samacharsecretary.com

जहरीली शराब का खेल: दो की गई जान, शराब कोचिया समेत दो गिरफ्तार

जांजगीर चांपा शराब पीने से दो युवकों की मौत की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली. एसपी विजय कुमार पांडेय ने आज मामले का खुलासा किया. पुलिस ने दो आरोपी शराब कोचिया भोला टंडन उर्फ सुरेंद्र टंडन और अनिल टंडन को गिरफ्तार किया है. दोनों ने शराब में सुहागा मिलाकर सूरज और मनोज कश्यप को बेचा था, जिसे पीने के बाद दोनों युवकों की मौत हुई थी. एसपी ने बताया शराब पीकर आए दिन विवाद करने से परेशान होकर आरोपी सुरेंद्र टंडन ने हत्या की साजिश रची थी और अपने चचेरे बड़े भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था. आरोपी भोला टंडन उर्फ सुरेंद्र टंडन और अनिल टंडन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. आरोपियों के कब्जे से सुहागा रेपर एवं बड़ा सूजा बरामद किया गया है. ये है पूरा मामला 15 सितंबर को मृतक सूरज यादव एवं मनोज कश्यप निवासी ग्राम करही थाना बिर्रा दोनों एक साथ शराब लेने के लिए गांव के शराब विक्रेता सुरेन्द्र उर्फ भोला टंडन के पास सुबह करीब 7 बजे पहुंचे थे. शराब खरीदकर एक दुकान से चखना खरीदा और वहीं बैठकर दोनों ने शराब पी. इसके तुरंत बाद दोनों की तबियत अचानक खराब होने से उन्हें तत्काल इलाज के लिए राधा कृष्ण अस्पताल सारंगढ़ ले जाया गया, जहां दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई. थाना सारंगढ में मर्ग कायम कर जांच पंचनामा कार्रवाई की गई. इसकी सूचना मिलते ही जांजगीर पुलिस सक्रिय होकर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना बिर्रा पुलिस ने असल मर्ग कायम किया. शराब पीने से दो युवकों की मौत होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मर्ग जांच के दौरान घटना स्थल का निरीक्षण किया गया. मृतक के परिजनों व गवाहों का बारिकी से कथन एवं पीएम रिपोर्ट का अवलोकन करने पर प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाया गया. थाना बिर्रा में अपराध पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया. दोनों युवकों की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई. टीमो ने प्रकरण से संबंधित सभी पहलुओं एवं साक्ष्य के आधार पर प्राप्त सूचना पर संदेही आरोपी भोला टण्डन उर्फ सुरेन्द्र टंडन निवासी ग्राम करही को हिरासत में लेकर पूछताछ की. सभी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार किया. आरोपी सुरेंद्र ने बताया कि मृतक सूरज यादव एवं मनोज कश्यप आए दिन मेरे दुकान, घर में आकर शराब पीकर विवाद करता था और पुलिस से पकड़वा देने की बात कहकर धमकी देता था. दोनों युवकों से रोज शराब पीकर वाद विवाद करने से काफी परेशान होकर मैंने अपने चचेरा भाई अनिल टंडन को पूरी बात बताई और हम दोनों ने मिलकर दोनों युवकों को जान से मारने की योजना बनाई. सुरेंद्र ने बताया कि मैंने अपने चचेरे भाई अनिल को अंग्रेजी शराब एवं सुहागा का व्यवस्था करने बोला. 14 सितंबर को शाम करीबन 6 बजे अनिल टंडन ने आरोपी भोला टंडन को एक अंगेजी जिप्सी शराब का पाउवा एवं सुहागा दिया, जिस पर आरोपी भोला राम टंडन ने उक्त शराब में सुहागा को रात्रि में मिलाकर रख लिया था. 15 सितंबर को सुबह जब मृतक मनोज कश्यप एवं सुरज यादव उसके पास शराब लेने आया तो आरोपी भोला टंडन ने योजना के मुताबिक उक्त सुहागा मिले शराब को उनके हत्या करने की नियत से उन्हें बेचा, जिसे पीने से दोनों युवको की तत्काल तबियत बिगड़ी और इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. गिरफ्तार आरोपी     भोला टंडन उर्फ सुरेन्द्र टंडन पिता शिवनाथ टंडन उम्र 25 साल निवासी करही थाना बिर्रा।     अनिल टंडन पिता शिवनाथ टंडन उम्र 35 साल निवासी करही थाना बिर्रा जिला जांजगीर-चाम्पा  

