samacharsecretary.com

ग्रामीण राजनीति में BJP की एंट्री, ब्लॉक समिति चुनाव में पंजाब में हासिल की अहम सफलता

समराला पंजाब के जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव के नतीजों को राज्य के राजनीतिक भविष्य के लिए काफी अहम माना जा रहा है। इन चुनावों के जरिए भारतीय जनता पार्टी ने ग्रामीण राजनीति में एंट्री की है और पहली बार जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे हैं। अब तक BJP ने दो सीटें जीती हैं और एक सीट पर BJP उम्मीदवार आगे चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी ने 2 ब्लॉक समिति सीटों पर जीत हासिल की है। समराला के समसपुर ब्लॉक समिति जोन से BJP उम्मीदवार परमजीत कौर 47 वोटों से जीती हैं। परमजीत कौर को कुल 904 वोट मिले थे। इसी तरह जैतो की एक सीट से भी BJP उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, 2027 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी की ग्रामीण राजनीति में एंट्री काफी अहम है, क्योंकि गांवों से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों का रिस्पॉन्स राजनीति को नई दिशा दे सकता है। समराला ब्लॉक के अब तक के नतीजे बागली ज़ोन से आम आदमी पार्टी के मंदीप सिंह जीते। उन्हें कुल 1132 वोट मिले और वे 334 वोटों के मार्जिन से जीते। इसी तरह, नागरा ज़ोन में अकाली दल के लखबीर सिंह को 984 वोट मिले और वे 248 वोटों से जीते। रूपालो ज़ोन में आम आदमी पार्टी के कैंडिडेट रणजोध सिंह को 873 वोट मिले और वे 233 वोटों से जीते। सलोदी ज़ोन से कांग्रेस कैंडिडेट सतविंदर कौर को 1108 वोट मिले और वे 364 वोटों से जीतीं। उटाला ज़ोन से आम आदमी पार्टी का कैंडिडेट पहले ही जीत चुका है, क्योंकि आम आदमी को छोड़कर बाकी सभी पार्टियों के पेपर रिजेक्ट हो गए हैं। समसपुर ज़ोन से BJP कैंडिडेट परमजीत कौर को 904 वोट मिले और वे 47 वोटों से जीतीं। सेह ज़ोन से आम आदमी पार्टी के कैंडिडेट इकबाल सिंह को 1005 वोट मिले और वे 237 वोटों से जीते। 

पंजाब में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, स्कूलों के समय/छुट्टी को लेकर बढ़ा दबाव

बुढलाडा  सुबह-सुबह घनी धुंध के कारण सड़कों पर आवाजाही लगभग ना के बराबर देखने को मिल रही है। सड़कों की हालत भी गड्ढों के कारण खराब बनी हुई है। हर एक जान बहुत कीमती है। बच्चों को घर छोड़कर स्कूल पहुंचने तक कर्मचारियों की जान जोखिम में रहती है। मुख्य अध्यापक एवं केंद्र मुख्य अध्यापक संगठन पंजाब की ओर से पंजाब के शिक्षा मंत्री और पंजाब सरकार से स्कूलों का समय सुबह 10 बजे करने की मांग रखी गई है। संगठन पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अमनदीप शर्मा ने बातचीत करते हुए बताया कि 20-25 किलोमीटर दूर-दराज के स्टेशनों पर सुबह-सुबह जाना बहुत कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि सुबह-सुबह स्कूल आना काफी परेशानी भरा काम बन चुका है। कई स्थानों पर सूए, तालाबों के पास कोई चारदीवारी नहीं बनी हुई है। संगठन पंजाब के प्रदेश प्रचार सचिव गुरजंट सिंह बच्छुआणा ने कहा कि धुंध हादसों का कारण बन रही है, इसलिए स्कूलों का समय तुरंत सुबह 10 बजे किया जाए। 

