samacharsecretary.com

बायोडीजल के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई, 2700 लीटर तेल और कई सिलेंडर बरामद

सिरोही सिरोही जिले में रसद विभाग ने अवैध बायोडीजल की बिक्री और घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने 2700 लीटर अवैध बायोडीजल का भंडारण पकड़ा और इसके साथ डिस्पेंसिंग यूनिट, मोटर, ड्रम सहित कई उपकरण जब्त किए। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई अब नियमित रूप से जारी रहेगी।   जिला रसद अधिकारी जगदीश विश्नोई के अनुसार मंडार के गुजरात बॉर्डर पर स्थित अरिहंत पेट्रोल पंप के पास अवैध बायोडीजल बिक्री की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इसके आधार पर विभाग ने छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में बायोडीजल और उससे जुड़े उपकरण मिले। सभी सामग्री को आवश्यक कार्रवाई के बाद जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन अधिकारी विनोद परमार, प्रवर्तन निरीक्षक अस्मिता मीणा और सोनल राणावत मौजूद रहे।   इसी दौरान विभाग ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की शिकायतों की भी जांच की। मंडार के निकट हाईवे पर संचालित ढाबों पर आकस्मिक निरीक्षण में कई जगह घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। कार्रवाई के बाद सिलेंडर जब्त किए गए और संबंधित लोगों को भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी गई। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न इलाकों में इसी तरह की जांच जारी रहेगी और घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि विभागीय सख्ती के दावों के विपरीत आबूरोड, माउंट आबू, सिरोही, सरूपगंज, पिंडवाड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी घरेलू सिलेंडरों का धड़ल्ले से व्यावसायिक उपयोग हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा इस पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

जयपुर एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी, इंडिगो पैसेंजर्स का हंगामा, 17 उड़ानें कैंसिल

जयपुर  राजस्थान में फ्लाइट कैंसिलेशन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इंडिगो एयरलाइंस की तरफ से शनिवार को भी जयपुर एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कुल 17 उड़ानें रद्द कर दी गईं। लगातार कैंसिलेशन से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। वहीं, जोधपुर और उदयपुर एयरपोर्ट पर शनिवार को शेड्यूल सामान्य बताया जा रहा है। शुक्रवार को भी जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और जैसलमेर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स की रद्दीकरण और देरी के कारण भारी अव्यवस्था देखने को मिली थी। केवल राजस्थान में ही शुक्रवार को कुल 45 फ्लाइट्स रद्द हुई थीं। इनमें से ज्यादातर इंडिगो एयरलाइंस की थीं। कई यात्रियों को शनिवार की नई टिकटें दी गईं, लेकिन यात्रा को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। पिछले एक सप्ताह में केवल जयपुर एयरपोर्ट पर ही 80 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द हो चुकी हैं। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा इंडिगो एयरलाइन का है। अचानक शेड्यूल गड़बड़ाने से यात्रियों को भारी आर्थिक नुकसान और समय की बर्बादी झेलनी पड़ रही है। फ्लाइट रद्द होने की वजह DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) के नए नियमों के लागू होने और विमानों में तकनीकी परेशानियों को बताया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मेंटेनेंस की बाध्यताओं में बदलाव के बाद कई विमान उड़ान योग्य नहीं हैं, जिसके कारण उड़ानों की संख्या घटाई जा रही है। जयपुर से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। फ्लाइट्स कैंसिल होने के कारण दूसरी एयरलाइंस ने किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी है। शनिवार को मुंबई के लिए किसी भी उड़ान में सीट उपलब्ध नहीं थी। रविवार के लिए स्पाइसजेट की उड़ानों SG-651 (6:15 PM) और SG-251 (11:20 PM) का किराया बढ़कर 37,977 रुपए तक पहुंच गया है, जो सामान्य दिनों की तुलना में 5 से 6 गुना अधिक है। फ्लाइट संकट के कारण जयपुर और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर लंबी दूरी के यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को विकल्प उपलब्ध कराने के लिए नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे ने तीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। रेलवे सीपीआरओ शशि किरण के अनुसार: • ट्रेन संख्या 04062 दिल्ली सराय रोहिल्ला से साबरमती के बीच चलेगी। यह शनिवार दोपहर 2:15 बजे जयपुर पहुंचेगी। वापसी की ट्रेन 04061 7 दिसंबर को दोपहर 3:45 बजे जयपुर आएगी। • दुर्गापुरा (जयपुर) – बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन 7 दिसंबर को दोपहर 12:25 बजे दुर्गापुरा से चलेगी। वापसी ट्रेन 8 दिसंबर सुबह 10 बजे बांद्रा से रवाना होकर अगले दिन 5:30 बजे दुर्गापुरा पहुंचेगी। • ट्रेन 04725 हिसार से खडकी (महाराष्ट्र) के लिए चलाई जा रही है। यह शनिवार दोपहर 12:40 बजे जयपुर पहुंचेगी। वापसी ट्रेन 8 दिसंबर शाम 5 बजे खडकी से चलेगी और अगले दिन दोपहर जयपुर पहुंचेगी। लगातार फ्लाइट रद्द होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा और अव्यवस्था दोनों बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। टिकट रिफंड, होटल स्टे और री-शेड्यूलिंग को लेकर भी यात्रियों को संघर्ष करना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने एयरलाइंस और DGCA से हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि स्थिति सामान्य हो सके। फिलहाल एयरलाइंस ने स्थिति जल्द सुधारने का आश्वासन दिया है, लेकिन यात्रियों में असमंजस की स्थिति अभी भी बनी हुई है।  

