samacharsecretary.com

बिहार के युवाओं को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना में 10 लाख तक मिलेगा इंसेटिव

सिवान. बिहार के सिवान जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस योजना के तहत चयनित लाभुकों को उद्योग स्थापित करने के लिए सरकार की ओर से अधिकतम 10 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। जिला उद्योग केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 15 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। महाप्रबंधक विवेक कुमार ने बताया कि उद्योग विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इस योजना का मुख्य मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और छोटे-छोटे उद्योगों की स्थापना के माध्यम से आर्थिक विकास को गति देना है। योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के साथ उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन की प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थी उद्योग विभाग की आधिकारिक वेबसाइट udyami.bihar.gov.in या जिला उद्योग केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। महाप्रबंधक ने जिले के युवाओं से योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की है। 373008 अन्नदाताओं के खाते में जाएगी 74.61 करोड़ राशि प्रधानमंत्री किसान सम्मान के लाभुक किसानों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 13 मार्च को 22वीं किस्त की राशि जारी कर दी जाएगी। इसको लेकर सभी स्तर की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि जिले के तीन लाख 73 हजार आठ किसानों के खाते में 74.61 करोड़ रुपये भेजी जाएगी। यह राशि सीधे बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से आएगी। खास बात यह है कि रबी फसलों की सिंचाई के इस महत्वपूर्ण समय में खाते में आने वाली धनराशि किसानों को कृषि संबंधित कार्यों को पूरा करने में बड़ी राहत मिलेगी। डीएओ ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 13 मार्च को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपराह्न पांच बजे से वेब कास्टिंग के माध्यम से उपस्थित किसानों को संबोधित करेंगे।

धनबाद में BJP कार्यक्रम से मेयर संजीव सिंह गायब, राजनीति में बढ़ी चर्चा

रांची  प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को स्थानीय निकाय चुनाव में जीत कर आए प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित किया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने विजयी प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए उन्हें जनता के लिए हमेशा उपस्थित रहने की सलाह दी।समारोह में रांची की मेयर रोशनी खलको, पलामू की मेयर अरुणा शंकर और आदित्यपुर के मेयर संजीव सरदार उपस्थित रहे। लेकिन धनबाद के मेयर संजीव सिंह कार्यक्रम में नहीं थे। बता दें कि संजीव सिंह ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी के विरोध में जाकर चुनाव लड़ा था और उन्हें जीत मिली है। भाजपा ने उन्हें चुनाव के बीच में नोटिस दिया था। लेकिन जीत के बाद कई भाजपा नेता उन्हें वापस अपने साथ रखने का प्रयास कर रहे थे। धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने तो संजीव सिंह को जीत की बधाई भी दी थी। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा के आंदोलन की वजह से हुए निकाय चुनावों में जनता ने पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को समर्थन दिया है। दो साल से निकाय में अफसरशाही चल रही थी। अब चुने हुए प्रतिनिधियों को निचले स्तर पर विकास कार्यों में तेजी लानी है। केंद्र सरकार करेगी मदद निर्वाचित प्रतिनिधियों को रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने शुभकामना देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गांव से लेकर शहर तक विकास की धारा चल रही है। राज्य के विकास में केंद्र सरकार स्थानीय निकायों को पूरी मदद देगी। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों पर स्थानीय स्तर के विकास की बड़ी जिम्मेदारी है। भाजपा हर तरह से निकाय क्षेत्रों में विकास के लिए संकल्प ले रही है। कार्यक्रम में समीर उरांव, राकेश प्रसाद समेत कई नेता उपस्थित रहे।