प्रदूषण पर दोहरा रवैया? हरियाणा में हालात खराब, शीत-सत्र कटौती पर AAP ने सरकार को घेरा

चंडीगढ़  आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा विधानसभा के केवल तीन दिनों के शीतकालीन सत्र को लेकर भाजपा सरकार पर हमला किया है. उन्होंने कहा कि सिर्फ सत्र छोटा नहीं किया गया, बल्कि जनता के सवालों को दबाने की सोची-समझी साजिश रची गई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनता की समस्याओं पर चर्चा से बचने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए विधानसभा को मात्र औपचारिकता बनाकर रखा गया है. अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि हरियाणा की विधानसभा जनता की आवाज़ बनने के बजाय भाजपा और कांग्रेस की शेरो-शायरी का मंच बन चुकी है. जहां सदन में बेरोजगारी, अपराध, घोटाले और प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दों पर बहस होनी चाहिए थी, वहां मात्र कविताएं और तुकबंदी सुनाई दे रही हैं. उन्होंने कहा कि जनता ने विधायकों को कविता पाठ के लिए नहीं, सवाल पूछने और समाधान निकालने के लिए चुना है. NCR से सटे जिलों की हवा में जहर-आप अनुराग ढांडा ने हरियाणा में लगातार बिगड़ते प्रदूषण पर गहरी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश, खासकर NCR से सटे जिलों में हवा जहर बन चुकी है. रोहतक, पलवल, फरीदाबाद, हिसार जैसे शहरों में लोग सांस लेने में तकलीफ महसूस कर रहे हैं, बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर सीधा असर पड़ रहा है, अस्पतालों में मरीज बढ़ रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार और कांग्रेस विपक्ष दोनों इस जानलेवा संकट पर चुप्पी साधे हुए हैं. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हों या हरियाणा में नायब सिंह सैनी, दोनों जगह भाजपा सरकारें बढ़ते प्रदूषण पर आंख मूंदे बैठी हैं. जब लोगों को साफ हवा की ज़रूरत है, तब सरकारें जिम्मेदारी से भाग रही हैं. भाजपा के लिए प्रदूषण जनस्वास्थ्य का मुद्दा नहीं, बल्कि अनदेखी करने वाला विषय बन चुका है. अनुराग ढांडा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष में बैठी कांग्रेस भाजपा के साथ अंदरखाने समझौता करके बैठी हुई है. अगर कांग्रेस सच में विपक्ष का धर्म निभा रही होती, तो सदन में प्रदूषण, बेरोज़गारी और अपराध पर तीखी बहस होती. लेकिन वास्तविकता यह है कि कांग्रेस सरकार से सवाल पूछने के बजाय उसे हर बार राहत देने का काम कर रही है, जिससे जनता को कोई उम्मीद नहीं बचती. अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी मानती है कि प्रदूषण सिर्फ पर्यावरण का नहीं, बल्कि हरियाणा की जनता के जीवन और स्वास्थ्य का सीधा सवाल है. इस पर राजनीति नहीं, ईमानदार नीयत और ठोस काम की ज़रूरत है. आम आदमी पार्टी सदन के बाहर भी और सड़क से लेकर जनता के बीच तक हरियाणा के लोगों को ज़हरीली हवा से राहत दिलाने की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी.  

हाई कोर्ट में अमृतपाल की वर्चुअल पेशी, संसद सत्र में भाग लेने को लेकर रखी ये दलील