ऑपरेशन के दबाव में नक्सलियों का आत्मसमर्पण, नारायणपुर में बड़ी सफलता

नारायणपुर छत्तीसगढ़ पुलिस और सुरक्षाबलों के सतत् "नक्सल उन्मूलन अभियान" के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है. 17 सितम्बर 2025 को नारायणपुर में 12 सक्रिय नक्सलियों ने पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया (भा.पु.से.) के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ने की शपथ ली. इनमें 2 एरिया कमेटी सदस्य समेत कुल 18 लाख रुपये के इनामी नक्सली शामिल हैं. इससे पहले 11 सितंबर को नक्सलियों के स्लीपर सेल के 16 नक्सलियों ने सामूहिक आत्मसमर्पण किया था. 18 लाख के इनामी नक्सलियों का आत्मसमर्पण: बुधवार को आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में एरिया कमेटी सदस्य, LOS-CNM सदस्य, PPCM, जनताना सरकार अडयाभ, मिलिट्री लाटून सदस्य, प्लाटून पार्टी सदस्य, सीएनएम सदस्य, मिलिशिया कमांडर और जनताना सरकार सदस्य शामिल हैं. नारायणपुर नक्सल सरेंडर पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये सभी नक्सली लंबे समय से सक्रिय थे और विभिन्न वारदातों में शामिल रहे हैं. सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव, लगातार कैम्पों की स्थापना, नक्सलियों की अमानवीय और आधारहीन विचारधारा, बाहरी माओवादियों द्वारा भेदभाव और महिलाओं के शोषण से त्रस्त होकर उन्होंने मुख्यधारा से जुड़ने का निर्णय लिया. इंटेरोगेशन में नक्सलियों ने स्वीकार किया कि शीर्ष माओवादी लीडर ही आदिवासियों के असली दुश्मन हैं, जो जल-जंगल-जमीन और न्याय के झूठे सपनों का लालच देकर ग्रामीणों को गुलाम बनाते हैं. महिला नक्सलियों के साथ शारीरिक और मानसिक शोषण की बात भी उन्होंने खुलकर सामने रखी. नारायणपुर में लगातार नक्सली कर रहे सरेंडर सरेंडर करने वाले नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि: आत्मसमर्पण करने वाले सभी 12 नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक दिया गया. साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल उन्मूलन पुनर्वास नीति के तहत सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. आत्मसमर्पित नक्सलियों के नाम, पद और घोषित इनामी राशि इस प्रकार है : 1. सुदरेन नेताम उर्फ सुधाकर – एरिया कमेटी सदस्य, इनाम ₹5 लाख 2. धोबा सलाम उर्फ महेश सलाम – एरिया कमेटी सदस्य, इनाम ₹5 लाख 3. सतारो सलाम – AOS-CNM सदस्य, इनाम ₹2 लाख 4. लक्ष्मण माडवी – मिलिट्री लाटून PPCM, इनाम ₹2 लाख 5. राजू राम ओयाम – पार्टी सदस्य (PM), इनाम ₹1 लाख 6. चैतू उर्फ बलदेव मरकाम – जनताना सरकार अडयाभ, इनाम ₹1 लाख 7. आयते पोडियाम – SZCM पार्टी सदस्य, इनाम ₹1 लाख 8. कुमे माड़वी– CNM सदस्य, इनाम ₹50 हजार 9. मंगतू वड्डदा– CNM सदस्य, इनाम ₹50 हजार 10. रुक्मी पोडियाम – जनताना सरकार सदस्य 11. शंकर मड़काम – मिलिशिया कमांडर 12. मंगलो पोडियाम – जनताना सरकार उपाध्यक्ष जिला पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया ने कहा – "अबूझमाड़ के दुर्गम जंगलों में रहने वाले आदिवासी बंधुओं को माओवादी विचारधारा से बाहर निकालना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही हमारी प्राथमिकता है." वहीं बस्तर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी.ने कहा "वर्ष 2025 में शीर्ष माओवादी नेतृत्व को सुरक्षा बलों ने भारी नुकसान पहुंचाया है, जिसके चलते संगठन के पास अब आत्मसमर्पण के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है." नारायणपुर में लगातार नक्सली कर रहे समर्पण: समर्पण कार्यक्रम के दौरान 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के सेनानी संजय कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार भारदाज, 38वीं वाहिनी आईटीबीपी के द्वितीय कमान अधिकारी अशोक कुमार, जिला पुलिस अधिकारी व अन्य सुरक्षाबल मौजूद रहे. नारायणपुर में 12 नक्सलियों का आत्मसमर्पण इस बात का संकेत है कि अबूझमाड़ में नक्सलवाद की पकड़ कमजोर हो रही है और आदिवासी समाज नक्सली विचारधारा से तंग आकर विकास की राह पर लौट रहा है. यह समर्पण न केवल सुरक्षाबलों की रणनीतिक सफलता है बल्कि स्थानीय आदिवासी समाज के लिए एक नई उम्मीद भी है.

