samacharsecretary.com

प्रशासन का कड़ा फैसला: फिरोजपुर में उत्खनन पर समय सीमा, दवा दुकानों में कैमरे लगाना जरूरी

फिरोजपुर. अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट डॉ. अमनदीप कौर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 और 152 के तहत अधिकारों का प्रयोग करते हुए जिले में विभिन्न प्रतिबंध लागू किए हैं। ये आदेश जारी होने की तारीख से अगले 2 महीनों तक प्रभावी रहेंगे। बोरवेल खोदने या उसकी गहराई बढ़ाने पर रोक जारी आदेशों के अनुसार अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए शाम 5 बजे से सुबह 7 बजे तक छोटे खनिजों के खनन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा, शेड्यूल-एच, एच-1 और एक्स श्रेणी की दवाइयां बेचने वाली सभी फार्मेसी और केमिस्ट दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। बोरवेल और ट्यूबवेल को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। बिना अनुमति बोरवेल खोदने या उसकी गहराई बढ़ाने पर रोक लगा दी गई है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों से पहले अनुमति लेना जरूरी होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई  आदेश के मुताबिक, बोरवेल खोदने से कम से कम 15 दिन पहले जिला प्रशासन, बीडीपीओ, ग्राम पंचायत/नगर परिषद, जन स्वास्थ्य विभाग और ग्राउंड वाटर विभाग को सूचित करना अनिवार्य होगा। साथ ही ड्रिलिंग एजेंसी का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर और जमीन मालिक की पूरी जानकारी मौके पर उपलब्ध होनी चाहिए। सुरक्षा के मद्देनजर बोरवेल के चारों ओर कांटेदार तार लगाना, स्टील प्लेट से ढक्कन बंद करना और कंक्रीट प्लेटफॉर्म बनाना भी अनिवार्य किया गया है। कार्य पूरा होने के बाद खाली जगह को मिट्टी से भरकर जमीन को पहले जैसा करना होगा। किसी भी हालत में बोरवेल या कुएं को खुला छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियम उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कोर्ट की अहम टिप्पणी: AI आधारित जानकारी पर फैसले नहीं, पंजाब हाईकोर्ट ने दिए निर्देश

चंडीगढ़. पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने न्यायिक अधिकारियों से कहा है कि वे फैसले लिखने और कानूनी शोध करने के लिए चैटजीपीटी, जेमिनी और कोपायलट जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) उपकरणों का उपयोग न करें । पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के सभी जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को सोमवार (6 अप्रैल, 2026) को उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार-जनरल द्वारा जारी एक पत्र में कहा गया है कि मुख्य न्यायाधीश ने उनसे कहा है कि वे अपने अधीन कार्यरत न्यायिक अधिकारियों को निर्देश दें कि वे निर्णय लिखने और कानूनी शोध के लिए चैटजीपीटी, जेमिनी, कोपायलट, मेटा इत्यादि सहित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) उपकरणों का उपयोग न करें। इन निर्देशों का उल्लंघन गंभीर रूप से देखा जाएगा। इससे पहले, गुजरात उच्च न्यायालय ने किसी भी प्रकार के निर्णय लेने, न्यायिक तर्क, आदेश तैयार करने, निर्णय तैयार करने, जमानत संबंधी सजा पर विचार करने या किसी भी महत्वपूर्ण न्यायिक प्रक्रिया के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर रोक लगा दी थी । शनिवार (4 अप्रैल, 2026) को जिला न्यायिक न्यायाधीशों के एक सम्मेलन में अनावरण की गई गुजरात उच्च न्यायालय की एआई नीति के अनुसार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग न्यायिक तर्क के प्रतिस्थापन के रूप में नहीं, बल्कि न्याय वितरण की गति और गुणवत्ता में सुधार के लिए किया जाना चाहिए। हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि चीफ जस्टिस ने विनती की है कि अपने अधीन काम कर रहे न्यायिक अधिकारियों को यह आदेश दिया जाए कि वह फैसले लिखने और कानूनी खोज के लिए Chat GPT, Gemini, Copilot, Meta आदि सहित किसी भी AI टूल्स का इस्तेमाल न करें। इन आदेशों का उल्लंघन गंभीरता से लिया जाएगा।  

