samacharsecretary.com

बड़ा फैसला: छेड़छाड़ मामले में विधायक लालपुरा को 4 साल की कैद

संगरूर/ तरनतारन  करीब 12 साल पहले अनुसूचित जाति की एक युवती से छेड़छाड़ और उसे प्रताड़ित करने के मामले में तरनतारन की अदालत ने खडूर साहिब से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा और सात अन्य को चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रेम कुमार ने आरोपियों को बुधवार को दोषी करार दिया था। एससी/एसटी एक्ट और आईपीसी की विभिन्न धाराआें के तहत लालपुरा के अलावा दविंदर कुमार, सरज सिंह, अश्विनी कुमार, तरसेम सिंह, हरजिंदर सिंह (सभी पुलिसकर्मी), हरविंदर सिंह शोशी और कंवलदीप सिंह को चार साल जेल की सजा सुनाई गई है। तीन अन्य दोषियों को एक-एक साल के कारावास की सजा सुनाई गई। अदालत ने यह भी कहा कि पीड़िता मुआवजे की हकदार है, जिसकी राशि अभी तय नहीं की गई है। मामला उस समय का है जब मनजिंदर सिंह लालपुरा टैक्सी ड्राइवर थे। घटना 3 मार्च 2013 को हुई थी, जब पीड़िता अपने माता-पिता के साथ एक शादी में गई थी। इसी दौरान उसके साथ छेड़छाड़ व मारपीट की गयी। सुप्रीम कोर्ट ने इस घटना का स्वतः संज्ञान लिया था।

सीएम मोहन यादव के साथ बड़ा हादसा टला, हॉट एयर बैलून में लगी आग

मंदसौर मंदसौर के गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट में शनिवार सुबह बड़ा हादसा टल गया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हॉट एयर बैलून में सवार हुए थे, लेकिन तेज हवा (20 किमी/घंटा) के कारण बैलून उड़ नहीं सका. इसी दौरान बैलून के निचले हिस्से में आग लग गई. मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत आग पर काबू पा लिया. वहीं, सीएम जिस ट्रॉली में बैठे थे, उसे सुरक्षाकर्मियों ने मजबूती से संभाले रखा, जिससे वे पूरी तरह सुरक्षित रहे.  मंदसौर में शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। मंदसौर में सीएम के हॉट एयर बैलून में उड़ान भरने से ठीक पहले उसमें अचानक आग लग गई। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव के हॉट एयर बैलून में शानिवार सुबह आग लग गई, इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता से आग को बुझाया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की कोई हानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह सीएम मोहन यादव गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट पहुंचे थे और यहां बोटिंग का लुत्फ उठाया। इसके बाद वह मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता के साथ हॉट एयर बैलून के रोमांचकारी सफर पर निकल रहे थे। लेकिन हवा की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रतिघंटा होने से बैलून नहीं उड़ सका। बताया जा रहा है कि हादसे के समय सीएम बैलून के नीचे खड़े थे और बैलून में हवा भरने के दौरान उसके निचले हिस्से में आग लग गई। वहां मुस्तैद सिक्योरटी गार्ड्स ने तुरंत ट्रॉली को संभाला और आग को बुझाया, जिससे सीएम डॉ. यादव पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस घटना के बाद सीएम का हॉट एयर बैलून का सफर रद्द कर दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीसागर महासागर के समान है। यहां प्राकृतिक रूप से भी वन्यजीव संपदा है। मैं रात में यही रुका था और वॉटर एक्टिविटी में शामिल हुआ। पर्यटकों के लिए यह स्वर्ग समान है। विदेश क्यों जाना जब यहीं पर ऐसी धरोहर और स्पॉट हैं। हॉट एयर बैलून एक्सपर्ट ने बताया कि सुबह 6 से 7:30 बजे के बीच हवा की रफ्तार न के बराबर रहती है। हॉट एयर बैलून में हवा की रफ्तार जीरो होनी चाहिए, लेकिन जब सीएम सवार हुए, तब रफ्तार 15 से 20 किमी प्रतिघंटा तक थी। इस वजह से बैलून ऊपर नहीं जा सका। जब उसमें एयर भरी जा रही थी तो वह नीचे झुक गया। इससे निचले हिस्से में आग लग गई। इसके ठीक नीचे सीएम खड़े थे। इसके चलते सीएम सिक्योरिटी भी अलर्ट हुई और ट्रॉली को संभाले रखा। दूसरी ओर, एक्सपर्ट और कर्मचारियों ने आग को बुझाया।