डोटासरा पर भजनलाल का तंज तेज, कहा– कांग्रेस नेता को भाजपा सबक सिखाएगी

श्रीगंगानगर सीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पूछते हैं कि कहां है यमुना का पानी? शेखावाटी के लिए यमुना का पानी भाजपा सरकार लेकर आएगी। गोविंद डोटासरा जी चिंता मत कीजिए, भाजपा सरकार उन्हें पानी पिलाएगी। सीएम भजनलाल शर्मा शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले के दौरे पर आए थे। भजनलाल शर्मा ने साधुवाली गाजर मंडी व फिरोजपुर फीडर का शिलान्यास भी किया। इस दौरान वे कांग्रेस पर जमकर बरसे। सीएम ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर तीखे जुबानी हमले बोले। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल तक राज किया। राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा और केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब भी उनसे ईआरसीपी और शेखावाटी के लिए यमुना के पानी के कागज तक पूरे नहीं किए गए। वो (कांग्रेस) किस मुंह से कहना चाहती है? कांग्रेस ने तो राजस्थान की जनता को झूठे सपने दिखाने का काम किया है। भजनलाल शर्मा ने कहा कि अशोक गहलोत कहते हैं कि कमलनाथ उनके मित्र हैं। लेकिन जब ईआरसीपी की बात आई तो उनके मित्र कोर्ट में पहुंच गए कि समझाैता नहीं करेंगे। मित्र तो ऐसा होता है कि जब मोहन यादव (सीएम, मध्यप्रदेश) को हमने जब कहा तो डीपीआर भी बन गई और शिलान्यास भी हो गया। मित्र तो इसको कहते हैं। कांग्रेस में तो मित्रता भी नहीं है। कांग्रेस के अंदर तो अभी लड़ाई चल रही है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली इसलिए बड़े बयान देते हैं ताकि उनकी नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी नहीं चली जाए। प्रदेशाध्यक्ष इसलिए बाेलते हैं ताकि वो नेता प्रतिपक्ष बन जाएं। अशोक गहलोत दोनों को साधकर चल रहे हैं। पहले एक को निपटाया, अब दूसरे को निपटाने के चक्कर में लगे हैं। कांग्रेस में आपस में भी प्यार नहीं है। भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का एक मंत्री जेल से छूटकर आ रहा है, दूसरे कुछ जेल के अंदर जाने की तैयारी कर रहे हैं, ये भी कोई होड़ है क्या? इन्होंने भ्रष्टाचार और लूट के अलावा कुछ नहीं किया। इन्होंने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है। अभी आगे-आगे देखते जाइए होता है क्या…क्योंकि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। सीएम ने कहा कि एक मांग है यहां के लोगों से कि यहां के लोगों ने तथाकथित यूनियन बना रखी हैं। उन्हें मैं कहना चाहता हूं कि समस्या का समाधान तो किया जा सकता है, मन की बातों का कोई समाधान नहीं है। ऐसे लोगों के पास कोई खेती तो है नहीं, बस यूनियन लेकर लगे रहते हैं। सीएम ने मंच से कहा कि आने वाले समय में यहां की नहरों का शुद्धिकरण भी होगा और इन जिलों को सिंधु का पानी भी मिलेगा। इसके साथ ही गन्ने का समर्थन मूल्य 15 रूपए प्रति क्विंटल बढ़ाने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि गन्ने की तीनों कैटेगरी में प्रति क्विंटल पर समर्थन मूल्य बढ़ेगा। सीएम ने कहा कि  इतने वर्षों तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस ने कभी फिराेजपुर आकर देखा क्या? कांग्रेस केवल झूठे वादे करती रही और कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने स्वार्थ की राजनीति की, उन्होंने यहां के किसानों के बारे में कभी नहीं सोचा। झूठ और लूट की कांग्रेस ने किसान-मजदूर की तरफ ध्यान नहीं दिया। तीन बार सीएम रहे अशोक गहलोत ने कभी श्रीगंगानहर-हनुमानगढ़ की नहरों के बारे में सोचा क्या। सत्ता और कुर्सी ही कांग्रेस की प्राथमिकता है। महाराजा गंगासिंह ने नहरें बना दीं, कांग्रेस ने उन्हें संभाला तक नहीं। कांग्रेस सिर्फ चुनावों में वादे करती है।  