ट्रांसफर बम: पंजाब में बड़े पैमाने पर अफसरों के तबादले, जालंधर DC भी बदले गए

चंडीगढ़. पंजाब में आज बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। इस दौरान कुल 12 IAS व एक PCS अधिकारियों का तबादला किया गया है। बता दें कि जारी आदेशों में जालंधर सहित कई जिलों के DC बदले गए हैं। हिमांशु अग्रवाल को पटियाला का डिप्टी कमिश्नर बनाया गया है जबकि विरजीत वालिया को जालंधर का डिप्टी कमिश्नर बनाया गया है। इसके साथ ही अमित कुमार पंचाल को मुक्तसर साहिब का और आकाश बंसल को कपूरथला का डिप्टी कमिश्नर बनाया गया है। इसके साथ ही IAS विकास प्रताप को टेक्निकल एजुकेशन और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग डिपार्टमेंट का एडिशनल चीफ सेक्रेटरी बनाया गया है। IAS सुमेर सिंह गुर्जर डिफेंस सर्विसेज वेलफेयर डिपार्टमेंट के प्रिंसिपल सेक्रेटरी होंगे। इसी तरह IAS कंवल प्रीत बराड़  को सेक्रेटरी हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर के साथ-साथ कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन और कमिश्नर फरीदकोट डिवीजन का एडिशनल चार्ज दिया गया है। वहीं  IAS बबीता को  कमिश्नर एग्रीकल्चर के साथ-साथ फिरोजपुर डिवीजन के कमिश्नर का एडिशनल चार्ज दिया गया है। IAS हरप्रीत सिंह सूदन को डायरेक्टर स्पोर्ट्स एंड यूथ सर्विसेज अपॉइंट किया गया है और पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन (PSIEC) और पंजाब स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (PSIDC) का मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया गया है।

सिद्धू की पत्नी ने कांग्रेस से विवाद के बाद शुरू की नई पार्टी, नाम रखा ‘आपकी पार्टी

चंडीगढ़  कांग्रेस से निकाले जाने के बाद नवजोत कौर सिद्धू ने नई पार्टी लॉन्च कर दी है। उन्होंने इसका नाम भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी रखा है। खास बात है कि यह घोषणा पंजाब विधानसभा चुनाव से एक साल पहले की है। उन्होंने कहा कि पार्टी पंजाब को खोए हुए गौरव को दोबारा हासिल करने के लिए काम करेंगी। वह पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी हैं। नवजोत कौर ने  लिखा, 'एक घोषणा जिसका बेसबरी से इंतजार है: हमने राजनीतिक नेताओं के प्रदर्शन को देखने और परखने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर एक नया विकल्प तैयार करने पर काम किया है। बस अपना जीवन अपने देश के लिए समर्पित करना चाहते हैं, लोगों को वह वापस देना चाहते हैं जिसके वे वास्तव में हकदार हैं और जो हमसे उम्मीद करते हैं।' उन्होंने लिखा, 'एक ईश्वरीय शक्ति ने कुछ ऐसे समान सोच वाले लोगों को साथ जोड़ा है, जिनमें हर राज्य में काम करने की क्षमता, आत्मविश्वास, साहस और दृढ़ संकल्प है। हमारा साझा लक्ष्य न्याय और शांति दिलाना है, और प्रेम के माध्यम से उच्च चेतना 'HIGHER CONSCIOUSNESS' की शक्ति के साथ वह सब करना है जो वाहेगुरु जी हमसे चाहते हैं।' BJP को दे पाएगी चुनौती नवजोत कौर ने संकेत दिए हैं कि पार्टी जल्द ही संगठन विस्तार पर भी ऐलान कर सकती हैं। खास बात है कि BRP की एंट्री के बाद राज्य में चुनावी माहौल गर्म होना तय है। राज्य में सरकार आम आदमी पार्टी की है। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस है। खास बात है कि भारतीय जनता पार्टी लगातार राज्य में सियासी कदम जमाने की कोशिशों में लगी हुई है। गोल्डन पंजाब बनाने का वादा उन्होंने लिखा, 'हम पंजाब को खोया हुआ गोल्डन स्टेट या स्वर्ण राज्य का गौरव वापस लाएंगे। जहां लोग सिर्फ प्यार, मिल बांटकर रहने, न्याय, आजादी का अधिकार… बगैर किसी बाहरी दखल के अपने विचारों की ताकत को जानते हैं। पंजाब के लोगों की, लोगों के लिए और लोगों की तरफ से बनी एक सरकार।' 500 करोड़ रुपये के आरोप कौर ने बीते साल आरोप लगाए थे कि मुख्यमंत्री पद के लिए 500 करोड़ रुपये की मांग की जाती है। इसके बाद कांग्रेस ने उनके खिलाफ ऐक्शन लिया था और पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद 31 जनवरी को कौर ने कांग्रेस छोड़ने की बात कही थी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजा अमरिंदर सिंह वडिंग पर कई आरोप लगाए थे। कांग्रेस में पंजाब मामलों के प्रभारी महासचिव भूपेश बघेल ने छह फरवरी को पुष्टि की कि कौर को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