चंडीगढ़  राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद पंजाब के खडूर साहिब से निर्दलीय सांसद और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की पैरोल याचिका पर मंगलवार 16 दिसंबर) पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट में सुनवाई हुई. इस दौरान अमृतपाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए और कोर्ट के सामने अपनी बात रखी. वीडियो कांफ्रेंस के जरिए हाई कोर्ट में अपनी पैरोल याचिका की सुनवाई के दौरान पेश हुए अमृतपाल की जेल में जाने के बाद पहली तस्वीर सामने आई. इस दौरान वो सफेद कुर्ता और नीली पगड़ी पहने नजर आए. सांसद ने कोर्ट में कहा कि उनकी नजरबंदी के चलते उनके संसदीय क्षेत्र का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है. उन्होंने कोर्ट को बताया कि बाढ़, नशे और कथित फर्जी मुठभेड़ों जैसे गंभीर जनहित के मुद्दे संसद के पटल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं. अमृतपाल ने कोर्ट में दी दलील वीडियो कांफ्रेंस के दौरान हाई कोर्ट को अमृतपाल ने भारतीय लोकतंत्र की दलील देते हुए कहा कि अपने संसदीय क्षेत्र के मुद्दों को संसद में उठाना उसका लोकतांत्रिक अधिकारी है. हालांकि सांसद बनने से पहले और NSA के तहत जेल जाने से पहले अमृतपाल भारतीय लोकतंत्र और संविधान को नकारता रहा है. वो अलग खालिस्तान बनाने की मांग का सार्वजनिक तौर पर समर्थन करता रहा है. संसद सत्र में शामिल होने की मांग चीफ जस्टिस शील नागू और जस्टिस संजीव बेरी की बेंच के समक्ष पेश होते हुए अमृतपाल सिंह ने सुनवाई के दौरान कहा कि संसद के जारी विंटर सेशन में उसे शामिल होकर अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और कुछ महीने पहले पंजाब में आई बाढ़ की वजह से उसके संसदीय क्षेत्र में हुए नुकसान के मुद्दे उठाने की इजाजत दी जाए. सांसद ने दलील दी कि NSA के तहत उनकी लगातार हिरासत ने न केवल उन्हें व्यक्तिगत रूप से प्रभावित किया है, बल्कि उनके पूरे संसदीय क्षेत्र की कार्यप्रणाली भी बाधित कर दी है. पंजाब सरकार के तर्क को बताया बेतुका सांसद अमृतपाल सिंह ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में सभी काम ठप्प हो गए और उनकी हिरासत उन्हें संसद में मुख्य सार्वजनिक मुद्दे – बाढ़, ड्रग्स और कथित फर्जी मुठभेड़ों को उठाने से रोक रही है. जेल से बाहर आने पर पंजाब की कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने के मुद्दे को लेकर अमृतपाल ने कहा कि ये पंजाब सरकार का बेतुका तर्क है क्योंकि उन्हें विंटर सेशन में शामिल होने के लिए दिल्ली आना है ना कि पंजाब. आज फिर होगी सुनवाई हाई कोर्ट में वकीलों के द्वारा वर्क सस्पेंड किए जाने की वजह से पंजाब सरकार के वकील कोर्ट में पेश नहीं हो सके. जिसके चलते हाई कोर्ट ने सुनवाई बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी. आज फिर मामले की सुनवाई होगी. अमृतपाल सिंह ने संसद के शीतकालीन सत्र में शामिल होने के लिए उन्हें पैरोल देने से राज्य के इनकार को चुनौती देते हुए पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट का रुख किया है.  

शहीदी सभा के लिए फतेहगढ़ साहिब पूरी तरह तैयार, सुरक्षा–स्वास्थ्य–यातायात के व्यापक इंतजाम