जवाहर सर्किल पर दिखे CM भजनलाल शर्मा, बिना सिक्योरिटी के की सुबह की सैर

जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार तड़के अचानक जवाहर सर्किल पहुंचे और आम लोगों के साथ करीब आधे घंटे तक मार्निंग वॉक की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद सीमित रही और मुख्यमंत्री ने प्रोटोकॉल को भी साइड में रख दिया। सामान्य दिनों में मुख्यमंत्री के लिए रूट लगाया जाता है, लेकिन आज बिना किसी पूर्व सूचना के वे सीधे पार्क पहुंच गए। भजनलाल शर्मा इससे पहले भी मुख्यमंत्री बनने से पहले लगातार जवाहर सर्किल में सैर करते रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वे जयपुर के कई पार्कों में पहुंचकर सुबह की सैर और योग जारी रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री निवास पर भी वे प्रतिदिन लगभग पौना घंटे योग और वॉक करते हैं। सुबह की सैर के पीछे मुख्यमंत्री का उद्देश्य सिर्फ फिटनेस नहीं, बल्कि ‘फिट राजस्थान’ का संदेश देना और आमजन से संवाद कायम रखना भी है। आज भी वॉक के दौरान उन्हें कई पुराने परिचित मिले, जिनसे उन्होंने आत्मीय बातचीत की और वे कुछ दूरी तक उनके साथ चले। मुख्यमंत्री की इस बिना प्रोटोकॉल वाली सैर ने आम लोगों को चौंकाया भी और उनके सरल स्वभाव की एक बार फिर झलक दिखाई।

उदयपुर में हवाई ट्रैफिक ठप: दर्जनों फ्लाइट कैंसिल, टिकटों की कीमतें आसमान पर

उदयपुर उदयपुर में शुक्रवार को डबोक एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित रहा। जिसके चलते बेंगलुरु से उदयपुर आने वाली सुबह 11 बजे की फ्लाइट करीब 6 घंटे देरी से शाम 5 बजे पहुंची। कई यात्री टर्मिनल पर घंटों इंतजार करते रहे और बार-बार एप व काउंटरों पर अपडेट लेते रहे। यात्रियों का कहना था कि उड़ान रद्द होने की जानकारी आखिरी समय पर भेजी गई, जबकि वे पहले ही एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। इसी बीच स्थिति और खराब तब हुई जब अन्य एयरलाइंस ने किराए बढ़ा दिए। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु रूट पर टिकटें अचानक कई हजार रुपये महंगी हो गईं। दुगुना किराया चुकाकर टिकट लेने को मजबूर यात्री परेशान दिखाई दिए। कई लोग ऐसे भी थे जो नया किराया वहन नहीं कर पाए और उन्हें यात्रा टालनी पड़ी। रिफंड और री-बुकिंग के लिए यात्रियों की भीड़ काउंटरों पर लगी रही। यात्रियों का आरोप था कि स्टाफ कम था और जानकारी स्पष्ट नहीं दी जा रही थी, न यह बताया गया कि समस्या कब तक रहेगी और न यह कि स्थिति कब सुधरेगी। इंडिगो की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि प्रभावित यात्रियों को सूचना भेजी गई है और रिफंड व विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि ग्राउंड पर स्थिति बिल्कुल अलग थी और दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। डबोक एयरपोर्ट पर शुक्रवार का दिन एयर ट्रैफिक के लिए सबसे मुश्किल दिनों में से एक रहा, जिसकी वजह से हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों से गुजरना पड़ा।

