राजनीतिक अटकलों का बाजार गर्म कर रखा है। नीतीश कई जिलों में समृद्धि यात्रा के मंच पर सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर उनसे जनता को प्रणाम करवा रहे हैं। इसे नीतीश की तरफ से सम्राट के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है, जिनकी नए सीएम के चयन में भूमिका से कोई इनकार नहीं कर रहा है। बिहार में बीजेपी के 89 विधायक और जेडीयू के 85 विधायक हैं। यह संख्या बताता है कि सीएम भले भाजपा का हो, उसका चुनाव भी भाजपा अपने तरीके से करे, लेकिन नीतीश की रायशुमारी उसमें महत्वपूर्ण होगी। नीतीश को 30 मार्च से पहले बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा। राज्यसभा का चुनाव जीतने के बाद उनके पास एमएलसी का पद छोड़ने के लिए 14 दिन का समय था, जिसमें एक सप्ताह बीत चुका है। चर्चा है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के पद से अप्रैल के दूसरे हफ्ते तक इस्तीफा देंगे, जब नई सरकार का गठन होगा। भाजपा और जदयू के नेताओं ने पहले कहा था कि नई सरकार के गठन की बातचीत 26 मार्च के बाद शुरू होगी, जिस दिन यात्रा के घोषित कार्यक्रम के मुताबिक नीतीश की सभा पटना में होगी।  

‘ना दंगा, ना फसाद, बिहार का CM सिर्फ चिराग’ वाले लगे पोस्टर

पटना. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बाद बिहार की राजनीति में नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। इसी बीच एनडीए के भीतर से ही एक नई राजनीतिक मांग सामने आई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने चिराग पासवान को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठाई है। बीजेपी कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर पटना में बीजेपी कार्यालय के बाहर चिराग पासवान के समर्थन में पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पोस्टर में लिखा गया है-'ना दंगा, ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो।' पोस्टर में ‘स्वर्ण काल’ की बात पोस्टर में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की खुलकर अपील की गई है। इसमें लिखा गया है- 'सजाओ इनके सर पर ताज, तभी आएगा बिहार में स्वर्ण काल।' इसके जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि चिराग के नेतृत्व में बिहार में नई शुरुआत हो सकती है। ‘मोदी के हनुमान’ का भी जिक्र पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी उल्लेख किया गया है। इसमें लिखा गया है- 'मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद, चिराग होंगे बिहार के नए सरताज।' इससे चिराग को एनडीए के मजबूत नेता के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है। युवा मुख्यमंत्री की मांग पोस्टर में यह भी लिखा गया है कि 'बिहार मांगे चिराग, वक्त अब आ गया है युवा मुख्यमंत्री बनाने का।' इसके साथ ही यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि अगर एनडीए की सरकार बनती है तो मुख्यमंत्री का चेहरा चिराग पासवान होना चाहिए। एलजेपी (रामविलास) नेता ने लगवाए पोस्टर बताया जा रहा है कि ये पोस्टर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पटना जिला अध्यक्ष इमाम गजाली की ओर से लगवाए गए हैं। पोस्टर सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में इस मांग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सांसद अरुण भारती भी जता चुके हैं इच्छा इससे पहले एलजेपी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती भी चिराग पासवान को मुख्यमंत्री के रूप में देखने की इच्छा जता चुके हैं। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री को लेकर अंतिम फैसला एनडीए के शीर्ष नेता मिलकर करेंगे। कार्यकर्ताओं की भी बड़ी भूमिका की मांग अरुण भारती ने कहा था कि व्यक्तिगत तौर पर वह अपने नेता चिराग पासवान को बिहार के बड़े नेता और राज्य के मुखिया के रूप में देखना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के कई जिलों में कार्यकर्ताओं की मांग है कि आने वाले समय में चिराग पासवान को बड़ी जिम्मेदारी दी जाए।