निशांत कुमार की जदयू में एंट्री, सदस्यता लेते ही बिहारवासियों से कही ये अहम बात

पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जनता दल यूनाईटेड में शामिल हो चुके हैं। वीर चंद्र पटेल रोड स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में हजारों कार्यकर्ताओं के बीच कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार वहां मौजूद नहीं थे। जदयू में शामिल होने के बाद निशांत ने कहा कि मैं जदयू के कार्यकर्ता, नेता और बिहार की जनता को नमन करता हूं। मैं आज से पार्टी का सदस्य बन चुका हूं। एक कार्यकर्ता के रूप में मैं सेवा करता रहूंगा। मेरे पिता ने राज्यसभा जाने की घोषणा की है। यह उनका निजी फैसला है। मैं इस फैसले का आदर करता हूं और इसे स्वीकार करता हूं। उन्होंने कहा कि बिहार और देश की जनता से अपील करता हूं कि पिताजी पर विश्वास बनाए रखें। जनता को क्या मैसेज दिया निशांत ने? निशांत कुमार ने कहा कि मेरे पिता ने बिहार की जनता के लिए जो काम किया है, उसे मैं आगे बढ़ाने का काम करूंगा। आप सब ने जो विश्वास किया, उस पर खड़ा उतरने की कोशिश करूंगा। जनता के हृदय में खड़ा उतरने की कोशिश करूंगा। मेरे पिता ने जनता के लिए जो किया, वह सबको याद रहेगा। जनता को मेरे पिता पर गर्व है। वह अपना जीवन बिहार के लिए समर्पित कर दिया। आज से मैं राजनीतिक जीवन की शुरुआत कर रहा हूं। अभी मुझे बहुत कुछ सीखना है। इसके लिए मुझे जनता का आशीर्वाद चाहिए। मैं आप सभी को नमन करता हूं। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने जदयू के वरिष्ठ नेताओं के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया। इसके बाद कार्यकर्तओं का धन्यवाद किया। इधर, जदयू दफ्तर में सुबह से राज्य के सभी जिलों से वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। कई कार्यकर्ता घोड़ा और हाथी लेकर पहुंचे। सीएम नीतीश कुमार और निशांत के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। जदयू कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज हमलोगों के बहुत बड़ा दिन है। निशांत पार्टी में शामिल हुए इससे हमलोगों में काफी खुशी है। वह भी इंजीनियर हैं। नीतीश कुमार की तरह ही वह भी बिहार के विकास का काम करेंगे। इधर, जदयू कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखते हुए जदयू कार्यालय में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। समर्थकों में उत्साह है। निशांत ने पूरे बिहार का दौरा करने का फैसला किया जदयू के वरिष्ठ नेता और एमएलसी नीरज कुमार ने बताया कि आज पार्टी के लिए बड़ा दिन है। निशांत कुमार पार्टी में शामिल हो चुके हैं। सदस्यता ग्रहण करने के बाद उन्होंने पूरे बिहार का दौरा करने का फैसला किया है और वह जल्द ही संगठन से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। निशांत कुमार की जदयू में एंट्री का सभी विधायकों, सांसदों और विधान परिषद् सदस्यों ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह निशांत का राजनीति में शामिल होना, मास्टर स्ट्रोक है। इससे कितने लोग परेशान हो जाएंगे? यह आने वाला समय बताएगा। पार्टी सूत्रों की मानें तो निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि हमलोग चाहते हैं निशांत ही बिहार के मुख्यमंत्री बनें। नीतीश कुमार के बाद वह अच्छे तरीके से राज्य संभाल सकते हैं। एक दिन पहले निशांत ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की थी एक दिन पहले यानी शनिवार को निशांत कुमार ने जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के आवास पर पार्टी के विधायकों के साथ बैठक की थी। इसमें मंत्री श्रवण कुमार समेत पार्टी के अन्य नेता भी शामिल हुए थे। निशांत ने कई बातों पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से अपनी राय भी ली थी।  

नीतीश कुमार की यात्रा ने बढ़ाई सियासी हलचल: राज्यसभा चुनाव से पहले निशांत की अलग राह क्यों?

पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब से राज्यसभा जाने का एलान किया है, तब से बिहार की राजनीति में उथल-पुथल मच गई है। नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार चर्चा के केंद्र बिन्दु में हैं। जनता दल यूनाईटेड में शामिल होने के बाद निशांत कुमार बिहार की यात्रा पर निकलेंगे। वह अपनी यात्रा की शुरुआत चंपारण से करेंगे। वह अपने पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए बिहार भ्रमण करने की तैयारी में हैं। 10 से 13 मार्च तक कोसी-सीमांचल की यात्रा इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 से 13 मार्च तक कोसी-सीमांचल की यात्रा पर निकलने की तैयारी में है। शनिवार को वह बख्तियारपुर गए थे। उनके बॉडी लैंग्वेज से एक बार भी नहीं लगा कि बिहार से दूर होना चाहते हैं। ऐसे में उनके दौरे से सियासी गलियारे में हलचल तेज हो गए हैं। सीएम 10 मार्च को सुपौल में समृद्धि यात्रा पहुंचेंगे। इसके बाद मधेपुरा, किशनगंज, अररिया, कटिहार, पूर्णिया में कार्यक्रम करेंगे। इसके बाद सहरसा और खगड़िया में कार्यक्रम का प्लान बना है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान ने बढ़ाई टेंशन जनता दल यूनाईटेड के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जदयू के सभी नेताओं की भारी मांग पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जदयू ज्वाइन कर रहे हैं। सभी विधायकों, कार्यकर्ताओं की इच्छा से मुख्यमंत्री से आग्रह किया। लंबी मांग के बाद सहमति दी उन्होंने। भाजपाई सीएम के लिए तैयार हैं आप? इस सवाल के जवाब में उमेश कुशवाहा ने कहा कि एनडीए के नेता हमारे नेता नीतीश कुमार हैं। नीतीश कुमार को जनादेश मिला है। नई सरकार का गठन कब होगा? इस सवाल के जवाब में उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने इस्तीफा तो दिया नहीं है। नई सरकार की गठन की चर्चा अभी कहां! जब समय आएगा, तब जनादेश हासिल करने वाले नीतीश कुमार तय करेंगे कि सीएम कौन होगा? कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने कुछ सोच-समझ कर राज्यसभा के लिए नामांकन किया है। 