3rd ग्रेड टीचर भर्ती में आज लास्ट डेट! अब तक आए इतने लाख आवेदन

जयपुर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से निकाली गई थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती के लिए कल 6 दिसंबर 2025 आवेदन की अंतिम तिथि है। बुधवार शाम तक रीट लेवल लेवल 1 के लिए 2 लाख से अधिक और रीट लेवल 2 में 5 लाख से अधिक फॉर्म भरे जा चुके हैं। यानी कुल 7 लाख से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। थर्ड ग्रेड लेवल-1 (कक्षा 1 से 5 तक) और लेवल-2 (कक्षा 6 से 8 तक) के 7759 पदों के लिए आवेदन 7 नवंबर से शुरू हुए थे। जिन रीट पास अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है वे rssb.rajasthan.gov.in या recruitment.rajasthan.gov.in पर जाकर एप्लाई करें। राजस्थान थर्ड ग्रेड लेवल-1 में 5636 जबकि लेवल-2 में 2123 पदों पर भर्ती निकाली गई है। दोनों लेवल के लिए रीट पात्रता परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। राजस्थान थर्ड ग्रेड अध्यापक भर्ती परीक्षा 17 से 21 जनवरी 2026 तक होगी। इस परीक्षा का रिजल्ट 10 जुलाई 2026 को घोषित किया जाएगा। रिजल्ट आने पर मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को फाइनल पोस्टिंग दी जाएगी। लेवल-2 अध्यापक भर्ती में सबसे अधिक विज्ञान-गणित के 1043 पद जबकि संस्कृत के 389 पद, हिंदी के 174 पद, अंग्रेजी के 221 पद और एसएसटी के 296 पद हैं। लेवल-1 में संस्कृत शिक्षा में 636 पदों और सामान्य शिक्षा में 5 हजार पदों पर भर्ती होगी। पदों का ब्योरा राजस्थान थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती- लेवल-1 विभाग- पद संस्कृत शिक्षा विभाग- 636 प्रारम्भिक शिक्षा विभाग – 5000 राजस्थान थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती- लेवल-2 विभाग व पद एसएसटी – 296 हिंदी – 174 इंग्लिश – 221 संस्कृत- 389 गणित-विज्ञान – 1043 शैक्षणिक योग्यता- 1. प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सामान्य शिक्षा कक्षा 1 से 5 (स्तर-प्रथम) के लिए उम्मीदवार के पास कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उच्चतर माध्यमिक अथवा इसके समकक्ष तथा प्रारंभिक शिक्षा में द्विवर्षीय डिप्लोमा (चाहे किसी भी नाम से जाना जाता हो) होना चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवार ने राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (REET) उत्तीर्ण की होनी चाहिए। 2. अध्यापक (स्तर-द्वितीय) कक्षा 6 से 8 (विषय सामाजिक अध्ययन, अंग्रेजी, गणित-विज्ञान, हिन्दी) के लिए उम्मीदवार के पास कम से कम स्नातक और प्रारंभिक शिक्षा में द्विवर्षीय डिप्लोमा (चाहे किसी भी नाम से जाना जाता हो) होना चाहिए। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले ऑफिशियल नोटिफिकेशन में भर्ती के लिए योग्यता और शैक्षणिक योग्यता को जरूर चेक करें। आयु सीमा- उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। उम्मीदवार ने 40 वर्ष आयु प्राप्त नहीं की होनी चाहिए। उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 जनवरी 2026 को आधार बनाकर की जाएगी। न्यूनतम पासिंग मार्क्स नॉन टीएसपी एरिया सामान्य श्रेणी – 60 अंक एससी-एसटी, ओबीसी, एमबीसी, EWS – 55 अंक विधवा, परित्यकता, एक्स सर्विसमैन – 50 अंक निशक्तजन श्रेणी – 40 अंक सहारिया जनजाति – 36 अंक टीएसपी एरिया सामान्य श्रेणी – 60 अंक एससी, ओबीसी, एमबीसी, EWS -55 अंक एसटी और विधवा परित्यकता – 36 अंक आवेदन शुल्क- 1. सामान्य वर्ग व कीमीलेयर श्रेणी के अन्य पिछड़ा वर्ग / अति पिछड़ा वर्ग के आवेदक – 600 रुपये 2. राजस्थान के नॉन कीमलेयर श्रेणी के अन्य पिछड़ा वर्ग / अति पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग/अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के आवेदक- 400 रुपये सामान्य श्रेणी – 60 अंक एससी, ओबीसी, एमबीसी, EWS -55 अंक एसटी और विधवा परित्यकता – 36 अंक      