बिहार की राजनीति में हलचल: ‘अगला CM चिराग पासवान’ वाले पोस्टरों से मचा बवाल

पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच बिहार में पॉलिटिकल हलचल तेज हो गई है। इसी बीच चिराग पासवान को अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले पोस्टर पटना की सड़कों पर दिखे हैं। ये पोस्टर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला अध्यक्ष इमाम गजाली ने लगाए हैं। पोस्टर, जिसमें चिराग पासवान के सिर पर ताज दिखाया गया है, पर नारे लिखे थे, जैसे, “उन्हें ताज पहनाओ, तभी बिहार का सुनहरा दौर आएगा। मोदी ने उन्हें आशीर्वाद दिया है। चिराग बिहार के नए नेता होंगे। बिहार को चिराग की जरूरत है। अब, एक युवा मुख्यमंत्री बनाने का समय आ गया है। नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस सरकार बनाएगी, और चिराग मुख्यमंत्री होंगे।” यह पहली बार नहीं है जब पार्टी के समर्थकों ने चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है। इससे पहले, जमुई से सांसद और चिराग पासवान के साले अरुण भारती ने भी चिराग को बिहार का नेतृत्व करते देखने की इच्छा जताई थी। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर आखिरी फैसला NDA करेगा। इससे पहले, चिराग पासवान की मां राजकुमारी देवी ने सबके सामने इच्छा जताई थी कि वह उन्हें बिहार का मुख्यमंत्री बनते देखना चाहती हैं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि चिराग पासवान मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार से बेहतर काम करेंगे। उन्होंने अपने बेटे को आशीर्वाद देते हुए और लोगों से उनका समर्थन करने की अपील करते हुए कहा, “हम जानते हैं कि चिराग मुख्यमंत्री बनेंगे। वह नीतीश कुमार से बेहतर काम करेंगे।”

रोबोडॉग विवाद पर चिराग पासवान का सख्त रुख, समिट खत्म होते ही जांच और एक्शन

पटना केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एआई समिट में प्रदर्शित चीनी रोबोटिक डॉग को लेकर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे 'बड़ी लापरवाही' बताया। उन्होंने कहा कि समिट समाप्त होने के बाद सरकार इस मामले में आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेगी। गलगोटिया यूनिवर्सिटी से जुड़ा यह विवाद इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान सामने आया, जहां एक रोबोटिक डॉग को विश्वविद्यालय के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' द्वारा विकसित बताया गया था। बाद में स्पष्ट हुआ कि यह प्रोडक्ट चीन की कंपनी यूनिट्री रोबोटिक्स द्वारा विकसित यूनिट्री जीओ2 मॉडल है। पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि किसी विश्वविद्यालय द्वारा किसी प्रोडक्ट को प्रदर्शित कर उसका स्वामित्व गलत तरीके से लेना पूरी तरह अनुचित है। यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि समिट एक वैश्विक मंच है और पूरी दुनिया की नजर इस पर रहती है। ऐसे घटनाक्रम भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने उस प्रतिनिधि के बयान का भी जिक्र किया, जिसने रोबोटिक डॉग के बारे में जानकारी दी थी। चिराग ने कहा कि वह शब्दों के चयन से स्थिति को उचित ठहराने की कोशिश करती दिखीं और बाद में इसे गलतफहमी बताया गया। जब देश में इतने बड़े स्तर का एआई सम्मेलन हो रहा हो, तब इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय बन जाती हैं। केंद्र सरकार ने भी अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया में कहा कि ऐसे मंचों पर केवल वास्तविक और प्रमाणिक कार्यों को ही प्रदर्शित किया जाना चाहिए और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। विवाद उस समय शुरू हुआ जब विश्वविद्यालय के पवेलियन में मौजूद कम्युनिकेशन प्रोफेसर नेहा सिंह ने एक साक्षात्कार में दावा किया कि प्रदर्शित रोबोटिक डॉग विश्वविद्यालय द्वारा विकसित किया गया है और उसका नाम 'ओरियन' बताया। बाद में उन्होंने इसे संचार की गलती बताया। विश्वविद्यालय ने भी आधिकारिक बयान जारी कर भ्रम के लिए माफी मांगी और कहा कि संबंधित प्रतिनिधि को तकनीकी जानकारी नहीं थी और उन्हें मीडिया से बात करने की अनुमति भी नहीं थी।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर जल्द आएगा सबूत, चिराग पासवान ने किया ऐलान