मुख्यमंत्री साय से केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की सौजन्य भेंट

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री  अन्नपूर्णा देवी ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री  अन्नपूर्णा देवी से छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण तथा बच्चों के पोषण और शिक्षा से संबंधित चल रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर इन क्षेत्रों में और अधिक प्रभावी कार्य करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष  वर्णिका शर्मा उपस्थित थीं।

भारी बारिश से रामानुजगंज बेहाल, कन्हर नदी खतरे के निशान पर

रामानुजगंज रामानुजगंज क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है, वहीं कन्हर नदी अपने पूरे उफान पर है। नदियों के साथ-साथ सभी नाले भी उफान पर हैं, जिससे निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई है। क्षेत्र के प्रमुख तालाबों और छोटे-बड़े बांधों में पानी लबालब भर गया है, जिससे जलभराव की समस्या और अधिक गंभीर होती जा रही है। जल संसाधन विभाग पूरी तरह अलर्ट पर है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग की टीमें बांधों और जलाशयों की निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बारिश को देखते हुए नगर पालिका के समस्त कर्मचारी अलर्ट मोड में हैं। सभी वार्डों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखे गए हैं और लगातार निगरानी की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकलें और नदियों-नालों के आसपास जाने से बचें। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है। प्रशासन और नगर पालिका स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