राजस्थान हाई कोर्ट का बड़ा आदेश, शादी से पहले लिव इन में रह सकते हैं युवाओं

 जयपुर राजस्थान हाई कोर्ट ने एक अहम फैसले में कहा है कि दो व्यस्क आपसी सहमति से तब भी लिव इन में रह सकते हैं जब उनकी उम्र शादी के लायक नहीं हुई है। देश में शादी के लिए लड़की की आयु कम से कम 18 और लड़के की न्यूनतम 21 निर्धारित है, जबकि व्यस्क होने की उम्र 18 है। जस्टिस अनूप कुमार ढांड ने ऐसे ही दो व्यस्क की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए यह अहम आदेश पारित किया। राजस्थान के कोटा की रहने वाली 18 साल की लड़की और 19 साल के लड़के ने संरक्षण की मांग की थी। लड़की की उम्र शादी के लायक हो चुकी है, लेकिन लड़के की उम्र में अभी दो साल की कमी है। फैसले की कॉपी गुरुवार को अपलोड की गई। इसके मुताबिक, दोनों ने पुलिस सुरक्षा की मांग करते हुए कहा था कि वे आपसी सहमति से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं। कपल ने 27 अक्टूबर 2025 को लिव इन अग्रीमेंट बनाया था। याचिकाकर्ताओं के मुताबिक लड़की का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ है और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि पुलिस के सामने लिखित अपील के बाद भी कोई ऐक्शन नहीं लिया गया। राज्य की ओर से पेश हुए लोक अभियोजक विवेक चौधरी ने दलील दी कि चूंकि लड़के की उम्र 21 नहीं हुई है इसलिए वह कानूनी रूप से शादी नहीं कर सकता है। इसलिए उन्हें लिव इन पार्टनरशिप में रहने की इजाजत नहीं देनी चाहिए। हालांकि, हाई कोर्ट ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि संविधान का आर्टिकल 21 'जीवन जीने का अधिकार और व्यक्तिगत स्वतंत्रता'की गारंटी प्रदान करता है और कोई धमकी संवैधानिक उल्लंघन है। अदालत ने जोर देकर कहा कि राज्य की संवैधानिक जिम्मेदारी है कि हर नागरिक से जीवन और स्वतंत्रता की रक्षा हो। जज ने कहा, 'सिर्फ इसलिए कि याचिकाकर्ताओं की उम्र शादी के लिए लायक नहीं हुई है, उन्हें मौलिक अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता है।' अदालत ने यह भी कहा कि भारतीय कानूनों के तहत लिव इन ना तो अवैध ही और ना ही अपराध। अदालत ने भीलवाड़ा और जोधपुर रूरल के एसपी को धमकी के आरोपों की जांच करने और कपल को जरूरत पड़ने पर सुरक्षा देने का आदेश दिया।