पेंशनर्स के हक में कोर्ट सख्त: भत्ता और यात्रा रियायत देने के निर्देश, कर्मचारियों को राहत

चंडीगढ़. पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने रिटायर्ड कर्मचारियों के हित में महत्वपुर्ण फैसला सुनाते हुए पंजाब सरकार के उस आदेश को रद्द कर दिया है जिसके अधीन लटकी विभागी या न्यायिक कार्रवाई का हवाला देकर पेंशनर्स को बुढ़ापा भत्ता और यात्रा छूट से वंचित किया जा रहा था। जस्टिस हरप्रीत सिंह बराड़ की सिंगल बेंच ने साफ किया कि किसी भी कानूनी प्रोविजन के बिना सिर्फ प्रशासनिक आदेशों के आधार पर रिटायरमेंट के लाभ रोके नहीं जा सकते। यह मामला पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के रिटायर्ड कर्मचारियों द्वारा दायर की गई अर्जी से संबंधित था। पिटीशनर्स ने साल 2022 के उस स्पष्टीकरण को चुनौती दी थी, जिसमें कहा गया था कि जिन कर्मचारियों के खिलाफ विभागी या न्यायिक कार्रवाई लटकी है और जो प्रोविजनल पेंशन ले रहे हैं, उन्हें बुढ़ापा भत्ता और यात्रा में छूट नहीं मिलेगी। हाईकोर्ट ने 22 दिसंबर, 2022 के आदेश को रद्द करते हुए राज्य सरकार को सभी एलिजिबल कर्मचारियों को बकाया बुढ़ापा भत्ता और यात्रा छूट 6 हफ्ते के अंदर जारी करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने यह भी साफ किया कि यह फ़ैसला उन सभी कर्मचारियों पर लागू होगा जिनकी स्थिकी एक जैसी हैं, चाहे उन्होंने अर्जी दायर की हो या नहीं।

ऑरेंज अलर्ट जारी: पंजाब में ओलावृष्टि और तूफानी बारिश का खतरा, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