आधी रात इंदौर में फायरिंग: अर्जुन जोशी घायल, प्रेमिका के घर के बाहर चली गोली

 इंदौर मध्य प्रदेश के इंदौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक महिला नेता के बेटे को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने का मामला सामने आया है। 31 वर्षीय घायल युवक अर्जुन जोशी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अर्जुन की मां ममता नारायण जोशी पार्षद का चुनाव लड़ चुकी हैं। पुलिस के अनुसार, अर्जुन जोशी शुक्रवार रात खजराना थाना क्षेत्र में अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, जहां किसी बात को लेकर प्रेमिका के पिता और उसके बीच कहासुनी के बाद गोली चल गई। घायल अर्जुन ने आरोप लगाया है कि उसकी प्रेमिका के पिता ने ही उस पर हमला कर गोली चलाई है। हालांकि, पुलिस को शुरुआती जांच में यह मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस की जांच में पता चला है कि प्रेम प्रसंग के चलते दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। वहीं अर्जुन जोशी ने भी प्रेमिका के घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए प्रेमिका और उसके पिता से मारपीट की है। इसको लेकर दूसरा पक्ष भी शिकायत लेकर थाने पहुंचा था। अर्जुन पर प्रेमिका के घर जाकर तोड़फोड़ और मारपीट करने का आरोप खजराना पुलिस के अनुसार, अर्जुन जोशी शुक्रवार आधी रात को अपनी प्रेमिका के घर मिलने पहुंचा था। यहां उसने पहले झगड़ा किया और प्रेमिका को धमकाया, फिर लड़की के पिता पर भी हमला करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, घर में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट भी की गई। इसी बीच, हंगामा इतना बढ़ गया कि अचानक गोली चल गई और अर्जुन जख्मी हो गया। अर्जुन ने अपनी प्रेमिका के पिता पर उसे गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि, गोली कैसे लगी इसकी अभी जांच जारी है। अब तक जांच में सामने आया है कि अर्जुन की प्रेमिका के पिता की पिस्टल से गोली चली है। पुलिस इसकी जांच कर रहे है पिस्टल लाइसेंसी है या अवैध। फिलहाल अर्जुन जोशी का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उधर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। टीआई मनोज सेंधव ने बताया कि मामला संदिग्ध है। दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, अर्जुन ने भी प्रेमिका के घर तोड़फोड़ और मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। जांच के बाद ही तय होगा कि गोली किसने चलाई। असफल मॉडलिंग करियर और बिगड़ैल रवैया अर्जुन जोशी के बारे में जानकारी मिली है कि कुछ साल पहले वह मॉडलिंग का सपना लेकर मुंबई गया था, लेकिन वहां से उसे निराशा हाथ लगी। नाकाम होने पर वह इंदौर वापस लौट आया और यहां आकर दबंगई करने में लग गया। उसका नाम पहले भी कई विवादों में आ चुका है। उसके परिवार में कई लोगों के पास भी लाइसेंसी हथियार हैं। लूट का आरोपी रहा है छोटा भाई घायल अर्जुन जोशी का भाई कान्हा जोशी लूट का आरोपी रहा है। इस मामले में उसे जेल की हवा भी खाना पड़ी थी। इसके अलावा कान्हा जोशी कांग्रेस के पूर्व कद्दावर मंत्री के पोते से भी झगड़ा कर चुका है। पलासिया क्षेत्र के आनंद बाजार में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। हालांकि, बाद में इस मामले में राजीनामा हो गया था।