फतेहगढ़  मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा के अवसर पर छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी की महान कुर्बानी को नमन करने के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए किए गए प्रबंध की जानकारी दी. सीएम मान ने बताया कि यहां संगत के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं, आवागमन, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के अलावा सारे इंतजाम व्यापक स्तर पर किए गए हैं. सरकार की कोशिश है कि किसी भी श्रद्धालु को कोई कठिनाई न आए. यहां दुनिया भर से श्रद्धालु आते हैं. पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि संगत की बड़ी आमद को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं. उन्होंने बताया कि 20 आम आदमी क्लीनिक और 5 डिस्पेंसरी स्थापित की जा रही हैं जहां विशेषज्ञ डॉक्टर और अन्य स्टाफ मौजूद रहेंगे. उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों और डिस्पेंसरियों के लिए दवाइयां तथा अन्य सामान की व्यवस्था कर ली गई है. मुख्यमंत्री ने दशमेश पिता साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की महान कुर्बानी के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि छोटे साहिबजादों ने अंतर्मन की आवाज के अनुसार धर्म अपनाने के मानवीय अधिकार की रक्षा के लिए दी गई अनुपम कुर्बानी मानव इतिहास में अनूठी घटना है. सिख इतिहास में इस कुर्बानी को छोटी जिंदगियों के बड़े साके के नाम से याद किया जाता है. इस साके को हुए भले ही तीन शताब्दियों से अधिक समय बीत गया हो, लेकिन समूचे सिख जगत द्वारा इसकी पीड़ा आज भी बड़ी तीव्रता से महसूस की जा रही है. शहर-शहर इंटर सिटी शटल बस सेवा मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शहर में संगत के आने-जाने के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा देने हेतु इंटर सिटी शटल बस सेवा शुरू की जाएगी और शहीदी सभा के दौरान 200 शटल बसें तथा 100 ई-रिक्शा संगत के लिए तैनात होंगे. भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये बसें और ई-रिक्शा बाहर से आने वाली संगतों को पार्किंग स्थलों से गुरुद्वारा साहिब और अन्य स्थानों तक ले जाएंगे. उन्होंने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए इस बार गूगल कंपनी की सेवाएं भी प्राप्त की जा रही हैं जो फतेहगढ़ साहिब आने वाली सड़कों पर ट्रैफिक की स्थिति के बारे में सटीक जानकारी देगी ताकि किसी सड़क पर अधिक ट्रैफिक होने की स्थिति में तुरंत वैकल्पिक प्रबंध किए जा सकें. उन्होंने बताया कि वाहनों के ठहराव के लिए पांच बड़ी पार्किंग और 16 छोटी पार्किंग बनाई गई हैं. ड्रोन कैमरे गिद्ध की तरह नजर रखेंगे मुख्यमंत्री ने बताया कि 3300 से अधिक पुलिस जवान संगतों की सहायता के लिए ड्यूटी पर तैनात रहेंगे. पुलिस इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है. संगत की सुविधा के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 0176-3232838 भी जारी किया गया है. शहर की प्रमुख जगहों पर 300 सी.सी.टी.वी कैमरे लगाए जा रहे हैं. शहर पर ड्रोन गिद्ध की तरह नजर रखेंगे. मोबाइल सेवाओं को सुचारू रखने के लिए मोबाइल कंपनियों द्वारा अस्थायी तौर पर टावर स्थापित किए जा रहे हैं. 60 एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड गाड़ियां तैनात होंगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना से तुरंत निपटा जा सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की सफाई का काम सबसे महत्वपूर्ण होता है जिसके लिए विभिन्न जिलों से मशीनरी मंगवाकर सफाई करवाई जा रही है. उन्होंने बताया कि सफाई के लिए वॉलंटियरों की टीमें तैनात होंगी जो शिफ्टों में दिन-रात ड्यूटी निभाएंगी ताकि शहर की पवित्रता बनाए रखी जा सके. शहीदी सभा के दौरान फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती पर विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा. यदि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से संगत की सुविधा के लिए किसी भी प्रकार की मांग की जाती है तो सरकार शिरोमणि कमेटी को पूरा सहयोग देगी.  