इस वर्ष दोगुना, अगले वर्ष तीन गुना होगी पुरस्कार राशि: मंत्री चौधरी

ओजोन परत संरक्षण दिवस पर पोस्टर एवं इन्वायरोथान प्रतियोगिता रायपुर अंतर्राष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित नवीन विश्राम गृह में पोस्टर एवं इन्वायरोथान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में वित्त, वाणिज्य कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना एवं सांख्यिकी विभाग के मंत्री ओ.पी. चौधरी शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि ओजोन परत का संरक्षण केवल पर्यावरण ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और स्वास्थ्य के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण सबके लिए समान है अमीर, गरीब, विद्वान या साधारण व्यक्ति और इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सबकी है। वित्त मंत्री चौधरी ने भारतीय परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलते रहे हैं। पीपल, आंवला नवमी, गोवर्धन पूजा जैसी परंपराएं पर्यावरण संरक्षण की मिसाल हैं। पश्चिमी देशों का विकास मॉडल केवल संसाधनों के अंधाधुन दोहन पर आधारित है, जो टिकाऊ नहीं है। अब आवश्यकता सस्टेनेबल डेवलपमेंट की है ताकि जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटा जा सके। वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिये हम सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। ओजोन परत का संरक्षण केवल पर्यावरण ही नहीं बल्कि जीवन बचाने का संकल्प है। हम सभी इस दिशा में आगे आयें और ओजोन क्षरण पदार्थ व इसके उपयोग से बने उपकरणों का उपयोग ना करें। पर्यावरणीय चेतना से ही इस देश का हरित और सुरक्षित भविष्य बन सकता है। शिक्षा क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनने जा रहा है। नया रायपुर में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) और राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईएफटी) के कैंपस खोले जा रहे है। इन संस्थानों की स्थापना से प्रदेश के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और शोध के अवसर अपने ही राज्य में उपलब्ध होंगे। साथ ही राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (निलेट) का स्थायी केंद्र भी छत्तीसगढ़ में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों की स्थापना से प्रदेश के युवाओं को तकनीकी, व्यावसायिक और शोध आधारित शिक्षा के नए आयाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि आज केवल डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों को टेक्नोलॉजी और स्किल्स पर भी ध्यान देना होगा। इस अवसर पर उन्होंने अजीज प्रेम जी स्कॉलरशिप का उल्लेख किया, जिसके तहत शासकीय स्कूलों से 10वीं-12वीं पास कर चुके जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रति वर्ष 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस वर्ष दोगुना अगले वर्ष तीन गुना मिलेगी पुरस्कार राशि: मंत्री चौधरी मंत्री चौधरी ने कार्यक्रम में पोस्टर एवं इन्वायरोथॉन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही इस दौरान उन्होंने पुरस्कार राशि को इस वर्ष दोगुना और अगले वर्ष  3 गुना करने की घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर महाविद्यालयीन एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को ओजोन परत सरंक्षण हेतु शपथ भी दिलायी। जलवायु परिवर्तन के कारण एवं निदान तथा ओजोन परत संरक्षण- मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में लगभग 550 एवं इन्वायरोथॉन के विषय वेस्ट टू वेल्थ में लगभग 350 बच्चों ने भाग लिया, जिसमें पोस्टर प्रतियोगिता में 12-17 वर्ष वर्ग में बी.पी. पुजारी स्कूल, रायपुर की कु. नेहा कोसले, 18-22 वर्ष वर्ग में शास. नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय, रायपुर के रोहित कुमार साहू और दिव्यांग वर्ग में शा. दिव्यांग महाविद्यालय, माना, रायपुर के अनमोल पटले प्रथम स्थान पर रहे। इसी प्रकार इन्वायरोथान प्रतियोगिता में 12वीं तक वर्ग में राज कुमार कॉलेज के स्वर्णिम कुंज (ए.आर.बी. ग्रुप), स्नातक वर्ग में आईआईआईटी नवा रायपुर की कु. अनुष्का एक्का तथा स्नातकोत्तर वर्ग में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के निखिल कसेर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सदस्य सचिव राजिव अगसिमनि सहित बड़ी संख्या में स्कूलीं एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षकगण एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 

दंतेवाड़ा में नक्सलियों की दरिंदगी: एक ही परिवार पर दोहरी वारदात

दंतेवाड़ा दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में बीती रात नक्सलियों ने एक ग्रामीण की हत्या कर दी। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, मामले की जांच की जा रही है।   मामले के बारे में बताया जा रहा है कि अरनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम निलावाया में बीती रात नक्सलियों की एक टीम ने गांव के बण्डी कोर्राम के घर पहुंच उसे बाहर निकालने के बाद धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। वहीं, इस घटना की जानकारी लगते ही पुलिस टीम भी आ पहुंची। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। इसके अलावा गांव के लोगों ने बताया कि 4 वर्ष पहले नक्सलियों ने मृतक ग्रामीण के बेटे हरेंद्र कोर्राम की भी हत्या कर दी थी।

8.39 लाख निर्माण श्रमिकों को मिला लाभ: छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार मंडल की बड़ी उपलब्धि