मुरैना को मिलेगा पासपोर्ट सेवा केंद्र, ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे शिलान्यास, अध्यक्ष तोमर होंगे उपस्थित

 मुरैना  केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज मुरैना जाएंगे। वे ग्वालियर से सड़क मार्ग होते हुए दोपहर 2 बजे मुरैना पहुंचेंगे। मुरैना स्टेशन रोड़ स्थित पोस्ट ऑफिस पहुंचकर पासपोर्ट सेवा केंद्र का केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भूमि पूजन करेंगे। फिर वहां से केन्द्रीय मंत्री सिंधिया मुरैना जीवाजी गंज स्थित टाऊन हॉल पहुंचकर सुकन्या योजना सम्मेलन में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री के साथ मध्यप्रदेश विधान सभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर , मुरैना प्रभारी मंत्री कर्ण सिंह वर्मा , मध्यप्रदेश कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना सहित भाजपा के नेता रहेंगे कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कार्यकर्ताओं में उत्साह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मुरैना आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया के पोस्टरों से मुरैना शहर को पाट दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अपने नेता केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का शहर में जगह जगह पर भव्य स्वागत किया जाएगा।

एनएमसी के मापदंड को पूरा करने के लिए आवश्यक निर्देशों का हो पालन: स्वास्थ्य मंत्री

रायपुर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में राज्य के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों के डीन एवं मेडिकल सुप्रीटेंडेंट की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वशासी समिति एवं प्रबंधकारिणी की बैठकों में स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी मेडिकल कॉलेज और संबद्ध अस्पताल के चिकित्सक सेवा भावना के साथ कार्य करें और जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें। बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए डीन और मेडिकल सुप्रीटेंडेंट को स्वशासी समिति के माध्यम से 10 लाख रुपए तक के अति आवश्यक उपकरणों और दवाइयों की खरीदी के अधिकार को बढ़ाते हुए 20 लाख रुपए तक किए जाने पर चर्चा हुई। बैठक में NMC मापदंडों का गैप एनालिसिस भी प्रस्तुत किया गया।इस दौरान मानव संसाधन के तहत नर्सिंग स्टाफ और पैरा मेडिकल पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पर चर्चा हुई। साथ ही राजनांदगांव में  वायरोलॉजी लैब की स्थापना का प्रस्ताव भी पारित हुआ। बैठक में इस बात पर चर्चा की गई कि उपकरणों एवं दवाओं के अत्यधिक लंबित क्रय को कॉलेज स्तर पर पूरा करने के लिए CGMSC द्वारा मेडिकल कॉलेजों को त्वरित रूप से एनओसी मिले। साथ ही अग्रिम राशि को शीघ्र प्रदाय किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत नवीन परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें नए मेडिकल कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज शामिल हैं। बैठक में अवसंरचना विकास के तहत छात्रावास भवन, कॉलेज भवन, आंतरिक सड़क, पेयजल व्यवस्था और विद्युतीकरण की दिशा में कार्य करने का निर्णय लिया गया। सुविधाओं के अंतर्गत उपकरण उपलब्धता, CGMSC को समय पर मांग पत्र प्रेषण, वित्तीय राशि के निर्गमन तथा खरीद प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। दवाइयों एवं उपभोग्य सामग्रियों की आपूर्ति व्यवस्था को भी मजबूत करने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, डीकेएस एवं अन्य सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों की सेवाओं और आउटसोर्सिंग सेवा प्रदाताओं की मॉनिटरिंग पर भी चर्चा की गई।  इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा एवं सभी मेडिकल कॉलेजों के डीन और मेडिकल सुप्रीटेंडेंट उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री साय बोले: कार्टून सिर्फ हँसाते नहीं, समाज को भी आईना दिखाते हैं