राजस्थान के जल संसाधनों पर खास फोकस, प्रवासी राजस्थानी दिवस में होगा अहम विमर्श

जयपुर राजस्थान में पेयजल और सिंचाई के लिए पानी की पर्याप्त उपलब्धता एक महत्वपूर्ण विषय है और इस दिशा में प्रवासी राजस्थानियों का सहयोग प्रदेश को हमेशा मिलता रहा है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व में आगामी 10 दिसंबर को जयपुर में आयोजित होने जा रहे प्रवासी राजस्थानी दिवस के दौरान इस विषय पर सार्थक संवाद के लिए एक विशेष सत्र होगा। “डेवलपमेंट ऑफ सस्टेनेबल वाटर इंफ्रास्ट्रक्चर इन राजस्थान: ए रेस्पांसिबिलिटी एंड एन ऑपरच्युनिटी" विषय पर आयोजित इस सत्र में जल संसाधन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ राजस्थान में जल की पर्याप्त उपलब्धता के लिए व्यावहारिक, स्केलेबल और तकनीकी उपायों पर चर्चा करेंगे। इस चर्चा में इकोलैब इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष खंडेलवाल “अनलॉकिग वाटर सिक्योरिटी ऑर वाटर-एनर्जी- ए आई नेक्सस" विषय पर अपने विचार रखेंगे। वहीं नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ अर्बन अफेयर्स (एनआईयूआई) की निदेशक डॉ. देबोलिना कुंडू “वाटर इंफ्रास्ट्रक्चर इम्प्रूवमेंट”, आयन एक्सचेंज (इंडिया) लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ श्री इंद्रनील दत्त “एडवांस्ड टेक्नोलॉजी इन वेस्ट वाटर ​रिसाइकल, रीयूज़ एंड ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज” विषय पर चर्चा करेंगे। इस सत्र में बायोटेक्नोलॉजी और जल संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। इनमें नेशनल एग्री-फ़ूड बायोटेक्नोलॉजी इंस्टिट्यूट (एनएबीआई) के कार्यकारी निदेशक डॉ. अश्विनी पारीक, “एडवांसिंग प्लांट मॉलिक्यूलर बायोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी, स्पेशली इन डेवलपिंग स्ट्रेस-टॉलरेंट क्रॉप्स” पर विचार व्यक्त करेंगे। राजस्थान की दृष्टि से जल संरक्षण बहुत महत्वपूर्ण है। इस विषय पर फोकस करते हुए, फेडरेशन ऑफ़ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन्स (एफओएसटीटीए) के अध्यक्ष कैलाश हकीम, “वाटर कंज़र्वेशन एंड रिसोर्सेज़ मैनेजमेंट” पर विचार व्यक्त करेंगे और जल संरक्षण के लिए उद्योग और समाज की आपसी भागीदारी बढ़ाने पर जोर देंगे। वहीं, रामकृष्ण जयदयाल डालमिया सेवा संस्थान (आरजेडीएसएस) के परियोजना प्रमुख भूपेंद्र पालीवाल “वाटर रिसोर्स मैनेजमेंट” पर अपनी बात रखेंगे। इस विषय पर वैश्विक नजरिया सामने लाने के लिए विओलिया वाटर टेक्नोलॉजीज़ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और इंजीनियरिंग और खरीद के साउथ एशिया और एशिया पैसिफिक लीडर श्री गोपाल मदाभुशी “वाटर रीयूज़ एंड टेक्नोलॉजी एडैप्टेशन” पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। प्रवासी राजस्थानी दिवस के अंतर्गत आयोजित हो रहे इस विशेष सत्र में राजस्थान में जल संरक्षण और जल संसाधनों की उपलब्धता के लिए परंपरागत और नवीन उपायों के इस्तेमाल तथा इस दिशा में जनसमुदाय की जिम्मेदारी पर सार्थक संवाद होगा। इस सत्र का उद्देश्य राजस्थान के लिए सतत् जल आधारभूत ढांचा के मामले में एक ऐसा विजन तैयार करना है, जिसमें अवसर व जिम्मेदारी साथ-साथ हों और जल संसाधन से जुड़ी चुनौतियों को दूर किया जा सके।