लुधियाना. पंजाब के कई जिलों में  सोमवार को भी जहां बादल छाए रहे, वहीं कई जिलों में दिनभर तीखी धूप रही। जबकि फाजिल्का व चंडीगढ़ में वर्षा हुई। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार फाजिल्का में 12.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि चंडीगढ़ में 1.8 मिलीमीटर वर्षा हुई। जबकि अन्य जिलों में मौसम साफ रहा। इसके चलते दिन में गर्मी रही और तापमान बढ़ा। बठिंडा में दिन का तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटियाला में 32.5 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 31.6 डिग्री सेल्सियस, मोहाली में 31.4 डिग्री सेल्सियस, रूपनगर में 31.3 डिग्री सेल्सियस, फिरोजपुर में 30.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दूसरी तरफ मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार और बुधवार को पंजाब के कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर वर्षा के बीच ओलावृष्टि हो सकती है। जिसे लेकर विभाग ने ओरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद नौ अप्रैल से मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है। 13 जिलों में आंधी और ओलावृष्टि मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर पहुंचने के बाद मौसम बदला है। लगभग सभी जिलों का मौसम इस दौरान प्रभावित होगा। 13 जिलों में ओलावृष्टि और आंधी, जबकि अन्य जिलों में सिर्फ आंधी और बिजली की संभावना है। इस दौरान नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में आंधी चलेगी। जबकि पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना भी है। इस तरह की मौसम की स्थिति बनी जम्मू-कश्मीर के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो ऊपर हवा में चक्रवात की तरह काम कर रहा है और मौसम बदल रहा है। 1.5 किमी ऊंचाई पर एक ट्रफ भी बना हुआ है, जिससे मौसम और प्रभावित हो रहा है। 11 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में फिर से बारिश, आंधी और बादल बढ़ सकते हैं। इस दौरान फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि सीएम भगवंत मान पहले कह चुके है कि मौसम खराब होने की कई जगह फसलों का नुकसान हुआ है। इसके लिए हम गिरदावरी करवाएंगे। किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। दो दिन इस तरह का मौसम रहेगा मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने कहा कि राज्य में आज और कल कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। दोनों दिन 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। 7 को कई और 8 को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, इसके बाद मौसम सूखा रहेगा। तापमान अगले 24 घंटे स्थिर रहेगा, फिर 48 घंटों में 4–5 डिग्री गिरावट और बाद में बढ़ोतरी होगी।

PNB लूट का त्वरित खुलासा: जालंधर पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा, रिटायर्ड DSP का बेटा निकला मास्टर माइंड

जालंधर. जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने खुरला किंगरा स्थित पीएनबी बैंक में हुई लूट की वारदात को कुछ ही घंटों में सुलझाते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान से सिमरनजीत सिंह के रूप में हुई है जो रिटायर्ड डीएसपी का बेटा है, जिनकी मौत हो चुकी है। पिता के मरने के बाद सिमरनजीत नशे वाली हो गया था न। अपने साथियों के साथ मिलकर वह नशा बेचने भी लगा और करने भी लगा। इसी के चलते उसने बैंक लूट की योजना बनाई। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया रिवाल्वर, तीन जिंदा कारतूस और लूटी गई नकदी का हिस्सा भी बरामद किया है। यह पिस्टल कहां से आया है और किसका है इसकी जांच की जा रही है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि 6 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:35 बजे दो नकाबपोश युवक बैंक में दाखिल हुए और हथियार के बल पर लूटपाट कर फरार हो गए। बैंक कर्मचारी विक्रम भगत के बयान पर थाना डिवीजन नंबर 7 में केस नंबर 65 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सिमरनजीत सिंह उर्फ अमरिक सिंह निवासी ग्रीन मॉडल टाउन, जालंधर को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस शामिल हैं। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

मानसा थर्मल प्लांट पर ड्रोन का खतरा: देर रात दिखी संदिग्ध गतिविधि, पुलिस-सेना हाई अलर्ट पर

मानसा/पंचकूला. उत्तर भारत के सबसे बड़े तलवंडी साबो पावर लिमिटेड (टीएसपीएल) के ऊपर तीन से चार शक्की ड्रोन की गतिविधि देखने के बाद पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर दिए गए हैं, इन ड्रोन की सूचना पुलिस ने भारतीय फौज को देने के बाद बठिंडा स्थित अधिकारियों की ओर से थर्मल प्लांट का निरीक्षण किया गया बताया जा रहा है कि तीन से चार थर्मल प्लांट की चारद्वारी नंबर 194 के नजदीक इन ड्रोन को काफी समय थर्मल के ऊपर उड़ते देखा गया इस दौरान यूनिट का सर्वेक्षण करने के बाद गेट नंबर 2 के द्वारा प्लांट से बाहर चले गए। मामले की गंभीरता को देखते प्लांट प्रबंधन के सुरक्षा प्रबंधन की ओर से इस मामले की जानकारी पुलिस चौकी बहनीवाल इंचार्ज को दी गई, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते इसकी जांच शुरू कर दी गई है, उन्होंने बताया कि थर्मल की ओर से रात के समय कुछ ड्रोन उड़ने की सूचना दी गई है जिसकी पुलिस जांच कर रही है। वहीं पंचकूला के अंतर्गत पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास 4/5 अप्रैल देर रात एक सड़क हादसा घटित हुआ। त्रिलोकपुर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो चचेरे भाइयों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने उसी दिन आरोपित ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। पंचकूला वासी मृतक के भाई निशांत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शनिवार रात वह अपने छोटे भाई अरुण (18) और चाचा के लड़के दीक्षित के साथ अपनी मौसी के लड़के से मिलने गांव बडोना कलां गए थे। रात करीब 12.15 बजे जब वे वापस अपने गांव लौट रहे थे, तो रायपुररानी में पीर बाबा की मजार के पास यह हादसा हुआ। निशांत अपनी बाइक पर पीछे चल रहा था, जबकि अरुण अपनी मोटरसाइकिल चला रहा था और दीक्षित उसके पीछे बैठा था। निशांत ने बताया कि त्रिलोकपुर की ओर से आ रहे ट्रक के चालक ने वाहन को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए गलत दिशा में लाकर अरुण की मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर गिर गए और ट्रक का पिछला टायर उनके ऊपर से गुजर गया। चश्मदीदों और राहगीरों ने तुरंत ट्रक को रुकवाया और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक अरुण और दीक्षित की मौत हो चुकी थी। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि यह सड़क हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सूचना मिलते ही रायपुररानी थाना से मुख्य सिपाही राजीव कुमार और उनकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। शिकायतकर्ता निशांत के बयान के आधार पर आरोपित ट्रक चालक अभिषेक ठाकुर, निवासी जिला चम्बा (हिमाचल प्रदेश) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 281 और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। मौके से दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और ट्रक को जब्त किआ गया। हमारी टीम द्वारा उसी दिन आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया था।

पंजाब पुलिस में बड़ा फेरबदल: कई IPS अधिकारी बदले, चौहान और सिन्हा को नई पोस्टिंग

चंडीगढ़. चंडीगढ़. पंजाब सरकार ने सोमवार, 6 अप्रैल को राज्य में चार उपायुक्तों सहित 12 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया. एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी हिमांशु अग्रवाल को पटियाला का उपायुक्त (डीसी) नियुक्त किया गया है, जो आईएएस अधिकारी वरजीत वालिया का स्थान लेंगे, जिन्हें जालंधर का उपायुक्त बनाया गया है. आदेश के अनुसार, अमित कुमार पंचाल को मुक्तसर का डीसी और आकाश बंसल को कपूरथला का डीसी नियुक्त किया गया है. वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकास प्रताप को तकनीकी शिक्षा और उद्योग प्रशिक्षण के अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में तैनात किया गया है, जबकि सुमेर सिंह गुर्जर को रक्षा सेवा कल्याण के प्रधान सचिव का प्रभार दिया गया है. कृषि आयुक्त, आईएएस अधिकारी बबीता को फिरोजपुर मंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. जसप्रीत सिंह को उद्योग एवं वाणिज्य निदेशक के पद पर तैनात किया गया है, जबकि अभिजीत कपलिश को खान एवं भूविज्ञान निदेशक का प्रभार सौंपा गया है. जसबीर सिंह को सामान्य प्रशासन एवं समन्वय विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर तैनात किया गया है. DGP के चयन के लिए 14 सीनियर अधिकारियों का पैनल इसके अलावा, पंजाब सरकार ने राज्य में नियमित पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति के लिए तीन उम्मीदवारों को छांटने के वास्ते भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 14 वरिष्ठ अधिकारियों का एक पैनल संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भेजा है.  फिलहाल आईपीएस अधिकारी गौरव यादव कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक हैं. यूपीएससी को भेजी गई सूची में पुलिस महानिदेशक रैंक के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शामिल हैं. सूत्रों ने बताया कि इस सूची में 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गौरव यादव, विशेष पुलिस महानिदेशक शरद सत्य चौहान (पंजाब सतर्कता प्रमुख), विशेष पुलिस महानिदेशक (मादक पदार्थ रोधी कार्यबल) कुलदीप सिंह और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हरप्रीत सिंह सिद्धू (पदस्थापना की प्रतीक्षा में) के नाम शामिल हैं. पिछले महीने मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि उनकी सरकार नियमित डीजीपी के चयन के लिए अधिकारियों का एक पैनल भेजेगी.