मुख्यमंत्री साय कार्टून फेस्टिवल-2025 में हुए शामिल रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2025 में शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कार्टून केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज का दर्पण भी है, जो हास्य और व्यंग्य के माध्यम से गंभीर मुद्दों को सरलता से प्रस्तुत करता है। कार्टून मनोरंजन के साथ ही समाज को जागरूक करने और सोचने के लिए प्रेरित करने वाली कला है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने जम्मू-कश्मीर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट मनोज चोपड़ा को कार्टून वॉच पत्रिका का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया। उन्होंने कार्टून फेस्टिवल में हिस्सा ले रहे कार्टूनिस्टों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं भी कार्टून बनाया। कार्टून वॉच फेस्टिवल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह गर्व की बात है कि कार्टून वॉच पत्रिका ने 29 वर्षों का सफल सफर तय कर लिया है और अब अपने 30वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। मैं कार्टून वॉच की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ कि वे आगे भी कार्टून की इस विधा में उत्कृष्ट कार्य करते रहें। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यदि अगले वर्ष कार्टून वॉच फेस्टिवल बस्तर में आयोजित हो तो यह अत्यंत हर्ष का विषय होगा। बस्तर में अब शांति स्थापित हो रही है और जल्द ही यह क्षेत्र पूर्णतः नक्सलमुक्त होगा। नियद नेल्ला नार योजना (जिसका अर्थ है – आपका अच्छा गाँव) के माध्यम से सरकार की योजनाएँ बस्तर के लोगों तक पहुँच रही हैं। 300 से अधिक गाँवों में अब तक सड़क, बिजली, पानी और राशन कार्ड जैसी सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। जहाँ पहले बंदूक की आवाज गूंजती थी, वहाँ अब स्कूल की घंटी बज रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर ओलंपिक में 1 लाख 65 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। इसी तरह बस्तर की सांस्कृतिक पहचान का उत्सव बस्तर पंडुम आयोजित किया गया, जिसमें 47 हजार लोग शामिल हुए। यह इस बात का प्रमाण है कि बस्तर के लोग अब मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। कल ही मैं बस्तर में इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में शामिल हुआ। अब बस्तर में बड़े पैमाने पर निवेश के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के रोडमैप के रूप में हमने विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। छत्तीसगढ़ में सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा सेंटर और टेक्सटाइल सहित अनेक क्षेत्रों में निवेश हो रहा है। हाल ही में जापान और कोरिया की यात्रा के दौरान भी हमने उद्योगों के साथ कई एमओयू किए हैं। छत्तीसगढ़ का भविष्य अत्यंत उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि कार्टून एक बेहद सशक्त माध्यम है। कार्टून वॉच की टीम सरकार की योजनाओं को भी कार्टून के जरिए आमजन तक पहुँचाए। कार्टून वॉच का यह प्रयास कार्टूनिस्टों को मंच प्रदान करता है, जो उनकी रचनात्मकता को और निखारने में सहायक है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कार्टून की विधा मीडिया और साहित्य का अद्भुत संगम है। यह विधा चुटीलेपन के साथ गागर में सागर भरने का सामर्थ्य रखती है। मैं स्वयं जब भी समाचार पत्र पढ़ता हूँ, कार्टून अवश्य देखता हूँ। त्रयम्बक शर्मा ने कार्टून की इस विधा को जीवंत बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि कार्टून वॉच देश की एकमात्र कार्टून पत्रिका है। 30 वर्षों की यह यात्रा इसके संपादक त्रयम्बक शर्मा के जज़्बे को दर्शाती है। उनका यह सफर सभी कलाकारों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने अपने कार्य से यह साबित किया है कि किसी भी क्षेत्र में पूरे समर्पण और निष्ठा से कार्य करने पर सफलता अवश्य प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, हरिभूमि के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी, कार्टून वॉच के संपादक त्रयम्बक शर्मा सहित अनेक कार्टूनिस्ट और साहित्य-कला जगत के गणमान्यजन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संदेश: जनकल्याण और विकास के लिए न रुकें, न थकें