अनमोल बिश्नोई गैंग पर शिकंजा: दिल्ली पुलिस ने 5 शूटर दबोचे, कई सनसनीखेज हत्याकांडों का खुलासा

पंजाब  दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी मिली है. दिल्ली पुलिस ने कुख्यात आर्जू-अनमोल बिश्नोई और हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े पांच खतरनाक अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, जिन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, वे इंदरप्रीत सिंह उर्फ पैरी, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा और लाइन बार एंड रेस्टोरेंट के मालिक आशु महाजन की हत्या में शामिल रहे हैं. इन सभी शूटर्स को लंबे समय से पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ पुलिस ढूंढ़ रही थी. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल का कहना है कि यह गिरोह सुपारी किलिंग, गैंगवार और संगठित अपराध में सक्रिय था. आरोपियों की गिरफ्तारी से गैंग के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है. पुलिस अब इनके हथियार सप्लायर, फंडिंग और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है.   बता दें, ताजा मामला चंडीगढ़ में इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी की हत्या का है, जिनमें ये अपराधी शामिल थे. बिश्नोई गैंग ने उनकी एसयूवी पर हमला कर दिया था. बिश्नोई गैंग ने इंद्रप्रीत सिंह को ‘गद्दार’ बताया था. इंद्रप्रीत की करीब 11 राउंड फायरिंग करके हत्या कर दी गई थी. इससे पहले इसी गैंग ने नेशनल कबड्डी प्लेयर सोनू नोल्टा की पिंजौर में जून 2025 में गोली मारकर हत्या की थी. इस मर्डर केस की बिश्नोई गैंग ने वीडियो जारी करके जिम्मेदारी ली थी. वहीं, तीसरा मर्डर केस सितंबर 2025 में अमृतसर में हुआ. यहां हमलावर बाइक पर सवार होकर लाइन बार एंड रेस्टोरेंट पहुंचे थे. इसके बाद ये अंदर घुसे और रेस्तरां मालिक मालिक आशु महाजन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर दिया. इस मर्डर केस की जिम्मेदारी हैरी बॉक्सर गैंग ने ली थी.

दिल्ली के प्रदूषण पर CM भगवंत मान का तीखा सवाल— जब पराली बंद, तो स्मॉग की वजह क्या?

चंडीगढ़  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा और कहा कि उसके नेता पराली जलाने को लेकर पंजाब के किसानों को ‘बदनाम' करते थे। दिल्ली की खराब वायु गुणवत्ता के लिए उन्हें दोषी ठहराते थे, लेकिन अब यहां कोई पराली नहीं जलाई जा रही फिर राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण का संकट क्यों है। मान ने कहा कि धान की कटाई होते ही भाजपा नेता दिल्ली की खराब वायु गुणवत्ता के लिए पंजाब और उसके किसानों को दोषी ठहराने लगते थे। उन्होंने कहा कि वे पहले दावा करते थे कि पंजाब के किसानों द्वारा पराली जलाने से दिल्ली में प्रदूषण होता है। वर्तमान में पंजाब के प्रमुख शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 70 से 130 के बीच है। मान ने एक वीडियो संदेश में कहा कि फिलहाल दिल्ली का एक्यूआई 450 से 500 के बीच है और पंजाब से कोई धुआं नहीं आ रहा है। दिल्ली में स्थिति बदतर है। कम से कम अब तो उन्हें यह मानना ​​चाहिए कि दिल्ली की खराब वायु गुणवत्ता के लिए पंजाब की कोई भूमिका नहीं है। मान की ये टिप्पणी उस दिन आई जब दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण संकट के लिए माफी मांगी और बच्चों के स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव को स्वीकार किया। हालांकि सिरसा ने दावा किया कि यह पिछली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा अपनाई गई नीतियों का परिणाम हैं।

भारत–अफगानिस्तान स्वास्थ्य सहयोग को मिलेगी नई दिशा, दिल्ली में होगी उच्चस्तरीय बैठक