नशे में गाड़ी चलाना पड़ा भारी: जयपुर में मोबाइल कोर्ट ने ठोका 18 हजार का फाइन

जयपुर राजधानी जयपुर में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जयपुर महानगर प्रथम की मोबाइल कोर्ट ने नियम उल्लंघन पर कठोर कदम उठाते हुए कई मामलों में अधिकतम अभियोजन व्यय लगाना शुरू कर दिया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम-13 और 14 के पीठासीन अधिकारी रोहित शर्मा (RJS) और हिमांशू चावला (RJS) के निर्देशन में की जा रही है। नियम तोड़ने वालों को कड़ा संदेश अभियोजन अधिकारी संदीप कुमार मूंड और मोहन शर्मा ने बताया कि दोष सिद्ध होने पर अदालतें अधिकतम अभियोजन व्यय आरोपित कर सख्त संदेश दे रही हैं। इस कदम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियम तोड़ने वालों को चेतावनी देना है। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई और भी सख्त की गई है। नशे में ड्राइविंग पर भारी जुर्माना मोबाइल कोर्ट ने नशे में ड्राइविंग से जुड़े कई गंभीर मामलों में भारी अभियोजन व्यय लगाया है। राजेश (RJ14GQ4169) और रामअवतार (RJ14PF1084) पर ₹18,000–₹18,000 का जुर्माना लगाया गया। रतिराम गुर्जर (RJ26CA9648) पर ₹14,000 और सुधीर शर्मा (MH43X4832) पर ₹15,000 का अभियोजन व्यय निर्धारित किया गया। नियम तोड़ने वाली बस जब्त, यात्रियों दूसरे साधनों से भेजा चैकिंग के दौरान बस RJ14PD7516 को यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाया गया, जिसके बाद मोबाइल कोर्ट ने मौके पर ही बस को जब्त कर लिया। हालांकि, यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें वहीं पर अन्य साधन उपलब्ध करवाए गए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इंद्रेश उपाध्याय की शादी की पहली झलक, दुल्हन शिप्रा की सादगी पर फिदा हुए लोग

जयपुर    जाने-माने कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय आज जयपुर में शादी के बंधन में बंध गए. उनकी हल्दी, मेहंदी, संगीत के बाद अब उनकी शादी की पहली झलक सामने आ गई है, जो आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. कथावाचक इंद्रेश और उनकी दुल्हन की मंडप से पहली फोटो सामने आई है, जिसे देखने के बाद लोग काफी खुश हो गए हैं और दूल्हा-दुल्हन की तारीफ कर रहे हैं.   मंडप से पहली तस्वीर आई सामने इंद्रेश उपाध्याय और उनकी दुल्हन शिप्रा की मंडप से फोटो सामने आई है, जिसमें उनके पीछे काफी सारे मेहमान नजर आ रहे हैं. इंद्रेश उपाध्याय  ने लाइट पीच कलर का धोती-कुर्ता पहन रखा है और सिर्फ मैचिंग कलर की पगड़ी भी पहन रखी है, जिसमें वो किसी राजा से कम नहीं लग रहे हैं.  दुल्हन की सादगी ने जीता दिल  कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय की दुल्हन शिप्रा का ब्राडल लुक ने लोगों का ध्यान खींच लिया है. उन्होंने लहंगे की बजाय ट्रेडिशनल कपड़े पहने हैं, जिसमें वो बहुत खूबसूरत लग रही हैं. गोल्डन कलर की सिल्क साड़ी पहनी है, जिसके साथ लाल रंग का दुप्पटा ओढ़ रखा है. दुल्हनिया शिप्रा ने किसी ट्रेंड को फॉलो किए बिना सादगी भरे अंदाज से लोगों को दिल जीत लिया है और हर तरफ उनकी तारीफ हो रही है. कथावाचक के हाथ में लगाई थी मेहंदी शादी के पहले दिन की रस्म मेहंदी की थी, इस दौरान दुल्हन शिप्रा ने खुद इंद्रेश के हाथों पर मेहंदी लगाई थी. मेहंदी की  रस्म में भी वो राजस्थानी लहंगा-चोली पहने नजर आई थीं, और उनकी खूब तारीफ भी हुई थी. मेहंदी सेरेमनी के वीडियो भी जमकर वायरल हुए थे और लोग दोनों की जोड़ी की तारीफ कर रहे थे. शादी में शरीक हुए धीरेंद्र शास्त्री बागेश्वर सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और कवि कुमार विश्वास दोनों भी इस शादी में शरीक होने आज ही जयपुर पहुंचे. दोनों का सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वो दोनों जयपुर एयरपोर्ट पर बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं.