samacharsecretary.com

जाली जाति प्रमाण पत्र का मामला: सजा होगी 7 साल, नौकरी भी जाएगी हाथ से

इंदौर नौकरियों के आवेदन के साथ ही राज्य एवं केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश एवं छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए जाति के प्रमाण की आवश्यकता पढ़ती है। पात्रता होने पर नियमानुसार यह दस्तावेज बनवाना हमारा अधिकार है जबकि गलत तरीके से फर्जी दस्तावेज बनवाने पर कानून भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अपराध है। यह दस्तावेज अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए जारी होता है। इसके लिए आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से बनवाया जा सकता है। सरकारी नौकरी तुरंत रद्द हो जाती है एडवोकेट महेश लाठी बताते है कि फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनवाने या उपयोग करने के गंभीर नुकसान हो सकते है। नए कानून भारतीय न्याय संहिता इसमें फर्जी दस्तावेज बनाना के लिए 7 साल तक एवं अर्थ दंड बताया गया है।फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर ली गई सरकारी नौकरी तुरंत रद्द हो जाती है। शिक्षा संस्थानों में दाखिला भी रद्द कर दिया जाता है, जिससे भविष्य खराब हो सकता है। पकड़े जाने पर समाज में विश्वास खो जाता है और व्यक्ति की प्रतिष्ठा गिर जाती है। जाति और समुदाय की छवि खराब होती है।   रिश्तों और सामाजिक पहचान पर भी बुरा असर पड़ता है। सरकारी योजनाओं के लाभ की वसूली की जाती है। फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर मिले आरक्षण, छात्रवृत्ति, सरकारी योजना के लाभ वापस लिए जाते हैं। इसका निष्कर्ष यह है कि फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनाना या उपयोग करना कानूनन अपराध है। साथ ही सामाजिक दृष्टि से भी गलत है। इससे व्यक्ति का करियर, सम्मान और भविष्य खतरे में पड़ सकता है। इसलिए सही दस्तावेज के साथ ही प्रमाण पत्र बनवाना चाहिए और यदि कोई गलती हो तो तुरंत सुधार कराना चाहिए। इन तीन प्रक्रिया का पालन कर आवेदन – आपके जाति प्रमाण पत्र सत्र 2000 से पहले जारी हुआ है तो इसे आफ डिजिटल करवाना के लिए आधार, समक्र जन्म तारीख वाली अंक सूची उपलबध करानी होगी। इसके साथ ही एक फोबल्कि यहटो एवं पूर्व प्रमाण पत्र भी बनावाना होगा। – आवेदक को रक्त संबंध के आधार पर भी जाति का प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। इसके लिए माता-पिता, चाचा, भाई, बहन और दादा का जाति का प्रमाण पत्र देना होगा। इसके साथ अन्य दस्तावेज आधार, समग्र एवं एक फोटो देना होगा। – यदि किसी के पास पूर्व जारी प्रमाण पत्र नहीं है और रक्त संबंधी प्रमाण पत्र भी नहीं है। इसके चलते अंकसूची और निवास का प्रमाण पत्र देना होगा। साथ ही समग्र, आधार और फोट भी देना होगा।

श्योपुर और सिंगरौली के नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा करेंगे लोकार्पण

भोपाल केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा 25 अगस्त को जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस सांस्कृतिक सूचना केन्द्र में मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाले ऐतिहासिक निर्णयों और जनहितैषी पहल का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। कार्यक्रम में श्योपुर और सिंगरौली में नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों का लोकार्पण होगा। साथ ही धार, बैतूल, पन्ना और कटनी जिलों में पीपीपी मॉडल पर चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना के लिए अनुबंधों पर हस्ताक्षर होंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदना कार्ड वितरण, मातृ-शिशु सुरक्षा को सुदृढ़ करने वाली योजनाएँ और डिजिटल नवाचार के रूप में स्मार्ट चैटबॉट का शुभारंभ किया जाएगा। इन पहलों से प्रदेश में चिकित्सा अधोसंरचना, जनस्वास्थ्य सुरक्षा और तकनीक आधारित सेवाओं का व्यापक विस्तार होगा। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को 8 लाख वय वंदना कार्ड का वितरण किया जाएगा। प्रदेश में तकनीकी सशक्तिकरण का नया अध्याय जोड़ते हुए स्मार्ट चैटबॉट (आयुष्मान एवं सखी) का शुभारंभ होगा। यह चैटबॉट आमजन को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श प्राप्त करने का आसान माध्यम बनेगा। इसके अतिरिक्त आशा कार्यकर्ताओं से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी मजबूती को सुदृढ़ किया जाएगा। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मातृ शिशु सुरक्षा कार्ड का वितरण भी किया जाएगा।  

सागर और कटनी से गुजरते हुए दौड़ेगी कोटा-गया पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन, श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

जबलपुर पितृपक्ष के अवसर पर गया जाने वाले यात्रियों के लिए पश्चिम मध्य रेल ने कोटा से गया के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन सागर, दमोह, कटनी, मैहर और सतना होकर गुजरेगी। ट्रेन संख्या 09817 सोगरिया-गया स्पेशल प्रत्येक शनिवार को 6 सितंबर से 21 सितंबर के बीच चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 09818 गया-सोगरिया प्रत्येक रविवार को संचालित होगी। सोगरिया से ट्रेन रात 11:10 बजे प्रस्थान कर, अगले दिन सुबह 5:35 बजे सागर, 6:45 बजे दमोह, 8:10 बजे कटनी, 9:40 बजे मैहर, 11:00 बजे सतना और रात 11:45 बजे गया पहुंचेगी। वापसी में, गया से ट्रेन मध्यरात्रि 1:15 बजे चलेगी। ट्रेन में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। सीटों का आरक्षण प्रारंभ हो चुका है।   सुबह की जगह दोपहर में पहुंची दयोदय एक्सप्रेस राजस्थान में वर्षा से सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन में जलभराव से दयोदय एक्सप्रेस प्रभावित हुई। रेल यातायात बाधित होने के कारण अजमेर-जबलपुर दयोदय ट्रेन शनिवार को पांच घंटे विलंब से शहर पहुंची। दयोदय एक्सप्रेस के जबलपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8.45 बजे है। शनिवार को सुबह की जगह ट्रेन दोपहर में लगभग दो बजे पहुंची। निरंतर वर्षा से कोटा रेल मंडल के अंतर्गत रेल परचालित प्रभावित से शनिवार को अजमेर से जबलपुर के लिए रवाना होने वाली ट्रेन का मार्ग अचानक परिवर्तित करना पड़ा। यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग की जगह चांदेरिया होकर कोटा के रास्ते जबलपुर तक आएगी।

दस दिवसीय गणेशोत्सव 27 अगस्त से शुरू, श्रद्धालु करेंगे षड्विनायक के दर्शन

उज्जैन भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर 27 अगस्त से दस दिवसीय गणेश पर्व की शुरुआत होगी। भक्त घर, परिवार में सुख समृद्धि तथा विघ्नों के विनाश की कामना से भगवान गणेश की स्थापना कर पूजा अर्चना करेंगे। गणेश उत्सव के इन दस दिनों में भक्त शहर के विभिन्न कोणों में विराजित षड्विनायक दर्शन यात्रा करेंगे। दर्शन करने से मनुष्य के सारे संकट समाप्त कार्यसिद्धि के लिए भगवान गणेश की पूजा अर्चना का क्रम त्रेता युग से चला आ रहा है। उस समय वनवास के दौरान उज्जैन आने पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व सीता ने शहर में षड्विनायक की स्थापना की थी। मान्यता है भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व सीता द्वारा स्थापित व पूजित इन छह गणेश के दर्शन करने मात्र से मनुष्य के सारे संकट समाप्त हो जाते हैं। आर्थिक, मांगलिक, पारिवारिक, व्यापार व्यवसाय तथा नौकरी संबंधित काम में आ रही बाधा समाप्त होती है।   जिन युवक-युवतियों के विवाह आदि मांगलिक कार्य में व्यवधान उत्पन्न हो रहा हो, वह भी खत्म हो जाता है तथा भक्तों को सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से चतुर्दशी तिथि तक दस दिन षड्विनायक के दर्शन पूजन का विधान है। देशभर से भक्त इन दिनों में भगवान के दर्शन करने आते हैं। उज्जैन के षड्विनायक -चिंतामन गणेश : शहर से 5 किमी दूर ग्राम चिंतामन अविघ्न विनाय : खाकचौक पर खाकी अखाड़े के सामने। दुर्वामुख गणेश : श्री रामजनार्दन मंदिर के समीप। स्थितरमन गणेश : गढ़कालिका माता मंदिर के समीप। मोदप्रिय गणेश : हरसिद्धि मंदिर के पीछे गुरु अखाड़ के समीप। लक्ष्मी प्रदाता गणेश : महाकाल मंदिर में कोटितीर्थ कुंड के पास।

चार गिरफ्तार: क्रिकेट खेलते हुए गैंग ने सुने घरों में की चोरी

खंडवा किक्रेट खेलते-खेलते जिले के कुछ युवकों ने गिरोह बना लिया। दिन में बाइक से सूने घरों की रेकी करते, रात को आते घरों का ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। बीते एक माह में इस गिरोह ने हरसूद थाना क्षेत्र में पांच चोरी कर जमकर आतंक मचाया। थाना प्रभारी हरसदू राजकुमार राठौर इनकी गंभीरता से तलाश में लगे थे। मुखबिर की सूचना पर गिरोह के तीन सदस्यों को हरसूद पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके अलावा चोरी का माल खरीदने वाले एक सदस्य को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने सात लाख के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर पांच चोरियों का राजफाश किया। बंद मकानों को बनाते थे निशाना पुलिस के अनुसार सेक्टर नंबर पांच हरसूद में स्थित बंद मकान से अज्ञात व्यक्ति के द्वारा सोने चांदी के आभूषण व नकदी रुपये की चोरी करने की सूचना पर थाना हरसूद में धारा 331(4),305 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय द्वारा अपराधियों को तत्काल पकड़ने हेतु निर्देशित किया।   विवेचना के दौरान अज्ञात आरोपितों व मशरुका की तलाश पर मुखबिरों ने पुलिस को बताया कि कुछ व्यक्तियों ने छनेरा हरसूद में किराये का मकान लेकर निवास कर रात्रि में चोरी करते हैं। मुखबिर सूचना पर संदेहियों के मोबाइल नंबरों की टावर लोकेशन व डिटेल प्राप्त की गई। दिन व रात्रि के मध्य मोबाइल बंद होने की शंका के आधार पर संदेही आरोपित 23 वर्षीय शुभम पुत्र भगवान सिंह राजपूत, मांगीलाल उर्फ गोलू पुत्र भैयालाल निवासी पुनर्वास थाना मांधाता, दुर्गेश पुत्र सुरेश निवासी फोकटपुरा छनेरा थाना हरसूद एवं बेचवाल समर पुत्र बजारी निवासी धननगरी, थाना खालाकुआ, जिला हुगली पश्चिम बंगाल हाल- सनावद जिला- खरगोन को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। बदमाशों से ये जेवरात जब्त किए विस्तृत पूछताछ में आरोपितों ने संगठित होकर रात में बंद मकानों का ताला तोड़ नकबजनी करना स्वीकार किया। पृथक पृथक स्थान से आरोपितों की निशादेही पर सोने के आभूषण झुमकी, सोने की अंगूठी, सोने के टाप्स, सोने का मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट, सोने के लाग, पंचाली, कान की बाली, रिंग एवं गले के लाकेट, सोने के मोती एवं चांदी के आभूषण पायल, बिछिया, चैन, पायजब, अंगूठी, चांदी का सिक्का, चांदी की चुडी, रमझोल, कमर का कंदोरा, कंगन, बिछोडी, झुमकी, चांदी की पूची, चांदी की पायल आदि उक्त अपराधों में जब्त किया गया। घटना में प्रयुक्त दो बाइक जब्त की गई। जिसकी कुल कीमत लगभग सात लाख रुपये है। थाना प्रभारी हरसूद निरीक्षक राजकुमार राठौर, उनि रमेश मोरे, सउनि नानाराम पाटीदार, सउनि नरेंद्रसिंह वर्मा, प्रआर हरिओम मीणा, प्रआर शिवशंकर उपाध्याय, प्रआर मंगलसिंह चौहान, आर दिलीप बोरखेडे, आर भगवानसिंह मस्कोले, हेमंत जाट की सराहनीय भूमिका रही।