मुख्यमंत्री ने 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक मनाए जाने वाले सेवा पखवाड़ा के संबंध में कलेक्टर्स एवं कमिश्नर्स से वीसी के जरिए की चर्चा भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जनता की सेवा ही हमारा धर्म है। यही हमारा लक्ष्य भी है। आने वाली 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान नागरिकों की सेवा और सुविधा से जुड़े सभी कार्यों सहित स्वच्छता गतिविधियां भी आयोजित की जाएं। सेवा पखवाड़े को जनता को प्रदेश में सुशासन का भरपूर लाभ देने वाला पखवाड़ा बनाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मंदसौर जिले के गांधीसागर से सेवा पखवाड़ा की तैयारियों के संबंध में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी कलेक्टर्स एवं कमिश्नर्स से मुखातिब हो रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी मैदानी अधिकारियों से सेवा पखवाड़ा के क्रमबद्ध आयोजन के बारे में चर्चा की और इसकी रूपरेखा सहित तैयारियों की जानकारी भी ली। मुख्य सचिव अनुराग जैन एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मंत्रालय से इस वीसी में सहभागिता की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर्स-कमिश्नर्स से कहा कि प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और भी सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेजेस के निर्माण कार्य अब विस्तारित स्वरूप में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में आमूल-चूल सुधार होगा। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त हेल्थ बॉडीज प्रदेश के नागरिकों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा‍ कि प्रदेश के बड़े गांवों, नगरीय निकायों एवं बड़े शहरों में सौंदर्यीकरण और हरियाली के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से "नमो पार्क, नमो वन, नमो उपवन" जैसे हरे-भरे उद्यानों का विकास किया जाए। ऐसे वन-उपवन न केवल पर्यावरण को स्वच्छ और हराभरा बनाएंगे, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराएंगे। इसलिए उद्यानिकी गतिविधियों एवं उद्यान विकास को विशेष प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी जनजातीय बहुल अंचल के विकास एवं समृद्धि के लिए राज्य सरकार द्वारा केन्द्रीय एवं प्रादेशिक विकास योजनाओं का संचालन कर अनेक प्रकार के अधोसंरचना निर्माण कार्यों की सौगातें दी जा रही हैं। इन लक्षित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं की सहज उपलब्धता से ही जनजातीय क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सकेगा। इसके लिए कलेक्टर्स सेवा पखवाड़ा अवधि में जनजातीय अंचल में प्रचार-प्रसार एवं सभी नवाचारी गतिविधियां आयोजित करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की मेहनत का भरपूर लाभ दिलाना और उनकी फसल की चिंता हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीते दिनों आई प्राकृतिक आपदा एवं कीट प्रकोप से किसानों की फसलों को हुई क्षति का पूरी संवेदनशीलता के साथ आंकलन किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि फसल क्षति का पारदर्शी तरीके से सम्पूर्ण सर्वे कार्य शीघ्र पूरा कर लें, इससे किसानों को समय पर समुचित मुआवज़ा एवं फसल बीमा योजना की क्षतिपूर्ति राशि का लाभ भी मिल सकेगा। उन्होंने कलेक्टर्स से कहा कि इस काम में तेजी लायें, जिससे सरकार पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द राहत राशि दे सके।  

स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने पर दें विशेष जोर: वन मंत्री केदार कश्यप