मतदाता सूची की होगी विशेष जांच: झारखंड में SIR अभियान जल्द, ऐसे होगा वेरिफिकेशन

रांची झारखंड में इस महीने से ही एसआईआर यानी विशेष गहन पुनरीक्षण की औपचारिक घोषणा की जा सकती है। चुनाव आयोग इस प्रक्रिया को कराने की तैयारी के अंतिम चरण में है और इसके लिए जिलों को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। आयोग का लक्ष्य है कि अधिसूचना जारी होने के लगभग 100 दिनों के भीतर पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। लगभग 2.65 करोड़ मतदाता पंजीकृत एसआईआर एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें मतदाता सूची में दर्ज सभी नामों का सत्यापन किया जाता है। इसका उद्देश्य है फर्जी, मृत, स्थानांतरित या दो जगहों पर दर्ज मतदाताओं के नाम हटाना और सही मतदाताओं को सूची में शामिल करना। राज्य में वर्तमान में लगभग 2.65 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 73% से अधिक मतदाताओं का सत्यापन हो चुका है। शेष मतदाताओं का सत्यापन और सुधार एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में ही करीब 12 लाख मतदाता ऐसे पाए गए हैं जिनके नाम अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरी प्रविष्टि की श्रेणी में आ सकते हैं। प्रारंभिक जांच में 6.72 लाख गलतियां पाई गई एसआईआर की तैयारी के तहत अब तक 1.61 करोड़ मतदाताओं का पुराने रिकॉर्ड से मिलान किया जा चुका है और मतदाता सूची में मिली गलतियों को ठीक किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में 6.72 लाख गलतियां पाई गई हैं, जिनमें फोटो, नाम और पते की गड़बड़ियां शामिल हैं। जिलों में बैठक कर रणनीति बनाई जा रही है। बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, डिजिटल डेटा अपडेट किया जा रहा है और मतदाताओं की पैरेंटल मैपिंग का काम भी तेजी से चल रहा है। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को निम्न कार्य करने पड़ सकते हैं: पहचान के दस्तावेज़ जैसे आधार कार्ड, पहचान पत्र या अन्य प्रमाण पत्र दिखाना।   अगर नाम, उम्र, फोटो या पते में कोई गलती है तो निर्धारित फॉर्म भरकर सुधार के लिए आवेदन देना।       18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा अपना नाम मतदाता सूची में जोड़वा सकते हैं।  