IMD की चेतावनी: 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट अगले 14 घंटे के लिए

भोपाल  मध्यप्रदेश में ग्वालियर के ऊपर से गुजर रही मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से फिर से जोरदार बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में अच्छी बारिश हुई है और श्योपुर और सतना जिलों में तो लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह बाढ़ के हालात बन गए हैं। रविवार को भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मंदसौर सहित अन्य जिलों में बारिश हुई है। वहीं इस बीच रविवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 29 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी है। इन जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने रविवार को अगले 24 घंटों (सोमवार सुबह 8.30 बजे तक ) के लिए जो ताजा बुलेटिन जारी किया है उसमें 29 जिलो में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में अथिभारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं विदिशा, रायसेन, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और दमोह जिलों में भारी बारिश की संभावना के कारण येलो अलर्ट जारी किया है।   अगले 48 घंटों में बनेगा नया सिस्टम मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अभी मध्यप्रदेश में अलग अलग सिस्टम एक्टिव होने से अच्छी बारिश हो रही है और ये सिलसिला अगले दो-तीन तक जारी रहेगा। मौसमी प्रणालियों की बात की जाए तो उत्तर पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) बना हुआ है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ समुद्र तल से बीकानेर, जयपुर, ग्वालियर, प्रयागराज और उत्तर पूर्वी मध्यप्रदेश से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। तो वहीं अगले 48 घंटों के दौरान ओड़िशा-पश्चिम बंगाल के तटों से दूर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। उफान पर नदिया बाढ़ के हालत बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश सीधी में हुई है। लगातार हो रही बारिश के कारण डिंडौरी और मंडला में नर्मदा नदी का रौद्र रूप नजर आ रहा है। श्योपुर में कूनो नदी में बाढ़ के कारण गांवों में पानी भर गया है और गांवों में फंसे लोगों को एनडीईआरएफ की टीम ने वोट से रेस्क्यू किया है।

गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण: कार्यशाला के आज तीसरे दिन नागरिकों ने उत्साह से भाग लिया