रायपुर : वन मंत्री केदार कश्यप ने की वन विभाग के कार्यों की समीक्षा स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने पर दें विशेष जोर: वन मंत्री केदार कश्यप वन आधारित रोजगार सृजन एवं वनों के संरक्षण हेतु कार्ययोजना के अनुरूप करें पहल-  मंत्री कश्यप  रायपुर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में आज जगदलपुर स्थित वन विद्यालय के सभाकक्ष में वन विभाग के विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में वृक्षारोपण, कूप कटाई, निर्माण कार्य, राजस्व संग्रहण, वनों के संरक्षण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही, ग्रामीणों की आय में वृद्धि के लिए विभाग द्वारा संचालित प्रयासों की गहन समीक्षा की गई। वन मंत्री कश्यप ने बैठक में कहा कि वनों के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों विशेषकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने पर विशेष जोर दिया जाए। इस दिशा में कार्ययोजना के अनुरूप वृक्षारोपण, सयुंक्त वन प्रबंधन और समुदाय की सहभागिता से वनों की देखभाल और प्रबंधन के लिए व्यापक प्रयास किया जाए। साथ ही लाख पालन, वनोत्पाद पर आधारित प्रसंस्करण एवं ईको टूरिज्म के जरिए रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जाए। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण अभियान के तहत लाखों पौधे रोपे जा चुके हैं, जबकि कूप कटाई और निर्माण कार्यों में भी तेजी आई है। राजस्व संग्रहण में वृद्धि दर्ज की गई है और मालिक मकबूजा योजना के माध्यम से वनवासियों को उनके अधिकार सुनिश्चित किए जा रहे हैं। जन कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लघु वनोपज संग्रहण और वैकल्पिक आजीविका स्रोतों पर फोकस किया गया, ताकि ग्रामीणों की आय दोगुनी हो सके। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वनोपज वनवासियों की आजीविका का आधार है। इको टूरिज्म और वनोपज प्रसंस्करण के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रोजगार दें। बस्तर कई दशकों से माओवाद से पीड़ित रहा है, किंतु अब माओवाद के साए से बाहर आ रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर के विभिन्न पर्यटन स्थानों पर सुविधाएं प्रदान करते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार दें। पर्यटन स्थानों के विकास में स्थानीय परंपराओं का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि लघु वनोपज के प्रसंस्करण का लाभ स्थानीय युवाओं को मिले। नीलगिरी और अकेशिया के विदोहन के लिए आवश्यक नीति निर्माण हेतु तत्परता से कार्य करें। वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के पश्चात तत्काल वृक्षारोपण करें। वनमंत्री कश्यप ने बैठक में वृक्षों की कटाई और अवैध परिवहन पर नजर रखने और कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। वन भूमि पर अतिक्रमण पर त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि वनौषधि के संरक्षण के साथ ही वैद्यों के परंपरागत ज्ञान का उपयोग कर उनकी भूमि में वनौषधियों का रोपण करें तथा वन भूमि के तालाबों का उपयोग मछली पालन हेतु करें और स्थानीय युवाओं को रोजगार दें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ ही पौधों की देखभाल और वृक्षों का संरक्षण हमारा दायित्व है। इस दायित्व का निर्वहन भली भांति करें। योजना बनाकर कार्य को पूर्ण करें। वन मंत्री कश्यप ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में माओवाद के खात्मे के बाद विकास की नई लहर चल रही है और वन विभाग को इसमें अग्रणी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। वन मंत्री कश्यप ने बस्तर के नियद नेल्लानार योजना क्षेत्रों में वन विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में विशेष तौर पर ध्यान केंद्रित करने सहित नियमित रूप से मॉनिटरिंग किए जाने की बात कही। बैठक में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ अनिल साहू, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी अरुण पाण्डे, प्रधान मुख्य वन संरक्षक ओपी यादव, मुख्य वन संरक्षक आरसी दुग्गा, मुख्य वन संरक्षक कांकेर दिलराज प्रभाकर, मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी जगदलपुर सुस्टाइलो मंडावी, तीनों वन वृत्त के सभी वन मंडलाधिकारी एवं उप वन मंडलाधिकारी उपस्थित रहे।

समर्थ दिव्यांग केंद्र और नशामुक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा: मंत्री श्रीमती राजवाड़े