नीतीश कुमार पर राबड़ी देवी का बड़ा बयान: BJP भगा रही, बिहार नहीं छोड़ेंगे सीएम

पटना बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर पूर्व सीएम राबड़ी देवी की पहली प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीतीश को बिहार से भगा रही है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साथ पटना पहुंचीं राबड़ी ने कहा कि उनकी (नीतीश कुमार) की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। उन्हें नहीं जाना चाहिए, बिहार नहीं छोड़ना चाहिए। राबड़ी देवी अपने पति आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के साथ शनिवार दोपहर को दिल्ली से पटना पहुंचीं। पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने यह बयान दिया। इस दौरान लालू ने मीडिया के सवालों से दूरी बनाए रखी। नीतीश की नई राजनीतिक पारी पर बिहार के मुख्य विपक्षी दल आरजेडी के मुखिया लालू की प्रतिक्रिया का लोगों को अभी तक इंतजार है। तेजस्वी ने भी बताया था भाजपा की साजिश हालांकि, आरजेडी की ओर से तेजस्वी यादव सत्ता पक्ष के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले को उन्होंने भी भाजपा की साजिश बताया था। दो दिन पहले गुरुवार को मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने कहा था कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव का जनादेश नीतीश कुमार को मिला था। किसी दूसरे नेता के साथ नई सरकार बनाना पूरी तरह से जनता की भावनाओं और जनादेश के खिलाफ होगा। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि आरजेडी ने पहले से ही अनुमान लगा लिया था कि भाजपा अपने चुनावी फायदे के लिए नीतीश को सिर्फ मुखौटे की तरह इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने सहयोगी दलों को खत्म करने की भाजपा की आदत है। महाराष्ट्र में शिवसेना, तमिलनाडु में एआईएडीएमके को भी भाजपा ने खत्म कर दिया। नीतीश बोले- अपनी इच्छा से जा रहा राज्यसभा दूसरी ओर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कहना है कि वह अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे हैं। गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि शुरुआत से उनकी इच्छा रही है कि वह बिहार विधान मंडल के दोनों सदन और संसद के दोनों सदनों के सदस्य बने। वह विधायक, एमएलसी और लोकसभा सांसद रह चुके हैं, अब राज्यसभा सांसद बनने जा रहे हैं। इसके बाद शुक्रवार को पटना के एक, अणे मार्ग स्थित सीएम आवास में हुई जेडीयू विधान मंडल दल की बैठक में भी नीतीश ने यही बात दोहराई। नीतीश के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा। अगला सीएम भाजपा का बनाए जाने की पूरी संभावना है। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।  

फरवरी की सम्मान राशि आई खातों में, लाखों महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान

रांची हेमंत सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को फरवरी महीने की सम्मान राशि उनके बैंक खातों में भेज दी गई है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। रांची जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत फरवरी माह की राशि का भुगतान कर दिया गया है। जिले की कुल 3 लाख 87 हजार 174 महिलाओं के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए प्रति लाभुक 2500 रुपये की राशि भेजी गई है। प्रशासन के अनुसार, लाभुक महिलाओं के खातों में कुल 96 करोड़ 79 लाख 35 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। इससे पहले जनवरी महीने की सम्मान राशि भी लाभुकों को दी जा चुकी है। फरवरी महीने में जिले के कई प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। इनमें प्रमुख रूप से अनगड़ा (16,607), अरगोड़ा शहरी क्षेत्र (12,956), बड़गाईं शहरी क्षेत्र (9,495), बेड़ो (20,496), बुंडू (8,438), बुंडू नगर पंचायत (3,487), बुढ़मू (17,737), चान्हो (19,673), हेहल शहरी क्षेत्र (15,191), ईटकी (10,301), कांके (31,443), कांके शहरी क्षेत्र (1,309), खलारी (9,529), लापुंग (11,301), मांडर (22,984), नगड़ी (17,747), नगड़ी शहरी क्षेत्र (8,058), नामकुम (17,777), नामकुम शहरी क्षेत्र (9,389), ओरमांझी (18,092), राहे (9,519), रातू (18,476), सिल्ली (21,045), सोनाहातू (13,018), तमाड़ (18,420) और सदर शहरी क्षेत्र (24,686) की लाभुक महिलाएं शामिल हैं। समय पर भुगतान के निर्देश उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी तरह की त्रुटि या देरी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी लाभुक को राशि मिलने में कोई समस्या आती है, तो उसका जल्द समाधान किया जाएगा। यह योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम है और जिला प्रशासन इसके बेहतर क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।  

मेदिनीपुर कोर्ट में बम की सूचना से दहशत, पूरे परिसर की तलाशी; 3 घंटे ठप रहा कामकाज