पटना भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भरोसा जताया कि सरकार जल्द ही इस समझौते के सभी बिंदुओं को स्पष्ट कर देगी। वहीं जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कांग्रेस पर विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया। आईएएनएस से बातचीत में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि कॉमर्स मिनिस्टर ने पहले ही बता दिया है कि जल्द ही सभी बिंदुओं को स्पष्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब भी कोई समझौता होता है तो साझा बयान जारी किए जाते हैं। उन्हें लगता है कि जल्द ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी दे दी जाएगी। वहीं, जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी और न्यूक्लियर डील हुई थी, देश की संप्रभुता और जानकारी साझा करने को लेकर कांग्रेस सवालों के घेरे में आई थी, तब उन्हें अमेरिका के साथ हुई डील अच्छी लगी थी। आज की डील में उन्हें कमियां नजर आ रही हैं। संसद का सत्र चल रहा है, उन्हें अपनी बात रखनी चाहिए; सरकार जवाब देगी। पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर आ रहे नेताओं के बयानों पर उन्होंने कहा कि पप्पू यादव सांसद हैं और वे फरार थे। उनके खिलाफ कुर्की के आदेश जारी हुए हैं। यह न्यायपालिका की अवहेलना है। न्यायपालिका ने उन्हें फरार घोषित किया, उनके खिलाफ वारंट जारी किया और कुर्की का आदेश दिया; ऐसे में वे कैसे कह सकते हैं कि नीट की छात्रा के विवाद के चलते उनके खिलाफ कार्रवाई हुई है। यह तो न्यायपालिका की प्रक्रिया का अपमान है। नीरज कुमार ने कहा कि न्यायपालिका में जमानत याचिका दाखिल करते समय यही लिखा जाना चाहिए कि नीट मामले के चलते ही गिरफ्तारी हुई है। प्रशांत किशोर को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति का शटर अब गिर चुका है। अब कोई उन्हें राज्य में रणनीतिकार बनाने के लिए तैयार नहीं है। पीएम और सीएम बनाने की बातें करते थे, लेकिन एक एमएलए भी नहीं बनवा पाए। स्वाभाविक है कि वे दर-दर भटकेंगे, लेकिन जनता से समर्थन नहीं मिलेगा। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर अभी राजनीति से संन्यास नहीं लेंगे।

चिराग के दही-चूड़ा भोज में चेतन के पास पहुंचे CM नीतीश

पटना. मकर संक्रांति के मौके पर बिहार की राजनीति में दही-चूड़ा भोज सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि सियासी ताकत दिखाने का मंच बन गया। गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक के बाद एक कई दही-चूड़ा आयोजनों में शिरकत कर राजनीतिक संदेश दिए। कभी चिराग पासवान के ऑफिस पहुंचे, तो कभी बाहुबली आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद के घर जाकर उपस्थिति दर्ज कराई। चिराग पासवान के भोज में पहुंचे CM, किया अभिवादन केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के दही-चूड़ा भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी खास मानी जा रही है। यहां सीएम ने हाथ हिलाकर मौजूद लोगों और मीडिया का अभिवादन किया। इस मुलाकात को NDA के भीतर बढ़ती सहजता और तालमेल के रूप में देखा जा रहा है। भोज में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। चेतन आनंद के घर पहुंचे नीतीश, पांच मिनट की मुलाकात भी मायनेदार इसके बाद मुख्यमंत्री जदयू विधायक चेतन आनंद के आवास पहुंचे, जहां वे करीब पांच मिनट रुके। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और PHED मंत्री संजय कुमार भी मौजूद थे। चेतन आनंद ने कहा कि व्यस्त शेड्यूल के बावजूद सीएम ने समय निकाला और आशीर्वाद दिया। उन्होंने बताया कि NDA के साथ-साथ विपक्षी नेताओं को भी आमंत्रण भेजा गया था। मंत्रिमंडल विस्तार पर चेतन आनंद की सधी हुई प्रतिक्रिया विधानसभा सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार और मंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर चेतन आनंद ने सधा हुआ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वे किसी तरह की अनर्गल इच्छा नहीं रखते और परिस्थितियों के अनुसार निर्णय होगा। राजनीतिक गलियारों में इसे संतुलन साधने वाला बयान माना जा रहा है। आनंद मोहन की रिहाई से मजबूत हुई नजदीकी गौरतलब है कि चेतन आनंद के पिता आनंद मोहन की रिहाई में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही थी। इसके बाद फ्लोर टेस्ट के दौरान चेतन आनंद ने RJD को झटका देते हुए नीतीश कुमार का साथ दिया था। तभी से आनंद मोहन परिवार और मुख्यमंत्री के रिश्ते और मजबूत माने जा रहे हैं। तेजप्रताप से रत्नेश सदा तक, 14 जनवरी का सियासी कैलेंडर 14 जनवरी को तेजप्रताप यादव के आवास पर हुए दही-चूड़ा भोज में लालू यादव, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, प्रभुनाथ यादव और चेतन आनंद की मौजूदगी ने अलग सियासी संकेत दिए। लालू यादव ने सार्वजनिक रूप से कहा कि वे तेजप्रताप से नाराज नहीं हैं। वहीं पूर्व मंत्री रत्नेश सदा के आवास पर भी दही-चूड़ा भोज हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री, राज्यपाल और NDA के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। दही-चूड़ा के बहाने दिखी गठबंधन की तस्वीर कुल मिलाकर, इस मकर संक्रांति पर दही-चूड़ा भोज सिर्फ खान-पान का आयोजन नहीं रहा, बल्कि इसके जरिए गठबंधन की मजबूती, रिश्तों की गर्माहट और भविष्य की राजनीति के संकेत भी साफ तौर पर नजर आए। बिहार की राजनीति में दही-चूड़ा एक बार फिर सियासी भाषा बोलता दिखा।