भोपाल पर्यावरण विभाग की संस्था एप्को के लोकप्रिय ग्रीन गणेश अभियान के अंतर्गत चार दिवसीय ईको फ्रेंडली गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला 22 से 25 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 2.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक निरंतर चलाई जा रही है। कार्यशाला में नागरिक उत्साह से भाग ले रहे हैं। कार्यशाला में मिट्टी एवम् प्राकृतिक रंग निशुल्क उपलब्ध कराये जा रहे हैंl प्रतिभागी अनुभवी मूर्तिकारों के मार्गदर्शन में मूर्ति अपने हाथों से बनाना सीख रहे हैं तथा स्वनिर्मित गणेश प्रतिमा निशुल्क अपने घर ले जा रहे हैंl एप्को की चार दिवसीय इस ग्रीन गणेश मूर्ति निर्माण कार्यशाला के आज तीसरे दिन आम नागरिकों ने अपने बच्चों के साथ उत्साह से भाग लियाl कार्यशाला में आज लगभग 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपने हाथों से निर्मित प्रतिमा निशुल्क घर ले कर गएl कार्यशाला में अब तक लगभग 750 प्रतिभागियों द्वारा अपने हाथों से ग्रीन गणेश की प्रतिमा का निर्माण किया जा चुका हैl कार्यशाला के कार्यक्रम समन्वयक श्री राजेश रायकवार द्वारा प्रतिभागियों को इस अभियान के उद्देश्यों से परिचित कराते हुए पर्यावरण प्रदूषण के तकनीकी पहलुओं की जानकारी भी दी गईl मूर्ति को प्राकृतिक रंगों से सजाने के साथ उनका विसर्जन घर पर ही करने का संकल्प लेने के लिये प्रेरित भी किया गयाl मूर्ति बनाने के लिए एप्को के वास्तुविद श्री कमलेश के मार्गदर्शन में प्रशिक्षक सर्व श्री मनीष, महेंद्र, शिवलाल, सुनील, राकेश एवम् राजेंद्र द्वारा प्रतिभागियों की सहायता की।  

गणेश प्रतिमा हादसा बुरहानपुर में, युवक की मौत और 1 करोड़ मुआवजे की मांग

बुरहानपुर  बुरहानपुर में सड़कों पर गड्डों की वजह गणेश प्रतिमा के नीचे दबकर युवक की मौत हो गई। इस घटना ने अब सियासी रंग ले लिया है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार को इसका जिम्मेदार ठहराया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जीतू पटवारी ने लिखा कि, 'बुरहानपुर में 12 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा ले जाते समय सड़कों पर गड्डों की वजह से प्रतिमा गिर गई। प्रतिमा के नीचे दबने से खंडवा निवासी शशांक जोशी (26) की मौत हो गई। मुख्यमंत्री जी, यह भी "सरकारी-हत्या" है। दोषी पूरी सरकार और भाजपा द्वारा बनाया सिस्टम है।' 1 करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग जीतू पटवारी ने आगे लिखा कि, इस अक्षम्य अपराध के जिम्मेदारों पर तत्काल हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जाए। पीड़ित परिवार को न्यूनतम 1 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि भी तत्काल दी जाए। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात 9:30 बजे खंडवा से गणेशोत्सव समिति के युवा गणेशजी की बड़ी प्रतिमा लेने के लिए बुरहानपुर के लालबाग आए थे। ट्रॉली से प्रतिमा ले जाते समय लालबाग रोड तुलसी मॉल के सामने ट्रॉली से प्रतिमा अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में शशांक जोशी निवासी हरीगंज खंडवा प्रतिमा के नीचे दब गया। शोर मचने पर स्थानीय लोगों द्वारा प्रतिमा के नीचे से युवक को निकाल कर निजी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक चेकअप के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद लालबाग रोड सहित अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। दो दिन में दूसरी घटना महाराष्ट्र सहित आसपास के जिलों से समितियों के लोग बड़ी प्रतिमाएं लेने बुरहानपुर आ रहे है। दो दिन पहले गुरुवार को भी इंदौर इच्छापुर हाइवे पर दापोरा के पास प्रतिमा भी ट्रॉली से गिरकर खंड़ित हुई थी। लालबाग रोड पर शनिवार रात को यह घटना हो गई। दोनों ही घटनाओं के पीछे रोड खराब होने एवं गड्ढों के कारण प्रतिमा अनियंत्रित होकर गिरने की बात कही जा रही है।

बिजली दुरुस्त करने की कोशिश में बड़ा हादसा, करंट लगने से शहडोल में दो भाइयों की जान गई

शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र के धनगवां गांव में करंट की चपेट में आने से दो भाईयों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार घर की बिजली सुधारने के दौरान घटना घटी है । पहला भाई जब करंट की चपेट में आया तो दूसरे ने उसे बचाने का प्रयास किया और दोनों गंभीर घायल हो गए, जिसके बाद स्वजन दोनों को अस्पताल ले कर पहुंचे और दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई है। दोनों की उपचार के दौरान मौत पुलिस ने बताया कि धनगवां का पी के सिंह घर की लाइट सुधार रहा था, तभी वह बिजली की तार की चपेट में आ गया। बगल में मौजूद बड़े भाई राकेश सिंह ने देखा कि छोटे भाई को करंट लग गया है। जिसे बचाने वह दौड़ा और दोनों को बिजली के करंट ने अपने चपेट में ले लिया, तभी दोनों को करंट की चपेट में देख परिजनों ने बिजली का पावर बंद किया और आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। जहां दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई है।   पुलिस के अनुसार इस घटना में राकेश सिंह (40) एवं पी के सिंह (26) की मौत हो गई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दोनों चचेरे भाई है। दोनों ही आजू-बाजू रहते है। छोटे भाई को बचाने में बड़ा भाई भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने कहा, घटना के बाद हमें जानकारी नहीं मिली थी, उपचार के दौरान दोनों की मेडिकल कॉलेज में मौत हुई है। डायरी मेडिकल कॉलेज से आई है । हमने कायमी कर आगे की जांच के लिए विवेचना अधिकारियों को मौके पर भेजा है।

मेंढक के बाद अब दाल में इल्ली! MP की आंगनबाड़ी पर बवाल

शिवपुरी करैरा कस्बे में शनिवार को बच्चों के पोषण आहार की दाल में महिलाओं ने इल्ली देखीं तो वार्ड में हंगामा खड़ा हो गया। महिलाओं ने मामले की शिकायत वार्ड में रहने वाली एक भाजपा नेत्री को दर्ज कराई। भाजपा नेत्री ने पूरे मामले से विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने मामले में नोटिस देने की बात कही है। शिकायतों की नहीं हुई सुनवाई जानकारी के अनुसार शनिवार को करैरा के वार्ड क्रमांक-4 की कुछ महिलाएं वार्ड क्रमांक-4 में रहने वाली भाजपा महिला मोर्चा की जिला कोषाध्यक्ष संगीता खत्री के पास पहुंचीं। उनका कहना था कि वार्ड के आंगनबाड़ी केंद्र पर आए दिन पोषण आहार कभी कीड़े तो कभी इल्ली निकलती हैं। कई बार शिकायत कर चुके हैं, कोई सुधार नहीं हो रहा। महिलाएं संगीता खत्री को अपने साथ आंगनबाड़ी केंद्र पर लेकर पहुंचीं।   महिलाओं ने आंगनबाडी केंद्र पर मचाया हंगामा वहां देखा तो दाल में इल्ली तैर रही थीं। इस पर महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्र पर हंगामा कर दिया। मौके पर आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषण आहार सप्लाई करने वाले समूह के कर्ताधर्ता तऊज खान भी पहुंच गए। संगीता खत्री के अनुसार उन्होंने इल्ली युक्त दाल को फिकवाया और बच्चों को खाने से रोका। महिलाओं ने आंगनबाडी केंद्र पर अक्सर ऐसा खाना मिलने के आरोप लगाए। इसके बाद मामले की शिकायत अधिकारियों को दर्ज कराई गई, जिस पर वह लोग भी केंद्र पर पहुंच गए। संगीता खत्री, कोषाध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा ने कहा मैं जब आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंची तो वहां दाल में इल्ली थीं। मैंने वह खाना बच्चों को नहीं खाने दिया। पूरा खाना फिकवा दिया, ऐसा खाना खाने से तो बच्चे बीमार पड़ सकते हैं। तऊज खान ने बताया कि वह 5 केंद्रों पर पोषण आहार भेजते हैं। ऐसे में निश्चित ही यह खाना अन्य केंद्र के बच्चों ने तो खा ही लिया होगा।