संसू, मेदिनीपुर पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर शहर स्थित जिला अदालत परिसर में शुक्रवार दोपहर उस वक्त दहशत फैल गई, जब कोर्ट में बम रखे होने की सूचना मिली। इस धमकी भरी खबर के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा। ईमेल के जरिए दी गई धमाके की धमकी  मिली जानकारी के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट जज के कार्यालय में एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें अदालत परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। खबर फैलते ही जजों, वकीलों और वादकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।  सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस सुबह 11 बजे तक मौके पर पहुंच गई। इसके बाद दोपहर 12 बजे बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और खोजी कुत्तों (Sniffer Dogs) की टीम ने मोर्चा संभाला।  घंटों चली तलाशी, नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान  बम निरोधक दस्ते ने मेटल डिटेक्टर और स्निफर डॉग्स की मदद से करीब तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अदालत के मुख्य भवनों से लेकर कोने-कोने की जांच की गई।  गहन जांच के बाद जब कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, तब जाकर सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस घटना के कारण अदालत का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया।  जनजीवन और न्यायिक कार्य प्रभावित  सरकारी अधिवक्ता गौतम मल्लिक ने घटना पर रोष जताते हुए कहा कि ऐसी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि दूर-दराज से आए लोगों को बिना सुनवाई के खाली हाथ लौटना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई।  गौरतलब है कि पिछले महीने भी आईआईटी खड़गपुर, घाटाल और झाड़ग्राम के उप डाकघर में इसी तरह की झूठी खबरें फैलाकर दहशत पैदा करने की कोशिश की गई थी। पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुट गई है।   

निशांत कुमार को MLC बनाने की अटकलें, JDU की आज लेंगे सदस्यता

पटना. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत रविवार को दिन में एक बजे जदयू प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस मौके पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह सहित जदयू के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी को लेकर अभी संशय है। राजनीतिक गलियारे में ऐसी चर्चा है कि निशांत को नयी सरकार में उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसके लिए वह आज जदयू की सदस्यता लेंगे। इसके बाद उन्हें विधान परिषद का सदस्य बनाया जाएगा। निशांत के जदयू में शामिल किए जाने का मांग लंबी अवधि से मांग चलती रही है। इस आशय के कई होर्डिंग्स भी कई बार शहर में दिखे हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में विधायकों के साथ हुई नीतीश कुमार कुमार की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली थी कि निशांत राजनीति में आएंगे। उनसे इस संबंध में पार्टी के बड़े नेताओं की बात हो चुकी है। इस निर्णय के बाद जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पर जदयू के विधायकों की एक बैठक हुई, जिसमें निशांत भी मौजूद थे। बैठक में निशांत के जदयू में शामिल होने के स्वरूप पर विमर्श हुआ। मंत्री श्रवण कुमार व जदयू नेता संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी बैठक में शामिल हुए। पूरे बिहार में यात्रा करेंगे निशांत जदयू की योजना यह है कि निशांत को जिलों की यात्रा करायी जाएगी। संभवत: पश्चिमी चंपारण जिले से उनकी यात्रा आरंभ होगी। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के निर्णय के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जो असमंजस की स्थिति है, उसे निशांत कुमार के दौरे के माध्यम से दूर कराया जाए। वह नियमित रूप से नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा नियमित रूप से मीडिया के साथ करते रहे हैं। युवाओं के लिए हुए फैसले की चर्चा करते रहे हैं। एक दिन पहले यह चर्चा थी कि निशांत हरनौत विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे। यह लंबी अवधि से जदयू की सीट रही है। हरिनारायण सिंह कई टर्म से वहां से जदयू के विधायक हैं, लेकिन अब कहा जा रहा कि निशांत हरनौत से चुनाव नहीं लड़कर विधान परिषद जाएंगे।

दाखिल-खारिज में देरी से शहरी जनता परेशान: विधायक

मुजफ्फरपुर. शहरी अंचल में दाखिल-खारिज से जुड़े मामलों में आम लोगों को हो रही परेशानी को लेकर बोचहां की विधायक बेबी कुमारी ने जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन से मुलाकात कर शिकायत की। उन्होंने बोचहां विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। विधायक ने कहा कि मुशहरी अंचल में दाखिल-खारिज के मामलों में लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने नरौली डीह निवासी विनय कुमार भोला कुशवाहा के मामले का जिक्र करते हुए बताया कि उनका दाखिल-खारिज आवेदन बार-बार अस्वीकृत किया जा रहा है। इसके अलावा राम बाबू पांडेय के परिमार्जन से जुड़े मामले समेत कई लंबित दाखिल-खारिज आवेदनों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराने और दोषी अधिकारी, कर्मचारी या डाटा ऑपरेटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान विधायक ने जीरोमाइल गोलंबर के सौंदर्यीकरण, विभिन्न सड़कों के निर्माण व चौड़ीकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना, बिजली आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इसी के साथ प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 19 मार्च को मुशहरी और 23 मार्च को बोचहां प्रखंड कार्यालय परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। विधायक बेबी कुमारी ने बताया कि इन कार्यक्रमों में सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जहां आम लोग अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रख सकेंगे।