रायपुर : मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने दिव्यांग बच्चों से की आत्मीय मुलाकात समर्थ दिव्यांग केंद्र और नशामुक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा:  मंत्री श्रीमती राजवाड़े   मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने दिव्यांग बच्चों को चॉकलेट देकर उनका हौसला बढ़ाया शिक्षकों को बच्चों की शिक्षा और स्वच्छता पर ध्यान देने के दिए निर्देश रायपुर समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने सरगुजा संभाग के दौरे के दौरान जशपुर पहुंचकर कई शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने समर्थ दिव्यांग आवासीय प्रशिक्षण केन्द्र में दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया और वहां उनके शिक्षण-प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं का मुआयना किया। श्रीमती राजवाड़े ने समर्थ आवासीय दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र में बच्चों से उनकी दिनचर्या की जानकारी ली। बच्चों से आत्मीय संवाद के दौरान उन्होंने सभी को टॉफियां बांटी और मन लागकर पढ़ाई करने की सीख दी। निरीक्षण के दौरान एक नन्हे दिव्यांग बालक की ड्रेस को उन्होंने स्वयं ठीक किया और उसे स्वच्छता और नियमित पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। मंत्री ने बच्चों की नोटबुक भी देखी और शिक्षकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने नशामुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। यहां नशा छोड़ने के लिए उपचार ले रहे लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने परिवार के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें नशा त्याग कर जिन्दगी की फिर से एक नई शुरुआत करने के लिए प्रोत्साहित किया। केंद्र में योग, खेल और काउंसिलिंग जैसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की और संचालकों को नियमित काउंसिलिंग तथा अनुशासित दिनचर्या बनाए रखने के निर्देश दिए। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने दृष्टिबाधित बच्चों के विशेष विद्यालय का भी निरीक्षण किया। मंत्री श्रीमती राजवाड़े के विद्यालय आगमन पर दृष्टिबाधित बच्चों ने स्वागत गीत की शानदार प्रस्तुति दी। मंत्री ने बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उनकी रुचियों और सपनों को जाना। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों को उनकी रुचि अनुसार विषय और कला प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने बच्चों के लिए नए ड्रेस एवं वस्त्र का वितरण सुनिश्चित करने के साथ ही स्वच्छता और भोजन व्यवस्था पर विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए।  निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव, महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक श्रीमती अर्चना राणा सेठ, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा, डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने जशपुर में सखी वन स्टॉप सेंटर, खुला आश्रय गृह, बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण

राजवाड़े ने कहा – बच्चों और महिलाओं की ज़रूरतें हों प्राथमिकता, सुविधाओं में न हो कमी रायपुर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज जशपुर जिले में महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह (बालक), बालिका गृह, खुला आश्रय गृह (बालिका), सखी वन स्टॉप सेंटर में काउंसिलिंग, शयन, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, मनोरंजन, सीसीटीवी जैसी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जशपुर में सखी वन स्टॉप सेंटर, खुला आश्रय गृह, बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बच्चों और महिलाओं के संरक्षण में कोई कमी न रहे, यह राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इन संस्था में बेहतर संचालन किया जाए। सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जाए। उन्होंने शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह (बालक) के बच्चों से मुलाकात कर उसे पढ़ाई में मन लगाकर अच्छा आचरण करने की समझाईश दी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित परामर्श और मार्गदर्शन की व्यवस्था और मजबूत करने को कहा। बालिका गृह में उन्होंने निवासरत बच्चियों से उनकी दिनचर्या, शिक्षा, भोजन की गुणवत्ता और मीनू पर चर्चा की तथा नियमित सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।  महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने खुला आश्रय गृह (बालिका) में वसुंधरा विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी में छोटे बच्चों को देखकर उन्होंने उन्हें गोद में लेकर दुलारा और अधिकारियों से बच्चों की देखभाल की विस्तृत जानकारी ली। सखी वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुनी। उन्होंने नवा बिहान कक्ष एवं काउंसिलिंग सेवाओं का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।