हरपाल सिंह चीमा का बयान-टैक्स चोरी पर कड़ी कार्रवाई, करोड़ों की वसूली और भारी जुर्माना

पंजाब में टैक्स चोरी पर सख्ती, 1137 करोड़ वसूली, 1383 करोड़ जुर्माना; चीमा बोले प्रवर्तन में बड़ा बदलाव चंडीगढ़. पंजाब सरकार की टैक्स चोरी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए, वित्त, योजना, आबकारी और कर मंत्री हरपाल चीमा ने आज यहां घोषणा की कि पंजाब सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रवर्तन के क्षेत्र में रिकॉर्ड परिणाम हासिल किए हैं, जो खुफिया जानकारी आधारित कार्रवाई और राजस्व सुरक्षा की दिशा में एक निर्णायक बदलाव को दर्शाते हैं। कारगुजारी का विवरण देते हुए वित्त मंत्री ने कहा, “स्टेट इंटेलिजेंस एंड प्रिवेंटिव यूनिट्स की लक्षित और खुफिया जानकारी आधारित कार्रवाई के कारण राज्य के कर विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 1,383.11 करोड़ रुपये का भारी जुर्माना लगाया। इसमें से 1,137.85 करोड़ रुपये की वसूली पहले ही की जा चुकी है, जो प्रवर्तन की दक्षता और राजस्व संग्रह में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।” इस सफलता की आधारशिला के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, “निरीक्षण आधारित प्रवर्तन ने मुख्य भूमिका निभाई, जिसमें 1,215.95 करोड़ रुपये का जुर्माना और 972.15 करोड़ रुपये की वास्तविक वसूली शामिल है। इसके अलावा, सड़क चेकिंग अभियानों ने 165.71 करोड़ रुपये का योगदान दिया। यह प्रदर्शन वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में कई गुना सुधार को दर्शाता है। वर्ष 2024-25 में निरीक्षण प्रवर्तन के तहत 147.28 करोड़ रुपये का जुर्माना और 41.53 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी, जबकि सड़क चेकिंग से 157.14 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। वर्ष 2025-26 में यह उल्लेखनीय वृद्धि राज्य की जांच, प्रवर्तन और वास्तविक राजस्व संग्रह क्षमता में बड़े बदलाव को उजागर करती है।” एक साल में 8 एफआईआर दर्ज, 15 गिरफ्तारियां हुईं धोखेबाज नेटवर्करों पर सख्ती का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने कहा, “कर विभाग ने वर्ष भर में 8 एफआईआर दर्ज कीं और 15 गिरफ्तारियां कीं। दो प्रमुख मामलों में सात व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई और 385 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी लेन-देन का पर्दाफाश हुआ। इन लक्षित कार्रवाइयों से बिना वास्तविक आपूर्ति के फर्जी इनवॉइस जारी करने वाली फर्मों द्वारा 69.57 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी उजागर हुई।” उन्होंने आगे कहा, “माल की अवैध ढुलाई और फर्जी बिलिंग नेटवर्क के खिलाफ बठिंडा, मंडी गोबिंदगढ़, लुधियाना और चंडीगढ़ में अन्य एफआईआर दर्ज की गईं। एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में 9 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट पास करने के आरोप में लुधियाना के एक संचालक को गिरफ्तार किया गया।” 