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा श्रमिकों एवं उनके परिजनों की बेहतरी के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही है। इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के उत्थान के लिए लगातार उन्हें आर्थिक मदद दी जा रही है। इसी सिलसिले में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत पंजीयन एवं लाभांवित श्रम विभाग द्वारा 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक लगभग 7.3 लाख निर्माण श्रमिकों का पंजीयन किया गया है तथा वर्ष 2024 से 15 सितम्बर 2025 तक संचालित योजनाओं के माध्यम से लगभग 8.39 लाख श्रमिकों को लाभांवित हुए हैं, जिस पर लगभग 535.62 करोड़ रूपए व्यय किया गया है। उल्लेखनीय है कि असंगठित श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में एक नई पहल शुरू की गई है। असंगठित श्रमिकों एवं उनके परिवारों के समग्र विकास के लिए अम्ब्रेला योजना ‘अटल श्रम सशक्तिकरण योजना‘ प्रारंभ की गई है। प्रवासी श्रमिक साथियों को सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदाय करने हेतु प्रथम चरण में 5 राज्य क्रमशः उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, उड़ीसा, गुजरात एवं महाराष्ट्र में जहां अधिक संख्या में श्रमिक प्रवास करते हैं, वहां ‘मोर चिन्हारी भवन’ बनाया जाएगा। इसके अलावा श्रमिकों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने 106 निजी चिकित्सालयों से अनुबंध किया गया है। इससे उन्हें हृदय रोग, किडनी रोग, मस्तिष्क रोग, जटिल सर्जरी आदि के लिए सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में उपचार सुविधा मिलेगी। इसी तरह राज्य शासन द्वारा श्रम विभाग की ‘अम्ब्रेला योजना अटल श्रम सशक्तिकरण योजना‘ के नाम से शुरू की गई है। इससे श्रमिकों तथा उनके परिवारों को एक ही स्थान पर सरकार के सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा, इसके लिए ‘श्रमेव जयते‘ पोर्टल बनाया गया है। पंजीकृत श्रमिकों के द्वारा आर्थिक गतिविधि के लिए बैंक से लिए जाने वाले ऋण पर लगने वाले ब्याज में अनुदान देने के लिए जल्द ही नई योजना शुरू की जा रही है ताकि आत्म निर्भर बनते हुए स्वयं मालिक बनने की दिशा में बढ़ सकें। इसके अलावा असंगठित श्रमिकों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं सतत् निगरानी हेतु राज्य के प्रत्येक संभाग में संभाग स्तरीय श्रम कल्याण कार्यालय के स्थापना की जा रही है।  श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केन्द्र श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण एवं सहायता हेतु राज्य के प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय तथा समस्त विकासखंडों में मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केन्द्र संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केन्द्र योजना अंतर्गत 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक 94,300 निर्माण श्रमिकों को पंजीयन/नवीनीकरण/योजनाओं के आवेदन में सहयोग प्रदान किया गया है। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन हेतु स्व-घोषणा प्रमाण पत्र छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन की प्रक्रिया सरल करते हुये, ठेकेदार अथवा नियोजक के अधीन कार्य करने संबंधी नियोजक से नियोजन प्रमाण पत्र के स्थान पर श्रमिकों से ही निर्माण कार्य में नियोजित होने संबंधी स्वघोषणा पत्र का प्रावधान किया गया है। उक्त सरलीकरण करने से श्रमिकों को पंजीयन कराने में सुविधा हुई है। मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के स्वयं के आवास क्रय एवं आवास निर्माण हेतु 01 लाख रूपये एकमुश्त अनुदान सहायता राशि प्रदाय किया जा रहा है। 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक 1042 निर्माण श्रमिकों को नवीन आवास क्रय/आवास निर्माण हेतु अनुदान सहायता राशि प्रदाय किया जा चुका है। मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित उक्त योजनांतर्गत कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक प्रतिशत प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं छत्तीसगढ़ बोर्ड के मेरिट के प्रथम 10 में स्थान प्राप्त करने पर प्रत्येक श्रमिक बच्चों को राशि रूपये 01 लाख प्रोत्साहन राशि तथा रूपये 01 लाख दोपहिया वाहन क्रय करने हेतु प्रदाय किया गया है। 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक निर्माण श्रमिक के 7478 पुत्र/पुत्रियों को 10 करोड़ 14 लाख 49 हजार 614 रूपए प्रदान किया गया है। प्रसूति सहायता योजना 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित ‘मिनीमाता महतारी जतन योजना’ अंतर्गत 65 हजार 010 महिला निर्माण श्रमिकों को लाभांवित किया गया है।शहीद वीरनारायण सिंह श्रम अन्न योजना उक्त योजना अंतर्गत पंजीकृत निर्माण, असंगठित एवं संगठित श्रमिकों को 05 रूपए में गरम एवं पौष्टिक भोजन प्रदाय किया जा रहा है। 31 दिसम्बर 2023 की स्थिति में 29 भोजन केन्द्र संचालित थे, जो कि वर्तमान में बढ़कर 17 जिलों में 37 भोजन केन्द्र हो गये हैं। 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 विभाग द्वारा 11,35,362 यूनिट भोजन (मिल) पंजीकृत संगठित एवं असंगठित श्रमिकों को प्रदाय किया जा चुका है, जिसमें छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा राशि रूपये रूपये 52,865,395 व्यय हुआ है। मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना सामान्य मृत्यु होने पर उसके उत्तराधिकारी को एक लाख रूपए की राशि, कार्य स्थल पर दुर्घटना से मृत्यु होने पर उसके उत्तराधिकारी को 5 लाख रूपए की राशि तथा कार्य स्थल पर दुर्घटना से स्थायी दिव्यांगता होने पर श्रमिक को ढ़ाई लाख रूपए की राशि दिए जाने का प्रावधान है। जिसके तहत् 01 जनवरी, 2024 से 15 सितम्बर, 2025 तक कुल 3658 निर्माण श्रमिकों के आश्रितों को लाभांवित किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 17 सितंबर 2024 को डी०बी०टी० के माध्यम से राशि का हस्तांतरण किया था। श्रम विभाग द्वारा प्रदेश स्तरीय श्रमिक सम्मेलन आयोजित कर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत् पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को केन्द्रीकृत डी.बी.टी. के माध्यम से लाभांवित करना प्रारंभ कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को 17 सितम्बर, 2024 से अब तक 16 योजनाओं में 6 लाख 48 हजार 633 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को 327 करोड़ 13 लाख 53 हजार 108 रूपए से लाभांवित किया गया।