नई दिल्ली अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री मौलवी नूर जलाल जलाली मंगलवार को भारत पहुंचे। यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए चर्चा करना है। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री की भारत यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान के पब्लिक हेल्थ मंत्री मौलवी नूर जलाल जलाली का भारत की पहली आधिकारिक यात्रा पर हार्दिक स्वागत है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा अफगानिस्तान के हेल्थकेयर सिस्टम के लिए भारत के लगातार समर्थन को दिखाती है, और हम उपयोगी बातचीत की उम्मीद करते हैं। भारत ने अफगानिस्तान के स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे में योगदान दिया है, जो अफगान लोगों के प्रति उसके अटूट समर्थन की पुष्टि करता है। इस महीने की शुरुआत में भारत ने काबुल को इन्फ्लूएंजा और मेनिन्जाइटिस के टीकों की 63,734 खुराकें भेजीं। 28 नवंबर, भारत ने अफगानिस्तान को स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद करने के लिए 73 टन जीवन रक्षक दवाएं, टीके और आवश्यक पूरक सामग्री भेजीं। विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पोस्ट कर कहा, "अफगानिस्तान के स्वास्थ्य सेवा प्रयासों को बढ़ावा देते हुए भारत ने तत्काल चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए काबुल को 73 टन जीवन रक्षक दवाएं, टीके और आवश्यक पूरक सामग्री भेजी हैं। अफगान जनता के प्रति भारत का अटूट समर्थन जारी है।" अफगानिस्तान से भारत की यह तीसरी मंत्रिस्तरीय यात्रा है। अफगानिस्तान के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अलहाज नूरुद्दीन अजीजी 20 नवंबर को नई दिल्ली आए थे और उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच व्यापार, संपर्क और जन-संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। बैठक के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर ने अफगानिस्तान के लोगों के विकास और कल्याण के लिए भारत के समर्थन को दोहराया। इसे लेकर विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा था, "नई दिल्ली में अफगानिस्तान के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अलहाज नूरुद्दीन अजीजी से मुलाकात करके मुझे खुशी हुई। हमने अपने व्यापार, संपर्क और जन-संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। हमने अफगानिस्तान के लोगों के विकास और कल्याण के लिए भारत के समर्थन को दोहराया।"

ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लोग, बीच में ही रुक गया फ्लाईओवर निर्माण

तरनतारन  गांव कक्का कंडियाला में पिछले जनवरी महीने से चल रहा फ्लाईओवर का काम सरकार की तरफ से ग्रांट जारी न होने के कारण रुकता नजर आ रहा है, जिसकी वजह से संबंधित कॉन्ट्रैक्टर ने आने वाले दिनों में यह काम पूरी तरह से रोकने की चेतावनी दे दी है। जानकारी के मुताबिक, गांव कक्का कंडियाला में फ्लाईओवर का उद्घाटन पिछले जनवरी महीने में कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने किया था। सरकार ने इस फ्लाईओवर के कंस्ट्रक्शन के लिए जे.के. एसोसिएट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को 69 करोड़ 80 लाख रुपए का कॉन्ट्रैक्ट दिया था, जिसे पूरा होने में दो साल लगने थे, जिसके चलते इस पुल का काम जनवरी 2027 में पूरा होना था, लेकिन पंजाब सरकार की तरफ से पिछले 4 महीने से फ्लाईओवर के लिए कोई भी बिल पास न करने के कारण संबंधित कंपनी के कॉन्ट्रैक्टर ने कछुए की तरह काम करना शुरू कर दिया है, जिसके कारण इस पुल का कंस्ट्रक्शन का काम ठंडे बस्ते में जाता दिख रहा है। जे.के एसोसिएट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मैनेजर जिम्मी और योगराज सिंह ने बताया कि कक्का कंडियाला फ्लाईओवर के कंस्ट्रक्शन के लिए जनवरी 2025 में सरकार के साथ 69 करोड़ 80 लाख रुपए का कॉन्ट्रैक्ट साइन हुआ था।   इस संबंध में कंपनी की तरफ से अब तक करीब 60 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है, लेकिन पिछले चार महीने से सरकार की तरफ से भेजे गए करोड़ों रुपए के 2 बिल पास नहीं हो रहे हैं, जबकि 8 बिल पास हो चुके हैं। कंपनी की तरफ से किए जा रहे काम की बकाया रकम संबंधित पी.डब्ल्यू.डी. डिपार्टमैंट के एक्साइज डिपार्टमैंट की तरफ से पास नहीं की जा रही है। इसके कारण कंपनी को लेबर और दूसरे खर्चों के मामले में काफी नुक्सान हो रहा है।    मैनेजर जिमी ने कहा कि अगर सरकार ऐसे ही चलती रही तो आने वाले दिनों में उसे इस कछुए की चाल वाले काम को पूरी तरह से रोकना पड़ेगा। दूसरी तरफ, इस फ्लाईओवर के ढीले काम की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आने वाले समय में लोगों की दिक्कतें और बढ़ती दिख रही हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए एक्सीयन पी.डब्ल्यू.डी. (नेशनल हाईवे) सिमरनजीत सिंह गिल ने कहा कि सरकार से फंड न मिलने की वजह से संबंधित कॉन्ट्रैक्टर को रकम जारी नहीं की गई है।