1,579 संदिग्ध डीलरों की पहचान हुई उन्होंने बताया, “विभाग के आधुनिक खुफिया नेटवर्क ने कई बड़े खुलासे किए, जिनमें लुधियाना में सोने के लेन-देन में 900 करोड़ रुपये की फर्जी बिलिंग, मोहाली, खरड़ और कोटकपूरा में कोयले के अवैध लेन-देन में 226 करोड़ रुपये, और लुधियाना व मंडी गोबिंदगढ़ में सक्रिय 423 करोड़ रुपये के फर्जी बिलिंग नेटवर्क शामिल हैं। इसके अलावा, जांच के दौरान ‘पेट पूजा ऐप’ से जुड़े 200 करोड़ रुपये के घोटाले का भी पर्दाफाश हुआ, जो आधुनिक टैक्स चोरी नेटवर्क की जटिलता और व्यापकता को दर्शाता है।” वेरिफिकेशन अभियानों के बारे में उन्होंने कहा, “केंद्रित जांच के दौरान 1,579 संदिग्ध डीलरों की पहचान की गई। कड़ी जांच के बाद इनमें से 922 इकाइयों का अस्तित्व ही नहीं पाया गया और केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर उनकी पंजीकरण रद्द कर दी गई।” आईटीसी नियंत्रण उपायों पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “मजबूत नियंत्रण उपायों के चलते 244.82 करोड़ रुपये को सक्रिय रूप से ब्लॉक किया गया और 206.64 करोड़ रुपये की रिकवरी सुनिश्चित की गई। इन कदमों से अतिरिक्त 19.08 करोड़ रुपये की नकद वसूली के साथ कुल 451.46 करोड़ रुपये राज्य के खजाने में सुरक्षित किए गए।” एक दिन में 141 वाहन किए गए जब्त फील्ड प्रवर्तन में तेजी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “मंडी गोबिंदगढ़ और लुधियाना में एक साथ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एक ही दिन में रिकॉर्ड 141 वाहनों को जब्त किया गया। विभाग ने आयरन एंड स्टील, सीमेंट, ऑटो पार्ट्स, तंबाकू और धातु जैसे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखते हुए रेलवे स्टेशनों और प्रमुख ट्रांजिट पॉइंट्स पर भी प्रवर्तन मजबूत किया।” संस्थागत और तकनीकी दक्षता को सफलता का श्रेय देते हुए उन्होंने कहा, “स्टेट इंटेलिजेंस एंड प्रिवेंटिव यूनिट, टैक्स इंटेलिजेंस यूनिट और ‘बिल लाओ इनाम पाओ’ योजना की भूमिका महत्वपूर्ण रही। आधुनिक डेटा विश्लेषण, रियल-टाइम ई-वे बिल ट्रैकिंग, सतत खुफिया जानकारी और नए डिजिटल प्रवर्तन पोर्टल्स ने इस सफलता में अहम योगदान दिया है। इन तकनीकी सुधारों ने जमीनी स्तर पर तेज और समन्वित कार्रवाई को संभव बनाया है।” चीमा ने कहा, “वित्तीय वर्ष 2025-26 का प्रदर्शन पंजाब में कर अनुपालन और राजस्व संग्रह को मजबूत करने की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है। धोखाधड़ी नेटवर्क को समाप्त करने, ईमानदार व्यापारिक प्रथाओं को बढ़ावा देने, करदाताओं के हितों की रक्षा करने और राज्य के राजस्व को सुरक्षित रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी और तेज गति से जारी रहेगी।”