रायपुर में मंत्री वर्मा का संदेश: शिक्षक व पत्रकार समाज के भविष्य के निर्माता

रायपुर बलौदाबाज़ार नगर भवन में मंगलवार को आयोजित भव्य शिक्षक एवं पत्रकार सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले शिक्षकों और पत्रकारों का सम्मान किया। मंत्री वर्मा ने कहा कि शिक्षक और पत्रकार समाज के दो मजबूत आधार स्तंभ हैं। शिक्षक जहां विद्यार्थियों को ज्ञान और मार्गदर्शन देकर भविष्य का निर्माण करते हैं, वहीं पत्रकार समाज की आवाज़ बनकर जनता की समस्याओं को जिम्मेदारों तक पहुँचाते हैं और जागरूकता फैलाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इन दोनों वर्गों के योगदान को पहचानना और उनका सम्मान करना हम सबका कर्तव्य है। मंत्री वर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियाँ साझा करते हुए मंच से छत्तीसगढ़ी गीत भी प्रस्तुत किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंत्री के रूप में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बलौदाबाज़ार को राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं पत्रकार उपस्थित थे।

एशिया कप में भारतीय बास्केटबॉल टीम सेमीफाइनल में पहुंची

रायपुर : भारत ने एशिया कप 2025 में लगातार 3 मैच जीतकर बनाया इतिहास एशिया कप में भारतीय बास्केटबॉल टीम सेमीफाइनल में पहुंची एशिया कप में महासमुंद की दिव्या भारतीय बास्केटबॉल टीम में शामिल रायपुर अंडर 16 वूमेंस एशिया कप 2025 का आयोजन मलेशिया में 13 से 19 सितम्बर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारतीय बास्केटबॉल टीम के अंडर 16 महिला बास्केटबॉल टीम में छत्तीसगढ़ से महासमुंद जिले की दिव्या रंगारी पिता विनोद रंगारी शामिल है। इसके अलावा भारतीय टीम में तमिलनाडु, कर्नाटका, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना के खिलाड़ी शामिल हैं। एशिया कप में लगातार 3 मैच जीतकर भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया है तथा सेमीफाइनल में पहुंच गई है।             एशिया कप में इंडिया टीम शानदार खेल खेलते हुए पहले मैच में ईरान को 70 – 67 अंकों से हराया, दूसरे मैच में इंडिया ने उज्बेकिस्तान को 81- 69 अंकों से हराया, तीसरे मैच में इंडिया ने समोआ को 71 – 54 के बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। एशिया कप में लगातार 3 मैच जीतकर भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया है तथा सेमीफाइनल में पहुंच गई है। भारतीय टीम 18 सितंबर को सेमीफाइनल मैच खेलेगी। 3 मैच जीतकर बनाया इतिहास बनाने पर प्रदेश व जिले में खुशी की लहर है। सेमीफाइनल में प्रवेश करने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ के श्री राजीव जैन अध्यक्ष, चेयरमैन श्री विजय अग्रवाल, श्री नरेश डाकलिया, श्री राजीव चौबे, श्री राजेश गौर, भारतीय टीम के मुख्य प्रशिक्षक अनिथा पॉलदुरई, सहायक प्रशिक्षक श्री रोहित एवं श्री उमा कांत, सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक महासमुंद श्री योगेश्वर राजू सिंहा, कलेक्टर महासमुंद, जिला बास्केटबॉल संघ महासमुंद के अध्यक्ष एवं खिलाड़ियों ने महिला बास्केटबॉल टीम और दिव्या रंगारी शुभकामनाएं दी।

मंत्री राजवाड़े का निर्णय: दृष्टिहीन बच्चों के लिए 20 लाख की मदद, आंगनबाड़ी व्यवस्थाओं में सुधार

मंत्री राजवाड़े का  सरगुजा संभाग दौरा रायपुर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के दौरे पर पहुँचीं महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने एक ही दिन में संवेदनशीलता और सख़्ती दोनों का परिचय दिया। नेत्रहीन एवं दिव्यांग बच्चों को जहाँ उन्होंने 20 लाख रुपये की सौगात दी, वहीं विभागीय समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की लापरवाही पर अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए। आमाखेरवा स्थित नेत्रहीन एवं विकलांग शिक्षण-प्रशिक्षण विद्यालय पहुँचकर मंत्री राजवाड़े का पारंपरिक स्वागत हुआ। बच्चों ने संगीत और कला प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर संस्था ने भवन मरम्मत, भरण-पोषण व कर्मचारियों के मानदेय सहित कई मांगें रखीं। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज की असली धरोहर हैं, इनके भविष्य को संवारना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।उन्होंने तत्काल 20 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करने की घोषणा की और अन्य मांगों पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल भवन नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य की नींव हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि,सभी आंगनबाड़ी केंद्र समय पर खुलें और बंद हों।केंद्रों में स्वच्छता सर्वाेच्च प्राथमिकता हो ताकि किसी प्रकार का खतरा न हो।बच्चों के भोजन में पौष्टिकता का विशेष ध्यान रखा जाए, मुनगा पत्ती को सप्ताह में 2-4 बार अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।साथ ही उन्होंने सुपरवाइजरों को चेतावनी दी कि निरीक्षण में लापरवाही पाई गई तो जवाबदेही तय होगी। बैठक में मंत्री ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महतारी वंदन योजना और महिला कोष ऋण योजनाओं के सही क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इनका लाभ केवल पात्र हितग्राहियों तक पहुँचना चाहिए। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब हम बच्चों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएँगे। सरकार की हर योजना का असली लाभ सबसे अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचना ही हमारी प्रतिबद्धता है। इस दौरान कलेक्टर डी. राहुल वेंकट, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, सीईओ सुअंकिता सोम शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।