पंजाब में घना कोहरा बना काल, बरनाला सड़क हादसे में BSF जवान सहित 3 लोगों की जान गई

चंडीगढ़  कोहरे की वजह से पंजाब के बरनाला में भयानक सड़क हादसा हुआ है. लड़की का शगुन करने जा रहे एक परिवार की दो गाड़ियां हादसे का शिकार हो गईं. हादसे में BSF के जवान समेत तीन लोगों की मौत हो गई और लड़की समेत 5 लोग घायल हो गए. हादसा बरनाला-मोगा हाईवे पर मल्लियां टोल प्लाजा पर हुआ. दोनों गाड़ियां टोल प्लाजा के डिवाइडर से टकरा गईं और एक गाड़ी भी बुरी तरह डैमेज हो गई. घायलों को बरनाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़ित परिवार तरनतारन का रहने वाला है, जो सिरसा में लड़की का शगुन करने जा रहा था.हादसे में स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में सवार 18 साल की लड़की और उसके चाचा के बेटे की भी मौत हो गई. मृतकों की पहचान सुनील मसीह (31), अर्शदीप मसीह (21)और अनु (18) के रूप में हुई है.   क्या बोले मृतक सैनिक के पिता इमानात मसीह हादसे को लेकर मृतक सैनिक के पिता इमानात मसीह ने बताया कि उनका बेटा और भतीजा अपनी गाड़ी में बाकी पांच सदस्यों के साथ अपनी बहन के शगुन में शामिल होने के लिए तरनतारन से सिरसा जा रहे थे. सेना में तैनात उनका बेटा छुट्टी लेकर बहन के शगुन में आया था और आज इस सड़क हादसे में उनके बेटे और भतीजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई.   मरने वाले के रिश्तेदार दलजीत सिंह ने बताया कि वे तरनतारन के रहने वाले हैं और दो कारों में अपनी लड़की का शगुन करने सिरसा जा रहे थे. रास्ते में मल्लियां टोल प्लाजा के पास यह हादसा हो गया. उनकी दोनों गाड़ियां टोल प्लाजा के डिवाइडर से टकरा गईं. जिससे उनके बेटे संदीप की मौके पर मौत हो गई. उन्होंने कहा कि यह हादसा कोहरे और टोल प्लाजा की लापरवाही की वजह से हुआ. क्योंकि टोल प्लाजा वालों ने वहां कोई साइनबोर्ड भी नहीं लगाया था. हादसे को लेकर क्या बोली पुलिस इस मौके पर पुलिस चौकी के इंचार्ज बलजिंदर सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण सड़क हादसा हुआ है जहां सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. पीछे से आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी ने भी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इस सड़क हादसे में जहां तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, वहीं दोनों गाड़ियों में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं. पुलिस परिवार वालों के बयानों के आधार पर कार्रवाई कर रही है.